सीएस ने उद्योगों के अनुकूल महौल बनाने के दिए निर्देश

मुख्य सचिव डॉ. एस एस संधु ने सचिवालय में उद्योग विभाग की समीक्षा के दौरान कहा कि उद्योग विभाग का उद्देश्य उद्योगों को राज्य में आने के लिए प्रोत्साहित करना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए उद्योग विभाग को उद्योगों के लिए हैंड होल्डिंग करने की आवश्यकता है। मुख्य सचिव ने कहा कि उद्योग राज्य में आएं इसके लिए मूलभूत सुविधाओं को विकसित करते हुए हर संभव सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों द्वारा अपनाई गई बेस्ट प्रैक्टिसेज को उत्तराखंड की पॉलिसीज में शामिल किया जाए।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को उन्नति पोर्टल के माध्यम से नियमित रूप से समीक्षा की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी क्लियरेंस के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को भी उन्नति पोर्टल के माध्यम से समीक्षा की जाएगी। ऑनलाइन रिव्यू से कार्यों में तेजी लाई जा सकेगी। राज्य में उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिये औद्योगिक घरानों एवं समूहों से लगातार संपर्क किया जाए। इसके लिए विशेषज्ञ कंसल्टेंट लगाए जाएं।
मुख्य सचिव ने राज्य में हॉर्टी टूरिज्म की अपार संभावनाओं को देखते हुए इस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फिल्म शूटिंग, फूड प्रोसेसिंग आदि क्षेत्र भी प्रदेश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इन पर विशेष फोकस किया जाए।
बैठक के दौरान महानिदेशक उद्योग रोहित मीणा द्वारा बताया गया कि उद्योग विभाग का मुख्य कार्य इन्वेस्टमेंट को प्रोमोट करना एवं एंटरप्रिन्योर शिप को प्रोत्साहित करते हुए रोजगार उत्पन्न करना है। इन्वेस्टमेंट प्रोमोशन के अंतर्गत 12 सेक्टर में फोकस किया जा रहा है। इसमें फूड प्रोसेसिंग, फार्मास्यूटिकल्स, वेलनेस एंड आयुष, टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी, हार्टिकल्चर एंड फ्लोरीकल्चर, ऑटोमोबाइल्स, हर्बल एंड एरोमेटिक, रिन्यूएबल एनर्जी, फिल्म शूटिंग, नेचुरल फाइबर्स, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी और बायो टेक्नोलॉजी शामिल हैं।
बताया गया कि आईपीए रेटिंग में उत्तराखण्ड 8 आईपीए पिलर्स में से 7 में टॉप परफॉर्मर रहा है और एक में एस्पायरिंग लीडर रहा है। इस अवसर पर सचिव अमित नेगी सहित अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।

