नामांकन तैयारियों को ऋषिकेश तहसील ने दिया अंतिम रुप

विधान सभा चुनाव 2022 के तहत 21 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो रही है। इसी क्रम में ऋषिकेश तहसील के उप जिलाधिकारी के न्यायालय को रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में तब्दील कर दिया गया है। जहां सभी प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। यह जानकारी रिटर्निंग अधिकारी अपूर्वा पांडे ने देते हुए बताया कि ऋषिकेश तहसील में चुनाव 2022 के लिए होने वाले चुनाव के लिए प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक दाखिल करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों को नामांकन पत्र दाखिल किए जाने के लिए ऑनलाइन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। परंतु उन्हें एक प्रति हार्ड कॉपी के रूप में जमा करनी अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्रत्याशी को अपने नामांकन पत्र की तीन कॉपी जमा करनी होगी जिस में आए हुए के ब्योरे के साथ अपराधिक रिकॉर्ड भी जमा करना होगा।

प्रत्याशी सहित 3 लोग ही नामांकन पत्र कक्ष में करेंगे प्रवेश
रिटर्निंग अधिकारी अपूर्वा पांडे ने यह भी बताया कि नामांकन पत्र जमा करने के दौरान प्रत्याशी और उसके 2 समर्थक ही कक्ष में उपस्थित रहेंगे। नामांकन कक्ष से 100 गज की दूरी पर लोगों को रोकने के लिए बनाई गई है वैरी कैटिंग

ऋषिकेश तहसील में बनाए गए नामांकन पत्र दाखिल किए जाने के दौरान निगरानी के लिए कॉस्को सीसीटीवी कैमरे के साथ डिजिटल लैपिंग किए जाने के लिए पूरी तरह तैयार कर दिया गया है। कोविड-19 का पालन कराए जाने के लिए सभी की थर्मल स्क्रीनिंग ,करवाये जाने के साथ दस्ताने भी दिए जाएंगे।

प्रेचन्द अग्रवाल चौथीबार भाजपा के टिकट पर लड़ेंगे ऋषिकेश से चुनाव

विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक प्रेमचंद अग्रवाल का ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र से चौथी बार टिकट फाइनल होने पर आज ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में अनेकों जगह जमकर आतिशबाजी हुई एवं मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने ऋषिकेश स्थित विधानसभा अध्यक्ष के निजी आवास पर पहुंचकर उन्हें माल्यार्पण कर चौथी बार जीत को लेकर अग्रिम शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर प्रेमचंद अग्रवाल ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए स्थानीय कार्यकर्ताओं का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से केंद्रीय नेतृत्व ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रत्याशियों की लिस्ट जारी करते हुए उन्हें सहज व सरल कहकर संबोधित किया वह मेरी अनमोल निधि है। अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा है कि अब मतदान तिथि तक कमर कसने की जरूरत है ताकि हम जीत निश्चित कर सकें। अग्रवाल ने कहा कि उनके द्वारा इन 5 वर्षों में विकास के अभूतपूर्व कार्य समान रूप से किए गए हैं उन्होंने जातिवाद एवं क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र को आदर्श रूप से स्थापित करने के लिए भरपूर मेहनत की थी जिसका परिणाम है कि केंद्रीय नेतृत्व ने एक बार उन पर फिर से भरोसा जताया है। अग्रवाल ने कहा कि इन चुनावों में वह क्षेत्र में किए गए काम के आधार पर ही वोट मांगेंगे। वहीं ऋषिकेश के ग्रामीण क्षेत्रों के लगभग सभी ग्राम पंचायतों में अग्रवाल का टिकट फाइनल होने पर अनेक स्थानों पर खुशी का इजहार करते हुए मिठाई बांटी गई एवं पटाखे फोड़े गए। जबकि शहर के भी अनेक स्थानों पर कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए कार्यकर्ताओं ने खुशी का इजहार किया।
इस अवसर पर ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, श्यामपुर के मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, वीरभद्र के मंडल अध्यक्ष अरविंद चौधरी, वरिष्ठ पार्षद शिव कुमार गौतम, प्रदीप कोहली, जयंत किशोर शर्मा, सुमित पवार, सुमित सेठी, मनोज ध्यानी, गोपाल सती, हरिशंकर प्रजापति, सुंदरी कंडवाल, शिव कुमार पाल, नरेश शर्मा आदि कार्यकर्ताओं ने विधानसभा अध्यक्ष के कोयल घाटी स्थित आवास पर अलग-अलग शुभकामनाएं दी।

