नवंबर में इस्वेस्टर्स समिट के शुभारंभ को सीएम ने किया पीएम से अनुरोध

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन की तैयारियों के सबंध में सचिवालय में बैठक लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये कि इन्वेस्टर्स समिट की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण की जाएं। उत्तराखण्ड में नवम्बर/दिसम्बर 2023 में होने वाले इस इन्वेस्टर्स समिट के शुभारंभ के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अनुरोध किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में कार्य करने की अनेक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में निवेश की संभावनाओं को बढ़ाने का यह हमारे पास अच्छा अवसर है। राज्य में उद्योगों की स्थापना के लिए अच्छे वातावरण के साथ ही बेहतर मानव संसाधन भी है। राज्य में अधिक से अधिक निवेशक आयें, इसके लिए मजबूत नई औद्योगिक नीति बनाई गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में हवाई, रेल एवं सड़क कनेक्टिविटी का जिस तेजी से विस्तार हो रहा है, यह औद्योगिक जगत के लोगों को देवभूमि उत्तराखण्ड आने के लिए आकर्षित कर रहा है।

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के तहत 02 रोड शो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एवं 06 रोड शो राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तावित हैं। इसके अलावा मसूरी एवं रामनगर में मिनी कॉन्क्लेव का आयोजन भी प्रस्तावित है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के तहत राज्य में पर्यटन, उद्योग, आईटी, स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में राज्य में निवेश के लिए रोड शो एवं अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा।

बैठक में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, विनय शंकर पाण्डे, एमडी सिडकुल रोहित मीणा एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने ली मानसखंड मंदिर माला मिशन के संबंध में बैठक

मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के तहत प्रथम चरण में चिन्हित 16 मन्दिरों की भव्यता के लिए किये जा रहे कार्यों में तेजी लाई जाए। इन मंदिरों के मार्गों में आवागमन की बेहतर सुविधा के साथ ही अन्य जो भी विकास किया जाना है, उसको सुनियोजित तरीके से समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। ये निर्देश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के सबंध में बैठक के दौरान अधिकारियों को दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन मंदिरों के आस-पास श्रद्धालुओं के लिए ठहरने के लिए होटल, होम स्टे आदि की भी बेहतर व्यवस्थाएं करनी होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के तहत जो भी कार्य किये जा रहे हैं, 20 से 25 सालों में इन धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को ध्यान में रखते हुए किये जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के तहत जो मंदिर विकसित किये जा रहे है, श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए आवागमन की और बेहतर सुविधाएं मिले इस दिशा में निरन्तर कार्य किये जायेंगे। इसके लिए रोड़ कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जायेगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि मानसखण्ड कोरिडोर के लिए सड़कों के चौड़ीकरण, सुधारीकरण एवं डामरीकरण के जो कार्य चल रहे हैं उनमें तेजी लाई जाय।
मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के तहत पहले चरण में 16 मंदिरों की भव्यता के लिए कार्य किया जा रहा है। जिसमें जनपद अल्मोड़ा में जागेश्वर महादेव मंदिर, चितई गोलू मंदिर, सूर्यदेव मंदिर कटारमल, कसार देवी मंदिर, नन्दा देवी मंदिर, जनपद पिथौरागढ़ में पाताल भुवनेश्वर मंदिर, हाट कालिका मंदिर, जनपद बागेश्वर में बागनाथ मंदिर, बैजनाथ मंदिर, जनपद चम्पावत में पाताल रूद्रेश्वर, मां पूर्णागिरी मंदिर, मां बाराही देवी मंदिर, बालेश्वर मंदिर, नैनीताल जनपद में नैनादेवी मंदिर, कैंचीधाम मंदिर एवं जनपद उधमसिंहनगर में चौतीधाम मंदिर शामिल हैं।
बैठक में मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, विनय शंकर पाण्डेय, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

