कांग्रेस के चुनाव पर्यवेक्षक मोहन प्रकाश पहुंचे उत्तराखंड, हुआ गर्मजोशी से स्वागत

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवम उत्तराखंड कांग्रेस के पर्यवेक्षक मोहन प्रकाश का कांग्रेस भवन में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर पर्यवेक्षक मोहन प्रकाश ने कहा कि जहां एक तरफ चुनाव आयोग ने बड़ी रैली पर रोक लगाई हुई है। वहीं बूथ प्रबंधन की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों महंगाई बेरोजगारी स्वास्थ्य जैसी मूलभूत समस्याओं पर सरकार की नाकामी को घर घर पहुंचाए। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवम पर्यवेक्षक मोहन प्रकाश का स्वागत करते हुएप्रदेश सचिव महेश जोशी ने कहा कि मोहन प्रकाश के अनुभव एवम कुशल चुनाव प्रबंधन से कांग्रेस की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
इस मौके पर प्रदेश संगठन महामंत्री मथुरादत्त जोशी, प्रवक्ता गरिमा दसोनी, लाल चंद शर्मा, महेश जोशी, प्रवीन त्यागी, सूरत सिंह नेगी, प्रतिमा सिंह, शांति रावत आचार्य नरेश आनंद नौटियाल, दर्शन लाल ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर राहुल पंवार रोबिन, नीरज नेगी, मनीष वर्मा, पुनीत सिंह, संदीप राणा, मनोज पटवाल, राजीव शर्मा, मनीष ममगाई, आदि उपस्थित थे।

कांग्रेस की नीयत में रही है हमेशा खोट-मदन कौशिक

उत्तराखंड भाजपा की पहली वर्चुअल जनसभा में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष मदन कौशिक ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि कोविड प्रोटोकॉल के तहत वर्चुअल सभाए ही अधिक संभव हैं, इसलिए आप सभी मोदी, धामी और भाजपा के वास्तविक प्रतिनिधि बनकर जनता के बीच जाये और वोट के रूप में उनका आशीर्वाद लें। उन्होने कॉंग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो कॉंग्रेस लोगों से एक मौका देने की अपील कर रहे हैं उनको केंद्र और राज्य दोनों जगह सरकार बनाने का भरपूर मौका मिला था, लेकिन इनकी नीयत में ही खोट था इसलिए इन्होने न तो स्वयं कोई कार्य किया और न ही उस समय केंद्र की मोदी सरकार को यहाँ मदद करने दी। प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने अपने सम्बोधन में सभी कार्यकर्ताओं से कोविड नियमों का पालन करते हुए अपने और संपर्क में आने वाली जनता के स्वस्थ्य की चिंता करते हुए विधानसभा चुनावों में जीत के लिए जुट जाने का आहवाहन किया।

सीएम ने वर्चुअली सभा में सरकार की उपलब्धियां गिनाई

कोरोना महामारी के बीच चुनावी गाइडलाइन के मद्देनजर उत्तराखंड भाजपा ने अन्य पार्टियों पर बढ़त बनाते हुए आज पहली वर्चुअल सभा की। देहारादून स्थित पार्टी के स्टुडियो से अपने सम्बोधन में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र सरकार की मदद से राज्य में संचालित 1.5 लाख करोड़ की योजनाएँ और प्रदेश सरकार के विकास कार्यों का जन आशीर्वाद भाजपा को 60 पार के रूप में मिलेगा। इस अवसर पर उन्होने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए विपक्ष पर हमला बोला कि जिन्होने अपनी सरकार के कार्यकाल कोई बड़ा कार्य नहीं किया, जो सूबे में इतने बड़े पैमाने पर होने वाले विकास कार्यों की कल्पना भी नहीं कर सकते थे, वह लोगों को अब बरगलाने की असफल कोशिश कर रहे हैं।

