सीएम धामी ने पैरालंपिक में कांस्य जीतने वाले मनोज सरकार को दी फोन पर बधाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद उधमसिंह नगर निवासी मनोज सरकार द्वारा टोक्यो पैरालंपिक में बैडमिंटन के पुरुष सिंगल्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर उन्हें बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने मनोज सरकार को फोन पर बधाई देते हुए उन्हें मुख्यमंत्री आवास पर आमंत्रित किया है। कहा कि आपने अपनी खेल प्रतिभा से प्रदेश का ही नहीं बल्कि देश का नाम भी रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भी मनोज सरकार को कांस्य पदक जीतने पर उन्हें बधाई दी है।

सीएम ने नक्शे पास करने तथा वन टाइम सेटलमेंट प्रक्रिया की ली जानकारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एमडीडीए कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कम्प्यूटर कक्ष में बैठकर भवनों आदि के स्वीकृत हेतु प्राप्त नक्शों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री को सचिव एमडीडीए हरवीर सिंह ने अवगत कराया कि कम्प्यूटर में दर्ज 13561 आवेदनों में से 8109 स्वीकृत किये जा चुके हैं, 1106 आवेदन निरस्त किये गये जबकि 4346 पेंडिंग हैं। मुख्यमंत्री ने पेंडिंग नक्शे के आवेदनों का तुरंत निस्तारण के निर्देश देते हुए जीरो पेंडेंसी के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने अकाउंट सेक्सन का भी निरीक्षण किया तथा वन टाइम सेटलमेंट के प्रस्तावों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री को बताया गया कि इस प्रकार की 260 पत्रावलियां 4 दिन पहले की हैं। बताया कि ऐसे प्रकरणों के निस्तारण की अवधि 15 दिन निर्धारित है। मुख्यमंत्री ने सचिव एमडीडीए को एमडीडीए के आय और व्यय का पूरा विवरण भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं।

सीएम ने राजकीय महाविद्यालय रायपुर में किया विज्ञान संकाय भवन का शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता (रायपुर) देहरादून में विज्ञान संकाय भवन का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि राज्य में 08 नये महाविद्यालयों की स्थापना की जायेगी। जिन नये महाविद्यालयों की स्थापना की जायेगी उनमें देहरादून शहर, हरिद्वार शहर (भूपतवाला), हल्द्वानी शहर में, गदरपुर ऊधमसिंह नगर, दन्या अल्मोड़ा, कल्जीखाल पौड़ी, खिर्सु पौड़ी, देवाल चमोली, शामिल हैं। राज्य के 07 महाविद्यालयों का स्नातक से स्नातकोत्तर में उच्चीकरण किया जायेगा। इनमें राजकीय महाविद्यालय, मुनस्यारी (पिथौरागढ़), राजकीय महाविद्यालय, गैरसैंण (चमोली), राजकीय महाविद्यालय, कपकोट (बागेश्वर), राजकीय महाविद्यालय सोमेश्वर, राजकीय महाविद्यालय, हल्दूचौड़ (नैनीताल), राजकीय महाविद्यालय, लक्सर (हरिद्वार), राजकीय महाविद्यालय, थलीसैंण (पौड़ी) शामिल हैं।

राजकीय महाविद्यालयों में आवश्यकतानुसार अतिरिक्त शैक्षणिक पद सृजित होंगे

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की कि पूर्व से संचालित राजकीय महाविद्यालयों में वहां की आवश्यकतानुसार स्नातक स्तर पर 50 एवं स्नातकोत्तर स्तर पर 10 अतिरिक्त शैक्षणिक पदों का सृजन किया जायेगा। राज्य के समस्त शासकीय महाविद्यालयों में कम से कम एक वीडियो कांफ्रेसिंग एवं अन्य आवश्यक आधुनिक तकनीकी सुविधायुक्त लैक्चर हाल स्थापित किया जायेगा।

