मतदान से पहले सारी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश

विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर ऋषिकेश पर्यवेक्षक जय वीर सिंह आर्य ने सभी 180 बूथों के जोनल मजिस्ट्रेट और सहायक मजिस्ट्रेट के साथ चुनाव की तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर मतदान केंद्र बनाए गए हैं यदि वहां के संचालक सहयोग ना करें तो उन संचालकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर मुकदमा दर्ज किया जाए।
मंगलवार को नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक के दौरान चुनाव पर्यवेक्षक जयवीर सिंह ने कहा कि सभी बूथो पर बिजली, पानी, मतदाताओं को बैठने के लिए टीन शेड और बूथो के अंदर महिलाओं व पुरुषों के लिए दो भागों में सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि 14 फरवरी से पहले सभी बूथों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त किए जानी चाहिए। मतदान के दौरान किसी भी मतदाता को असुविधाओं का सामना ना करना पड़े।
ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 2 मॉडल और 2 शक्ति केंद्र भी बनाए जाने हैं, उन बूथों को सजाने संवारने के साथ कर्मचारियों के लिए सभी खाने-पीने की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाए। इसकी चिंता भी सभी अधिकारियों को कर लेनी चाहिए। इसके लिए सभी अधिकारियों की एक कार्यशाला भी जल्द आयोजित कर सभी अधिकारियों से तैयारियों पर चर्चा करें, साथ ही जिन स्थानों पर मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यदि वहां के संचालक चुनाव आयोग की टीम को सहयोग नहीं करते तो उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सभी बूथों का निरीक्षण कर अधिकारी तत्काल निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट करें चुनाव आयोग की प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने में यदि किसी भी अधिकारी कर्मचारी द्वारा लापरवाही बरती जाती है तो उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाए।
ऋषिकेश तहसीलदार अमृता शर्मा ने बताया कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में दो मॉडल और दो शक्ति बूथ केंद्र भी बनाए गए हैं, जिसमें मतदान करने वाले मतदाताओं का अधिकारियों द्वारा तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा और शक्ति बूथ पर सभी महिला अधिकारी तैनात रहेंगी।

सजवाण के नाम वापस लेते ही ऋषिकेश विधानसभा के समीकरण बदले

कांग्रेस के बागी प्रत्याशी शूरवीर सिंह सजवाण को मनाने में संगठन कामयाब रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मोहन प्रकाश से वार्ता के बाद सजवाण ने नामांकन वापस ले लिया है। उन्हें प्रदेश संगठन में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जाएगा। उधर, डोईवाला सीट पर भाजपा के दो बागी प्रत्याशियों समेत आठ लोगों ने नामांकन वापस ले लिया है।
सोमवार को कांग्रेस संगठन रूठे पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण को मनाने में सफल रहा। दोपहर करीब पौने तीन बजे उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को अपना समर्थन दिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मोहन प्रकाश के साथ मंत्रणा के बाद उन्होंने नामांकन वापस लिया। राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि सजवाण को प्रदेश संगठन में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जायेगा। जबकि सरकार बनने पर उन्हें दायित्व भी दिया जायेगा। उधर, डोईवाला सीट पर भाजपा के बागी प्रत्याशी सौरभ थपलियाल, सुभाष भट्ट दोनों ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। जबकि भाजपा से बागी जितेन्द्र नेगी चुनाव मैदान में है।

मोहन प्रकाश ने सजवाण को कांग्रेस का समर्पित नेता बताया
कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव मोहन प्रकाश ने कहा कि पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण कांग्रेस के समर्पित नेता रहे हैं। सजवाण ने राज्य के एक-एक राजनीतिक कार्यकर्ता के लिये मिसाल पेश की है। उन्होंने युवा चेहरे को मौका दिया है। कहा कि यह विधानसभा के एक प्रत्याशी की लड़ाई नहीं है, बल्कि राज्य के विकास की लड़ाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में जुटने का आह्वान किया। शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि उन्होंने हाईकमान के आदेश का पालन किया है। कहा कि भाजपा के कुशासन को खत्म करने के लिये चुनाव में जुटेंगे। कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी जयेन्द्र रमोला को विजयी बनाकर विधानसभा में भेजेंगे। इससे पहले श्यामपुर स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में लंबे समय तक चली बैठक में चुनाव पर्यवेक्षक मोहन प्रकाश ने हाईकमान से मिले पत्र को कार्यकर्ताओं के सामने पढ़कर सुनाया। हाईकमान से मिले पत्र में शूरवीर सिंह सजवाण को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व देने का फैसला लिया गया है। उन्हें चुनाव कार्यसमिति में सदस्य भी बनाया गया है। इतना ही नहीं सजवाण को सरकार आने पर सम्मान से नवाजे जाने की भी बात पर्यवेक्षक ने की है।

