23 औद्योगिक प्रस्ताव स्वीकृत, तीन हजार को मिलेगा रोजगार

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस.सन्धू की अध्यक्षता में उनके सचिवालय सभागार में उत्तराखण्ड उद्यम एकल खिड़की सुगमता एवं अनुज्ञापन अधिनियम-2012 के अन्तर्गत गठित राज्य प्राधीकृत समिति की बैठक आयोजित की गई। समिति द्वारा 1013.61 करोड़ रूपये (एक हजार तेरह करोड़ इकसठ लाख रूपये) के 23 औद्योगिक निवेश प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया जिनसे 2952 लोगों को रोजगार देना प्रस्तावित है।
अनुमोदित औद्योगिक प्रस्तावों में वाफ्ट एग्रो इण्डस्ट्रिज का उधम सिंह नगर जसपुर में लिक्विड ग्लूकोज/राइस गुलेटिन प्लाण्ट, नेचर फ्रोजेन फूडस का बाजपुर में फ्रूट वैजिटेबल्स प्लाण्ट, ऑलवेज फ्रेश फूट्स सीए स्टोर का कालाढूंगी, नैनीताल में फ्रूट वैजीटेबल प्लाण्ट, जय औटोमोटिव कम्पोनेन्टस का रूद्रपुर में आयरन कास्ट मशिन्ड ब्रेकेटस, केमर वैल्यु लाइफसाइन्स का रामनगर रोड काशीपुर में मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल, सन्तलादेवी रिसौर्ट नाल्जवाड़ी देहरादून में फाइव स्टार होटल, ट्यूब इन्वेस्टमेंट ऑफ इण्डिया लिमिटेड मेटल फार्मिंग का गंगनॉली लक्सर में साइडवाल-कोल्ड रोल फॉर्मिंग फौर रेलवेज, किरन फूड का किच्छा, रूद्रपुर में फ्रूट वैजिटेबल प्लाण्ट, प्रीतम इण्टरनेशनल का भगवानपुर में हैण्डवाश/शैम्पू प्लाण्ट, गढ़वाल वेन्चर्स का ढालवाला, टिहरी में आयुर्वेदिक मेडिसिन प्लाण्ट, इवोल्ट फार्मासिटिकल्स का भगवानपुर, हरिद्वार में एलोपैथिक फार्मास्टिकल प्लाण्ट, मरूश ओवरसीज का भगवानपुर, हरिद्वार में बल्क ड्रग्स और फार्मास्टिकल रा मेटेरियल प्लाण्ट, टिब्रेवाला इलैक्ट्रिक्लस का रूड़की में इलैक्ट्रिक फैन विद पावर प्लाण्ट, मदीना फ्रीजन एग्रो फूडस का किच्छा में पौल्ट्री एण्ड अदर स्लटरिंग प्रिपेशन प्लाण्ट, गोल्ड प्लस फ्लोर ग्लास का रूड़की में सिल्वर ग्लास प्लान्ट, अकुम्स हैल्थकैयर का कोटद्वार में एलोपैथिक फॉर्मास्टिकल्स प्लाण्ट, ताल्फ एएसआर उर्जा लिमिटेड का कालाढूंगी, नैनीताल में सोलर एनर्जी जनरेटर, फ्यूरिस्टिक अल्टिमेट एनर्जी का मुनस्यारी में सोलर पावर जनरेशन, विवान सोलर लिमिटेड का लक्सर रोड़ हरिद्वार में सोलर एनर्जी इलैक्ट्रिक पावर जनरेशन, सोलर पावरटैक का सिन्धी पट्टी इदवालस्यू पौड़ी में सोलर इलैक्ट्रिक प्लाण्ट, वोल्ट्रोन कौल्सियम का मंगलोर हरिद्वार में कौल्सियम कार्बाेनेट प्लाण्ट तथा आरोग्यम एजुकेशनल ट्रस्ट का भगवानपुर रूड़की में 300 बैड हॉस्पिटल से सम्बन्धित औद्योगिक निवेश प्रस्ताव सम्मिलित है।
मुख्य सचिव ने इस दौरान अन्य सम्बन्धित विभागों को निर्देशित किया कि राज्य में औद्योगिक निवेश हेतु प्राप्त होने वाले प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर अनुमोदन हेतु प्रस्तुत करें। उन्होंने अनुमोदन प्रक्रिया को संक्षिप्त करने तथा अनुमोदन हेतु मुख्य प्रावधानों को पूरा करने वाले औद्योगिक प्रस्तावों पर शीघ्रता से विचार करते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी विभागों को उनके स्तर पर विभिन्न अनापत्तियों का तेजी से निराकरण और निस्तारण के निर्देश दिये।
बैठक में सचिव राधिका झा, शैलेश बगोली, प्रभारी सचिव वी षणमुगम, अपर सचिव यूएन पाण्डेय, अतर सिंह, केएस नगन्याल, डॉ. आनन्द श्रीवास्तव, महानिदेशक उद्योग रोहित मीणा, निदेशक उद्योग सुधीर नौटियाल सहित सम्बन्धित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

