400 करोड़ के केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों का प्रधानमंत्री ने किया लोकार्पण व शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केदारनाथ धाम में गोवर्धन पूजा के अवसर पर को बाबा केदार की पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक किया। उन्होंने लगभग 400 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें आदि गुरू शंकराचार्य के पुनर्निर्मित समाधि स्थल और नई प्रतिमा का अनावरण के साथ तीर्थ पुरोहितों के आवास, सरस्वती नदी के तट पर बाढ़ सुरक्षा तथा घाटों का निर्माण, मन्दाकिनी नदी तट पर बाढ़ सुरक्षा हेतु भार वाहक दीवार, गरुड़ चट्टी के लिये मन्दाकिनी नदी पर पुल के निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री द्वारा जिन योजनाओं का शिलान्यास किया गया उनमें श्री केदारनाथ धाम में संगम घाट का पुनर्विकास एवं रेन शैल्टर शेड, प्राथमिक चिकित्सा एवं पर्यटक सुविधा केन्द्र, मन्दाकिनी आस्था पथ पंक्ति प्रबन्धन, मन्दाकिनी वाटर एटीएम एवं मन्दाकिनी प्लाजा, प्रशासनिक कार्यालय एवं अस्पताल भवन, केदारनाथ तीर्थ स्थल में संग्रहालय (म्यूजियम) परिसर, सरस्वती सिविक एमेनिटी भवन का निर्माण कार्य शामिल है। इस अवसर पर राज्यपाल ले.ज.(से.नि) गुरमीत सिंह, कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. सन्धु आदि भी उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास था कि आपदा के बाद केदारनाथ धाम पूरी आन बान और शान के साथ फिर से खड़ा होगा। केदारनाथ पुनर्निर्माण को उन्होंने ’ईश्वरी कृपा’ बताया और इसमें योगदान देने वाले प्रत्येक व्यक्ति का आभार प्रकट किया।

उन्होंने कहा कि केदारनाथ में भारत की संस्कृति की व्यापकता का अलौकिक दृश्य दिखाई देता है। यहां आकर महसूस होता है कि भारत की ऋषि परंपरा कितनी महान है। मैं यहां जब भी आता हूं कण-कण से जुड़ जाता हूं। उन्होंने कहा कि गरुड़चट्टी से मेरा पुराना नाता है। मेरा सौभाग्य है कि गोवर्धन पूजा के दिन उन्हें केदारनाथ दर्शन का सौभाग्य मिला है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केदारनाथ में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। 2013 की आपदा के दौरान मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था। इस दौरान केदारनाथ आपदा को याद कर प्रधानमंत्री मोदी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि आपदा में जो नुकसान यहां हुआ, वो अकल्पनीय था। हर कोई सोचता था कि क्या ये हमारा केदारनाम धाम फिर से उठ खड़ा हो पाएगा, लेकिन उन्हें पूरा विश्वास था कि यह धाम पहले से अधिक आन-बान-शान के साथ खड़ा होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने केदारनाथ के पुनर्निर्माण का जो सपना देखा था वो आज पूरा हो रहा है। इस आदि भूमि पर शाश्वत के साथ आधुनिकता का ये मेल, विकास के ये काम भगवान शंकर की सहज कृपा का ही परिणाम हैं। उन्होंने पुनर्निर्माण कार्यों में तत्परता दिखाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तारीफ की। उन्होंने इन पुनीत प्रयासों के लिए मंदिर के रावल, पुजारियों और इन निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी उठाने वाले सभी लोगों को भी धन्यवाद दिया। खासतौर पर उन्होंने पुनर्निर्माण कार्य करने वाले श्रमिकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि बर्फबारी और कड़कड़ाती ठंड के बीच यहां निर्माण का काम करना बेहद मुश्किल था।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आदि गुरु शंकराचार्य ने पवित्र मठों की स्थापना की और द्वादश ज्योतिर्लिंगों के पुनर्जागरण का काम किया। बाल्यावस्था में ही उन्होंने सबकुछ त्यागकर देश, समाज और मानवता के लिए जीने वालों के लिए एक सशक्त परंपरा खड़ी की है। आदि गुरु शंकराचार्य को शंकर का अवतार बताते हुए उन्होंने कहा कि ’शं करोति सः शंकरः’ का तात्पर्य है, जो कल्याण करे, वही शंकर है। इस व्याकरण को भी आचार्य शंकर ने प्रत्यक्ष प्रमाणित किया। उन्होंने अपना पूरा जीवन जन-साधारण के कल्याण में खपा दिया। आज हम सभी आदि शंकराचार्य जी की समाधि की पुनः स्थापना के साक्षी बन रहे हैं। एक समय था जब आध्यात्म को, धर्म को केवल रूढ़ियों से जोड़कर देखा जाने लगा था। लेकिन, भारतीय दर्शन तो मानव कल्याण की बात करता है, जीवन को पूर्णता के साथ समग्र तरीके में देखता है। आदि शंकराचार्य ने समाज को इस सत्य से परिचित कराने का काम किया है।

