सीएम ने की हरिपुर टोंगिया को राजस्व ग्राम बनाने की घोषणा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मानूबांस, हरिद्वार में “रबी कृषक महोत्सव- 2021“ के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने किसानों को बीज, उर्वरक आदि की जानकारी देने के लिए लगाए गए विभागीय स्टॉलों का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने लाभार्थी कृषकों को चेक एवं प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किये।

मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाएं-
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि हरिपुर टोंगिया को राजस्व ग्राम बनाया जायेगा। ग्राम टांडा हसन में नदी पर पुल का निर्माण किया जायेगा। ग्राम रिठौरा में नदी पर पुल का निर्माण किया जायेगा। लालवाला दाबूबांस में पुल निर्माण किया जायेगा। बुग्गावाला में डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी। मानूबांस में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की जायेगी। ग्राम इब्राहिमपुर मसाई में इंटर कॉलेज की स्थापना की जायेगी। बुग्गावाला में विकासखण्ड की स्थापना के लिए केन्द्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जायेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड को हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केन्द्र सरकार से राज्य को पूरा सहयोग मिल रहा है। समाज के हर वर्गों को ध्यान में रखकर जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। राज्य के लिए विशेष योगदान देने वाले महानुभावों को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान से सम्मानित किया जा रहा है। हम सम्मानित करने के लिए कोई राजनीति नहीं करते जिसका उदाहरण स्वर्गीय नारायण दत्त तिवारी हैं, जिनको मरणोपरांत उत्तराखण्ड गौरव सम्मान से नवाजा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2025 तक उत्तराखण्ड के लिए जो विजन दिया है, उस दिशा में सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है। सरकार द्वारा हर क्षेत्र में लोगों को राहत देने का कार्य किया जा रहा है। युवा, महिला सशक्तीकरण, पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए योजनाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं। मेडिकल छात्रों के शुल्क में बड़ी कटौती की गई है। विभिन्न विभागों के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया गतिमान है। कोविड के दृष्टिगत राज्य में प्रतियोगी परिक्षाओं में आवेदन के लिए आयु सीमा में एक साल की छूट दी गई है एवं आवेदन शुल्क भी नहीं लिया जा रहा है। राज्य में खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए नई खेल नीति लाई जा रही है।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि युवा राज्य के युवा मुख्यमंत्री उत्साह और उमंग के साथ प्रदेश के विकास हेतु कार्य कर रहे है। निश्चित रूप से धामी सरकार के कार्यों से पूरे प्रदेश की जनता लाभान्वित हो रही है। केंद्र में मोदी सरकार किसानों की आर्थिकी को मजबूत कर रही है और किसान सम्मान निधि के माध्यम से पूरे देश के किसानों को सहायता मिल रही है।
कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार प्रदेशवासियों की समस्याओं का समाधान कर रहे है। सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है। आने वाले कुछ दिनों में गन्ना किसानों के लिए एक खुशखबरी दी जायेगी।
इस अवसर पर ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर, लक्सर विधायक संजय गुप्ता, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा, राकेश राजपूत, श्यामवीर सैनी आदि गणमान्य व्यक्ति एवं विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बहादराबाद में 32 करोड़ की लागत की पंपिंग पेयजल योजनाओं का शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बृहस्पतिवार को जनपद हरिद्वार के गैंडीखाता क्षेत्र स्थित बसोचन्दपुर में श्री कृष्णायन देशी गोरक्षाशाला में आयोजित गोपाष्टमी महोत्सव में शामिल हुये।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विकासखण्ड बहादराबाद के विभिन्न ग्रामों के लिए जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अन्तर्गत ग्राम गैण्डीखाता में 2.39 करोड़, ग्राम कांगड़ी में 2 करोड़, ग्राम लहाड़पुर में 97 लाख, ग्राम लालढांग में 4.40 करोड़, ग्राम सज्जनपुर पीली में 1.75 करोड़, ग्राम श्यामपुर नौआबाद में 1.71 करोड़, ग्राम नौरंगाबाद में 2 करोड़, ग्राम अहमदपुर चिड़ियापुर में 1.33 करोड़, ग्राम रसूलपुर मिट्ठीबेरी में 3.29 करोड़, ग्राम गाजीवाली में 2.80 करोड़, ग्राम तपड़ोवाली (गुज्जर बस्ती) में 4.37 करोड़, ग्राम जसपुर चमरिया में 2.22 करोड़, ग्राम समसपुर कटेबड़ में 96.2 लाख, ग्राम पीली पड़ाव में 2.84 करोड़ की पम्पिंग पेयजल योजनाओं के निर्माण निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कृष्णायन गौशाला को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कराया जाएगा तथा तटबन्ध भी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृष्णायन गौशाला के लिए जो जमीन देनी शेष है वह भी जल्द ही आवंटित कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने 14 नवम्बर को इगास पर्व के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की।