सीएम धामी ने जनता के सामने रखा 5 साल का रिपोेर्ट कार्ड
भाजपा और प्रदेश की इस पहली वर्चुअल सभा में सीएम धामी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों ने मिलकर प्रदेश में सड़कों का जाल बिछा दिया है, चाहे वह चार धाम आल वेदर सड़क हो, भारतमाला सड़क प्रोजेक्ट हो या लिपुलेख के रास्ते निर्माणाधीन कैलाश मानसरोवर मार्ग। इतना ही नहीं देहरादून, हल्द्वानी सहित राज्य के जनपदों को दिल्ली से जोड़ने वाले सभी मार्गों को न केवल सुगम बनाया है साथ ही दूरियाँ भी बेहद कम कर दी है। केदारनाथ त्रासदी के बाद गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री रहते मोदी की मदद को ठुकराने वाली कॉंग्रेस को आईना दिखाते हुए धामी ने कहा कि बाबा केदारनाथ ने मोदी को अपने धाम के पुनर्निर्माण के लिए ही आशीर्वाद देकर 2014 में प्रधानमंत्री बनाया। यही वजह है कि मोदी ने 400 करोड़ से अधिक की योजनाएँ स्वीकृत कर श्री केदार धाम को भव्य और दिव्य बनाने का चमत्कारिक कार्य किया है। इतना ही नहीं बद्रीनाथ धाम के लिए मास्टरप्लान बनाकर 250 करोड़ की व्यवस्थता मोदी सरकार ने की है। साथ ही साथ देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट को उच्चीकृत कर शीघ्र अंतराष्ट्रीय बनाया जा रह है। साथ ही पंतनगर, पिथौरागढ़, गौचर, उत्तरकाशी आदि अनेक स्थानों पर हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर करने कार्य भाजपा सरकार ने किया है। उन्होने कार्यकर्ताओं से कहा कि मोदी जी नेत्रत्व में अटल आयुष्मान योजना को प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य हमारी सरकार ने किया, जिसका परिणाम है कि अब तक लगभग 4 लाख लोग इस मेडिकल सुविधा का लाभ ले चुके हैं द्य इसके अतिरिक्त किसान सम्मान निधि, श्रमिक कार्ड, अटाला आवास आदि अनेकों योजनाओं से समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक इसका लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। वहीं दूसरी और कॉंग्रेस की सभी सरकारें एक खास वर्ग या तबके के लिए ही योजनाएं बनाने में लगी रहती थी क्यूंकी कॉंग्रेस और कारेपशन एक दूसरे के प्रयाय हैं। उन्होने कॉंग्रेस में उमड़े सैनिक प्रेम पर निशाना लगते हुए कहा कि इस पार्टी के नेता दिवंगत जनरल विपिन रावत को सड़क का गुंडा कहते थे आज अपनी सभाओं में उनके बड़े बड़े कट आउट लगाकर ढोंग कर रहे हैं। जिन्होने वन रैंक बन पेंशन की मांग को हमेशा दबाये रखा, कभी सैनिकों के लिए जरूरी साजो समान और आधुनिक हथियारों की चिंता नहीं की और तो और जबाबी हमलों को लेकर सीमा पर खड़े सैनिकों के हाथ तक बांधे हुए थे। वही अब सैन्य प्रेमी होने का स्वांग रचाकर चुनाव में उतरे हुए हैं।

2025 में देश का नंबर वन राज्य होगा उत्तराखंड
सीएम धामी ने कहा कि उनके द्धारा अब तक 500 से अधिक योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य शुरू किया जा चुका है। चाहे गन्ने के मूल्यों में 29.50 रुपए वृद्धि की बात हो, नजूल भूमि स्वामियों को उनका हक दिलवाने की बात हो, मलिन बस्तियों को पक्का करने की बात हो, बांग्लादेश से आए शरणार्थियों के परिचय पत्रों से पूर्वी पाकिस्तान शब्द हटाने की बात हो, चाहे सभी सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की बात हो। ऐसे अनेकों कार्य है जिन्हे हमारी सरकार ने जनता के आशीर्वाद से ही पूरा किया है। हमे विश्वास है कि सूबे की जनता हमे पुनः चुनाव में प्रचंड विजय दिलाकर 2025 की रजत जयंती से पूर्व ही उत्तराखंड का दशक शुरू करवाने का मौका देगी।

बैकफुट में हरक सिंह, बोले हरीश रावत से सौ बार मांगूगा माफी

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा से निष्कासित किए गए पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं। हरक सिंह रावत के साथ उनकी बहू अनुकृति भी कांग्रेस जॉइन करेंगी। रावत अपनी बहू के साथ आज दिल्ली में पार्टी के बड़े नेताओं की मौजूदगी में कांग्रेस का हाथ थामेंगे। वहीं हरक सिंह रावत ने मंगलवार को मीडिया से कहा कि मैंने आज सुबह कांग्रेस पार्टी के नेताओं से बात की है। वह मुझे जल्द ही अपना निर्णय बताएंगे और मैं उसी के आधार पर अपने फैसले लूंगा। उन्होंने कहा कि वह हरीश रावत मेरे बड़े भाई हैं। मैं उनसे सौ बार माफी मांग सकता है। मैं उत्तराखंड का विकास चाहता हूं।

