गृहक्षेत्र पहुंचने पर सीएम धामी का हुआ जोरदार स्वागत


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पॉलीप्लेक्स कॉर्पाेरेशन लिमिटेड मैदान खटीमा पहुंचे। जहां पर कार्यकर्ताओं ने उनका पूरे उत्साह व उमंग के साथ फूल मालाओं से स्वागत किया। मुख्यमंत्री का स्वागत करने वालों में विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, अध्यक्ष मंडी समिति नंदन सिंह खड़ायत, मंडल अध्यक्ष सतीश गोयल, नवीन बोरा, गोपाल बोरा, संतोष अग्रवाल, नवीन कन्याल, किशोर राणा, रमेश जोशी, किशन सिंह किन्ना, दिनेश अग्रवाल, गंभीर सिंह धामी, मनोज साही, रमेश ढींगरा, विनोद जोशी, सतीश अग्रवाल, नरेंद्र सिंह, शशांक बिष्ट, मनोज बाजवा, सतीश भट्ट, सिद्धांत सिंह, अमित पांडे, भुवन जोशी, कुंदन मनोला, वरुण अग्रवाल, अज्जू सिंह आदि शामिल थे। इसके साथ ही जिलाधिकारी रंजना राजगुरु, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगाई द्वारा भी पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।

इसके साथ ही उन्होंने पॉलीप्लेक्स कारपोरेशन मैदान तथा नगला तराई स्थित अपने आवास पहुँच कर क्षेत्रवासियों से भेंट की तथा सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी।

उन्होंने अपने आवास के पास चल रहे पेंटिंग कार्य मे प्रतिभाग करते हुए पेंटिंग भी की। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय डॉ. आरबी सिंह की शोक-सभा व स्वर्गीय बाबूराम कुशवाहा के घर पहुंच कर दुःख एंव संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शान्ति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और परिजनों को ढांढस बन्धाया।

सीएम ने लोहियाहेड विद्युत लाइन अंडर ग्राउंड करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश अधिशासी अभियंता विद्युत तथा शहर की प्रमुख सड़कों की डीपीआर तैयार कर शासन में भेजने के निर्देश अधिशासी अभियन्ता लोनिवि को दिए।

प्रेसवार्ता के दौरान सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार के साथ ही राज्य सरकार ने भी पेट्रोल की कीमत पर 2 रूपए प्रति लीटर दाम कम किया है। उन्होंने कहा कि अधिकतम लोगों को फायदा पहुंचाना प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास की तर्ज पर विकास कार्य किए जा रहे है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 5 नवम्बर को लगभग 400 करोड़ की कई योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा।

ऊधम सिंह नगर में स्थापित होगा एम्स ऋषिकेश का सेटेलाइट केंद्र

उधम सिंह नगर जनपद के अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध जमीन पर एम्स ऋषिकेश का सेटेलाइट केंद्र संचालित होगा जो कुमायूं मंडल के मरीजों के लिए एम्स की सुविधाएं प्रदान कर उपचार की सेवाओं को उपलब्ध कराएगा। ऊधम सिंह नगर में एम्स ऋषिकेश द्वारा सैटेलाइट केंद्र खोले जाने संबंधित पत्र भारत सरकार के आर्थिक सलाहकार निलाम्बुज शरण की ओर से एम्स ऋषिकेश के डायरेक्टर को प्राप्त हो चुका है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री द्वारा ऋषिकेश (एम्स) की भांति कुमांऊ क्षेत्र में भी एम्स की स्थापना का अनुरोध भारत सरकार से किया जाता रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे कुमांऊ क्षेत्र की जनता के साथ उप्र के समीपवर्ती जनपदों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। मुख्यमंत्री के उपरोक्त अनुरोध के क्रम में भारत सरकार द्वारा तात्कालिक रूप से शीघ्र ही जनपद ऊधमसिंह नगर में राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध करायी गई जमीन पर एम्स ऋषिकेश के सेटलाइट केन्द्र संचालित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
भारत सरकार के आर्थिक सलाहकार सरन के पत्र में एम्स भुवनेश्वर द्वारा उड़ीसा के बालासोर में संचालित सेटेलाइट केंद्र की तर्ज पर एम्स ऋषिकेश द्वारा उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर में एम्स का सेटेलाइट केंद्र संचालित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने के लिए कहा है। भारत सरकार के पत्र मिलने के बाद अब राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध जमीन की उपयोगिता एवं एम्स के सेटेलाइट केंद्र के रूप में संचालित होने की क्षमता का आकलन स्वास्थ्य मंत्रालय की टेक्निकल टीम द्वारा शीघ्र ही किया जाएगा, जिसमें एम्स निदेशक की अगुवाई में वहां के इंजीनियर तथा चीफ आर्किटेक्ट जमीन का भ्रमण कर उपयोगिता का परीक्षण करेंगे। परीक्षण के उपरांत एम्स की टीम चिन्हित स्थान पर एम्स के सेटेलाइट केंद्र के संचालन हेतु अपनी रिपोर्ट भारत सरकार को प्रस्तुत करेगी। भारत सरकार के आर्थिक सलाहकार द्वारा इस प्रकरण को तेजी से निष्पादित करने का अनुरोध भी एम्स निदेशक से किया गया है।

इंडियन रेड क्रास सोसाइटी ने आपदा प्रभावितों को राहत सामान भेजा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में इंडियन रेड क्रास सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने भेंट की। उन्होंने हाल ही में प्रदेश में आयी देवी आपदा से पीड़ितो की मदद के लिये विशेषकर नैनीताल एवं ऊधम सिंह नगर जनपद के आपदा प्रभावितों को बड़ी संख्या में कम्बल, किचन सेट, मच्छर दानी, टेन्ट तथा आवश्यक दवाइया आदि प्रदान की।
रेडक्रास द्वारा प्रदान की गई सामग्री सम्बन्धित जनपदों को रवाना करते हुए मुख्यमंत्री ने रेडक्रास सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पीड़ितो की मदद करना सबसे बड़ी मानव सेवा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक तथा रेड क्रास सोसाइटी के पदाधिकारी उपस्थित थे।

धार्मिक महत्व और संस्कृतियों पर आधारित मां पीताम्बरा पुस्तक में प्राचीन धर्मस्थलों का है वर्णन

नैनीताल पर्यटन एवं परिवहन विकास सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा उत्तराखण्ड की धार्मिक संस्कृति एवं प्राचीन धर्म स्थलों के महत्व पर लिखित पुस्तक मां पीताम्बरा का आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में विमोचन किया।
इस अवसर पर पुस्तक के लेखक रमाकान्त पन्त व प्रकाशक ललित पंत को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देव भूमि उत्तराखण्ड में ऐसे अनेकानेक प्राचीन धार्मिक स्थल मौजूद हैं, जो देव भूमि की सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के अंचलों में स्थित ऐसे धर्म स्थल जहां स्थानीय लोगों की धार्मिक परम्पराओं के प्रमुख केन्द्र हैं वहीं धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से भी ये काफी महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऐसे प्राचीन धार्मिक स्थलों के समुचित विकास के लिए सरकार निरंतर प्रयत्नशील है उन्होंने इस दिशा में नैनीताल पर्यटन एवं परिवहन विकास सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा किये जा रहे कार्यों एवं प्रयासों की सराहना करते हुए समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। इस इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार पवन पांडे, दानेश्वर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष प्रसाद चंद्र भट्ट, समाज सेविका निर्मला जोशी, डॉ बीएस नेगी, मंगल सिंह, मनोज कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

