उत्तराखंडः सभी प्रभारी मंत्री जनपदों का भ्रमण कर लेंगे कोविड की स्थिति का जायजा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में कैबिनेट बैठक के बाद कोविड-19 ओमीक्रॉन वेरिएंट के बचाव से सम्बन्धित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने सभी प्रभारी मंत्रियों से जनपदों का भ्रमण कर इस सम्बन्ध में स्थिति का जायजा लेने को कहा।

मुख्यमंत्री ने इस संबंध में जनपदों से समीक्षा के बाद 31 दिसम्बर को उच्च स्तरीय बैठक आयोजित किये जाने के भी निर्देश दिये हैं। साथ ही अधिकारियों को इस सम्बन्ध में निरंतर स्थिति की समीक्षा करने के भी निर्देश दिये हैं।

इस सम्बन्ध में सचिव स्वास्थ्य डा. पंकज कुमार पाण्डेय ने बताया कि कि राज्य में कोविड-19 उपचार हेतु कुल 27186 आइसोलेशन बेड उपलब्ध हैं। राज्य में कुल 13674 ऑक्सीजन सपोर्ट बेड उपलब्ध है, जिनमें से आवश्यकता पड़ने पर कोविड-19 के उपचार हेतु 6572 ऑक्सीजन सपोर्ट बेड आरक्षित किये गये हैं। राज्य में कुल 2113 आई0सी0यू0 बेड उपलब्ध है, जिनमें से आवश्यकता पड़ने पर कोविड-19 के उपचार हेतु 1655 आई0सी0यू0 बेड आरक्षित किये गये हैं। राज्य में कुल 1451 वेंटिलेटर उपलब्ध है, जिनमें से आवश्यकता पड़ने पर कोविड-19 के उपचार हेतु 1016 वेंटिलेटर आरक्षित किये गये हैं। राज्य में कुल 532 एम्बुलेंस उपलब्ध हैं। प्रदेश में कुल 22420 ऑक्सीजन सिलेण्डर, 9828 ऑक्सीजन कॉन्सेनट्रेटर, 71 ऑक्सीजन जनरेशन प्लान्ट कार्यशील है। इसके अतिरिक्त 17 ऑक्सीजन जनरेशन प्लान्ट स्थापना का कार्य गतिमान हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल, सुबोध उनियाल, डॉ धन सिंह रावत, स्वामी यतीश्वरानंद, मुख्य सचिव डा. एस.एस. संधु, अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, सचिव अमित नेगी, सचिव शैलेश बगोली, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार आदि उपस्थित थे।

कैबिनेट फैसलाः कोटद्वार मेडिकल कॉलेज के लिए 5 करोड़ रूपये की मंजूरी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज देहरादून सचिवालय में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में जनहित से जुड़े 41 बड़े फैसलों पर कैबिनेट ने अपनी मुहर लगाई । आज हुए कैबिनेट निर्णयों की जानकारी शासकीय प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने मीडिया को दी।

1. उत्तराखण्ड इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विज्ञापन नियमावली, 2015 संशोधन प्रस्ताव को मंजूरी।

2. उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा नियमावली 2021 संशोधन को मंजूरी।

3. कोविड 19 की तीसरी लहर के तहत कार्यों के संपादन में अधिप्राप्ति नियमावली में छूट जारी रहेगी।

4. उत्तराखण्ड राज्य निधि विज्ञान प्रयोगशाला और राजपत्रित तकनीकी समूह ख सेवा नियमावली 2021 मंजूरी

5. आयकर विभाग द्वारा उत्तराखण्ड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से वर्ष 2008-09 से 2014-15 तक के लिए लिए गए ब्याज सहित कर को वापस करने हेतु चार्टड अकाउन्टेंट की सेवा को मंजूरी।

6. उत्तराखण्ड बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण अधिनियम 2012 के अनुसार रूद्रप्रयाग एवं पौड़ी जनपद के संबंध में अधिसूचना को मंजूरी।