प्रदेशवासियों को गोपाष्टमी की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह हमारी संस्कृति की पहचान है। उन्होंने गोपाष्टमी के अवसर पर गौमाता की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय से मिलने वाली हर चीज हमारे लिए उपयोगी है। गाय का दूध स्वास्थ्य व पाचन के लिए सर्वाेत्तम है। मुख्यमंत्री ने दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ लोग, गाय जब तक दूध देती है, तब तक तो उसका भरण पोषण करते हैं, लेकिन जब वह दूध देना बन्द कर देती है, तब उसको निःसहाय छोड़ देते है, जिसके कारण वह इधर-उधर भटकते हुए प्लास्टिक कचरा आदि खा लेती है, जिससे उसके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और कभी-कभी इससे उसकी मृत्यु तक हो जाती है। पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर शहर में गौशालाएं बनाने का काम तेज गति से करेगी। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गौशाला का अवलोकन किया तथा गौमाताओं की पूजा-अर्चना की तथा आशीर्वाद लिया। उन्होंने गौशाला में गौमाताओं को गुड़ का प्रसाद भी खिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने चार माह के मुख्यमंत्री कार्यकाल में 400 से अधिक निर्णय लिये हैं। उन्होंने कहा कि वे कोई भी फैसला बिना किसी आधार के नहीं करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के पास सीमित संसाधन है, सीमित संसाधनों से ही सरकार को सभी कार्य करने होते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने कई घोषणाएं की, जो आज तक धरातल पर नहीं उतर पायी, लेकिन हमने जो भी घोषणाएं की हैं, वह सभी धरातल पर दिखाई दे रही हैं। वे जो भी घोषणा कर रहे हैं, उसका तुरन्त ही शासनादेश जारी हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज हमारा देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानंमत्री ने केदारनाथ धाम में 400 करोड़ की योजनाओं का का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, जिसमें से 225 करोड़ की योजनाएं पूरी हो चुकी हैं तथा 184 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास हो चुका है। जल्द ही केदारनाथ धाम में तीसरे चरण के निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएंगे। बद्रीनाथ धाम के लिए भी 245 करोड़ से अधिक की योजनाएं स्वीकृत की गयी हैं, जिसका मास्टर प्लान तैयार हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से पूरे विश्व में देश का मान-सम्मान बढ़ा है। आज भारत हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन को आगे बढ़ाते हुए उत्तराखण्ड राज्य के विकास हेतु कार्य किया जा रहा है, वर्ष 2025 में जब उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्णं हो जाएंगे, उस समय उत्तराखण्ड देश का नम्बर एक राज्य बनेगा। इसके लिए सभी से समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड देश का सांस्कृतिक व आध्यात्मिक राज्य बने इसके लिये हमारे प्रयास जारी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में विभिन्न संस्कृति और रीति -रिवाजों को मानने वाले लोग निवास करते हैं, एक तरह से उत्तराखण्ड लघु भारत का रूप है।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के विकास में तिवारी जी की महत्वपूर्णं भूमिका रही है, चाहे देहरादून का सिड़कुल क्षेत्र हो या हरिद्वार अथवा उधमसिंह नगर का, सबमें श्री नारायण दत्त तिवारी की विशेष भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि हमने पंतनगर सिडकुल क्षेत्र का नाम नारायण दत्त तिवारी के नाम से रखा है। उनके गांव को जाने वाली सड़क का नाम भी उनके नाम पर रखा गया है।
गोपाष्टमी महोत्सव के अवसर पर कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उन्होंने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के लिए गौशाला निर्माण की घोषणा की थी। उन्हांने लोगों का आह्वान किया कि वे पहली रोटी गाय के लिए निकालने की पराम्परा को आगे बढ़ायें।
इस अवसर पर कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द ने कहा कि आज पूरे देश में गोपाष्टमी मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि एक गाय, कई लोगों का भरण-पोषण करती है। गाय आर्थिकी का भी आधार है। स्वामी यतीश्वरानन्द ने इस अवसर पर 11 लाख रूपये श्रीकृष्णायन देशी गौ रक्षा शाला को देने की घोषणा की।
इस मौके पर गंगादास महाराज ने भी कृष्णायन गौशाला को 11 हजार का चैक भेंट किया।
गोपाष्टमी महोत्सव पर कार्यक्रम का संचालन करते हुए महामण्डलेश्वर स्वामी हरिचेतनानन्द ने कहा कि गोपाष्टमी का पर्व आज 177 देशों में मनाया जा रहा है। कृष्णायन गौशाला का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विश्व की एक मात्र देशी गौशाला हरिद्वार में है। उन्होंने कहा कि गौ, गीता, गंगा तथा साधू-सन्तों से भारत की पहचान है। उन्होंने कहा कि इस गौशाला में तीन हजार गायें हैं तथा सभी गौशालाओं में कुल 15 हजार गायें हैं। उन्होंने कहा कि हमने गौशाला में नन्दीशाला भी बना रखी है। उन्होंने कहा कि गौ के बिना कोई श्राद्ध पूरा नहीं होता है।
स्वामी रामकृष्ण मिशन के डॉ शिवकुमार ने कहा कि उनके द्वारा कनखल हरिद्वार में 200 बेड का चौरिटेबल हॉस्पिटल संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गौसेवा करके आप भगवान का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
गौरीशंकर गौशाला के संस्थापक बाबा हठयोगी ने कहा कि गाय के दूध के साथ ही उसका संरक्षण करने के लिए कार्य करने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर कृष्णायन गौशाला के संरक्षक स्वामी आत्मानन्द महाराज, स्वामी अमृतानन्द, स्वामी कमलानन्द, एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय, एसडीएम संगीता कन्नौजिया, अधिशासी अभियंता जलसंस्थान मदन सैन, प्रवीण कुमार, अरूण कुमार, रवि शास्त्री, शेखर मेहता सहित संबंधित अधिकारी व पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

