कांग्रेस प्रत्याशी रमोला ने शुरु किया डोर टू डोर प्रचार

ऋषिकेश विधानसभा कांग्रेस के प्रत्याशी जयेंद्र रमोला और उनकी टीम द्वारा आज अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर जनसंपर्क कर लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की गई। इस दौरान जयेन्द्र रमोला ने कहाकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर जनसंपर्क कर रही हैं और आम जनमानस से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रही है।
रमोला ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव के लिए आम जनमानस को प्रलोभन और झूठे वादे कर रही है परंतु जनता समझदार और जागरूक है, इस बार कोई भी उनके झूठे वायदों में नहीं फंसेगा और कांग्रेस को अपना मत देकर एक मजबूत सरकार बनाएंगे।
रमोला ने बताया कि स्थानीय विधायक द्वारा ग्रामीण क्षेत्र हो या शहरी क्षेत्र हो विकास का कार्य शून्य के बराबर हुआ है, क्षेत्रों में काफी समस्या है जिनका हल स्थानीय विधायक द्वारा नहीं किया गया जैसे शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में, सड़क, पानी, बिजली, पानी की निकासी, आवारा पशुओं से फसल के नुकसान जैसी विभिन्न समस्याएं है परंतु स्थानीय विधायक द्वारा इन समस्याओं कभी ध्यान ही नहीं दिया जाता, चुने हुए जनप्रतिनिधि ही आंख बंद करके बैठ जाएंगे तो जनता की सेवा कौन करेगा।
कांग्रेस नेता दीपक जाटव ने कहा कि जनसपंर्क के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिस प्रकार आम जनमानस का कांग्रेस को जनसमर्थन मिल रहा है यह निश्चित ही परिवर्तन की ओर इशारा करता है। इस बार प्रदेश में और ऋषिकेश विधानसभा में जनता भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। जनता बेरोजगारी, महंगाई से त्रस्त हो चुकी है। सरकार को जनता की मूलभूत समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए था परंतु जन विरोधी भाजपा सरकार उत्तराखंड में अवैध खनन, भ्रष्टाचार में व्यस्त थी। उत्तराखंड में परिवर्तन निश्चित है।
जनसंपर्क के दौरान अजय गर्ग, दीपक नेगी, ललित सक्सेना, नीरज शर्मा, पंकज अरोड़ा, जगजीत सिंह, रमनप्रीत सिंह, विवेक तिवारी, हरिराम उपस्थित रहे।

कनक धनाई ने कराया नामांकन, कहा युवा इतिहास रचेंगे

उत्तराखंड जन एकता पार्टी के ऋषिकेश विधानसभा सीट से विधायक प्रत्याशी कनक धनाई ने आज अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर कनक धनाई ने कहा कि ऋषिकेश में हमारा संघर्ष, व्यवस्था परिवर्तन को लेकर है। अपने अभी तक के संघर्ष में हमने इतना अनुभव कर लिया है कि बिना राजनैतिक परिवर्तन के व्यवस्थाओं में बदलाव नही आ सकता। आज पूरा ऋषिकेश एम्स की खराब व्यवस्थाओं और रोजगार में हो रही दलाली से परेशान है। ऋषिकेश में आज भी वाहनों की पार्किंग चंद्रभागा नदी में होती है। पर्यटन में हम आज तक ऋषिकेश को गंगा आरती के मॉडल से ऊपर नही ले जा सके, इतनी आबादी के बावजूद एक नया सरकारी कॉलेज हम ऋषिकेश में नही खुलवा पाए। ट्रांसपोर्ट नगर खाली फाइलों में ही घूम रहा है। व्यापारी भाइयों को समय-समय पर परेशान किया जाता है। ऐसे ही विस्तृत मुद्दों को लेकर हम विधानसभा चुनाव में उतर रहे हैं, जनता का विश्वास हमारे साथ है।
बता दें कि इस 14 फरवरी को होने वाले विधानसभा में चुनाव में कनक धनाई ऋषिकेश से सबसे युवा दावेदार माने जा रहे हैं। कनक धनाई अपने जनसंघर्षों को लेकर आए दिन चर्चा में रहते हैं। हाल ही में वे एम्स से हटाए गए 98 कर्मचारियों को न्याय दिलाने हेतु एम्स प्रशाशन से भिड़ गए थे जिसमें उनके समेत 40 अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया था। कनक धनाई ने उस समय भी सुर्खियां बटोरी जब वे 14 साल और 14 सवाल के मुद्दे को लेकर विधानसभा अध्यक्ष के कैम्प कार्यलय का घेराव करने पहुंच गए थे, जिसमें उनकी गिरफ्तारी हुई और 6 दिन सुद्धोंवाला जेल में रखा गया था। ऐसे ही एक अन्य मामले में उन्होंने ग्रामीणों के साथ प्रदर्शन करते हुए सड़क के गड्ढों पर धान की रौपाई कर दी थी, जिसके लिए उनकी गिरफ्तारी और साथ मुकदमा भी दर्ज हुआ था।