7. उत्तराखण्ड मजदूरी संहिता नियम 2021 को मंजूरी।

8. उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में उद्यान विकास शाखा के अंतर्गत सौन्दर्यीकरण योजना में राजभवन, मुख्यमंत्री आवास, उच्च न्यायालय, नैनीताल, विधानसभा एवं सचिवालय में रख-रखाव हेतु अलग शाखा को मंजूरी।

9. उत्तराखण्ड (उत्तर प्रदेश स्वापक औषधि नियमावली, 1986) संशोधित नियमावली, 2021 को मंजूरी।

10. उत्तराखण्ड राज्य में ई-स्टाम्पिंग प्रणाली के अंतर्गत केन्द्रीय अभिलेख अनुरक्षण अधिकरण के रूप में कार्यरत स्टॉक होल्डिंग कापोरेशन इण्डिया तथा राज्य सरकार के मध्य संपादित अनुबंध पत्र का नवीनीकरण विचलन के प्रस्ताव को मंजूरी।

11. राज्य कर्मचारियों को 03 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ते को मंजूरी।

12. सुन्दर लाल बहुगुणा प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण पुरस्कार को मंजूरी।

13. राज्य में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी।

14. कक्षा एक से आठवीं तक के छात्रों के जूता, बैग निःशुल्क डी.बी.टी के माध्यम से देने की मंजूरी।

15. कोटद्वार मेडिकल कॉलेज हेतु वर्तमान वित्तीय वर्ष में 05 करोड़ रूपये की मंजूरी।

16. पर्वतीय क्षेत्र में फैक्लटी की कमी को देखते हुए क्लीनिकल ट्रेड डाक्टर को 50 प्रतिशत अतिरिक्त इन्टेनसिव को मंजूरी।

17. विद्युत सरचार्ज 31 मार्च, 2022 तक को माफ रखा जाएगा।

18. स्वास्थ्य विभाग में चतुर्थ श्रेणी पद पर पद के सापेक्ष ऑउटसोर्सिंग से भरा जाएगा।

19. उपनल कर्मियों को प्रोत्साहन राशि अब हर माह देने का निर्णय।

20. दसवीं एवं बारहवीं छात्रों को डी.बी.टी के माध्यम से मोबाइल टेबलेट देने का निर्णय जिसपर एक अरब 90 करोड़ 81 लाख व्यय अधिभार होगा।

21. उच्च शिक्षा में सभी छात्रों को मोबाइल टेबलेट देने का निर्णय।

22. एक से पांचवी तक के कक्षा में द्विभाषी पुस्तक (गढ़वाली, कुमांऊनी, जौनसारी, गुरमुखी, बंग्ला भाषा) विकसित एवं प्रकाशित करने का निर्णय।

23. राज्य बनने के बाद पहली बार जापान अन्तर्राष्ट्रीय सहयोग एजेन्सी , 526 करोड़ का निवेश उद्यान विभाग के लिए डी.पी.आर को मंजूरी।

24. सोप स्टोन पाउडर जी.एस.टी बकाये को चार वर्ष में 48 किश्तों में जमा करने को मंजूरी।

25. भारत सरकार द्वारा स्थापित स्वायत्तशासी संस्थाओं के शिक्षा बोर्ड द्वारा प्रदान की गई उपाधियों को उत्तराखण्ड विद्यालय शिक्षा बोर्ड, रामनगर की उपाधियों से समकक्ष मानने को मंजूरी।

26. उत्तराखण्ड आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवायें विभग की ‘‘ उत्तराखण्ड आयुर्वेदिक योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा सहायक सेवा, नियमावली, 2021 को मंजूरी।

27. प्राकृतिक आपदा प्रभावित परिवार के पुनर्वास/विस्थापन हेतु पुनर्वास नीति 2011 में संशोधन को मंजूरी।

28. नगर निगम हरिद्वार मनसा देवी रोपवे को 3 करोड़ 25 लाख वार्षिक लीज रेंट 3 रूपये प्रति टिकट सेस पर पूर्व कार्यरत संस्था उषा ब्रेको कम्पनी के माध्यम से आगामी 02 वर्ष पर संचालित करने का निर्णय।

