मुख्यमंत्री धामी ने पीएम मोदी के आगमन की तैयारियों को लेकर की उच्चस्तरीय बैठक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में आगामी 14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री के उत्तराखण्ड आगमन एवं दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे) के शुभारम्भ कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में एक उच्चस्तरीय बैठक ली। मुख्यमंत्री ने इस अवसर को राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक बताते हुए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस भव्य आयोजन में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि यह कार्यक्रम जन-उत्सव का रूप ले सके।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की रूपरेखा को अत्यंत आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भव्यता के साथ आयोजित करने पर बल देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत—गढ़वाली, कुमाऊनी एवं जौनसारी लोकनृत्यों और संगीत की झलक इस आयोजन में भव्य रूप से दिखाई देनी चाहिए। कार्यक्रम स्थल को पारंपरिक एवं आधुनिक साज-सज्जा के समन्वय से सजाया जाए तथा कलाकारों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक सरकारी कार्यक्रम न होकर उत्तराखण्ड की संस्कृति, परंपरा और गौरव का प्रतीक बने।

मुख्यमंत्री धामी ने जनमानस से भी इस ऐतिहासिक अवसर में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों से निकलकर राष्ट्रीय ध्वज के साथ प्रधानमंत्री के रोड शो के दौरान कार्यक्रम में शामिल हों और पूरे राज्य में उत्सव जैसा माहौल बनाया जाए। साथ ही, कार्यक्रम से पूर्व प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि, प्रशासन और आम नागरिक मिलकर इस आयोजन को स्वच्छ, सुंदर और यादगार बनाएं।

दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह परियोजना उत्तराखण्ड के विकास को नई दिशा देने वाली सिद्ध होगी। इस कॉरिडोर के माध्यम से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही, प्रदेश में औद्योगिक और व्यवसायिक गतिविधियों का विस्तार होगा, जिससे युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। यह कॉरिडोर लॉजिस्टिक्स, परिवहन और निवेश के क्षेत्र में भी क्रांतिकारी परिवर्तन लाएगा, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना का शुभारम्भ उत्तराखण्ड के विकास के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा और प्रदेश को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा में और अधिक सशक्त बनाएगा।

बैठक में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे, जिनमें सचिव शैलेश बगौली, कमिश्नर विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल थे।

मोदी का दौरा तय करेगा उत्तराखंड के चुनाव में मुद्दे क्या होंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड में भाजपा के लिए शनिवार को चुनावी रण का शंखनाद करेंगे। भाजपा ने उनकी रैली की तैयारियां पूरी कर दी है। इसमें सवा लाख की भीड़ जुटाने का लक्ष्य जिलों को दिया गया है। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले पूरी तरह से चुनावी माहौल शुरू हो चुका है। भाजपा के स्टार प्रचारकों के राज्य के दौरे भी शुरू हो गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड पर खास फोकस रहा। पिछले तीन माह के भीतर उनका यह उत्तराखंड का तीसरा दौरा होगा। मोदी शनिवार 4 दिसंबर को उत्तराखंड को कई सौगात भी दे सकते हैं। वह परेड ग्राउंड में होने वाली रैली से पहले 18 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व लोकापर्ण करेंगे। केदारनाथ पुनर्निर्माण और चारधाम को जोड़ने वाली ऑल वेदर रोड उनके ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल हैं।
राजनीतिक पारी की शुरूआत से पहले मोदी का देवभूमि को लेकर अटूट रिश्ता रहा है। अस्सी के दशक में वे गरूड़चट्टी (केदारनाथ) में एक गुफा में तप भी कर चुके हैं। वर्ष 2013 में जब केदारनाथ में आपदा आई थी तो तब वे गुजरात के सीएम थे और रेस्क्यू आपरेशन में हाथ बढ़ाया। प्रधानमंत्री बनने के बाद उनका उत्तराखंड से लगाव और बढ़ा और राज्य के विकास को कई योजनाएं समर्पित कर चुके हैं।
अब मोदी की शनिवार को होने वाली रैली से भी जनता को कई उम्मीदें हैं, वे राज्य के विकास की नींव को और आगे बढ़ाने के लिए कई ऐलान भी कर सकते हैं। इसके साथ ही वे दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा (ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे जंक्शन से देहरादून तक), चाइल्ड फ्रेंडली सिटी प्रोजेक्ट देहरादून का शिलान्यास करेंगे। दून में अत्याधुनिक इत्र और सुगंध प्रयोगशाला (सुगंधित पौधों के लिए केंद्र) का भी उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दून में चुनाव रैली को संबोधित करेंगे। मोदी दिल्ली से वायुसेना के विशेष विमान से दोपहर 12ः25 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां राज्यपाल गुरुमीत सिंह, सीएम पुष्कर धामी उनकी आगवानी करेंगे। दोपहर एक बजे उनका एमआई-17 हेलीकाप्टर परेड मैदान स्थित खेल विभाग के मैदान में लैंड करेगा।
1ः10 बजे वे मंच पर पहुंचेंगे और लगभग सात मिनट तक 18 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व लोकापर्ण करेंगे। दोपहर 1ः40 बजे उनका संबोधन शुरू होगा। वे लगभग 35 मिनट तक जनता को संबोधित करेंगे और दोपहर 2ः30 बजे जौलीग्रांट के लिए रवाना होंगे। अपरान्ह पौने तीन बजे पीएम मोदी दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।