घंटाकर्ण धाम में ठाकुर भगत सिंह सजवाण की मूर्ति स्थल का धामी ने किया भूमि पूजन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा नरेंद्रनगर क्षेत्रांतर्गत स्थित घंटाकर्ण मंदिर पहुंचकर घण्डियाल देवता के दर्शन व पूजा अर्चना की। इसके उपरांत मुख्यमंत्री, माता मंगला व भोले महाराज की उपस्थिति में घंटाकर्ण धाम में ठाकुर भगत सिंह सजवाण की मूर्ति स्थल का भूमि पूजन भी किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 16 लाख 50 हजार की लागत से बनी घंटाकर्ण पम्पिंग योजना, 10 लाख की लागत से बने विश्राम गृह, 7 लाख 50 हजार की लागत से बने रैन शेल्टर, बेंचेज व साइनेज का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि घंटाकर्ण मंदिर के लिए 4.5 किमी० मोटर मार्ग का निर्माण किया जायेगा। तिमली-खनेटी मोटर मार्ग के द्वितीय चरण का निर्माण कार्य किया जायेगा। कौडियाला-बडीर मोटर मार्ग का निर्माण कार्य किया जायेगा। तैला-अखोडीसेरा मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण किया जायेगा। शिवपुरी-धौड़ागल्ला मोटर मार्ग का डामरीकरण कार्य किया जायेगा। हिन्डोला-मुडाला मोटर मार्ग का द्वितीय चरण का निर्माण किया जायेगा। बांसकाटल मोटर मार्ग का द्वितीय चरण का निर्माण कार्य किया जायेगा। भांग्ला मोटर मार्ग का द्वितीय चरण का निर्माण कार्य किया जायेगा। गजा पसरखेत से पसरडांडा मोटर मार्ग का डामरीकरण किया जायेगा। घिघुङ मोटर मार्ग का द्वितीय चरण का निर्माण कार्य किया जायेगा। गजा में पर्किंग का निर्माण किया जायेगा। आईटीआई रणाकोट के अवशेष भवन का निर्माण किया जायेगा। गजा पसरखेत से गौताचली मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य किया जायेगा। बमणगांव-थन्यूल मोटर मार्ग का डामीरकरण किया जायेगा। सिलकणी से पजैगांव जूनियर हाई स्कूल तक मोटर मार्ग का नव निर्माण कार्य किया जायेगा। नरेन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्र के मुनिकीरेती में चन्द्रभागा नदी के बांये तट पर ढालवाला बन्धे में फेन्सिंग निर्माण कार्य किया जायेगा। बेमुण्डा-पिपलेथ मोटर मार्ग का डामरीकरण किया जायेगा। रा इ कालेज नैचोली में भवन निर्माण कार्य किया जायेगा। घनसाली में शिव शक्ति ढोल संस्कृति संगीत महाविद्यालय की स्थापना की जायेगी। गजा में निर्माणाधीन माली ट्रेनिंग सेंटर का नाम शहीद सैनिक विक्रम सिंह नेगी के नाम से रखा जायेगा। राजकीय इंटर कॉलेज जाजल का नाम शहीद सैनिक अजय सिंह रौतेला के नाम पर तथा राजकीय इंटर कॉलेज गजा का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नारायण सिंह चौहान के नाम पर रखा जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री के विजन को साकार करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी राज्य बनाना है, इसके लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि देहरादून से टिहरी के बीच 8 हजार करोड़ की लागत से बनने वाली सुरंग के निर्माण की केन्द्र सरकार से सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद व प्रदेश की सुख और समृद्धि के लिए घण्डियाल देवता से प्रार्थना की।
इस अवसर पर माता मंगला ने घंटाकर्ण धाम में धर्मशाला हेतु हंस फाउण्डेशन के माध्यम से 25 लाख रुपए की सहायता प्रदान करने की बात कही।
इस अवसर पर कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, जिला पंचायत अध्यक्षा सोना सजवाण, जिलाधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव, एसएसपी तृप्ति भट्ट, राज्य बीस सूत्री कार्यक्रम के उपाध्यक्ष दिनेश डोभाल, पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत, प्रमुख विकासखण्ड चम्बा शिवानी बिष्ट, प्रमुख नरेंद्रनगर राजेन्द्र भंडारी, घंटाकर्ण धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय प्रकाश बिजल्वाण, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सिंह सजवाण आदि उपस्थित रहे।

अपणि सरकार पोर्टल से तय समयसीमा में होंगे काम

प्रधानमंत्री के मिनिमम गवर्मेंट मैक्सिमम गवर्नेंस की संकल्पना को मूर्तरूप प्रदान करता अपणि सरकार पोर्टल eservices.Uk.gov.in उत्तराखंड सरकार के अभिनव प्रयास का परिणाम हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा अगले सप्ताह इसका शुभारम्भ किया जाएगा। प्रदेश में इस तरह की शुरुआत अपनेआप मे एक अनूठी पहल है इस पोर्टल के माध्यम से उत्तराखंड का आम नागरिक जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, सहित कुल 10 विभागों के 75 सेवाओं का लाभ घर बैठे उठा सकेगी।
इन सेवाओं के निवेदन प्रमाण पत्र प्राप्त करने आदि कार्यों में जनता की कठिनाइयों को यह पोर्टल निसंदेह न केवल सहज व सुगम बनाएगा अपितु अनावश्यक बाधाओं को समाप्त कर देगा तथा एक तय समयसीमा के अंदर उन्हें सभी सेवाओं का लाभ घर बैठे मिल सकेगा। अनेक विशेषताओं से सुसज्जित इस पोर्टल के निगरानी तंत्र के माध्यम से सभी कर्मचारियों व अधिकारियों की जबाबदेही भी सुनिश्चित की जा सकेगी, जिसके परिणाम स्वरूप एक पारदर्शी व जबाबदेह व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रहेगी।
इस पोर्टल के ज़रिए नागरिकों के आवेदन करने की प्रक्रिया प्रारंभ होते ही सक्षम पदाधिकारी के निगरानी में सभी प्रक्रिया संपन्न होगी। पटवारी से तहसीलदार , जिलाधिकारी से मुख्य सचिव , प्रमुख सचिव व मुख्यमंत्री तक इस मॉनिटरिंग तंत्र के हिस्सा है, जिससे यह स्पष्ट है की “अपणि सरकार पोर्टल” सुलभता के साथ उत्तराखंड सरकार को आपके द्वार लाने का ही नही अपितु जबाबदेह प्रशासन की नीति को भी मुकम्मल करेगी।

