मुख्यमंत्री बोले, होम आइसोलेशन की प्रभावी रणनीति बनाई जाए

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने निर्देश दिये हैं कि कोविड प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित कराया जाए। जो लोग मास्क सही तरीके से नहीं पहन रहे हैं और सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन कर रहे हैं, उन पर सख्त कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कोरोना की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षाओं को स्थगित किया जाए और कॉलेजों में केवल ऑनलाइन क्लासेज की अनुमति दी जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जागरूकता पर सबसे अधिक जोर दिया जाए। टेस्टिंग की संख्या बढाई जाए और वैक्सीनैशन अभियान में भी तेजी लाई जाए। कङाई भी और दवाई भी, पर काम करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि होम आइसोलेशन की प्रभावी रणनीति बनाई जाए। होम आईसोलेशन वालों को जरूरी किट दी जाए और उनसे लगातार सम्पर्क रखा जाए। कोविड केयर सेंटरों को मजबूत किया जाए। कंट्रोल रूम का प्रभावी संचालन हो। वहां प्रशिक्षित अधिकारी और कार्मिक तैनात किये जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मृत्यु दर को कम करने के लिये यह सुनिश्चित किया जाए कि संक्रमित व्यक्ति को समय पर ईलाज मिले। कान्टेक्ट ट्रेसिंग बहुत जरूरी है। कंटेन्मेंट जोन में पूरी सख्ती रखी जाए।

मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने कहा कि पिछली बार फ्रंटलाइन वर्कर्स ने बहुत अच्छा काम किया था। इस बार भी उसी जज्बे के साथ हमें संक्रमण को रोकना है। बोर्डर्स पर चैकिंग की जाए। आरटीपीसीआर टेस्ट का अनुपात बढाया जाए।

सचिव अमित नेगी ने कहा कि वर्तमान में हमारे पास आईसीयू बेड, वैंटीलेटर, आक्सीजन सपोर्ट बेड पर्याप्त हैं। हमें इन सुविधाओं को और बढाना है।पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है परंतु पूरी गम्भीरता से काम करना है। किसी भी तरह की शिथिलता न रहे।

प्रभारी सचिव डॉ पंकज पाण्डेय ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिलावार सारी स्थिति की जानकारी दी। बैठक में डीजीपी अशोक कुमार, सचिव नितेश झा, डीजी हेल्थ तृप्ति बहुगुणा, सभी जिलाधिकारी आदि उपस्थित थे।

मुनिकीरेती पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दो पर किया मुकदमा दर्ज


मुनिकीरेती पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने पर स्वामी प्रकाशानंद पुरी सहित दो व्यक्ति पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मृतक के जीजा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।

दरअसल, संदीप नेगी निवासी नैनीसैंण जिला चमोली ने मुनिकीरेती थाने में तहरीर दी। बताया कि उनका 24 वर्षीय साला अमित सिंह पुत्र देवेंद्र सिंह ने आत्महत्या पंखे से लटककर कर ली है। बताया कि अमित सिंह को कुछ समय से दो लोग पैसे के लेनदेन को लेकर दबाव बना रहे थे। जिस वजह से उसके साले ने आत्महत्या की है। मामले में सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने शीशम झाड़ी निवासी दीपक रयाल व स्वामी प्रकाशानंद पुरी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

सीएम ने पंचायतीराज निदेशालय में किया स्मार्ट एवं ईको फ्रेंडली ई-आफिस का लोकार्पण


मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सहस्त्रधारा रोड स्थित पंचायतीराज निदेशालय में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अन्तर्गत स्मार्ट और इको फ्रेंडली ई-आफिस के रूप में नवीनीकृत निदेशालय पंचायतीराज के भवन और राज्य पंचायत संसाधन केंद्र के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया।

सीएम ने वचुअर्ल रूप से 662 कॉमन सर्विस सेन्टर व जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय व जिला पंचायत कार्यालय व खण्ड विकास कार्यालय व पंचायती राज, महिला सशक्तिकरण व ग्राम्य विकास के फील्ड स्टाफ तथा त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित किया।