कहा कि हमारे यहां सदियों से चारधाम यात्रा का महत्व रहा है। तीर्थाटन हमारे यहां जीवन काल का हिस्सा माना गया है। अब हमारी सांस्कृतिक विरासतों को, आस्था के केंद्रों को उसी गौरव भाव से देखा जा रहा है, जैसा देखा जाना चाहिए। उन्होंने देशवासियों का आह्वान किया कि वे तीर्थ और धार्मिक स्थलों का भ्रमण जरूर करें।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर पूरे गौरव के साथ बन रहा है, अयोध्या को उसका गौरव वापस मिल रहा है। अभी दो दिन पहले ही अयोध्या में दीपोत्सव का भव्य आयोजन पूरी दुनिया ने देखा। भारत का प्राचीन सांस्कृतिक स्वरूप कैसा रहा होगा, आज हम इसकी कल्पना कर सकते हैं। इसी तरह उत्तर प्रदेश में काशी का भी कायाकल्प हो रहा है। विश्वनाथ धाम का कार्य बहुत तेज गति से पूर्णता की तरफ आगे बढ़ रहा है। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने अयोध्या, काशी और मथुरा का जिक्र किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा देश अब गौरव के साथ अपने लिए बड़े लक्ष्य तय कर रहा है। देश कठिन समय सीमाएं निर्धारित करता है, तो कुछ लोग कहते हैं कि इतने कम समय में ये सब कैसे होगा, होगा भी या नहीं होगा। तब मैं कहता हूं कि समय के दायरे में बंधकर भयभीत होना अब भारत को मंजूर नहीं है।

उत्तराखण्ड के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने कहा कि चारधाम सड़क परियोजना पर तेजी से काम हो रहा है, चारों धाम सुरक्षित हाईवे से जुड़ रहे हैं। भविष्य में यहां केदारनाथ तक श्रद्धालु केबल कार के जरिए आ सकें, इससे जुड़ी प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। यहां पास में ही पवित्र हेमकुंड साहिब जी भी हैं। हेमकुंड साहिब जी के दर्शन आसान हों, इसके लिए वहां भी रोप-वे बनाने की तैयारी है। पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड के तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। इसी का नतीजा है कि चारधाम यात्रा आने वाले भक्तों की संख्या लगातार रिकॉर्ड बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले 10 वर्षों में यहां पिछले 100 वर्षों से अधिक श्रद्धालु यात्रा के लिए पहुंचेंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने कोरोना संक्रमण में साहस का परिचय दिया। कोरोना टीकाकरण की पहली डोज में शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। ये उत्तराखंड की ताकत है, सामर्थ्य है। पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी अब उसी के काम आएगी, पलायन रुकेगा। इसके लिए प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री धामी को धन्यवाद भी दिया। कहा कि मुझे पूरा विश्वास है जितनी ऊंचाई पर उत्तराखंड है भविष्य में वह उतनी ही ऊंचाई हासिल करेगा।