29. सिडकुल द्वारा एम्स की स्थापना हेतु दी गई भूमि के एवज में ग्राम देवरिया में कुल 22.475 है0 भूमि सिडकुल को आवंटित किये जाने की मंजूरी

30. उत्तराखण्ड संस्कृत शिक्षा नियमावली, 2021 को मंजूरी।

31. ऊधमसिंहनगर रूद्रपुर में प्रस्तावित यातायात नगर योजना हेतु भूमि आंवटन की मंजूरी।

32. नैनीताल रामगढ़ के गुरूदेव रविन्द्रनाथ टैगोर टॉप में विश्व भारती, केन्द्रीय विश्वविद्यालय परिसर की स्थापना को मंजूरी।

33. अधीनस्थ अर्थ एवं संख्या नियमावली, 2021 को मंजूरी।

34. कोस्टगार्ड ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना हेतु 0.2860 है0 भूमि रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार को सःशुल्क आवंटित भूमि के नजराना एवं मालगुजारी की धनराशि में छूट प्रदान करते हुए निःशुल्क आवंटन को मंजूरी।

35. जनपद पिथौरागढ़, तहसील धारचूला के ग्राम गुंजी में सेना(119, इन्फेन्ट्री ब्रिज ग्रुप) के उपयोगार्थ 11.350 है0 राज्य भूमि रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के नाम सःशुल्क हस्तान्तरण करने को मंजूरी।

36. ऋषिकेश नरेन्द्रनगर शिवपुरी रेल में विकास निगम लिमिटेड द्वारा खनन पेनाल्टी पर छूट देने का निर्णय।

37. राज्य में पेयल उपभोक्ताओं के जल मूल्य एवं सीवर शुल्की की दरों का पुनरीक्षण करने हेतु गठित समिति के पुनर्गठन को मंजूरी।

38. वन भूमि हेतु लीज के नवीनीकरण तथा नई लीज की स्वीकृति हेतु नीति एवं वन भूमि मूल्य वार्षिक लीज रेंट निर्धारित करने का निर्णय।

39. उत्तराखण्ड अग्रिशमन एवं आपात सेवा, अग्नि निवारण और अग्नि सुरक्षा संशोधन विधेयक 2021 को मंजूरी।

40. उत्तराखण्ड फुटलॉच ऐरोस्पोटर्स पैराग्लाइडिंग संशोधित नियमावली 2021 को मंजूरी।

41. सत्र 2022-23 में राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 09 से 12 तक अध्ययनरत् सामान्य व पिछड़ी जाति के छात्र-छात्राओं को भी अनु0 जाति एवं अनु0 जनजाति के छात्र-छात्राओं के समान निःशुल्क पाठ्य पुस्तक योजना से आच्छादित कराये जाने का निर्णय।