मिलावट से संबंधित मामलों की फास्ट ट्रैक में हो सुनवाई-मुख्य सचिव

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. सन्धु ने गुरुवार को सचिवालय में खाद्य पदार्थों में मिलावट के सम्बन्ध में उच्चाधिकारियों के साथ बैठक ली। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए ठोस योजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि मिलावटखोरों को एहसास कराना आवश्यक है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने टेस्टिंग लैब निर्माण में तेजी लाने के भी निर्देश दिए हैं। साथ ही, खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने के लिए अभियान चलाए जाएं। यह अभियान सिर्फ त्यौहारी सीजन को देखते हुए न हो, बल्कि इसे नियमित आधार पर चलाया जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि फूड एडल्ट्रेशन को रोकने के लिए सख्त से सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक इसके प्रति आमजन जागरूक नहीं होगा तब तक फूड एडल्ट्रेशन को रोकना आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मिलावटखोरों की जानकारी देने वालों को रिवार्ड भी दिया जाना चाहिए ताकि लोग जानकारी देने को प्रोत्साहित हों।
मुख्य सचिव ने मिलावट से संबंधित मामलों की जनपदवार रिपोर्ट उपलब्ध कराए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि यह भी बताया जाए कि किस जनपद में कितने मामले कब से पेंडिंग हैं। उन्होंने मिलावट से संबंधित सभी मामलों को फास्ट ट्रैक पर निपटाने के निर्देश दिए। कहा कि मिलावट के गंभीर मामलों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र से शीघ्र फैसला किया जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि नियमित जांच और कठोर कार्रवाई से ही खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी को रोका जा सकता है। उन्होंने इसके लिए ठोस एक्शन प्लान के साथ ही इसके कार्यान्वयन की टाइम लाइन निर्धारित किए जाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सचिव अमित नेगी एवं कमिश्नर फूड सेफ्टी डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय सहित अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

छठ प्रकृति, पवित्रता और सूर्य उपासना का लोक उत्सव-खरोला

त्रिवेणी घाट पर छठ पूजा के मौके पर सार्वजनिक छठ पूजा समिति द्वारा आयोजित 27वें छठ महोत्सव में विशिष्ठ अतिथि के रूप में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने निर्जल व्रतियो को छठ पूजा की शुभकामनाये दी।
खरोला ने बताया कि देर शाम त्रिवेणी घाट पर सार्वजनिक छठ पूजा समिति द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमे भोजपुरी लोकगीत, बिरहा मुकाबला की प्रस्तुति दी गयी। छठ महापर्व पर श्रृखलाबद्ध गीतों की प्रस्तुतियों ने सभी का जमकर मनोरंजन किया।
खरोला ने कहा की छठ प्रकृति, पवित्रता और सूर्य उपासना का लोक उत्सव है। जो अब धीरे-धीरे ग्लोबल हो चुका है। छठ एक ऐसा त्योहार है, जिसमें जात-पात की रेखा समाप्त हो जाती है। छठ सूर्य, वनस्पति और जल स्त्रोतों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का त्योहार है।
खरोला ने आयोजन के लिए सार्वजनिक छठ पूजा समिति को बधाई देते हुए भविष्य में हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

ऋषिकेश विधानसभा में आंतरिक सड़कों को बिछाया जा रहा जाल

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गुमानीवाला में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने विधायक निधि से 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित आंतरिक सड़क मार्गों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वह ईमानदारी से समान रूप से हर क्षेत्र का विकास कार्य रहे हैं और अंतिम छोर के अंतिम व्यक्ति के विकास के लिए संकल्पित हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर अपने विधानसभा क्षेत्र में दर्जनों जर्जर सड़कों का निर्माण कराकर लोगों को आवागमन में सुविधा प्रदान करने की भरसक कोशिश की है। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के वरिष्ठ लोगों को भी सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि गुमानीवाला क्षेत्र में पानी की आपूर्ति, बिजली, सड़क का निर्माण, एबीसी केबल बिछाने, नए ट्रांसफार्मर लगाए जाने सहित अन्य विकास कार्य तेजी से हुए हैं। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को भी सुना।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जो भी मांगें हैं, उन्हें पूरा करने का भरसक प्रयास किया जा रहा हैं। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा जनकल्याण को सर्वाेपरि मानते हुए अभूतपूर्व कार्यों के माध्यम से विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए गए हैं। आधारभूत विकास के साथ जन कल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ पात्र व्यक्ति को सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण को संकल्पित है। इसके तहत आवास योजनाएं, उज्जवला योजना, सौभाग्य योजना, स्वच्छ भारत मिशन, अटल स्वास्थ्य बीमा योजना समेत विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जन-जन को लाभान्वित किया गया है। अग्रवाल ने कहा कि इन्हीं कामों के आधार पर वह जनता के बीच जायेंगे। अग्रवाल ने कहा कि विपक्षी दल मुद्दाहीन राजनीति कर रहे हैं एवं जन भावनाओं से उनका कोई भी सरोकार नहीं है। अग्रवाल ने कहा कि आने वाले चुनाव में जनता उनको सबक सिखाएगी।
गुमानीवाला में आंतरिक मोटर मार्गाे के लोकार्पण के अवसर पर सतपाल राणा, संजय पोखरियाल, करण सिंह रावत, पूनम राणा, गणेश राणा, रतन सिंह रावत, सविता देवी, आदि लोग उपस्थित रहे।