उत्तराखण्ड के प्रति प्रधानमंत्री का है विशेष लगाव- मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का हिमालय तथा यहां पर स्थित मंदिरों से विशेष लगाव रहा है। चाहे कैलाश मानसरोवर की यात्रा हो अथवा केदारपुरी में तप एवं ध्यान साधना हो, यहां की भूमि से आपने सदैव एक असीम आध्यात्मिक दिव्य ऊर्जा प्राप्त की है, जिसने आपको निरंतर भारत वर्ष के समग्र कल्याण का कार्य करने की शक्ति दी है। उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म संस्कृति में आदि गुरु शंकराचार्य जी को कौन नहीं जानता। वे भारत की राष्ट्रीय एवं आध्यात्मिक चेतना के सूत्रधार थे। भारत की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं, वेदों एवं उपनिषेदों के असीम ज्ञान के संरक्षण व संवर्धन का श्रेय आदिगुरू शंकराचार्य को ही जाता है। उनकी इसी महान परंपरा को आगे बढ़ाने का कार्य आज हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हो रहा है।

भारतीय संस्कृति एवं सनातन धर्म के इतिहास का महत्वपूर्ण अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारधाम के पुनर्निर्माण एवं आदि गुरु शंकराचार्य की समाधि की पुनर्स्थापना के लिए आदि गुरु जैसी ही जिजीविषा, संकल्प और धैर्य की आवश्यकता थी, जो प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में परिलक्षित होती है। आज का दिन भारतीय संस्कृति एवं सनातन धर्म के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी के निर्देशन में केदारपुरी में जहां प्रथम चरण के 225 करोड़ के कार्य पूर्ण हो चुके हैं वहीं 184 करोड़ के कार्य द्वितीय चरण में गतिमान है। इसके साथ ही बद्रीनाथ धाम के मास्टर प्लान के लिए जहां 245 करोड़ रूपये से अधिक स्वीकृत हो चुके हैं। वहीं गंगोत्री व यमनोत्री के लिए भी करोड़ों रूपये के कार्य स्वीकृत हो चुके हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री जो कहते हैं, जो सोचते हैं, वही अन्तोत्गत्वा करते हैं।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सम्पूर्ण विश्व में बढ़ रहा है भारत तथा भारतीय संस्कृति का मान, सम्मान एवं स्वाभिमान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज भारत एवं भारतीय संस्कृति का मान, सम्मान, स्वाभिमान संपूर्ण विश्व में बढ़ रहा है तथा भारत विश्व गुरू के पद पर पुनः आरूढ़ होने के लिए तैयार हो रहा है। देश में जो कार्य कभी नामुमकिन से प्रतीत होते थे वे आज पूर्णता की ओर बढ़ रहे हैं। चाहे वो राम मंदिर का मुद्दा हो, धारा 370 का मुद्दा हो, तीन तलाक का मुद्दा हो या शक्तिशाली भारत के सम्पूर्ण विकास की बात हो। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धाम ने राज्य में चल रही केन्द्र की परियोजनाओं का जिक्र करते हुए राज्य सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।


राज्य के विकास में मिल रहा है केन्द्र सरकार का भरपूर सहयोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार के सहयोग से राज्य में ऐसे बहुत से काम हुए हैं, जो पहले नामुमकिन लग रहे थे। पिछले पांच वर्षों में केन्द्र सरकार द्वारा करीब एक लाख करोड़ रूपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाएं प्रदेश के लिये स्वीकृत हुई है। जिनमें से बहुत सी योजनाएं पूर्ण हो चुकी है और अन्य पर कार्य चल रहा है। हम पहाड़ में रेल का सपना देखते थे। मोदी ने इस सपने को साकार किया है। आज ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तथा सामरिक दृष्टि एवं भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना पर तेजी से काम हो रहा है। इसी प्रकार चार धाम ऑल वेदर रोड, भारत माला प्रोजेक्ट पर भी तीव्र गति से काम किया जा रहा है। चार धाम यात्रा उत्तराखण्ड के लिए लाइफ लाईन है और ये परियोजनाएं जहां चारधाम यात्रा को सुगम बनाएंगी, पर्यटन को बढ़ावा देगी वहीं हमारी अर्थव्यवस्था में क्रांतिकारी परिवर्तन भी लाएगी।