बागेश्वर में सीएम ने किया 27331.13 लाख की लागत की 89 योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काण्डा में आयोजित काण्डा महोत्सव का दीप प्रज्ज्वलित एवं पूजा अर्चना कर शुभारंभ किया। तत्पश्चात जनपद बागेश्वर के विधानसभा कपकोट के केदारेश्वर मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा कपकोट एवं बागेश्वर क्षेत्र की 27331.13 लाख की लागत की 89 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। जिसमें विधानसभा कपकोट की 6843.03 लाख की लागत की 33 योजनाओं का लोकार्पण तथा 15632.94 लाख की 36 योजनाओं का शिलान्यास किया गया तथा विधानसभा बागेश्वर की 531.40 लाख की चार योजनाओं का लोकार्पण तथा 4323.76 लाख की 16 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्रीय जनता को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें जब प्रदेश के मुख्य सेवक का दायित्व मिला, उसके बाद राज्य सरकार द्वारा जनहित में अनेक फैसले लिए गए हैं। राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में रिक्त चल रहे पदों में भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के साथ ही युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ऋण वितरित किए जा रहे है। लंबे समय से चली आ रही आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों सहित उपनल कर्मियों के मांग पर मानदेय बढाने के साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों का भी मानदेय बढ़ाया गया है। इसके साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए 1734 पदों पर पुलिस भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत गौरवशाली, शक्तिशाली, आत्मनिर्भर एवं विश्व गुरु के रूप में उभर रहा है। उत्तराखंड जैसे युवा राज्य को आने वाले समय में शिक्षा ,स्वास्थ्य , पर्यटन , व्यापार , उद्योग जैसे तमाम क्षेत्रों में हिंदुस्तान का नम्बर वन राज्य बनाएंगे। सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को लाभ पहुंचे इस पर निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा राज्य का विकास सबकी सामूहिक यात्रा है जिसमें सभी की सहभागिता जरूरी है। सरकार एक-एक पल आम जनता के हित के लिये कार्य कर रही है व आम जनता के लिये सरकार के द्वार हर वक्त खुले है। उन्होने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्र में निवासरत व्यक्ति तक विकास की योजनाओं को पहुंचाना है तथा उन्हे आत्मनिर्भर बनाते हुए विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि जनपद में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं जिसके लिए कार्य किया जा रहा हैं। कपकोट क्षेत्र में जड़ी बूटी की अपार संभावनाएं हैं, इसलिए इस क्षेत्र को जड़ी बूटी केंद्र के रूप में विकसित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आठ हजार लोगों को होम स्टे योजना के तहत रोजगार उपलब्ध कराया गया है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कपकोट मे पॉलिटेक्निक के भवन निर्माण तथा सीएसडी कैंटीन के लिए आंकलन कर समाधान किया जायेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इसके पश्चात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट में पांच सौ एमपीएल क्षमता वाले ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट का लोकार्पण तथा बीस बैड के चिकित्सालय भवन व मीटिंग हॉल का शिलान्यास किया गया। काण्डा महोत्सव में मुख्यमंत्री द्वारा मेला समिति को 02 लाख, काण्डा में सामुदायिक भवन के लिए 25 लाख रूपये देने की घोषणा की गयी, तथा ससोला में स्वीकृति एएनएम सेंटर के लिए धनराशि स्वीकृति करने तथा राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काण्डा में स्वास्थ्य सुविधा बेहतर करने के लिए अल्ट्रासाउंड एवं डायलिसिस की व्यवस्था की जायेगी।
इस अवसर पर खाद्य आपूर्ति मंत्री बंशीधर भगत, ग्राम्य विकास मंत्री स्वामी यतीश्वानन्द, विधायक कपकोट बलवंत सिंह भौर्याल, बागेश्वर विधायक चंदन राम दास, अध्यक्ष जिला पंचायत बसंती देवी, पूर्व विधायक शेर सिंह गढ़िया, जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।