पाठ्यक्रमों को नई शिक्षा नीति के अनुरूप करने के लिए उच्च स्तरीय समिति होगी गठित

नई शिक्षा नीति के क्रम में शासकीय विश्वविद्यालयों में इण्टर-डिसिप्लिनरी कोर्स प्रारंभ करने एवं वर्तमान पाठ्यक्रमों में बदलाव हेतु राष्ट्रीय अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के सुविख्यात शिक्षाविद की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति गठित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता (रायपुर) में स्नातकोत्तर स्तर पर विज्ञान संकाय एवं गृह विज्ञान की कक्षाएं भी प्रारम्भ की जायेंगी।

रायपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री ने की घोषणाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रायपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए भी विभिन्न घोषणाएं की जिसमें मालदेवता खेरी ग्रामीण क्षेत्र में 33 के.वी. विद्युत घर का निर्माण तथा आई.टी पार्क के समीप डांडा लखोंड में 33 के.वी विद्युत केन्द्र का निर्माण किया जायेगा। मालदेवता के अंतर्गत पंजाब नेशनल बैंक वाले खाले में आर.सी.सी. पाइप लाइन द्वारा जल निकासी का कार्य स्वीकृत किया जायेगा। विकासखण्ड रायपुर में सोंग नदी पर मालदेवता फार्म से मालदेवता बाजार तक बाढ़ सुरक्षा का कार्य किया जायेगा। रायपुर विधानसभा क्षेत्रान्तर्गत नगर निगम क्षेत्र में नदी/नाले/खाले में आपदा से क्षतिग्रस्त पुस्तों का निर्माण किया जायेगा, बाल्टी नदी में दिनांक 24 एवं 25 अगस्त को आयी आपदा से नदी व सडक की बाढ़ सुरक्षा का कार्य किया जायेगा। रायपुर विधानसभा क्षेत्रान्तर्गत आपदा से क्षतिग्रस्त सहस्त्रधारा-खैरी- मालदेवता मार्ग का मरम्मत कार्य किया जायेगा। वार्ड संख्या 58 डिफेंस कॉलोनी के मुख्य करिय्पा मार्ग का चौड़ीकरण, नवीनीकरण व सौंदर्यीकरण का कार्य किया जायेगा। रायपुर-तुनवाला-मियावाला मार्ग का चौड़ीकरण किया जायेगा। रायपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत क्षतिग्रस्त मुख्य व आंतरिक मार्गों का निर्माण किया जायेगा। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता (रायपुर) के विस्तारीकरण के लिए भूमि उपलब्ध करने एवं ग्राम सभा खेरी मानसिंह, मालदेवता, सौडा द्वारा एवं केशर वाला में जंगली हाथियों से फसलों के बचाव हेतु सोलर फेंसिंग का कार्य एवं आबादी क्षेत्रों के समीप आरक्षित वन भूमियों में कूड़े-करकट से बचाव हेतु जाल लगवाये जायेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 02 माह पूर्व राज्य के मुख्य सेवक रूप में कार्य करने का मौका मिला। शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। जन समस्याओं के त्वरित निदान के लिए प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी फिक्स की गई। जो कार्य विकासखण्ड एवं तहसील स्तर के हों उनका समाधान वहीं पर हो और जो कार्य जिला स्तर पर हो सकते हैं, उनका निदान जिलास्तरीय अधिकारियों द्वारा ही किया जायेगा। सभी अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि जो कार्य जनपद स्तर पर पूर्ण हो सकते हैं, उन्हें शासन स्तर पर न भेजा जाय। उनका वहीं निदान किया जाय। कार्यों के सरलीकरण, समाधान एवं निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नो पेंडेंसी के आधार पर कार्य करने के अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि प्रत्येक कार्यदिवस को प्रातः 10 से 12 बजे तक अपने कार्यालयों में जन समस्याओं को सुनेंगे और उनका समाधान करेंगे। तहसील दिवसों का नियमित आयोजन किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर सरकार का विशेष ध्यान है। विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी है। ये सभी प्रक्रियाएं जल्द पूर्ण कर ली जायेगी। समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर जन कल्याणकारी योजनाएं शुरू की है। सरकार का प्रयास है कि समाज के अन्तिम पंक्ति पर खड़े लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य में एक लाख सात हजार छात्र-छात्राएं वर्तमान में उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। सभी महाविद्यालयों में 4जी वाईफाई की सुविधा दी गई है। एक-एक टेबलेट की व्यवस्था की जा रही है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में राज्य में अनेक कार्य किये जा रहे हैं। रोजगारपरक शिक्षा एवं शिक्षा के गुणात्मक विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, दिलीप सिंह रावत, मुकेश कोली, प्राचार्य राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता (रायपुर) के प्राचार्य प्रो. सतपाल सिंह सहानी आदि उपस्थित थे।

