हरदा ने माफी के बाद ही दी कांग्रेस में हरक सिंह को एंट्री

हरक सिंह रावत की कांग्रेस में एंट्री हो चुकी है लेकिन यह एंट्री ऐसे ही नहीं हुई है। हरक सिंह रावत ने बकायदा माफीनामा लिखकर दिया है। हरक सिंह ने जनता से क्षमा याचना भी की और यह भी कहा कि हरीश रावत सरकार के आसपास भी बीजेपी की सरकार नहीं रही। आप भी पढ़े क्या कहा हरक सिंह रावत ने।
भाजपा नेताओं ने 2014 लोकसभा चुनावों में जनता से बहुत बड़े-2 वायदे कर “अच्छे दिनों” के सपने दिखाए। जनता से भाजपा ने वायदे किए थे कि महंगाई कम होगी, युवाओं को रोजगार मिलेगा, विदेशों से काला धन लाकर हर व्यक्ति को 15-15 लाख देंगे आदि। हमें व उत्तराखण्ड की महान जनता को भरोसा दिलाया कि डबल इंजन की सरकार बनने पर ये तमाम किए गए वायदों के साथ “पहाड़ों की जवानी व पहाड़ों का पानी” बर्बाद न होने देने का वायदा भी इन वायदों की इस सूची में जोड़ दिया। इन वायदों से मुझे उम्मीद जगी कि उत्तराखण्ड में पलायन की समस्या, बेरोजगारी व शिक्षा स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी भी दूर करने में केंद्र सरकार से विशेष सहायता मिलेगी।
भाजपा नेताओं ने 2016 में भी मुझे भरोसा दिलाया कि उत्तराखण्ड में भाजपा सरकार बनने पर तमाम समस्याओं को सुलझाने में केंद्र सरकार से विशेष सहायता मिलेगी। यही वायदे दोबारा 2017 के विधानसभा चुनावों में भी दोहराए गए। 2017 चुनावों में भाजपा सरकार बनने पर मैं इन वायदों को पूरा करने के लिए भाजपा के शीर्ष नेताओं से बार-२ आग्रह करता रहा जिसे हर बार यह कहकर टालते रहे कि विचार-विमर्श चल रहा है। सरकार का कार्यकाल समाप्त होने पर भी ये तमाम वायदे पूरे नहीं हुए और ये वायदे सिर्फ “जुमले” साबित हुए। भाजपा के मुख्यमंत्री बदलने से उम्मीद जगती थी जो कुछ समय में धूमिल हो जाती गई। सरकार का कार्यकाल समाप्त होने के समय भी मैंने बार-२ भाजपा नेताओं को आगाह किया कि चुनावी वायदों को पूरा करो लेकिन जब कोई सकरात्मक कार्यवाही नहीं हुई तो अंततः मैंने भाजपा को छोड़ने का फैसला ले लिया।
आज मैं जब पूर्व की घटनाओं का अवलोकन कर रहा हूँ और भाजपा व पूर्व कांग्रेस सरकार का तुलनात्मक अध्ययन कर रहा हूँ तो इस निष्कर्ष पर पहुंचा कि उत्तराखण्ड की समस्याओं को सुझाव उत्तराखण्ड के चहुंमुखी विकास में कांग्रेस की सरकारों का बेहतरीन योगदान रहा है। पूर्व की इन घटनाओं के अवलोकन से ऐसा महसूस होता है कि कांग्रेस छोड़ने का फ़ैसला मेरे राजनैतिक जीवन की सबसे बड़ी भूल थी जिसके लिए मैं कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ताओं व नेताओं तथा उत्तराखण्ड की महान जनता से क्षमायाचना करता हूँ।
उत्तराखण्ड के विकास में हरीश रावत के नेतृत्व वाली सरकार के आगे भाजपा सरकार दूर-२ तक भी कहीं मुकाबला नहीं कर पाई। जनता से झूठे वायदे कर ठगने वाली व लोकतंत्र को अपमानित करने वाली भाजपा ने आगामी चुनावों में वोट मांगने का नैतिक अधिकार भी खो दिया है। आज मुझे अहसास हुआ कि उत्तराखण्ड का तभी भला होगा जब उत्तराखण्ड में पूर्ण बहुमत की स्थिर सरकार बनेगी। इसीलिए मैं कांग्रेस सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से प्रयास करूँगा ताकि जो सपने उत्तराखण्ड बनाने वाले आंदोलनकारियों ने देखे थे वो पूरा हो सकें। 2016 में भाजपा ने कांग्रेस सरकार को अस्थिर कर अपनी सरकार बनाने के लिए कांग्रेस विधायकों दुरुपयोग किया और लोकतंत्रात्मक तरीकों को तार-2 कर दिया था।