प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में संचालित हो रहा सबसे बड़ा ’सबको वैक्सीन-मुफ्त वैक्सीन’ अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों से हम कोरोना महामारी से जूझ रहे हैं। परन्तु प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमने जहां एक ओर इस महामारी से डटकर मुकाबला किया है, वहीं विकास की गति को भी आगे बढ़ाया है। यह माननीय प्रधानमंत्री जी का ही नेतृत्व है कि देश में दुनिया का सबसे बड़ा कोविड वैक्सीनेशन अभियान ’सबको वैक्सीन-मुफ्त वैक्सीन’ चल रहा है। पूरी दुनिया में इसकी सराहना की जा रही है। प्रदेश सरकार ने भी सफलतापूर्वक कोविड की प्रथम डोज को लगाने का लक्ष्य समय से पूर्व ही शत प्रतिशत प्राप्त कर लिया है। साथ ही दूसरी डोज भी करीब 50 प्रतिशत लोगों को लगाई जा चुकी है। कोरोना महामारी से प्रभावित पर्यटन, परिवहन, क्षेत्रों के लिये 200 करोड़ का राहत पैकेज, स्वास्थ्य क्षेत्र की मजबूती एवं इससे जुड़े कार्मिकों को प्रोत्साहन हेतु 205 करोड़ तथा महिला सशक्तिकरण एवं रोजगार को बढ़ावा देने के लिये 118 करोड़ का राहत पैकेज प्रदान किया जा रहा है। यह राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लोगों के खातों में भेजी जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, जन-स्वास्थ्य, बिजली, पानी, कनेक्टिविटी, रोजगार, महिला एवं बाल विकास, खेती-किसानी, सिंचाई हर क्षेत्र में उत्तराखंड ने पिछले पांच वर्षों में अभूतपूर्व तरक्की की है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हमारी सरकार उत्तराखंड में जो विकास कार्य कर रही है वे ’’न भूतो न भविष्यति’’ हैं।
हमारी सरकार ने जहां 24 हजार सरकारी पदों को भरने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है, वहीं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना तथा नैनो उद्यम योजना के द्वारा हम लाखों को स्वरोजगार द्वारा आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की ओर बढ रहे हैं।

गृहक्षेत्र पहुंचने पर सीएम धामी का हुआ जोरदार स्वागत


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पॉलीप्लेक्स कॉर्पाेरेशन लिमिटेड मैदान खटीमा पहुंचे। जहां पर कार्यकर्ताओं ने उनका पूरे उत्साह व उमंग के साथ फूल मालाओं से स्वागत किया। मुख्यमंत्री का स्वागत करने वालों में विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, अध्यक्ष मंडी समिति नंदन सिंह खड़ायत, मंडल अध्यक्ष सतीश गोयल, नवीन बोरा, गोपाल बोरा, संतोष अग्रवाल, नवीन कन्याल, किशोर राणा, रमेश जोशी, किशन सिंह किन्ना, दिनेश अग्रवाल, गंभीर सिंह धामी, मनोज साही, रमेश ढींगरा, विनोद जोशी, सतीश अग्रवाल, नरेंद्र सिंह, शशांक बिष्ट, मनोज बाजवा, सतीश भट्ट, सिद्धांत सिंह, अमित पांडे, भुवन जोशी, कुंदन मनोला, वरुण अग्रवाल, अज्जू सिंह आदि शामिल थे। इसके साथ ही जिलाधिकारी रंजना राजगुरु, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगाई द्वारा भी पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।

इसके साथ ही उन्होंने पॉलीप्लेक्स कारपोरेशन मैदान तथा नगला तराई स्थित अपने आवास पहुँच कर क्षेत्रवासियों से भेंट की तथा सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी।