विधानसभा अध्यक्ष ने भाजपा के पक्ष में किया प्रचार

विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क किया। उन्होंने ग्रामीणों को विकास कार्यों और भाजपा की नीतियों से रूबरू कराया। मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में वोट डालने की अपील की।
मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कोविड गाइडलाइन का पालन कर ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क किया। उन्होंने ग्राम प्रधानों संग मिलकर हरिपुरकलां, गौहरीमाफी, रायवाला, छिद्दरवाला में घर-घर जाकर लोगों को विकास कार्यों की जानकारी दी और उन्हें भाजपा की नीतियों के बारे में बताया। कहा कि ऋषिकेश विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार की कई जन योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है।
हरिपुर कला प्रधान गीतांजलि जखमोला, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज जखमोला, पूर्व प्रधान सत्येंद्र धामंदा, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य शिवानी भट्ट, रायवाला में भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, प्रधान सागर गिरी, आशीष जोशी, दिलावर सिंह, गोहरी माफी में स्थानीय प्रधान रोहित नौटियाल, उपप्रधान पूजा पोखरियाल, सुमन रावत, कृष्णा क्षेत्री, छिदरवाला में ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, प्रधान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष सोवन सिंह कैंतूरा, पूर्व प्रधान हरीश कक्कड़, अनुज शर्मा जोगिंदर सिंह जनसंपर्क में शामिल रहे।

कांग्रेस ही ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र का विकास कर सकती है-रमोला

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का प्रचार प्रसार लगातार जारी है। मंगलवार को एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने चकजोगीवाला में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को उनके मताधिकार के बारे में जागरूक किया। कहा कि जनता अपनी वोट की ताकत को पहचान क्षेत्र की तस्वीर बदल सकती है। उन्होंने लोगों को कांग्रेस की नीतियों के बारे में बताया।
जयेंद्र रमोला ने कहा कि कांग्रेस ने ही देश में विकास कार्य किया है, जबकि भाजपा ने देशवासियों को सिर्फ ठगने का काम किया है। कांग्रेस सत्ता में आते ही महंगाई और बेरोजगारी में लगाम लगाएगी। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य गोकुल रमोला ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इससे आम आदमी त्रस्त है। जनसंपर्क में जागृति रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कृष्णा रमोला, पूर्व जिला महासचिव कांग्रेस जितेन्द्र त्यागी, कांग्रेस जिला सचिव कुंवर सिंह गुसांई, ग्राम पंचायत सदस्य रवि राणा मौजूद रहे।

ऋषिकेश विधानसभा में हुए विकास कार्यो को जन-जन तक पहुंचाए-अग्रवाल

भारतीय जनता पार्टी में अभी भले ही विधानसभा के टिकट फाइनल नहीं हुए हो लेकिन स्थानीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल अपनी तैयारियों में जुटे है। वे अपने निजी आवास पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर मंथन कर रहे है।
प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रत्येक पार्षद एवं कार्यकर्ताओं से उनके क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी प्राप्त की एवं चुनाव की दृष्टि से कौन राजनीतिक दल एवं व्यक्ति कितना प्रभावी होगा इस संबंध में विस्तार से चर्चा वार्ता की।
अग्रवाल ने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास के कार्य किए गए हैं। ऋषिकेश में नमामि गंगे, एमडीडीए, विधायक निधि, लोक निर्माण विभाग, पेयजल आपूर्ति विद्युत विभाग आदि सहित व्यापक स्तर पर कार्य हुए हैं जिसके बल पर कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी के लिए वोट मांगेंगे और इसका लाभ सीधे-सीधे पार्टी प्रत्याशी को मिलेगा।
अग्रवाल के निजी आवास पर अलग-अलग चरणों में पार्षदों एवं पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में पार्षदों एवं पार्टी के पदाधिकारियों ने निर्णय लिया है कि समय का लाभ उठाते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा जनकल्याण की जो योजनाएं क्षेत्र में संचालित की गई है और जिन योजनाओं का लाभ आम आदमी को मिल चुका है उन सभी लोगों से नियमित संपर्क बनाए रखना आवश्यक है। चुनावी समर प्रारंभ हो चुका है इसलिए हर दृष्टि से रणनीति व्यापक स्तर पर बनाई जाए ताकि पार्टी को लाभ हो सके।
इस अवसर पर ऋषिकेश भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती ने कहा कि शहर के अंदर भारतीय जनता पार्टी को व्यापक स्तर पर समर्थन मिल रहा है अनेक लोग कांग्रेस की कुरीतियों को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी पर अपनी आस्था व्यक्त करने के लिए तैयार है। उनकी ज्वाइनिंग के लिए योजना बनाई गई है उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की बात भी कही।
दो चरणों में हुई बैठक में मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, पार्षद शिव कुमार गौतम, पार्षद विपिन पंत, पार्षद रश्मि, पूर्व पार्षद तेज बहादुर, पार्षद बिजेंदर मोगा, पार्षद धीरेंद्र रमोला, आदि ने प्रतिभाग किया। जबकि दूसरे चरण की बैठक में भारतीय जनता पार्टी के मंडल महामंत्री किशोर शर्मा, सुमित पवार, पार्षद रीना शर्मा, पार्षद सुंदरी कंडवाल, पार्षद लक्ष्मी रावत, पार्षद ऋषि कांत गुप्ता, पार्षद प्रदीप कोहली, जयेश राणा, लव कांबोज आदि ने प्रतिभाग किया।

