सीएम ने 355 करोड की लागत से काशीपुर में किया योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर में 355.27 करोड़ की 113 विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। जिसमें 287.36 करोड़ की 102 योजनाओं का शिलांयास तथा 67.91 करोड़ की 11 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। यहा योजनायें विधानसभा क्षेत्र काशीपुर, जसपुर, बाजपुर एवं गदरपुर से जुड़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल निगम, जल संस्थान एवं लोक निर्माण विभाग की लगभग 287.36 करोड़ से अधिक की 102 योजनाओं का शिलान्यास तथा जल निगम, जल संस्थान ग्रामीण निर्माण विभाग एवं लोक निर्माण विभाग की लगभग 67.91 करोड़ से अधिक की 11 योजनाओं के पूर्ण होने के उपरांत इन विधानसभा क्षेत्रों में विकास के एक नए युग का सूत्रपात होगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज की गई योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास से निश्चित ही विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा आने वाले समय में लोगों की आवश्यकताओं की पूर्ति होगी। पेयजल की योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जल जीवन मिशन जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओ को बल मिलेगा और आमजन के घरों तक आसानी से पेयजल मिल पायेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार का सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास मंत्र को लक्ष्य मानकर काम करते हुए प्रदेश की जनता को बेहतर सरकार देना हमारा प्रयास है जिससे लोगों की बात सरकार तक पहुंचे और सभी की समस्या का समाधान हो। जीरो टॉलरेंस पर काम करते हुए प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त करना हमारा उद्देश्य है। उत्तराखंड राज्य हित में जिन फैसलों की आवश्यकता होगी वह लिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि 22 वर्ष का युवा उत्तराखंड, अब नए जोश और नई उमंग के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। हम बाबा केदार की धरती से प्रधानमंत्री जी द्वारा कहे गए कथन ’’21वीं सदी का तीसरा दशक, उत्तराखंड का दशक होगा’’ को चरितार्थ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि एक नई कार्य संस्कृति और सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टि के मंत्र को लेकर हमारी सरकार प्रदेश में पूर्ण सुशासन स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश यूनिफॉर्म सिविल कोड का ड्राफ्ट 30 जून तक तैयार हो जाएगा, जोकि पूरे राष्ट्र के लिए मॉडल बनने वाला है। उन्होंने सभी राज्यों से यूनिफॉर्म सिविल कोड को लागू करने का आह्वान कियां। उन्होंने कहा कि कठोर भूकानून बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य लैण्ड जिहाद एवं अवैध अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा।

हमने एक वर्ष के अन्दर तीन गैस सिलेंडर निःशुल्क देने का काम किया। आज एक लाख 81 हजार परिवारों को साल में तीन गैस सिलेंडर मुफ्त देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में 15 लाख के सापेक्ष 11 लाख 30 हजार घरों को पेयजल उपलब्ध करा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के गौरवमय मार्ग को प्रशस्त करने के लिए ’’सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’’ का जो मंत्र दिया है उसने देश की दिशा और दशा को बदलने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री जी द्वारा प्रारंभ की गई गरीब कल्याण योजनाओं ने अंतिम पायदान पर खड़े हुए प्रत्येक व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पहले केवल योजनाएं बनाई जाती थी, परन्तु अब योजनाएं भी बनाई जाती हैं और उनको लागू भी किया जाता है। इसी तरह देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को विश्व स्तरीय बनाने के लिए जहां बड़ी-बड़ी योजनाओं का प्रधानमंत्री जी द्वारा शिलान्यास किया जाता है, वहीं उनका उद्घाटन भी किया जाता है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में देश जहां विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है, वहीं वैश्विक कूटनीति के मंच पर भी विश्व में भारत अग्रणी देशों में गिना जाता है, रूस और यूक्रेन युद्ध के समय हमारे द्वारा उठाए गए कदमों से यह बात परिलक्षित होती है। ’’अंत्योदय के साथ-साथ ’’सांस्कृतिक राष्ट्रवाद’’ का मंत्र आज देश की मूल प्रेरणा बन चुका है।
उन्होंने कहा कि आज केन्द्र और राज्य सरकार के सहयोग से हमारा प्रदेश भी सर्वश्रेष्ठ राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमने उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने का जो ’’विकल्प रहित संकल्प’’ लिया है, उसके लिए हम निरंतर कार्यरत हैं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में भ्रष्टाचार और भर्ती घोटालों पर किए गए प्रहार से लेकर समान नागरिक आचार संहिता, धर्मांतरण कानून, महिला आरक्षण, भू-कानून, देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून बनाने, लैंड जिहाद और गरीबों को तीन निःशुल्के सिलेंडर देने जैसे कठिन मुद्दों पर हमारे द्वारा उठाए गए ’’ऐतिहासिक कदम’’ इस बात का प्रमाण हैं कि आज हमारी सरकार प्रदेश हित में ऐसे मुद्दों पर भी निर्णय लेने का कार्य कर रही है, जिन मुद्दों को वर्षों तक ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था।

