सीएम धामी ने चंपावत जनपद के लिए की जनहित से जुड़ी चार महत्वपूर्ण घोषणाएं

देहरादून/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत के बनबसा में क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास के साथ ही स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में बनबसा और टनकपुर क्षेत्र के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में श्रेणी-1 ‘ख’ के पट्टे एवं तराई-भाभर स्टेट के पट्टे की भूमि के पट्टेदारों के विनियमितीकरण की कार्यवाही यथाशीघ्र की जाएगी। इससे संबंधित पट्टेदारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा कॉरिडोर एवं कैनाल कॉरिडोर के अंतर्गत बनबसा एवं टनकपुर के प्राचीन एवं पौराणिक मंदिरों का सौंदर्यीकरण एवं विस्तारीकरण किया जाएगा। इससे क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षण मिलने के साथ ही धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने ए.पी.जे. अब्दुल कलाम राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, टनकपुर के विस्तारीकरण के लिए 2.01 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराने की भी घोषणा की। इससे संस्थान के विस्तार तथा विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सुविधाओं के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।

मुख्यमंत्री ने बनबसा एवं टनकपुर शहरी निकायों के अंतर्गत प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत सरकारी भूमि पर लंबे समय से कच्चे एवं अस्थायी भवनों में निवास कर रहे नागरिकों के लिए स्थायी एवं पक्के आवास उपलब्ध कराने की घोषणा की। इससे लंबे समय से अस्थायी आवासों में रह रहे परिवारों को सुरक्षित एवं बेहतर आवासीय सुविधा मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। बनबसा और टनकपुर जैसे सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास, शिक्षा के क्षेत्र में विस्तार और आवासीय समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

टनकपुर में सीएम को च्यूड़ा पूजन कर भैया दूज कार्यक्रम में शामिल हुईं महिलाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय जनपद चंपावत भ्रमण के दौरान बनबसा और टनकपुर क्षेत्र में स्थानीय महिलाओं द्वारा आयोजित भैया दूज (च्यूड़ा पूजन) समारोह में प्रतिभाग किया।

कुमाऊं की गौरवशाली परंपरा का प्रदर्शन कर महिलाओं ने पारंपरिक रूप से कुमाऊं का प्रसिद्ध ‘च्यूड़ा पूजन’ नाम से जाना जाता है। इस पवित्र अनुष्ठान के माध्यम से, महिलाओं ने मुख्यमंत्री की लंबी आयु, स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की। यह पूजन भाई-बहन के अटूट बंधन और लोक परंपराओं के प्रति स्थानीय लोगों की गहरी आस्था का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान महिलाओं द्वारा दिए गए अपार स्नेह और सम्मान के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं, और इन पर्वों के माध्यम से हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहने का अवसर मिलता है। मुख्यमंत्री ने इस पावन अवसर पर प्रदेश की सभी माताओं और बहनों को भैया दूज की शुभकामनाएं देते हुए राज्य के विकास और जनता के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

टनकपुर स्थित शारदा घाट में मुख्यमंत्री ने की पूजा अर्चना।
मुख्यमंत्री ने टनकपुर स्थित शारदा घाट पहुंचकर पूजा-अर्चना की एवं प्रदेश में सुख शांति एवं कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा पूर्णागिरि क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को यह आरती अपनी ओर आकर्षित करती है। शारदा घाट में आने से धार्मिक भावनाओं का संचार और प्राकृतिक नजरों के दर्शन भी होते हैं। उन्होंने कहा इस आरती के शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बड़ी हैं, जिससे यहां के लोगों को रोजगार भी मिला है।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ० जी एस खाती, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी/कार्मिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

टनकपुर में नदी में हो रहे भू कटाव का सीएम ने जायजा लेकर दिए निर्देश

दो दिवसीय दौर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी चंपावत गए हुए है। दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन सीएम ने अधिकारियों के साथ कई जगहों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई अहम निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर के बूम स्थित शारदा घाट का औचक निरीक्षण किया एवं नदी से हो रहे भूमि कटाव का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा अधिकारियों को नदी से हो रहे कटाव रोकने हेतु तत्काल कार्रवाई करने की दिशा निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्या सुन मौके पर मुख्य सचिव से फोन में वार्ता कर शारदा नदी के बहाव को दूसरी दिशा में मोड़ने पर होने वाले चैनेलाइजेशन एवं तटबंद दीवारों के निर्माण जैसे कार्यों को शासन स्तर से जल्द मंजूरी दिलाए जाने एवं संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने हेतु निर्देशित किया।
इस दौरान विधायक चंपावत कैलाश गहतोड़ी, जिलाधिकारी विनीत तोमर, एसपी देवेन्द्र पींचा, बीजेपी जिलाध्यक्ष दीप पाठक मौजूद रहे।

सरकार ने पर्यावरण मित्रों का एक दिन का मानदेय किया 500 रूपये

सरकार ने पर्यावरण मित्रों का एक दिन का मानदेय बढ़ाकर 500 रुपए कर दिया है। उन्होंने कहा की नए बजट में सरकार ने गरीब परिवारो हेतु एक साल में तीन सिलेंडर मुफ़्त देने का वादा किया है, जो पूरा किया जाएगा। यह बात आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत दौरे के दौरान कही।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज दो दिवसीय चंपावत दौरे पर पहुंचे। चंपावत के बनबसा स्टेडियम में पहुंचे धामी ने जनसभा को संबोधित करते हुए मां पूर्णागिरी की धरती को नमन किया। उन्होंने भारी संख्या में मौजूद जनता का अभिनंदन किया। उन्होंने बनबसा स्टेडियम को खेल विभाग के अंतर्गत किए जाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की घोषणा की। जिससे इसका विकास हो सके एवं खेलों में जनपद के युवाओं को मौका मिले।

सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शारदा नदी किनारे बसे इस शहर में पूर्णागिरी मैया के दर्शन करने आया हूं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार नए कीर्तिमान रच रहा है। उन्होंने कहा उत्तराखंड की जनता ने भी एक नया इतिहास रचा है। हमारी सरकार जनता की भावनाओं को समझते हुए कल्याणकारी कदम उठाएगी। सरकार जन जन तक पहुंचकर उनके विकास को लेकर संकल्पित है।

उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। इसी मार्गदर्शन में उत्तराखंड का भी विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टनकपुर से सितारगंज तक पूरी चार लेन सड़क का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। पर्वतमाला योजना के तहत राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों को रोपवे सुविधा से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार विकल्प रहित संकल्प के ध्येय वाक्य पर काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि जो घोषणा पूर्व में की गई हैं उनके शासनादेश भी जारी हो। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उनके नेतृत्व में यह दशक उत्तराखंड का दशक होगा। अपनी रजत जयंती के अवसर पर उत्तराखंड देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य होगा। हमारा राज्य हर क्षेत्र में आगे इसके लिए सरकार निरंतर विकास कार्य करेगी।

इस दौरान विधायक चंपावत कैलाश गहतोड़ी, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, आईजी अजय रौतेला, डीआईजी नीलेश आनंद भरणे, जिलाधिकारी विनीत तोमर, एसपी देवेन्द्र पींचा, बीजेपी जिलाध्यक्ष दीप पाठक आदि मौजूद रहे।