आज 13 नए संक्रमित मरीज मिले, सुरक्षा को नजरअंदाज ना करे

उत्तराखंड में बीते 24 घंटे में 13 नए संक्रमित मिले हैं, जबकि 18 मरीज स्वस्थ हुए हैं। फिलहाल 231 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक प्रदेश में 344779 लोग संक्रमित हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक रविवार को 06 जिलों में 13 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। बीते 24 घंटे में 18 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया है। इन्हें मिलाकर अब तक 330938 कोरोना संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं। 

डबल डोज या आरटीपीसीआर के बाद ही मिलेगा उत्तराखंड में प्रवेश 
ओमिक्रॉन वैरिएंट की दस्तक के बाद प्रदेश में जहां सख्ती लागू हो गई है। वहीं अब हरिद्वार जिले में भी सख्ती करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। प्रदेश की सीमा से लगे दूसरे प्रदेशों के जिलों से आने वाले बॉर्डर पर अब सख्ती से पुलिसकर्मी चेकिंग करेंगे। डबल डोज का सर्टिफिकेट या आरटीपीसीआर रिपोर्ट दिखाने के बाद ही प्रदेश में प्रवेश मिलेगा। ऐसे में अब बॉर्डर पर सख्ती बढ़ने के बाद प्रदेश में आने वाले यात्रियों की संख्या में गिरावट आएगी। 
नए साल के जश्न को लेकर धर्मनगरी के रास्ते लाखों यात्री पहाड़ी जिलों में पहुंचते हैं। वहीं इस बीच अब ओमिक्रॉन ने भी अपनी दस्तक दे दी है। इसको लेकर अब बॉर्डर पर सख्ती शुरु हो गई है। एसएसपी डॉक्टर योंगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि इस महामारी के कारण आमजन का जीवन बहुत प्रभावित हुआ है। कोविड-19 के कहर में बहुत से लोगों ने अपनी जान गंवाई है। लोगों को  सावधानी बरत कर घरों में रहकर अपने तथा अपने परिवार को इस महामारी के नए वैरिएंट ओमिक्रोन की चपेट में आने से बचाना है।

नियमों का पालन करना जरुरी
महामारी के नए वैरिएंट ओमिक्रोन से बचने के लिए नियमों की पालना करना अति आवश्यक है। उन्होंने बताया कि नियमों का पालन करके ही लोग महामारी के नए वैरिएंट ओमिक्रोन से बच सकते हैं। ऐसे में तीन महत्वपूर्ण एहतियाती उपाय जरूरी हैं, जिनमें सामाजिक दूरी, मास्क का प्रयोग, हाथों को बार-बार साबुन व हैंड सैनिटाइजर से साफ करना शामिल है। इन एहतियातों को अपनाकर आप अपने को व परिवार को कोरोना महामारी से बचाकर प्रशासन व पुलिस का सहयोग करें। कोरोना के नए वैरिएंट की दस्तक के साथ जिला पुलिस सतर्क हो गई है और आमजन को महामारी से बचाने के लिए कोरोना के नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
जिला पुलिस द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम और समाचार पत्रों के माध्यम से भी आमजन को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बावजूद भी नियमों को ताक पर रखकर मास्क का प्रयोग न करने व कोविड के नियमों की अवहेलना करने वालों पर पुलिस द्वारा कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। वहीं अब बॉर्डर पर भी सख्ती बरतनी शुरू कर दी गई है। प्रदेश में आने वाले लोगों की जांच बॉर्डर पर ही करवाई जा रही है। वहीं आरटीपीसीआर रिपोर्ट देखने के बाद ही अब प्रदेश में प्रवेश दिया जाएगा। श्यामपुर थाना क्षेत्र के चिड़ियापुर व लाहडपुर, मंगलौर के नारसन और भगवानपुर बॉर्डर भी सख्ती की जा रही है। 