न्याय के देवता गोल्ज्यू के दरबार में पहुंचे सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को चितई गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश को कोरोना मुक्त बनाने के लिए प्रार्थना की। साथ ही अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के बेस अस्पताल का निरीक्षण कर कोरोना से निपटने को लेकर चल रही तैयारियों की जानकारी ली।इसके अलावा कार्यकर्ताओं से भाजपा के प्रत्याशी कैलाश शर्मा समेत अन्य प्रत्याशियों को भी विजयी बनाने के लिए प्रयास तेज करने की अपील की।
शुक्रवार को सीएम धामी चितई गोल्ज्यू मंदिर गए। वहां पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने मीडिया से कहा लोकतंत्र का पर्व है। दूसरी ओर महामारी की आशंका है। इसको देखते हुए लोक देवता गोल्ज्यू से हम पर कृपा बनाए रखें और पूरे प्रदेश में सुख व समृद्धि बनी रहे। इसके बाद उन्होंने बेस अस्पताल का दौरा किया और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा से कोरोना को लेकर चल रही तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा आचार संहिता के साथ ही कोविड के खतरे से जनता को बचाने की जरूरत है। कहा पीएम मोदी कुछ दिन पहले समीक्षा भी कर चुके हैं। उन्होंने कहा पिछले दिनों एसटीएच हल्द्वानी का दौरा किया था।
अस्पतालों में बच्चों के लिए बेड तैयार किए जा रहे हैं। जान-माल की सुरक्षा के लिए पूरा ध्यान रखा जा रहा है। हर विभाग के नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। सरकार आचार संहिता के साथ ही जनता की जानमाल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह संजीदा है। इधर, सीएम ने भाजपा प्रत्याशी कैलाश शर्मा की मौजूदगी में स्थानीय होटल में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।कहा आम जनता तक इनको ले जाना होगा। कहा कोरोना के चलते सभाओं को आयोजन नहीं हो रहा है। वर्चुअल माध्यम से भाजपा सरकारों को काम को जनता तक पहुंचा रही है। यहां जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, महेश नयाल, राजेंद्र भंडारी, पूर्व जिपं अध्यक्ष मोहन सिंह महरा, द्वाराहाट के प्रत्याशी अनिल शाही रहे।

विस उपाध्यक्ष चौहान सहित दावेदार नहीं पहुंचे
सीएम पुष्कर सिंह धामी के शुक्रवार को अल्मोड़ा दौरे के दौरान भाजपा के टिकट के दावेदार मौजूद नहीं रहे। यही नहीं विस उपाध्यक्ष अल्मोड़ा के विधायक रघुनाथ सिंह चौहान भी उपस्थित नहीं रहे। सीएम धामी से इस पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा नाराजगी जैसी कोई बात नहीं हैं। उनका कार्यक्रम जल्दी में बना और सभी को सूचना नहीं दी जा सकी। यह जरूरी भी नहीं है सब यहां मौजूद रहें। इससे पहले एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा जिले से लेकर प्रदेश से लेकर जिनके नाम भेजे गए थे। उनको टिकट मिला है। एक प्रत्याशी ही चुना जा सकता है। कहा बची हुई सीट के प्रत्याशी जल्द घोषित हो जाएंगे। जनता भाजपा के अबकी बार साठ पार के संकल्प को पूरा करेगी।

