होमगार्ड्स जवानों को 6000 रूपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को तपोवन रोड स्थित होमगार्डस मुख्यालय में आयोजित होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा संगठन के स्थापना दिवस पर भव्य रैतिक परेड कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि कोविड के दौरान लगातार कोविड ड्यूटी में तैनात सभी होमगार्ड्स जवानों को 6000 रूपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान केन्द्रीय प्रशिक्षण संस्थान थानो के छात्रावास तथा जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय, हरिद्वार का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने भव्य परेड की सलामी ली और विभागीय स्मारिका का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने होमगार्ड्स तथा नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को उनके कार्यों के प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कोविड ड्यूटी के दौरान दिवंगत होमगार्ड स्व रोशन सिंह की पत्नी बबीता को 2 लाख रूपये की राशि का चेक प्रदान किया। होमगार्ड राजबहादुर को 1 लाख रूपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि होमगार्ड्स के जवान पूरे समर्पित भाव से जन सेवा और पुलिस को सहयोग करते आ रहे हैं। होमगार्ड्स जवानों को जिस भी मोर्चे पर तैनात किया गया उन्होंने उम्मीद से बढ़कर कार्य कर के दिखाया। उन्होंने कहा कि आवश्यक सेवाओं के सही संचालन से लेकर, किसी भी आपात स्थिति से निपटने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में होमगार्ड्स के जवान उत्कृष्ट योगदान देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम यात्रा हो या फिर कुंभ का आयोजन होमगार्डस के जवानों की हर स्थिति में भूमिका बेहद अहम रहती है। होमगार्ड्स सुदूर पर्वतीय ग्रामीण अंचलो में भी पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर शान्ति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान होमगार्ड्स के जवानों ने सराहनीय कार्य किया। राज्य में अब होमगार्ड्स के जवानों की संख्या 6500 से और बढ़ाई जा रही है। होमगार्ड्स निदेशालय में समूह-ग के पदों पर होमगार्ड्स को 25 प्रतिशत आरक्षण भी तय किया जा चुका है। फोर्स का सर्वांगीण विकास सरकार की योजनाओं का अहम हिस्सा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक रायपुर उमेश शर्मा काऊ, अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी अशोक कुमार, जीओसी सबेरिया मेजर जनरल संजीव खत्री, कमांडेंट जनरल होमगार्ड अजय रौतेला एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

भीमताल के रामलीला मैदान में जिला पंचायत सदस्य लाखन नेगी ने दिखाई ताकत

जिला पंचायत सदस्य दाड़िम व विधायक प्रत्याशी-2022 लाखन सिंह नेगी ने आज जनसभा के जरिए राज्य सरकार से भीमताल विधानसभा को आपदा प्रभावित विधानसभा घोषित करने की मांग की। साथ ही आपदा प्रभावित क्षेत्रों का सही तरीके से आंकलन कर उचित मुआवजे की मांग भी की। इस मौके पर लाखन सिंह नेगी ने विधानसभा चुनाव के लिए अपना शक्ति प्रदर्शन किया तथा युवा एकता मंच विधानसभा भीमताल का गठन भी किया। लाखन नेगी ने रामलीला मैदान से तिकोनिया होते हुए कई सूत्रीय मांगों को लेकर पदयात्रा भी निकाली। 
जिला पंचायत सदस्य व विधायक प्रत्याशी-2022 लाखन सिंह नेगी ने भीमताल स्थित रामलीला मैदान में आज बड़ी संख्या में मौजूद मातृशक्ति, बुजुर्गों व युवाओं को संबोधित किया। लाखन नेगी ने कहा कि अक्टूबर में प्राकृतिक आपदा का कहर भीमताल विधानसभा पर सबसे ज्यादा बरपा है। इस आपदा में कई लोगों ने अपनों को खो दिया। किसी ने अपनी जिंदगीभर की कमाई गंवा दी। किसी का आशियाना बह गया। कहा कि भीमताल विधानसभा के हर एक परिवार को इस आपदा से कुछ न कुछ नुकसान हुआ है। मगर, अफसोस की बात है कि जो उम्मीद पीड़ितों ने अपने स्थानीय जनप्रतिनिधि व विधायक से की थी। उन्हें मायूस ही होना पड़ा। विधायक आपदा की घड़ी में भीलोगों के आंसू पोंछने तक नहीं आये। राज्य सरकार से भी कोई खास मदद नहीं मिली। लाखन नेगी ने राज्य सरकार से भीमताल विधानसभा को आपदा प्रभावित विधानसभा घोषित किए जाने की मांग की। साथ ही नुकसान का सही तरीके से आंकलन कर उचित मुआवजे की भी मांग की। 
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख रामगढ़ पुष्पा नेगी, दीपा लोधियाल, आनंदी हर्नवाल, पूजा थापा, पूनम देवी, भगवती नयाल, जानकी देवी, प्रियंका बिष्ट, शांति बिष्ट, सुनीता आर्य, चंपा बिष्ट, देवकी बिष्ट, टीकम खोलिया, कृष्ण पाल, लक्ष्मण बिष्ट, वीरेंद्र रूवाली, डॉ कुलदीप जोशी, मदन लाल आदि चारों ब्लॉक से जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। 