दूसरे दिन सीएम ने खटीमा में बूथ कार्यक्रम में भाग लिया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान आज प्रातः से ही अपने निजी आवास नगला तराई खटीमा में आम जनता की जन समस्याएं सुनी। इसके उपरान्त मुख्यमंत्री ने फाईबर कम्पनी के परिसर में पहुंचकर दीप प्रज्ज्वलित करते हुए बूथ कार्यक्रम प्रारम्भ किया। अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा अनेक कदम उठाए जा रहे हैं। सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए कार्य हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का राज्य को पूरा सहयोग मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि सरकार प्रत्येक जनमानस के साथ हर दुख-सुख में खड़ी है। उन्होने कहा कि सरकार प्रत्येक व्यक्ति के हित के बारे में लगातार विकास कार्याे कर रही है। उन्होने कहा कि खटीमा नागरिक चिकित्सालय में एक हजार एलपीएम का ऑक्सीजन प्लांट लगा दिया गया है व पुराना अस्पताल में अस्थाई सैनिक कैन्टीन बनाया जा रहा है, जिसे आगामी माह नवम्बर तक संचालित कर दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि खटीमा में बस अड्डा निर्माण, खटीमा बाईपास निर्माण, एकलव्य विद्यालय निर्माण, राजकीय आश्रम पद्धति जनजाति स्कूल, शहीद स्मारक एवं मण्डी में धान क्रय केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर सम्बन्धित अधिकारियों व कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया गया है कि कार्याे में तेजी लाते हुये शीघ्र कार्य पूर्ण करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं की मजबूती के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आयुष्मान योजना के तहत निःशुल्क ईलाज व 207 प्रकार की जांचे निःशुल्क की जा रही हैं। कोविड-19 संक्रमण के दौरान अनाथ हुये बच्चों के लिये वात्सल्य योजना के तहत तीन हजार रूपया प्रत्येक बच्चे को दिया जा रहा है व बच्चे को बड़े होने पर पांच प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है। बहनों एवं नवजात कन्याओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की जा रही है।नौजवानो को विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं के लिये निःशुल्क आवेदन करने की प्रक्रिया, ग्राम प्रधानों का मानदेय रू0 1500 से बढाकर 3500, आशा कार्यकत्रियों को रू0 3500 से बढ़ाकर 6500, उपनल कर्मियों की मांग मानते हुये दस साल की सेवा पूर्ण करने वाले कर्मचारियों को मानदेय में रूपया-2000 व दस वर्ष से अधिक सेवा पूर्ण करने वाले कर्मचारियों को रूपया 3000 देने का काम सरकार द्वारा किया गया है। उन्होने कहा कि सरकार द्वारा लगातार सभी के लिये कुछ ना कुछ रास्ता निकाला जा रहा है जिसके लिये सब लोगों का साथ बहुत जरूरी है। उन्होने कहा कि प्रत्येक न्यायपंचायत स्तर युवाओं के लिये ओपन जिम खोला जायेगा जिससे की हमारे युवा स्वस्थ व निरोग्य रहे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मगरमछ के हमले से मृत्यु होने के कारण मृतक के परिजन लक्ष्मी देवी को तीन लाख रूपये का चौक अर्थिक सहायता के रूप में प्रदान किया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, कैलाश चन्द्र गहतोड़ी, उपाध्यक्ष किसान आयोग राजपाल सिंह, अध्यक्ष किच्छा मण्डी समिति कमलेन्द्र सेमवाल, अध्यक्ष मण्डी समिति खटीमा नन्दन सिंह खड़ायत, जिलाधिकारी रंजना राजगुरू, एसएसपी दलीप सिंह कुवंर, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगांई, उप जिलाधिकारी निर्मला बिष्ट, तुषार सैनी, जनप्रतिनिधि मोहनी देवी, उर्मिला, माया जोशी, सतीश गोयल, अजय मौर्या, नवीन चन्द्र, गोविन्द, किशन, खुब सिंह विकल, तेज सिंह मेहरा, पूजा बत्रा, प्रियंका आदि उपस्थित थे।

सीएम ने अपनी विधानसभा के विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज अपने एक दिवसीय दौरे पर खटीमा पहुंचकर क्षेत्र में किये जा रहे विभिन्न कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर सम्बन्धित अधिकारियों के साथ तहसील खटीमा के सभागार में समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जो भी विकास कार्य होने हैं उन्हें शीघ्र प्राथमिकता एवं जनहित को देखते हुये प्रारंभ करें एवं जो विकास कार्य प्रगति पर हैं उनमें गुणवत्ता, पारदर्शिता के शीघ्र पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिशासी अभियन्ता लोनिवि को निर्देश दिए हैं कि सड़को को गड्डामुक्त करने हेतु पैचवर्क का शीघ्र पूर्ण करें व जिन मार्गों का स्टीमेट नहीं बना है उनका तत्काल स्टीमेट बना कर शासन को प्रस्तुत करें। उन्होंने विकास प्राधिकरण द्वारा किये जा रहे शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, बस अड्डा, कुष्ठ आश्रम, तहसील का सौन्दर्यीकरण आदि विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत रूप से जानकारी लेते हुए शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल निगम व जल संस्थान के कार्यों की समीक्षा करते हुए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विकास कार्यों को तेजी से पूर्ण करें। उन्होंने स्वास्थ्य, विद्युत, पुलिस आदि विभागों की समीक्षा की। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विभाग अपने कार्यों को तेजी से पूर्ण करें इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
जिलाधिकारी रंजना राजगुरू ने मुख्यमंत्री को जनपद में किये जा रहे विभिन्न विकास कार्याे एवं अतिवृष्टि (आपदा) के दौरान प्रभावित हुये लोगों हेतु राहत कार्याे के सम्बन्ध में विस्तृत रूप से जानकारी दी। उन्होने बताया कि सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि मुख्यमंत्री घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अवगत कराया कि अतिवृष्टि से जलभराव होने के कारण जनजनित रोगों की रोकथाम हेतु सभी नगर निकायो को साफ सफाई, कीटनाशक छिड़काव, फागिंग आदि कराने के निर्देश दिये गये है।
इस अवसर पर विधायक प्रेम सिंह राणा, किसान आयोग के उपाध्यक्ष राजपाल सिंह, अध्यक्ष मण्डी समिति नन्दन सिंह खड़ायत, कमलेन्द्र सेमवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगांई, अपर जिलाधिकारी जय भारत सिंह, सीएमओ डीएस पंचपाल , पीडी हिमांशु जोशी, जिला विकास अधिकारी डॉ. महेश कुमार, उप जिलाधिकारी निर्मला बिष्ट, तहसीलदार युसुफ अली, मण्डल अध्यक्ष भाजपा सतीश मौर्या आदि उपस्थित थे।

अचानक पहुंचे सीएम अपनी विधानसभा, लोगों से मुलाकात कर समस्यायें जानीं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को अपराह्न में खटीमा पहुंचे। उन्होंने निर्माणाधीन आश्रम पद्धति जनजाति विद्यालय खटीमा के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया तथा संबंधित कार्यदायी संस्था एवं अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने खटीमा कृषि उत्पादन मंडी में धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया और वहां रखे नमी यंत्र की गुणवत्ता को भी देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कांटे में रखकर धान तोल यंत्र का भी निरीक्षण किया व मंडी में किसानों से वार्ता कर उनकी समस्यायें भी सुनी तथा उसके निराकरण के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने खटीमा में नवनिर्मित एकलव्य स्कूल भवन का अवलोकन किया नागरिक चिकित्सालय खटीमा में पहुंच कर उन्होंने आयुष विभाग की आकस्मिक सेवाओं का औचक निरीक्षण किया। वहां भर्ती मरीजों से उनके स्वास्थ्य के बारे हालचाल पूछा उन्होंने नागरिक चिकित्सालय में स्थापित हो एक हजार क्षमता वाले गैस प्लांट का भी निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्माणाधीन शहीद स्मारक के निर्माण कार्यों का अवलोकन भी किया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्यों में गति लाने के निर्देश देते हुए कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखे जाने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने पुराना अस्पताल खटीमा में अस्थाई सैनिक कैंटीन के निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया तथा कर्नल चंद्रा से फोन पर वार्ता कर 9 नवंबर से पहले कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री द्वारा भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों से भी बातचीत की तथा लोगों का हालचाल जाना।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय मार्केट खटीमा में ठेले पर मूंगफली का भी स्वाद लिया तथा मूंगफली विक्रेता चिरौंजी से उनका हाल-चाल भी पूछा। उन्होंने कहा कि इस दुकान पर आने से पुरानी यादें ताजी हो गई। मुख्यमंत्री ने हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की भी कामना की।

गौला पुल को जल्द से जल्द चालू करवाना प्राथमिकता-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सुबह क्षतिग्रस्त गौला पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा गौला पुल पूरे क्षेत्र के आवागमन के लिए अति महत्वपूर्ण है। जिस दिन से यह पुल क्षतिग्रस्त हुआ है उसी दिन से हमारा प्रयास है कि पुल जल्द से जल्द चालू किया जा सके। नियमों को शिथिल किया गया है। पुल का कार्य युद्धस्तर पर होगा ताकि पुल जल्द चालू हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता के साथ है प्रभावितों की हर संभव मदद की जायेगी। उन्होने कहा मूलभूत सुविधाएं विद्युत, पेयजल, सड़क, स्वास्थ तुरन्त बहाल किये जा रहे है। सरकार आपदा कार्याे की लगातार मॉनिटरिंग भी कर रही है।
निरीक्षण दौरान प्रभारी एवं ग्राम्य विकास मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द, आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ धन सिंह रावत, मेयर डॉ. जोगेन्द्र पाल सिंह रौतेला, मण्डलायुक्त सुशील कुमार, डीआईजी नीलेश आनन्द भरणे, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

कोविड वैक्सीनेशन में केन्द्र ने दिया पूरा सहयोग-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों को संबोधित मन की बात को सुना। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, स्वामी यतीश्वरानंद एवं मेयर सुनील उनियाल गामा भी मौजूद थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में उत्तराखंड में शत प्रतिशत कोविड टीकाकरण की प्रथम डोज लगाने पर उत्तराखंड सरकार की सराहना की। मन की बात के दौरान प्रधानमंत्री ने बागेश्वर जनपद की हेल्थ वर्कर पूनम नौटियाल से बात की। पूनम नौटियाल ने कहा कि हमने अपने क्षेत्र में लोगों को कोविड टीकाकरण के लिए प्रेरित किया। एक दिन में पर्वतीय क्षेत्रों में 8 से 10 किमी की दूरी तय कर कोविड टीकाकरण किया। बुजुर्गों, दिव्यांगों एवं धात्री महिलाओं का उनके घरों पर जाकर टीकाकरण किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूनम नौटियाल के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कि उन्होंने आउट ऑफ द वे जाकर लोगों का टीकाकरण किया।
मन की बात कार्यक्रम को सुनने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मन की बात हम सभी को देशहित और समाज हित में सोचने और काम करने के लिए प्रेरित करती है। प्रधानमंत्री ने एक अभिभावक की तरह मार्गदर्शन किया। उनका सक्षम नेतृत्व ही था कि ’सबको वैक्सीन मुफ्त वैक्सीन’ अभियान से देश, 100 करोङ वैक्सीनैशन डोज का पङाव पार कर चुका है। आज देश एक नये उत्साह और ऊर्जा से आगे बढ रहा ही। आज भारत ने कोविड वैक्सीनैशन में दुनिया को राह दिखाई है। निस्संदेह इसमें हमारे हेल्थ वर्कर्स की महत्वपूर्ण भूमिका है। कोविड वारियर्स की दिन रात की मेहनत से ही हम कोविड से बाहर निकल रहे हैं। परंतु हमें अभी भी सावधानी रखनी है। हम उत्तराखण्डवासियों के लिए सम्मान की बात है कि प्रधानमंत्री ने राज्य की हेल्थ वर्कर पूनम नौटियाल से बात की। उत्तराखण्ड के हेल्थ वर्कर्स का जज्बा ही है कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखण्ड में 100 प्रतिशत पहली डोज का लक्ष्य पूरा किया जा चुका है। हम जल्द ही शतप्रतिशत सेकेंड डोज का लक्ष्य भी हासिल करेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वोकल फॉर लोकल का जो मंत्र दिया है, हम सबको मिलकर इसे साकार करना है। त्योहारों का सीजन चल रह है, इस दौरान हमें स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक बढ़ावा देना है। वोकल फॉर लोकल का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय लोगों की आमदनी को बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता के लिए हम सभी को अपनी दिनचर्या का अंग मानकर प्रयास करने होंगे। अपने घरों के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी स्वच्छता पर ध्यान देना होगा। आइये, हम संकल्प लें कि स्वच्छ भारत अभियान को आगे बढाते हुए हम सब मिलकर अपने देश को पूरी तरह स्वच्छ बनाएंगे और स्वच्छ रखेंगे।
मुख्यमंत्री ने मन की बात के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करने वाली बागेश्वर जनपद की पूनम नौटियाल से फोन से वार्ता कर उनके सराहनीय कार्य के लिए बधाई दी।