पहले दिन 9 नामांकन पत्र बिके, भरा एक भी नही

विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन ऋषिकेश विस सीट से किसी भी राजनैतिक दल के प्रत्याशी ने नामांकन नहीं कराया। छह लोगों ने नौ नामांकन प्रपत्र तहसील से लिए हैं।
शुक्रवार को पहले दिन तहसील में कोई भी प्रत्याशी नामांकन के लिए नहीं पहुंचा। इस दौरान प्रशासन की ओर से नामांकन प्रक्रिया की तमाम व्यवस्थाएं अपनी ओर से पूरी रखी गई थी। पुलिस फोर्स भी मौके पर तैनात रहीं। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर तहसीलदार डा. अमृता शर्मा ने बताया कि जिन छह लोगों ने नौ नामाकंन प्रपत्र लिए हैं। उनमें अकाली दल मान के जगजीत सिंह, उत्तराखंड जनता पार्टी से अनूप सिंह राणा, भूपेंद्र कुकरेती ने निर्दलीय, संजय श्रीवास्तव ने न्याय धर्म सभा, अमित कुमार वत्स ने बीजेपी, लालमणि रतूड़ी ने आप के प्रत्याशी के लिए नामांकन प्रपत्र लिया है। शुक्रवार को एक भी नामाकंन प्रपत्र नहीं भरा गया है।

टिकट वितरण से नाराज कार्यकर्ताओं ने दिये सामूहिक इस्तीफे

भारतीय जनता पार्टी के टिकट वितरण के बाद भीमताल विधानसभा में बगावत की शुरुआत हो गई है। भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष व नैनीताल के भाजपा जिलाध्यक्ष रह चुके मनोज साह समेत 300 कार्यकर्ताओं ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। सभी ने अपने-अपने इस्तीफे प्रदेश अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष को भेजे हैं।
वहीं पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष मनोज साह ने कार्यकर्ताओं की राय के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। साह ने शुक्रवार को अपने 300 से अधिक समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। साह ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा से ऐसे उम्मीदवार को टिकट दिया है जो कुछ माह पूर्व ही भाजपा में शामिल हुआ है। साह ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता को टिकट न देकर मनोबल तोड़ने का काम किया है। इससे आहत होकर वह और सैकडों पदाधिकारियों ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया। साथ ही कार्यकर्ताओं ने उन्हें निर्दलीय चुनाव लड़ाने का ऐलान किया है।
साह ने कहा कि वह अब निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। साथ ही जीत हासिल कर पार्टी को अपनी पकड़ दिखाएंगे। वहीं कार्यकर्ताओं ने भी साह को निर्दलीय चुनाव लड़ाने की बात कही है। ज्ञापन में धारी मंडल अध्यक्ष कैलाश गुणवंत, आलम सिंह नगदली, हिरेश सिंह बिष्ट, इंद्र कुमार मेलकानी, कुंदन सिंह, देवेंद्र सिंह, पान सिंह, रविंद्र कर्नाटक समेत सैकेंडों लोगों के हस्ताक्षर है।

आज कोरोना के 4964 नए मामले, 8 मरीजों की हुई मौत

उत्तराखंड में कोरोना की रफ्तार बढ़ती जा रही है। संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ ही मौत के मामले भी बढ़ रहे हैं। आज शुक्रवार को प्रदेश में कोरोना के 4964 नए मामले मिले। वहीं कोरोना संक्रमित आठ मरीजों की मौत भी हुई है। इधर, 2189 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। अब राज्‍य में एक्‍टिव केस 26950 पहुंच गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आज देहरादून में सबसे अधिक 1489 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा हरिद्वार में 706, नैनीताल में 666, ऊधमसिंह नगर में 485 अल्मोड़ा में 261, पौड़ी 375, चमोली में 55, टिहरी में 120, बागेश्वर में 214, पिथौरागढ़ में 195, रुद्रप्रयाग में 144, उत्तरकाशी में 75 और चंपावत में 279 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इधर, विभिन्न जिलों में 2189 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं।

उत्‍तराखंड में सक्रिय मामले 26 हजार के पार
उत्‍तराखंड में कोरोना के सक्रिय मामलों की 26 हजार से अधिक यानी 26950 पर पहुंच गई है। देहरादून में सबसे अधिक 11064 सक्रिय मामले हैं। इसके अलावा नैनीताल में 3744, हरिद्वार में 3551 और ऊधमसिंह नगर में 2021 सक्रिय केस हैं।

ऋषिकेश में कोरोना के 68 नए केस मिले
ऋषिकेश, मुनिकीरेती और स्वर्गाश्रम क्षेत्र में शुक्रवार को भी कोरोना के नए केस सामने आए हैं। ऋषिकेश में 36, मुनिकीरेती में तीन और स्वर्गाश्रम में 68 लोग पॉजिटिव आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी मरीजों को आइसोलेट कर दिया है। राजकीय चिकित्सालय के स्वास्थ्य पर्यवेक्षक एसएस यादव ने बताया की शुक्रवार को 36 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