41 विधानसभाओं को जीत का मंत्र दे गये नड्डा

मिशन-2022 में जुटी बीजेपी विधानसभा चुनाव के टिकट वितरण से पहले भाजपा हर विधानसभा क्षेत्र में टिकट न मिलने पर बगावत करने वाले संभावित चेहरों की पहचान करेगी। इसके लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों को ऐसे लोगों की सूची बनाकर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा गया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को गढ़वाल मंडल के 41 विधानसभा क्षेत्रों के लिए बनाए गए जिला प्रभारियों, विधानसभा प्रभारियों, विस्तारकों, जिला प्रवासी और सहायक प्रवासियों की बैठक ली।
इस दौरान उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों के लिए अब समय बहुत कम रह गया है। ऐसे में अगले कुछ दिन बहुत महत्वपूर्ण होने जा रहे हैं। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी विधानसभा चुनावों में एक बार फिर बंपर सीटों के साथ जीत सुनिश्चित करना चाहती है। इसके लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को एक साथ एकजुट होकर काम करना होगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस दौरान विधानसभा प्रभारियों को कई लक्ष्य दिए जो अगले दिनों में पूरे किए जाने हैं। पार्टी के सूत्रों ने बताया कि सभी प्रभारियों को अपने अपने क्षेत्र में टिकट के संभावित दावेदारों की सूची बनाने को कहा गया है। ऐसे दावेदारों की पहचान करने को भी कहा गया है जो टिकट न मिलने की स्थिति में बगावत कर सकते हैं। ताकि समय रहते ऐसे लोगों को मनाया जा सके। बगावत करने वाले संभावित दावेदारों की पहचान करने के साथ ही रिपोर्ट देने को कहा गया है।
इसके साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष की बैठक में बगावत करने वाले लोगों की पहचान करने के साथ ही ऐसे लोगों की भी सूची बनाने को कहा गया है जो इन दावेदारों को प्रभावित करने या मनाने की स्थिति में हों। ताकि जरूरत पड़ने पर ऐसे लोगों को चुनाव लड़ने से रोका जा सके और पार्टी प्रत्याशी को किसी भी तरह का नुकसान न हो पाए।

बगावत को लेकर भाजपा सतर्क, होमवर्क पूरा करने में जुटीं
भाजपा में कई सीटों पर टिकट के कई दावेदार हैं। इस बार पार्टी सर्वे में कमजोर चल रहे कुछ प्रत्याशियों के टिकट काटने पर भी विचार कर रही है। ऐसे में बगावत की स्थिति से इंकार नहीं किया जा सकता। भाजपा के नेताओं को इस बात का अंदाजा है कि ऐन वक्त पर टिकट न मिलने से नाराज होकर कुछ नेता पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। इससे पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को नुकसान होना तय है। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए पार्टी अभी से तैयारी कर रही है ताकि चुनाव में बगावत व इस तरह की स्थितियों से निपटा जा सके।

धामी के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और राजनीतिक दाव-पेंच से विपक्ष हताश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जब से सत्ता की बागडोर संभाली है तो उनके हरफनमौला खेल से भाजपा फ्रंटफुट पर खेल रही है। विपक्ष की हर चाल को वह विफल कर देते हैं। पिछले पांच माह की जोश और जुनून की युवा सरकार में धामी ने पहले तो विवादित मुद्दों पर धुंआधार बैटिंग कर उनको सुलझा दिया और विपक्ष के सामने मुद्दाविहीन राजनीति का लक्ष्य रख दिया। इससे विचलित विपक्ष बिखरने लगा और फिर आक्रामक तरीके से भाजपा और सरकार पर प्रहार करने लगा। जब भी लगा कि विपक्षी दल किसी मुद्दे पर बैटिंग कर भाजपा या सरकार को घेरने की फिराक में हैं तो एक कुशल कप्तान की तरह सीएम धामी अपनी सरकार और पार्टी के बचाव में आ जाते हैं। उनकी गुगली से विपक्ष के बल्लेबाजों की गिल्लियां हवा में उड़ जाती हैं और युवा कप्तान अपनी टीम को लगभग हार चुकी बाजी को जीत के कगार पर ले आता है। धामी के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और राजनीतिक दाव-पेंच से विपक्ष को संभलने का मौका नहीं मिल रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि युवा नेतृत्व में भाजपा 2022 के विधानसभा चुनाव में दोबारा सत्तासीन हो जाएगी।