कहा कि पंचायतों को बदलते जमाने के अनुरूप बनाने के लिए उन्हें सूचना व संचार तकनीक से जोड़ा जाना अत्यन्त आवश्यक है। इसी के क्रम में आज राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत निदेशालय पंचायतीराज के भवन को स्मार्ट और इको फ्रेंडली ई-आफिस के रूप में नवीनीकृत किया गया है। साथ ही राज्य पंचायत संसाधन केंद्र के नवनिर्मित भवन का भी लोकार्पण किया गया है।

उन्होंने कहा कि पंचायत के दायित्वों एवं कर्तव्यों के क्रियान्वयन में होने वाली समस्याओं के निदान हेतु डैस्क प्रणाली तैयार की गई है। इसके लिए टोल फ्री न0 18004190444 जारी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत गांवों में बसता है। देश तभी समृद्ध होगा जब हमारे गांव समृद्ध होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने गांधी के ग्राम स्वराज की दिशा में उल्लेखनीय काम किए हैं और निरन्तर करते जा रहे हैं। 24 अप्रैल 2018 को राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान की शुरूआत की गई। इसका उद्देश्य पंचायतों और ग्राम सभाओं की क्षमतावृद्धि कर उन्हें मजबूत करना और उनमें जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले लगभग तीन वर्षों में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत पंचायतों को मजबूत करने के लिए काफी काम किया गया है। पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण द्वारा उनकी क्षमताओं में वृद्धि की गई है। ग्राम पंचायतों में बुनियादी ढांचे का विकास किया गया है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का एक और बड़ा काम है जिसका परिणाम आने वाले समय में देखने को मिलेगा। देश के लाखों गांवों में स्वामित्व योजना शुरू की गई है। इसे युगांतरकारी योजना कहा जा सकता है। इसमें ड्रोन का उपयोग कर लोगों की भूमि सम्पत्ति का वैरीफिकेशन किया जाता है। इससे गांवों में सही भूमि अभिलेख तैयार करने में मदद मिलेगी। विवादों में कमी आएगी। वैध रिकार्ड उपलब्ध होने से ग्रामीण अपनी सम्पत्ति पर ऋण भी ले सकेंगे। मोदी सरकार के कार्यकाल में ही पंचायतों को ऑप्टिअकल फाईबर नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। इससे हमारी पंचायतें तकनीकी रूप से दक्ष बन रही हैं और ई-पंचायत की परिकल्पना साकार हो रही हैं। इससे डिजीटल भारत में पंचायतों की भूमिका भी सुनिश्चित हो रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल का आह्वान किया है। भारत आत्मनिर्भर तभी होगा जबकि हमारे गांव आत्मनिर्भर बनें। इसके लिए हम काम भी कर रहे हैं। स्थानीय उत्पादों के माध्यम से गांव समृद्धि के केंद्र बन सकते हैं। इसके लिए वोकल फॉर लोकल बहुत जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा विश्व कोरोना से जूझ रहा है, पिछले वर्ष हमने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सफलतापूर्वक कोरोना से लड़ाई लड़ी। इसमें हमारे पंचायत प्रतिनिधियों, आशा कार्यकत्रियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और ग्राम स्तर पर काम कर रहे हमारे लोगों की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका रही। अब जब कोरोना दुबारा से फैल रहा है तो हमें फिर से उसी जज्बे से काम करना है और इसमें हमारी पंचायत राज संस्थाओं को सक्रिय भूमिका निभानी है।

इस अवसर पर विधायक रायपुर उमेश शर्मा ‘‘काऊ‘‘, सचिव पंचायती राज एचसी सेमवाल आदि उपस्थित थे।

देवडोलियों के कुंभ स्नान का टीवी पर होगा लाइव प्रसारणः सतपाल महाराज

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने देवडोलियों के संदर्भ में आहूत एक बैठक में कहा कि 24 व 25 अप्रैल को ऋषिकेश व हरिद्वार में होने जा रही देवडोलियों की शोभायात्रा पुलिस बैंड के साथ निकलेगी। इसके अलावा देवडोलियों के पावन महाकुंभ स्नान को जन-जन तक पहुंचने के लिये टीवी पर लाइव प्रसारण किया जायेगा। साथ ही संस्कृति विभाग द्वारा पशवा, पुजारी व ढोल वादकों को मानपत्र व स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मनित किया जायेंगे।