लोकतंत्र का गला घोंटने वाली कांग्रेस हमें न दे सीखः मदन कौशिक

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि कांग्रेस द्वारा भाजपा को लोकतान्त्रिक सीख दी जा रही है जो कि हास्यास्पद है और बेहतर होता कि वह अपनी पार्टी के नेताओं को इस बारे में ज्ञान देते। कौशिक ने कहा कि अपने ही प्रधानमन्त्री के बनाए कानून को रद्दी की टोकरी में फेंकते समय लोकतन्त्र कंहा था और उससे पहले देश में इमर्जेंसी थोपने वाले अब लोकतंत्र कहा सिखा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस में प्रदेश ही नहीं,बल्कि पूरे देश में गुटबाजी और अन्तर्कलह जगजाहिर है और कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि तब वह लोकतंत्र को किस तरह से सुशोभित कर रही थी। उत्तराखंड में कांग्रेस के पहले से ही तीन गुट माने जाते हैं और अब गुटबाजी के कारण 6 गुट बन गये हैं। 5 अध्यक्ष और एक चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष पूर्व सीएम हरीश रावत का माना जाता है। विवाद पर लोकतंत्र का ज्ञान बांटने वाली कांग्रेस की स्तिथि ‘‘घर में नहीं है दाने, अम्मा चली भुनाने’’ की है। कांग्रेस सत्ता में रही तो सरकार और संगठन में शीत युद्ध खुलकर दिखा और विपक्ष में रही तो संगठन में कब्जे की लड़ाई सामने आती रही। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस को केवल कार्यकर्ताओ की पह्चान गुट के आधार पर की जाती है और उनके पीछे क्षत्रपो का नाम लिया जाता है।

महत्वाकांक्षी इस कदर हावी है कि राजनैतिक अस्तित्व और मुख्यमंत्री की लड़ाई भी साथ साथ चल रही है। लेकिन कांग्रेस को न लोकतंत्र की चिन्ता है और न ही इस बात का फर्क की पार्टी में कार्यकर्ताओ, युवाओ पर क्या फर्क पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बेहतर है कि वह अपने घर में चल रहे बबाल को शांत करे और लोकतंत्र की रक्षा करे। क्योंकि इसी के चलते आज कांग्रेस हाशिये पर खिसक गयी है।

शिक्षा का प्रमुख आधार शिक्षक ही होता हैः धामी


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड तकनीकि विश्वविद्यालय में दिव्य हिमगिरि द्वारा शिक्षक दिवस पर आयोजित ‘‘टीचर ऑफ द ईयर 2021’’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया। पूरे प्रदेश के कुल 118 शिक्षकों को विभिन्न श्रेणियों में एवं चार विश्वविद्यालय के कुलपतियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विज्ञान पर आधारित पत्रिका ‘‘ विज्ञान संप्रेषण’’ एवं उत्तराखण्ड तकनीकि विश्वविद्यालय की विवरणिका का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज को आगे बढ़ाने में शिक्षक की मुख्य भूमिका होती है। शिक्षा का प्रमुख आधार शिक्षक ही होता है। शिक्षक न केवल विद्यार्थी के व्यक्तित्व का निर्माता, बल्कि राष्ट्र का निर्माता भी होता है। किसी राष्ट्र के विकास में उसके भावी नागरिकों को गढ़ने वाले शिक्षकों की भूमिका अत्यन्त महत्त्वपूर्ण होती है। भारत में प्राचीन समय से ही गुरू-शिष्य परंपरा रही है। भारत से ही विश्वभर में शिक्षा के प्रसार की शुरूआत हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में सशक्त हो रहा है। ज्ञान, विज्ञान, अनुसंधान, खेल के क्षेत्र में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश में जो नई शिक्षा नीति लागू की गई। आने वाले समय में इसके बहुत अच्छे परिणाम आयेंगे।

इस अवसर पर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर, उत्तराखण्ड तकनीकि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ.पी.पी.ध्यानी, यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ. राजेन्द्र डोभाल, दिव्य हिमगिरी के चीफ एडिटर कुंवरराज अस्थाना, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति एवं शिक्षक मौजूद थे।