उत्तराखण्ड की जनता की सेवा हमारा भाव व समग्र विकास हमारा लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने राज्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर परिचर्चा के दौरान स्पष्ट किया कि उत्तराखण्ड की जनता की सेवा हमारा भाव तथा राज्य का समग्र विकास हमारा ध्येय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास में केन्द्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। राज्य में केन्द्र सरकार के सहयोग से लगभग एक लाख करोड़ की योजनायें संचालित हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार द्वारा देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड़ अधिनियम वापस लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नये आयाम प्राप्त कर रहा है। केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण, अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का कार्य तथा काशी विश्वनाथ धाम को भव्य स्वरूप देना इसका उदाहरण है। अहिल्याबाई होल्कर के बाद मोदी जी ने काशी विश्वनाथ धाम का पुनरूद्धार का कार्य किया। बद्रीनाथ धाम के सौन्दर्यीकरण का भी कार्य चल रहा है। 250 करोड़ की योजना इसके लिये तैयार की गई है। इस प्रकार आज प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाये जाने का कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण नहीं सबको विकास का लाभ देने का कार्य हो रहा है। अटल आयुष्मान योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन जैसी योजनायें सबके लिये हैं। सबका साथ सबका विकास का संकल्प पूरा किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी देश के विकास की नई गाथा लिख रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पर्यटन, स्वास्थ्य, आजीविका मिशन, पंचायतों से जुड़े प्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, नौजवानों के हित में राहत पैकेज के साथ ही कल्याणकारी निर्णय लिये हैं। हमें राज्य के विकास में जितना भी समय मिला है वे उसमें खुलकर बैटिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश की जनता का आशीर्वाद हमें मिल रहा है। जनता की समस्याओं से वे परिचित हैं। जन समस्याओं का समाधान हमारा उद्देश्य भी है, ध्येय भी है। राज्य में चारधाम परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना राज्य को जोड़ने वाले हाई-वे राज्य के विकास की दिशा तय कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के लोग स्वाभिमानी और राष्ट्रभक्त हैं। हम चुनाव को ध्यान में रखकर कार्य नहीं कर रहे हैं, बल्कि सभी क्षेत्रों का समान रूप से विकास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार से जोड़ने के लिये प्रभावी पहल की है। राज्य में सरकारी विभागों में 24 हजार पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया प्रारम्भ की है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी से ही बेरोजगारी दूर नहीं की जा सकती है, इसके लिये स्वरोजगार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बैंकों से ऋण सुविधा को आसान बनाया, होम स्टे योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना आदि के जरिये हमारे युवा रोजगार देने वाले भी बनें इसके लिये धरातल पर कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास के लिये सभी विभागों का 10 साल का रोड मैप तैयार किया जा रहा है। 2025 में जब हमारा राज्य अपनी रजत जयंती वर्ष मनायेगा तब देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो इसका हमारा प्रयास है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि 21 वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखण्ड का होगा। हम इस दिशा में भी कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य की इकोलॉजी और इकोनॉमी को बढ़ावा देने का भी हमारा प्रयास है, राज्य में प्रभावी भूमि सुधार के लिये कमेटी बनायी गई है, राज्य हित में जो भी निर्णय उचित होगा हम वह लेंगे और ले रहे हैं। प्रधानमंत्री को कर्मयोगी बताते हुए उन्हें प्रेरणा देने वाला बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे वर्तमान में जीते हैं उनके अंदर जितनी सामर्थ्य व ताकत है उसका पूर्ण मनोयोग से जनता की सेवा में उपयोग कर रहे हैं। राज्य में नो पेंडेंसी का ध्येय लेकर हम भी कार्य संस्कृति में बदलाव लाने का प्रयास कर रहे हैं।

