हेमकुंट साहिब की यात्रा सुरक्षित, श्रद्धालुओं ने कहा कुछ लोग उड़ा रहे अफवाह

हेमकुंट साहिब की यात्रा पर आए तीर्थयात्रियों ने पुलिस – प्रशासन के सहयोग की प्रशंसा करते हुए कहा है कि यात्रा सकुशल चल रही है। कुछ लोग सिर्फ सोशल मीडिया व्यूज के लिए अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ रहे हैं।

पंबाज से अपने परिवार के साथ हेमकुंट साहिब दर्शन के लिए आई श्रद्धालु सुखबीर कौर ने बताया कि वो 19 जून को यात्रा पर निकली थी। इस दौरान उन्हें कई लोगों ने यात्रा को लेकर सतर्क किया। मंगलवार को वापसी में गोविंदघाट पहुंची सुखवीर कौर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें पूरी यात्रा में कहीं कोई दिक्कत नहीं आई। स्थानीय प्रशासन से लेकर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी पूरी क्षमता से यात्रा संचालित कर रही है। चिकित्सा सुविधा से लेकर, रहने खाने तक की पर्याप्त सुविधा है। उन्होंने बताया कि यात्रा में स्थानीय लोग भी भरपूर सहयोग कर रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि कुछ लोग सिर्फ सोशल मीडिया व्यूज के लिए यात्रा को लेकर अफवाह फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि अन्य श्रद्धालुओं से भी यात्रा कर दर्शन लाभ करने की अपील की है।

यात्रा सम्पन्न कर चुके अन्य तीर्थयात्रियों ने भी वीडियो बयान में कहा है कि यात्रा सकुशल चल रही है, भारी भीड़ के बावजूद सभी सुविधाएं मिल रही है। इसमें पुलिस प्रशासन पूरा सहयोग कर रहा है। तीर्थयात्रियों ने कहा कि यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह उड़ाई जा रही है, जबकि वास्तविक स्थिति यह है कि यात्रा पहले की तरह शांतिपूर्वतक ढंग से चल रही है। जिसमेँ स्थानीय लोग भी पूरा सहयोग कर रहे हैं।

चारधाम यात्राः सीएम ने सिक्स सिग्मा मेडिकल टीम को किया रवाना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से सिक्स सिग्मा मेडिकल टीम को बद्रीनाथ, रुद्रनाथ व हेमकुंट साहिब यात्रा में निशुल्क मेडिकल सेवाओं हेतु रवाना किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि श्री केदारनाथ एवं श्री बद्रीनाथ धाम में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सिक्स सिग्मा हाई एल्टीट्यूड मेडिकल सर्विस की टीम बधाई के पात्र है। राज्य सरकार की ओर से धाम में दी जाने वाली सेवाओं के लिए चिकित्सा टीम को सभी सुविधाएं दी जाएगी। जिससे यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने सिक्स सिग्मा हाई एल्टीट्यूड मेडिकल सर्विस टीम के हाई एल्टीट्यूड में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
सिक्स सिग्मा हाई ऐल्ट्टियूड मेडिकल सर्विस के मेडिकल निदेशक डॉ. प्रदीप भारद्वाज ने कहा कि इस बार मेडिकल टीम यात्रा के दौरान ज्यादातर पोर्टेबल मेडिकल इक्यूपमेंट का इस्तेमाल करेगी, जिससे यात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा दी जा सके। डॉ० परवेज़ अहमद ने बताया की इस बार यात्रा में मेडिकल सेवा देने के लिए सिक्स सिग्मा हेल्थकेयर की ओर से 45 से अधिक मेडिकल स्टाफ को लगाया जाएगा, जिसमें क्रिटिकल केयर, कार्डियो, मेडिसिन, महिला रोग, रेसप्रेटरी, माउंटेन मेडिसिन के विशेषज्ञ भी अपनी सेवाएं देंगे।
इस अवसर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, चंदन राम दास, प्रमोद नैनवाल एवं सिक्स सिग्मा मेडिकल टीम के सदस्य उपस्थित थे।