घर-घर संपर्क कर मांगे वोट

सोमवार को भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में डोर टू डोर जनसंपर्क किया। अग्रवाल ने अमित ग्राम, गुमानीवाला, छिद्दरवाला आदि क्षेत्रों में जनसंपर्क किया। उन्होंने लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि विगत 5 वर्षों में ऋषिकेश विधानसभा में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं और विकास के बल पर ही वह जनता का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने हमेशा विकास के साथ-साथ जनता के सुख-दुख में सहभागी होकर एक आम कार्यकर्ता की तरह काम किया।
जनसंपर्क के दौरान अमित ग्राम में वीरभद्र मंडल के अध्यक्ष अरविंद चौधरी, सुंदरी कंडवाल, पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्र मोघा, पार्षद बिजेंदर मोघा, रवि शर्मा, पार्षद विपिन पंत, पार्षद वीरेंद्र रमोला, निर्मला उनियाल, उषा चौहान, दिनेश शर्मा, रविंदर शर्मा, विजय शुक्ला, माया घलै आदि उपस्थित रहे।

कांग्रेस ने एकजुटता का परिचय देते हुए प्रचार अभियान को किया तेज

कांग्रेस ने ऋषिकेश नगर में चुनाव कार्यालय खोल प्रचार प्रसार की गति तेज कर दी है। कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर वक्ताओं ने कांग्रेसियों को एकजुट होकर लोगों को पक्ष में करने का आह्वान किया। कांग्रेस प्रत्याायी जयेन्द्र रमोला ने कहा कि भाजपा के झूठे वायदों से परेशान जनता इस बार बदलाव चाहती है।
रविवार को रेलवे मार्ग पर कांग्रेस चुनाव कार्यालय का उद्घाटन वरिष्ठ कांग्रेसी हर्षवर्धन शर्मा ने किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का आह्वान किया। कांग्रेस प्रत्याशी जयेन्द्र रमोला ने कहा कि कांग्रेस के लिए इस बार बहुत अच्छा मौका है। स्थानीय विधायक के प्रति क्षेत्र में काफी रोष है, जिसका फायदा कांग्रेस को जरूर मिलेगा। 15 सालों से भाजपा विधायक ने क्षेत्र की जनता को विकास के नाम पर ठगने का कार्य किया है।
महानगर अध्यक्ष विनय सारस्वत ने कहा कि कार्यालय खुलने से विचारों का आदान-प्रदान एक ही स्थल पर हो सकेगा। शिकवा शिकायत सुनकर उसका निराकरण भी किया जा सकेगा, ताकि संगठन में आपसी मनमुटाव के लिए कोई स्थान नहीं होगा। ऋषिकेश को अपना गढ़ समझने वाली भाजपा ने विकास के नाम पर इस क्षेत्र की जनता को पूरी तरह से ठगा है, इसे सभी अच्छी तरीके से समझ चुके हैं।
कार्यालय उद्घाटन में राजपाल खरोला, सुधीर राय, डॉ. केएस राणा, दीप शर्मा, विजय पाल रावत, मदन मोहन शर्मा, विवेक तिवारी, पार्षद शंकुतला शर्मा, राधा रमोला, विजय लक्ष्मी शर्मा, सरोज देवरानी, मधु जोशी, उमा ओबरॉय, विमला रावत, वीरेंद्र सजवाण, शैलेन्द्र बिष्ट, सूरज गुलाटी, राजीव मोहन अग्रवाल, लल्लन राजभर, परमेश्वर राजभर, शैलेन्द्र राजभर आदि मौजूद रहे।

भाजपा प्रत्याशी अग्रवाल ने डोर टू डोर प्रचार अभियान किया तेज

भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने आज आशुतोष नगर, गुमानीवाला, रेलवे रोड, शांति नगर आदि में जनसंपर्क कर लोगों को प्रदेश एवं केंद्र सरकार द्वारा जनकल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी और भाजपा के पक्ष में वोट डालने की अपील की।
गुमानीवाला के रूसा फार्म में भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल शहीद विकास गुरुगं के शहीद स्मारक पर माथा टेक कर प्रचार अभियान की शुरुआत की। विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क के दौरान अग्रवाल ने कहा कि वह हमेशा लोगों के सुख-दुख साथ खड़े रहे और ऋषिकेश की जनता की समस्या के समाधान के लिए करते रहे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व जनता की समस्या का समाधान करना होता है और उन समस्याओं के समाधान के लिए वह हर समय खड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा में मोटर मार्गाे का जाल बिछा हुआ है, शुद्ध पेयजल आपूर्ति हर घर नल घर घर नल योजना के तहत प्रत्येक परिवार को शुद्ध पेयजल आपूर्ति प्राप्त हो रही है।
आशुतोष नगर में जनसंपर्क के दौरान अग्रवाल ने कहा कि विकास अनवरत चलने वाली प्रक्रिया है और इसी के तहत विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। विद्युत व्यवस्था दुरुस्त की गई है ताकि किसी भी क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या न रहे, ऋषिकेश में छात्रों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो इसलिए श्री देव सुमन विश्वविद्यालय के परिसर की स्थापना की गई है जिसके लिए 50 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है।