देवभूमि से पीएम नरेंद्र मोदी जी का रहा विशेष लगाव, नौ वर्ष पूर्ण होने पर बोले सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार की 09 साल की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यह 09 साल का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग के लोगों के लिए उनके नेतृत्व में योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पटल पर अलग पहचान बनी है। विदेश यात्राओं में जिस तरह उनका सम्मान होता है, यह हर एक भारतीय का सम्मान है। आज पूरी दुनिया भारत को नई आशाओं के रूप में देख रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का देवभूमि उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है। उनके मार्गदर्शन में पिछले 09 सालों में उत्तराखण्ड में हर क्षेत्र में तेजी से कार्य हुए हैं। भारत माला परियोजना, ऑल वेदर रोड, रेल कनेक्टिविटी, शिक्षा, चिकित्सा, इन्फ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी के क्षेत्र में राज्य में तेजी से कार्य हुए हैं। केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्य पर तेजी से कार्य चल रहा है। बद्रीनाथ में मास्टर प्लान के तहत कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने अपना हर क्षण देश सेवा के लिए समर्पित किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार का पूरा ध्यान विकास के नवरत्नों पर है। इसमें पहला रत्न- केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम में 1300 करोड़ रुपए से पुनर्निर्माण का कार्य, दूसरा रत्न- ढाई हजार करोड़ रुपए की लागत से गौरीकुण्ड-केदारनाथ और गोविंदघाट-हेमकुण्ट साहिब रोपवे का कार्य, तीसरा रत्न- कुमायूं के पौराणिक मंदिरों को भव्य बनाने के लिये मानसखण्ड मंदिर माला मिशन का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत पहले चरण में 16 मन्दिरों को शामिल किया गया है। चौथा रत्न- पूरे राज्य में होम स्टे को तेजी से बढ़ावा दिया जाना। पांचवा रत्न- राज्य में 16 ईको टूरिज्म डेस्टिनेशन का विकास, छठा रत्न- उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार, उधमसिंह नगर में एम्स का सेटलाइट सेंटर भी बनाया जा रहा है। सातवां रत्न- करीब 2 हजार करोड़ रुपए की लागत वाली टिहरी लेक डेवलपमेंट परियोजना के कार्य किये जा रहे हैं। आठवां रत्न- ऋषिकेश-हरिद्वार का एडवेंचर टूरिज्म और योग की राजधानी के रूप में विकास किया जा रहा है और नौवा रत्न- टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन इस पर भी जल्द काम शुरू हो जाएगा।

केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार की पिछले 09 सालों की उपलब्धियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने गरीबों की सेवा, वंचितों का सम्मान, नारी सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी इन्फ्रास्ट्रक्चर, तकनीकि के विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं अन्य अनेक क्षेत्रों में सराहनीय कार्य किये।

पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज, 11.88 करोड़ लोगों को नल से जल, स्वच्छ भारत अभियान के तहत 11.72 करोड़ शौचालयों का निर्माण किया गया और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया गया। देश में 48.27 करोड़ जन-धन खाते खोले गये, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 03 करोड़ से अधिक आवास दिये गये। देश में 37 करोड़ आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट बने हैं। पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से 11 करोड़ से अधिक किसानों को 6000 रूपये सालाना दिये जा रहे हैं। सभी को सस्ती एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कोविड काल में भारत ने दो स्वदेशी वैक्सीन बनाई, इससे भारतवासियों के अलावा अन्य देशों की मदद भी की गई। सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी का देश में तेजी से विस्तार हुआ। स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने में हर क्षेत्र में तेजी से कार्य हुए।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल, विधायक विनोद चमोली, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, भाजपा के महामंत्री संगठन अजेय कुमार, अश्विनी त्यागी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

राजकीय कर्मचारियों एवं पेंशनर्स के मंहगाई भत्ते में बढोतरी की मुख्यमंत्री ने प्रदान की स्वीकृति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार के राजकीय कर्मचारियों और पेंशनर्स का महंगाई भत्ता (डीए) 4 प्रतिशत बढ़ाये जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। बढ़े हुए डीए से लगभग तीन लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई भत्ते का लाभ मिलेगा।

शासनादेश जारी होने के बाद उत्तराखंड में अब महंगाई भत्ता 38 प्रतिशत से बढ़कर 42 प्रतिशत हो जायेगा। कैबिनेट ने कार्मिकों के डीए बढ़ाने पर निर्णय लेने के लिये मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया गया था। मुख्यमंत्री द्वारा राज्य कर्मचारियों एवं पेशनर्स के हित में मंहगाई भत्ता बढ़ाये जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

केंद्रीय वन मंत्री के साथ सीएम ने किया राजाजी नेशनल पार्क का भ्रमण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव एवं प्रदेश के वन मंत्री सुबोध उनियाल ने शनिवार को मोतीचूर रेंज में राजाजी नेशनल पार्क का भ्रमण किया। इस अवसर पर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के वन क्षेत्र से लाई गई एक बाघिन को राजाजी टाइगर रिजर्व के मोतीचूर वन क्षेत्र में बाड़े से छोड़ा गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राजाजी नेशनल पार्क का यह क्षेत्र पर्यटन हब बने, लोग यहां के प्राकृतिक सौंदर्य को देखने आएं, इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। आज राजाजी नेशनल पार्क के मोतीचूर रेंज में एक बाघिन को छोड़ा गया है। इकोलॉजी और इकोनॉमी में संतुलन बनाए रखने एवं पर्यावरण के संरक्षण और संवर्द्धन की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. के सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक अनूप मलिक, मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक समीर सिन्हा उपस्थित थे।

राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए कर रही लगातार कार्यः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में उत्तरांचल प्रेस क्लब की अर्द्धवार्षिक स्मारिका/डायरेक्टरी का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने मध्य प्रदेश की तर्ज पर राज्य में पत्रकारों के लिए बीमा योजना शुरू करने का आश्वासन देते हुए कहा कि इस संबंध में वहां की नियमावली का अध्ययन कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी को प्रेस क्लब भवन निर्माण संबंधी सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने और राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान सक्रिय रहे पत्रकारों का चिह्नीकरण करते हुए उन्हें स्थायी मान्यता प्रदान करने संबंधी पूर्व घोषणा के क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए।
प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा और महामंत्री विकास गुसाईं ने पत्रकारों के कल्याण के लिए सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
क्लब कार्यकारिणी ने हाल ही आंदोलनकारी नेत्री सुशीला बलूनी के देहावसान पर सरकार की ओर दिए गए राजकीय सम्मान की पहल, गांवों में मुख्यमंत्री के रात्रि विश्राम और घोषणाओं पर अमल के लिए शीघ्र शासनादेश जारी करने जैसी पहल को लेकर भी मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कदमों से आमजन के बीच सकारात्मक संदेश जा रहा है।
महामंत्री विकास गुसाईं ने पत्रकारों को अटल आयुष्मान योजना में पत्रकारों को भी कर्मचारियों की भांति गोल्डन कार्ड की सुविधा मुहैया कराने का आग्रह किया।
क्लब के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र अंथवाल ने मुख्यमंत्री का ध्यान मध्य प्रदेश सरकार की ओर से पत्रकारों के लिए चलाई जा रही 20 लाख रूपये की बीमा योजना की ओर दिलाते हुए आग्रह किया कि उत्तराखंड में भी सरकार को पत्रकारों के लिए अंशदान आधारित इसी तरह की बीमा योजना आरंभ करनी चाहिए। क्लब अध्यक्ष राणा और पूर्व अध्यक्ष अंथवाल ने क्लब भवन निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण जल्द कराए जाने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान सक्रिय रहे पत्रकारों को स्थाई मान्यता संबंधी पूर्व घोषणा की ओर भी उनका ध्यान आकृष्ट किया।
इस मौके पर क्लब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रश्मि खत्री, कनिष्ठ उपाध्यक्ष दरबान सिंह, संयुक्त मंत्री राजीव थपलियाल व मीना नेेगी, कोषाध्यक्ष मनीष चंद्र भट्ट, कार्यकारिणी सदस्य दयाशंकर पांडे, फहीम तन्हा, मंगेश कुमार, राम अनुज, बीपी कुकरेती, सुबोध भट्ट आदि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 528 गरीबों को प्रदान किये आवास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिडकुल रोशनाबाद हरिद्वार में लगभग 120 करोड़ की 16 विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इसमें 52.22 करोड़ की 9 विकास योजनाओं का लोकार्पण तथा 68 करोड़ से अधिक की 7 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 528 गरीब परिवारों को आवास भी प्रदान किये।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में सिडकुल में सर्विस लेन का नाले सहित निर्माण, रो नदी पर पुल का निर्माण, सिडकुल बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में पेयजल की समस्या के समाधान हेतु पानी की टंकी का निर्माण, सिडकुल क्षेत्र में जलभराव समस्या के समाधान हेतु नाले का निर्माण कर बड़े नाले से जोड़े जाने, बहादरा औद्योगिक सिडकुल क्षेत्र की आंतरिक सड़कों का लोक निर्माण विभाग के माध्यम से निर्माण कार्य कराये जाने के साथ बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में फायर स्टेशन की स्थापना किये जाने की घोषणा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना अन्तर्गत नव-निर्मित भवनों का निरीक्षण किया तथा एनिमल एम्बुलेंस को हरी झण्डी दिखाकर रवाना भी किया।

समारोह को सम्बोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास में ये योजनायें मील का पत्थर साबित होंगी। इससे राज्य के समग्र विकास के संकल्प को साकार करने में भी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने स्वयं के घर का मालिक बने लोगों को भी बधाई देते हुए कहा कि आम आदमी के घर का सपना पूरा होने से उनके जीवन में स्थिरता आती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों को अपना पक्का घर देने का हमारा ये अभियान सिर्फ एक सरकारी योजना मात्र नहीं है, ये प्रदेश के एक-एक वंचित को इस बात का विश्वास देने की प्रतिबद्धता है कि सरकार उनके सशक्तिकरण के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि पहले घर, दुकान, गाड़ी, खेत सभी पुरुषों के नाम पर हुआ करते थे, परन्तु हमने यह नियम बदल कर महिलाओं को भी घर की मालकिन बनाने का कार्य किया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने इस योजना के तहत लाखों रूपये के पी.एम आवास से देश की करोड़ों दीदियों को लखपति बनने का भी कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार विकास कार्यों और लाभार्थियों की सहायता करते समय न किसी गरीब की जाति देखती है और न ही किसी गरीब का धर्म। गरीबों को समर्पित हमारी सरकार गरीब की आवश्यकताओं को भली भांति समझती है तथा हर गरीब को अपनी पक्की छत देने के लिए दिन-रात काम कर रही है,उसी का परिणाम है जो आज इतनी बड़ी संख्या में ये घर रिकॉर्ड समय में बन सके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में पिछले 9 वर्षों में करीब 4 करोड़ से अधिक पक्के घर गरीब परिवारों को मिल चुके हैं, इनमें से करीब 70 प्रतिशत घर महिलाओं के नाम पर हैं। 2014 से पहले जो सरकार थी, उसने देश में शहरी आवास योजनाओं के तहत सिर्फ 13 लाख मकान ही मंजूर किए थे और इसमें से भी केवल 8 लाख मकान ही बनाए थे। इससे यह भी साबित होता है कि जब कोई सरकार “अंत्योदय“ को अपना ध्येय मानकर कार्य करती है तो परिणाम कितने अलग होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा और सुशासन के आधार पर देश में विकास की एक नई परिभाषा लिखने का कार्य किया है। देश में जिस स्तर पर शोषितों और वंचितों का आज सशक्तिकरण हो रहा है वैसा आज से पहले कभी नहीं हुआ। प्रधानमंत्री की प्रेरणा तथा उनके ही मार्गदर्शन में, उत्तराखंड में भी विकास के एक नए युग का सूत्रपात हुआ है। आज प्रदेश के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अनेकों कार्य किये जा रहे हैं। प्रदेश में हर स्तर पर कनेक्टिविटी को सुधारा जा रहा है, उद्योगों के विकास पर बल दिया जा रहा है और भविष्य की आवश्यकताओं को केंद्र में रख कर नीतियां बनाई जा रही हैं। हमारे शहर अब तेजी से आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बन रहे हैं और इसी के दृष्टिगत हम निरंतर अपने शहरों को भविष्य के लिए तैयार कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री पहले ही 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बता चुके हैं। हमें अब अपनी पूरी क्षमता के साथ उनके इस कथन को सार्थक कर के दिखलाना है। हमें “चरैवेति चरैवेति“ के मूल मंत्र को अपना कर, विकास को गति देते हुए सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड के ’’विकल्प रहित संकल्प’’ को सिद्ध करना है। उन्होंने कहा कि भारत के इस अमृत काल में राज्य के समग्र विकास के संकल्प के लक्ष्य की प्राप्ति में सभी को एक साथ मिलकर सहयोगी बनना होगा।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद डॉ0 रमेश पोखरियाल ’निशक’ ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत बने इन आवासों का निर्माण रिकार्ड समय में पूर्ण किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी के प्रयास से वर्ष 2025 तक उत्तराखण्ड को मॉडल स्टेट बनाया जायेगा।

कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल, राज्य सभा सांसद कल्पना सैनी, नगर विधायक हरिद्वार मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, मेयर नगर निगम हरिद्वार अनीता शर्मा ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।

जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय ने इस अवसर पर लोकार्पण व शिलान्यास की गयी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर रूड़की विधायक प्रदीप बत्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष हरिद्वार संदीप गोयल, अध्यक्ष रूड़की शोभाराम प्रजापति, पूर्व विधायक ज्वालापुर सुरेश राठौर, भाजपा महामंत्री आशु चौधरी, उपाध्यक्ष तिवारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

लोकार्पण एवं शिलान्यास की गई योजनाओं का विवरण

हरिद्वार में जिन योजनाओं का लोकार्पण किया गया उनमें हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण की प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत इंद्रलोक फेस-02 में 528 नवनिर्मित आवास, जिनकी लागत 4175.00 लाख रुपए, बहादराबाद स्थित पण्डित दीन दयाल उपाध्याय उद्यान का निर्माण/सौंदर्यीकरण का कार्य लागत 104.61 लाख रूपये, बिरला घाट से चण्डी चौक तथा ललतारों चौक की ओर रिक्त पड़ी भूमि पर उद्यानीकरण तथा सौन्दर्यीकरण का कार्य, लागत 9.89 लाख रूपये, शंकराचार्य चौक से ऋषिकेश की ओर जाते हुये बाये किनारे पर उद्यानीकरण/सौन्दर्यीकरण का कार्य, जिसकी लागत 11.48 लाख रूपये, इन्द्रलोक आवासीय योजना फेस-1 एवं आसपास के क्षेत्रों में जल भराव की समस्या के निदान हेतु नाले का निर्माण, जिसकी लागत 145.10 लाख रूपये है।

नगर निगम हरिद्वार क्षेत्रांन्तर्गत सूखे कूड़े के निस्तारण हेतु एमआरएफ सेण्टर की स्थापना लागत 300.00 लाख रूपये, नगर निगम हरिद्वार क्षेत्रान्तर्गत गीले कूडे़ के निस्तारण हेतु बायो कम्पोस्टर की स्थापना, लागत 279.00 लाख रूपये, नगर निगम हरिद्वार क्षेत्रान्तर्गत निर्मित ए0बी0सी0 सेण्टर के संचालन, अवशेष सिविल कार्य एवं उपकरणों की स्थापना, जिसकी लागत 119.33 लाख रूपये तथा स्वच्छ भारत मिशन योजनान्तर्गत नगर निगम हरिद्वार क्षेत्र में 18 नवनिर्मित सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण, जिसकी लागत 78.00 लाख रूपये है, का लोकार्पण किया।

इसी तरह जिन योजनाओं का शिलान्यास किया गया उनमें हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा सिटी काम्पलेक्स हरिद्वार में 02 टेनिस कोर्ट, 02 स्क्वाश कोर्ट, इंडोर शूटिंग रेंज, सिंथेटिक बैडमिंटन कोर्ट और मौजूदा बैडमिंटन कोर्ट की विशेष मरम्मत का कार्य, जिनकी लागत 600.00 लाख रूपये, अवस्थापना विकास निधि के विभिन्न निर्माण/विकास कार्य, जिसकी लागत 2919.70 लाख रूपये, अवस्थापना विकास निधि में जनपद हरिद्वार स्थित विभिन्न पार्कों/स्थलों के निर्माण/ सौन्दर्यीकरण का कार्य, लागत 310.59 लाख रूपये, नगर निगम हरिद्वार क्षेत्रान्तर्गत चारधाम यात्रा हेतु 22 ऑटोमैटिक स्मार्ट वाटर एटीएम, जिनकी लागत 66.00 लाख रूपये, नगर निगम हरिद्वार क्षेत्रान्तर्गत पावन धाम आश्रम के निकट निराश्रितों हेतु रैन बसेरों का निर्माण, लागत 190.99 लाख रूपये, नगर निगम हरिद्वार क्षेत्रान्तर्गत चण्डीघाट एवं सराय स्थित 4.21 मी0टन लीगेसी वेस्ट का भूमि पुनरूद्धार कार्य, जिसकी लागत 2314.00 लाख रूपये, नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत 20 स्मार्ट टॉयलेट, जिनकी लागत 400.00 लाख रूपये है, प्रमुख हैं।