मंसा देवी क्षेत्र में विधानसभा प्रभारी ने नुक्कड़ जन सभा को किया संबोधित

मंसा देवी क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के ऋषिकेश विधानसभा प्रभारी राजे सिंह नेगी ने नुक्कड़ जनसभा को संबोधित किया। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की मौजूदगी में पार्टी के नेता नेगी ने अपने सम्बोधन में भाजपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा दोनों पार्टियां एक ही सिक्के के दो पहलू है जिन्होंने बारी-बारी से उत्तराखंड की जनता को छलने का काम किया है।
रविवार की दोपहर नुक्कड़ जनसभा के लिए मंसा देवी क्षेत्र पहुंचे विधानसभा प्रभारी राजे सिंह योगी ने क्षेत्र वासियों से सीधा जनसंवाद भी किया। इससे पूर्व उन्होंने महान क्रांतिकारी सरदार उधमसिंह का जंयती पर भावपूर्ण स्मरण कर उनके चित्र पर श्रद्वा सुमन अर्पित किए। नुक्कड़ जनसभा के दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बड़े-बड़े दावे कर सत्तासीन हुई भाजपा अपने सभी दावे और वायदे भूल गई है। युवाओं को नौकरी देने का वादा भी सरकार के द्वारा किया गया था लेकिन पिछले पांच साल से सरकार ने प्रदेश युवाओं को रोजगार नहीं दिया और वह विफल साबित हुई है। जिस तरह से आज प्रदेश का युवा बेरोजगारी की कगार पर है, यह एक बड़ा चिंता का विषय है। प्रदेश में अगर आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो वह सबसे पहले युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का काम करेगी और जब तक युवा की नौकरी नहीं लगेगी तब तक उसको ऐसे ही बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। महिलाओं को भी सरकार हर महीने एक हजार रुपये प्रोत्साहन राशि मुहय्या करायेगी।साथ ही प्रदेशवासियों को 300 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी।
विधानसभा प्रभारी नेगी ने कहा हमारा सिर्फ एक ही उद्देश्य है विकास और विकास। इस बार ऋषिकेश विधानसभा की जनता ने मन बना लिया है कि आने वाला विधायक आम आदमी पार्टी का ही होगा। उन्होंने कहा भाजपा सरकार को आम जनता की कोई फिक्र नहीं है। यह सरकार अहंकार में चूर है। आने वाले विधानसभा चुनाव में इस सरकार को जनता सबक सिखाएगी। इस मौके पर दिनेश कुलियाल, सीता पयाल, उषा बुडाकोटी, सुषमा राणा, मंजू शर्मा, दिनेश कुलियाल, पूजा नेगी, चन्द्र मोहन भट्ट, सरदार निर्मल सिंह, लालमणि रतूड़ी, जय प्रकाश भट्ट, सुनील वर्मा, सुनील सेमवाल, चन्द्र प्रकाश क्षेत्री, अभिषेक थापा, मनमोहन नेगी, पंकज गुसाईं उपस्थित रहे।

एम्स कर्मचारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नही किया जायेगा-खरोला