उन्होंने अपने आवास के पास चल रहे पेंटिंग कार्य मे प्रतिभाग करते हुए पेंटिंग भी की। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय डॉ. आरबी सिंह की शोक-सभा व स्वर्गीय बाबूराम कुशवाहा के घर पहुंच कर दुःख एंव संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शान्ति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और परिजनों को ढांढस बन्धाया।

सीएम ने लोहियाहेड विद्युत लाइन अंडर ग्राउंड करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश अधिशासी अभियंता विद्युत तथा शहर की प्रमुख सड़कों की डीपीआर तैयार कर शासन में भेजने के निर्देश अधिशासी अभियन्ता लोनिवि को दिए।

प्रेसवार्ता के दौरान सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार के साथ ही राज्य सरकार ने भी पेट्रोल की कीमत पर 2 रूपए प्रति लीटर दाम कम किया है। उन्होंने कहा कि अधिकतम लोगों को फायदा पहुंचाना प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास की तर्ज पर विकास कार्य किए जा रहे है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 5 नवम्बर को लगभग 400 करोड़ की कई योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा।

जवानों को मिठाई खिलाकर राज्यपाल और सीएम ने मनाई दीपावली

राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरहद पर तैनात देश के जवानों के साथ दीवाली मनाई। अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत मा. राज्यपाल और मुख्यमंत्री दीपावली पर इस्ट कैम्प, गढवाल स्काउट, माणा पहुंचे और सेना के जवानों के साथ मिलकर उनका हौसला बढाया। इस मौके पर उन्होंने जवानों को मिठाई खिलाकर खुशियां बांटते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में सरहदों पर तैनात देश के जवानों के जोश और जुनून पर हम सबको गर्व है। राज्यपाल और मुख्यमंत्री के ईस्ट कैंप माणा पंहुचने पर सेना के जवानों ने गार्ड आफ आनर देकर उनका स्वागत किया।

राज्यपाल ने सेना के जवानों में जोश भरते हुए कहा कि सेना की बहादुरी, साहस, शौर्य और पराक्रम से आज पूरा विश्व परिचित है। उन्होंने कहा कि मेरे लिए सौभाग्य का क्षण है कि आज मे सरहद पर डटे अपने जवानों के बीच हूं। उन्होंने वीर सैनिकों एवं उनके परिवार और देश के समस्त नागरिकों को प्रकाश पर्व दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी और सैनिकों को अपने हाथों से मिठाई बांटी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सेना के जवानों के साथ दीवाली मनाने का मेरा सपना था। आज दीवाली पर सेना के जवानों के बीच आकर में अभीभूत हूं।

दीपावाली पर सेना के जवानों से मुलाकात के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री बद्रीनाथ मंदिर पहुंचे और भगवान बद्रीनाथ जी की पूजा अर्चना करते हुए देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
राज्यपाल के भ्रमण के दौरान बद्रीनाथ विधायक महेंद्र प्रसाद भट्ट, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी आदि मौजूद थे।

जरूरतमंदों को दीपावली पर स्पीकर ने दिए आर्थिक सहायता के चेक


स्पीकर प्रेमचंद्र अग्रवाल ने प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति के घर दीपावली के शुभ पर्व पर रोशन हो इसको देखते हुए क्षेत्र के 85 जरूरतमंद एवं निस्सहाय लोगों को अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से 5 लाख रुपये के आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए।

स्पीकर ने कहा कि उनका प्रयास रहता है कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति समाज के मुख्यधारा से जुड़ा रहे। उन्होंने आह्वान भी किया कि सक्षम व्यक्ति किसी ना किसी प्रकार से त्योहारों के शुभ अवसर पर जरूरतमंद लोगों को सहयोग प्रदान करें। उन्होंने देवी लक्ष्मी से सभी के सुख समृद्धि एवं स्वस्थ जीवन की कामना की है।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, पार्षद लव काम्बोज, विकास तेवतिया, सुमित पंवार, जयंत किशोर शर्मा, राजेश दिवाकर, सोवन सिंह कैंतूरा, हरीश पंत, सोनू प्रभाकर, चेतन चौहान, राज कुमार पुंडीर आदि उपस्थित थे।

