मास्क नही पहनने वालों पर सख्त हुई पुलिस, की कार्रवाई

रविवार को रायवाला पुलिस ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए रायवाला थाना क्षेत्र के रायवाला बाजार, हरिपुरकलां और छिद्दरवाला में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस क्षेत्राधिकारी डीसी ढौंढियाल के निर्देश पर विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसा। कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मच गया। हालात यह रहे कि कार्रवाई से बचने के लिए लोग मास्क लेने के लिए मेडिकल स्टोर की ओर दौड़ते नजर आए।
थाना प्रभारी ने बताया कि पहले दिन कार्रवाई के दौरान कोविड नियमों का उल्लंघन करने में 75 लोगों का चालान किया है। उन्होंने रायवाला बाजार क्षेत्र के सभी व्यापारियों को निर्देशित किया कि सोमवार से चेकिंग अभियान में तेजी लायी जाएगी। दुकान के बाहर सेनेटाइज की व्यवस्था रखें। हिदायत दी कि चालान से बचना है तो मास्क पहनकर ही घर से निकले। बाजार और सार्वजनिक स्थान पर दो गज की दूरी बनाए रखें। सभी की जागरूकता से ही इस महामारी से लड़ा जा सकता है।

आज फिर से कोरोना के मामले में आयी तेजी, मिले 1560 नए मामले

उत्तराखंड में बीते 24 घंटों में 1560 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। शनिवार को किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। आज देहरादून जिले में 537 संक्रमित मिले हैं। कुल संक्रमितों की संख्या 349472 हो गई है। प्रदेश की रिकवरी दर 96 प्रतिशत घट कर 95.05 प्रतिशत हो गई है। वहीं, सैंपल जांच के आधार पर संक्रमण दर 10.26 प्रतिशत पहुंच गई है। अब प्रदेश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 3254 हो गई है।
हरिद्वार में 303 , नैनीताल में 404, पौड़ी में 24, ऊधमसिंह नगर में 37, बागेश्वर में 13, अल्मोड़ा में 52, चमोली में 08, टिहरी में 28, चंपावत में 46, पिथौरागढ़ में 82, रुद्रप्रयाग में छह और उत्तरकाशी जिले में 20 जिले में एक संक्रमित मिले हैं। जबकि 270 मरीजों ने संक्रमण को मात दी है। इन्हें मिलाकर अब तक 332173 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।

शिक्षण संस्थानों में भी तेजी से फैल रहा कोरोना
देहरादून जिले में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अब संस्थानों में सामूहिक रूप से कोरोना संक्रमण का प्रसार होने लगा है। आरटीओ कार्यालय में दस कर्मचारी, एफआरआई डीम्ड विवि में दस छात्र-छात्रा और कोरोनेशन अस्पताल में 10 मरीज, नर्सिंग कॉलेज में सात छात्राओं की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित पाई गई है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. राजीव दीक्षित ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरटीओ कार्यालय में एक कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जांच कराई गई थी। जिनमें 10 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है, एफआरआई डीम्ड में 8 छात्र, दो कर्मी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एफआरआई में कुछ छात्र हरिद्वार से आने पर संक्रमित मिले थे। उसके बाद जांच कराने पर अन्य की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सभी को होम आइसोलेशन में रहने के लिए निर्देशित कर दिया गया है। अतिरिक्त एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं। दून अस्पताल में लेब में भी 10 कर्मचारी पॉजिटिव मिले हैं।

तेजी से बढ़ने से लगे हैं कोरोना के मामले, आज आए कोरोना के 814 नए मामले, नई एसओपी जारी

उत्‍तराखंड में कोरोना के मामले अब तेजी से बढ़ने लगे हैं। कोरोना संक्रमण के लिहाज से उत्तराखंड में स्थिति बिगड़ती जा रही है। राज्य में आज शुक्रवार को कोरोना के 814 नए मामले मिले हैं। वहीं 147 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। जबकि सक्रिय मामले दो हजार के पर पहुंच गए हैं। देहरादून जनपद में आज 325 नए मामले आए हैं। देहरादून में सक्रिय मामले 866 पहुंच गए हैं। वहीं, हरिद्वार में 233 और नैनीताल में 119 मामले सामने आए हैं।
राज्‍य में आज एक दिन में 814 मामले सामने आए। अगर जिलों की बात करें तो देहरादून में 325, नैनीताल 233 और हरिद्वार में 119 कोरोना के मामले सामने आए हैं। ये तीन जिले ऐसे हैं, जहां कोरोना का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा हैं। वहीं, उधमसिंह नगर में 35, पौड़ी गढ़वाल में 21, अल्‍मोड़ा में 14, चंपावत में 13, टिहरी गढ़वाल में 12, पिथौरागढ़ में 11, उत्‍तरकाशी में 10 और बागेश्‍वर में 10 मामले आए हैं। उधर, रुद्रप्रयाग में छह और चमोली में पांच मामले आए हैं।