पंजाबी महासभा और व्यापारियों के साथ बैठक
पंजाबी महासभा के तत्वावधान में शांति नगर, बनखंडी में आयोजित बैठक में प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने हर वर्ग, हर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य किया है और यह क्रम निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने सभी समुदाय से अपील करते हुए कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करे।
इस अवसर पर पंजाबी महासभा के संरक्षक हरीशानंद, महासभा के अध्यक्ष केवल कृष्ण लांबा, महामंत्री प्रदीप कोहली, प्रतीक कालिया, अजय कालरा, सरदार हरचरण सिंह, अनिता बहल, धीरज मखीजा आदि लोग उपस्थित थे। जबकि व्यापारियों की बैठक में नवल किशोर, इंद्रमोहन पाहवा, हीरालाल छावड़ा, राजीव छाबड़ा आदि उपस्थित थे ।

शूरवीर सिंह सजवाण ने कराया नामांकन, कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ी

कांग्रेस का टिकट ना मिलने से नाराज पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने आज अपना नामाकंन कराया। इससे पूर्व उन्होंने श्यामपुर के एक निजी वेडिंग प्वाइट में अपने समर्थकों से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें आशा ही नही विश्वास है कि कांग्रेस हाईकमान मुझे अधिकृत प्रत्याशी बनायेगा। पत्रकारों के द्वारा पूछे जाने पर कि यह क्या अब मुमकिन है तो उन्होंने कहा कि 2002 के चुनाव में भी पार्टी ने पहले सिंबल किसी और को दिया था लेकिन फिर कांग्रेस ने उन्हें प्रत्याशी घोषित किया। अपने दल बल के साथ नामांकन कराने पहुंचे शूरवीर सिंह सजवाण ने साफ कहा कि उन्हें आम जनता के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का पूरा सहयोग और समर्थन मिल रहा है। इस लिए वे नामांकन कराने पहुंचे है।

भाजपा प्रत्याशी के प्रचार ने पकड़ा जोर, डोर टू डोर किया प्रचार

ऋषिकेश से भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने आज ऋषिकेश विधानसभा के हरिपुर कला क्षेत्र में जनसंपर्क कर लोगों से भाजपा के पक्ष में वोट डालने की अपील की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें जनता का अपार समर्थन मिल रहा है परिणामस्वरुप वह भारी अंतर से विधानसभा का चुनाव जीत रहे हैं। हरिपुर कला में जनसंपर्क के दौरान अग्रवाल ने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, आश्रम और घरों में जाकर लोगों से क्षेत्र में हुए विकास कार्य के नाम पर वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा का ग्रामीण क्षेत्र भी शहरी क्षेत्र के तर्ज पर विकसित हुआ है विगत 5 वर्षों में अनवरत अभूतपूर्व विकास के कार्य हुए है। अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा से जो भी प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं उन्हें और मुझे एक तराजू में तोला जाए। जिस व्यक्ति ने लगातार जनता के सुख-दुख में खड़े होकर जनता के बीच में रहे हो विकास के कार्य करवाए हैं उसे जनता अपना वोट दें।
वहीं, इंदिरानगर, चंद्रेश्वर नगर, शिवाजी नगर, खदरी के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर स्थानीय लोगों से भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा है कि उन्होंने हमेशा जनता के साथ क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाया है। जनता को दिए वादे के अनुसार विकास के कार्यों को धरातल पर उतारा है और अब जनता का समर्थन व आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में मुझे प्राप्त होगा।