व्यापारियों को दीपावली की बधाई देकर प्रदेश महामंत्री कांग्रेस ने राजनीति में पैदा की हलचल


दीपावली के शुभ अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री विजय सारस्वत ने नगर के व्यापारियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी।

बड़ी संख्या में महानगर कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव विजय सारस्वत के नेतृत्व में बाजार में निकले। जहां उन्होंने सभी व्यापारियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी और कहा कि गत लगभग पिछले पौने 2 साल के पश्चात दिवाली पर बाजार में कुछ रौनक दिख रही है। ईश्वर सभी व्यापारियों को धनधान्य से पूर्ण करें और सब का व्यापार सफलता के नए आयाम पाए। बाजार भ्रमण के दौरान विजय सारस्वत ने मेयर अनीता को भी बधाई दी।

इस अवसर पर नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री अरविंद जैन, राजकुमार तलवार, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव शैलेंद्र बिष्ट, पार्षद राकेश मियां, राहुल शर्मा, ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री लल्लन राजभर, दीनदयाल राजभर, नंदकिशोर जाटव, रकम पोखरियाल, अश्वनी डंग, जगमीत, संजय भारद्वाज, दीपक बंसल आदि उपस्थित रहे।

आईएएस, आईपीएस एवं आईएफएस अधिकारियों से मिले मुख्यमंत्री धामी


दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से प्रदेश के आईएएस, आईपीएस एवं आईएफएस अधिकारियों ने भेंट कर उन्हें दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. सन्धु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, मनीषा पंवार, आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, प्रमुख वन संरक्षक राजीव भरतरी के साथ ही सभी प्रमुख सचिव, सचिव, अपर सचिव एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री धामी ने केदारनाथ के पुनर्निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री केदारनाथ धाम पहुंच कर बाबा केदारनाथ जी के दर्शन किये। उन्होंने केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। 5 नवंबर को प्रधानमंत्री जी के केदारनाथ आगमन के लिए की जा रही तैयारियों का भी जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने तीर्थ पुरोहितों और पंडा समाज के प्रतिनिधियों से भी वार्ता की। सौहार्दपूर्ण बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जन भावनाओं का सम्मान करने वाली सरकार है। तीर्थों के पंडा, पुरोहित और पुजारियों के मान सम्मान को कोई ठेस नहीं पहुंचाई जायेगी। हम सकारात्मक, धनात्मक और विकासात्मक दृष्टिकोण से चारधाम, पंडा, पुरोहित और पुजारी समाज के सम्मान तथा धार्मिक आस्था की गरिमा के सम्मान के लिए तत्पर हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बाबा केदार के प्रति विशेष आस्था और श्रद्धा है। उनका उत्तराखण्ड को दुनिया की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राजधानी के तौर पर विकसित करने का विजन है। पूरी दुनिया के लोग यहां आध्यात्मिक शांति के लिए आएंगे। आधुनिक इतिहास में पहली बार इतने बङे पैमाने पर केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण किया जा रहा है। पहले चरण के काम हो चुके हैं। दूसरे चरण के काम शुरू हो रहे हैं। आदि गुरु शंकराचार्य जी की समाधि का लोकार्पण करने के साथ ही उनकी प्रतिमा का भी अनावरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री डॉ हरक सिंह रावत, सुबोध उनियाल भी मौजूद रहे।

देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की आप पार्टी ने उठाई मांग

छोटी दीपावली पर्व के बावजूद आप के कार्यकर्ताओं ने अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम अनुसार बुधवार की दोपहर नेपाली फार्म तिराहे पर वेदस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग को लेकर प्रदेश सरकार पर हल्ला बोला।

प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए विधानसभा प्रभारी डॉ राजे सिंह नेगी ने कहा कि भाजपा तीर्थ की मयार्दाओं को तार-तार कर रही है जिसे किसी सूरतेहाल में बर्दाश्त नही किया जायेगा। उन्होंने देवस्थानम बोर्ड को हिंदू धर्म के खिलाफ बताया है और इसे तुरंत भंग करने की मांग की। इस गंभीर मुद्दे पर सरकार के खिलाफ आर पार की लड़ाई लड़ने का एलान करते हुए विधानसभा प्रभारी नेगी ने कहा कि अगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता में आते ही सबसे पहले इस काले कानून को समाप्त कर पार्टी तीर्थ पुरोहितों के पारंपरिक अधिकारों को बहाल करने का काम करेगी।