सीएम धामी ने किया बोधिसत्व विचार श्रृंखला ई संवाद कार्यक्रम संबोधित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में बोधिसत्व-विचार श्रृंखला-ई संवाद कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लिये देवभूमि को योग, वेलनेस का शसक्त हब बनाने में सांस्कृतिक संस्थाओं, तीर्थाटन, होम स्टे से जुड़े लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि राज्य के व्यापक हित में राज्य के बुद्धिजीवियों, विषय विशेषज्ञों, प्रवासी प्रदेश वासियों के विचारों की श्रृंखला इस आत्म निर्भर बोधिसत्व कार्यक्रम के तहत आयोजित की गई है। इस संबंध में अब तक तीन श्रृंखला आयोजित की जा चुकी है। नीति आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार, केन्द्र सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार डॉ. के विजय राघवन एवं अन्य कई विषय विशेषज्ञों के विचारों का लाभ हम प्राप्त कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि इस श्रृंखला में प्राप्त होने वाले सुझाव व विचार उत्तराखण्ड को 2025 में रजत जयंती वर्ष के अवसर पर राज्य को देश का श्रेष्ठ व अग्रणी राज्य बनाने में मददगार होंगे, इसके लिये सभी विभागों का आगामी 10 सालों का रोड मैप भी तैयार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अच्छी स्कूल हो, शिक्षा का बेहतर वातावरण हो, स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास हो, राज्य के आय के संसाधनों की वृद्धि के साथ ही मूलभूत सुविधाओं के विकास पर कैसे नियोजित ढंग से व्यय हो, पलायन रूके, बेरोजगारी दूर हो इस प्रकार की ज्वलंत समस्याओं का हमें समाधान करना है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी सीमित है, इससे ही बेरोजगारी दूर नहीं होगी। इसके लिये स्वरोजगार की दिशा में पहल की गई है। पुलिस विभाग में रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की है। सरकारी नौकरी हजारों में है और बेरोजगारी लाखों में, यह विषय सभी के लिये सोचनीय है इसके लिये हम सबको सहयोगी बनना होगा। इसमें बुद्धिजीवियों, विषय विशेषज्ञों, तीर्थ पुरोहितों, समाज सेवियों, सभी को योगदान देना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिये प्रयासरत हैं। समग्र विकास के लिये जो बेहतर हो सकता है हमने वह सब करने के प्रयास आरम्भ किये हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर्मयोगी हैं। देश के समग्र विकास के लिये वे निरंतर चिंतनशील रहते हैं। हाल ही में बनारस में हुए मुख्यमंत्री परिषद की बैठक के बाद जिस प्रकार देर रात उन्होंने बनारस में किये गये कार्यों का निरीक्षण किया वह उनकी कार्यों को धरातल पर देखने की ललक है। उन्होंने सांसद होने के नाते शहर के कार्यों के निर्माणाधीन एवं निर्मित की गई योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नये आयाम प्राप्त कर रहा है। केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण, अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का कार्य तथा काशी विश्वनाथ धाम को भव्य स्वरूप देना इसका उदाहरण है। अहिल्याबाई होल्कर के बाद मोदी जी ने काशी विश्वनाथ धाम का पुनरुद्धार का कार्य किया। बद्रीनाथ धाम के सौन्दर्यीकरण का भी कार्य चल रहा है। 