समय और पैसे की होगी बचत
अपणि सरकार पोर्टल के जरिए उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले नागरिक ऑनलाइन आवेदन कर समयवध तरीके से प्रमाण पत्र हासिल कर सकेंगे। इससे संबंधित आवेदन कर्ता को तहसील और अन्य दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने होंगे। जिससे संबंधित व्यक्ति का समय भी बचेगा और दफ्तर तक जाने के लिए खर्च होने वाले किराए की भी बचत होगी। पहले उम्मीदवारों को ऑफलाइन आवेदन फॉर्म भरने या फिर मामूली गलती के लिए बार-बार दफ्तरों में जाना पड़ता था इस व्यवस्था से इन सब बातों का छुटकारा मिले सकेगा। इस पोर्टल के शुरू होने से आसानी से आम जनता योजनाओं और सेवाओं का लाभ ले सकेगी और साथ ही साथ डिजिटल सेवाओं को भी बढ़ावा मिलेगा। जिससे की लोग इंटरनेट के प्रति अधिक जागरूक होंगे और वे अपना काम घर बैठे अपने लैपटॉप या मोबाइल से कर सकेंगे।

आइसलैंण्ड और उत्तराखंड के बीच पारस्परिक संबंधों को आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में आइसलैंण्ड के उच्चायुक्त महामहिम गुडनी ब्रैगसन ने भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं आइसलैंण्ड के उच्चायुक्त के बीच राज्य के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई है। जिसमें दोनों पक्षों के बीच द्विपक्षीय व्यापार और सांस्कृतिक प्रचार, शिक्षा, पर्यटन, फिशरीज, ग्रीन एनर्जी के रूप में भूतापीय ऊर्जा एवं अन्य संभावनाओं पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड में पर्यटन एवं तीर्थाटन के क्षेत्र में अनेक संभावनाएं हैं। इस दिशा में राज्य सरकार का विशेष फोकस है। शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखण्ड अग्रणी राज्यों में शामिल है। अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे है। राज्य में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘‘एक जनपद दो उत्पाद’’ योजना चलाई जा रही है।
आइसलैंण्ड के उच्चायुक्त महामहिम गुडनी ब्रैगसन ने पर्यटन, शिक्षा, स्वरोजगार, आत्मनिर्भर भारत की दिशा में राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों की सरहाना की।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री अरविन्द पाण्डेय, इंडो आइसलैंडिक बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रसून दीवान, डिप्टी चीफ मिशन सिगथोर, दीप्ति रावत, सचिव अमित नेगी, दिलीप जावलकर, एमडी सिडकुल रोहित मीणा आदि उपस्थित रहे।

आचमन करते समय डूबने लगा युवक, पुलिस ने बचाया

त्रिवेणी घाट में गंगा में आचमन करते समय एक युवक गंगा के तेज बहाव में बहने लगा। मौके पर मौजूद जल पुलिस के जवानों ने युवक को पानी के तेज बहाव से बाहर निकाला। कोतवाली पुलिस के मुताबिक शुक्रवार 3 बजे एक युवक त्रिवेणी घाट में घूमने आया था। इस दौरान वह गंगा में आचमन करते समय अचानक बहने लगा। इस दौरान घाट पर मौजूद जल पुलिस के जवानों ने तत्काल पानी के तेज धारा से सुरक्षित बचा लिया। उसकी पहचान विमल कुमार पुत्र चिरकुट राम निवासी आईडीपीएल के रूप में हुई है।
टीम में जल पुलिस के जवान अनिल पाल, हरीश गुसाईं, धनवीर नेगी, विनोद सेमवाल, महावीर नेगी शामिल रहे।