विकास कार्यो को देखकर वोट करेगी जनता-प्रेमचन्द अग्रवाल

ऋषिकेश विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने आज ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मीरा नगर, तहसील परिसर, भैरव कॉलोनी, कुमार बाडा आदि स्थानों पर जनसंपर्क कर जनता से वोट मांगे।
इस अवसर पर अग्रवाल ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे जनसंपर्क के दौरान उन्हें जनता का भारी समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क के दौरान जिन भी क्षेत्रों में जा रहा हूं वही विकास के अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। ऋषिकेश विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में मोटर मार्गाे का जाल बिछा है। जबकि विद्युत व्यवस्था के अंतर्गत बंचिंग केवल नए ट्रांसफार्मर का निर्माण हजारों नए पोलों को लगाने का किया गया है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश का विकास विगत 5 वर्षों में अभूतपूर्व हुआ है जिससे जरूरतमंद लाभान्वित हो रहे हैं।
वहीं, तहसील परिसर में जनसंपर्क के दौरान अग्रवाल ने स्थानीय जनमानस एवं वकीलों के चेंबर में जाकर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में वोट डालने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि वह हर समय हर समुदाय व वर्ग के साथ खड़े रहे हैं।
तहसील परिसर में हुए जनसंपर्क के दौरान अधिवक्ता अमित वत्स, नेहा नेगी, राकेश पारछा, संजय शास्त्री, रविन्द्र राणा, विजेंद्र मोघा, हैप्पी सेमवाल, अविनाश अग्रवाल, बृजेश शर्मा आदि लोग उपस्थित थे। जबकि मीरा नगर में वीरभद्र मंडल के अध्यक्ष अरविंद चौधरी, महामंत्री सुंदरी कंडवाल, पार्षद अनीता प्रधान, मायाघले, युवराज आदि सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

प्रेमचन्द अग्रवाल ने नामांकन पत्र दाखिल किया

ऋषिकेश विधानसभा सीट से सोमवार को भाजपा के प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान नामांकन कक्ष के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। नामांकन के दौरान प्रत्याशियों के साथ दो लोग ही कक्ष में प्रवेश कर सके।
मंगलवार को तहसील मुख्यालय में नामांकन को लेकर हलचल रही। सुबह करीब 11.15 बजे लोकसभा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक तहसील परिसर पहुंचे। उन्होंने यहां पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चुनाव में एकजुट होकर कार्य करने की बात कही। इसी बीच 11.30 बजे भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल नामांकन के लिए पहुंचे। नामांकन कक्ष के बाहर तैनात पुलिस ने प्रत्याशी अग्रवाल और दो लोगों को अंदर जाने दिया। जबकि अन्य लोगों को नामांकन कक्ष से दूर कर दिया। भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने रिटर्निंग ऑफिसर अपूर्वा पांडेय के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। प्रत्याशी के प्रस्तावक तारा चंद अग्रवाल ने बताया कि नामांकन पत्र की जांच के बाद उसे दाखिल कर लिया गया।
र्चा दाखिल करने के बाद बाहर आने पर सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान, बीडीसी अनिता राणा, प्रधान चकजोगीमाफी एसएस कैंतुरा, प्रधान खैरीखुर्द चंद्रमोहन पोखरियाल, अमित वत्स आदि ने फूल मालाओं से प्रत्याशी का स्वागत किया। वहीं, उत्तराखंड जनता पार्टी के प्रत्याशी अनूप सिंह राणा ने एक प्रस्तावक के साथ तहसील पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया।