युवा एकता मंच विधानसभा भीमताल का किया गठन 
जिला पंचायत सदस्य व विधायक प्रत्याशी लाखन सिंह नेगी ने जनसभा के दौरान ही युवा एकता मंच विधानसभा भीमताल का भी गठन किया। उन्होंने कहा कि यह मंच विधानसभा के युवाओं के लिए एकता का परिचायक होगा। कहा कि इस मंच युवाओं की आवाज को बुलंद करेगा। इस मंच के जरिये युवाओं को अपनी बात रखने के लिए एक मंच मिलेगा। इस मौके पर भीमताल के 1200 से अधिक युवाओं ने एकता मंच की सदस्यता भी ग्रहण की। 

पदयात्रा के जरिए उठाये कई अहम विषय
जनसभा के बाद लाखन नेगी के नेतृत्व में रामलीला मैदान से डाठ होते हुए वापस रामलीला मैदान तक पदयात्रा का भी आयोजन किया गया। पदयात्रा में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लेते हुए कई अहम विषय उठाकर सरकार से मांग की। पदयात्रा के दौरान मातृशक्तियों, बुजुर्गों व युवाओं के हाथों में तख्तियां देखने को मिली। इनमें भीमताल में कुमाऊॅं यूनिवर्सिटी का तीसरा कैंपस खोलने, लॉ कॉलेज खोलने, पहाड़ों में प्राधिकरण द्वारा किये जा रहा शोषण बंद करने, भीमेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णाेद्धार, पौराणिक मंदिरों को धार्मिक पर्यटन के रूप में पहचान मिलने, कोविड मुआवजे से वंचित रह गए रजिस्टर्ड चालक, बोट चालक, होटल व्यवसायी, होम स्टे, ट्रेवल्स, कैटरिंग, टैंट व्यापारी को मुआवजा देने की मांग, चारधाम की तर्ज पर उत्तर भारत के एकमात्र देवगुरु वृहस्पति मंदिर को पहचान मिलने, नई सीवर लाइन बिछाने, राजकीय चिकित्सालयों में चिकित्सकों की नियुक्ति, अग्निशमन केंद्र खुलने, भीमताल में पार्किंग, रोडवेज बस स्टेशन, गांवों तक सड़कों का जाल, न्याय पंचायत स्तर पर वैज्ञानिक खेती, न्याय पंचायत स्तर पर सामुदायिक केंद्र खोलने, न्याय पंचायत स्तर पर ही खेल मैदान का निर्माण, ओखलकांडा राजकीय अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन की व्यवस्था, झीलों का सौंदर्यीकरण आदि मांग प्रमुख रही।