आज का हेल्‍थ बुलेटिन
आज मिले संक्रमित 814
आज स्‍वस्‍थ्‍य हुए 147
आज हुई मौत 00
सक्रिय मामले 2022
रिकवरी प्रतिशत 95.40 फीसद
आज सैंपल पाजिटिविट रेट 5.59 फीसद

केन्द्र सरकार की ओर से जारी एसओपी-
1. Night Curfew: राज्य में Night Curfew रात्रि 10:00 बजे से प्रातः 6:00 बजे तक प्रभावी रहेगा।
(Curfew अवधि में जिन सेवाओं से जुड़े व्यक्तियों, दुकानों कार्यालयों को COVID Appropriate Behaviour & COVID Safety Protocols के तहत कार्य करने की छूट संलग्नक-1 के अनुसार प्रदान की जायेगी।
2. Market Opening: समस्त व्यापारिक प्रतिष्ठान (बाजार) प्रातः 06:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक खुले रहेंगे।
3. राज्य के समस्त जिम, शॉपिंग मॉल सिनेमा हॉल, स्पॉ, सैलून, मनोरंजन पार्क थियेटर, ऑडिटोरियम आदि व इनसे सम्बन्धित समस्त गतिविधियाँ कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन करते हुए 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुलेंगे।
4. राज्य में स्वीमिंग पूल / वाटर पार्क दिनांक 16 जनवरी, 2022 तक बन्द रहेंगे।
5. राज्य में स्थित खेल संस्थान स्टेडियम एवं खेल के मैदान खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खोले जायेंगे खेल संस्थान स्टेडियम एवं खेल के मैदान को कोविड प्रोटोकॉल के साथ खोलने के उपयुक्त मानक प्रचलन विधि खेल विभाग द्वारा अपने स्तर से जारी की जायेगी।
6. समस्त सार्वजनिक समारोह (Event) (मनोरंजन / शैक्षिक सांस्कृतिक आदि) गतिविधियों की दिनांक 16 जनवरी, 2022 तक अनुमति नहीं होगी।
7. विवाह समारोह एवं शव यात्रा में Venue (बन्द अथवा खुले स्थान) के 50 प्रतिशत क्षमता के अनुसार व्यक्तियों को सम्मिलित होने की अनुमति होगी। इस दौरान काविड प्रोटोकॉल का कडाई से अनुपालन किया जायेगा।
8. राजनैतिक रैली / धरना प्रदर्शन की दिनांक 16 जनवरी, 2022 तक अनुमति नहीं होगी।
9. होटल, रेस्तरां, भोजनालयों और ढाबों को केवल 50 प्रतिशत क्षमता एवं कोविड प्रोटोकॉल के तहत Dining के संचालन के लिए अनुमति होगी। खाद्य पदार्थों की Takeaway / होम डिलीवरी के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा।
10. होटलों में स्थित Conference Hall, Spa and Gym का उपयोग COVID Protocol के अनुपालन के साथ 50 प्रतिशत क्षमता में किये जाने की अनुमति होगी।
11. School: राज्य में आगनवाड़ी केन्द्र एवं कक्षा 12 तक के सभी शैक्षणिक संस्थान दिनांक16 जनवरी, 2022 तक बन्द रहेंगे, इस दौरान online class के माध्यम से कक्षाएं जारी रहेंगी।
12. भारत सरकार एवं राज्य सरकार की निकायों द्वारा आयोजित परीक्षाओं के संचालन की अनुमति होगी।
13. Entry Restriction: बाहरी राज्यों से उत्तराखंड राज्य में आने वाले वह व्यक्ति जिनके पास COVID Vaccination (दोनो डोज) का प्रमाण पत्र नहीं है उन सभी व्यक्तियों को अधिकतम 72 घंटे पूर्व की RT PCR/ TrueNat/ CBNAAT/ RAT COVID Negative Test Report के साथ ही राज्य में प्रवेश की अनुमति प्रदान की जायेगी।
14. COVID Appropriate Behaviour / Sanitization: देश भर में ‘Omicron’ के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए जनपद के समस्त सार्वजनिक स्थानों पर्यटक स्थलों, बाजार, बस स्टैण्ड, रेलवे स्टेशन मण्डी, शॉपिंग मॉल एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर COVID Appropriate Behaviour जैसे कि सामाजिक दूरी, मास्क पहनना एवं हाथों को Sanitize करने आदि का कड़ाई से अनुपालन कराना सुनिश्चित किया जाएगा। उक्त का उल्लंघन करने पर संबंधित के विरूद्ध सख्ती से कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
15. IEC Activities: कोविड-19 के New Variant ‘Omicron’ से बचाव हेतु प्रत्येक जनपद में लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया
Vaccination: राज्य में सभी पात्र व्यक्तियों का Covid Vaccination-Double Dose को शत प्रतिशत आच्छादित करने की कार्यवाही की जायेगी।
17. General Directives for COVID-19 Management:
राज्य में COVID-19 प्रबंधन के निम्नलिखित निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जायेगा –
सार्वजनिक स्थानों, कार्यस्थल एवं सार्वजनिक परिवहन में यात्रा करने वाले व्यक्तियों को मास्क का उपयोग अनिवार्य होगा। सार्वजनिक स्थानों पर व्यक्तियों को सामाजिक दूरी का पालन करते हुए 6 फिट की दूरी बनाए रखना अनिवार्य होगा।
सार्वजनिक स्थानों पर थूकना गैरकानूनी होगा जिसके लिए निर्धारित जुर्माने के साथ दंड का प्रावधान होगा।
सार्वजनिक स्थानों पर पान, गुटखा, तंबाकू आदि का सेवन प्रतिबंधित होगा।
18. कमजोर व संवेदनशील व्यक्तियों की सुरक्षा:
निम्नलिखित श्रेणी के व्यक्तियों को आवश्यक और स्वास्थ्य संबंधी कारणों से ही घर से बाहर जाने की सलाह दी जाती है :
65 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति ।
Persons with co-morbidities.
गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाएं।
10 वर्ष से कम आयु के बच्चे।
19. दंड के प्रावधान :
COVID Curfew का उल्लंघन करने वाले किसी व्यक्ति के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 (Section 51 to 60), महामारी अधिनियम 1897 एवं IPC की धारा 188 प्रावधानों के अंतर्गत कानूनी कार्यवाही की जायेगी।
अतः उपर्युक्त दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराये जाने हेतु
आवश्यक कार्यवाही करने का कष्ट करें।
उक्त आदेश दिनांक 09 जनवरी, 2022 से अग्रिम आदेशों तक प्रभावी होंगे।