विस अध्यक्ष की सक्रियता से कैंप में आये सभी लोगों को लगी वैक्सीन

विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने भट्टोवाला स्थित प्राथमिक विद्यालय में संचालित वैक्सीनेशन सेंटर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वैक्सीनेशन कराने आए अनेक लोगों से वार्ता भी की और सेंटर पर वैक्सीन की डोज बढ़ाने को लेकर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिये।
प्राथमिक विद्यालय में वैक्सीन लगवाने आए लोगों की संख्या अधिक देखकर विस अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा कि बिना वैक्सीन लगाए किसी को भी वापस नही भेजना है। जिसको लेकर विस अध्यक्ष ने मौके पर ही सीएमएस को दूरभाष पर निर्देशित करते हुए भट्टोवाला स्थित प्राथमिक विद्यालय में चल रहे वैक्सीनेशन सेंटर में वैक्सीन डोज की कमी को शीघ्र बढ़ाये जाने के निर्देश दिए। जिस पर तत्काल कार्यवाही करते हुए सीएमएस ने तुरंत 150 वैक्सीन डोज सेंटर पर पहुंचाई, जिससे सेंटर पर टीका लगाने पहुंचे सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई गई।
विस अध्यक्ष अग्रवाल ने वैक्सीनेशन सेंटर पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों का भी हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो। विस अध्यक्ष ने वैक्सीन लगाने आए लोगों को मास्क व सैनिटाइजर भी वितरित किए एवं उन्होंने कोरोना संक्रमण से अभी भी सावधान रहने की अपील की।
इस अवसर पर स्वास्थ्य कर्मी टिंकू सिंह, हरीश कुमार सहित भट्टोवाला की प्रधान दीपा राणा, मानवेंद्र कंडारी, धनपाल सिंह राणा, नत्थी लाल रतूड़ी, हरपाल सिंह राणा, रविंद्र राणा, संजय राणा भी उपस्थित रहे।

छठ पूजा पंडाल में सामाजिक कार्यों के लिए समिति ने किया सम्मानित

सार्वजनिक छठ पूजन समिति द्वारा वैदिक रीति के अनुसार सुबह 4 बजे भगवान सूर्यनारायण व छठ मैया पूजा और उपासना के बाद मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ का आयोजन किया गया। उसके बाद प्रातः 6ः39 पर उषा अर्ध्य व बाद में छठ व्रतियों व श्रद्धालुओं के लिए समिति द्वारा प्रसाद वितरण किया गया। छठ पूजा के सभी कार्यक्रम विधिवत समापन होने के पश्चात समिति के कार्यकर्ताओं और सदस्यों द्वारा त्रिवेणी घाट में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
समिति के अध्यक्ष राम कृपाल गौतम ने बताया कि सनातन धर्म में इस पर्व की महत्ता त्रेता युग में भगवान राम के समय से ही प्रारंभ हुई। जब प्रभु श्री राम ने महाज्ञानी पंडित रावण के वध के उपरांत ब्रह्म हत्या से छुटकारा पाने हेतु मुंगेर बिहार में मां जानकी के साथ इस व्रत की शुरुआत की थी।
इससे पूर्व कल शाम को 5ः19 मिनट पर सूर्य अर्घ्य देकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम नटराज ग्रुप देहरादून द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई, इसके बाद भजन संध्या में लकी शर्मा व सतीश राजभर द्वारा छठी मैया के गीतों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर किया। भोजपुरी लोकगीत बिरहा मुकाबला छोटे लाल बनारसी, बनारस वाले (महुआ चैनल) व सोनम सरगम, जौनपुर (कलाकार महुआ चौनल) के बीच संपन्न हुआ। कल शाम के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रेमचंद अग्रवाल विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड, विशिष्ट अतिथि दीप शर्मा पूर्व चेयरमैन नगर पालिका ऋषिकेश, विशिष्ट अतिथि ललित मोहन मिश्रा अध्यक्ष व्यापार मंडल ऋषिकेश ने शिरकत की।
इसके साथ ही अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष योगदान देने वाले समाजसेवियों, चिकित्सकों व प्रशासनिक अधिकारी को सम्मानित करने के क्रम में प्रदीप राय पुलिस अधीक्षक यातायात हरिद्वार, लक्ष्मण सिंह चौहान समाजसेवी, डॉ डीके श्रीवास्तव, डॉ हरिओम प्रसाद, डॉक्टर रितु प्रसाद, डॉ एन बी श्रीवास्तव, डॉक्टर यू पी गुप्ता, डॉक्टर अरुण कुमार, कैप्टन गोविंद सिंह रावत, लक्ष्मी रावत पार्षद, डॉ वरुण चार्टर्ड अकाउंटेंटआशुतोष कुमार पांडे को सम्मानित किया गया।
आयोजन कर्ता मंडल में धर्मदेव राजभर, नरेंद्र गुप्ता, जयप्रकाश नारायण, आशुतोष शर्मा, आदेश शर्मा, पंडित जगमोहन मिश्रा, नागेंद्र सिंह, लल्लन राजभर, ऋषि जयसवाल, बसंत ठेकेदार, परमेश्वर राजभर, वीर बहादुर राजभर, सतीश राजभर, राज कुमार राजभर, राजू गुप्ता, अनूप गुप्ता, सोनू गुप्ता, अमित चौधरी, अमित गुप्ता, वृद्धिचंद गुप्ता, हीरामन राजभर, मनु राजभर, शैलेंद्र गुप्ता, बेचैन गुप्ता, प्रेम राजभर, रामाशीष राजभर, प्रवीण सिंह, बजरंगी पाण्डे, धनंजय गुप्ता, अनिल गुप्ता, राकेश गुप्ता, दीपक गुप्ता, भोलू गुप्ता, बंटी गुप्ता, नागेंद्र चौरसिया, विनोद भारद्वाज, गोविंद भारद्वाज, अवधेश भारद्वाज, राजा गुप्ता, मुन्ना गुप्ता, बबलू गुप्ता, आदि उपस्थित रहे।