सभी पात्र लोग बूस्टर डोज जरुर लगवाएं-अग्रवाल

कोरोना से बचाव की एहतियाती खुराक लगाने की शुरुआत होने पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने बूस्टर डोज लगवाई। बूस्टर डोज लगवाने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने अपील की है कि कोरोना की तीसरी लहर से बचने के लिए सभी पात्र वरिष्ठ नागरिक, स्वास्थ्य कर्मी और कोरोना योद्धा बूस्टर डोज जरूर लगवाएं।
साथ ही विधानसभा अध्यक्ष ने 16 जनवरी को विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान को 1 वर्ष पूर्ण होने पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ यह अभियान सबके प्रयास के साथ आज दुनिया का सबसे सफल टीकाकरण अभियान है। विधानसभा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए सभी स्वास्थ्य कर्मियों, वैज्ञानिकों व देशवासियों को बधाई दी है। उन्होनें कहा की इस एक साल के दौरान टीके की करीब 156.76 करोड़ खुराकें दी गई हैं, टीकाकरण अभियान से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का वह आभार व्यक्त करते है।
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी पात्र व्यक्तियों से अधिक से अधिक कोरोना टीकाकरण करवाने का आह्वान किया। सब से अनुरोध किया है कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, सावधानी बरतें। साथ ही जिनके दोनों डोज पूरे हो चुके हैं। वह बूस्टर डोज जरूर लगवाएं। अग्रवाल ने कहा की भारत इस बात पर गर्व महसूस करता है कि हमारा देश टीकों के माध्यम से महामारी से लड़ने में योगदान देने में सक्षम है। हमारे डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका असाधारण है।

फ्लैग मार्च निकालकर पुलिस ने दिया निर्भिक मतदान का संदेश

विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के दौरान निर्भिक मतदान को लेकर बीएसएफ और पुलिस के जवानों ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला। जनता को संदेश दिया कि मतदान निर्भिकता से करें। किसी भी राजनीतिक दल के दबाव में नहीं आएं। सुरक्षा के लिए पुलिस सदैव आपके साथ है।
शनिवार को संयुक्त यात्रा रोडवेज बस अड्डा परिसर से रिटर्निंग ऑफिसर और एसडीएम अपूर्वा पांडेय, पुलिस क्षेत्राधिकारी डीसी ढौंढियाल, तहसीलदार डॉ. अमृता रावत और बीएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंड संतोष कुमार के नेतृत्व में फ्लैग मार्च शुरू हुआ। जो चंद्रभागा पुल से चंद्रेश्वरनगर, हरिद्वार रोड, मेन बाजार, घाट रोड से घाट चौक होते हुए रेलवे रोड, हीरालाल मार्ग, देहरादून मार्ग स्थित कोतवाली पहुंचकर संपन्न हुई। फ्लैग मार्च में बीएसएफ की एक कंपनी और पुलिस के जवान कदम ताल करते हुए आगे बढ़ रहे थे। पुलिस के शक्ति प्रदर्शन का उद्देश्य आम जन को निष्पक्ष के साथ निर्भिक होकर मतदान करने का रहा। सीओ ढौंढियाल ने बताया कि फ्लैग मार्च के माध्यम से जनसंदेश दिया कि निर्भिक होकर मतदान करें। किसी भी दल के नेता के जबरदस्ती मतदान के लिए धमकाने की शिकायत तत्काल पुलिस को करें। फ्लैग मार्च में कोतवाल रवि कुमार सैनी, एसएसआई डीपी काला, एसआई त्यागी अरुण त्यागी, रामनरेश शर्मा मौजूद रहे।