विकास कार्यों के विस अध्यक्ष का इंदिरा नगर के लोगों ने किया स्वागत

नगर निगम ऋषिकेश के अंतर्गत इंदिरा नगर में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने एक कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लोगों से सीधा संवाद किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुना एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए निर्देशित किया।
जनता से सीधा संवाद कार्यक्रम के दौरान विस अध्यक्ष अग्रवाल ने साढ़े चार साल में उनके द्वारा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों की जानकारी उपस्थित लोगों को दी गयी। इस दौरान अग्रवाल ने केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनपयोगी योजनाओं के बारे में बताते हुए लोगों से योजनाओं का लाभ लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में उनके द्वारा समुचित विकास किया गया है। उन्होंने कहा कि पेयजल के साथ ही स्वास्थ्य, सड़क, विद्युत, शिक्षा समेत अन्य क्षेत्रों में भी अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं।
इस अवसर पर नगर निगम पार्षद राजेंद्र बिष्ट ने क्षेत्र वासियों के संग विधानसभा अध्यक्ष द्वारा क्षेत्र में कराये गये अभूतपूर्व कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नगर निगम पार्षद राजेंद्र बिष्ट, भरत मंदिर इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधान डीबीबीएस रावत, संजय बिष्ट, पूर्व पंचायत सदस्य लोकेश कुमार, जग्गी पवार, अखिलेश कुमार, दीपक सिंह, श्यामसुंदर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की सेवा से बढ़कर कोई कार्य नहीं-चारु माथुर कोठारी

इनर व्हील क्लब ऋषिकेश ने आज आवास विकास कॉलोनी, ऋषिकेश स्थित स्वामी नित्यानंद सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में बच्चों को बैठने के लिए 30 कुर्सियों का वितरण किया।
इस दौरान क्लब की अध्यक्ष चारू माथुर कोठारी ने कहा सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में गुणवत्ता परक एवं संस्कारित शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना चाहिए। बच्चें ही हमारा भविष्य है। स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चें समाज के सभी वर्गो से आते है। ऐसे में दन बच्चों की मदद करने से बड़ा कार्य कोई हो ही नही सकता है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को साधुवाद देते हुए कहा कि आगे भी विद्यालय के बच्चों के लिए क्लब की ओर से हर संभव मदद की जाएगी।
इस मौके पर सुशीला राणा, वीना शर्मा, स्नेह जैन, वर्षा खन्ना, मीनाक्षी, प्रधानाचार्य राजेंद्र पांडे, प्रधानाचार्य पूनम, रोमा सहगल आदि उपस्थित रहे।

हरीश रावत के प्रवास कार्यक्रम की तैयारियां पूरी-खरोला

कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने जानकारी देते हुए बताया कि आज ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत श्यामपुर में महानगर कांग्रेस कमेटी ऋषिकेश, ब्लाक कांग्रेस श्यामपुर और ब्लाक कांग्रेस रायवाला के कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमे आगामी 14 व 15 नवम्बर को जवाहर लाल नेहरु की जयंती के मौके पर पूर्व मुख्यमत्री हरीश रावत के ऋषिकेश विधानसभा के श्यामपुर में आगमन पर विभिन्न कार्यक्रमों और रात्री प्रवास की रुपरेखा पर चर्चा की गयी।
खरोला ने कहा बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत 14 नवम्बर को ऋषिकेश विधानसभा पहुचेंगे और सायं तीन बजे पूर्व प्रधानमंत्री स्व. जवाहरलाल नेहरु के देश के विकास में योगदान पर गोष्ठी और सांय चार बजे ईगास दीपावली पर्व पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में सम्मलित होंगे। उसके बाद सामूहिक भोज कर रात्री विश्राम ग्रामीण क्षेत्र हरिपुर कलां में करेंगे।
खरोला ने कहा कि 15 नवम्बर को सुबह आठ बजे प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा, जिसमे क्षेत्रवासी बढ़ चड़कर हिस्सा लेंगे। उसके बाद सुबह आठ बजे सफाई अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उसके बाद 10 बजे छिद्दरवाला में पूर्व सैनिको के सम्मान कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि हरीश रावत का दो दिवसीय ऋषिकेश विधानसभा का कार्यक्रम के लिए राजपाल खरोला को कार्यक्रम संयोजक की जिम्मेदारी दी गयी है और शूरवीर सिांह सजवाण, जयेंद्र रमोला को कार्यकम आयोजक की जिमीदारी दी गयी है। उसके लिए सभी ग्राम सभाओं में स्वागत कार्यक्रम के लिए कमेटियो का गठन भी किया गया है।
खरोला ने कहा कि अपने दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान हरीश रावत आगामी विधानसभा चुनाव की चर्चा भी ऋषिकेश विधानसभा के कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से करेंगे और उचित दिशा निर्देश देंगे। खरोला ने कहा कि हरीश रावत के ऋषिकेश विधानसभा में दो दिवसीय दौरा और रात्री प्रवास से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढेगा।
इस मौके पर जय सिंह रावत, मधु सेमवाल, महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष विनय सास्वत, सुधीर राय, विजय पाल रावत, बर्फ सिंह पोखरियाल, देवेन्द्र रावत, मनोज गुसाई, सतेन्द्र पवार, ध्यान सिंह असवाल, गोकुल रमोला, प्रेम लाल शर्मा, केके थापा, गजेन्द्र विक्रम साही, पूरण चन्द्र रमोला, रवि राणा, रमेश रांगड, गजेन्द्र खरोला, राजेंद्र गैरोला, देवेन्द्र बेलवाल आदि मौजूद रहे।