भाजपा नेत्री और राज्य आंदोलनकारी ने खरीदा नामांकन पत्र
भाजपा नेत्री और राज्य आंदोलनकारी ऊषा रावत ने तहसील पहुंचकर नामांकन पत्र खरीदा। उन्होंने कहा कि पृथक राज्य के निर्माण में शहीद हुए आंदोलनकारियों के सपने के अनुरूप राज्य को बनाने के लिए राज्य की भावनाओं से जुड़े व्यक्ति को चुनाव में भागेदारी करनी चाहिए। इसके मद्देनजर उन्होंने नामांकन पत्र खरीदा है। वे चुनाव मैदान में उतरेंगी।

भाजपा ने दिखाई एकजुटता, प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार अभियान की रणनीति बनाई

विधानसभा अध्यक्ष और ऋषिकेश से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने शहरी क्षेत्रों में विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। जनसंपर्क के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भाजपा के पक्ष में मत डालने की अपील की।
इस अवसर पर अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास के कार्य हुए हैं और विकास के बल पर भारतीय जनता पार्टी बहुत बड़े अंतर से ऋषिकेश में चौथी बार विजय का परचम लहराएगी। अग्रवाल ने कहा कि उनके द्वारा इन 5 सालों में ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत किए गए कार्यों पर आधारित पुस्तिका में कार्यों का लेखा-जोखा है, जो उन्होंने जनसंपर्क के दौरान लोगों को वितरित की।
इस दौरान संदीप गुप्ता ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए सीमित संख्या में टोली बनाकर कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रदेश सरकार एवं केंद्र सरकार की जन उपयोगी योजनाओं को पहुंचाने का कार्य कर रहे है।
नगर निगम ऋषिकेश की महापौर अनीता ममगाईं ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा सहित संपूर्ण प्रदेश में माहौल भाजपा के पक्ष में है कार्यकर्ताओं में अपार उत्साह है और इसी का परिणाम है कि प्रदेश में एक बार पुनः भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।
कृष्ण कुमार सिंघल ने कहा कि ऋषिकेश की विजय के साथ प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन रही है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को एकजुट होकर चुनाव मे जुट जाने की आवश्यकता है।
जितेंद्र अग्रवाल ने कहा कि संपूर्ण प्रदेश सहित ऋषिकेश विधानसभा में भी प्रत्येक क्षेत्र में विकास के अभूतपूर्व कार्य हुए हैं जिसका लाभ स्थानीय जनमानस को मिल रहा है।
सरोज डिमरी ने कहा कि प्रदेश में पुष्कर धामी और देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं और उनके बल पर ही ऋषिकेश में और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी जीत का परचम लहरा रही है। भारतीय जनता पार्टी बहुत बड़े अंतर से जीत दर्ज कराएगी।
संजय शास्त्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश में हर वर्ग हर जाति एवं हर समुदाय को लाभान्वित करने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं जिसका लाभ चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिल रहा है।
इस अवसर मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, चरणजीत लाल ढींगरा, जिला महामंत्री सुदेश कंडवाल, रविंद्र राणा, मनोज ध्यानी, पार्षद शिव कुमार गौतम, प्रदीप कोहली उपस्थित रहे।

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में वोट करने की अपील

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला के आवाहन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारी वर्षा के बीच विधानसभा ऋषिकेश के गुमानीवाला ग्राम सभा के भागीरथी कालोनी में घर-घर जाकर जनसंपर्क कर आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
जयेन्द्र रमोला ने बताया कि भारी वर्षा व कड़कड़ाती ठंड के बावजूद हमारे कार्यकर्ता लगातार आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र कांग्रेस को मजबूती प्रदान करने के लिए जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं जिसके तहत विधानसभा में विभिन्न ग्रामसभाओं में जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं। आम जनमानस का कांग्रेस को भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है जिसमें मातृशक्ति,युवा सभी कांग्रेस के साथ हैं और कांग्रेस पर भरोसा जता रहे हैं। रमोला ने बताया कि क्षेत्र के विधायक द्वारा ग्राम सभाओं में विकास के नाम पर ग्रामीणों को ठगा है, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्र ना होना, स्कूल जर्जर हालत में है, कहीं सड़के पड़ी है तार-तार, यही है इनके क्षेत्र का विस्तार।
कार्यकर्ताओं के साथ जनसम्पर्क करते हुए ज़िला सचिव लक्ष्मी उनियाल ने बताया कि विधायक को क्षेत्र की जनता से माफी मांगना चाहिए क्योंकि उन्होंने 15 सालो में सिर्फ सत्ता का सुख भोगने में लगा दिए। सड़कों के नाम पर वोट माँगने वाले विधायक गुमानीवाला ग्राम सभा में आकर देखें बरसात में रोड़ों की क्या हालत है, जनता अब परिवर्तन के लिए तैयार है और जनविरोधी भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़ने का काम करेगी और कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव में अपना आशीर्वाद देगी।
जनसंपर्क के दौरान पिंकी देवी, यशोदा राणा, संतोषी कोठियाल, ममता शाही आदि मौजूद रहे।