250 करोड़ की योजना इसके लिये तैयार की गई है। इस प्रकार आज प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाये जाने का कार्य हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज हित हमारे लिये सर्वाेपरि है। नर सेवा ही नारायण सेवा है। अपने लिये तो सभी जीते हैं। मनुष्य होने के नाते हमें अपने ज्ञान का लाभ दूसरों को देना होगा ताकि हमारा समाज ज्ञानवान ऊर्जावान, समाज बने सभी के विचारों का विजन धरातल पर उतरे इसका हमारा प्रयास है। विचारों का संकलन के इस मंथन से जो अमृत निकलेगा वह 2025 में राज्य को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने के विजन को साकार करने में मददगार होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छात्रों के शैक्षिक विकास में भी विशेष योगदान देने वाले प्रधानाचार्य श्री हुकुम चंद उनियाल के साथ ही अन्य विषय विशेषज्ञों को सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर डॉ. सुनील जोशी कुलपति उत्तराखण्ड आर्युवेदिक विश्व विद्यालय ने प्रदेश में तीर्थाटन के साथ ही आयुष टूरिज्म, योग एवं पंचकर्म तथा जड़ी बूटी कृषिकरण एवं प्रंसस्करण को बढ़ावा देने की जरूरत बतायी। उन्होंने कहा कि उनके विश्वविद्यालय द्वारा इस दिशा में पहल करने के साथ ही बायोकेमिकल लैब की मजबूती पर ध्यान दिया जा रहा है।
प्रो. देवी प्रसाद त्रिपाठी कुलपति उत्तराखण्ड संस्कृत विद्यालय द्वारा योगतंत्र व सांख्य योग को बढ़ावा देने के साथ ही हेल्थ कॉन्शियस के साथ पंचकर्म विद्या के विकास पर ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देव भूमि, योग भूमि के साथ संस्कृत की भी भूमि है। भरत, वेदव्यास कण्व व कालीदास की इस भूमि में तीर्थस्थलों के पौराणिक महत्व को देश व दुनिया तक पहुंचाने में संस्कृत गाइडों का बड़ा योगदान हो सकता है। उन्होंने उत्तराखण्ड में संस्कृत व वेद की पाठशाला के विकास पर भी ध्यान देने की बात कही ताकि देश के लोग संस्कृत पढ़ने यहां आयें, उन्होंने केदारखण्ड, मानसखण्ड की यात्रामार्ग विकसित करने का भी सुझाव दिया।
पूर्व वन अधिकारी मोनिष मल्लिक ने केरल की भांति उत्तराखण्ड के चारधाम यात्रा मार्गों तथा अन्य दर्शनीय स्थलों पर अधिक से अधिक होम स्टे बनाये जाने, चाल खाल के विकास के साथ ही भूमि संरक्षण की दिशा में कार्य किये जाने की जरूरत बतायी।
आचार्य भुवन चंद उनियाल, धर्माधिकारी श्री बद्रीनाथ धाम ने कहा कि उत्तराखंड के पंच प्रयागों की मिट्टी व जल की लोग मांग करते हैं। इसकी उपलब्धता की व्यवस्था तथा देवी मंदिरों, शिव मंदिरों, विष्णु मंदिरों का सर्किट तैयार करने तथा होम स्टे योजना में कक्षों की संख्या बढ़ाये जाने का उन्होंने सुझाव दिया।
पंडित विपिन जोशी ने राज्य के विभिन्न तीर्थ स्थलों प्राकृतिक स्थलों से लोगों को जोड़ने, शीतकालीन तीर्थाटन, चारधाम के अलावा अन्य तीर्थ स्थलों के विकास पर ध्यान देने की बात की। उन्होंने गांवों को आयुष से जोड़ने पर भी बल दिया।
इस अवसर पर जिन लोगों ने अपने विचार रखे उनमें डा० सरस्वती काला, योग विभागाध्यक्ष श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, हुकुम सिंह उनियाल, प्रधानाचार्य पूर्व माध्यमिक विद्यालय, देहरादून, डा० दिनेश जोशी, अनिल तोमर, आगाज फाउंडेशन के जगदंबा प्रसाद मैठाणी, गिरिजा शंकर जोशी, प्रभा शाह गोरखाली सभा देहरादून के साथ ही अग्रवाल समाज, जैन समाज, गुरु सिंह सभा, मराठा समाज, बंगाली समाज आदि के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे तथा मुख्यमंत्री द्वारा की गई इस पहल को सराहनीय एवं राज्य के व्यापक हित में बताया।
कार्यक्रम का संचालन मुख्यमंत्री के मुख्य समन्वयक प्रो. दुर्गेश पंत द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तरखण्ड वासियों भाष्कर भट्ट, प्रहलाद अधिकारी आदि ने भी वर्चुअली प्रतिभाग कर अपने सुझावों से अवगत कराया तथा मुख्यमंत्री की इस पहल को राज्य हित में बताया।

