मुख्यमंत्री से किसानों के प्रतिनिधि मण्डल ने की भेंट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बाजपुर में सिंचाई विभाग के अतिथिगृह में भूमि बचाओ आन्दोलन से जुड़े किसानों के प्रतिनिधिमण्डल ने भेंट की। प्रतिनिधिमण्डल ने बाजपुर के 20 गाँवों की 5838 एकड़ भूमि पर मालिकाना हक दिये जाने की माँग मुख्यमंत्री से की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधिमण्डल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार जटिल से जटिल समस्याओं के निस्तारण हेतु सरलीकरण, समाधान एवं निस्तारण के मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बाजपुर की भूमि समस्या के स्थाई समाधान हेतु सकारात्मक दिशा में कार्यवाही की जायेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समस्याओं के निस्तारण में कुछ समय अवश्य लग रहा है परन्तु उसके निस्तारण में सकारात्मक सोच के साथ कार्य किया जायेगा।
प्रतिनिधिमण्डल में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा, निरंजन दास गोयल, जगतार सिंह बाजवा, रजनीत सिंह ‘सोनू’, कुलवीर सिंह, सुशील सिंगला आदि शामिल थे।

राज्य सरकार किसानों के सभी हितों को ध्यान में रखकर ले रही फैसलेः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में भारतीय किसान यूनियन तोमर के अध्यक्ष संजीव तोमर के नेतृत्व में किसान यूनियन के प्रतिनिधिमण्डल ने भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को किसानों की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जनपद हरिद्वार में अतिवृष्टि से हुए जलभराव के कारण फसलों को काफी नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि अभी कुछ लोगों को मुआवजा नहीं मिल पाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों को अभी तक मुआवजा नहीं मिला है, उनको जल्द मुआवजा दिया जायेगा। उन्होंने अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का पूरा आकलन कर क्षतिपूर्ति करने के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के सभी हितों को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है। अतिवृष्टि से फसलों को हुई क्षति का पूरा आकलन किया जा रहा है। केन्द्र सरकार को भी अतिवृष्टि से हुए नुकसान के लिए पत्र भेजा जा रहा है। केन्द्र सरकार की टीम द्वारा भी राज्य में हुए नुकसान का प्रारंभिक तौर पर आकलन किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही है। राज्य में मिलेट मिशन पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। जैविक खेती को भी तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव विजय कुमार यादव, दीपेन्द्र चौधरी, किसान यूनियन प्रतिनिधिमण्डल से पवन त्यागी, अजब सिंह, संदीप चौहान, विकेश वालियान, तालिब हसन एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।