मैं कहीं भी किसी के पीछे जाने वाला नहीं हूं- केदार सिंह
यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत भाजपा छोड़ने के कयासों पर विराम लगाया है। हरक सिंह रावत प्रकरण के बाद से केदार सिंह रावत के पार्टी छोड़ने के सोशल मीडिया में कयास लगाए जा रहे थे। केदार सिंह रावत ने सोशल मीडिया में वीडियो जारी कर कहा कि मैं कहीं भी किसी के पीछे जाने वाला नहीं हूं। हरक सिंह प्रकरण की आंच युमनोत्री विधान सभा क्षेत्र तक पहुंची है। हरक सिंह के भाजपा से निष्कासन के बाद यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत के भी पार्टी छोड़ने के कयास लगाए जा रहे थे। जिस पर केदार सिंह रावत ने सोशल मीडिया में वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है। वीडियो में केदार सिंह रावत कह रहे हैं कि मुझे भाजपा के नेतृत्व पर पूरा विश्वास है। जब भी प्रदेश में उम्मीदवारों की सूची जारी होगी तो उसमें मेरा भी नाम होगा। सोशल मीडिया पर अनर्गल चर्चाएं चल रही हैं। मैं कहीं भी किसी के पीछे जाने वाला नहीं हूं। और न जाने का कोई कारण है।

हरक एपीसोड के पूरा होने के बाद होगी टिकटों की घोषणा
विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस में अब टिकटों की घोषणा हरक एपीसोड के पूरा होने के बाद ही होगी। वहीं पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी ने फंसी हुई सीटों पर एक बार फिर मंथन बैठक कर पैनल तैयार कर लिए हैं, जिन्हें मंगलवार को केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) को सौंपा जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने भाजपा के पक्ष में किया प्रचार

विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क किया। उन्होंने ग्रामीणों को विकास कार्यों और भाजपा की नीतियों से रूबरू कराया। मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में वोट डालने की अपील की।
मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कोविड गाइडलाइन का पालन कर ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क किया। उन्होंने ग्राम प्रधानों संग मिलकर हरिपुरकलां, गौहरीमाफी, रायवाला, छिद्दरवाला में घर-घर जाकर लोगों को विकास कार्यों की जानकारी दी और उन्हें भाजपा की नीतियों के बारे में बताया। कहा कि ऋषिकेश विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार की कई जन योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है।
हरिपुर कला प्रधान गीतांजलि जखमोला, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज जखमोला, पूर्व प्रधान सत्येंद्र धामंदा, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य शिवानी भट्ट, रायवाला में भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, प्रधान सागर गिरी, आशीष जोशी, दिलावर सिंह, गोहरी माफी में स्थानीय प्रधान रोहित नौटियाल, उपप्रधान पूजा पोखरियाल, सुमन रावत, कृष्णा क्षेत्री, छिदरवाला में ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, प्रधान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष सोवन सिंह कैंतूरा, पूर्व प्रधान हरीश कक्कड़, अनुज शर्मा जोगिंदर सिंह जनसंपर्क में शामिल रहे।

कांग्रेस ही ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र का विकास कर सकती है-रमोला

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का प्रचार प्रसार लगातार जारी है। मंगलवार को एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने चकजोगीवाला में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को उनके मताधिकार के बारे में जागरूक किया। कहा कि जनता अपनी वोट की ताकत को पहचान क्षेत्र की तस्वीर बदल सकती है। उन्होंने लोगों को कांग्रेस की नीतियों के बारे में बताया।
जयेंद्र रमोला ने कहा कि कांग्रेस ने ही देश में विकास कार्य किया है, जबकि भाजपा ने देशवासियों को सिर्फ ठगने का काम किया है। कांग्रेस सत्ता में आते ही महंगाई और बेरोजगारी में लगाम लगाएगी। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य गोकुल रमोला ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इससे आम आदमी त्रस्त है। जनसंपर्क में जागृति रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कृष्णा रमोला, पूर्व जिला महासचिव कांग्रेस जितेन्द्र त्यागी, कांग्रेस जिला सचिव कुंवर सिंह गुसांई, ग्राम पंचायत सदस्य रवि राणा मौजूद रहे।

