ब्राजील के नागरिक ने गर्लफ्रेंड के चक्कर में की जीवनलीला समाप्त

ब्राजील के 49 वर्षीय नागरिक ने गर्लफ्रेंड के रूठने पर सुसाइड कर लिया। उन्होंने कमरे की खिड़की की ग्रिल से लटककर अपनी जान दे दी। मुनिकीरेती पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही मृतक के परिजनों को सूचित करने के लिए ब्राजील दूतावास को भी सूचना भेज दी है।

जानकारी के मुताबिक शीशम झाड़ी स्थित दयानंद आश्रम में ब्राजील के 49 वर्षीय लिएंड्रो केपी बारबे पेट्रा अपनी गर्लफ्रेंड ब्रिटेन निवासी 34 वर्षीय के साथ बीते 17 मार्च से एक ही कमरे पर रह रहे थे। मगर 3 दिन पूर्व से विदेशी नागरिक की गर्लफ्रेंड अलग कमरे में रह रही थी इस कारण लिएंड्रो केपी बारबे पेट्रा डिप्रेशन में चल रहे थे। बृहस्पतिवार को उन्होंने आश्रम के कमरे की खिड़की की ग्रिल से लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना पाकर एसएसआई रमेश सैनी और कैलाश गेट चौकी इंचार्ज विकेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

एसएसआई रमेश सैनी ने बताया कि मृतक ने टैब में अपनी गर्लफ्रेंड के लिए एक भावुक संदेश लिखा है इसमें वह गर्लफ्रेंड की ओर से दूरी बनाने पर स्वयं के आत्महत्या करने का कारण बता रहा है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को किया जाएगा वही मृतक के परिजनों को सूचित करने के लिए ब्राजील दूतावास को सूचित कर दिया है।

फेसबुक पर होटल और प्रशासन की छवि को किया भूमिल, मुनिकीरेती पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मुनिकीरेती पुलिस ने सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो अपलोड कर होटल और प्रशासन की छवि को भूमिल करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।

बीते रोज तपोवन स्थित रीजेंटा होटल के प्रबंधक गौरव जोशी ने मुनिकीरेती थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि मुम्बई से हवाई यात्रा के उपरांत आए अखिलेश सिंह, दीपक रावत, रंजन सिंह, मदन सिंह रावत चारों निवासी ग्राम बूढ़ा केदार थाना घनसाली ने फेसबुक पर एक भ्रामक वीडियो अपलोड की है। इसमें वह होटल रीजेंटा तथा प्रशासन की ख्याति को हानि पहुंचा रहे है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर लॉकडाउन के अंतर्गत नियमों का उल्लंघन करने और आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

थानाध्यक्ष राम किशोर सकलानी ने बताया कि शासन की ओर से हवाई यात्रा पर आए लोगो के लिए निजी व्यय पर होटल में आवश्यक रूप से क्वारंटीन रहने के लिए एसडीएम डोईवाला की ओर से होटल रेजेन्टा को न्यूनतम दर 900 रुपये प्रति कमरा, ़450 रुपये भोजन प्रतिदिन पर हवाई यात्रा से आने वालों के लिए बुक कराया गया था। एयरपोर्ट पर सभी यात्रियों को इस दिशानिर्देश से भली भांति अवगत कराया जाता है। उन्होंने बताया कि इसके बावजूद उक्त युवकों ने वीडियो बनाकर भ्रामक दुष्प्रचार किया।

दुकानदार से भिड़ा ग्राहक, पान मसाला तय रेट से ज्यादा बेचने का मामला

कोतवाली क्षेत्रांतर्गत एक दुकानदार ने पान मसाला की ओवररेटिंग की तो ग्राहक का पारा चढ़ गया। उसने दुकानदार के साथ मारपीट कर दी। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी चलने लगी। इससे दोनों चोटिल हो गए। वहीं, इस दृश्य को देखने के लिए चंद्रेश्वर नगर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके से ही किसी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर चीता पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़ा कर रहे दुकानदार और ग्राहक को कोतवाली ले आए। वहीं, मौजूद भीड़ को हटवाया।

लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर मुनिकीरेती पुलिस ने किया यूपी विधायक पर मुकदमा

मुनिकीरेती पुलिस ने यूपी में महराजगंज की नौतनवा सीट से विधायक और उनके 11 साथियों पर लॉकडाउन का उल्लंघन करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।

थानाध्यक्ष राम किशोर सकलानी ने बताया कि बीते तीन मई की रात को ब्यासी पुलिस बैरियर पर चेकिंग के दौरान यूपी की नौतनवा विस से विधायक अमनमणि त्रिपाठी तीन कारों में अपने 11 साथियों के साथ पहुंचे। पुलिस के रोके जाने पर उन्होंने अपर जिलाधिकारी देहरादून की अनुमति दिखाई। इस अनुमति में विधायक के अलावा सिर्फ आठ लोगों की ही अनुमति थी, जबकि तीनों गाड़ियों में 4-4 कुल 12 लोग सवार थे। अनुमति में एक कार में तीन लोगों को सवारी अनुमन्य की गई थी। इसके अलावा इन लोगों ने मास्क भी नहीं पहने थे। इस पर थानाध्यक्ष ने गलत तथ्यों पर अनुमति प्राप्त करना पाते हुए आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