प्रदर्शनकारियों मे पार्टी के संगठन मंत्री दिनेश असवाल, दिनेश कुलियाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष पुष्पा पांडेय, रजनी कश्यप, योगाचार्य भारती, चंद्रमोहन भट्ट,गोविंद रावत,मनसोधन यादव,आशु पाल,अधिवक्ता लालमणि रतूड़ी, मोनू कश्यप, मोनू भाई, पंकज गुसाईं, सुनील सेमवाल, जगदीश कोहली, प्रभात झा, अनूप रावत, देवराज नेगी, विक्रांत भारद्वाज, हिमांशु नेगी, नीरज कश्यप, अश्वनी सिंह, नरेंद्र सिंह, शीशपाल वर्मा, मनोज कश्यप, पंकज रस्तोगी, मूलचंद कश्यप, जयेन्द्र प्रसाद, सौरव पुंडीर, राहुल दुबे, जाकिर, दीपक कश्यप, पुरुषोत्तम साहू, विकास तोमर, शुभम देव, समीर भारद्वाज, राहुल भंडारी, अजय ठाकुर, समीर, मदन ठाकुर, अंकित डबराल आदि शामिल थे।

संत समाज ने किया गोमुख संकल्प कलश यात्रा का स्वागत

चार दिवसीय गोमुख संकल्प कलश यात्रा का राम तपस्थली ब्रह्मपुरी में संत समाज की अगुवाई में समपान किया गया।

महामंडलेश्वर दयाराम दास महाराज की अध्यक्षता में समस्त संत समाज ऋषि कुमारों द्वारा गोमुख संकल्प कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

रामायण प्रचार समिति तुलसी मानस मंदिर द्वारा आयोजित गोमुख संकल्प कलश यात्रा पर्यावरण संरक्षण संवर्धन जनचेतना अभियान ऋषिकेश में महामंडलेश्वर दयाराम दास महाराज अध्यक्षता में ब्रह्मपुरी आश्रम में कलश यात्रा का स्वागत हुआ। गोमुख कलश संकल्प यात्रा के संयोजक रवि शास्त्री जी का पुष्प हार पहनाकर सभी ने स्वागत किया।

महामंडलेश्वर दया राम दास जी महाराज ने गोमुख से लाया पवित्र जल का विधिवत पूजा अर्चना कर कलश की महाआरती की गई और सभी ने कलश पूजन किया गया ऋषि कुमारों ने स्वस्तिवाचन कर कलश की पूजा की।

अवसर पर मनोज प्रपन्नाचार्य, महंत महावीर दास आचार्य, अचल कुमार पाठक, सौरभ कृष्ण उपाध्याय, अनिल मिश्र, सुरेंद्र शर्मा, अंकित भारद्वाज, अमित शर्मा, मनन द्विवेदी, अमित सक्सेना, अभिषेक शर्मा, प्रमोद दास, प्रमोद दास, राम पदम, श्याम सिंह, रामदास, बलराम दास, महंत जगदीश दास, मनोज डंग, दिनेश कोटियाल, नीरज राणा आदि उपस्थित रहे।

आंगनबाड़ी व मिनी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मासिक मानदेय पर सीएम ने की वृद्धि


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आंगनबाड़ी कार्यकर्तीयों को रूपये 1800 व मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को रूपये 1500 तथा आगनबाड़ी सहायिकाओं को रूपये 1500 की मासिक मानदेय वृद्धि किये जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है।

सचिव महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास हरि चंद्र सेमवाल ने निदेशक महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास को उक्तानुसार माह नवम्बर 2021 से मानदेय वृद्धि करते हुए भुगतान की कार्यवाही करने का निर्देश दिया है।