मुख्यमंत्री का हरिद्वार में संतों ने किया भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का रविवार को श्री निरंजनी अखाड़ा, हरिद्वार में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष व श्री निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहन्त रविन्द्रपुरी और अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमहन्त हरिगिरि, जगतगुरू राजराजेश्वराश्रम, निरंजन पीठाधीश्वर कैलाशानन्द गिरि, आनन्द पीठाधीश्वर महामण्डलेश्वर बालकानन्द गिरि, जूना अखाड़ा के सभापति प्रेम गिरिजी, आह्वान आखाड़े के श्रीमहन्त सत्य गिरि, नया अखाड़ा उदासीन के श्रीमहंन्त भगतराम जी, श्रीमहन्त नारायण गिरि, महामण्डलेश्वर ललितानन्द गिरिजी महाराज ने आयोजित समारोह में शॉल ओढ़ाकर, प्रतीक चिह्न व गंगाजलि भेंटकर अभिनन्दन व स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समारोह को सम्बोधित करते हुये जूना अखाड़ा दुःख हरण मन्दिर, जूना अखाड़ा घाट में सौन्दर्यीकरण और यहां की धार्मिक मान्यताओं की स्थापना हेतु एक त्रिशूल लगाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने समारोह में देवस्थानम बोर्ड का जिक्र करते हुये कहा कि विभिन्न सन्तों, हक-हकूक धारियों तथा धार्मिक संगठनों द्वारा देवस्थानम बोर्ड को वापस लेने या इसमें बदलाव लाने की मांग की जा रही थी, जिसके लिये मनोहर कान्त ध्यानी के नेतृत्व में कमेटी गठित की गयी थी तथा मंत्रिमण्डल की उप समिति ने भी अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि हम निश्चित रूप से जो भी फैसला करेंगे सबकी भावनाओं के अनुसार करेंगे। उन्होंने कहा कि पूज्य सन्तों की यही भावना थी। उन्होंने कहा कि इस समय सबके हित में, मुख्य सेवक के रूप में, देवस्थानम बोर्ड को वापस लेने का निर्णय लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम उत्तराखण्ड की 25वीं वर्षगांठ मनायेंगे, उस समय उत्तराखण्ड हर क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य होगा। इसके लिये हम सभी के विचार आमंत्रित कर रहे हैं तथा अगले 10 सालों का रोडमैप तैयार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच माह में 500 से अधिक फैसले लिये हैं, जो घोषणा की जा रही है, उसका शासनादेश भी तुरन्त जारी होता है। उन्होंने कहा कि हमने हर क्षेत्र में फैसले लिये हैं तथा हम चाहते हैं कि हर क्षेत्र का सम्पूर्ण विकास हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने उत्तराखण्ड के चौमुखी विकास लिये 18 हजार करोड़ की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द, किच्छा विधायक राजेश शुक्ला, पूर्व सांसद बलराज पासी, जिला अध्यक्ष भाजपा डॉ. जयपाल सिंह, जिला महामंत्री भाजपा विकास तिवारी, गंगा सभा के अध्यक्ष प्रदीप झा, महामंत्री तन्मय वशिष्ठ सहित पुलिस व प्रशासन के सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

काशीपुर में 11710.50 लाख रूपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को काशीपुर के उदयराज हिन्दू इण्टर कॉलेज प्रांगण पहुंचकर लगभग 11710.50 लाख रूपये की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिसमें 3741.10 लाख रुपए लागत की 11 योजनाओं का लोकार्पण व 7969.4 लाख रुपये लागत की 17 योजनाओं का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जन समूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि विकास को अन्तिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भी कहा है कि तीसरा दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब राज्य अपने स्थापना दिवस की सिल्वर जुबली मना रहा होगा तब राज्य सभी क्षेत्रों में देश का उत्कृष्ट एवं आदर्श राज्य हो इसके लिए राज्य सरकार प्रयासरत है। राज्य को उत्कृष्ट एवं आदर्श बनाने के लिए बुद्धिजीवियों से विचार लिये जा रहे हैं। बुद्धिजीवियों के विचार हेतु बोधिसत्व श्रृंखला चलायी जा रही है। उत्तराखण्ड को 2025 तक शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, बागवानी, कृषि, रोजगार आदि के क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं अग्रणी राज्य बनाया जायेगा। जिसके लिए बुद्धिजीवियों के साथ ही विभागों से भी ब्लू प्रिंट लिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास यात्रा किसी की व्यक्तिगत यात्रा नहीं है, ये सामूहिक यात्रा है। उन्होंने कहा कि युवा राज्य के युवा सपनों को पंख देने का काम सभी को मिलकर करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की सहयोगी के रूप में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गन्ने की अगेती प्रजाति के लिए 355 तथा सामान्य प्रजाति के लिए 345 रूपये निर्धारित किया है, जोकि 29.50 रूपये प्रति कुन्तल की वृद्धि की है। भाड़ा 11 से घटा कर 9.50 रूपये किया है। 2016 से बन्द सितारगंज चीनी मिल शुरू कर दी गयी है तथा काशीपुर चीनी मिल शुरू करने की दिशा में अनुसंधान चल रहा है। औद्योगिक विवादों का खात्मा हो, उद्यमि परेशान न हों, इसके लिए सिंगल विण्डो सिस्टम पर कार्य किया जा रहा है। औद्योगिक विवादों को वन टाइम सेटलमेंट के आधार पर निस्तारण के लिए टीम का गठन किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को सुविधाओं के अभाव में भटकना न पड़े इसके लिए नई खेल नीति लाए हैं। जिससे प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी क्षमता, योग्यता दिखाने के लिए खाने, रहने एवं आने-जाने की चिन्ता नहीं करनी पड़ेगी। स्वयं सहायता समूह तेजी से आगे बढ़े तथा रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध हों।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द, विधायक हरभजन सिंह चीमा, जिलाध्यक्ष भाजपा शिव अरोरा, राम मेहरोत्रा ने भी जनता को सम्बोधित किया। कार्यक्रम में मेयर ऊषा चौधरी, अध्यक्ष एससी आयोग मुकेश कुमार, उपाध्यक्ष महिला आयोग शायरा बानो, पूर्व सांसद बलराज पासी, पूर्व विधायक राजीव अग्रवाल, डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगाई उपस्थित रहे।

