वरिष्ठ भाजपा नेताओं को चुनाव जीताने का निर्देश

ऋषिकेश।
शनिवार को भाजपा नेता संजय शास्त्री के देहरादून रोड स्थित आवास पर शाम पांच बजे केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा और प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल पहुंचे। वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने चर्चा की। सूत्रों के अनुसार भाजपा हाईकमान ने ऋषिकेश सीट पर हर हाल में जीत दर्ज करने को कहा है। बताया जा रहा कि नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं को हाईकमान का मैसेज दिया है। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं के सामने अपनी बात भी रखी लेकिन कार्यकर्ताओं को चुनाव तक सभी बातें भूलकर काम करने के निर्देश दिए। मौके पर संजय शास्त्री, सीएल धीगढ़ा, इन्द्र कुमार गोदवानी, चेतन शर्मा, केके सिंघल, नवल कपूर, देवेन्द्र सकलानी, राजेन्द्र सेठी, पंकज शर्मा, अनीता ममगाईं, सरोज डिमरी, कपिल गुप्ता, जेपी जोशी, राजेन्द्र रक्खा, संदीप शास्त्री, जितेन्द्र अग्रवाल आदि मौजूद थे।

टिहरी रियासत की उत्तराधिकारी बनी शिवजा कुमारी

ऋषिकेश।
टिहरी राजघराने के मुखिया महाराजा मनुजेंद्र शाह ने बेटी शिवजा को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया है। बसंत पंचमी पर्व पर नरेंद्रनगर राजमहल में उन्होंने इसकी विधिवत घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि राजघराने की सभी परंपराएं उनके बाद उनकी पुत्री शिवजा कुमारी के हाथों ही संपन्न होंगी। राजमहल में भगवान बदरीनाथ धाम के कपाट की तिथि निर्धारित किए जाने के अवसर पर शिवजा कुमारी भी उनके साथ मौजूद रहीं। शिवजा कुमारी ने कहा कि राज परंपराओं के निर्वहन के लिए उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वह पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगी। वह राजघराने की समस्त परंपराओं व मान्यताओं का विधिवत रूप से निर्वहन करेंगी।

छह मई को खुलेंगे श्री बदरीनाथ धाम के कपाट

प्रात: चार बजकर 15 मिनट पर कपाट खुलने का शुभ मुहूर्त

ऋषिकेश।
पौराणिक परम्परानुसार टिहरी राज परिवार के मनुजेंद्र शाह ने दोपहर 12 बजकर 29 मिनट पर कपाट खुलने की घोषणा की। तिथि घोषित होते ही राजमहल परिसर श्री बदरीनाथ भगवान के जयकारों से गूंज उठा। मुहूर्त तय होने पर आचार्य कृष्ण प्रसाद उनियाल ने पूजा संपन्न करवाई। गाडू घड़ी (तेल कलश) यात्रा की तिथि 22 अप्रैल तय की गई। इस अवसर पर योग ध्यान मंदिर पांडुकेशर से गाडू घड़ा लेकर डिमरी पंचायत के पदाधिकारी नरेन्द्रनगर राजदरबार पहुंचे। इस मौके पर श्री बदरीधाम के रावल ईश्वरी प्रसाद नंबूरी, टिहरी सांसद राज्यलक्ष्मी शाह, राजकुमारी श्रीजया, बदरी-केदार मंदिर समिति के सीओ डीपी सिंह, अनिल शर्मा, दिवाकर चमोली, जगदीश भट्ट, अनिल ध्यानी, आशुतोष डिमरी, श्रीराम डिमरी, राज पुरोहित संपूर्णानंद जोशी, आशाराम नौटियाल, सुरेश डिमरी आदि उपस्थित थे।

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया युवक झुलसा

ऋषिकेश।
गुमानीवाला स्थित अमितग्राम गली नम्बर 10 में भागवत कथा होनी है। कथा के लिए रमेश ठेकेदार के घर के ऊपर तार बिछाते समय करीब से गुजर रही श्रीनगर-ऋषिकेश 132 केवी लाइन की चपेट में लेबर कॉलोनी निवासी विकास कुमार (20) आ गए। तार के हाईटेंशन लाइन से छूते ही वहां जोरदार धमाका हो गया। करंट साईं सिद्धि टेलीकाम व बालाजी प्रापर्टी डीलर की दुकान समेत आसपास के घरों में फैल गया जिससे घरों में लगे बिजली के उपकरण टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, कंप्यूटर, लैपटाप, गीजर, वाटर प्यूरीफायर जलकर नष्ट हो गए। घर के आंगन में लोहे का गेट पकड़कर खडी लाल बहादुर की तीन वर्षीय बेटी एकता गिरकर बेहोश हो गई। सूचना मिलते ही बिजली विभाग के एसडीओ महेन्द्र सिंह और जूनियर इंजीनियर अमित भट्ट ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया।