10 जनवरी से 60 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों को बूस्टर डोज की तैयारी

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. सन्धु ने गुरूवार को सचिवालय में कोविड की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने कोविड की तीसरी लहर की सम्भावना को देखते हुए सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां करने के दिशा निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने जनपदों में कोविड की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी जाए। प्रतिदिन कोविड को लेकर उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि कोविड संक्रमण को रोकने हेतु कोविड अनुकूल व्यवहार का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। लगातार आमजन में मास्क पहनने और सामाजिक दूरी बनाए रखने हेतु जन-जागरूकता फैलायी जाए, साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर मास्क न पहनने वालों पर कार्रवाई भी की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि टेस्टिंग बढ़ाए जाने के साथ ही नियमित तौर पर डाटा अपलोड किया जाए, ताकि स्थिति का सही से अनुमान लगाया जा सके। उन्होंने 100 प्रतिशत वैक्सीनेशन का लक्ष्य शीघ्र से शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। कहा कि 15 से 17 वर्ष के किशोरों को अगले 7 दिनों में वैक्सीनेट कर लिया जाए। साथ ही, 10 जनवरी से 60 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों को बूस्टर डोज की तैयारी भी सुनिश्चित की जाए।
मुख्य सचिव ने पी.एच.सी और सी.एच.सी लेवल तक आवश्यक दवाओं, कोविड आईसोलेशन किट आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि होम आईसोलेशन की व्यवस्था को सुदृढ़ किए जाने हेतु सभी आवश्यक कदम समय से उठा लिए जाएं। कोविड हेतु बनाए गए कंट्रोल रूम आदि को भी एक्टिव कर लिया जाए। मुख्य सचिव ने टेम्परेरी हेल्थ फेसिलिटीज को भी स्टैण्डबाई मोड में एक्टिव रखे जाने के निर्देश दिए। कहा कि कोविड की तीसरी लहर आए या नहीं या वह कितनी प्रभावित करेगी कहना मुश्किल है परन्तु हमें अपनी तैयारियां कोविड से एक कदम आगे रहकर करनी हैं। इसके लिए पूरे सिस्टम को एकजुट होकर प्रभावी तौर पर कार्य करना होगा।
मुख्य सचिव ने सामान्य बेड, ऑक्सीजन बेड और वेन्टीलेटरयुक्त बेड की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। कहा कि सर्दियों में बर्फ से प्रभावित क्षेत्रों में कोविड के लिए सुनियोजित तरीके से कार्य करना होगा। ऐसे क्षेत्रों में सम्पर्क मार्ग अवरूद्ध हो जाने पर भी क्षेत्रवासियों को समस्या न हो इसके पूर्व में ही प्रबन्ध कर लिए जाएं।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनन्द वर्धन, सचिव अमित नेगी, एस.ए. मुरूगेशन सहित अन्य उच्चाधिकारी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गढ़वाल एवं कुमाऊं मण्डल आयुक्त सहित सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

एसवीएम इंटर कॉलेज के 585 छात्रों को कोरोना की वैक्सीन लगाई

आवास विकास सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में 15 से 18 वर्ष के छात्र-छात्राओं को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। इस दौरान छात्रों में उत्साह देखा गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद पांडे ने बताया कि 15 से 18 वर्ष तक के बच्चों को कोविड वैक्सीन लगाई जा रही है जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं में बड़ा ही उत्साह देखने को मिल रहा है। आज लगभग 585 छात्र-छात्राओं को वैक्सीन लगाई गई है, जिसमे बच्चो को कोविड के प्रकोप से कम किया जा सकेगा, यह हमारी केन्द्र सरकार का बच्चो के लिए बड़ा ही सराहनीय कदम है। विद्यालय परिवार का भी यही प्रयास है कोई भी छात्र या छात्रा टीकाकरण से रह न जाये उसके लिए हम भी छात्र-छात्राओं को जागरूक कर रहे है।
इस अवसर पर एएनएम रमा, प्रियंका, अंकित, अमित व आशा कार्यकर्ता कंचन बंसल, तारा देवी, रत्नेश कोठारी, गीता भट्ट, सरोज चंदेल, गोदाम्भरी और शिक्षक सतीश चौहान, कर्णपाल बिष्ट, वीरेन्द्र कंसवाल, रजनी गर्ग, नरेन्द्र खुराना, रीना गुप्ता आदि मौजूद रहे।