सीएम ने 528 ईडब्ल्यूएस आवासों के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को सिडकुल, हरिद्वार में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हरिद्वार रूड़की विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 42 करोड़ लागत की इन्द्रलोक आवास योजना (भाग-2) में 528 ई.डब्ल्यू.एस. आवासों के निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सीतापुर पेयजल योजना कुल लागत 75 करोड़, बहादराबाद पेयजल योजना कुल लागत 40 करोड़, रावली महदूद पेयजल योजना कुल लागत 13 करोड़, सलेमपुर महदूद रोशनाबाद की पेयजल योजना लागत 12 करोड़ तथा औरंगाबाद की 4 करोड़ लागत की पेयजल योजना जल्द शुरू होगी। धीरवाली ज्वालापुर में 1 करोड़ 65 लाख की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण किया जाएगा। तपोवन ज्वालापुर में पेयजल हेतु नलकूप का निर्माण किया जाएगा। जगजीतपुर में 350 करोड़ की लागत से बनने वाले मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य शीघ्र ही शुरू किया जाएगा। जगजीतपुर सीतापुर, टिहरी विस्थापित, सुभाषनगर आदि में सीवर लाइन डालने का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा। सिडकुल में ईएसआईसी अस्पताल के लिए केन्द्र सरकार से 293 करोड़ रूपये स्वीकृत कराये गये हैं, जिसका निर्माण कार्य बहुत जल्द शुरू कराया जाएगा। सिडकुल सहित सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाएगा। नगर पालिका शिवालिक नगर में वार्ड नं 13 के अंतर्गत नवोदय नगर में इण्टर कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा। द्वारिका विहार जगजीतपुर में पेयजल हेतु मिनी ट्यूबवेल का निर्माण कराया जाएगा। द्वारिका विहार सीतापुर में पेयजल हेतु मिनी ट्यूबवेल का निर्माण कराया जाएगा। सिडकुल हाइवे के दोनों ओर पानी की निकासी हेतु नाले का निर्माण कराया जाएगा। बहादराबाद में घाट का सौन्दर्यीकरण किया जायेगा। रानीपुर विधायक व शिवालिक नगरपालिका चेयरमैन की मांग पर एक छठ घाट व पार्क विकसित किया जायेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिन योजनाओं का शिलान्यास किया उनमें राज्य योजना वर्ष 2021-22 के अन्तर्गत जनपद हरिद्वार के विधानसभा क्षेत्र बीएचईएल रानीपुर में सिडकुल फोरलेन के पास महादेवपुरम 2 की आन्तरिक सड़कों का इंटरलॉकिंग टाईल्स द्वारा निर्माण व नाली निर्माण कार्य (लम्बाई 1.42 किमी, लागत 94.75 लाख), बीएचईएल रानीपुर में सिडकुल चार लेन से हनुमन्त एन्कलेव व राजपूत विहार की ओर पीसी द्वारा सड़क का नाली सहित निर्माण कार्य (लम्बाई 1.50 किमी, लागत 63.66 लाख), बीएचईएल रानीपुर के सीतापुर में शुभम विहार व द्वारिका विहार की मुख्य सड़क का जमालपुर की ओर तक इंटरलॉकिंग टाईल्स द्वारा निर्माण कार्य (लम्बाई 0.86 किमी, लागत 59.17 लाख), जगजीतपुर में सन्ता एन्कलेव से एचईसी कॉलेज तक सड़क का इंटरलॉकिंग टाईल्स द्वारा मार्ग निर्माण कार्य (लम्बाई 0.90 किमी, लागत 54.43 लाख), बीएचईएल रानीपुर में नवोदय नगर की आन्तरिक सड़कों का पीसी द्वारा निर्माण कार्य (लम्बाई 3.00 किमी, लागत 98.21 लाख), नेहरू कॉलोनी में आन्तरिक सड़कों का सीसी ट्रमिक्स द्वारा निर्माण व नाली निर्माण कार्य (लम्बाई 1.32 किमी, लागत 184.21 लाख), बिहारीगढ़ मोटरमार्ग के किमी 4 स्थित ग्राम आन्नेकी में मेन रोड़ से एलन क्लास इण्ड्रस्ट्री तक इंटरलॉकिंग टाईल्स द्वारा निर्माण तथा नाली का निर्माण कार्य (लम्बाई 1.25 किमी, लागत 84.43 लाख), रोशनाबाद में आईएमसी चौक से नवोदय नगर की शिव रतन सिटी तक एसडीबीसी द्वारा निर्माण कार्य (लम्बाई 3.20 किमी, लागत 58.72 लाख), रोशनाबाद से नवोदय चौक की ओर जाने वाले मार्ग का इंटरलॉकिंग टाईल्स द्वारा नाली सहित निर्माण कार्य (लम्बाई 0.60 किमी, लागत 72.98 लाख), रामनगर कॉलोनी में आन्तरिक सड़कों का इंटरलॉकिंग टाईल्स द्वारा नाली सहित