ऑरो को दिया जवाब-महापुरुष किसी की बपौती नही

ऋषिकेश।
बुधवार को निर्दलीय उम्मीदवार संदीप गुप्ता की ओर चुनाव अभिकर्ता अजय गुप्ता ने जवाब दाखिल किया। नोटिस के जवाब में उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीन दयाल उपाध्याय को महापुरुष बताया। जवाब में उन्होंने कहा कि महापुरुषों की फोटो कोई भी लगा सकता है। चूंकि भाजपा ने दोनों महापुरुषों पर अभी तक पेटेंट या कॉपी राइट नहीं ले रखा है। दोनों महापुरुषों की मृत्यु भाजपा की स्थापना से वर्षों पहले हो चुकी है। जवाब में उन्होंने महापुरुषों को अपना नेता बताकर अपमान करने का आरोप लगाते हुए शिकायतकर्ता से माफी मांगने की मांग भी की है।
वहीं, भाजपा प्रत्याशी प्रेमचन्द अग्रवाल ने आस्थापथ पर बेंचों के निर्माण के संबंध में जारी नोटिस का जवाब भी दाखिल कर दिया है। उन्होंने बताया है कि विधायक निधि से दिसम्बर माह में कार्य किया जाना स्वीकृत है। कार्यदायी संस्था डोईवाला विकास खंड है। ऐसे में उपरोक्त कार्य उनके द्वारा किया गया है अथवा कराया जाना है। उन्होंने अपने द्वारा इस कार्य में कोई हस्तक्षेप नहीं करने की बात कही है। अपने जवाब में उन्होंने नोटिस को निरस्त करने की मांग रिटर्निंग ऑफिसर ऋषिकेश से की है।

भरत भगवान की शोभायात्रा में उमड़ा सैलाब

ऋषिकेश।
वसंत पंचमी पर पौराणिक श्री भरत मंदिर में प्रात:काल से नगर और समीपवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की भीड़ जुटने लगी। महंत अशोक प्रपन्न शर्मा महाराज के सानिध्य में निकाली गई शोभायात्रा के साथ भरत भगवान की उत्सव प्रतिमा को गंगा स्नान कराने प्राचीन मायाकुंड के गंगाघाट पर ले जाया गया। यहां स्नान करा कर उत्सव प्रतिमा को निर्मल आश्रम मार्ग, मुखर्जी मार्ग, हरिद्वार रोड, क्षेत्र रोड, भरत मंदिर मार्ग होते हुए मंदिर में पुन: प्रतिष्ठापित किया गया। उत्सव प्रतिमा बैंड बाजों और घंटियों की धुनों के बीच आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा के रूप में मंदिर पहुंची। इस दौरान विभिन्न संस्थानों ने पूरे शहर में स्वागत द्वार और आकर्षक रंगोली बनाई थी। शोभायात्रा में श्री भरत मंदिर स्कूल सोसायटी के श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज, भरत संस्कृत महाविद्यालय, भरत मंदिर प्राथमिक स्कूल के बच्चे आकर्षक वसंती परिधानों के साथ चल रहे थे। शोभायात्रा का नेतृत्व मेलाध्यक्ष दीप शर्मा, संयोजक हर्षवर्धन शर्मा, सुधीर कुकरेती, वरुण शर्मा, वत्सल शर्मा, विनय उनियाल, बचन पोखरियाल, जगमोहन सकलानी, अशोक अग्रवाल, डीबीपीएस रावत, विनोद शर्मा, वंशीधर पोखरियाल, गोविन्द सिंह, आईडी जोशी, कैप्टन डीडी तिवारी, संजय शास्त्री, महेश शर्मा, चेतन शर्मा, महंत बलवीर सिंह, राम कृपाल गौतम, रवि शास्त्री आदि कर रहे थे।

ऋषिकेश विधानसभा के चुनावी मैदान में 11 उम्मीदवार

कांग्रेस के बागी विजयपाल सिंह रावत ने नामांकन वापस लिया

ऋषिकेश।
बुधवार को कांग्रेस के बागी उम्मीदवार विजयपाल सिंह रावत ने कांग्रेस प्रत्याशी राजपाल खरोला के समर्थन में अपना नाम वापस ले लिया। कांग्रेस प्रत्याशी के साथ वह निर्वाचन अधिकारी वृजेश कुमार तिवारी के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने निर्धारित फॉर्म पर नामांकन वापसी की घोषणा की। रिटर्निंग ऑफिसर ने उनका नाम नामांकन सूची से हटा दिया है। दोपहर तीन बजे आरओ वृजेश कुमार तिवारी ने बताया कि कुल 12 उम्मीदवारों ने नामांकन फॉर्म भरे थे। नामांकन वापसी के दिन एक उम्मीदवार के नाम वापस लेने के बाद अब कुल 11 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। वहीं, विजयपाल सिंह रावत ने बताया कि सीएम हरीश रावत से फोन पर वार्ता होने के बात कांग्रेस प्रत्याशी राजपाल खरोला के समर्थन में उन्होंने नाम वापस ले लिया है।