एम्स के सुरक्षा कर्मियों का धरना रविवार को भी जारी रहा। उन्होंने सुरक्षा अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। उन्होंने उत्पीड़न के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
रविवार को वीरभद्र रोड पर एम्स कर्मचारियों के धरने को कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि एम्स कर्मचारियों का उच्च अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा शोषण किया जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब से एम्स बना है, तब से कई दफा कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। यहां आए दिन छोटे कर्मचारियों के शोषण की खबरें सामने आती रही हैं। भर्ती में धांधली का मुद्दा भी उछला है। कहा कि कांग्रेस कर्मचारियों के साथ है। अगर इनकी मांगों का संज्ञान नहीं लिया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। मौके पर राजेन्द्र गुसाईं, प्रदीप कुमार, भारत सिंह पयाल, पंकज रावत, मेहरबान सिंह राणा, प्यार सिंह राणा आदि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने किया ‘‘रैबार एक नये उत्तराखण्ड का’’ कार्यक्रम को सम्बोधित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गंगा रिजोर्ट ऋषिकेश में आयोजित रैबार एक नये उत्तराखण्ड कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने ‘‘रैबार एक नये उत्तराखण्ड का’’ कार्यक्रम को देवभूमि का संदेश बताते हुए इस आयोजन में हुए विचार मंथन को राज्य के विकास की संभावनाओं को दिशा देने वाला बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी वे पहाड़ों की ओर देखते हैं तो उन्हें साहस, ईमानदारी, चिरंतन विश्वास एवं देवीय प्रकाश की प्रतिध्वनि सुनाई देती है। पहाड़ की ये प्रतिध्वनि एवं गंगा की अविरल धारा हमें विकास की प्रेरणा भी प्रदान करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन विकास में एकरूपता, निरंतरता तथा परिस्थितियों को अनुकूल बनाने का भी कार्य करते हैं। इससे राज्य के विकास की दशा व दिशा भी तैयार करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास की ये पवित्र गंगा जन कल्याणकारी बनकर आगे बढ़ती रहे, इसके लिये हमें सहभागी बनना होगा। राज्य के विकास में किसी अकेले की नहीं बल्कि हम सबकी सामुहिक यात्रा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की राय एवं संवाद, विकास में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पलायन, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसे तमाम मुद्दों पर आने वाले सालों में किस तरह सरकार और जनता के बीच समन्वय बनाकर कार्य किया जाए इसके लिए सरकार ने बोधिसत्व विचार श्रृंखला कार्यक्रम की शुरुआत की है। जिसके माध्यम से सरकार विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर चुके अनुभवी लोगों से सुझाव प्राप्त कर रही है। उन्होंने कहा हम बोधिसत्व कि अभी तक 4 श्रृंखलाएं आयोजित कर चुके हैं। इस कार्यक्रम के तहत अपने अपने क्षेत्र के विषय विशेषज्ञों के माध्यम से उत्तराखंड के विकास की गति को तेज करना हमारा उद्देश्य है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सी.डी.एस जनरल बिपिन रावत को नमन करते हुए समूचे राज्य की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा वीर शहीद जनरल बिपिन रावत का उत्तराखण्ड के लिए जो विजन था उसे हम अवश्य पूर्ण करेंगे, एवं उनके बताए हुए रास्ते पर चलेंगे साथ ही उनकी परिकल्पना के अनुसार उत्तराखण्ड के सतत विकास हेतु कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार द्वारा बनाये जाने वाले सैन्य धाम में हर सम्भव मदद उनके द्वारा की गई थी।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड राज्य उन्ही की देन है। उन्होंने कहा आज का दिन सुशासन दिवस के अवसर पर मनाया जाता है और हम इसी सुशासन की परिकल्पना को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने पेशावर कांड के महानायक वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली व पं. मदन मोहन मालवीय को भी नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं केन्द्र सरकार के सहयोग से राज्य में ऐसे बहुत से काम हुए हैं, जिनकी पहले कल्पना नहीं की जा सकती थी। मोदी जी ने पहाड़ पर रेल पहुचाने के सपने को साकार किया है। आज ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तथा सामरिक दृष्टि एवं भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना पर तेजी से काम हो रहा है। इसी प्रकार चार धाम ऑल वेदर रोड, भारत माला प्रोजेक्ट पर भी तीव्र गति से काम किया जा रहा है। चार धाम यात्रा उत्तराखण्ड के लिए लाइफ लाईन है और ये परियोजनाएं जहां चारधाम यात्रा को सुगम बनाएंगी, पर्यटन को बढ़ावा देगी वहीं हमारी अर्थव्यवस्था में क्रांतिकारी परिवर्तन भी लाएगी। दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे देहरादून से दिल्ली की दूरी को और कम करने वाला है। केदारनाथ पुनर्निर्माण का कार्य अंतिम चरण मे हैं। प्रधानमंत्री द्वारा यहां 400 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया गया है। बद्रीनाथ धाम के सौन्दर्यकरण के लिये 250 करोड़ की योजना बनायी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कनेक्टिविटी से लेकर कंजर्वेशन तक, एंप्लायमेंट से लेकर वुमन एंपावरमेंट तक, ऑर्गेनिक स्टेट से लेकर स्प्रिचुअल ईको जोन तक, स्वस्थ उत्तराखंड बनाने से लेकर समृद्ध उत्तराखंड बनाने के लिए प्रधानमंत्री जी का सहयोग मिल रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में निवेश के लिए टूरिज्म, आयुष, वेलनेस, आईटी, सौर ऊर्जा और सर्विस सेक्टर पर फोकस किया गया है। ग्रामोदय से राज्य उदय के मंत्र पर कार्य करते हुए हमारे द्वारा सभी न्याय पंचायतों में क्लस्टर बेस अप्रोच पर ग्रोथ सेंटर डेवलप किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जितना भी समय राज्य के मुख्य सेवक के रूप में उन्हें मिला है, उसका पल पल राज्य के विकास के लिए समर्पित किया है। हमारा संकल्प है कि जब राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होंगे तब हम उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बना देंगे। हम विकल्प रहित संकल्प के मंत्र पर कार्य करने वाले लोग हैं सुशासन हमारा अस्त्र है और अन्त्योदय हमारा अंतिम लक्ष्य।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा हिल मेल – 2021 की 50 चर्चित शख्सियत, “शिखर पर उत्तराखंडी“ का विमोचन किया गया। एवं सेंसर बोर्ड के प्रमुख प्रसून जोशी, एनटीआरओ प्रमुख अनिल धस्माना, शौर्य डोभाल सहित अन्य लोगों को हिल रत्न से सम्मानित भी किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, मेयर ऋषिकेश, स्वामी चिदानन्द महाराज, महामण्डलेश्वर विरेन्द्र गिरी महाराज आदि उपस्थित रहे।

विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा लक्ष्यः धामी


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चमोली के विकासखंड नन्दानगर (घाट) में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। कार्यक्रम के दौरान सीएम ने 56 करोड़, 54 लाख, 93 हजार की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करते हुए जनपद चमोली के जोशीमठ का पौराणिक नाम ज्योर्तिमठ करने की घोषणा भी की। इस दौरान कबीना मंत्री सतपाल महाराज, सांसद एवं पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत, बद्रीनाथ विधायक महेन्द्र प्रसाद भट्ट, थराली विधायक मुन्नी देवी शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र रावत आदि मौजूद रहे। सीएम के नन्दानगर पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने फूल मालाओं से उनका जोरदार स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह और शाल भेंट किया। साथ ही घाट ब्लाक का नाम नन्दानगर रखने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।

मुख्यमत्री ने सर्वप्रथम मां भगवती नन्दा राजेश्वरी के सिद्धपीठ कुरूड़ की पावन भूमि को नमन करते हुए जनसभा को संबोधित किया। कहा कि विशाल संख्या में हमें आशीर्वाद देने के लिए पहुंची देवतुल्य जनता का मैं अभिनन्दन करता हूॅ और सभी जन प्रतिनिधियों और महानुभावों का हार्दिक स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा कि आज का दिन श्रद्धेय जननायक, भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म जयंती भी है। भारत के मानचित्र में अलग राज्य के तौर पर उत्तराखंड का गठन करने वाले अटल जी को देवभूमि का शत-शत प्रणाम करता हूॅ। आप सभी का उत्साह स्पष्ट रूप से बता रहा है कि उत्तराखण्ड की जनता हमारे साथ एकजुट है। हमारे युवाओं और बुजुर्गों के चेहरे पर जो मुस्कान और माताओं-बहनों के चेहरे पर जो आत्मसम्मान है वो ये सुनिश्चित करता है कि आपका मुख्य सेवक आपके हित में कार्य कर रहा है। मेरा निरंतर प्रयास है कि मैं आप लोगों के जीवन को जितना हो सके उतना सुगम बनाऊं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य सेवक के रूप में मैं निरंतर ऐसे फैसले ले रहा हूं जो सीधे जनता से जुड़े हैं और जिनमें जनसरोकार सर्वाेपरि है। ये आपकी अपनी सरकार है जिसका एकमात्र ध्येय आपकी प्रगति, आपका विकास है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर हो रहा है। हम पहाड़ में रेल का सपना देखते थे। मोदी ने इस सपने को साकार किया है। एक ओर जहॉ ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर कार्य तेजी से चल रहा है, वहीं सामरिक एवं भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना को भी मंजूरी मिल चुकी है। इसी तरह चार धाम ऑल वेदर रोड, भारत माला प्रोजेक्ट पर भी तीव्र गति से काम किया जा रहा है। चार धाम यात्रा उत्तराखण्ड के लिए लाइफ लाईन है और ये परियोजनाएं जहां चारधाम यात्रा को सुगम बनाएंगी, पर्यटन को बढ़ावा देगी वहीं हमारी अर्थव्यवस्था में क्रांतिकारी परिवर्तन भी लाएगी। कुमाऊं क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए एम्स के सेटेलाइट सेंटर को खोलने के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने स्वीकृति दी। इस सेटेलाइट सेंटर के खुलने से उत्तराखण्ड के दूर-दराज इलाकों तथा सीमान्त क्षेत्र के लोगों को अत्यन्त फायदा होगा। इसके साथ-साथ मा0 प्रधानमंत्री जी के मार्ग निर्देशन में हवाई सेवाओं के द्वारा उत्तराखण्ड के सुदूर क्षेत्रों को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ने का काम तेजी से किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है और इसके लिए हम दिन रात प्रयत्नशील हैं। विकसित उत्तराखंड का जो स्वप्न हमने देखा है, उसके लिए हम एक विजन को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। हमने सभी विभागों से दस साल का रोडमैप मांगा है, ताकि राज्य के विकास का एक उत्कृष्ट खाका खींचा जा सके। इसके अलावा सरकार ने बोधिसत्व विचार श्रृंखला कार्यक्रम को भी शुरू किया है जिसके अंतर्गत सरकार विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर चुके अनुभवी व्यक्तियों से सुझाव लेकर योजनाएं बना रही है। हम पलायन, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन जैसे विषयों पर ऐसी ठोस नीतियां बनाने का काम कर रहे हैं जो आने वाले वर्षों में ’’आत्म निर्भर उत्तराखण्ड’’ के हमारे संकल्प को सिद्ध करेंगी। हमारी नीति और नीयत दोनों स्पष्ट हैं। हमारी नीति विकास की और नीयत है विश्वास की है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राज्य ने अभूतपूर्व प्रगति की है और मुझे पूरा विश्वास है कि ये विकास यात्रा आगे भी जारी रहेगी। हमारी सरकार प्रत्येक उत्तराखण्डी की खुशहाली के लिए अपना एक एक काम समर्पित किए हुए है। हम हर क्षेत्र में संभावनाओं के नए द्वार खोल रहे हैं और मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी के सहयोग से विकास की ये यात्रा आगे भी जारी रहेगी। उत्तराखण्ड की सेवा करने का मुझे जितना भी अवसर मिला है, मैं इस समय अवधि का एक एक पल राज्य के लिए समर्पित कर चुका हूं। हमारा संकल्प है राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष तक उत्तराखंड को भारत का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना और ये हमारा संकल्प ’’विकल्प रहित संकल्प’’ है। कार्यक्रम के दौरान सीएम ने पूर्व शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि भी दी।