सीएम ने 355 करोड की लागत से काशीपुर में किया योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर में 355.27 करोड़ की 113 विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। जिसमें 287.36 करोड़ की 102 योजनाओं का शिलांयास तथा 67.91 करोड़ की 11 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। यहा योजनायें विधानसभा क्षेत्र काशीपुर, जसपुर, बाजपुर एवं गदरपुर से जुड़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल निगम, जल संस्थान एवं लोक निर्माण विभाग की लगभग 287.36 करोड़ से अधिक की 102 योजनाओं का शिलान्यास तथा जल निगम, जल संस्थान ग्रामीण निर्माण विभाग एवं लोक निर्माण विभाग की लगभग 67.91 करोड़ से अधिक की 11 योजनाओं के पूर्ण होने के उपरांत इन विधानसभा क्षेत्रों में विकास के एक नए युग का सूत्रपात होगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज की गई योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास से निश्चित ही विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा आने वाले समय में लोगों की आवश्यकताओं की पूर्ति होगी। पेयजल की योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जल जीवन मिशन जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओ को बल मिलेगा और आमजन के घरों तक आसानी से पेयजल मिल पायेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार का सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास मंत्र को लक्ष्य मानकर काम करते हुए प्रदेश की जनता को बेहतर सरकार देना हमारा प्रयास है जिससे लोगों की बात सरकार तक पहुंचे और सभी की समस्या का समाधान हो। जीरो टॉलरेंस पर काम करते हुए प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त करना हमारा उद्देश्य है। उत्तराखंड राज्य हित में जिन फैसलों की आवश्यकता होगी वह लिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि 22 वर्ष का युवा उत्तराखंड, अब नए जोश और नई उमंग के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। हम बाबा केदार की धरती से प्रधानमंत्री जी द्वारा कहे गए कथन ’’21वीं सदी का तीसरा दशक, उत्तराखंड का दशक होगा’’ को चरितार्थ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि एक नई कार्य संस्कृति और सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टि के मंत्र को लेकर हमारी सरकार प्रदेश में पूर्ण सुशासन स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश यूनिफॉर्म सिविल कोड का ड्राफ्ट 30 जून तक तैयार हो जाएगा, जोकि पूरे राष्ट्र के लिए मॉडल बनने वाला है। उन्होंने सभी राज्यों से यूनिफॉर्म सिविल कोड को लागू करने का आह्वान कियां। उन्होंने कहा कि कठोर भूकानून बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य लैण्ड जिहाद एवं अवैध अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा।

हमने एक वर्ष के अन्दर तीन गैस सिलेंडर निःशुल्क देने का काम किया। आज एक लाख 81 हजार परिवारों को साल में तीन गैस सिलेंडर मुफ्त देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में 15 लाख के सापेक्ष 11 लाख 30 हजार घरों को पेयजल उपलब्ध करा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के गौरवमय मार्ग को प्रशस्त करने के लिए ’’सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’’ का जो मंत्र दिया है उसने देश की दिशा और दशा को बदलने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री जी द्वारा प्रारंभ की गई गरीब कल्याण योजनाओं ने अंतिम पायदान पर खड़े हुए प्रत्येक व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पहले केवल योजनाएं बनाई जाती थी, परन्तु अब योजनाएं भी बनाई जाती हैं और उनको लागू भी किया जाता है। इसी तरह देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को विश्व स्तरीय बनाने के लिए जहां बड़ी-बड़ी योजनाओं का प्रधानमंत्री जी द्वारा शिलान्यास किया जाता है, वहीं उनका उद्घाटन भी किया जाता है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में देश जहां विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है, वहीं वैश्विक कूटनीति के मंच पर भी विश्व में भारत अग्रणी देशों में गिना जाता है, रूस और यूक्रेन युद्ध के समय हमारे द्वारा उठाए गए कदमों से यह बात परिलक्षित होती है। ’’अंत्योदय के साथ-साथ ’’सांस्कृतिक राष्ट्रवाद’’ का मंत्र आज देश की मूल प्रेरणा बन चुका है।
उन्होंने कहा कि आज केन्द्र और राज्य सरकार के सहयोग से हमारा प्रदेश भी सर्वश्रेष्ठ राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमने उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने का जो ’’विकल्प रहित संकल्प’’ लिया है, उसके लिए हम निरंतर कार्यरत हैं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में भ्रष्टाचार और भर्ती घोटालों पर किए गए प्रहार से लेकर समान नागरिक आचार संहिता, धर्मांतरण कानून, महिला आरक्षण, भू-कानून, देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून बनाने, लैंड जिहाद और गरीबों को तीन निःशुल्के सिलेंडर देने जैसे कठिन मुद्दों पर हमारे द्वारा उठाए गए ’’ऐतिहासिक कदम’’ इस बात का प्रमाण हैं कि आज हमारी सरकार प्रदेश हित में ऐसे मुद्दों पर भी निर्णय लेने का कार्य कर रही है, जिन मुद्दों को वर्षों तक ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था।

उन्होंने कहा कि काशीपुर औद्योगिक नगरी के रूप में विकसित रहा है यहां पर समुचित विकास की जो भी आवश्यकताएं हैं उनकी हम समीक्षा कर रहे हैं। उद्योगपतियों के साथ बीते दिनों हुई बैठक में उनकी समस्याओं पर मंथन भी किया है, संवाद भी किया है और उनसे सुझाव लेकर कुछ त्वरित निर्णय लिए हैं और दीर्घकालिक निर्णय भी शीघ्र लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में प्रदेश में 9 वर्षों में डेढ़ लाख करोड़ से भी ज्यादा की योजनाएं स्वीकृत हुई हैं। उनका यहां से कर्म और मर्म का रिश्ता है। उन्होंने कहा कि नये जिलों के सृजन के लिए एक कमेटी काम कर रही है और कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद जिले बनाये जाएंगे। विधायकों के साथ मिलकर उनके क्षेत्रों के विकास का पहिया तेजी से चलाया जाएगा। काशीपुर के बाईपास और फ़्लाईओवर के जल्द निर्माण की बात भी उन्होंने कही।

कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मेहन्द्र भट्ट, भाजपा अध्यक्ष गुंजन सुखीजा ने भी अपने-अपने विचार रखे।
इस दौरान विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोरा, आदेश सिंह चौहान, अरविन्द पाण्डे, पूर्व विधायक डॉ.शैलेंद्र मोहन सिंघल, जिलाधिकारी युगल किशोर पन्त, एसएसपी मन्जूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी विशाल मिश्रा, अपर जिलाधिकारी जय भारत सिंह, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, राकेश तिवारी,सहित विकास शर्मा, राजेश कुमार, गुरविन्दर सिंह चण्डोक, खिलेन्द चौधरी, राम महरोत्रा, अभिषेक गोयल, मोहन बिष्ट आदि उपस्थित थे।

पर्यटन की दृष्टि से राज्य एक डेस्टिनेशनः धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से पूरा उत्तराखण्ड ही एक डेस्टिनेशन है। राज्य को विभिन्न सर्किटों के माध्यम से जोड़ने का हमारा प्रयास है। पर्यटन के साथ एडवेंचर टूरिज्म एवं अन्य पर्यटन गतिविधियों में भी प्रदेश में अनेक संभावनाएं हैं। पर्यटन की दृष्टि से विभिन्न क्षेत्रों को विकसित करने की दिशा में भी ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन प्रदेश की आर्थिकी का मजबूत आधार होने के नाते पर्यटन क्षेत्र से जुडे उद्यमी हमारे ब्रांड अम्बेसडर है।
राजपुर रोड स्थित होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्यटन क्षेत्र से जुडे उद्यमियों एवं व्यापारियों को हॉस्पिटैलिटी एण्ड टूरिज्म एक्सीलेंस अवार्ड प्रदान करते हुये कहा कि प्रदेश में पर्यटन को बढावा देने के लिये पर्यटन नीति बनायी गई है। पर्यटन के क्षेत्र में निवेश को बढावा देने के लिये कई योजनाओं में शत प्रतिशत सब्सिडी दिये जाने की व्यवस्था की गयी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है। दूरस्थ क्षेत्रों को हैली सेवा से जोड़ने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है तथा जौलीग्रान्ट एअर पोर्ट के साथ पन्तनगर एयरपोर्ट को अन्तराष्ट्रीय स्तर का बनाने के प्रयास किये जा रहे है। देहरादून से देश के लगभग सभी शहरों को हवाई सेवा से जोडा जा रहा है। पिथौरागढ़ एयरपोर्ट का संचालन शीघ्र ही भारतीय वायु सेना द्वारा किया जायेगा। प्रदेश सरकार ने उत्तराखण्ड में एवियेशन टर्बाे फ़्यूल (एटीएफ) में लगने वाले वेट को 20 से घटाकर 2 प्रतिशत किया गया है। राज्य के नैसग्रिक प्राकृतिक सौंदर्य के कारण पर्यटन, उद्योग एवं व्यापार की यहां अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन हमारी आर्थिकी का आधार है इस दिशा में अवस्थापना सुविधाओं के विकास पर ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का राज्य के प्रति विशेष लगाव होने के कारण प्रदेश में सड़क, रेल, स्वास्थ्य रोप वे आदि की योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, बाबा केदार की भूमि से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बताया है, इस दिशा में राज्य सरकार तेजी से कार्य कर रही है। गत वर्ष चारधाम यात्रा में लगभग 50 लाख तथा कावड़ यात्रा में 04 करोड़ श्रद्धालु एवं शिव भक्त प्रदेश में आये।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 2013 की आपदा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ का भव्य एवं दिव्य पुनर्निर्माण कार्य इस वर्ष तक पूरा करने का लक्ष्य है। बद्रीनाथ धाम में भी मास्टर प्लान का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री ने हेमकुंट साहिब एवं गौरीकुंड से केदारनाथ तक के रोप-वे का शिलान्यास कर दिया है इससे आने वाले समय में यात्रा और सुगम होगी। ऑल वेदर रोड के निर्माण तथा ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाईन निर्माण से पहले के मुकाबले यात्री बेहद कम समय में ऋषिकेश से चार धाम पहुंचेंगे। केदारनाथ में अब तक 03 लाख लोगों ने दर्शन किये हैं यह आंकड़ा इस वर्ष 20 लाख तक जाने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा हर सम्भव प्रयास किये जा रहे हैं। पर्यटन कृषि, उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सेवा क्षेत्रों में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए माह अक्टूबर 2023 में राज्य में इन्वेस्टमेंट समिट कराये जाने का प्रस्ताव है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारखण्ड की भांति मानसखंड मन्दिर माला मिशन योजना पर काम किया जा रहा है। इन्हें बेहतर सड़कों से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही इस योजना के ज़रिए गढ़वाल और कुमाऊं के बीच सड़क कनेक्टिविटी को भी सुधारा जाएगा, ताकि उत्तराखण्ड में गढ़वाल और कुमाऊं के बीच यातायात सुगम हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के पांचवा धाम जागेश्वर धाम से जल्द ही इस योजना का शुभारम्भ किया जायेगा। राज्य सरकार का प्रयास है कि विभिन्न धार्मिक सर्किटों का विकास किया जाए। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आने वाले मुख्य मंदिरों को आपस में जोडकर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून दिल्ली एक्सप्रेस वे से यह दूरी 2.30 घण्टे में पूरी होगी इससे देहरादून मसूरी ऋषिकेश एवं हरिद्वार में पर्यटकों की बढती संख्या के दृष्टिगत इस क्षेत्रों में महायोजना के साथ अवस्थापना सुविधाओं के विकास के साथ वाहनों के लिये पार्किंग की योजनाओं पर ध्यान दिया जा रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में टनल आधारित पार्किंग की सुविधायें विकसित की जा रही है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न पर्यटन व्यवसायियों के साथ मीडिया से बेहतर समन्वय तथा जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार प्रसार में योगदान के लिये महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी तथा वन एवं पर्यावरण के क्षेत्र में योगदान के लिये श्री सुशांत पटनायक को भी सम्मानित किया।
अपने संबोधन में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि पर्यटन प्रदेश का महत्पूर्ण कारक है। पर्यटन को बढावा देकर युवाओं को स्वरोजगार एवं रोजगार से जोडने का प्रयास किया जा रहा है। गांवों में होमस्टे तथा सीमांत टूरिज्म को बढावा दिया जा रहा है। टैक्सी ड्राइवर को पर्यटकों एवं यात्रियों से उनकी स्थानीय भाषा में बात करने के भी प्रयास किया जा रहे है। इससे भी पर्यटन को बढावा मिलेगा। उन्होंने होटल व्यवसायियों से पहाड के गांवों को गोद लेकर पर्यटकों को ग्रामीण पर्यटन से जोडने में मददगार बनने को कहा। उन्होंने कहा कि राज्य में 4600 होमस्टे संचालित है जिससे 16520 लोगों को रोजगार उपलब्ध हो रहा है। पर्यटन के विभिन्न स्वरूपों को बढावा देने के साथ मेडिकल टूरिज्म की दिशा में प्रयास किये जा रहे है। इस अवसर पर सम्मान प्राप्त करने वाले पर्यटन से जुडे उद्यमियों ने भी अपने सुझाव रखे।