उन्होंने कहा कि काशीपुर औद्योगिक नगरी के रूप में विकसित रहा है यहां पर समुचित विकास की जो भी आवश्यकताएं हैं उनकी हम समीक्षा कर रहे हैं। उद्योगपतियों के साथ बीते दिनों हुई बैठक में उनकी समस्याओं पर मंथन भी किया है, संवाद भी किया है और उनसे सुझाव लेकर कुछ त्वरित निर्णय लिए हैं और दीर्घकालिक निर्णय भी शीघ्र लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में प्रदेश में 9 वर्षों में डेढ़ लाख करोड़ से भी ज्यादा की योजनाएं स्वीकृत हुई हैं। उनका यहां से कर्म और मर्म का रिश्ता है। उन्होंने कहा कि नये जिलों के सृजन के लिए एक कमेटी काम कर रही है और कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद जिले बनाये जाएंगे। विधायकों के साथ मिलकर उनके क्षेत्रों के विकास का पहिया तेजी से चलाया जाएगा। काशीपुर के बाईपास और फ़्लाईओवर के जल्द निर्माण की बात भी उन्होंने कही।

कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मेहन्द्र भट्ट, भाजपा अध्यक्ष गुंजन सुखीजा ने भी अपने-अपने विचार रखे।
इस दौरान विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोरा, आदेश सिंह चौहान, अरविन्द पाण्डे, पूर्व विधायक डॉ.शैलेंद्र मोहन सिंघल, जिलाधिकारी युगल किशोर पन्त, एसएसपी मन्जूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी विशाल मिश्रा, अपर जिलाधिकारी जय भारत सिंह, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, राकेश तिवारी,सहित विकास शर्मा, राजेश कुमार, गुरविन्दर सिंह चण्डोक, खिलेन्द चौधरी, राम महरोत्रा, अभिषेक गोयल, मोहन बिष्ट आदि उपस्थित थे।

सीएम ने भाजपा जिला कार्यालय काशीपुर का किया भूमि पूजन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर में भाजपा जिला कार्यालय का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि आज देश में प्रधानमंत्री के आह्वान पर जिस ’’नव भारत’’ के निर्माण के यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है उसमें हम सभी ने अपने श्रम की आहुति देनी है तथा ’’एक भारत’’ और ’’श्रेष्ठ भारत’’ के महा संकल्प को साकार करना है। हमारा देश आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में प्रवेश कर चुका है और आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल व ऊर्जावान नेतृत्व में देश में अमृत युग प्रारंभ हो चुका है। प्रधानमंत्री के दिशा निर्देशन में एक ओर जहां भारत राष्ट्रीय स्तर पर विकास की नई-नई ऊंचाइयों को छू रहा है, वहीं वैश्विक स्तर पर एक सशक्त, सामर्थ्यवान और आत्मनिर्भर देश के रूप में एक नई पहचान प्राप्त कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर एकात्म मानववाद के विचारक स्व. दीनदयाल उपाध्याय तथा अपनी आदर्श छवि एवं विशिष्ट बौद्धिकता से सम्पूर्ण विश्व में भारत के गौरव को बढ़ाने वाले भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का भी स्मरण किया।