राज्य में बढ़ते कोरोना केसो ने बढ़ाई चिंता, चुनावी सभाओं में रोक कैसे लगेगी

उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है। राज्य में बीते चार सप्ताह से संक्रमण के मामलों में लगातार इजाफा दर्ज किया जा रहा है। इसके बावजूद सरकार ने संक्रमण की रोकथाम के लिए अभी तक सख्त कदम नहीं उठाए हैं। माना जा रहा है कि राज्य में चुनावी तैयारियों के मद्देनजर सरकार सख्त कदम उठाने से बच रही है।
कोरोना की गति के लिहाज से देश के साथ ही उत्तराखंड में भी स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। राज्य में बीते एक सप्ताह से कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी आई है। जानकारों का मानना है कि यदि संक्रमण इसी रफ्तार से बढ़ता रहा तो आने वाले कुछ सप्ताह में ही उत्तराखंड में एक्टिव मरीजों की संख्या हजारों में पहुंच जाएगी। इससे अस्पतालों में दबाव और लोगों की मुसीबतें बढ़ेंगी। ऐसे में विशेषज्ञ संक्रमण को रोकने के लिए तत्काल सख्त कदम उठाने पर जोर दे रहे हैं। खासकर भीड़भाड़ को नियंत्रित करने की जरूरत बताई जा रही है।
उत्तराखंड में कोरोना वायरस के गंभीर मरीजों की संख्या बढ़ी तो प्रतिबंध बढ़ाए जाएंगे। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के विभिन्न जिलों में कोरोना केसों में लगातार इजाफा हो रहा है। मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। राज्य में कोरोना वायरस, संक्रमितों की स्थिति और गंभीरता को लेकर चर्चा की गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कोरोना संक्रमण बढ़ने के बावजूद अभी गंभीर मरीजों की संख्या नहीं के बराबर है। ऐसे में जिला प्रशासन को स्थिति का निरंतर आकलन करने, अस्पतालों की व्यवस्थाओं में सुधार करने और भीड़ नियंत्रण के उपाय करने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है।
राज्य में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके चलते सत्तारूढ़ दल भाजपा समेत सभी सियासी पार्टियां अपनी राजनीतिक गतिविधियों में जुटी हुई हैं। प्रदेशभर में हो रहे राजनीतिक आयोजनों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस आयोजनों के दौरान कई मौकों पर कोरोना नियमों की अनदेखी हो रही है। सभा, जुलूस और रैली में न तो सामाजिक दूरी का ख्याल रखा जा रहा है और न ही सभी मास्क लगा रहे हैं। सरकार समेत सभी राजनीतिक दलों को यह डर है कि यदि कोरोना को लेकर थोड़े और सख्त कदम उठाए गए तो इस से सियासी कार्यक्रम आयोजित नहीं हो पाएंगे। इसके चलते सरकार सख्त कदम उठाने से बच रही है।
राज्य में कोरोना कंट्रोल के लिए बनी एक्सपर्ट कमेटी ने कुछ समय पूर्व राज्य सरकार को तीसरी लहर और ओमीक्रोन वेरिएंट को लेकर सतर्क किया था। साथ ही कमेटी ने अपनी सिफारिश में भीड़ रोकने पर विशेष फोकस करने को कहा था। उसके बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, आप के संरक्षक अरविंद केजरीवाल सहित तमाम नेताओं की कई बड़ी रैलियां हो चुकी हैं। साथ ही जल्द ही कई और दिग्गज नेताओं की बड़ी-बड़ी रैलियां प्रस्तावित हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उत्तराखंड में भी हड़कंप मच गया गया है। केजरीवाल ने सोमवार को देहरादून में चुनावी जनसभा की थी, जिसमें समर्थकों की भारी भीड़ भी जुटी थी। केजरीवाल के कोरोना संक्रमित होने के बाद प्रशासन के माथे पर भी चिंता की लकीरें उभर आईं हैं। केजरीवाल ने खुद ही ट्वीट कर अपने कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी है।