पिथौरागढ़ में कोरोना से महिला पुलिसकर्मी की मौत
पिथौरागढ़ पुलिस लाइन में तैनात एक महिला पुलिसकर्मी की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। तीन दिन पूर्व संक्रमण की पुष्टि होने के बाद महिलाकर्मी होम आइसोलेशन में थी। शुक्रवार को एकाएक तबीयत बिगड़ने पर महिलाकर्मी को जिला अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस लाइन में तैनात एक महिला पुलिस कर्मी में बीते मंगलवार को ट्रूनेट जांच में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उसे पुलिस लाइन स्थित आवास में ही होम आइसोलेट किया गया था। शुक्रवार सुबह एकाएक महिला कर्मी की तबीयत बिगड़ गई।

हरक सिंह रावत के कांग्रेस में शामिल होने पर भाजपा ने ली चुटकी

पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के कॉंग्रेस में शामिल होने पर भाजपा ने हरीश रावत और कॉंग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि आज पूरी तरह साबित हो गया है, हरीश रावत और कॉंग्रेस पर लगे भ्रष्टाचार और राज्य विरोधी आरोप बिलकुल सही हैं।
पार्टी प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी की तरफ से जारी किए आधिकारिक बयान में कहा गया कि कल तक सार्वजनिक और मीडिया मंचों पर उनकी ही पोल खोलने वाले हरक को पार्टी में शामिल करने का तो यही अर्थ है कि उन्हे वह सभी आरोप स्वीकार है। उन्होने कहा कि कल तक हरीश रावत उनको लोकतन्त्र का हत्यारा बताते हुए पानी पी-पी कर अनेकों अलंकारों से सुशोभित कर रहे थे। आज उनको और कॉंग्रेस को वही उज्याडु बैल स्वीकार है। उन्हे जनता के सामने अपने इस हृदय परिवर्तन के कारणों को स्पष्ट करना चाहिए अन्यथा जनता से गलतबयानी के लिए सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। इस सारे प्रकरण के बाद भाजपा को भरोसा है कि जनता में भी उनकी पोल खुल गयी है और अब अब न केवल हरीश रावत और बल्कि किसी भी कॉंग्रेस नेता की बातों पर भरोसा नहीं करने वाली है। इसलिए उनका सकारात्मक वोट प्रदेश में भाजपा की पुनः सरकार बनाने के पक्ष में पड़ने वाला है।

अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर वोट मांगने को प्रेरित किया

विधानसभा अध्यक्ष और ऋषिकेश के विधायक प्रेमचंद अग्रवाल का भारतीय जनता पार्टी से ऋषिकेश विधानसभा से टिकट घोषित होने पर आज उन्होंने ऋषिकेश स्थित आशीर्वाद वाटिका में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव को लेकर भविष्य की रणनीति पर बैठक कर चर्चा वार्ता की।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने 5 सालों में ऋषिकेश विधानसभा में अभूतपूर्व विकास किया है जिसके बल पर भारतीय जनता पार्टी बहुत बड़े अंतर से यह चुनाव जीतकर विजयश्री प्राप्त करेंगे।
अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा में विगत 5 वर्षों में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से ₹65 करोड की लागत से सड़कों का निर्माण किया गया, जबकि यूपीसीएल विद्युत विभाग के 48 करोड़ के कार्य ऋषिकेश विधानसभा में हुए हैं। इसी प्रकार एमडीडीए के माध्यम से 7 करोड़, सिंचाई विभाग के माध्यम से 44 करोड, राष्ट्रीय राजमार्ग के माध्यम से 575 करोड, जल संस्थान के माध्यम से 129 करोड, नमामि गंगा के माध्यम से 161 करोड आदि ऐसे कार्य हुए हैं जिससे जनता लाभान्वित हो रही है।
अग्रवाल ने कहा कि रायवाला में उत्तराखंड खेल विभाग के माध्यम से मिनी स्टेडियम के लिए एक करोड रुपए की धनराशि भी स्वीकृत हो चुकी है। श्री देव सुमन विश्वविद्यालय का परिसर ऋषिकेश में स्थापित हो चुका है जिसके लिए ₹44 करोड की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। साथ में संजय झील के लिए भी लगभग एक करोड़ की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि इन तमाम कार्यों के बल पर वह ऋषिकेश विधानसभा का चुनाव भारी अंतर से जीतेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा है कि घर-घर जाकर राज्य सरकार व केंद्र सरकार द्वारा किए गए कार्यों के बारे में जानकारी देने की आवश्यकता है। संपूर्ण जनमानस भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए तैयार बैठे हैं।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने घर घर जाकर चुनाव प्रचार को लेकर रणनीति तैयार की ऋषिकेश विधानसभा के प्रभारी दिगंबर सिंह ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल जनता के दुख सुख के साथी है और बेदाग छवि के बल पर उन्हें भारी अंतर से ऋषिकेश में विजय प्राप्त होगी।
इस अवसर पर मुंबई से आये जूनियर देवानंद किशोर भानूशाली ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में ऋषिकेश के सह प्रभारी पूनम चौधरी, मंडी परिषद के पूर्व सभापति देवेंद्र सिंह नेगी, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, वीरभद्र के मंडल अध्यक्ष अरविंद चौधरी, श्यामपुर के मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, इंद्र कुमार गोदवानी, पार्षद रीना शर्मा, सुंदरी कंडवाल, कमला नेगी, रविंद्र राणा, दिनेश पयाल, हरीश तिवारी, राजेश दिवाकर, शिव कुमार गौतम, सुमित कुमार, राजू नरसिम्हा, प्रदीप कोहली संदीप खुराना, जयंत किशोर शर्मा, अंकित पांडे, अरुण बडोनी, विकास तेवतिया, आदि सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान एवं नगर निगम के विभिन्न वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे।