हल्द्वानी में पीएम के कार्यक्रम के लिए सीएम ने जानी व्यवस्थाएं


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी 30 दिसम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित हल्द्वानी भ्रमण के मद्देनजर गुरुवार को कार्यक्रम स्थल एमबी इन्टर कॉलेज मैदान का जनपद प्रभारी मंत्री यतीश्वरानन्द, केन्द्रीय पर्यटन रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत व अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के उपरान्त मुख्यमंत्री ने संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि आयोजन से सम्बन्धित सभी व्यवस्थायें समय पर पूर्ण कर ली जाए। बैठक दौरान मुख्य विकास अधिकारी एवं लोनिवि के अधिकारियों द्वारा प्रधानमंत्री कार्यक्रम स्थल में मंच,बैठने की व्यवस्था का लेआउट प्लान के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया साथ ही पार्किंग स्थल के बारे में भी बताया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम स्थल से जितना सम्भव हो सके उतने नजदीक पार्किंग स्थल चयनित किये जाये ताकि कार्यकर्ताओं व जनता को कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने में परेशानियों का सामना ना करना पडे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पार्किग स्थल व पार्किंग स्थल रूट पर वॉलिंटियर लगाये जायेंगे ताकि बाहर से आने वाले कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल तक आने में परेशानी ना हो।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 30 दिसम्बर को प्रधानमंत्री हल्द्वानी में कुमाऊं क्षेत्र के लिये करोडों रूपये की लागत की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगें। उन्होंने कहा कि टनकपुर-बागेश्वर ब्रॉडगेज रेल लाइन सर्वे हेतु 29 करोड़ की धनराशि भारत सरकार से जारी हो चुकी है। जमरानी बांध की सैद्धान्तिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।

निरीक्षण दौरान अध्यक्ष जिला पंचायत बेला तोलिया, मेयर डॉ. जोगेन्द्र पाल सिह रौतेला, विधायक नवीन दुम्का, दीवान सिंह बिष्ट, रामसिह कैडा, राजकुमार ठुकराल, प्रदेश महामंत्री भाजपा सुरेश भट्ट, संगठन मंत्री अजय कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. संदीप तिवारी आदि उपस्थित थे।

स्पीकर ने सीएम से की मुलाकात, जाना स्वास्थ्य हाल

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री आवास पहुंच कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के बीच विभिन्न विषयों पर चर्चा वार्ता भी हुई।

मुलाकात के दौरान स्पीकर ने मुख्यमंत्री के हाथ पर लगी हुई चोट के बारे में जानकारी ली एवं शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। विधानसभा अध्यक्ष ने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा पर शीघ्र ही शासनादेश जारी करने संबंधी विषय पर मुख्यमंत्री से आग्रह किया। साथ ही स्पीकर ने ऋषिकेश क्षेत्र में प्रस्तावित विभिन्न योजनाओं की स्वीकृति के लिए भी मुख्यमंत्री से बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी विधानसभा अध्यक्ष को सभी विषयों पर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

मिशन 2022ः कांग्रेस नेता का ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र रमोला ने विधानसभा ऋषिकेश के ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायत प्रतीत नगर के वैदिक नगर 1, 2 और 3 में घर-घर जाकर जनसंपर्क किया व आपकी आवाज हमारी प्रतिज्ञा अभियान चलाया और स्थानीय जनता से सुझाव लिए। उन्होंने विधानसभा चुनाव में प्रतिज्ञा पत्र के लिए आम जनमानस के साथ संवाद कर सुझाव भी माँगे।

पूर्व प्रधान वीरेन्द्र सिंह ने कहा कि इस अभियान को आम जनमानस का समर्थन मिल रहा है और वह इस अभियान से जुड़ रहे हैं जिसमें मुख्य तौर पर युवा और महिलाओं की भागीदारी अधिक है। प्रधान ने बताया कि विधानसभा ऋषिकेश को विकसित करने के लिए पर्यटन के क्षेत्र से, व्यवसाय के क्षेत्र से, स्वास्थ्य के क्षेत्र से आम जनमानस की मूलभूत समस्याओं के सभी वर्गाे से क्षेत्र हित में सुझाव मांग रहे हैं और उनके सुझावों को ऋषिकेश के प्रतिज्ञा पत्र में शामिल करेंगे।

जनसंपर्क में यशपाल सिंह पंवार, सतीश रावत, रायवाला महिला ब्लॉक अध्यक्ष अंशुल त्यागी जिला महासचिव अलका क्षेत्री, मंजू पाठक, सपना ठाकुर, ज़िला महासचिव गीता देवी, जिला बूथ प्रभारी गजेन्द्र विक्रम शाही, राजेश गौड़, विश्वमोहन राणा, सतीश, लल्लन प्रसाद, संजय कुमार, गब्बर कैंतुरा, किशोर कुमार, राजन बिष्ट आदि शामिल थे।