सरिता आर्य की भाजपा में ज्वाइनिंग, कांग्रेस को क्या पड़ेगा फर्क

कांग्रेस छोड़ सरिता आर्य की भाजपा में ज्वाइनिंग के समय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरिता आर्य के आने से भाजपा नैनीताल जिले में ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि सरिता आर्य लम्बे समय से महिला उत्थान के लिए काम कर रही हैं। पूरे प्रदेश में उनका एक नेटवर्क है। उस पूरे नेटवर्क का भाजपा को लाभ होने वाला है। उन्होंने कहा कि सरिता आर्य लम्बे समय से महिलाओं के लिए काम कर रही हैं। इसी की बदौलत वह राजनीति में मुकाम हासिल कर पाई हैं। उन्होंने कहा कि इससे निश्चित रूप से भाजपा को सभी क्षेत्रों में लाभ होगा। उन्होंने सरिता आर्य के भाजपा में आने के लिए उनका आभार जताया और कहा कि महिलाओं की सच्ची हितैशी भाजपा ही है।
सरिता आर्य पिछले पांच सालों से नैनीताल विधानसभा सीट पर कार्य कर रहीं थीं। लेकिन, पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके बेटे संजीव आर्य के ज्वाइन करने के बाद उनके टिकट पर संशय बना हुआ था। 2017 के विधानसभा चुनाव में संजीव आर्य नैनीताल विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधायक बने थे। सूत्रों की मानें तो संजीव 2022 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर नैनीताल विधानसभा सीट से ही चुनाव लड़ेंगे।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि सरिता आर्य भाजपा में बिना शर्त आई हैं। लेकिन उनका उपयोग कैसे किया जा सकता है और उनके बारे में सोचना अब पार्टी का काम है। सरिता आर्य को भाजपा नैनीताल सीट से टिकट देगी या नहीं इस सवाल पर उन्होंने कहा कि टिकट को लेकर पार्लियामेंट्री बोर्ड फैसला करेगा। उन्होंने कहा कि सरिता के आने से भाजपा को मजबूती मिली है। उन्होंने इस दौरान कहा कि कांग्रेस में महिलाओं का सम्मान नहीं होता और इस वजह से उन्हें भाजपा की रीति नितियों के साथ आना पड़ा है।
कौशिक ने कहा कि भाजपा में आने के लिए सरिता ने कोई शर्त नहीं रखी और पार्टी में शामिल होने के लिए पार्टी के अनुसाशन का पालन करना होता है। उन्होंने इस दौरान कहा कि सरिता ने बड़ी संख्या में अपने समर्थकों में भाजपा में आई हैं और इसका विधानसभा चुनावों में बहुत सकारात्मक असर देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरिता के भाजपा में आने से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है और इससे उनके लड़की हूं, लड़ सकती हूं नारा भी खोखला साबित हो गया है।

धामी की इनस्विंग व हरीश की गुगली से बैकफ़ुट पर विस्फोटक बल्लेबाज

कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के भाजपा से 6 साल के लिए बर्खास्त होने के बाद देहरादून से लेकर दिल्ली तक यही चर्चा है कि हरक सिंह रावत कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। लेकिन हरक सिंह रावत की कांग्रेस में शामिल होने की राह इतनी आसान नजर नहीं आती। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सीधे तौर पर कांग्रेस आलाकमान को कह दिया है कि हरक सिंह रावत को पार्टी में शामिल कराना कार्यकर्ताओं के मनोबल को तोड़ना जैसा होगा। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सीधे तौर पर कांग्रेस आलाकमान को कह दिया है कि हरक सिंह रावत को पार्टी में शामिल कराना कार्यकर्ताओं के मनोबल को तोड़ना जैसा होगा।
हरीश रावत ने कहा है कि हरक सिंह रावत लोकतंत्र के हत्यारे हैं। जो एक चलती हुई सरकार को गिरा कर 2016 में भाजपा में शामिल हुए थे। आज जब भाजपा में उनकी प्रेशर पॉलिटिक्स नहीं चल रही है तो वह कांग्रेस में आना चाहते हैं। हरीश रावत ने सीधे शब्दों में कांग्रेस आलाकमान से कहा है कि अगर हरक सिंह रावत को कांग्रेस में लिया जाता है तो पार्टी को इसका प्रदेश और देश के कई राज्यों में नुकसान होगा। ऐसे में हरीश रावत के नाराज रहने के चलते हरक सिंह रावत की कांग्रेस में एंट्री इतनी आसान नहीं है।