जयेन्द्र रमोला ने नामांकन पत्र भरा, कहा-विकास ही मेरा लक्ष्य

ऋषिकेश विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी जयेन्द्र रमोला ने आज अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन पत्र भरने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला ने उन्हें प्रत्याशी बनाने के लिए पार्टी हाईकमान और प्रदेश के नेताओं का आभार जताया।
जयेंद्र रमोला ने कहा कि जो विश्वास पार्टी ने उन पर जताया है वह उस पर पूर्ण रूप से खड़ा उतरेंगे और इस सीट को जीतकर विधानसभा में ऋषिकेश की आवाज बनकर काम करेंगे। रमोला ने कहा कि भाजपा शासनकाल में लोग भय, भूख, भ्रष्टाचार, महंहाई और बेरोजगारी से त्रस्त है। यही कारण है कि प्रदेश की जनता इस बार परिवर्तन चाह रही है। रमोला ने ये भी कहा कि कांग्रेस को सभी वर्गों का समर्थन मिल रहा है व सभी कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि जनता परिवर्तन का मूड बना चुकी है जनता को विकास के लिए कटिबद्ध प्रतिनिधि चाहिए।
महानगर अध्यक्ष विनय सारस्वत व कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय ने कहा कि 15 साल से विधानसभा में भाजपा सत्ता पर काबिज हैं परंतु विगत 15 सालों से ऋषिकेश में विकास के कार्य शुन्य के बराबर हुए हैं , इस बार प्रदेश में व विधानसभा ऋषिकेश में परिवर्तन निश्चित है, कांग्रेस अधिकृत प्रत्याशी जयेंद्र रमोला को भरपूर समर्थन मिल रहा है और वे ऋषिकेश में जीतकर विधानसभा में कांग्रेस को मजबूती प्रदान करेंगे।
नामांकन में उपस्थित दीप शर्मा, लालन राजभर, हर्षवर्धन शर्मा, डॉ वीसी रमोला, विजयपाल सिंह रावत, बरफ सिंह पोखरियाल, जय सिंह रावत, संजय गुप्ता, पार्षद राधा रमोला, पार्षद पुष्पा मिश्रा, पार्षद लक्ष्मी, पार्षद शंकुन्तला शर्मा, कांग्रेस प्रदेश सचिव विवेक तिवारी, अजय गर्ग, संजय शर्मा, दीपक जाटव, परमेश्वर राजभर आदि लोग उपस्थित रहे।

ऋषिकेश से सपा प्रत्याशी ने नामांकन भरा

समाजवादी पार्टी से ऋषिकेश विधानसभा के प्रत्याशी कदम सिंह ने भी आज नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सपा राज्य में बेरोजगारी और मंहगाई के मुद्दें पर चुनाव लड़ रही है। इस अवसर पर सपा नेता रमेश चन्द्र गौड़, प्रदेश सचिव व प्रवक्ता एडवोकेट अतुल यादव, प्रदेश सचिव राजपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष अशोक ग्रोवर, सददार गोविन्द सिंह आदि उपस्थित रहे।

राजे नेगी ने प्रचार किया तेज, कई क्षेत्रों में जनसंपर्क कर मांगे वोट

आप प्रत्याशी राजे नेगी ने आशुतोष नगर, मायाकुंड, बंगाली बस्ती, गुमानीवाला और रायवाला में जनसम्पर्क किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी भाजपा और कांग्रेस की तरह झूठे वायदे नही करती। पार्टी का घोषणा पत्र ही उसका गारंटी कार्ड है।
राजे नेगी ने कहा कि उत्तराखंड में सरकार बनते ही बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य की सुविधा हर प्रदेशवासी को मुफ्त दी जायेगी। बेरोजगारों को रोजगार दिलाना पार्टी का लक्ष्य है। जब तक उन्हें रोजगार नही मिलता तब तक महगाई भत्ता देकर उनके चूल्हों को जलाने का प्रंबध किया जायेगा। प्रत्येक महिला को सम्मान के साथ जीवन यापन करने की योजना को भी अमल में लाया जायेगा।
राजे नेगी ने कहा कि जनता बारी बारी से प्रदेश और ऋषिकेश में राष्ट्रीय दलों को परख चुकी है। जिसमें उनके हाथ सिर्फ निराशा ही हाथ लगी है। इस बार उत्तराखंडवासियों को आम आदमी पार्टी के रूप में एक ऐसा सशक्त विकल्प मिला है जिसकी उन्हें वर्षों से तलाश थी।
जन सम्पर्क करने वालों में संगठन मंत्री दिनेश असवाल, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सीता पयाल, उषा बुडाकोटी, पूजा नेगी, सुषमा राणा, सरदार निर्मल सिंह, राजेन्द्र जुगरान, चंद्रमोहन भट्ट, दिनेश कुलियाल, अधिवक्ता लालमणि रतूड़ी, मनमोहन नेगी, अजय रावत, अभिषेक थापा, संदीप शर्मा, प्रभात झा, अर्जुन सिंह आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।