आमजन की समस्याओं को सुन सीएम ने दिए अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम आवास में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आए लोगों की शिकायतों और समस्याओं को सुना और मौके पर ही अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिये। जनता मिलन कार्यक्रम में आए सभी लोगों की शिकायतों का पंजीकरण किया गया और उन्हें रजिस्टर में दर्ज किया गया। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सभी की शिकायतों को पूरी गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जन समस्याओं और शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। अपनी समस्याएं लेकर आने वालों में कुछ दिव्यांग भी थे। मुख्यमंत्री खुद उनके पास गए और उनकी शिकायतों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता दर्शन कार्यक्रम में प्राप्त सभी जन शिकायतों की मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय से की जाएगी। अधिकारी पूरी गंभीरता से सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्धता से करें। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदारी फिक्स करते हुए कङी कार्रवाई की जाएगी।

हरिद्वार के रवि सिंह रौथाण द्वारा यह बताए जाने पर कि उनके पिताजी की शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्ति के बाद जीपीएफ की राशि देने में अनावश्यक विलम्ब किया जा रहा है, मुख्यमंत्री ने इसके जांच के निर्देश दिये और कहा कि जानबूझकर विलम्ब किया जाना पाया जाए तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

शक्तिफार्म के सुहास हलदर द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किश्त की राशि न आने की बात पर मुख्यमंत्री ने मामले का परीक्षण कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
हरिद्वार के राजेश कुमार सैनी द्वारा पुलिस में उनके प्रकरण की सुनवाई न होने की शिकायत की गई। मुख्यमंत्री ने डीआईजी गढ़वाल को इसकी जांच करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक चक्कर न लगाने पङे।

उम्मेद सिंह रावत द्वारा छूट गये राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पहले ही राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण की प्रक्रिया 31 दिसम्बर तक बढाने के निर्देश दे दिए हैं।

काशीपुर के कुंवर सिंह ने उनके बच्चे को एजुकेशन लोन दिलाने, देहरादून के कमलेश ने पीएम शहरी आवास में आवास दिलाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने इनपर समुचित कार्यवाही करने को अधिकारियों को कहा।

प्रदीप कुमार ने आवास विकास परिषद में मकान का नक्शा पास न होने की बात कही जबकि व्यापार मंडल देहरादून के अभिषेक शर्मा ने भी उनके यहाँ नक्शा पास की व्यवस्था कराये जाने का आग्रह किया। जस्सोवाला के नंदकिशोर गौड़ द्वारा बारातघर के लिए अनुरोध करने पर मुख्यमंत्री ने डीएम देहरादून को इसका परीक्षण करने के निर्देश दिये।

सोमाल्टा के सरदार सिंह द्वारा क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग को ठीक कराने के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 सितंबर से पूरे प्रदेश में गड्ढा मुक्त सड़कों का अभियान शुरू किया जा रहा है। घनशाली के उम्मेद सिंह बिष्ट ने किसान सेवा केन्द्र में कम्प्यूटर दिये जाने की बात पर मुख्यमंत्री ने इसके प्रति उन्हें आश्वस्त किया।

इसके अतिरिक्त अनेक युवाओं द्वारा विभिन्न विभागों में भर्ती की बात कहे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार के लिए बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। स्वरोजगार के लिए कैम्प लगाए जा रहे हैं। सीएम विवेकाधीन कोष से मदद संबंधी सभी आवेदनों का परीक्षण उपरांत समुचित कार्यवाही के निर्देश दिये।