कनक धनाई ने रायवाला में भी खोला चुनाव कार्यालय

उत्तराखंड जनएकता पार्टी के ऋषिकेश विधानसभा के प्रत्याशी कनक धनाई के आज रायवाला में चुनाव कार्यालय का शुभारंभ एक बुजुर्ग के हाथो संपन्न हुआ। चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार सीमित लोगों ने उपस्थिति दर्शाकर कनक का स्वागत किया।
इस अवसर पर कनक धनाई ने अपने चुनावी अभियान को एक बार फिर लोगों के सामने रखा। उन्होंने कहा कि यह मेरी मातृभूमि है और अपनी मातृभूमि के लिए युवाओं को अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने क्षेत्र के विकास में चंद गिने चुने लोगों के हस्तक्षेप पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्थानीय विधायक आम लोगों की सुध नही लेते है। नही तो आज क्षेत्र में बेरोजगारी, महाविद्यालय का अभाव जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए लोगों को भटकना पड़ता।
कनक धनाई ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करते हुए 15 साल के राज को समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता को एक बार युवा प्रत्याशी को मौका देना चाहिए। एक ही व्यक्ति के सत्ता में बने रहने से क्षेत्र का विकास नही हो पा रहा है। हमें क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने के लिए 15 साल के राज को समाप्त करने के लिए व्यवस्था परिवर्तन के लिए वोट करना है।
इस मौके पर स्थानीय लोगो ने कनक धनाई को आर्शीवाद देते हुए उनके राजनीतिक जीवन के मंगल की कामना की।

घन्ना भाई ने अग्रवाल को चुनाव प्रचार करने का आश्वासन दिया

विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो चुकी है ऐसे में जनसंपर्क कर अपने पक्ष में वोट डलवाने के लिए हर प्रत्याशी प्रयत्नशील है। विधानसभा अध्यक्ष और ऋषिकेश के विधायक प्रेमचंद अग्रवाल नियमित रूप से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क कर विकास के नाम पर वोट डलवाने की अपील कर रहे हैं।
आज अग्रवाल के ऋषिकेश कोयल घाटी स्थित निजी आवास पर अपना सहयोग देने के लिए अनेक महानुभाव पहुंचे जिसमें पूर्व राज्य मंत्री घनानंद उर्फ घन्ना ने विधानसभा अध्यक्ष के निजी आवास पर पहुंचकर पुष्पगुच्छ भेंटकर उन्हें हर प्रकार से सहयोग देने का आश्वासन दिया।
घन्ना भाई ने कहा है कि वह चुनाव के दौरान भी ऋषिकेश विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में चुनाव प्रचार के लिए भी आएंगे। उन्होंने कहा कि अग्रवाल जैसे साफ-सुथरी छवि वाले व्यक्ति को विधानसभा में पहुंचना चाहिए ताकि प्रदेश का विकास निष्कंटक रूप से चलता रहे। इस अवसर पर अग्रवाल ने तमाम लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि चुनाव में हर व्यक्ति सहयोग करें।