28 करोड़ 92 लाख रुपए की लागत से ऋषिकेश में बिछाया जायेगा सड़कों का जाल

राज्य योजना के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग के माध्यम से ऋषिकेश विधानसभा में नगर निगम क्षेत्र एवं ग्रामीण क्षेत्र में लगभग 28 करोड़ 92 लाख रुपए की लागत से सड़कों का जाल बिछाया जाएगा, जिसकी जानकारी उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने दी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सभी सड़क मार्गों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया प्रगति पर है। शीघ्र ही सड़क मार्गों का जीर्णाेद्धार कार्य प्रारंभ होगा। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न सड़कों के निर्माण की वित्तीय स्वीकृति के लिए वो काफी समय से प्रयासरत थे। जिस पर राज्य योजना के अंतर्गत स्वीकृति मिलने पर लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा रहा है।
उन्‍होंने कहा कि गुणवत्ता एवं मानकों के आधार पर क्षेत्र में सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का चौमुखी विकास करना उनकी प्राथमिकता है जिसके लिए वह लगातार प्रयासरत रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सड़कों के निर्माण होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सड़कें विकास का आईना होती हैं। सड़क का निर्माण होने से लोग मूलभूत सुविधाओं से जुड़ जाएंगे। सड़कों का जाल बिछाकर सरकार ने प्रदेश के विकास को नई दिशा एवं गति प्रदान की है।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 17 साईं विहार मे 165.66 लाख रुपए की लागत से 4.130 किलोमीटर विभिन्न आंतरिक मार्गों का एसडीबीसी द्वारा सुधार एवं इंटरलॉकिंग टाइल द्वारा मार्ग निर्माण, वार्ड नंबर 38 एवं वार्ड 39 इंदिरा नगर में 173.43 लाख रुपए की लागत से 2.6 किलोमीटर विभिन्न आंतरिक मार्गों का निर्माण कार्य, शिवाजी नगर की गली नंबर 18,19, 20, 21, 25 एवं 25 जी में 190.46 लाख रुपए की लागत से 2.6 किलोमीटर आंतरिक मार्गों का निर्माण कार्य, कृष्णानगर कॉलोनी में 317.88 लाख रुपए की लागत से 4.8 किलोमीटर विभिन्न आंतरिक मार्गों का निर्माण कार्य किया जाना है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के अंतर्गत ग्राम पंचायत खदरी मुख्य मार्ग से सामुदायिक भवन मार्ग तक 190.88 लाख रुपए की लागत से 3.2 किलोमीटर आंतरिक मार्गों का निर्माण कार्य, ग्राम पंचायत खदरी के बलजीत फार्म में 197.75 लाख रुपए की लागत से 3.3 किलोमीटर आंतरिक मार्गों का निर्माण कार्य, ग्रामसभा खदरी खड़कमाफ एवं ग्राम सभा श्यामपुर बैटरी फ़ार्म में 123.66 लाख रूपए की लागत से 1.8 किलोमीटर आंतरिक मार्गों का निर्माण कार्य, चोपड़ा फार्म की गली नंबर 3, 4, 5 में 190.19 लाख की लागत से 3.12 किलोमीटर आंतरिक सड़क मार्गों का निर्माण कार्य, ग्राम सभा प्रतीत नगर रायवाला के वार्ड नंबर 7, 8 एवं 9 में 128.13 लाख रुपए की लागत से 1.9 किलोमीटर इंटरलॉकिंग टाइल द्वारा मार्ग का निर्माण, ग्राम सभा छिददरवाला चक जोगीवाला में 216.92 लाख रुपए लागत से 2.90 किलोमीटर संपर्क मार्गों का निर्माण कार्य, श्यामपुर के भल्ला फार्म नंबर 8 में 331.02 लाख की लागत से 4.9 किलोमीटर आंतरिक मार्गों का निर्माण कार्य, श्यामपुर के भल्ला फार्म नंबर 10 एवं 20 में 255.69 लाख रुपए की लागत से 3.8 किलोमीटर आंतरिक