आप के दिल्ली नेताओं ने उत्तराखंड में डाला डेरा

दिल्ली जंगपुरा विधायक और आप पार्टी उत्तराखंड सह प्रभारी प्रवीन कुमार देशमुख ने ऋषिकेश विधानसभा के प्रत्याशी एवं संगठन कार्यकर्ताओं के साथ बैठक ली। शुक्रवार की दोपहर पार्टी कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में उत्तराखंड चुनाव के सह प्रभारी देशमुख ने कार्यकर्ताओं की बैठक लेते हुए उनसे आगामी विधानसभा चुनावों में जुटने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि अब पार्टी पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुकी है। लिहाजा चुनावों के लिए एकजुट होकर पार्टी के पक्ष में काम होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव में सफलता के लिए टिप्स दिए। प्रदेश सह प्रभारी देशमुख ने कहा कि उत्तराखंड को 21 साल से बेहाल बनाने के लिए भाजपा-कांग्रेस बराबर जिम्मेदार हैं। राज्य में रोजगार के साधन सीमित हैं। रोजगार की तलाश में लोगों ने पलायन किया है। स्वास्थ्य सेवाएं भी बदहाल हैं।इस दौरान पार्टी के ऋषिकेश विधानसभा प्रत्याशी डा राजे सिंह नेगी ने उत्तराखंड के सह प्रभारी का अभिनंदन किया।अपने सम्बोधन में आप प्रत्याशी नेगी ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पार्टी की नीतियां जनता तक पहुंचाने की अपील की। बैठक में संगठन मंत्री दिनेश असवाल, चंद्रमोहन भट्ट, दिनेश कुलियाल, अधिवक्ता लालमणि रतूड़ी, मनमोहन नेगी, अजय रावत, अभिषेक थापा, संदीप शर्मा, प्रभात झा, अर्जुन सिंह आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