ऋषिकेश तहसील में ऑनलाइन नामांकन भरने की व्यवस्था की जा रही-एसडीएम

उत्तराखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर स्थानीय प्रशासन ने तमाम राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने चुनाव के दौरान कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन किए जाने के लिए दिशा निर्देश देते हुए सभी नियमावली उन्हें उपलब्ध करवा दी है।
शुक्रवार को नगर निगम के सभागार में उप जिलाधिकारी डॉ. अपूर्वा पांडे और ऋषिकेश तहसीलदार डॉ. अमृता शर्मा ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक ली। उन्होंने बताया गया कि चुनाव आयोग द्वारा 15 जनवरी तक सभी प्रकार की रैलियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसी के साथ चुनाव प्रचार के दौरान उपयोग की जाने वाली प्रचार सामग्री के अतिरिक्त अन्य प्रचार संसाधनों पर भी रोक लगाई गई है। लेकिन 15 जनवरी के बाद मिलने वाली अगली गाइडलाइन तक वह कोविड-19 के नियमानुसार ही अपना चुनाव प्रचार कर सकते हैं। चुनाव में उतरने वाले सभी दावेदार अपना नामांकन पत्र ऋषिकेश तहसील में ही जमा करेंगे हालांकि चुनाव आयोग की ओर से मिली गाइडलाइन के अनुसार नामांकन पत्र भी ऑनलाइन भरे जाने की व्यवस्था की जा रही है। जिससे कोविड गाइडलाइन के नियमों का पालन किया जा सके। साथ ही राजनीतिक दलों को यह भी बताया गया कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में 179 बूथ बनाए गए हैं। सभी बूथों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराए जाने के लिए प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां कर ली गई है।
बैठक में कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, भारतीय जनता पार्टी की ओर से जंयत शर्मा, अधिवक्ता अतुल यादव, समाजवादी पार्टी के अशोक ग्रोवर सहित अन्य दलों के लोग भी मौजूद थे।

लोगों को कांग्रेस की नीतियों के बारे में बताया

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस जन संपर्क अभियान में जुटी हुई है। शुक्रवार को कांग्रेस नेताओं ने ऋषिकेश में जनसंपर्क कर कांग्रेस के पक्ष में वोट करने की अपील की।
शुक्रवार को एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने ऋषिकेश के ग्रामीण क्षेत्र के आशा प्लॉट में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने लोगों को कांग्रेस की नीतियों के प्रति जागरूक किया। कहा कि महंगाई को रोकने में भाजपा और केंद्र सरकार फेल हो चुकी है। मौजूदा महंगाई केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों की विफलता का प्रमाण है। आम जनमानस का कांग्रेस को भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है। मातृशक्ति, युवा सभी कांग्रेस के साथ हैं और सभी कांग्रेस पर भरोसा जता रहे हैं। मौके पर जितेन्द्र त्यागी, लक्ष्मी, अलका क्षेत्री, अंजली, प्रीति आदि मौजूद रहे।

राष्ट्रीय पार्टियों को प्रचार में पीछे छोड़ रहे कनक धनाई

उत्तराखंड जन एकता पार्टी ऋषिकेश द्वारा उजपा नेता कनक धनाई के नेतृत्व में ऋषिकेश विधानसभा की सीमा से सटी ग्रामसभा हरिपुर कलां में कार्यालय का उद्घाटन किया गया। साथ ही लंबे समय से चले आ रहे समाधान एम्स अभियान के द्वितीय चरण का आरंभ किया गया। जिसके अंतर्गत ऋषिकेश की जनता से उनको एम्स में आने वाली समस्याओं तथा एम्स प्रशासन के प्रति रोष व्यक्त करने हेतु कपड़े पर हस्ताक्षर लिए जाएंगे तथा वे एम्स में उनको आयी समस्याएं भी दर्ज करा सकेंगे। ग्रामीण ऋषिकेश में लगभग 4 दिनों तक चलने के बाद शहरी ऋषिकेश हेतु अभियान चलाया जाएगा। तत्पश्चात हस्ताक्षरों समेत समस्याएं स्वास्थ्य मंत्रालय को भेज दी जाएंगी।
उजपा नेता कनक धनाई ने कहा कि एम्स प्रशाशन के मैनेजमेंट से जनता त्रस्त हो चुकी है, शायद ही ऋषिकेश का कोई ऐसा नागरिक होगा जो स्वास्थ्य लाभ हेतु एम्स गया हो और उसे किसी न किसी तरीके से परेशान न होना पड़ा हो। इसी को ध्यान में रखते हुए पिछले वर्ष हमारे द्वारा एम्स परिसर में रोजगार में हो रही दलाली, स्वास्थ्य सुविधाओं में अव्यस्था तथा असुविधाओं एवम पार्किंग में मची लूट खसूट जैसे मुद्दों को लेकर समाधान एम्स के प्रथम चरण का आरंभ गुमानिवाला के अमित स्मारक से किया गया था, एवम आज हरिपुर कलां से हम इसके द्वितीय चरण को आरंभ कर रहे हैं।
मौके पर उजपा के विभिन्न कार्यकर्ता एवम पदाधिकारी मौजूद रहे।