यात्रा पर जाने से पूर्व मौसम की जानकारी ले लें

मौसम विभाग द्वारा 12 एवं 13 मई को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा और प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस पर संज्ञान लेते हुए गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान मौसम की ताज़ा जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा पूरी सावधानी के साथ अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

आयुक्त ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि मौसम की संवेदनशीलता को देखते हुए 12 और 13 मई को यात्रा कार्यक्रम बनाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें। यदि संभव हो तो मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा करना अधिक सुविधाजनक रहेगा। साथ ही, यात्रा के दौरान प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुखद बनी रहे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि श्रद्धालुओं के सहयोग और सतर्कता से चारधाम यात्रा निर्विघ्न और सफलतापूर्वक संपन्न होगी।

पांच जिलों में हल्की बारिश की संभावना, मानसून की विदाई जल्द

पिछले दो दिनों में हुई बारिश के बाद उत्तराखंड के तापमान में गिरावट देखने को मिली है। इससे राज्य में मानसून का प्रभाव अब कम होने लगा है। देहरादून स्थित मौसम विभाग की मानें तो राजधानी में हल्की बारिश होगी। साथ ही नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के एक से दो दौर हो सकते हैं। कही-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। इधर, गढ़वाल में अब बारिश के आसार कम हैं। शुक्रवार की सुबह फिलहाल देहरादून सहित कुमाऊं के कई इलाकों में बादल छाए हैं।

अगले कुछ दिनों में मानसून प्रदेश से विदाई ले सकता है। मौसम विभाग ने कुमाऊं के कुछ जिलों में मध्यम बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की आशंका जताई है। वहीं, बुधवार रात से गुरुवार की सुबह हुई बारिश के दौरान ही पिथौरागढ़ जिले के मल्ला जोहार और दारमा की ऊंची चोटियों पर हिमपात भी हुआ था। गुरुवार को पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा, सिदम खान, नंदा देवी, नंदा कोट, छिपलाकेदार में भी हिमपात हुआ। वहीं देहरादून में सहित कुमाऊं के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई थी।

कुमाऊं के हल्द्वानी, काठगोदाम क्षेत्र में कल दोपहर भी आधे घंटे तक जबरदस्त बारिश हुई। नैनीताल रोड और कालाढूंगी रोड पर पानी भर गया। इंदिरानगर में कई जगह पानी भरने से लोगों को मुसीबत झेलनी पड़ी।