राज्यपाल ने अनिल चंद्र पुनेठा और विवेक शर्मा को शपथ दिलाई

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने बुधवार को राजभवन में अनिल चंद्र पुनेठा को राज्य मुख्य सूचना आयुक्त तथा विवेक शर्मा को राज्य सूचना आयुक्त के पद की शपथ दिलवाई।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने अनिल चंद्र पुनेठा को राज्य मुख्य सूचना आयुक्त तथा विवेक शर्मा को राज्य सूचना आयुक्त बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित भारतीय प्रशासनिक एवं पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

78 अवर अभियंताओं को नियुक्ति पत्र जारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड पॉवर कॉरपोरेशन लि. में अवर अभियंता के पद पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। पहले चरण में 78 अवर अभियंताओं को नियुक्ति पत्र आज जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास में 12 अवर अभियंता को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। 16 अवर अभियंताओं का भी डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया गतिमान है, उनको भी जल्द नियुक्ति प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त शासन द्वारा अनफ्रीज किए गए 60 अवर अभियंता के पदों पर अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा नियुक्ति की कार्यवाही की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते कहा कि सभी पूर्ण मनोयोग से अपने कार्यों का निर्वहन करें। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जनसेवा के लिए जो भी कार्य मिलता है, उसे सभी अभ्यर्थी कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से समय पर पूर्ण करेंगे।
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक यूपीसीएल एवं पिटकुल अनिल कुमार, परियोजना निदेशक यूपीसीएल अजय कुमार अग्रवाल, निदेशक परिचालन एम. एल प्रसाद, महाप्रबंधक मानव संसाधन के.बी चौबे, उप महाप्रबंधक मानव संसाधन अमित कुमार, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी जितेन्द्र कुमार एवं यूपीसीएल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

अंतिम कैबिनेट बैठक में धामी सरकार ने लिए महत्वपूर्ण निर्णय

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में चल रही मंत्रिमंडल की बैठक खत्म हो गयी है। हालांकि, धामी सरकार की यह अंतिम मंत्रीमंडल की बैठक संपन्न हुई है। जिसमें तमाम विषयों पर चर्चा किया गया है। यही नहीं, मंत्रिमंडल की बैठक में 40 से ज्यादा प्रस्तावो पर मुहर लगी है। इसके साथ ही मंत्रिमंडल की बैठक में रात्रि कोविड कर्फ्यू के समय में बदलाव करते हुए रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक कर दिया है। यही नहीं, शासकीय प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने कहा कि अगर परिस्थितियां भिन्न होती हैं तो राज्य सरकार कड़े से कड़े निर्णय लेने में पीछे नहीं हटेगी।

इन मामलों पर लगी मुहर……
– वृद्धावस्था पेंशन को 1200 से बढ़ाकर किया गया 15 सौ रुपए।
– शिक्षामित्रों के मासिक वेतन को 15000 से बढ़ाकर किया गया 20,000 रुपये।
– कृषि उद्यान विभाग के एकीकरण के लिए मुख्यमंत्री को किया गया अधिकृत।
– आंदोलनकारियों को सरकारी सेवाओं में आरक्षण दिए जाने के प्रस्ताव को एक बार फिर राजभवन भेजा जायेगा।
– शुगर मिलों के मृतक आश्रितों को दी जाएगी नौकरी।
– राज्य की स्वास्थ्य नीति को किया गया प्रत्याक्षित।
– गंगोलीहाट को नगर पालिका परिषद बनाए जाने पर बनी सहमति।
– प्राइवेट सुरक्षा नियमावली-2021 को मंत्रिमंडल से मिली मंजूरी।
– फाइनेंशियल हैंडबुक नियमावली- 2018 में किया गया संशोधन।
– लैंडस्लाइड एंड लिटिगेशन सेंटर उत्तराखंड में स्थापित किए जाने का लिया गया निर्णय।
– सभी पूर्व सैनिकों को अब नहीं देना होगा हाउस टैक्स।
– बिल्डिंग बायलॉज में किया गया संशोधन, पर्यटन के दृष्टिगत लिया गया है निर्णय।
– हल्द्वानी और हरिद्वार में बनाए गए 500 बेड के अस्पताल को मार्च 2022 तक के लिए दिया गया एक्सटेंशन।
– प्रदेश के 94 बगीचो की व्यवस्था को सुधारने के लिए इसे तीन कैटेगरी में बांटकर डिपार्टमेंटल/लीज पर देने पर चर्चा किया गया है, इसपर अंतिम फैसले के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।
– स्टेट डाटा सेंटर पालिसी -2022 को प्रख्यापित करने का लिया गया निर्णय।
– पौधा सेंटर, सेलाकुई के कर्मचारियों का बढ़ाया गया मानदेय।
– उत्तराखंड उद्यान एवं खाद्य नियमावली-2022 को पारित करने का लिया गया निर्णय।
– उत्तराखंड जैविक कृषि नियमावली-2021 को प्रख्यापित करने का लिया गया निर्णय।
– नर्सरी एक्ट-2021 को प्रख्यापित करने का लिया गया निर्णय।
– किसानों को अधिक से अधिक इंश्योरेंस कवरेज दिए जाने को लेकर इंश्योरेंस किस्त में सब्सिडी देने का लिया गया निर्णय।
– मंडी कानून में किया गया संशोधन।
– रात्रि कोविड कर्फ्यू के समय में किया गया बदलाव, अब रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक रहेगा कर्फ्यू।
– कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए लिया गया निर्णय।

पर्यावरण मित्रों को मानदेय बढ़ोत्तरी के साथ बीमा का भी मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में सफाई कर्मचारी आयोग के पूर्व अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना के नेतृत्व बड़ी संख्या में उत्तराखण्ड स्वच्छकार कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने भेंट की। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोत्तरी के साथ ही कर्मचारियों की अन्य कई समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पर्यावरण मित्रों (सफाई कर्मचारियों) का मानदेय 500 रू. प्रतिदिन किये जाने, पर्यावरण मित्रों हेतु 2 लाख रूपये के बीमे की व्यवस्था किये जाने तथा पर्यावरण मित्रों का सफाई-धुलाई भत्ता बढ़ाये जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने शहरी विकास विभाग के ढ़ांचे (पर्यावरण मित्रों सहित) पुनरिक्षित किये जाने की भी घोषणा की।
इस संबंध में उपसचिव मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा सचिव नगर विकास विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दे दिये गये हैं।

आमजन से लिए जा रहे सुझाव भी बनेंगे भाजपा के दृष्टिपत्र का हिस्सा

आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश भाजपा द्वारा तैयार किए जा रहे दृष्टिपत्र में नमो का यह विजन झलकेगा। अगले पांच वर्ष में उत्तराखंड को माडल राज्य बनाने को पार्टी क्या-क्या कदम उठाएगी, यह उसके दृष्टिपत्र से परिलक्षित होगा। आमजन से लिए जा रहे सुझाव भी दृष्टिपत्र का हिस्सा बनेंगे। इससे पार्टी संदेश देने का प्रयास करेगी कि दृष्टिपत्र उसका नहीं, बल्कि राज्य की जनता का है। पार्टी का प्रयास है कि गणतंत्र दिवस से पहले उसका दृष्टिपत्र जनता के बीच आ जाए। इसी हिसाब से तैयारियां की जा रही हैं।
प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और समय-समय पर वह इसे प्रदर्शित भी करते हैं। नमो इस बार लगातार जोर दे रहे हैं कि वर्ष 2025 में उत्तराखंड जब अपनी स्थापना की 25वीं वर्षगांठ मनाए तो तब तक वह देश का माडल राज्य बनकर उभरे। यानी, उत्तराखंड संपन्न राज्यों की पांत में खड़ा हो। प्रधानमंत्री की इसी भावना के अनुरूप पार्टी अब आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना दृष्टिपत्र तैयार करने में जुटी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक की अध्यक्षता में गठित चुनाव घोषणा पत्र समिति इस सिलसिले में कई दौर का मंथन कर चुकी है।
इसके साथ ही दृष्टिपत्र के लिए आमजन से सुझाव लेने को पार्टी ने सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में जनसुझाव रथ भेजे हैं। प्रत्येक रथ में बाकायदा सुझाव पेटिका रखी गई है, जिसमें लोग क्षेत्र व राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए पार्टी को क्या-क्या करना चाहिए, इस बारे में सुझाव दे रहे हैं। पार्टी ने तय किया है कि नौ जनवरी तक जनता से सुझाव लिए जाएंगे।
पार्टी ने यह भी निश्चय किया है कि विधानसभा क्षेत्रों से सुझाव लेने के बाद प्रत्येक जिला मुख्यालय में वृहद कार्यक्रम के जरिये जनता से सुझाव लेने के साथ ही उससे चर्चा भी की जाएगी। प्रदेश स्तर का कार्यक्रम देहरादून में प्रदेश भाजपा मुख्यालय में होगा, जिसमें सभी वर्गों के चुनिंदा व्यक्तियों, विशषज्ञों के साथ विमर्श किया जाएगा। प्रयास ये है कि विधानसभा क्षेत्रों से सुझाव लेने के बाद हफ्तेभर के भीतर ये कार्यक्रम पूर्ण करा लिए जाएं। जनता के बीच से आए महत्वपूर्ण सुझावों को दृष्टिपत्र में शामिल किया जाएगा।
रमेश पोखरियाल निशंक (अध्यक्ष चुनाव घोषणा पत्र समिति भाजपा एवं पूर्व मुख्यमंत्री) का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भावना के अनुरूप उत्तराखंड को देश का माडल राज्य बनाने का विजन भाजपा के दृष्टिपत्र में होगा। जनता से सुझाव लेकर हर वर्ग, हर क्षेत्र की बेहतरी और हर दृष्टि संपन्न उत्तराखंड के विकास का खाका पार्टी के दृष्टिपत्र में परिलक्षित होगा। यह हर दृष्टि से जनता का दृष्टिपत्र होगा।

उत्तराखंड में अगले कुछ दिन के लिए मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड के ज्यातादर इलाकों में बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हो रही है। राज्य में पश्चिमी विछोभ की सक्रियता से बारिश हो रही है। उत्तराखंड के प्रमुख हिल स्टेशनों पर बर्फबारी का अनुमान है।
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली आदि में 25 से 2200 मीटर से ऊपरी इलाकों में इक्का-दुक्का इलाकों में बारिश बर्फबारी का सिलसिला जारी है। गुरुवार को बारिश बर्फबारी में कुछ कमी आएगी, लेकिन सात जनवरी को फिर से एक ओर पश्चिमी विछोभ की वजह से बारिश और बर्फबारी बढ़ेगी। आठ जनवरी को भी इसमें ओर भी तेजी आएगी। गढ़वाल क्षेत्र में बारिश बर्फबारी का अनुमान है। आठ को प्रदेश के अधिकत्तर इलाकों में बारिश होगी। नौ को मौसमी गतिविधि में कुछ कमी आएगी। हालांकि ऊंचे पर्वतीय इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक, बर्फबारी के चलते ऊंचे इलाकों में सड़क मार्ग बंद हो सकते हैं। सैलानी खराब मौसम के मद्देनजर गर्म कपड़े अपने साथ रखें। मौसम विभाग ने आठ जनवरी को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है।

हाईकोर्ट के विधानसभा चुनाव को लेकर कई सवाल, अगली सुनवाई 12 जनवरी को

हाईकोर्ट नैनीताल ने विधानसभा चुनाव स्थगित किए जाने को लेकर दायर जनहित याचिका पर बुधवार को सुनवाई की। कोर्ट ने भारत निर्वाचन आयोग से पूछा है क्या उत्तराखंड में वर्चुअल रैलियां संभव हैं? क्या ऑनलाइन मतदान कराया जा सकता है? 12 जनवरी तक शपथपत्र के साथ बताएं। अगली सुनवाई 12 जनवरी को होगी।
बुधवार को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय कुमार मिश्रा व न्यायमूर्ति एनएस धानिक की खंडपीठ में चुनाव स्थगित किये जाने को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई हुई। इस दौरान केंद्रीय निर्वाचन आयोग की ओर से कोर्ट को बताया गया कि वर्चुअल रैलियां खराब कनेक्टिविटी के कारण संभव नहीं हैं। मतदान को लेकर भी यही स्थिति है। आयोग ने यह भी बताया कि मुख्य सचिव के साथ चुनाव की तैयारी को लेकर बैठक हो चुकी है। कोर्ट ने आयोग से वर्चुअल रैली व ऑनलाइन वोटिंग को लेकर जवाब मांगा है।
अधिवक्ता शिव भट्ट ने पहले से विचाराधीन सच्चिदानंद डबराल व अन्य से संबंधित जनहित याचिका में कोर्ट के आदेशों के विपरीत विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा कोविड नियमों के विपरीत की जा रही रैलियों की तस्वीरें संलग्न कर प्रार्थना पत्र कोर्ट में पेश किया है। जिसमें कहा है कि सियासी रैलियों में कोरोना संक्रमण फैलने की पूरी संभावना है। राजनीतिक दलों की ओर से कोविड के नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है।

नरेन्द्रनगर विधानसभा में 20 करोड़ के विकास कार्यो का लोकार्पण और शिलान्यास

दोगी पट्टी स्थित अटल आदर्श विद्यालय परिसर में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने साढ़े 20 करोड़ रूपये की लागत से विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, साथ ही स्थानीय क्षेत्रवासियों को सौर ऊर्जा और कृषि यंत्र बांटे। इस पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों समेत क्षेत्र की जनता ने कैबिनेट मंत्री का आभार जताया।
दोगी पट्टी में आयोजित विभिन्न योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल कहा कि नरेंद्रनगर विधानसभा में विकास कार्य लगातार जारी है। वर्तमान समय में इस विस के अंतर्गत प्रदेश में सबसे अधिक सड़कें, विद्यालय हैं, जो यहां हुए विकास कार्यों को दर्शाता है।
ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र भंडारी ने 20 करोड 62 लाख रूपए की लागत से दर्जन भर से अधिक योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास होने पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का आभार व्यक्त किया। कहा कि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के नेतृत्व में नरेंद्रनगर विस क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हो रहा है। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास होने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कैबिनेट मंत्री का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत भी किया।
मौके पर नगर पालिका मुनिकीरेती अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, ऋषिकेश मंडी अध्यक्ष विनोद कुकरेती, नरेंद्रनगर मंडी उपाध्यक्ष सिद्धार्थ राणा, पूर्व प्रधान हुकम सिंह भंडारी, भाजपा भरपूर मंडल प्रभारी दिनेश भट्ट, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गुणानंद कुलियाल, नरेंद्रनगर ग्रामीण मंडल उपाध्यक्ष राधाकृष्ण रयाल, नरेन्द्रनगर ग्रामीण मंडल सोशल मीडिया प्रभारी गजेंद्र राणा, सामाजिक कार्यकर्ता रघुवीर सिंह चौहान, क्रेजी फेडरेशन अध्यक्ष मनीष डिमरी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मोहम्मद आरिफ खान आदि उपस्थित थे।

लोकार्पण एवं शिलान्यास योजनाएं
1. गूलर में विद्युत उपकेंद्र बिजलीघर का लोकार्पण
2. किसानभवन पावकी देवी का लोकार्पण
3. सामुदायिक भवन मैथिसेरा मिंडाथ का लोकार्पण
4. डिग्री कॉलेज पावकीदेवी का शिलान्यास
5. घेराधार, भेडापातल, बग्गाशेरा में सड़कों का शिलान्यास
6. बाँसकाटल और हिंडोला मोटर मार्ग का शिलान्यास
7. मुंडाला भौराणी तक मोटर मार्ग का शिलान्यास
8. बुगाला से गाड़नामे टोंक तक सम्पर्क, किसान मार्ग का शिलान्यास
9. मिंडाथ पालिसेरा सम्पर्क, किसान मार्ग का शिलान्यास
10. कुथ्या सम्पर्क, किसान मार्ग का शिलान्यास
11. बल्याखान, बिलोगी, भिगनी, क्यारखी, जमीणि के सम्पर्क, किसान मार्ग का शिलान्यास
12. पावकीदेवी से पैजाईगांव तक सम्पर्क मार्ग, किसान मार्ग का शिलान्यास
13. कौडियाला-बडीर सम्पर्क, किसान मार्ग का शिलान्यास
14. प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक योजनाओं का शिलान्यास

चुनाव की घोषणा से पहले कनक धनाई ने दिखाई ताकत

उत्तराखंड जन एकता पार्टी के संस्थापक सदस्य और विधानसभा चुनाव में ऋषिकेश सीट से प्रत्याशी कनक धनाई द्वारा आज विशाल परिवर्तन कावड़ यात्रा निकाली गई। जिसमें ऋषिकेश विधानसभा की सड़कों पर हज़ारों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।

बता दें कि बुधवार का पूरा दिन बरसात भरा रहा, पूरी बाइक रैली में बूंदा बांदी देखने को मिली, इसके बावजूद रैली में आए कार्यकर्ताओं एवम समर्थकों में भरपूर उत्साह देखने को मिला। युवा, वरिष्ठ सभी लोगों की हाजिरी रैली में देखने को मिली। जिसमे महिलाओं की विशेष सहभागिता रही। कनक धनाई ज़िंदाबाद एवम चुनाव चिन्ह गैस सिलेंडर के नारों से यात्रा गुंजायमान रही।
रैली हाट ग्राउंड रायवाला से प्रारंभ होकर नेपालीफार्म होते हुए छिद्दरवाला के लिए रवाना हुई, तत्पश्चात वहां से वापस मुड़कर गुमानिवाला माया मार्केट एवम मनसा देवी बायपास से होते हुए देहरादून रोड पहुची। वहीं, इंद्रमणि बडोनी चौक में बडोनी की मूर्ति में माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। उजपा कार्यालय समीप रामा पैलेस ऋषिकेश में रैली संपन्न हुई। कनक धनाई के संबोधन के पश्चात परिवर्तन कावड़ यात्रा का औपचारिक रूप से समापन हुआ।

धामी की प्रशंसा कर युवा मुख्यमंत्री को बैटिंग करने के लिए पूरा समय देने की मांग की

केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकारी ने थारू राजकीय इण्टर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि उत्तराखंड के बारे में पूरे देश में कहा जाता है कि यह देवों की भूमि है। देश-विदेश की जनता उत्तराखंड को देव भूमि और राज्य की जनता को देव तुल्य मानती है। बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री यह हमारे आस्था, श्रद्धा के प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यहां केवल उत्तराखंड के ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया से लोग आते है। हमारी पवित्र गंगा का उद्गम स्थान भी उत्तराखंड में है और मेरा यह सौभाग्य रहा है गंगा को अविरल और निर्मल करने की जिम्मेदारी मुझे मिली और उसका मेरे द्वारा 25000 करोड़ रुपए के अविरल निर्मल गंगा के लिए नमामि गंगे प्रोजेक्ट में कार्य किया जा रहा है जिसका 80 प्रतिशत कार्य मेरे कार्यकाल में पूरा हुआ।
उन्होंने बताया कि जब-जब उत्तराखंड में पार्टी अध्यक्ष के रूप में आता था सब यही कहते थे कि हमारे रोड सुधर जाएंगे तो उत्तराखंड का विकास होगा। अमेरिका प्रेसिडेंट जॉन कैनेडी ने कहा था अमेरिका अमीर है इस कारण सड़के अच्छी नहीं है बल्कि यहां की सड़के अच्छी है जिसकी वजह से देश अमीर है। जब मुझे पीएम मोदी के नेतृत्व में रोड एवं परिवहन मंत्रालय मिला तो मैंने तय किया था कि उत्तराखंड को मैं दो लाख करोड़ रुपए दूंगा अभी तक आपने जो विकास देखा है वह एक ट्रेलर था फिल्म अभी शुरू होनी बाकी है। मै इतना ही कहना चाहूंगा कि 2014 से 2021 तक हमने 21 सौ किलोमीटर की नई सड़क बनाई है और उसका मजबूती करण का काम किया है। उन्होंने बताया कि 2022 में 123 किलोमीटर सड़क उन्न्यन का काम अवॉर्ड हो जाएगा और करीब 1353 किलोमीटर सड़क में कर्ण का कार्य होगा। उन्होंने कहा कि 2024 तक 2500 किलोमीटर का काम पूरा करके दो लाख करोड़ का काम पूरा करेंगे। खटीमा आने वाले समय में पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, यह क्षेत्र आने वाले समय में विश्व मानचित्र पर होगा। उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा जाने वाले इसी रास्ते से जाते हैं और मैं आपको विश्वास देता हूं आज से 1 साल के अंदर कैलाश मानसरोवर यात्रा पर आप सब रोड से जा सकोगे, रोड मैं आपको बना कर दूंगा। उन्होंने कहा कि टनकपुर से पिथौरागढ़ तक कनेक्टिविटी हो गई है, पिथौरागढ़ से लिपुलेख तक सड़क निर्माण का कार्य अभी चल रहा है, टनकपुर से लिपुलेख एक सड़क निर्माण कार्य हो रहा है यह 376 का किलोमीटर है और इस पर 5000 करोड़ रूपया खर्च कर रहे हैं, यहां से सीधा मानसरोवर जा सकेंगे। टनकपुर से पिथौरागढ़ 162 किलोमीटर 1640 करोड़ रुपए खर्च करके 125 किलोमीटर का काम हो गया है और बाकी काम 2022 तक पूरा हो जाएगा पिथौरागढ़ से लिपुलेख 204 किलोमीटर तक 31 सौ करोड़ रूपये खर्च कर रहे हैं, यह काम बीआरओ द्वारा कराया जा रहा है और यह काम 1 साल में पूरा हो जाएगा।
सिमली-मुन्स्यारी-जौलजीबी-ग्वालदम तक सड़क चौड़ीकरण करने की घोषणा की और कहा कि इस परियोजना को भारतमाला परियोजना मे शामिल कर लिया गया है जिस पर 6 हजार करोड़ रूपये खर्च कर रहे है। खटीमा रिंगरोड निर्माण हेतु चकरपुर-कालापुर होते हुए टेढ़ाघाट वाया पहेनिया बाईपास का निर्माण भारतमाला परियोजना मे लिया जायेगा। खटीमा से पूरनपुर मार्ग को एनएच किया जायेगा, खटीमा चौराहे से थारू विकास भवन तक एनओसी क्लीयर कर दी जायेगी। पीलीभीत मार्ग से टनकपुर मार्ग मे बाहर बाईपास भी बनाया जायेगा। नजीमाबाद से अफजलगढ तक ग्रीनफील्ड न्यू बाईपास का बनाया जायेगा, हल्द्वानी से काठगोदाम और लालकुआं तक बायपास बनाने, हल्द्वानी-ग्वालदम सड़क निर्माण की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि रोड कनेक्टिविटी से दिल्ली नजदीक आ गई हैं, 603 करोड़ की लागत से 35 किलोमीटर अस्कोट-लिपुलेख सड़क निर्माण का कार्य प्रारम्भ हो चुका है। रामेश्वर से अल्मोड़ा तक 2 लेन का डीपीआर तैयार हो गया है जिसका आगामी 6 माह मे कार्य प्रारम्भ कर दिया जायेगा। हल्द्वानी से कर्णप्रयाग तक 250 किलोमीटर सड़क ऑलवेदर बनाई जा रही है। उन्होने कहा कि आज से 2 साल बाद देहरादून से दिल्ली का सफर कोई भी फ्लाईट से जाना पंसद नही करेंगे। आने वाले समय मे गाड़ियों की स्पीड बढ़ाने का भी कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने सड़क निर्माण क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों एवं प्रस्तावित कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
गडकरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तारीफ करते हुए कहा कि युवा मुख्यमंत्री दिखने में ही नही काम में भी स्मार्ट हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण से राज्य पर्यटन के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान को और अधिक मजबूत कर सकेगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में भी रोजगार के नए-नए अवसर उपलब्ध होंगे।
केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकारी तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद स्मारक पहुॅचकर शहीदों को पुष्पचक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित की तथा शहीदों के परिवारों से वार्ता की।
इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को रोड कनेक्टिविटी के क्षेत्र में क्रांति लाने वाला व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा आपके मंत्री के रूप में काम करने से सड़कों के क्षेत्र में जो विकास हुआ है वह किसी से छुपा नहीं है। उन्होंने कहा आज देश में रोड कनेक्टिविटी की परिभाषा को गडकरी ने एक नया आयाम दिया है।उन्होंने कहा सडकों और इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित करने की महाराष्ट्र से शुरू हुई आपकी यात्रा आज भी निरंतर जारी है और देश का हर राज्य आपकी बनाई योजनाओं से लाभान्वित हो रहा है। उन्होंने कहा आदरणीय नितिन गडकरी विजन के साथ काम करने वाले जननेता हैं और देश में सड़क, एक्सप्रेसवे और फ्लाईओवर निर्माण का जितना कार्य आपके निर्देशन में हुआ है उतना पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि गड़करी एक व्यापक सोच के साथ देश के आधारभूत ढांचे को विकसित करने का कार्य कर रहे है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में सहकारिता विभाग द्वारा 166 स्वयं सहायता समूहों को 213.50 लाख रूपये के चौक वितरित किये गये।
इस दौरान केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भी अपने-अपने विचार रखे।