पहले दिन 9 नामांकन पत्र बिके, भरा एक भी नही

विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन ऋषिकेश विस सीट से किसी भी राजनैतिक दल के प्रत्याशी ने नामांकन नहीं कराया। छह लोगों ने नौ नामांकन प्रपत्र तहसील से लिए हैं।
शुक्रवार को पहले दिन तहसील में कोई भी प्रत्याशी नामांकन के लिए नहीं पहुंचा। इस दौरान प्रशासन की ओर से नामांकन प्रक्रिया की तमाम व्यवस्थाएं अपनी ओर से पूरी रखी गई थी। पुलिस फोर्स भी मौके पर तैनात रहीं। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर तहसीलदार डा. अमृता शर्मा ने बताया कि जिन छह लोगों ने नौ नामाकंन प्रपत्र लिए हैं। उनमें अकाली दल मान के जगजीत सिंह, उत्तराखंड जनता पार्टी से अनूप सिंह राणा, भूपेंद्र कुकरेती ने निर्दलीय, संजय श्रीवास्तव ने न्याय धर्म सभा, अमित कुमार वत्स ने बीजेपी, लालमणि रतूड़ी ने आप के प्रत्याशी के लिए नामांकन प्रपत्र लिया है। शुक्रवार को एक भी नामाकंन प्रपत्र नहीं भरा गया है।

अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर वोट मांगने को प्रेरित किया

विधानसभा अध्यक्ष और ऋषिकेश के विधायक प्रेमचंद अग्रवाल का भारतीय जनता पार्टी से ऋषिकेश विधानसभा से टिकट घोषित होने पर आज उन्होंने ऋषिकेश स्थित आशीर्वाद वाटिका में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव को लेकर भविष्य की रणनीति पर बैठक कर चर्चा वार्ता की।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने 5 सालों में ऋषिकेश विधानसभा में अभूतपूर्व विकास किया है जिसके बल पर भारतीय जनता पार्टी बहुत बड़े अंतर से यह चुनाव जीतकर विजयश्री प्राप्त करेंगे।
अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा में विगत 5 वर्षों में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से ₹65 करोड की लागत से सड़कों का निर्माण किया गया, जबकि यूपीसीएल विद्युत विभाग के 48 करोड़ के कार्य ऋषिकेश विधानसभा में हुए हैं। इसी प्रकार एमडीडीए के माध्यम से 7 करोड़, सिंचाई विभाग के माध्यम से 44 करोड, राष्ट्रीय राजमार्ग के माध्यम से 575 करोड, जल संस्थान के माध्यम से 129 करोड, नमामि गंगा के माध्यम से 161 करोड आदि ऐसे कार्य हुए हैं जिससे जनता लाभान्वित हो रही है।
अग्रवाल ने कहा कि रायवाला में उत्तराखंड खेल विभाग के माध्यम से मिनी स्टेडियम के लिए एक करोड रुपए की धनराशि भी स्वीकृत हो चुकी है। श्री देव सुमन विश्वविद्यालय का परिसर ऋषिकेश में स्थापित हो चुका है जिसके लिए ₹44 करोड की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। साथ में संजय झील के लिए भी लगभग एक करोड़ की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि इन तमाम कार्यों के बल पर वह ऋषिकेश विधानसभा का चुनाव भारी अंतर से जीतेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा है कि घर-घर जाकर राज्य सरकार व केंद्र सरकार द्वारा किए गए कार्यों के बारे में जानकारी देने की आवश्यकता है। संपूर्ण जनमानस भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए तैयार बैठे हैं।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने घर घर जाकर चुनाव प्रचार को लेकर रणनीति तैयार की ऋषिकेश विधानसभा के प्रभारी दिगंबर सिंह ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल जनता के दुख सुख के साथी है और बेदाग छवि के बल पर उन्हें भारी अंतर से ऋषिकेश में विजय प्राप्त होगी।
इस अवसर पर मुंबई से आये जूनियर देवानंद किशोर भानूशाली ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में ऋषिकेश के सह प्रभारी पूनम चौधरी, मंडी परिषद के पूर्व सभापति देवेंद्र सिंह नेगी, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, वीरभद्र के मंडल अध्यक्ष अरविंद चौधरी, श्यामपुर के मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, इंद्र कुमार गोदवानी, पार्षद रीना शर्मा, सुंदरी कंडवाल, कमला नेगी, रविंद्र राणा, दिनेश पयाल, हरीश तिवारी, राजेश दिवाकर, शिव कुमार गौतम, सुमित कुमार, राजू नरसिम्हा, प्रदीप कोहली संदीप खुराना, जयंत किशोर शर्मा, अंकित पांडे, अरुण बडोनी, विकास तेवतिया, आदि सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान एवं नगर निगम के विभिन्न वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे।