कृषि मंत्री गणेश जोशी से मिले व्यापारी, प्रदेश में मंडी शुल्क समाप्ति की मांग


नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कृषि मंत्री गणेश जोशी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कृषि मंत्री से प्रदेश में मंडी शुल्क समाप्त करने की मांग की।

नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के सदस्य कृषि मंत्री गणेश जोशी से मिले। व्यापार मंडल के महामंत्री प्रतीक कालिया ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की गई थी। जिसमें उनसे मंडी शुल्क हटाने की मांग की गई थी। सीएम द्वारा आदेश जारी कर मंडी शुल्क एक प्रतिशत तत्काल प्रभाव से कम करने के आदेश दे दिए गए थे। लेकिन आचार संहिता लागू होने की वजह से जीओ जारी नहीं हो सका। अब नई सरकार का गठन हो चुका है, ऐसे में उत्तर प्रदेश और बिहार की तर्ज पर प्रदेश सरकार को मंडी शुल्क हटाकर व्यापारियों को राहत दिए जाने की जरूरत है। इससे प्रदेश के व्यापारी वर्ग को कोरोनाकाल के दौरान हुए नुकसान से उबरने में मदद मिलेगी।

साथ ही एक अतिरिक्त लाइसेंसी प्रक्रिया के झंझट से भी मुक्ति मिल जाएगी। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। प्रदेश के कृषि मंत्री से मिलने वालों में श्रवण जैन,नवल कपूर, गिरीश छाबड़ा, अनिल खुराना आदि उपस्थित रहे।

मसूरी विधायक के साथ सीएम से मिले पूर्व सैन्य अफसर

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से पूर्व सैन्य अधिकारियों के एक दल ने मुलाकात की। मसूरी विधायक गणेश जोशी के नेतृत्व में पूर्व सैन्य अधिकारियों ने सेवारत एवं पूर्व सैन्य अधिकारियों के लिये हाउस टैक्स छूट को समाप्त किये जाने के निर्णय को वापस लेने का अनुरोध मुख्यमंत्री से किया। उनका कहना था कि सैन्य अफसर हो या जवान सभी एक श्रेणी के जवान ही होते हैं। अतः हाउस टैक्स के मामले में सरकार द्वारा फौजियों को अलग-अलग श्रेणियों में रखा जाना उचित नहीं है। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने इस सम्बन्ध में आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन पूर्व सैन्य अधिकारियों को दिया।

इस अवसर पर सेवा निवृत्त मेजर जनरल केडी सिंह, मेजर जनरल सम्मी सभरवाल, ब्रिगेडियर केजी बहल, ब्रिगेडियर आरएस बरार, ब्रिगेडियर बीबी शर्मा, ले. कर्नल बीएम थापा, कर्नल जीके चोना उपस्थित रहे।