प्रदेश के 6 लाख 28 हजार किशोरों का एक सप्ताह में किया जायेगा टीकाकरण-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सनातन धर्म इण्टर कॉलेज बन्नू रेस कोर्स, देहरादून में 15 से 18 वर्ष आयु के किशोरों के कोविड टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ किया। टीकाकरण अभियान के शुभारम्भ के अवसर पर मुख्यमंत्री के समक्ष कुमारी आरना एवं कुमारी प्रथा का टीकाकरण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन धर्म इण्टर कॉलेज बन्नू रेसकोर्स में रंगाई, पुताई के कार्यों के लिए 25 लाख रूपये दिये जायेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि एक सप्ताह में प्रदेश के 15 से 18 वर्ष के सभी 06 लाख 28 हजार किशोरों का टीकाकरण किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने इसके लिए प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरगामी सोच के परिणामस्वरूप ही सबको सुरक्षा का कवच मिला है। देश में कोविड की जब पहली लहर आयी, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इससे बचाव के लिए अनेक अनुसंधान किये। भारत में कोविड से बचाव के लिए दो स्वदेशी वैक्सीन निर्मित की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में कोविड टीकाकरण का महाअभियान चलाया गया है। कोरोना के शुरूआती चरण में इससे बचाव के लिए सीमित संसाधन थे। कोरोना से बचाव के लिए तेजी से सभी संसाधन जुटाये गये। आज कोविड से बचाव के लिए देश के पास पर्याप्त संसाधन हैं। भारत दूसरे देशों को भी कोविड वैक्सीन एवं अन्य उपकरण उपलब्ध करा रहा है। उत्तराखण्ड में भी सभी सुविधाएं पर्याप्त मात्र में उपलब्ध हैं। कोरोना की वजह से अनेक लोगों के कार्य प्रभावित हुए। प्रधानमंत्री ने सभी की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए प्रभावितों को हर संभव मदद दी है। खाद्य सुरक्षा योजना के तहत लाभार्थियों को प्रति यूनिट 5 किलो राशन निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य में भी एन.एफ.एस.ए कार्ड धारकों को 10-10 किलो गेंहू एवं चावल दिया जा रहा है, जो इस पूरे वित्तीय वर्ष में दिया जायेगा।
स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि आज से पूरे प्रदेश में 15 से 18 आयु वर्ग के किशोरों के टीकाकरण की शुरूआत की गई। इस आयु वर्ग के राज्य में बाहरी प्रदेशों से पढ़ने वाले किशोरों का टीकाकरण भी किया जायेगा। राज्य में कोविड टीकाकरण की दूसरी डोज का भी 85 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण हो चुका है, इसे जल्द पूर्ण किया जायेगा। 10 जनवरी से फ्रंटलाईन वर्कर एवं 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के बूस्टर डोज का अभियान भी शुरू किया जायेगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में स्वास्थ्य के क्षेत्र में अनेक निर्णय लिये गये हैं। 800 ए.एन.एम के पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया पूर्ण की जायेगी। 3000 नर्सिंग स्टाफ एवं 01 हजार वार्ड बॉय भी जल्द भर्ती किये जायेंगे।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, मेयर सुनील उनियाल गामा, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आर. राजेश कुमार, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. तृप्ति बहुगुणा, सीएमओ देहरादून डॉ. मनोज उप्रेती, डॉ. आशुतोष सयाना, सनातन धर्म इण्टर कॉलेज बन्नू रेसकोर्स, प्रबंध समिति के अध्यक्ष हरीश विरमानी मौजूद रहे।