इसके अलावा सड़क, बिजली, पानी आदि समस्याओं को लेकर भी लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखी। आज के जनता मिलन कार्यक्रम में 300 के करीब लोगों ने अपनी शिकायतें और समस्याओं का पंजीकरण कराया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत, विधायक खजानदास, दिलीप रावत, मुकेश कोहली, सचिव शैलेश बगोली, प्रभारी सचिव एसएन पाण्डेय, मंडलायुक्त रविनाथ रमन, डीआईजी नीरू गर्ग, जिलाधिकारी डॉ आर राजेश कुमार आदि उपस्थित थे।

राइंका खदरी में अभिभावक अध्यापक एसोसिएशन का हुआ गठन, जयपाल बने अध्यक्ष


राजकीय इंटर कॉलेज खदरी खड़कमाफ में अभिभावक अध्यापक एसोसिएशन में सदस्यों का गठन हुआ। इसमें अध्यक्ष पद पर जयपाल असवाल और कोषाध्यक्ष पद पर सुरेंद्र कंडवाल को नियुक्त किया गया, जबकि प्रमिला पंत और राजेश्वरी चौहान को सदस्य बनाया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज खदरी खड़कमाफ मे कॉलेज की मरम्मत के लिए पांच लाख की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यदि हमारी आने वाली पीढ़ी को अच्छी शिक्षा व अच्छा विद्यालय नहीं मिलेगा। तो उनकी शिक्षा अच्छी नहीं होगी। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य पुंडीर, पूर्व प्रधान सुनीता रावत, ग्राम सभा प्रधान संगीता थपलियाल आदि उपस्थित रहे।

श्रीनगर में इंस्टीट्यूट आफ गवर्नमेंट मेडिकल सांइस एंड रिसर्च की सीएम ने की समीक्षा


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर गढवाल में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली गवर्नमेंट इन्स्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च की समीक्षा बैठक की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र से जुड़े चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ सरलीकरण, समाधान व निस्तारण के मंत्र के आधार पर लोगों को स्वास्थ्य लाभ मुहैया कराएं। आगामी 3 महीनों में मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के लिए कौन से प्रोजेक्ट पूरे किए जाने हैं तथा कौन सी योजनाएं व उपकरण केंद्र सरकार की ओर से यहां पर मंगवाये जा सकते हैं, उन पर विशेष ध्यान केंद्रित किए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर का मेडिकल कॉलेज पहाड़ी क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण स्थान है। श्रीनगर के मेडिकल कॉलेज को सभी सुविधाओं से लैस किया जाएगा। साथ ही मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य संबंधी प्रस्तावों को भी शीघ्र पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के मेडिकल तथा पैरामेडिकल स्टाफ के कार्यों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि कोविड काल के दौरान मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के स्टाफ ने बेहतरीन कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत जी के नेतृत्व में खिरसू ब्लॉक में शत प्रतिशत वैक्सीनेशन हुआ है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि श्रीनगर मेडिकल कॉलेज गढ़वाल क्षेत्र की लाइफ लाइन है। कोरोना काल में श्रीनगर मेडिकल कालेज के चिकित्सकों ने बढ़ चढ़कर कार्य किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की बदौलत ही जुलाई माह तक रिकॉर्ड 30 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जा सकी है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर मेडिकल कालेज कि विकास कार्य हेतु 15 करोड़ की डी पी आर स्वीकृत हो गई है।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष भाजपा मदन कौशिक, केबिनेट मंत्री डॉ हरक सिंह रावत, सतपाल महाराज, विधायक मुकेश सिंह कोली, विनोद कंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, गढ़वाल मण्डल आयुक्त रविनाथ रमन, जिलाधिकरी डॉ विजय कुमार जोगदण्डे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य सीएम रावत आदि उपस्थित थे।

ऋषिकेशः 71 वर्षीय बुजुर्ग की गंगा में डूबने की आशंका

चौदह बीघा का एक 71 वर्षीय बुजुर्ग के कपड़े पुलिस को आस्था पथ 72 से मिले हैं, बुजुर्ग के बेटे से कपड़ों की पहचान अपने पिता के होने की कराई है।