सांसद एवं पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत ने कहा कि हमारी सरकार ने तेजी से क्षेत्र का विकास किया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार चारधामो को सड़क और रेल लाइन से जोड़ने का काम कर रही है। आज देश और प्रदेश का विकास कुशल नेतृत्व से तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कबीना मंत्री सतपाल महाराज ने कहा के हम सब प्रदेश के विकास के लिए संकल्पबद्ध हैं और इसी संकल्प के साथ हमारी सरकार रात दिन विकास कार्य में जुटे है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संपूर्ण देश में तेजी से विकास कार्य हो रहे है जो सब आप लोगों के सामने है। इसी का परिणाम है कि आज देश विकास की ऊंचाइयों पर है। कहा कि ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक रेलवे लाइन को पहुंचाने की कवायद के मेरे ड्रीम प्रोजेक्ट को भी प्रधानमंत्री ने साकार कर दिया।

इस अवसर मुख्य विकास अधिकारी वरूण चौधरी, संयुक्त मजिस्ट्रेट अभिनवन शाह, एसडीएम संतोष पांडेय एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद थी।

लोकार्पण एवं शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान विकासखंड नन्दानगर (घाट) में 5654.93 (56 करोड़, 54 लाख, 93 हजार) की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया गया।

लोकार्पण -1564.15 लाख (15 करोड़ 64 लाख 15 हजार)
1-जिलासू-आली मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं पुर्ननिर्माण कार्य लागत 266.41 लाख।
2-हापला-गुडम-नैल मोटर मार्ग का निर्माण कार्य लागत 346.85 लाख।
3-पिण्डर नदी के ऊपर आमसौड-सेरागाड़ में स्टील गार्डर मोटर सेतु एवं 1.82 किमी. मोटर मार्ग कार्य लागत 821.15 लाख।
4-पर्यटक आवास गृह तपोवन का लोकार्पण लागत 129.74 लाख।
शिलान्यास -4090.78 – 40 करोड़ 90 लाख 78 हजार)
1-सीएम घोषणा के तहत कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में नन्दप्रयाग-घाट मोटर मार्ग डेढ लेन कार्य लागत 220.68 लाख।
2-सीएम घोषणा के तहत थराली विधानसभा क्षेत्र में नन्दप्रयाग-घाट मोटर मार्ग डेढ़ लेन कार्य लागत 220.06 लाख।
3-चोपता-डडुवागाढ मोटर मार्ग निर्माण कार्य लागत 44.96 लाख
4-हरमनी-करच्यूडा मोटर मार्ग से विणागांव-एससी बस्ती-हरमनी तल्ली तक मोटर मार्ग निर्माण कार्य लागत 55.46 लाख।
5-पोखरी-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग का सुधारीकरण व डामरीकरण कार्य लागत 2337 लाख।
6-पोखरी-हरिशंकर मोटर मार्ग सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य लागत 307.11 लाख।
7-पोखरी-हरिशंकर-चौण्डी-रौता मोटर मार्ग से सिमलासू तक मोटर मार्ग नवनिर्माण कार्य लागत 105.29 लाख।
8-देवाल ब्लाक के जैन विष्ट गांव में कैल नदी पर बाढ सुरक्षा कार्य लागत 151.37 लाख।
9-देवाल ब्लाक के फल्दिया नाला पर स्थित हरिपुर वस्ती में बाढ सुरक्षा कार्य लागत 96.50 लाख।
10-चटवापीपल के घाट सौन्दर्यीकरण एवं पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य लागत 118.40 लाख।
11-सीएम घोषण के तहत घाट मुख्य बाजार की बाढ सुरक्षा योजना कार्य लागत 350.98 लाख।
12-सीएम घोषणा के तहत दशोली ब्लाक के ग्राम विजयनगर (पुरसाडी) में बाढ सुरक्षा योजना कार्य लागत 82.97 लाख।