थानाध्यक्ष ने आरोपियों की पहचान विधायक अमनमणि त्रिपाठी, विनय सिकरवाल, मनीष, संजय, रितेश यादव, अजय यादव, ओमप्रकाश यादव, मायाशंकर सभी निवासी गोरखपुर, उमेश चौबे निवासी महाराज गंज, जय प्रकाश तिवारी निवासी पटेल नगर देहरादून, सुधाकर मिश्र निवासी चंद्रेश्वर नगर ऋषिकेश, श्रीप्रकाश निवासी बलिया के रूप में कराई है।

लॉकडाउन के दौरान जेल पहुंचे कैदियों को रखेंगे 14 दिन के लिए क्वारंटीन

लॉकडाउन के दौरान जेल पहुंचे कैदियों को 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया जाएगा। सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखते हुए नए 20 कैदियों को क्वारंटीन बैरक में रखा गया है।

सुद्धोवाला जेल में भी क्वारंटीन और सोशल डिस्टेंसिंग जैसे नियमों का सख्ती से पालन किया जा रहा है। फिलवक्त सिर्फ गैर जमानती और संगीन मामलों के आरोपियों को ही जेल भेजा जा रहा है। बाकी मामलों में थानों से ही जमानत दी जा रही है। जेल पहुंचने वाले नए बंदियों के लिए अलग से क्वारंटीन बैरक बनाई गई है।

जहां पर नियमित रूप से मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है, ताकि उनमें कोरोना जैसे लक्षण मिले तो उन्हें हॉस्पिटल भेजा जा सके। सूत्रों के मुताबिक लॉकडाउन के दौरान जेल में करीब 35 बंदी आए थे, इनमें से अभी 20 बंदी क्वारंटीन हैं। बाकी को क्वारंटीन पूरी होने के बाद दूसरी बैरक में भेजा गया है। लॉकडाउन के चलते बंदियों की मुलाकात पर रोक है। ऐसे में जेल प्रशासन नियमानुसार फोन से परिजनों और वकील से बात करने की सुविधा उपलब्ध करा रहा है।

मामा पर लगा भांजी को जान से मारने की धमकी देने का आरोप, मुकदमा दर्ज

मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में भांजी ने अपने मामा पर जमीन हड़पने के लिए मारपीट, गाली गलौच और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस बावत उन्होंने थाने में तहरीर भी दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामा पर मुकदमा दर्ज किया है।

वरिष्ठ उप निरीक्षक संजीत कुमार ने बताया कि जामरी काटल तपोवन निवासी प्रीति रमोला ने तहरीर दी। तहरीर में उन्होंने अपने मामा पूरण सिंह धमांनदा पर जमीन हड़पने के लिए उनके घर में तोड़फोड़, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। एसएसआई ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामा पर मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, मामले की जांच चौकी प्रभारी तपोवन विनोद कुमार को सौंपी गई है।

प्रेमिका से मिलने घर आए प्रेमी की घर वालों ने कर दी जमकर धुनाई

प्रेमिका के घर आए प्रेमी की उसके परिजनों ने जमकर धुनाई कर दी। यह बात प्रेमिका को नागवर गुजरी और उसके गुस्से में जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसकी सेहत में सुधार है। तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर युवती के बयान लिए।

यह घटना है हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र की। यहां कोतवाली क्षेत्र की युवती का गांव के ही युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। युवक ने अपने परिजनों को शादी का प्रस्ताव लेकर दो बार युवती के घर पर भी भेजा, मगर उन्होंने इनकार कर दिया। युवक को खबर मिली कि युवती के परिवार वालों ने उसका रिश्ता किसी अन्य जगह कर दिया है। इसी वजह से शुक्रवार को युवक युवती से बात करने उसके घर चला गया, इसी बीच युवती के परिजनों ने पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। इससे नाराज युवती ने शुक्रवार देर शाम जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। तहसीलदार सुनैना राणा ने अस्पताल पहुंचकर युवती के बयान दर्ज किए। फिलहाल युवती की हालत में सुधार है।

कोरोना वायरस से पीड़ित की झूठी वीडियो वायरल करने पर एक गिरफ्तार

कोतवाली ़ऋषिकेश पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक फर्जी वीडियों को ऋषिकेश के नटराज चौक की बताकर वायरल करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवक पर संबंधित धाराओं में मुकदमा भी दर्ज किया है।

कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया गया। यह वीडियो उत्तर प्रदेश के एक मॉक ड्रिल का था। मगर, इस वीडियों को ऋषिकेश निवासी मनोज कुमार पुत्र स्व. सुरेश चंद शर्मा निवासी मकान नंबर 36 तनीषा टावर नेहरू ग्राम इंदिरा नगर हार्ड वाली गली ऋषिकेश ने यह बताकर वायरल किया कि यह नटराज चौक का है और यह युवक ऋषिकेश का है। इस मामले में युवक पर मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

वीडियो की सत्यता की कर लें पड़ताल, नहीं तो ग्रुप एडमिन पर होगा मुकदमा
ऋषिकेश की जनता से पुलिस की अपील है कि कृपया किसी भी वीडियो को जानने से पहले उसकी सच्चाई जांच लें। आपके द्वारा सोशल मीडिया पर डाली जाने वाली वीडियो यदि गलत पाई जाएगी, तो ग्रुप एडमिन व उक्त व्यक्ति के विरुद्ध तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी।

निर्भया को आज मिला इंसाफ, फांसी से पहले का पूरा घटनाक्रम पढ़िए

निर्भया के साथ दर्दनाक हादसे को अंजाम देने वाले चार दरिंदों को आज सुबह फांसी पर लटका दिया गया। गुरुवार शाम तक दोषियों को उम्मीद थी कि उनकी फांसी टल जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कल देर रात जब दोषियों को पता चला कि उनकी फांसी अब किसी हालत में नहीं टल सकती है, तो अचानक की उनके व्यवहार में बदलाव देखने को मिला। तिहाड़ जेल में बंद चारों दोषी खबर मिलते ही बेचैन हो उठे। सूत्र बतातें है कि वो लोग अपने सेल के अंदर चीखने चिल्लाने लगे। रात भर दोषियों को नींद भी नहीं आई। फांसी का खौफ उनके चेहरे पर साफ नजर आ रहा था।
शुक्रवार तड़के 3ः15 बजे ही चारों दोषियों को उनके सेल से उठाया गया। दैनिक क्रिया के बाद चारों को नहाने के लिए कहा गया। उन चारों के लिए जेल प्रशासन की ओर से चाय मंगाई गई, लेकिन किसी ने भी चाय नहीं पी। इस दौरान विनय ने कपड़े बदलने से इनकार कर दिया और रो-रो कर माफी मांगने लगा। इसके बाद उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया गया। उनकी आखिरी इच्छा पूछी गई। फांसी घर में लाने से पहले चारों को काले कुर्ते-पजामे पहनाए गए। फिर उनके हाथ पीछे की ओर बांध दिए गए। इसके बाद जब उन्हें फांसी घर लाया जाने लगा तो एक दोषी सेल में ही लेट गया और जाने से मना करने लगा।
किसी तरह उसे पकड़ कर फांसी घर तक लाया गया। फांसी कोठी से कुछ दूर पहले ही उनके चेहरे को काले कपड़े से ढंका गया। इसके बाद उनके पैरों को भी बांधा गया ताकि वे ज्यादा छटपटा न पाएं और एक दूसरे से टकराएं नहीं। इसके बाद ठीक साढ़े पांच बजे पवन जल्लाद ने जेल नंबर-3 के सुपरिटेंडेंट के इशारे पर लीवर खींच दिया। इस दौरान जल्लाद की मदद के लिए तीन जेल कर्मचारी भी मौजूद थे। फांसी के करीब आधे घंटे बाद डॉक्टरों ने चारों दोषियों को मृत घोषित कर दिया।

42 के बजाए बस में बैठे थे 148 यात्री, हुई सीज

देहरादून से लखीमपुर जा रही उत्तर प्रदेश नंबर की एक प्राइवेट बस को डग्गामारी करने पर सीज किया गया है। सीज की कार्रवाई परिवहन विभाग व निगम की टीम ने की। बस में 42 सीटर में पास थी, जबकि उसमें 148 यात्री सवार थे।

परिवहन निगम के सहायक महाप्रबंधक पीके भारती ने बताया कि शासन के निर्देशा पर परिवहन निगम व विभाग की ओर से नेपाली फार्म पर संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान शाम सात बजे उत्तर प्रदेश नंबर यूपी15डीटी-9920 की एक बस आती दिखाई दी। विभागीय अधिकारियों ने बस को रुकने का इशारा किया तो बस चालक ने बस की स्पीड बढ़ा दी।

इस पर रायवाला पुलिस को सूचना देकर बैरियर लगवाए गए। साथ ही अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस की मदद से बस को रोका गया। बताया कि बस की चेकिंग करने पर उसमें 148 यात्री पाए गए, जबकि बस 42 सीटर है।

बस चालक से कागजात मांगने पर वह उपलब्ध नहीं करा पाया। उन्होंने बताया कि चालक बस का परमिट, लाइसेंस और टैक्स के कागजात भी उपलब्ध नहीं करा पाया। इस बस को सीज कर दिया गया।