ऋषिकेश विधानसभा में हुए विकास कार्यो को जन-जन तक पहुंचाए-अग्रवाल

भारतीय जनता पार्टी में अभी भले ही विधानसभा के टिकट फाइनल नहीं हुए हो लेकिन स्थानीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल अपनी तैयारियों में जुटे है। वे अपने निजी आवास पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर मंथन कर रहे है।
प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रत्येक पार्षद एवं कार्यकर्ताओं से उनके क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी प्राप्त की एवं चुनाव की दृष्टि से कौन राजनीतिक दल एवं व्यक्ति कितना प्रभावी होगा इस संबंध में विस्तार से चर्चा वार्ता की।
अग्रवाल ने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास के कार्य किए गए हैं। ऋषिकेश में नमामि गंगे, एमडीडीए, विधायक निधि, लोक निर्माण विभाग, पेयजल आपूर्ति विद्युत विभाग आदि सहित व्यापक स्तर पर कार्य हुए हैं जिसके बल पर कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी के लिए वोट मांगेंगे और इसका लाभ सीधे-सीधे पार्टी प्रत्याशी को मिलेगा।
अग्रवाल के निजी आवास पर अलग-अलग चरणों में पार्षदों एवं पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में पार्षदों एवं पार्टी के पदाधिकारियों ने निर्णय लिया है कि समय का लाभ उठाते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा जनकल्याण की जो योजनाएं क्षेत्र में संचालित की गई है और जिन योजनाओं का लाभ आम आदमी को मिल चुका है उन सभी लोगों से नियमित संपर्क बनाए रखना आवश्यक है। चुनावी समर प्रारंभ हो चुका है इसलिए हर दृष्टि से रणनीति व्यापक स्तर पर बनाई जाए ताकि पार्टी को लाभ हो सके।
इस अवसर पर ऋषिकेश भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती ने कहा कि शहर के अंदर भारतीय जनता पार्टी को व्यापक स्तर पर समर्थन मिल रहा है अनेक लोग कांग्रेस की कुरीतियों को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी पर अपनी आस्था व्यक्त करने के लिए तैयार है। उनकी ज्वाइनिंग के लिए योजना बनाई गई है उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की बात भी कही।
दो चरणों में हुई बैठक में मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, पार्षद शिव कुमार गौतम, पार्षद विपिन पंत, पार्षद रश्मि, पूर्व पार्षद तेज बहादुर, पार्षद बिजेंदर मोगा, पार्षद धीरेंद्र रमोला, आदि ने प्रतिभाग किया। जबकि दूसरे चरण की बैठक में भारतीय जनता पार्टी के मंडल महामंत्री किशोर शर्मा, सुमित पवार, पार्षद रीना शर्मा, पार्षद सुंदरी कंडवाल, पार्षद लक्ष्मी रावत, पार्षद ऋषि कांत गुप्ता, पार्षद प्रदीप कोहली, जयेश राणा, लव कांबोज आदि ने प्रतिभाग किया।

भाजपा परिवार बड़ा, किसी के जाने से कोई फर्क नही पड़ रहा-निशंक

पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री सांसद हरिद्वार डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है। लिहाजा पार्टी से किसी भी नेता के आने जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता। डॉ निशंक ने कहा कि राष्ट्रवादी सोच और समाज के लिए संघर्ष करने वाले ऐसे ही कार्यकर्ताओं के दम से भाजपा उत्तराखंड में इस बार 60 पार के लक्ष्य को पूरा करने जा रही है।
पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान उनके सवालों का जबाब देते हुए डॉ निशंक ने कहा भाजपा में हर एक कार्यकर्ता का सम्मान होता है और अन्य दलों की भांति यहाँ संभव ही नहीं है कि एक ही परिवार के तीन तीन लोगों को टिकट देकर कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जाये। इस अवसर उन्होने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों में अफवाह फैलाई जा रही है कि तीन और भाजपा विधायक कॉंग्रेस में जा रहे है वह सरासर झूठ है। उन्होने जानकारी दी कि उनकी रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा और विधायक प्रणव चैंपियन से बात हुई है जिन्होंने बताया कि वह भाजपा में है और रहेंगे, इस संबंध में वह मीडिया के माध्यम से भी अपना पक्ष रख रहे हैं।
कॉंग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए उन्होने कहा कि कॉंग्रेस नकारात्मक राजनीति करती है इसलिए देश भर से वह ठुकराये जा रहे हैं। राज्य में भी कॉंग्रेस जनता की लड़ाई के लड़ने के बजाय अपनों से ही लड़ाई में लगे है। वहीं भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सबका साथ सबका विश्वास सबके प्रयास के विज़न और प्रदेश भाजपा सरकार के विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच आशीर्वाद लेने जा रही है। हमे पूर्ण विश्वास है कि जनता भाजपा को प्रदेश में पहले से भी अधिक सीटे 2022 विधानसभा चुनावों में जिताएगी। देश भर में अनेक उदाहरण हैं जहां पर आम कार्यकर्ताओ को मह्त्वपूर्ण दायित्व दिए गये है।
इस अवसर पर पूर्व सीएम के साथ प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष अजेंद्र अजय प्रदेश सह आईटी प्रभारी अजीत नेगी, बालकृष्ण चमोली, हरीश चमोली आदि भाजपा पदाधिकारी मौजूद थे।