जनजाति के उत्थान के लिए उत्तराखण्ड जनजाति महोत्सव

केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुण्डा एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनजाति कार्य मंत्रालय एवं जनजाति शोध संस्थान एवं संग्रहालय उत्तराखण्ड द्वारा डॉ बीआर अम्बेडकर ओएनजीसी स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय उत्तराखण्ड जनजाति महोत्सव का शुभारम्भ किया। उन्होंने महोत्सव परिसर में प्रदर्शनी स्थल पर जनजाति क्षेत्रों के विभिन्न उत्पादों के स्टालों का अवलोकन भी किया।
इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुण्डा ने कहा कि उत्तराखण्ड जनजाति महोत्सव के माध्यम से सभी जनजातियों को एक मंच मिला है। इस आयोजन में जनजातियों के लोक जीवन, सांस्कृतिक विरासत, लोक एवं परम्पराओं को भी जीवन्तता मिली है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के साथ ही झारखण्ड एवं छत्तीसगढ़ का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेई ने किया था। हमारे ये प्रदेश विकास की दिशा में निरन्तर आगे बढ़े इसकी जिम्मेदारी हमारी है। उन्होंने प्रदेश के विकास के साथ ही जनजाति कल्याण के लिये उत्तराखण्ड सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों के लिये मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सराहना की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में जनजाति समाज को सम्मान देने का कार्य किया है। इसी क्रम में भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती को गौरव दिवस के रूप में आयोजित किये जाने का निर्णय लिया गया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में जनजाति क्षेत्रों के कल्याण एवं शिक्षा आदि व्यवस्थाओं के लिये योजनायें बनायी जायेगी, जिसके लिये उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रस्ताव भेजने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि देश में जनजाति क्षेत्रों में शिक्षा की प्रभावी व्यवस्था के लिये 450 स्कूल खोले जायेंगे जिसके लिये 30 हजार करोड़ की व्यवस्था की गई है।
केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास राज्यों के सहयोग से जनजाति समुदाय को देश की मुख्य धारा से जोड़ना है। उन्होंने राज्य के एकलव्य स्कूलों तथा जनजाति शोध संस्थान की व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि जनजाति क्षेत्रों के विकास से सम्बन्धित मुख्यमंत्री द्वारा जो भी प्रस्ताव भेजे जायेंगे उन पर शीघ्र निर्णय लिये जायेंगे। उन्होंने जनजाति के क्षेत्रों का माइक्रो प्लान बनाने तथा उन्हें आजीविका मिशन कार्यक्रमों से जोड़ने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में जहां 5 जनजातियां हैं वहीं झारखण्ड में 32 जनजाति समुदाय हैं। 
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुण्डा से राज्य के सीमांत जनपदों पिथौरागढ़ और चमोली में जनजातीय छात्रों के लिए दो नए एकलव्य आवासीय विद्यालय खोले जाने, विभागीय विद्यालयों मे पढ़ रहे जनजाति के 5 हजार छात्र-छात्राओं को टेबलेट उपलब्ध कराए जाने, राज्य में स्वतन्त्रता संग्राम सेनानीयों के जीवन परिचय पर आधारित संग्रहालय की स्थापना करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनकी जन्मभूमि और कर्मभूमि दोंनों का संबध जनजाति संस्कृतियों से रहा है। जहां सूदूर पिथौरागढ़ में भोटिया संस्कृति से उनका लगाव रहा, वहीं कर्मभूमि खटीमा की थारु-बुक्सा जनजाति से भी गहरा रिश्ता रहा है। आज देश दुनियां में ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरण संरक्षण को लेकर चिंतन मनन हो रहा है लेकिन हमारी जनजातियां प्रारंभ से ही पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देती रही हैं। हमारी जनजातीय समूहों का शुरुआत से ही जड़ी-बूटियों को लेकर ज्ञान, उनकी विशेष पहचान रही है। रामायण काल में जब भगवान श्री राम अपने चौदह वर्ष के वनवास को काट रहे थे तब ये वनवासी ही थे जो आगे बढ़कर भगवान श्रीराम की सहायता करने आए थे। उन्ही के सहयोग से भगवान राम ने महाबली रावण की विशाल सेना को परास्त कर लंका पर विजय प्राप्त की थी। महाभारत काल में भी जनजातियों के बारे में विशेष उल्लेख मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 15 नवंबर को जनजातीय समाज के उत्थान के लिए कार्य करने वाले बिरसा मुंडा की जन्म जयंती भी है। उनके द्वारा किए गए कार्यों का ही परिणाम है कि वे झारखंड के जनजातीय समूह में विशेष महत्व रखते है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातियों के लिए कई कल्याणकारी कार्य किए गए हैं। ये प्रधानमंत्री की सोच का ही नतीजा है कि उन्होंने समाज के हर वर्ग को मुख्य धारा से जोड़ने का काम किया है। देश में जनजातियों के लिए कार्य करने वाले दर्जनों लोगों को केंद्र सरकार ने सम्मानित किया है। अभी इसी 9 नंवबर को केंद्र सरकार द्वारा जनजातीय समूह की भूरी बाई और तुलसी गौडा को पद्म श्री से सम्मानित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां लगे अलग-अगल स्टॉलों में एक से बढ़कर एक हस्तशिल्प उत्पाद हमारे जनजातीय भाईयों, स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए हैं। जहां एक ओर ये उत्पाद इको फैंडली हैं वहीं इनकी गुणवत्ता भी विश्व स्तरीय है। ये सब प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व का ही कमाल है कि हम ‘‘वोकल फॉर लोकल‘‘ अभियान के तहत स्थानीय उत्पादों को आगे बढ़ा रहे हैं। अभी हमारी सरकार ने ‘‘एक जिला दो उत्पाद‘‘ योजना की भी शुरुआत की है। इसके तहत हमने हर जिले के दो स्थानीय उत्पादों को सूचीबद्ध किया है।
उन्होंने कहा कि देश के सैनिक इतिहास में जनजातीय समूहों के शौर्य और पराक्रम से सभी भलीभांति परिचित हैं। देश की सेना में विभिन्न पदों पर जनजातीय समूह के लोगों ने अपनी कार्यकुशलता का अभूतपूर्व परिचय दिया है। वीर केसरी चंद का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केसरी चंद्र ने द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आज़ाद हिंद फौज में शामिल होकर, भारत की आज़ादी में एक महत्वपूर्ण योगदान दिया था। ऐसे ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जीवन परिचय पर आधारित एक संग्रहालय की स्थापना की उन्होंने जरूरत बतायी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में तीन एकलव्य मॉडल स्कूल, तीन आईटीआई चार जनजाति हॉस्टल और सोलह आश्रम पद्धति विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के अनुसूचित जनजाति के बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान की जा रही है। राज्य सरकार द्वारा जनजातीय क्षेत्रों के विकास हेतु अधिनियम बनाकर समस्त विभागों को अपने वार्षिक बजट का 3 प्रतिशत जनजातीय क्षेत्रों में व्यय करने का प्रावधान भी किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुण्डा ने थारू जनजाति के लोक कलाकारों के साथ होली नृत्य भी किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द, सांसद नरेश बंसल, विधायक हरवंश कपूर, खजानदास, जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष मूरत राम शर्मा, जनजाति कल्याण के सलाहकार रामकृष्ण रावत, सचिव एल. फैनई, निदेशक एस.एस. टोलिया आदि उपस्थित थे।