इस अवसर पर श्री देवभूमि लोकसंस्कृति विरासतीय शोभायात्रा समिति के परमाध्यक्ष पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहन सिंह रावत गांववासी ने कहा कि विश्व में भारत की गरिमामयी यशस्वी वसुधैव कुटुंबकम की मानवतावादी सनातनी संस्कृति है। नागाधिराज हिमालय उत्तराखंड की दैवत्व व लोककल्याणकारी मानवता से परिपूर्ण जीवन के सच्चिदानंदमय लोकसंस्कृति विरासत का संरक्षण व संवर्धन से भक्ति, आस्था, विश्वास के साथ साथ पर्यटन व पर्यावरण को भी प्रोत्साहित मिलेगा।

समिति के केन्द्रीय प्रवक्ता डॉ. धीरेंद्र रांगड़ ने कहा कि 24 अप्रैल तक बाहरी प्रान्तों के श्रद्धालुओं की भीड़ भी कम होने की उम्मीद है, फिर भी श्रद्धालुगण कोरोना के नियमों का पालन करते हुए देवी-देवताओं का आशीष प्राप्त करेंगे। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए मास्क, सैनीटाइजर के साथ ही हरिद्वार में काढ़े की व्यवस्था भी की जायेगी।

इस अवसर पर समिति के केन्द्रीय प्रवक्ता डॉ. धीरेंद्र रांगड़, देहरादून प्रतिनिधि पं.भास्कर डिमरी, संजीव रौथाण, नितेन्द्र बोरा, हरिद्वार प्रभारी मुकेश जोशी, अनिल गिरी, आशाराम व्यास, विशालमणि पैन्यूली आदि उपस्थित थे।

स्पीकर की पेयजल निगम अफसरों के साथ हुई बैठक, जल्द सीवर लाइन बिछाने पर हुई वार्ता

जर्मन सरकार के क्लाइमेट प्रूफिग प्रोजेक्ट (केएफडब्ल्यू) के अंतर्गत ऋषिकेश में पहले चरण में 459.14 करोड़ रुपए की लागत से 180 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाये जाने के साथ ही पंपिग स्टेशन एवं एसटीपी प्लांट निर्माण का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।उक्त जानकारी आज उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने पेयजल निगम के अधिकारियों के संग बैठक के उपरांत कही।
बैराज मार्ग स्थित कैंप कार्यालय में स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने पेयजल निगम के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में केएफडब्ल्यू के अंतर्गत ऋषिकेश में पहले चरण में लगभग 459 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले सीवरेज निर्माण कार्यों के संबंध में अधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष को विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान विधानसभाध्यक्ष ने नमामि गंगे के कार्यक्रम निदेशक उदयराज से दूरभाष पर वार्ता कर योजना के निर्माण कार्यों को शीघ्र ही प्रारम्भ करने के निर्देश दिए।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि वित् पोषित कार्यक्रम केएफडब्ल्यू के द्वारा योजना को स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। जिसमें जर्मन सरकार की केएफडब्ल्यू संस्था एवं भारत सरकार के बीच लोन एग्रीमेंट भी हस्ताक्षरित हो चुके हैं। इस योजना के बनने के बाद सीवर की समस्या का पूर्ण निदान हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि केएफडब्ल्यू योजना के अंतर्गत लाभान्वित होने वाले क्षेत्रों में नगर निगम, ऋषिकेश के समस्त 40 वार्ड जिनमें शैल विहार, प्रगति विहार, इंदिरा नगर, मीरा नगर, तुलसी विहार, शिवाजी नगर, बापू ग्राम, रामबाग, निर्मल बाग, बीरपुर खुर्द, श्यामपुर, खदरी खडगमाफ सहित अन्य क्षेत्र है।इस कार्यक्रम के द्वारा गंगा नदी में प्रवाहित हो रही दूषित जल की रोकथाम कर गंगाजल को स्वच्छ किया जाना मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत ऋषिकेश की लगभग सवा लाख से अधिक जनसंख्या को सीवर योजना से लाभान्वित किया जायेगा।
इस अवसर पर पेयजल निगम के परियोजना प्रबंधक ए.के चतुर्वेदी ने बताया कि केएफडब्ल्यू योजना के अंतर्गत पहले चरण में ऋषिकेश नगर के समस्त वार्डों एवं खदरी खड़क माफ ग्रामीण क्षेत्र में 180 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाया जाना प्रस्तावित है। इसके साथ ही आस्था पथ के निकट व आवास विकास में एक-एक सीवरेज पंपिग स्टेशन तथा खदरी खड़कमाफ ग्रामीण क्षेत्र में 2.0 एमएलडी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाना है।