मार्गों का निर्माण कार्य, गड़ीमयचक प्राइमरी स्कूल के पास ग्वेला नाले पर 4.35 लाख रुपए की लागत से 24 मीटर आरसीसी सेतु का नव निर्माण कार्य, मुख्य चौक छिददरवाला में 60.07 लाख रुपए की लागत से 1.33 किलोमीटर आंतरिक मार्गों का निर्माण कार्य, ग्राम सभा खदरी खड़क माफ वार्ड संख्या एक में 44.72 लाख की लागत से .69 किलोमीटर आंतरिक मार्गों का निर्माण कार्य, ग्राम सभा खैरी कला में 91.99 लाख की लागत से 1.35 किलोमीटर आंतरिक मार्गों का निर्माण कार्य, ग्रामसभा साहब नगर में 35.80 लाख रुपए की लागत से 5 किलोमीटर आंतरिक सड़क का निर्माण कार्य, श्यामपुर के लकड़घाट में ध्यान योग मंदिर के निकट 74.83 लाख रुपए की लागत से 1.1 किलोमीटर आंतरिक सड़क मार्ग का निर्माण कार्य, ग्राम सभा छिददरवाला के वार्ड संख्या पांच में 98.97 लाख रुपए की लागत से 1.4 किलोमीटर आंतरिक सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र किया जाना है।

कांग्रेस नेता का सरकार पर आरोप, हमलावरों को संरक्षण दे रही सरकार

कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने जानकारी देते हुए कहा कि आज प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, सह प्रभारी दीपिका पाण्डेय सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री यशपाल आर्य, पूर्व विधायक संजीव आर्या व उनके सहयोगियों के ऊपर हुए जानलेवा हमले के विरोध में धरना प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री आवास कूच में ऋषिकेश विधानसभा के सैकड़ो समर्थको के साथ सम्मलित हुआ।
खरोला ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा से सैकड़ो समर्थको के साथ जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव और सह प्रभारी दीपिका पाण्डेय सिंह का स्वागत और अभिनंदन किया। उसके बाद उनके काफिले के साथ देहरादून पहुचे। जहां पर हजारो की संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री आवास कूच किया।
खरोला ने कहा कि प्रधानमंत्री के उत्तराखंड आगमन के दौरान हुए भाजपा नेताओं द्वारा पूर्व मंत्री यशपाल आर्य, पूर्व विधायक संजीव आर्य व उनके सहयोगियों के ऊपर हुए जानलेवा हमले से साफ़ दर्शाता है कि वे अन्य अपने पार्टी के विधायको और पदाधिकारियों को धमकाना चाह रहे है जो कांग्रेस की विचारधारा के साथ जुड़ना चाहते है।
खरोला ने कहा कि प्रधानमंत्री की रैली पूर्ण रूप से फ्लॉप रही पुरे सरकारी तंत्र की ताकत झोकने के बाद भी वे भीड़ इक्कट्ठा नहीं कर पाए। प्रदेश की जनता को बहकाने के लिए मेरठ, सहारनपुर, दिल्ली आदि प्रदेश के बाहर से लोगो को रैली में बसे भरकर लाया गया।
खरोला ने कहा कि हार की डर के बौखलाहट में भाजपा अब कांग्रेस के नेताओं पर जानलेवा हमले करने में आ गयी है और सत्ता की हनक में भाजपा इस हद तक पहुच गयी है कि उसे न सूबे की जनता से कुछ लेना है न ही जनता की परेशानियों से।
खरोला ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की जनता भाजपा के जनविरोधी रवैय्ये से वाकिफ हो चुकी है और आगामी विधासनभा चुनाव में भाजपा सरकार को जड़ से खत्म करने का कार्य करेगी।
इस दौरान सेवादल के राष्ट्रीय सचिव रामविलास रावत, पार्षद मनीष शर्मा, भगवान सिंह पंवार, संजय गुप्ता, जितेंद्र पाल पाठी, दीपक धमंदा, एकांत गोयल, सोनू पांडेय, जितेंद्र यादव, राहुल पांडेय आदि लोग उपस्थित रहे।

कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया

कांग्रेसियों ने रविवार को भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार कांग्रेस नेताओं पर साजिश के तहत हमले करवा रही है। चेताया कि हमलावरों के खिलाफ जल्द कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ता रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन के सामने एकत्रित हुए और पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। पार्टी महानगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने कहा कि भाजपा को अब हार सामने दिखने लगी है। इसी वजह से निंदनीय कार्यों में लग गई है। भाजपाई कांग्रेस नेताओं के ऊपर हमले करवा रहे हैं और सरकार हमलावरों को संरक्षण देने में लगी है। कहा कि बीते रोज बाजपुर में पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य व उनके पुत्र संजीव आर्य पर हमला घोर निंदनीय है। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार असामाजिक तत्वों से हमला करवाकर दहशत का माहौल बना रही है।
प्रदेश महामंत्री विजय सारस्वत ने कहा कि पूर्व कैबिनेट मंत्री पर हमले के पीछे सरकार का संरक्षण प्राप्त गुंडों एवं माफिया का हाथ है। कहा कि शीघ्र ही हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो प्रदेशव्यापी आंदोलन होगा।
प्रदर्शन में प्रदेश सचिव विजयपाल सिंह रावत, प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, प्रदेश सचिव मनोज गुसाईं, पूर्व संयोजक नंदकिशोर जाटव, अरविंद जैन, कार्यालय प्रभारी अशोक शर्मा, देवी प्रसाद व्यास, सेवादल नगराध्यक्ष रामकुमार, दीपक जाटव, प्यारेलाल जुगलान, हरिराम वर्मा, संजय गुप्ता, भगवती प्रसाद सेमवाल, विमला रावत, व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा, अभिषेक शर्मा आदि शामिल रहे।

कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक पर हमला

एआईसीसी के सदस्य जयेंद्र रमोला ने साथियों सहित जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, सोशल मीडिया राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहन गुप्ता व सह प्रभारी दीपिका पाण्डे का जोरदार स्वागत किया।
उन्होंने ने कहा कि पूर्व मंत्री यशपाल आर्य व पूर्व विधायक संजीव आर्य पर जानलेवा हमला होने के विरोध में मुख्यमंत्री आवास पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा धरना दिया जा रहा है जिसमें शिरकत करने के लिए प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, सोशल मीडिया अध्यक्ष रोहन गुप्ता व सह प्रभारी दीपिका पाण्डे भी देहरादून पहुंचे है।
रमोला ने कहा कि भाजपा के राज में कानून व्यवस्था चरमरा गई है जब प्रदेश में वरिष्ठ पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक ही सुरक्षित नहीं हैं तो आमजन की सुरक्षा कैसे हो पायेगी। इसीलिए आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को उत्तराखण्ड की जनता सता से बाहर करने का काम करेगी और आने वाली कांग्रेस सरकार कानून व्यवस्था को व्यवस्थित कर प्रदेश की आमजन मानस को भय मुक्त वातावरण देने का काम करेगी।
स्वागत करने वालो में जिलाध्यक्ष गौरव चौधरी; पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मोहित उनियाल, कार्यवाह अध्यक्ष सुधीर राय, नवीन रमोला, मदन कोठारी, बलवीर रौतेला, इमरान सैफी, अनिल चौधरी, रवि बहादुर, जितेंद्र त्यागी, हिमांशु जाटव, आदित्य झा, संजय शर्मा आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