रायवाला में नाबालिग युवती की जहर खाने से मौत


रायवाला थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि कनखल थाना पुलिस ने मामले की सूचना दी। बताया की सत्यमित्रानंद आश्रम, हरिपुरकलां की छात्रा प्रीति निवासी हिम्मपुर-गहराना, अवागढ़, यूपी हाल निवासी जगदीश आनंद आश्रम, हरिपुरकलां की संदिग्ध हालात में जहर खाने से अस्पताल में मौत हो गई। सूचना पर रायवाला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल पायेगा।

दो युवकों ने पुलिस ने बरामद किए नशे के 290 इंजेक्शन


पुलिस के मुताबिक चेकिंग के दौरान भरत विहार स्थित खाली ग्राउंड के पास से बिना नंबर के स्कूटर पर सवार दो युवकों को रोककर चेकिंग की गई। इसमें उनके पास से दो अलग-अलग ब्रांड के कुल 290 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। इस दौरान औषधि निरीक्षक अनीता भारती को भी मौके पर बुलाकर बरामद इंजेक्शन को चेक करवाया गया। इसमें औषधि निरीक्षक ने बताया कि यह इंजेक्शन पूर्णतया प्रतिबंधित है। इस पर दोनों युवकों के खिलाफ एनडीपीएस ऐक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि युवकों की पहचान कासिब पुत्र एहसान अली और रिजवान पुत्र रियाज निवासी बकरा मार्केट, ज्वालापुर, हरिद्वार के रूप में की गई है। इसके साथ ही पकड़े गए युवकों को इंजेक्शन सप्लाई करने वाले मेडिकल स्टोर संचालक निवासी धीरवाली, रामलीला ग्राउंड, ज्वालापुर, हरिद्वार के खिलाफ भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

मुनिकीरेती में बाढ़ सुरक्षा कार्यों का हुआ शिलान्यास

मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत ढालवाला बाढ़ सुरक्षा कार्य और खराश्रोत बाढ़ सुरक्षा कार्य का कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने शिलान्यास कर जनता को समर्पित किए। दोनों कार्यों को वित्तीय स्वीकृति मिलने पर स्थानीय लोगों ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का आभार जताया।

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि नरेंद्र नगर विधानसभा में विकास कार्यों का दौर लगातार जारी है। बीते 100 दिनों में 100 से अधिक सड़कों को नरेंद्र नगर विधानसभा में स्वीकृति दी जा चुकी है। अधीक्षण अभियंता आरके गुप्ता ने बताया कि ढालवाला में चार करोड़ 84 लाख (484.41लाख) और खाना स्रोत में साढ़े तीन करोड़ (359.29लाख) रुपए की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य किया जाना है। उन्होंने बताया की टेंडर इंडिया शुरू कर दी गई है। जनवरी माह से कार्य शुरू होने की उम्मीद की जा रही है।

मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, ऋषिकेश मंडी अध्यक्ष विनोद कुकरेती, क्रेजी फेडरेशन अध्यक्ष मनीष डिमरी, सभासद मीनू गोड़ियाल, वंदना थलवाल, मंडल अध्यक्ष राकेश बट, महामंत्री गोपाल चौहान, बीना जोशी, सिंचाई विभाग विभाग के अधिशासी अभियंता कमल सिंह आदि उपस्थित थे।