खटीमा में सीएम ने किया सरकारी अस्पताल का औचक निरीक्षण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नागरिक चिकित्सालय खटीमा का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में भर्ती मरीजों तथा उनके तीमारदारों से भी बात की। मुख्यमंत्री ने मरीजों व तीमारदारों से चिकित्सालय में उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। तीमारदारों द्वारा चिकित्सालय में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं का संतोष व्यक्त किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बोइंग संस्थान द्वारा एयर इंडिया के माध्यम से नागरिक चिकित्सालय खटीमा को उपलब्ध कराई गई सीटी स्कैन मशीन के बारे में विस्तार से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को चिकित्सालय में सीटी स्कैन की सुविधा शीघ्रता से मुहैया कराने हेतु तेजी से कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने आँखों के स्वास्थ्य परीक्षण से संबंधित उपकरण शीघ्र स्थापित करने के निर्देश भी दिए।

एसबीएम इंटर कॉलेज का वैक्सीन टीम ने किया निरीक्षण

तीन जनवरी को 15 से 18 वर्ष की आयु के किशोरों को कोविड वैक्सीन उनके स्कूल में ही लगेगी। इसके तहत शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सर्वाधिक छात्र संख्या वाले एसबीएम इंटर कॉलेज में पहुंचकर तैयारियों को जायजा लिया। साथ ही स्कूल प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शनिवार को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश के नर्सिंग ऑफिसर राहुल सक्सेना टीम के साथ हरिद्वार रोड स्थित एसबीएम इंटर कॉलेज पहुंचे। यहां प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत के साथ कक्षा कक्षों का निरीक्षण किया। कॉलेज में वैक्सीनेशन रूम बनाने के लिए रूम चिह्नित किया गया। नर्सिंग ऑफिसर ने बताया कि वैक्सीनेशन रूम ऐसी जगह बनेगा, जहां वैक्सीनेशन के लिए आने वाले छात्र-छात्राओं को किसी तरह की दिक्कत नहीं हो। बताया कि वैक्सीनेशन को एक उत्सव के रूप में मनाने की भी योजना बनाई गई।
विद्यालय के नोडल अधिकारी रंजन अंथवाल ने विद्यार्थियों को बताया कि वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। यह केवल एक इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने वाली प्रक्रिया है। विद्यालय में लगभग 1250 छात्र-छात्राओं का वैक्सीनेशन होना है। मौके पर उप प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी, डा. सुनील दत्त थपलियाल, प्रवीन रावत, विकास नेगी, धनजंय रांगड़, रमेश बुटोला आदि मौजूद रहे।