हरीश रावत की हा के बाद आखिरकार हरक सिंह की हो ही गई वापसी

भाजपा से बर्खास्त हरक सिंह रावत ने कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। शुक्रवार को उन्होंने कांग्रेस के वार रूम में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारी भी मौजूद रहे। हरक के साथ ही उनकी पुत्र वधू ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली है। कांग्रेस में शामिल होने के बाद हरक सिंह ने कहा कि 20 साल तक कांग्रेस के लिए संघर्ष किया है। एक बार फिर कांग्रेस को मजबूत करने में हम लोग जुटेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने के लिए कोई शर्त नहीं रखी है। बिना शर्त शामिल हुआ। टिकट की बातों से भी इनकार किया। कहा कि यहां एक ही शर्त है, भाजपा को हराना।
कहा कि 2016 में जब मैंने बगावत की उसके बाद भी लगातार सोनिया गांधी की मैंने तारीफ की है। लगातार टीवी चौनलों पर भी कहा था कि सोनिया गांधी का कई एहसान है। उन्होंने लगातार मुझ पर भरोसा किया है। कहा कि कोई माफीनामा नहीं दिया गया है। राजनीति में माफीनामा की कोई जगह नहीं होती है। मैं यहां एक गिलहरी की तरह भूमिका अदा करूंगा। हरक ने इस दौरान भाजपा पर कई आरोप लगाए। कहा कि टिकट की बातें झूठ थीं।
हरक सिंह रावत को शामिल कराने से पहले ही कांग्रेस ने अपना शुरुआती ब्ल्यू प्रिंट तैयार कर लिया था। विधानसभा चुनाव में हरक भाजपा के खिलाफ प्रचार का अहम किरदार होंगे। सूत्रों के अनुसार हरक को केवल एक टिकट दिया जाएगा, जिस पर उनकी बहू अनुकृति गुसाईं लैंसडौन सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। हरक को कांग्रेस के लिए प्रचार करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। दिल्ली में मौजूद सूत्रों ने कांग्रेस के इस फार्मूले की पुष्टि की है। उनका कहना है कि अभी प्रारंभिक स्तर पर इस फार्मूले पर कुछ सहमति बनी है। आगे इस विषय पर पूर्व सीएम हरीश रावत और शीर्ष नेता मंथन कर रहे हैं। हाईकमान जो भी तय करेगा, वहीं अंतिम होगा।

धाकड धामी की टीम युवा जोश और अनुभव से है लबरेज

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव-2022 के लिए भाजपा ने अपने 59 रणबांकुरो का ऐलान कर दिया है। विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के महारथियों का ऐलान होती इस बात पर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं कि आखिर प्रत्याशी चयन में किस नेता की चली है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा के प्रत्याशियों के चयन पर सीएम पुष्कर सिंह धामी की युवा छाप दिख रही है। सीएम पुष्कर सिंह धामी युवा नेतृत्व के प्रतीक के रूप में खुद खटीमा से चुनाव मैंदान में हैं। वहीं सीएम पुष्कर सिंह धामी के करीबी रहे सुरेश गढ़िया, दुर्गेश्वर लाल समेत 15 युवाओं को भाजपा ने मैदान में उतारा है।
भाजपा शुरू से धामी को युवा नेतृत्व के रूप में पेश करती आ रही है। धामी को धाकड़ बल्लेबाज की उपमा दे चुके भाजपा हाईकमान ने उम्मीदवार तय करने में धामी को युवा चेहरे चुनने की पूरी छूट दी। सूत्रों के अनुसार पार्टी द्वारा कराए गए सर्वें में कई टिकट काटने की सिफारिश की गई थी। भाजपा ने बुजुर्गाे के टिकट काटने में भले ही देर नहीं लगाई, लेकिन युवाओं पर कैंची चलाने में हिचकी है।
कपकोट में गढिया पहली बार चुनाव मैदान में उतर रहे है। जबकि भाजपा ने युवा दुर्गेश लाल पर विश्वास जताते हुए उसे पार्टी से टिकट दिया है। 2017 में वे निर्दलीय चुनाव लड़े थे। इसके बाद कुछ समय पहले ही कांग्रेस ने अपनी पार्टी में ज्वाइन कराया था। कांग्रेस से टिकट न मिलता देख वे गुरुवार को ही भाजपा में शामिल हुए और टिकट ले गए। द्वाराहाट से उम्मीदवार बनाए गए अनिल शाही ने भी चौंकाया है। शाही को भी भाजपा ने युवा चेहरे के रूप में आगे बढ़ाया है। भाजपा के युवा उम्मीदवारों में अगला नाम देवप्रयाग से विनोद कंडारी और सितारगंज सौरभ बहुगुणा का नाम है। वर्ष 2017 की जंग में कामयाब रहे कंडारी और बहुगुणा पर भाजपा ने दोबारा विश्वास जताया है। इस कड़ी आगे वर्तमान विधायक भेल रानीपुर से आदेश चौहान, रुड़की से प्रदीप बत्रा, श्रीनगर से धन सिंह रावत, लैंसडौन से दिलीप रावत, भीमताल राम सिंह कैड़ा भी धामी की यूथ टीम का हिस्सा है।