मुख्यमंत्री ने द्रोणसागर परिसर में 51,000 दीपों की श्रृंखला प्रज्ज्वलित की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को द्रोणसागर, काशीपुर में हिन्दू राष्ट्र शक्ति द्वारा आयोजित द्वितीय भव्य दीपोत्सव-2022 “एक दिया मेरा भी प्रभु को समर्पित” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वस्ति वाचन के साथ भगवान श्री राम, माता सीता, भगवान लक्ष्मण का तिलक किया। मुख्यमंत्री ने अन्धकार पर प्रकाश की विजय के प्रतीक दीप जलाए, इस दौरान द्रोणासागर परिसर में कुल 51,000 दीपों की श्रृंखला प्रज्ज्वलित की गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति की चेतना के प्राण मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के चरणों में मेरा दंडवत प्रणाम, उन्होंने कहा भगवान राम वो प्रकाश पुंज हैं जिसकी ओजस्वी किरणें भारत की महान, सनातन संस्कृति को सदियों से अनुप्राणित करती आ रही हैं। भगवान राम का सम्पूर्ण जीवन हमारे लिए एक मार्गदर्शिका है, उनकी पुण्यगाथा मानवीय मूल्यों और आदर्शों से ओतप्रोत है। ये सभी गुण भगवान श्री राम के नाम को प्रतिबिंबित करते हैं। उन्होंने कहा भगवान राम के जीवन का प्रत्येक पक्ष हम सभी के लिए एक प्रेरणा स्रोत है जो हमें हर परिस्थिति में अपने कर्तव्यों का पालन करते रहने की सीख देता है, उनके जीवन के प्रत्येक घटनाक्रम में मानवीय आदर्श की पराकाष्ठा देखने को मिलती है यही कारण है कि सदियां बीत जाने के बाद भी भगवान श्रीराम की पावन जीवन गाथा संपूर्ण मानवजाति को प्रेरित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने सभी से भगवान राम के जीवन को दृष्टांत मानकर उनके बताए मार्ग पर चलने का यथासंभव प्रयास करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि काशीपुर के प्रबुद्ध जनों ने यह भव्य और दिव्य दीपोत्सव आयोजित किया है, यहां अयोध्या के लघु स्वरूप को जीवंत कर दिया है। उन्होंने कहा यह दीपोत्सव हमारी सनातन संस्कृति की श्रेष्ठता को दिखाता है। साथ ही इस तरह के आयोजन से हमारे गांव-देहात की अर्थव्यवस्था का भी सशक्तिकरण होता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी संस्कृति को उजागर किए जाने का कार्य चल रहा है, सनातन धर्म की रक्षा एवं उसका प्रचार प्रसार देश के साथ पूरे विश्व में हो रहा है। कई दशकों से लंबित आज भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है, जो कि दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक केंद्र बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि आपदा के बाद केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण हुआ है, संपूर्ण परिसर में सरस्वती घाट, आस्था पथ, ध्यान केंद्र एवं व्यापारियों के लिए कॉम्प्लेक्स जैसी विभिन्न विकास कार्यों का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसे 2023 के अंत तक कर पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा बद्रीनाथ धाम के भव्य निर्माण हेतु मास्टर प्लान बनाया गया है जिसके लिए तेज गति से कार्य शुरू हो गया है, इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का भव्य एवं दिव्य निर्माण कार्य हुआ है, उज्जैन में महाकाल लोक के लोकार्पण के बाद महाकाल मंदिर का भव्य रूप देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने माणा गांव में 3400 करोड़ रूपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया, जिसमे से प्रमुख थी गौरीकुंड-केदारनाथ और गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब दो नई रोपवे परियोजना, उन्होंने कहा हेमकुंड तक रोपवे पहुंचने से हमारे सभी श्रद्धालुगण आसानी से उनके दर्शन कर पाएंगे, वोकल फॉर लोकल का जो मंत्र आदरणीय प्रधानमंत्री ने दिया है, उसी के अनुरूप माणा की धरती से प्रधानमंत्री ने देशवासियों से आह्वान किया कि जहां भी घूमने जाएं अपने यात्रा खर्च का कम से कम 5 प्रतिशत स्थानीय उत्पादों पर खर्च करें। उन्होंने कहा कि इस आह्वान को देश निश्चित तौर पर निभाएगा एवं इससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि माणा गांव को मेरे द्वारा अंतिम नहीं अपितु देश का पहला गांव बताकर संबोधित किया गया, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने भाषण में सीमा में बसे प्रत्येक गांव को देश का पहला गांव बताया एवं उन्होंने कहा देश का विकास इन गांवों के विकास से शुरू होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमें उत्तराखंड राज्य को 25वे वर्ष पर संस्कृति, पर्यटन, रोजगार कृषि बागवानी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है, जिसके लिए राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा सभी विभागों को अगले 10 वर्षाे के विकास कार्याे का रोडमैप तैयार करने हेतु निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा हम सभी अपनी सामूहिक जिम्मेदारी निभाते हुए उत्तराखंड के साथ देश को आगे ले जाने का कार्य करेंगे।
इस दौरान कैलाश चन्द्र गहतोड़ी (अध्यक्ष वन विकास निगम), विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, दीपक बाली, मुकेश कुमार, मेयर उषा चौधरी, भाजपा महामंत्री खिलेंदर चौधरी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

दीपक बाली ने भाजपा की सदस्यता लीं, आप को लगातार दूसरा झटका

आम आदमी पार्टी को भाजपा के द्वारा लगातार झटके मिल रहे है। पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी के सीएम उम्मीदवार रहे कर्नल अजय कोठियाल के बाद प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाली भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। गौर करने वाली बात है कि विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद अजय कोठियाल को किनारे लगाकर आप ने दीपक बाली के नेतृत्व में नए सिरे से प्रदेश पदाधिकारियों की टीम बनाई थी।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक सहित प्रदेश पदाधिकारियों की उपस्थिति में बाली ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की है। दीपक बाली को बीजेपी में शामिल कराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाली आप में थे लेकिन वह हमेशा से राष्ट्रवादी रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि आप का दो चेहरा है, जो वो दिखावा करती है, असल में है नहीं। करीब डेढ़ माह पहले उत्तराखंड में आप की कमान संभालने वाले दीपक बाली ने भी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना त्यागपत्र आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को भेज दिया है। काशीपुर के बड़े कारोबारी बाली करीब दो साल पहले आप में शामिल हुए थे।
बीते विधानसभा चुनाव में उन्हें पार्टी ने उत्तराखंड में चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। इसके अलावा वह काशीपुर सीट से पार्टी के उम्मीदवार भी रहे, लेकिन हार का सामना करना पड़ा था। 29 अप्रैल को उन्हें उत्तराखंड यूनिट का अध्यक्ष बनाया गया था।