बैठक में परियोजना अभियंता रविंद्र सिंह, सहायक परियोजना अभियंता सुशील बहुगुणा एवं सहायक परियोजना अभियंता धर्मेंद्र कुकरेती मौजूद थे।

एम्स ऋषिकेश में नर्सिंग अफसरों के लिए एक दिवसीय पेपर लेखन कार्यशाला आयोजित

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में नर्सिंग अफसरों को रिसर्च के क्षेत्र में कार्य करने के लिए पेपर लेखन कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें उन्हें रिसर्च पेपर तैयार करने के तौर-तरीके बताए गए।

गौरतलब है कि एम्स संस्थान की ओर से नर्सिंग के क्षेत्र में रिसर्च गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए सततरूप से कार्य किया जा रहा है, जिससे नर्सिंग ऑफिसरों के अनुभव व अनुसंधान से मरीजों को उपचार में अधिकाधिक लाभ मिल सके। इसके लिए नर्सिग ऑफिसरों को अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने के लिए प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। हाल ही में संपन्न हुई तीन दिवसीय कार्यशाला में विशेषज्ञों ने नर्सिंग ऑफिसर्स को रिसर्च से संबंधित विषयों, अनुभव व अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं का प्रशिक्षण दिया था। जिसके लिए संस्थान के 1000 नर्सिंग ऑफिसरों ने अपना पंजीकरण कराया है। जिन्हें प्रत्येक माह 40-40 के बैच में रिसर्च के क्षेत्र में कार्य करने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।
इसी क्रम में संस्थान में एक दिवसीय रिसर्च पेपर लेखन प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें एम्स निदेशक प्रो. रविकांत ने कार्यशाला में शामिल होने वाले प्रतिभागी नर्सिंग ऑफिसरों को रिसर्च के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। निदेशक एम्स प्रो. रवि कांत ने कहा ​कि नर्सिंग से जुड़े लोग अधिक समय तक मरीजों के बीच होते हैं, लिहाजा नर्सिंग के क्षेत्र में रिसर्च व उनके अनुभव से मरीजों को और बेहतर चिकित्सा सेवा मिल सकेगी। इसके लिए नर्सिंग ऑफिसरों को अनुसंधान के लिए आगे आना होगा।

डीन एकेडमिक प्रोफेसर मनोज गुप्ता, डीन रिसर्च प्रो. वर्तिका सक्सेना व प्रिंसिपल कॉलेज ऑफ नर्सिंग डा. वसंथा कल्याणी ने अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए इस तरह की कार्यशालाओं की प्रशंसा की। कार्यशाला की समन्वयक रूपिंदर देओल ने बताया ​कि कार्यशाला के लिए संस्थान के लगभग 1000 नर्सिंग ऑफिसरों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जिन्हें आने वाले महीनों में अगल अगल बैच में प्रशिक्षित किया जाएगा। साथ ही उम्मीद जताई कि कार्यशाला के बाद अधिकाधिक संख्या में नर्सिंग ऑफिसर शोध के लिए प्रेरित होंगे और अपने रिसर्च पेपर्स पब्लिश कराएंगे। कार्यशाला में सभी नर्सिंग फैकल्टी ने बतौर प्रशिक्षक प्रतिभाग किया।

कुंभ ड्यूटी में शानदार प्रदर्शन करने पर डीजीपी ने किया नगद पुरस्कार से सम्मानित

महाकुंभ 2021 के द्वितीय शाही स्नान के उपरांत पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार द्वारा कुंभ ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