जानकारी के अनुसार, चौदह बीघा कुडियाल भवन थाना मुनिकीरेती निवासी 71 वर्षीय बुजुर्ग संदिग्ध परिस्थितियों में घर से गायब हो गए। त्रिवेणी घाट पुलिस को एक व्यक्ति के कपड़े 72 सीढ़ी गंगा के समीप आस्था पथ पर मिले। वहीं कुछ ही देर में अरविंद मोहन कुड़ियाल द्वारा चौकी त्रिवेणी घाट को सूचना दी कि उनके पिता चंद्रमोहन कुड़ियाल लापता है। पुलिस ने बरामद कपड़े दिखाए तो युवक ने उक्त कपड़े अपने पिता के होने की बात कही। पुलिस बुजुर्ग के गंगा में डूबने की आशंका जता रही है। हालांकि पुलिस ने जल पुलिस के साथ गंगा में काफी खोजबीन की। मगर, कुछ सफलता हाथ न लग सकी।

सीवर के ओवरफ्लो से हरिपुरकलां की जनता परेशान

ऋषिकेश विधानसभा के हरिपुरकला में जर्जर सड़कें राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी राजकीय इंटर कॉलेज से लेकर प्रेम विहार चौक तक सड़क पर सीवर का गंदा पानी बह रहा है। कई जगहों पर यह गंदा पानी घर के आंगन तक भी पहुंच रहा है। जिससे क्षेत्रवासी परेशान हैं। स्थानीय निवासी शुभम कुकरेती, अरविंद भंडारी, योगेंद्र भंडारी ने बताया कि क्षेत्र में सीवर सड़क पर बहने की बजह नालियों का चोक होना है। जिससे बरसाती गंदा पानी उनके घर में घुस जमा है। पानी जमा होने से शुभम कुकरेती के घर की चारदीवारी भी क्षतिग्रस्त हो गई है।

स्थानीय निवासी व आप नेता राजे सिंह नेगी ने बताया कि यह समस्या बिगत कई वर्षों से बनी हुई है। सीवर ओवरफ्लो होने के कारण बरसात का पानी लगातार सड़क पर बहता रहता है, जिसका आज तक कोई स्थानी समाधान नहीं हो पाया है। क्षेत्र की तमाम सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, जिनमें चलना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने विधायक पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया। इस दौरान स्थानीय निवासी अजय रावत, दिनेश कुमार, विक्रांत भारद्वाज, सतीश बड़थ्वाल, अजय पटेल, सत्य प्रकाश कंडवाल, किशोरी लाल, भगत सिंह धमांदा आदि ने कहा कि यदि जल्द ही सीवर की समस्या का स्थाई समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।

एम्स ऋषिकेश में शुरू हुआ स्पेशल लंग क्लीनिक

यदि आप धूम्रपान करते हैं और आपको लम्बे समय से खांसी की शिकायत के साथ थकान महसूस हो रही है, तो सावधान हो जाएं। यह लंग कैंसर के लक्षण हो सकते हैं। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, एम्स ऋषिकेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों के अनुसार कैंसर से होने वाली मौतों में सर्वाधिक मौतें लंग कैंसर की वजह से होती हैं। ऐसे मरीजों के लिए एम्स ऋषिकेश में अब स्पेशल लंग क्लीनिक शुरू किया गया है। इस क्लीनिक का संचालन प्रत्येक शुक्रवार को किया जाएगा।
फेफड़े के कैंसर में फेफड़ों के किसी भाग में कोशिकाओं की अनियंत्रित व असामान्य वृद्धि होने लगती है। चिकित्सकों के अनुसार कईदफा फेफड़े के कैंसर का शुरुआती दौर में पता नहीं चल पाता है और यह अंदर ही अंदर बढ़ता जाता है। लिहाजा इसके लक्षण अक्सर विलंब से पता चलते हैं।
इस बाबत एम्स निदेशक प्रोफेसर रविकांत ने बताया कि फेफड़े का कैंसर एक गंभीर बीमारी है लेकिन आधुनिक मेडिकल साइंस में हुई प्रगति के कारण अब कैंसर से छुटकारा संभव है। लक्षणों के आधार पर समय पर उपचार शुरू कर दिए जाने से कैंसर की गंभीर स्थिति से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि एम्स ऋषिकेश में लंग कैंसर के लिए स्पेशल क्लीनिक संचालित किया जा रहा है। इस बीमारी के समुचित इलाज के लिए एम्स में सभी तरह की आधुनिक मेडिकल सुविधाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उपलब्ध है।
पल्मोनरी विभाग के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. मयंक मिश्रा ने बताया कि बीड़ी-सिगरेट आदि धूम्रपान का सेवन करना फेफड़ों के कैंसर का सबसे बड़ा कारण है। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के तम्बाकू उत्पाद, खैनी, गुटखा, सिगार का सेवन करने, धुएं के संपर्क में रहने, घर या कार्य स्थल पर एस्बेस्टस या रेडॉन जैसे पदार्थों के संपर्क में आने और पारिवारिक इतिहास होने के कारण भी फेफड़ों का कैंसर हो सकता है।