निर्माण कार्य (लम्बाई 0.70 किमी, लागत 51.76 लाख), ग्राम आन्नेकी की आन्तरिक सड़कों का इंटरलॉकिंग टाईल्स द्वारा निर्माण तथा नाली निर्माण कार्य (लम्बाई 0.68 किमी, लागत 54.32 लाख), सिद्धार्थ एन्कलेव से खालसा कालोनी की ओर जाने वाले मार्ग का इंटरलॉकिंग टाईल्स द्वारा नाली सहित निर्माण कार्य (1.00 किमी, लागत 73.00 लाख), शिवालिक नगर के एच-कलस्टर व क्यू-कलस्टर की आन्तरिक सड़कों का एसडीबीसी द्वारा नवीनीकरण का कार्य (लम्बाई 4.52 किमी, लागत 70.14 लाख) का शिलान्यास किया शामिल है। मुख्यमंत्री ने नवोदय नगर वार्ड नं 13 गली नं 7 में छठ मईया पार्क के सौन्दर्यीकरण का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि चार महीने के कार्यकाल में उन्होंने अपना प्रत्येक क्षण प्रदेश की जनता को समर्पित किया है। इस अवधि में राज्य सरकार ने प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिये लगभग 400 निर्णय लिये हैं।
सिड़कुल का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेयी की उत्तराखण्ड राज्य को उद्योग के क्षेत्र में विशेष पैकेज के अंतर्गत दी गयी सौगात है। उन्होंने कहा कि तब राज्य के मुख्यमंत्री स्व नारायण दत्त तिवारी थे, जिन्होंने उत्तराखण्ड राज्य के विकास के लिए काफी कार्य किया।
राज्य स्थापना दिवस का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम इसे महोत्सव के रूप में मना रहे हैं। हमने उत्तराखण्ड राज्य की पांच महान विभूतियों को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार के लिए चयनित किया है, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री स्व नारायण दत्त तिवारी, सुश्री बछेन्द्री पाल, लोक गायक नरेन्द्र सिंह नेगी, लेखक रस्किन बान्ड, पर्यावरणविद् अनिल जोशी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार नई खेल नीति लेकर आ रही है, जिसमें प्रतिभावान खिलाड़ियों को हर सम्भव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि वे अपने हर क्षण का उपयोग प्रदेश के विकास में करेंगे। उन्होंने कहा कि सबके सम्मिलित प्रयासों से वर्ष 2025 तक उत्तराखण्ड देश का नम्बर वन राज्य बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जगजीतपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द ही शुरू होगा तथा सिड़कुल क्षेत्र की सड़कों को भी गड्डा मुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और सन्तुष्टीकरण के मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समस्या कोई भी हो, हम उसका सरलीकरण करके, उसका समाधान व निस्तारण करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है। आने वाले समय में उत्तराखण्ड को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक राज्य के रूप विकसित किया जायेगा। इस अवसर मुख्यमंत्री ने पर्यावरण के संरक्षण के लिये रुद्राक्ष का पौधा भी रोपित किया।
इस अवसर पर विधायक रानीपुर आदेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जब से राज्य की बागडोर संभाली है, तब से पूरे प्रदेश में एक नये उत्साह का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने आते ही इस क्षेत्र की जितनी भी योजनाएं पाइपलाइन में थी, उनको अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है।
राजीव शर्मा, अध्यक्ष नगर पालिका शिवालिक नगर ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने चार माह के कार्यकाल में विभिन्न क्षेत्रों में ऐतिहासिक निर्णय लिये हैं।
कार्यक्रम में लक्सर विधायक संजय गुप्ता, जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, जिलाध्यक्ष भाजपा डॉ जयपाल सिंह चौहान, महामंत्री विकास तिवारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ योगेन्द्र सिंह रावत, सहित संबंधित अधिकारीगण एवं पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