जनपद टिहरी गढ़वाल के थाना लमगांव में तैनात उप निरीक्षक विनोद कुमार ने कुंभ मेला ड्यूटी के दौरान आर्च पुल पुराना कांगड़ा पुल से लेकर न्यू कांगड़ा पुल के क्षेत्र तक अपने अनुषांगिक कर्मचारियों के साथ मिलकर ड्यूटी का निर्वहन किया। दिन की तपती गर्मी में सुबह आठ बजे से लेकर रात के आठ बजे तक 12 घंटे की ड्यूटी के दौरान उप निरीक्षक विनोद कुमार द्वारा शाही स्नान के दौरान ब्रह्मकुंड व अन्य घाटों में अखाड़ों से आए साधुओं को स्नान कराने और अन्य अखाड़ों के लिए घाटों को खाली कराने में भी अपनी अहम भूमिका निभाई। दिनांक 4 अप्रैल 2021 को विनोद कुमार द्वारा न्यू संजय पुल के पास गंगा की धारा में बह कर आ रही महिला लीलावती शर्मा ॅव सुनील कुमार उम्र 35 वर्ष निवासी ब्लॉक सिक्स, राजेंद्र नगर सेक्टर- 2 गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) को गंगा की धारा से निकालकर, उच्च अधिकारियों को सूचित कर बेहोश महिला को एंबुलेंस के माध्यम से जीडी हॉस्पिटल हरिद्वार में भर्ती कराया।

महिला के होश आने पर उसके घर का पता तस्दीक करते हुए कानपुर निवासी उनके भाई को इस बारे में सूचना दी। कुंभ ड्यूटी के दौरान इमानदारी, कर्तव्यनिष्ठ भाव से उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों में से उप निरीक्षक विनोद कुमार को पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार द्वारा नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

बता दें इससे पहले भी थाना लंबगांव जनपद टिहरी गढ़वाल में तैनात उप निरीक्षक विनोद कुमार पूर्व पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी द्वारा ऑपरेशन स्माइल -2018 में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए और वर्ष 2019 में नशे की रोकथाम के लिए उत्कृष्ट कार्य करने के लिए दो बार सम्मानित हो चुके हैं।

गंगा में नहाने के दौरान डूबा युवक, मौत

गुजरात के 20 वर्षीय युवक की लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगा नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र में गरुड़ चट्टी से 3 किलोमीटर आगे फूलचट्टी स्नान घाट पर एक युवक नहाने के दौरान डूब गया। मौके पर कंट्रोल रूम से पुलिस को सूचना मिली। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, साथ में एसडीआरएफ की टीम भी गंगा में रेस्क्यू अभियान में शामिल रही। काफी मशक्कत के बाद डूबे युवक को नदी से बाहर निकाला गया तथा उसे राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश भेजा गया। यहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद उनियाल ने मृतक की पहचान 20 वर्षीय वैभव पुत्र नीता निवासी ग्राम दिवराला थाना सील जिला जूनागढ़ गुजरात के रूप में कराई है।

बाबा साहेब ने अपना जीवन निर्धन, पिछड़े वर्गों के उत्थान में लगायाः स्पीकर

तीर्थनगरी में बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती पर शोभा यात्रा निकाली गई। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने शोभा यात्रा में शिरकत की। रिबन काटकर शोभा यात्रा का शुभारंभ किया।

उत्तराखंड दलित महासभा के तत्वाधान में अंबेडकर चैक शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गो से होकर गुजरते हुए तिलक नगर तक ढोल नगाड़ों के संग शोभा यात्रा निकाली गई। जिसमे नगर के विभीन्न क्षेत्रों के लोगों ने भाग लेते हुए इस शोभायात्रा में अनेक झांकिया निकाली। जो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। इस शोभायात्रा के दौरान युवा भी डीजे के गानों पर थिरकते नजर आए। इस अवसर पर महासभा द्वारा उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष का पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया।इस शोभायात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था में पुख्ता इंतजाम किये हुए थे।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की देश के संविधान के निर्माण में विशेष भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना समस्त जीवन देशवासियों विषेशकर, गरीबों तथा समाज के कमजोर एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान तथा कल्याण में लगा दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का हर नागरिक समाज से छुआछूत, असामनता और जातिवाद को खत्म करने का संकल्प लें।