आंकड़ों के अनुसार उत्तराखंड में लंग कैंसर के मरीजों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में एम्स ऋषिकेश में इस बीमारी से ग्रसित औसतन 40 से 50 मरीज प्रति माह आ रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर एम्स के पल्मोनरी विभाग में अलग से लंग क्लीनिक संचालित किया जा रहा है। इस क्लीनिक में केवल लंग कैंसर से ग्रसित मरीज ही देखे जाएंगे।
फेफड़ों के कैंसर के लक्षण
लंबे समय से खांसी-बलगम की शिकायत, खांसी में खून आना, सांस फूलना, सीने में दर्द, वजन का कम होना, चेहरे या गले में सूजन, आवाज बदल जाना, भूख कम लगना, लगातार थकान महसूस होना आदि इसके प्रमुख लक्षण हैं।
शुक्रवार को संचालित होगा लंग क्लीनिक
पल्मोनरी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मयंक मिश्रा जी ने बताया कि लंग क्लीनिक प्रत्येक शुक्रवार को अपराह्न 2 से 4 बजे तक संचालित होगा। इस क्लीनिक में केवल वही मरीज देखे जाएंगे, जिन्हें पल्मोनरी विभाग की जनरल ओपीडी से रेफर किया गया हो। लिहाजा जरूरी है कि मरीज पहले पल्मोनरी की ओपीडी में अपना परीक्षण करा लें। क्लीनिक में पल्मोनरी विभाग के अलावा, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी और रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के विशेषज्ञ चिकित्सक भी मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे।

युवाओं से संवाद कायम कर कांग्रेस की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की हुई बैठक

ऋषिकेश विधानसभा नगर निगम के चंद्रेश्वर नगर में आगामी विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर बूथ कमेटी के गठन की प्रकिया को लेकर बूथ प्रभारी गजेन्द्र विक्रम शाही व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से संवाद कायम किया। मौके पर संगठन की मज़बूती को लेकर बैठक हुई।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि कांग्रेस 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पूर्ण रूप से तैयार है। बूथ से लेकर अपने जमीनी कार्यकर्ताओं तक हम हर मोर्चे पर चुनावी तैयारियों में जुटे हैं और आने वालों चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिये कांग्रेस के नये कार्यकर्ताओं को बूथों की जानकारी व उन्हें उनके बूथों पर उनकी कार्यशैली को देखते हुए जिम्मेदारी देनी तय की जा रही है। कांग्रेस को मजबूत करने के लिए बूथों को मजबूत करना बेहद जरूरी हैं।

ज़िला बूथ प्रभारी गजेन्द्र विक्रम शाही ने कहा कि आज वरिष्ठ जनों के साथ युवाओं को राजनीति में आगे आकर कार्य करने की आवश्यकता है और चुनाव के समय हर बूथ पर सबसे अधिक संख्या में युवाओं की और महिलाओं की भागीदारी रहनी चाहिये। बूथों पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का हुजूम होना चाहिये ताकि सभी बूथों पर कांग्रेस चुनाव जीत कर आगे बढ़े।

बैठक में ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष परमेश्वर राजभर, राजेश शाह, मन्नू राजभर, ज्योति हलदर, सतीश राजभर, लक्ष्मण, अनिल कुमार, राजेश राजभर, शुभलाल, पिंटू प्रजापती, मोहित कुमार, सूंदर गौड़, हजरत अली, कार्तिक कुशवाहा, सुनील साहनी आदि थे।