सीएम ने की घोषणा, हल्द्वानी में आईटी अकादमी की होगी स्थापना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सर्वप्रथम नैनीताल रोड स्थित शहीद सैनिक स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके उपरान्त धामी मिनी स्टेडियम हल्द्वानी पहुचे जहां पर उन्होने वृहद रोजगार मेले का फीता काटकर शुभारम्भ किया व मण्डल स्तरीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में मुख्यमंत्री ने राज्य खाद्य योजना के अन्तर्गत आवंटित होने वाले खाद्यान्न पर प्रदेश के राशन विक्रेताओं का लाभांश 18 रूपये से बढाकर 50 रुपये प्रति कुन्तल करने की घोषणा की। इसी तरह राज्य कर्मचारियों की भांति निगम कर्मचारियों का महंगाई भत्ता भी उनके बोर्ड के अनुमोदन के उपरान्त 17 से 28 प्रतिशत करने, मिशन ब्लैकटाप के अन्तर्गत प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए मिशन मोड मे कार्य करेगी इसी को ध्यान में रखते हुए इस मिशन की घोषणा की। हल्द्वानी में आईटी अकादमी प्रारम्भ करने की घोषणा की जिसकी स्थापना उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय मे होगी साथ ही मिनी स्टेडियम हल्द्वानी मे दर्शक दीर्घा में टीन शेड लगाने व बलूटी गांव सड़क मार्ग स्व पं नारायण दत्त तिवारी के नाम रखने की घोषणा की।
मिनी स्टेडियम में संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने सभी को राज्य स्थापना की बधाई देते हुये उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के सभी अमर शहीदों व आन्दोलकारियों को जिन्होने प्रदेश के लिए सर्वाेच्च बलिदान किया उन्हे नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा राज्य अतुलनीय प्राकृतिक सौन्दर्य से भरपूर है वहीं दूसरी ओर प्राकृतिक आपदायें भी समय-समय पर हमारी परीक्षायें लेती रहती है। पिछले दिनों अतिवृष्टि के कारण आयी आपदा एक इसका उदाहरण है। जिसमें कई लोगों ने जान गवाई जो अत्यन्त दुखद है। उन्होने दैवीय आपदा मे मृतकों के प्रति अपनी संवेदनायें व्यक्त करते हुये कहा कि मै ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि सम्बन्धित परिवारों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे। उन्होने आपदा के समय आगे रहकर लोगों की मदद करने के लिए पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सेना, जिला प्रशासन, स्वयं सेवकों आदि सभी की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी कहा है कि आने वाला दशक उत्तराखण्ड का दशक है। मोदी के विजन 2025 को लेकर हमारी सरकार पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है कि इस दशक की शुरुआत मे जो विकास की रफ्तार हमने पकडी है उसको हम पूर्ण रूप से गतिमान रखेंगे और उत्तराखण्ड को एक आदर्श मॉडल राज्य के रूप में स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा जब में जीवन के 21 वे वर्ष मे था और अपने भविष्य और राष्ट्र के लिए सपने देखता था उसी तरह आज में इस प्रदेश के मुख्य सेवक के रूप में हम सभी के 21 वर्ष के युवा उत्तराखण्ड के लिए सपने देख रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा मैं एक ऐसे उत्तराखण्ड का सपना देख रहा हूं जहां सभी लोग सुखी हों, स्वस्थ हों और मंगल के साक्षी बनें और किसी को भी दुख का भागी ना बनना पडे। उन्होने कहा इस प्रदेश को बनाने में हमारी मातृशक्ति की कितनी बडी भूमिका रही है यह बात किसी से छिपी नहीं है। मैं अपने इस प्रदेश की मातृशक्ति को भी प्रणाम करता हूं। श्री धामी ने कहा हमने आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं को मजबूती के लिए 118 करोड का कोविड राहत पैकेज जारी कर दिया है जिससे 7.5 लाख महिलाओं को सीधा लाभ पहुचेगा। उन्होने कहा कार्बेट पार्क में अब तक युवा ही सफारी के दौरान पर्यटकों को गाइड करते थे लेकिन अब पार्क मे महिलायें भी पर्यटकों को सफारी कराते दिख रही हैं। वर्तमान में 8 महिला गाइड व 25 महिला