बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए जा रहेः डीएम दून

भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत आज जिला कार्यालय स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ0 आशीष चौहान की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों, प्रतिनिधियों तथा सचिवों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। इस पूरी प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी राजनीतिक दलों, बीएलओ एवं बीएलए का समन्वित सहयोग आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए उत्तराखण्ड सहित देश के विभिन्न राज्यों एवं केन्द्रशासित प्रदेशों में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा उन्हें प्राप्त कर डिजिटाइजेशन की कार्यवाही भी की जा रही है।

जनपद के 13,76,813 मतदाताओं में से 13,55,948 (98.48 प्रतिशत) मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। इनमें से 10,98,179 (79.76 प्रतिशत) प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूर्ण कर लिया गया है, जबकि 1,42,485 (10.35 प्रतिशत) प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन शेष है। जनपद में वर्तमान में केवल 1,36,149 (9.89 प्रतिशत) मतदाता ऐसे हैं, जिनसे गणना प्रपत्र प्राप्त होना शेष है।

उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपेक्षा की कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट के माध्यम से मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त कराने एवं समयबद्ध रूप से जमा कराने में सक्रिय सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।

बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि जिन मतदाताओं तक किसी कारणवश गणना प्रपत्र नहीं पहुँच पाया है, उनके संबंध में बीएलओ स्थानीय जांच एवं पड़ताल के आधार पर अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लीकेट जैसी श्रेणियों में पृथक सूची तैयार करेंगे। यह सूची पंचायत भवनों, नगर निकाय कार्यालयों एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा जिला निर्वाचन कार्यालय की वेबसाइट पर सार्वजनिक की जाएगी तथा राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध कराई जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में सभी राजनीतिक दलों की सहभागिता लोकतंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाती है। उन्होंने सभी दलों से अपील की कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में जिला प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग का पूर्ण सहयोग करें, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो तथा निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनी रहे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली, बीजेपी से अरविन्द कुमार जैन, कांग्रेस से डॉ जसविन्दर, सुनील जायसवाल व सतेन्द्र, बीएसपी से सतेन्द्र सिंह व सतेन्द्र चोपड़ा, सीपीआई (एम) से अन्नत आकाश, आप से कमल राना उपस्थित रहे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी पुरुषोत्तम के नेतृत्व में निर्वाचन प्रक्रिया का अध्यन करेगा प्रतिनिधिमंडल

भारत निर्वाचन आयोग की पहल पर विभिन्न राज्यों द्वारा लोकतांत्रिक देशों के निर्वाचन प्रक्रिया के शोध-अध्यन हेतु मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड डॉ. बी.बी.आर.सी. पुरुषोत्तम के नेतृत्व में 5 सदस्यी प्रतिनिधिमंडल यूरोप के सर्बिया गणराज्य पहुंचा।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने सर्बिया के नोवी साद प्रांत की विधानसभा का भ्रमण किया, जहां लोकतांत्रिक संस्थाओं के संचालन एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की गई।

बैठक एवं भ्रमण कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे तथा सर्बिया में भारत के एम्बेसडर श्री अभिषेक शुक्ला सहित जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नोवी साद प्रांत विधानसभा की चेयरमैन दीना वुचिनिच ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए भारत और सर्बिया के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों एवं निर्वाचन प्रक्रियाओं के क्षेत्र में सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि इस अध्ययन भ्रमण से दोनों देशों के निर्वाचन प्रबंधन, मतदाता जागरूकता एवं लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझने का अवसर मिला है, जिससे भविष्य में आपसी सहयोग को और मजबूती मिलेगी।

भारत और सर्बिया के मध्य निर्वाचन प्रक्रियाओं एवं लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के श्रेष्ठ अनुभवों के आदान-प्रदान के उद्देश्य से भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने सर्बिया की प्रांतीय निर्वाचन आयोग के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सर्बिया की निर्वाचन प्रणाली, प्रशासनिक कार्यप्रणाली तथा चुनाव प्रबंधन की विभिन्न व्यवस्थाओं का अध्ययन किया।

प्रतिनिधिमंडल में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल, ईआरओ काशीपुर गौरव पांडे एवं बीएलओ मोहम्मद कलीम शामिल हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ली स्टेट आइकॉन के साथ बैठक

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सचिवालय स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में आयोजित राज्य के स्टेट आइकॉन के साथ बैठक की।

इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी स्टेट आइकॉन से मतदाता जन-जागरूक कार्यक्रम को और भी व्यापक रूप मतदाताओं तक पहुंचाने के अपील की।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आगामी 19 अप्रैल को प्रदेश में मतदान होना है, ऐसे में अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान स्थल तक लाने के लिए उन्हें प्रोत्साहित करना होगा। बैठक में पद्मश्री डॉ. प्रीतम भरतवाण, डॉ. कल्याण सिंह रावत, बसंती बिष्ट एवं डॉ. माधुरी बर्थवाल ने अपने अनुभवों को साझा किया।

इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रताप शाह, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तु दास, मुक्ता मिश्रा एवं स्टेट नोडल ऑफिसर (स्वीप) मोहम्मद असलम उपस्थित रहे।

मतदाता जागरूकता के लिए सोशल मीडिया का हो व्यापक उपयोग करेंः मुख्य निर्वाचन अधिकारी

देहरादून। आगामी लोकसभा चुनावों में मतदान हेतु प्रचार-प्रसार एवं सोशल मीडिया तंत्र को मजबूत किए जाने के संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी पुरुषोत्तम ने सभी जनपदों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक ली।

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि आगामी चुनाव में सोशल मीडिया का विशेष महत्व है सोशल मीडिया प्रचार-प्रसार का व्यापक साधन है जिसे मतदाता जागरूकता एवं स्वीप गतिविधियों के लिए उपयोग किया जा सकता है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव के दृष्टिगत सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने समस्त जनपद के एसएसपी, एसपी को निर्देश दिए हैं कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग का कार्य पुलिस विभाग भी तत्परता से करें।

समीक्षा बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नमामि बंसल ने सोशल मीडिया तंत्र को मजबूत किए जाने के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जनपद स्तर पर सोशल मीडिया के व्यापक प्रचार प्रसार हेतु सोशल मीडिया कैलेंडर के अनुसार स्वीप गतिविधियों को आगे बढ़ाने के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन जागरूकता के लिए विभिन्न प्लेटफार्म पर नए आइडिया और बेस्ट प्रैक्टिसेज को इस्तेमाल करते हुए मतदाता जागरूकता अभियान चलाये जायें।

बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रताप शाह सहित समस्त जनपदों के जिला निर्वाचन अधिकारी, पुलिस कप्तान, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, स्वीप नोडल अधिकारी एवं मीडिया, सोशल मीडिया के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

लोकसभा चुनावों के लिए राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर को हुआ प्रशिक्षण

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. वी षणमुगम की उपस्थिति में आगामी लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2024 के दृष्टिगत राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन कार्यक्रम सचिवालय में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा वित्तीय व्यय निगरानी, ईवीएम-वीवीपीएटी, ईआरओ नेट, आईटी एप्लीकेशन, पोस्टल बैलेट, ईटीपीबीएस, एमसीएमसी पेड न्यूज, चुनाव सामग्री तथा ई रोल पर विस्तार से प्रशिक्षण, प्रश्नोत्तरी एव विचार विमर्श किया गया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. वी षणमुगम ने कहा कि राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर को अपने प्रशिक्षण व अनुभवों का लाभ धरातल पर निर्वाचन से जुडे़ सभी अधिकारियों और कार्मिकों तक भी पहुंचाना होगा। इस दिशा में प्रभावी समन्वय से टीम भावना के साथ कार्य करने की जरूरत है। मतदाताओं में जनजागरूकता बढ़ा कर मतदान प्रतिशत को अधिक से अधिक बढ़ाया जाना चाहिए। स्वीप के माध्यम से वोटर जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने की उन्होंने जरूरत बतायी। युवाओं को विशेषरूप से इस अभियान से जोड़े जाने पर भी उन्होंने बल दिया।

प्रशिक्षण शिविर में प्रताप शाह, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी, मनमोहन मैनाली, तंजीम अली, वित्त नियंत्रक निर्वाचन, असलम, मो. मुस्तफा खान, जिला पंचायत राज अधिकारी टिहरी गढ़वाल, मनीष जुगरान, तकनीकी निदेशक राज्य सूचना एकक, सचिवालय, रवि बिजारनिया, उप निदेशक सूचना एवं मस्तू दास, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड ने प्रतिभाग किया।

कांग्रेस डेलीगेशन ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर मतपत्रों में गड़बड़ी की जताई आशंका


चुनाव के नतीजों से पहले कांग्रेस को ईवीएम के साथ साथ अब डाक मतों की गणना में भी गड़बड़ी का डर सता रहा है। इसी मुद्दे पर आज कांग्रेस के डेलिगेशन ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात की औऱ ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस का आरोप है कि डाक मतपत्रों में गड़बड़ी हुई है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाते हुए कहा है कि वर्तमान विधानसभा चुनाव में निर्वाचन आयोग द्वारा दिव्यांग, 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग एवं अशक्तजनों की सुविधा हेतु मतपत्रों की छपाई कर ऐसे मतदाताओं के घर पर जाकर मतदान की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। साथ ही जो शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी चुनाव ड्यूटी पर तैनात किये गये थे उन्हें भी डाक मतपत्रों के माध्यम से मतदान करने की सुविधा दी गई है। परन्तु पौडी गढ़वाल सहित कई अन्य जनपदों से यह सूचना आई है कि दिव्यांग, 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग एवं अशक्तजनों हेतु छपवाये गये मतपत्र उन मतदाताओं तक न पहुंचकर इन मत पत्रों का दुरूपयोग भाजपा के पक्ष में किया गया है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी पौडी गढ़वाल से उनके द्वारा स्वयं कई बार वार्ता करने के उपरान्त भी कोई समाधान प्राप्त नहीं हो पाया।

गणेश गोदियाल ने यह भी आरोप लगाते हुए कहा कि मतदान ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के डाक मतपत्रों के सम्बन्ध में भी यही शिकायत प्राप्त हुई है कि कई ऐसे कर्मचारियों, जिन्होंने डाक मतपत्र हेतु आवेदन किया है उन्हें डाक मतपत्र आवंटित नहीं किये गये हैं।

कांग्रेस प्रतिनिधिमण्डल ने निर्वाचन आयोग से इन मतपत्रों का दुरूपयोग रोकने हेतु जिलाधिकारी पौडी गढ़वाल के साथ-साथ अन्य सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की।

एक अन्य ज्ञापन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने निर्वाचन आयोग से शिकायत की कि हरिद्वार जनपद में होने वाले आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर शासन स्तर से परिसीमन एवं आरक्षण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी किये गये हैं, जबकि प्रदेश में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया अभी समाप्त नहीं हुई है तथा राज्य में विधानसभा चुनावों हेतु जारी आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू है।