आखिर सीएम क्यो हुए सीएम भावुक और अधिकारियों से क्या बोले

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आपदा कार्यों को संवेदनशील होकर पूरी गंभीरता से लेते हुए पूरे मनोयोग से अधिकारी कार्य करें ताकि उन्हें व सरकार को जनता याद रखे। उन्होंने आपदा कार्यों को शीघ्र दुरूस्त करने हेतु जनपद नैनीताल व ऊधम सिंह नगर को आपदा मद से 50 करोड़ की धनराशि देने की घोषणा मुख्यमंत्री ने की।
मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस काठगोदाम में आपदा कार्यों की समीक्षा बैठक लेते हुए कहा कि आपदा से पीड़ित एवं प्रभावित परिवारों को उनके पारिवारिक सदस्यों की भॉति चिन्तन करते हुए शीघ्राति शीघ्र राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि आपदा के इस दौर में किसी ने अपना बेटा-बाप, मां-बहन एवं पारिवारिक सदस्य खोये हैं, परिवार में एक भी सदस्य के जाने से परिवार की परिस्थिति एवं दिनचर्या बदल जाती है, इसको संवेदनशील होकर सोचते हुए शीघ्रता से सभी प्रभावितों को राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिये कि अधिकारी कार्यों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर लाना सुनिश्चित करें कोई भी ढिलाई बरदाश्त नहीं की जायेगी। लापरवाही करने वाले अधिकारियों को कतई बख्शा नहीं जायेगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नियमित कार्यों के स्थान पर आपदा सम्बन्धित कार्यों को प्राथमिकता से करें ताकि जनता को राहत मिल सके व जनजीवन सामान्य हो सके। उन्होंने कहा कि सड़के, बिजली, पानी व संचार व्यवस्थाऐं स्थायी रूप से बहाल न होने तक तुरन्त वैकल्पिक व्यवस्थाओं से बहाल की जायें तथा स्वास्थ्य सेवाएं भी दुरूस्त रखी जाये। धन की कोई कमी नहीं है, कार्यों को समयबद्धता, गुणवत्ता व पारदर्शिता से किये जायें। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावितों को सहायता राशि तत्काल वितरित करें ताकि पीड़ितों को राहत मिल सके। जिस पर जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि जनपद में 99 लाख की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है जिसमें 17 मृतकों के परिवार शामिल हैं, और प्रभावितों का सहायता राशि वितरित की जा रही है।
आपदा प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यान्न एवं आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनी रहे, इस पर पैनी नज़र रखे तथा इसमें कोई कमी नहीं होनी चाहिए। आवश्यकतानुसार हैली सेवा का उपयोग करते हुए प्रभावितों राहत सामाग्री उपलब्ध करायी जाये। मुख्यमंत्री निर्देश दिये कि काश्तकारों की फसल हानि का आंकलन मानवीय दृष्टिकोण रखते हुए शीघ्रता से करें ताकि उन्हें भी मुआवजा राशि तुरन्त दी जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मण्डल में दुर्घटना सम्भावित पेड़ों के कटान की प्रक्रिया को और अधिक सरल करने हेतु वनाधिकारियों से वार्ता करते हुए खतरा बने पेड़ों का कटान कराने के निर्देश आयुक्त कुमाऊॅ मण्डल को दिये ताकि संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। उन्होंने चोपड़ा गांव में आबादी क्षेत्र के ऊपर अटके बड़े-बड़े बोल्डरों को हटाने की व्यवस्था कराने के निर्देश जिलाधिकारी को दिये। उन्होंने चुकम में आपदा के दौरान बेघर हुए परिवारों के लिए टैण्ट की व्यवस्था करने के साथ ही खाद्य सामाग्री भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि वर्षाकाल में नहरों, गूलों के पानी का रूख कस्बो व घरों की ओर हो गया है, इसे रोकने हेतु कार्य योजना बनाने के निर्देश सिंचाई विभाग के अभियंताओं को दिये। वर्षाकाल में पेयजल हेतु उपयोग करने वाले पानी में एलम, ब्लीचिंग पाउडर के साथी क्लोरीनाइजेशन करना सुनिश्चित करें ताकि जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके, इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिये कि जल भराव वाले क्षेत्रों में दवा का छिड़काव करें ताकि डेंगू व अन्य जल जनित बीमारियों से बचा जा सके।
मुख्यमंत्री ने सिडकुल के पास चोरगलिया-सितारगंज मार्ग को गड्डामुक्त करने हेतु सिडकुल से धनराशि लोनिवि को तुरन्त हस्तान्तरित कराने के निर्देश मण्डलायुक्त को दिये। उन्होंने लोनिवि को निर्देश दिये कि 7 नवम्बर से पहले सड़क को गड्डामुक्त करना सुनिश्चित करें। उन्होंने गोला पुल-सर्किट हाउस के मध्य गड्डायुक्त सड़क पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अभियंता को तुरन्त गड्डामुक्त करने के निर्देश दिये।
केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि अधिकारी कार्यों को गंभीरता से लें, समय की बरबादी न करें तथा आदेशों को गंभीरता से लेते हुए आपदा कार्य त्वरित गति से पूर्ण करे। उन्होंने कहा विभागीय अधिकारियों को जो भी धनराशि, उपकरण आदि चाहिए उसकी मांग जिलाधिकारी को दें, धनराशि की कोई कमी नहीं है।
बैठक में काबीना मंत्री बंशीधर भगत, धनसिंह रावत, जनपद प्रभारी मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, नवीन दुम्का, जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, मेयर डॉ.जोगेन्द्र पाल सिंह रौतेला सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।