ड्राइवर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि पूरे प्रदेश मे और अधिक से अधिक महिलाओं को पर्यटन गतिविधियों से जोडा जाए। महिलाओ को सशक्त बनाने और उनकी सुरक्षा, मान सम्मान करने की प्रधानमंत्री की सोच और महिला सशक्तिकरण की दिशा में हम लगातार काम कर रहे है। उन्होने कहा हमने विधवा, निशक्त, दिव्यांग महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वरोजगारी बनाने हेतु मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना शुरू की है। उन्होने कहा हमारी सरकार ने मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना का शुभारम्भ किया है, तीलू रौतेली और आंगनबाड़ी पुरस्कार की राशि को बढ़ाकर 51 हजार कर दिया गया है साथ ही नन्दा गौरा योजना के तहत 2015 से 17 तक के वंचित रह गई 30 हजार बेटियों को योजना का लाभ देने के लिए 49 करोड की स्वीकृति हमारी सरकार ने दे दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश की महान जनता के आशीर्वाद, सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उत्तराखण्ड के प्रति विशेष लगाव और केन्द्र सरकार के सहयोग से प्रदेश तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। पिछले पांच वर्षाे में केन्द्र सरकार द्वारा लगभग एक लाख करोड की विभिन्न परियोजनायें प्रदेश के लिए स्वीकृत की गई हैं जिनमे बहुत सी परियोजनाओं पर काम हो गया है और अन्य पर काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा केन्द्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड मे सडक मार्गाे का विकास किया जा रहा है वहीं पहाड में रेल का सपना भी साकार होने की कगार पर है। उन्होंने कहा केन्द्र सरकार ने उत्तराखण्ड के लिए चारधाम ऑल वेदर रोड, भारत माला प्रोजेक्ट, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन की योजनाओं की सौगात दी है। उससे आने वाले समय में उत्तराखण्ड का आवागमन सुगम हो जायेगा। इसके अतिरिक्त केन्द्र सरकार ने भौगोलिक एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण 155 किमी के टनकपुर-बागेश्वर रेल मार्ग के अन्तिम सर्वे को मंजूरी दे दी है इसके लिए 28 करोड की धनराशि भी अवमुक्त कर दी है। उन्होने कहा प्रधानमंत्री ने दशको से लम्बित तराई भावर की लाइफ लाइन जमरानी बहूद्देशीय परियोजना की स्वीकृति देकर उत्तराखण्ड के विकास मे महत्वपूर्ण योगदान दिया है इस योजना द्वारा तराई भाबर मे पेयजल के साथ ही सिंचाई की समस्या भी दूर होगी। मुख्यमंत्री ने कहा हमारी सरकार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य करती है सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व पं नारायण दत्त तिवारी के कार्याे को हमारी सरकार ने सम्मान दिया है। उन्होने कहा पंतनगर सिडकुल का नाम अब पं नारायण दत्त तिवारी के नाम से होगा। उन्होने हमारी सरकार ने 24 हजार खाली पदो ंके सापेक्ष लगभग 12 पदों पर प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी है शीघ्र ही शेष पदों को भरने की प्रक्रिया प्रारम्भ की जायेगी। उन्होने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में ओपन जिम का शासनादेश जारी कर दिया गया है साथ ही उत्तराखण्ड गौरव व उत्तराखण्ड श्री पुरस्कार प्रारम्भ कर दिया है।
कार्यक्रम मे सम्बोधित करते हुये रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा मुख्यमंत्री युवा हैं व युवाओं के लिए तेजी से काम कर रहे है। उन्होने कहा भारत सरकार ने प्रदेश सरकार को 60 करोड की धनराशि सडक डामरीकरण हेतु जारी कर दी है। उन्होने कहा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व मे देश व मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के नेतृत्व मे प्रदेश सुरक्षित है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत व जिलाध्यक्ष भाजपा प्रदीप बिष्ट ने सम्बोधित करते हुये सभी को राज्य स्थापना की बधाई दी साथ ही शहीद राज्य