इस अवसर पर उत्तराखंड दलित महासभा के अध्यक्ष नंदकिशोर जाटव, राजू नरसिम्हा, हरिराम खेरवाल, व्यापार संघ के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा, विनय सारस्वत, महेंद्र जाटव, राज कुमार जाटव, पार्षद शिव कुमार गौतम, पार्षद संजीव पाल, सुमित पवार, ऋषि कांत गुप्ता, प्रदीप कोहली सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

एम्स ऋषिकेश में स्वच्छता जनजागरूकता पखवाड़े का हुआ समापन

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, एम्स ऋषिकेश में आयोजित स्वच्छता जनजागरुकता पखवाड़ा विधिवत संपन्न हो गया। पखवाड़े के दौरान सफाईकर्मियों को कूड़ा निस्तारण के उपाय और स्वच्छता से जनस्वास्थ्य की दृष्टि से होने वाले लाभ संबंधी विस्तृत जानकारियां दी गई। अभियान के अंतिम दिन विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने स्वच्छता जनजागरुकता कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया।
गौरतलब है कि एम्स ऋषिकेश में निदेशक प्रो. रविकांत की देखरेख में ’स्वच्छता पखवाड़े’ की शुरुआत बीती 1 अप्रैल को की गई थी। इसके अंतर्गत दो सप्ताह तक आयोजित किए गए विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान संस्थान के अलग अलग विभागों की टीमों द्वारा स्वच्छता संबंधी कार्यक्रमों के माध्यम से मरीजों और उनके तीमारदारों को साफ सफाई को लेकर प्रेरित किया और इससे जनस्वास्थ्य पर पड़ने वाले अच्छे प्रभावों से रूबरू कराया।
आयोजित कार्यक्रमों के तहत ओपीडी एरिया, आईपीडी एरिया, कैंटीन एरिया, वेटिंग एरिया, किचन एरिया और संस्थान के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रदर्शनी, ट्राॅली रिले एक्टिविटी, ऑनलाइन वेबिनार, टीवी स्क्रीन पर डिस्पले प्रोग्राम आदि खासतौर से आयोजित किए गए।

आयोजित एक कार्यक्रम में संस्थान के सफाई कर्मियों को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही उन्हें अनुपयोगी ठोस अपशिष्ट पदाथों से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान को लेकर आगाह किया गया। बताया गया कि अपशिष्ट कचरे का प्रबंधन से मृदा संरक्षण, जल संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण के लिए नितांत जरूरी है। लिहाजा अपशिष्ट कचरे का प्रबंधन व इसका समय रहते निस्तारण किया जाना आवश्यक है। उधर हाॅस्पिटल इन्फेक्शन टीम द्वारा संस्थान के नर्सिंग ऑफिसरों को हाथों को सही तरीके से धोने और स्वच्छ रखने का प्रशिक्षण दिया गया।

इस अवसर पर अपने संदेश में निदेशक प्रो. रविकांत ने कहा कि स्वच्छता ही स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है। लिहाजा इसे दैनिक जीवन में अपनाया जाना नितांत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ समाज से ही स्वस्थ समाज की परिकल्पना संभव हो सकती है। इसके लिए आवश्यक है कि प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता के प्रति संकल्पित रहे और स्वच्छ भारत की परिकल्पना को साकाररूप देने में अपना योगदान सुनिश्चित करे।

डीन एकेडमिक प्रोफेसर मनोज गुप्ता ने बीमारियों के नियंत्रण में स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत स्वयं से की जाए तो हमारे आसपास का वातावरण खुद ब खुद स्वच्छ हो जाएगा।

डीन हाॅस्पिटल अफेयर्स प्रो. यूबी मिश्रा ने कहा कि स्वच्छता एक सतत प्रक्रिया है। साफ-सफाई रखने से संक्रमण का खतरा काफी कम हो जाता है। स्वच्छता के नियमों का पालन करने से हम सभी का जीवन भी निरोगी रहता है।

आयोजन में मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रो. बीके बस्तिया, डा. अनुभा अग्रवाल, नर्सिंग सुपरिटेंडेंट मनीष शर्मा, डा. पूजा भदौरिया, डा. लेविन आदि मौजूद थे।