सीएम ने किया उतराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन का लोकार्पण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरिद्वार के बहादराबाद स्थित उतराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा संस्कृत शिक्षा को बढ़ाने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों से उनका विशेष लगाव रहा है, उनका काफी समय लखनऊ विश्वविद्यालय में बीता है, जब भी किसी विश्वविद्यालय का कोई कार्यक्रम होता है, तो वे अपने आप को जाने से रोक नहीं पाते हैं। उन्होंने कहा कि संस्कृत विश्व में सभी भाषाओं की जननी है। पूरी दुनिया में जब शिक्षा अथवा ज्ञान का उजाला नहीं हुआ था तब हमारे भारत में तक्षशिला और नालंदा जैसे विश्वविद्यालय विद्यमान थे। उस वक्त पूरी दुनिया को ज्ञान देने का कार्य अगर किसी ने किया तो वह भारत भूमि ने किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को प्रधानमंत्री का मजबूत नेतृत्व मिला है। पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान स्वाभिमान बढ़ाने का कार्य प्रधानमंत्री कर रहे हैं। योग दिवस को आज पूरी दुनिया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मना रही है। प्रधानमंत्री ने 5 नवंबर को केदारनाथ में 400 करोड़ रुपए के कार्य का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। जल्द ही हम केदारनाथ मंदिर केबल कार द्वारा जा सकेंगे। सिखों के पवित्र धाम हेमकुंड साहेब को भी रोपवे से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह आदि गुरु शंकराचार्य ने पूरे भारत को उत्तर से दक्षिण, पूरब से पश्चिम एक सूत्र में जोड़ने का कार्य किया उसी तरह आज प्रधानमंत्री विकास रूपी सूत्र में पूरे देश को एक साथ जोड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2025 के लिए राज्य का विजन रखा है, इस विजन को पूरा करने के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा। वर्ष 2025 में 25 साल का राज्य युवा राज्य होने के साथ ही देश का श्रेष्ठ, उत्कृष्ट एंव आदर्श राज्य होगा, इस दिशा में वचनबद्ध एंव दृढ़ संकल्पित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृत विश्वविद्यालय के स्टॉफ को सातवे वेतन आयोग के वेतनमान व एरियर भुगतान संबंधी दिक्कत को जल्द समाधान किया जायेगा। उन्होंने कहा कि संस्कृत शिक्षा में रिक्त पदों को जल्द भरा जाएगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक संजय गुप्ता, आदेश चौहान, कुलपति प्रो देवी प्रसाद त्रिपाठी, कुलपति गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय डॉ रूप किशोर शास्त्री, कुलसचिव संस्कृत विश्वविद्यालय गिरीश कुमार अवस्थी आदि मौजूद रहे।