आईडीपीएल की भूमि पर दावा से हरकत में आया प्रशासन

आईडीपीएल की 899 एकड़ भूमि का किया जा रहा सर्वे

ऋषिकेश।
वन विभाग की संयुक्त टीम ऋषिकेश आईडीपीएल की 899 एकड़ भूमि का रिकार्ड खंगालने में जुटी हुई है। मौके पर वन सर्वेयर के अधिकारी कुल भूमि की नाप जोख में जुटे हुए हैं। जानकारी के मुताबिक आईडीपीएल की भूमि पर किसी अन्य ने अपनी भूमि होने का दावा किया है जिस पर आईडीपीएल और वन विभाग की टीम तथ्य जुटाने में लगी हैं। गौरतलब है कि आईडीपीएल की भूमि वन विभाग द्वारा लीज पर हस्तांतरित की गई थी। भूमि आईडीपीएल को लगभग 99 वर्षों की लीज पर दी गई है। ऐसे में किसी अन्य का आईडीपीएल की भूमि पर अपना हक जताना वन विभाग के लिए नया सिरदर्द बन बैठा है। इसके लिए विभाग उस व्यक्ति को कानूनी रूप से स्पष्ट रिपोर्ट भेजना चाहता है। चार दिनों तक चलने वाले इस सर्वे में आईडीपीएल के अधिकारी भी मौजूद रहे। ऋषिकेश के रेंजर गंगा सागर नौटियाल ने बताया कि इन दिनों आईडीपीएल में भूमि का सर्वे किया जा रहा है। सर्वेयर वीरेन्द्र पाण्डेय की देखरेख में जांच पड़ताल की जा रही है।

भाजपा कांग्रेस को वोट दे या सोनिया कांग्रेस को : कुमार विश्वास

पंजाब और गोवा में बन रही है आप सरकार: कुमार विश्वास
ऋषिकेश।
आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने कहाकि उत्तराखंड की जनता के सामने दुविधा है कि किसे वोट दे। भाजपा कांग्रेस को या सोनिया कांग्रेस को। भाजपा में कांग्रेस के बागियों को शामिल कराने को लेकर उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इशारों में ही भाजपा कांग्रेस पर निशाना साधा। डॉ. कुमार विश्वास ने अपने 45वें जन्मदिन पर त्रिवेणीघाट में गंगा आरती की। वह वसंतोत्सव पर गुरुवार को होने वाले कवि सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे हैं। वह ऋषिनगरी की अलौकिक सुंदरता से अभिभूत नजर आए। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अभी आप के संगठन को मजबूत करने में समय लगेगा। बुधवार शाम करीब चार बजे कुमार विश्वास ऋषिकेश पहुंचे। गंगा आरती में ऋषिकेश रियल एस्टेट एसोसिएशन अध्यक्ष दिनेश कोठारी, दीपक चुग, केके सचदेवा, कमल सिंह, विजय कुमार, प्रदीप गुप्ता, चन्द्रशेखर शर्मा, रमेश कुमार, इंदुपाल चुग, सीमा किंगर, गीता सचदेवा, पुष्पलता, प्रीति मिश्रा, अखिलेश यादव, राजेश कुमार, आशीष धाम, जय किशन कौशिक आदि उपस्थित थे।

ऋषिनगरी में बसंतोत्सव मेले की धूम

ऋषिकेश।
सोमवार को चार दिवसीय बसंतोत्सव मेले का साइकिल रेस से शुभारंभ हुआ। एसडीएम ऋषिकेश बृजेश कुमार तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगियों को रवाना किया। साइकिल रेस में श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज, एसबीएम पब्लिक स्कूल, पंजाब सिंध क्षेत्र, ओमकारानंद सरस्वति निलायम, आरपीएस, एनडीएस, भरत मंदिर संस्कृत विद्यालय, सरस्वती विद्या मंदिर आदि स्कूलों के छात्रों ने भाग लिया। श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के गौतम यादव ने पहला व सरदार इन्द्रजीत सिंह ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। जबकि पंजाब सिंध क्षेत्र के साहिल अहमद तीसरे स्थान पर रहे।
विजेताओं को मेला समिति ने साइकिल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम संयोजक हर्षवर्धन शर्मा व मेला अध्यक्ष दीप शर्मा ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मेले के पहले दिन कला प्रतियोगिता का शुभारंभ एमएन फारुखी, फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ मंहत अशोक प्रपन्न शर्मा ने किया। दो दिवसीय दंगल प्रतियोगिता का आयोजन नगर पालिका ऋषिकेश के मैदान में किया गया। पहले दिन दिल्ली व गाजियाबाद के पहलवानों का दबदबा रहा। जबकि बसंत आइडियल का रंगारंग आगाज एसबीएम पब्लिक स्कूल के प्रांगण में किया गया।
मौके पर विनय उनियाल, जयेन्द्र रमोला, राजेन्द्र सेठी, गोविन्द सिंह रावत, डीबीपीएस रावत, धीरेन्द्र जोशी, महेश किंगर, ललित मोहन मिश्रा, रवि शस्त्री, चन्द्रशेखर शर्मा आदि मौजूद थे।