आन्दोलनकारियों को नमन किया व अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व से कार्य तीव्र गति से हो रहे हैं तथा मुख्यमंत्री धामी नया संचार एवं नई ऊर्जा लेकर आये हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा शहीद राज्य आन्दोलनकारी स्व धर्मानन्द भट्ट, स्व प्रताप सिंह, स्व रामपाल सिंह, स्व परमजीत सिह, स्व गोपी चन्द्र, स्व भगवान सिह, स्व सलीम कुरैशी व स्व प्रताप सिह नैनीताल के परिजनों को अंगवस्त्र व प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। आपदा दौरान राहत बचाव मे उत्कृष्ट कार्य करने वाले कांगो ब्रिगेड के ब्रिगेडियर बिजेश कुमार अवस्थी, 14 डोगरा रेजिमेंट कर्नल आशीष जसवाल, कमाण्डेंट एनडीआरएफ सुदेश कुमार दराल, एसडीआरएफ टीम लीडर गजेन्द्र सिह परवाल के साथ ही पर्वतारोही शीतल राज व साईक्लिस्ट शिवांश साह को सम्मानित किया। उन्होने जनपद के आठ विकास खण्डों के स्वयं सहायता समूहों एवं 40 कलस्टर्स को चेक वितरित किये साथ ही महिला मंगल दलों का सम्मान भी किया। वात्सल्य योजना के अन्तर्गत कृष्णा आर्या, हर्षिता आर्या, रजत जोशी, लाभांशी व बिन्द्रा सिह को चेक अन्तरजातीय विवाह के 6 लाभार्थी को भी चेक वितरित किये गये। इसके साथ ही जनपद मे आपदा के दौरान सराहनीय कार्य करने पर विभागीय टीमों, पुलिस को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में आर्मी बैंड,सीआरपीएफ बैण्ड व आईटीबीपी के जवानो द्वारा आत्मरक्षा के लिए जुडो कराटे आदि का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में विधायक नवीन दुम्का, दीवान सिह बिष्ट, रामसिह कैडा, अध्यक्ष जिला पंचायत बेला तोलिया, महापौर डा जोगेन्द्र पाल सिह रौतेला, अध्यक्ष उत्तराखण्ड कोआपरेटिव बैंक दानी सिह रावत, अध्यक्ष कोआपरेटिव बैक राजेन्द्र सिह नेगी, योगेन्द्र सिह रावत, अध्यक्ष मण्डी समिति राकेश नैनवाल, ब्लाक प्रमुख रूपादेवी, आशादेवी, रेखा रानी, डा हरीश बिष्ट, पीआरओ मुख्यमंत्री दिनेश आर्य, प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत, जनपद महामंत्री प्रदीप जनौटी, कमल नयन जोशी, दीपक मेहरा, राजेन्द्र सिह बिष्ट, प्रकाश हरर्बाेला, पुष्कर सिह काला, अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, शिव अरोडा, दर्जा मंत्री अजय राजौर, भागीरथ लाल चौधरी योगेन्द्र सिह रावत, लक्ष्मण खाती, पूर्व मंत्री गोविन्द सिह बिष्ट, विनीत अग्रवाल के अलावा आयुक्त सुशील कुमार, डीआईजी नीलेश आनन्द भरणे, जिलाधिकारी धीराज सिह गर्ब्याल, एसएसपी प्रीति प्रियदर्शनी, मुख्य विकास अधिकारी डा संदीप तिवारी, अपर आयुक्त प्रकाश चन्द्र, सचिव एनडीडीए पंकज उपाध्याय, जीएम केएमवीएम एबी बाजपेयी, सिटी मजिस्टेट ऋचा सिह सहित अनेक अधिकारी गणमान्य, स्कूल छात्र-छात्राये, स्वयं सहायता समूह, जनप्रतिनिधि आदि मौजूद रहे।

दलित मित्र एवं कार्यकर्ता के घर भोजन पर पहुंचे सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अचानक राजपुरा हल्द्वानी में अपने पुराने दलित मित्र एवं कार्यकर्ता के घर भोजन पर पहुंचे। मुख्यमंत्री धामी कार्यक्रम के तुरंत बाद पार्टी के बहुत पुराने अनुसूचित कार्यकर्ता नंद किशोर आर्य के घर राजपुरा भोजन पर पहुंचे। नंदकिशोर आर्य वर्तमान में सिक्योरिटी गार्ड का काम करते है। नंदकिशोर आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री वास्तव में गरीबों के मसीहा है। उन्होंने मुझ जैसे गरीब के घर भोजन कर धन्य कर दिया। मुख्यमंत्री ने नन्दकिशोर की आंख के इलाज का वायदा किया। नंदकिशोर के परिजनों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।
वहीं, अचानक राजपुरा में मुख्यमंत्री के आने से राजपुरा के निवासी गदगद हुये। राजपुरा निवासियों एवं महिलाओं ने मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया, जिसके समाधान हेतु मुख्यमंत्री ने तुरंत कार्यवाही करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।