कोरोना और नए वैरियंट की रोकथाम को लेकर सीएम ने दिये निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सायं मुख्यमंत्री आवास में कोविड 19 एवं नये वेरिएंट ओमीक्रॉन की रोकथाम के साथ ही प्रदेश में 15 से 18 वर्ष तक आयु के बच्चों को कोविड 19 टीकाकरण की कार्य योजना की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सम्बन्धित विभागों के समेकित प्रयासों से हम कोविड 19 की पहली व दूसरी लहर का सामना करने में सफल हुए हैं। उन्होंने कहा कि नये वेरिएंट ओमीक्रॉन का प्रभाव धीरे-धीरे बढ़ता दिखाई दे रहा है। इसके लिये सभी अस्पतालों में प्रभावी व्यवस्थायें कर ली जाए। इसे गम्भीरता से लेने की उन्होंने जरूरत बतायी। उन्होंने रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डों पर राज्य के बाहर से आने वालों की जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये। बैठक में सभी जिलाधिकारी भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड 19 की दूसरी वैक्सीनेशन डोज भी शत प्रतिशत सभी को लगाई जाए इसके लिये अभियान चलाया जाए। इसी प्रकार 15 से 18 साल तक के बच्चों का 3 जनवरी से शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान की सभी जिलाधिकारी एवं शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा सहित अन्य सम्बन्धित विभाग प्रभावी कार्य योजना तैयार कर लें। इसके लिये मेगा वैक्सीनेशन कैम्प पहले की तरह संचालित किये जाए। एक दिन में एक लाख वैक्सीनेशन का लक्ष्य निर्धारण की बात मुख्यमंत्री ने कही। इसके लिये व्यापक जन जागरूकता के प्रकार के भी निर्देश मुख्यमंत्री ने दिये हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में स्थापित किये जाने वाले डायलिसिस सेंटरों की स्थापना भी एक सप्ताह में करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके लिये अविलंब सभी आवश्यक अवस्थापना सुविधाओं तथा मानव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश के 15 से 18 वर्ष आयु के लगभग 6.50 लाख बच्चों का टीकाकरण किया जाना है। इसके लिये सभी विधानसभा क्षेत्रों की स्कूलों में बच्चों की टीकाकरण की व्यवस्था 3 जनवरी से 9 जनवरी के मध्य आयोजित की जानी है। उन्होंने कहा कि जिन अस्पतालों में वार्ड बॉय के पद खाली हैं वहां पर आउटसोर्स के माध्यम से व्यवस्था की जाए ताकि अस्पतालों के स्तर से टीकाकरण के साथ ही उपचार आदि में कोई कठिनाई न हो।
सचिव स्वास्थ्य डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय ने सभी जिलाधिकारियों से बच्चों के टीकाकरण अभियान को सफलतापूर्वक संचालन के लिये प्रभावी कार्य योजना के साथ कार्य करने को कहा। इसके लिये हफ्ते में दो दिन महाअभियान के रूप में संचालन के साथ इसका साप्ताहिक कार्यक्रम भी निर्धारण करने को कहा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जो कार्य योजना तैयार की गई है। उसके अनुसार कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके बाद फ्रंट लाइन वर्करों को प्रिकोशन डोज लगायी जानी है। उन्होंने कहा कि 60 साल से अधिक उम्र वालों को भी प्रिकोशन डोज लगाये जाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने जिलाधिकारियों से अपेक्षा की कि बच्चों के टीकाकरण में सभी बच्चे शामिल हो जाए इसकी व्यवस्था की जाए। इसके लिये कोवैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करायी जा रही है। उन्होंने जिलाधिकारियों से कंट्रोल रूम तथा आइसोलेशन सेंटरों को क्रियाशील बनाये जाने तथा टेस्टिंग बढ़ाये जाने पर भी ध्यान देने को कहा।
बैठक में कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक सुरेश राठौर, अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, सचिव आर मीनाक्षी सुन्दरम, एस.ए मुरूगेशन, एच.सी. सेमवाल, अपर सचिव आशीष श्रीवास्तव, जिलाधिकारी देहरादून आर. राजेश कुमार, महानिदेशक सूचना रणवीर सिंह चौहान, महानिदेशक शिक्षा बंशीधर तिवारी, महानिदेशक स्वास्थ्य तृप्ति बहुगुणा सहित अन्य अधिकारी एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।