डूब रही महिला को जल पुलिस ने बचाया

मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में गंगा में नहाते समय एक महिला पानी के तेज बहाव में आकर डूबने लगी। फरिश्ता बनकर आए जल पुलिस के जवानों ने रेस्क्यू कर महिला को पानी से सुरक्षित बाहर निकाला। महिला ने रेस्क्यू टीम का आभार जताया है।
मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह करीब 10.30 बजे नावघाट में एक महिला गंगा में स्नान कर रही थीं। इसी बीच वह डुबकी लगाते समय पानी की तेज धारा में आकर बहने लगीं। खुद को खतरे में देख महिला ने बचाव के लिए शोर मचाया। शोर सुनकर घाट पर मौजूद जल पुलिस के जवान सतर्क हुए और गंगा में डूब रही महिला को बचाने के लिए आपदा उपकरण से लैस होकर गंगा में छलांग लगा दी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद जल पुलिस के जवान गंगा में करीब 300 मीटर आगे तक बह चुकी महिला को पानी से सुरक्षित बाहर ले आए। पुलिस ने महिला की पहचान रीना (38) पत्नी धनीराम निवासी निकट कारगी चौक, देहरादून के रूप में कराई है। बताया कि महिला यहां गंगा स्नान के लिए आयी थी। परिजनों को सूचित कर दिया गया है। रेस्क्यू टीम में जल पुलिस के जवान सुभाष ध्यानी, गजपाल सिंह, रविंद्र तोमर, विदेश चौहान, राकेश रावत, पुष्कर रावत, महेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।

ऋषिकेश विधानसभा में आप ने शुरु किया डोर टू डोर अभियान

ऋषिकेश विधानसभा में भाजपा का गढ़ भेदने के लिए आम आदमी पार्टी है डोर टू डोर अभियान के साथ नुक्कड़ जनसभाओं का कार्यक्रम भी शुरू कर दिया है।
आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड में मजबूती के साथ अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। ऋषिकेश विधानसभा में भी हर बूथ पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पहुंचकर लोगों से संवाद कर रहे हैं और लोगों को बता रहे हैं कि राज्य की राजनीति में बदलाव के लिए आम आदमी पार्टी का सत्ता में आना क्यों जरूरी है।
रविवार की सुबह ऋषिकेश विधानसभा प्रभारी व संभावित पार्टी प्रत्याशी राजे सिंह नेगी ने रायवाला के हनुमान मंदिर में आर्शीवाद लेकर अभियान का श्री गणेश किया। इसके प्रश्चात उन्होंने क्षेत्र के सैकड़ों घरों में डोर टू डोर कनवेसिंग कर लोगों को सत्ता में आने पर उन्हें 300 यूनिट बिजली मुफ्त मिलने और युवाओं को रोजगार देने के साथ पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी। इसके प्रश्चात उन्होंने श्यामपुर के चोपड़ा फार्म एवं
मोतीचूर की शहीद भगत सिंह कालौनी में नुक्कड़ सभा कर क्षेत्रवासियों को कहा कि राज्य में आम आदमी पार्टी का विकल्प मिलने से सभी समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस की पारंपरिक राजनीति से उकता गए हैं और अब प्रदेश में विकास की एक नई राजनीति देखना चाहते हैं। आप नेता ने कहा कि उनकी पार्टी लोगों के लिए काम करने के लिए संकल्पबद्ध है। इस दौरान पार्टी संगठन मंत्री दिनेश असवाल, सरदार निर्मल सिंह, दिनेश कुलियाल, उत्तम पंवार, रूपेश चौहान, पंकज गुसाईं, सत्येंद्र नेगी, कुलदीप राणा, लालमणि रतूड़ी, देवराज नेगी, सुनील वर्मा, विक्रांत भारद्वाज, प्रभात झा, चंद्रमोहन भट्ट, मनमोहन नेगी, अश्वनी सिंह उपस्थित रहे।