परिवर्तन के लिए युवा मतदाता हैं तैयारः राजपाल

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने मतदाता जागरूकता अभियान की पदयात्रा का कार्यक्रम ग्रामसभा हरिपुर में युवाओं को वोट बनाने के लिए जागरूक किया।

खरोला ने कहा की 2 दिसम्बर से लगातार चलने वाले मतदाता जागरूकता अभियान पदयात्रा में युवाओं को वोट बनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है और उन्हें वोट बनाने के विभिन्न उपाय बताये जा रहे है।

खरोला ने कहा की ऋषिकेश विधानसभा की जनता से इस अभियान को बहुत प्यार मिल रहा है और क्षेत्रवासी बढ़ चढ़कर इस अभियान के साथ जुड़ रहे है ।

खरोला ने कहा की मतदान करना सभी नागरिकों का कर्तव्य है. यह एक महापर्व की भांति है. जिसके माध्यम से सभी धर्म, जाति, समुदाय के द्वारा चुनकर आने वाला जन प्रतिनिधि उनके सर्वांगिण विकास के लिए सरकारी कार्यों व योजनाओं का निर्धारण करते हैं।

खरोला ने कहा की राष्ट्रहित में अपने मताधिकार का प्रयोग कर कर्तव्य का निर्वहन करना चाहिए। 18 वर्ष की आयु 1-1 2022 को पूर्ण करने वाले सभी युवाओं का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित होना चाहिये, वोट मतदान करेंगे तो हमारे समाज का और राष्ट्र का विकास होगा।

इस दौरान अन्नी शर्मा, शंभू प्रसाद राणा कोटी, भारत लखेड़ा, रवि बाबू शर्मा, देवेंद्र रावत, मुकेश मनोरी, मुकेश गौर, कपिल श्रीवास्तव, धर्मेंद्र, आनंद मिश्रा, सुरेश पटवाल, धनपाल खरोला, आशुतोष सुयाल, पूजा तिवारी, प्रिया तिवारी, अमर, हरि शुक्ला, शंकर नवीन, पारस अग्रवाल, मधुबर बर्थवाल आदि लोग मौजूद रहे।

आप के बढ़ते जनाधार से भाजपा में घबराहटः डा. नेगी


आम आदमी पार्टी के ऋषिकेश विधानसभा प्रभारी डॉ राजे सिंह नेगी ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पर बड़ा हमला कर सियासत के मैदान को गरमा दिया है।

आज पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित हुई। इसमें विधानसभा प्रभारी डॉ नेगी ने राज्य को चार साल पीछे ढकेलने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत को दोषी ठहराया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में राजस्व घाटे के लिए पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र रावत दोषी हैं।अपने कार्यकाल में उन्होंने कोई विकास कार्य नही किया।नतीजतन, भाजपा को उन्हें सीएम से हटाने पर मजबूर होना पड़ा।विधानसभा सभा प्रभारी ने कहा कि त्रिवेन्द्र रावत कहते हैं कि घोषणा करने का अधिकार सिर्फ मुख्यमंत्री को होता है तो वो जनता को बताएं कि आपकी कितनी घोषणाएं आज तक पूरी हुई। आप के नेता नेेगी ने दावा किया की आप पार्टी के बढते जनाधार से बीजेपी घबरा गई है।

कहा कि बीजेपी एक जुमलेबाज पार्टी है जिसके जुमलों से अब जनता बोर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आप पार्टी काम की राजनीति करने वाली पार्टी है, आप जो कहती है वो करके दिखाती है और इस बार काम के नाम पर वोट पडेंगे। पत्रकार वार्ता में संगठन मंत्री दिनेश असवाल, जिला उपाध्यक्ष चंद्रमोहन भट्ट, जिला उपाध्यक्ष महिला मोर्चा सीता पयाल कार्यालय प्रभारी सरदार निर्मल सिंह सोशल मीडिया प्रभारी सुनील सेमवाल आदि उपस्थित थे।