सीएम ने प्रदेश में जंगली जानवरों के हमलों की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिये कारगर व्यवस्था बनाये जाने के दिये निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जंगली जानवरों के हमलों की घटनाओं को रोकने के लिये कारगर व्यवस्था बनाये जाने के निर्देश प्रमुख वन संरक्षक को दिये है। उन्होेंने ऐसी घटनायें फिर न घटित हो इसके लिये भी प्रभावी कार्यवाही करने को कहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में हाल ही में पौड़ी व सहसपुर आदि स्थानों पर आदमखोर बाघ/गुलदार द्वारा किये गये हमले में हुई बच्चे व अन्य लोगों की मृत्यु पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिये प्रभावी व्यवस्था बनाये जाने के निर्देश दूरभाष पर मुख्यमंत्री ने प्रमुख वन संरक्षक अनूप मलिक को दिये।
मुख्यमंत्री ने इस संबंध में वन राजस्व व पुलिस विभाग से समन्वय कर ऐसी घटनाओं को रोकने के निर्देश दिये है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जंगली जानवरों द्वारा किये जा रहे हमलों से लोगों की जानमाल की रक्षा करना वन विभाग का दायित्व है। इस संबंध में विभागीय स्तर से कार्यवाही कर लोगों में व्याप्त भय को दूर करने का तत्परता से प्रयास सुनिश्चित किया जाये।