हरितालिका तीज में पहुंचे स्पीकर को गोर्खाली समाज ने किया सम्मानित


ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत साहब नगर स्थित हिमालय देवी मंदिर के परिसर में गोरखाली महिला हरितालिका तीज महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। महोत्सव के दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल एवं उनकी धर्मपत्नी शशि प्रभा अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने हिमालय देवी मंदिर को अपनी विधायक निधि से 4 लाख रुपए देने की घोषणा की। वहीं कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाली 65 महिलाओं को अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से दो-दो हजार रुपये देने की भी घोषणा की।

तीज महोत्सव के दौरान महिलाओं द्वारा अपनी लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। वहीं गोरखाली सुधार सभा द्वारा विधानसभा अध्यक्ष को गोरखाली टोपी पहना कर सम्मानित किया गया। महोत्सव के दौरान बच्चों से लेकर बुजुर्ग महिलाओं तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने नेपाली भाषा में उपस्थित लोगों को संबोधित कर हरितालिका तीज की बधाई एवं शुभकामनाएं दी एवं भगवान शिव और माता पार्वती से सभी की मनोकामना पूर्ण होने की कामना की।

इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष ने कहा की भारत वर्ष उत्सवों का देश है और यहां सभी पर्वों को पूरी श्रद्धा और ऊर्जा के साथ मनाया जाता है। तीज का त्यौहार महिलाओं के आस्था व विश्वास का पर्व है। हरितालिका तीज संपूर्ण भारतवर्ष में निवास करने वाले हिंदू समाज में मनाए जाने वाला महिलाओं का एक पवित्र धार्मिक सौभाग्यशाली पर्व है। अपने पति तथा परिवार के सौभाग्य एवं सुख शांति हेतु हिंदू नारियों द्वारा मांगलिक अनुष्ठान के रूप में मनाया जाने वाला यह पर्व हमारी संस्कृति की झलक को दिखाता है।

इस अवसर पर डोईवाला के ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, गोरखाली सुधार सभा के अध्यक्ष बुध बहादुर गुरुंग, मंदिर के अध्यक्ष दिल बहादुर खत्री, पूर्व मंदिर अध्यक्ष युद्ध बहादुर भंडारी, सम्भु गुरुंग, तीज कमेटी के अध्यक्ष संगीता गुरुंग, उपाध्यक्ष आरती थापा, आशा पुन, अनिल भंडारी, के के थापा, धीरज थापा, संतोषी शर्मा, गीता भंडारी, अंबिका सजवान, कृष्णा रमोला, अनीता प्रधान, समा पवार, अनीता राणा, रीना रांगड, स्नेह लता भंडारी, प्रधान सोबन सिंह केंतुरा, विमला नैथानी आदि उपस्थित थे।

शिक्षक दिवस पर यंग एजुकेटर सम्मान से सम्मानित हुए ऋषिकेश के राजेश चंद्र

तीर्थनगरी के युवा व प्रसिद्ध कलाकार राजेश चंद्र को शिक्षक दिवस पर राष्ट्रीय स्तर का सम्मान मिला है। यह अवार्ड उन्हें तमिलनाडु की ओर से दिया गया है।

शिक्षक दिवस पर नेशनल फॉउंडेशन फ़ॉर एंटरप्रेन्योरशिप डेवलोपमेन्ट तमिलनाडु द्वारा कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें देशभर से शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने के लिए शिक्षको को सम्मानित किया गया। इस वर्ष उत्तराखंड से चित्रकार राजेश चन्द्र को यंग एजुकेटर सम्मान से नवाज़ा गया। यह सम्मान राजेश को 2020-2021 कला के क्षेत्र में उनके बतौर कला शिक्षक किये गए उत्कृष्ठ प्रदर्शन के लिए दिया गया।

बता दें कि चित्रकारी के क्षेत्र में राजेश ने राष्ट्रीय व अंतरार्ष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां हासिल की। जिसमे सयुंक्त राष्ट्र संघ में की सागर दिवस की प्रदर्शनी में दो बार देश का प्रतिनिधित्व करने वाले व पहले चित्रकार है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण व उत्तराखंड की संस्कृति को कई दफा अपनी कला के द्वारा उन्होंने विश्व स्तर पर किया है जिसके लिए हाल ही में मुख्यमंत्री से भी सम्मानित हुए है।

शिक्षक दिवस के दिन ऑनलाइन माध्यम से तमिलनाडु द्वारा उनको ये राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया। 25 सितम्बर तक उन्हें मेडल, प्रमाण पत्र व शिक्षकों की मैगजीन दी जाएगी, जिसमें 2021 के सभी सम्मानित शिक्षकों के बारे में कहानी होगी। राजेश ने बताया कि यह पुरुस्कार निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी को समर्पित करना चाहते है। जहाँ मुफ्त शिक्षा पाकर वह इस मुकाम पर पहुंचे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कोरोना वॉरियर्स पर लिखी पुस्तक का किया विमोचन


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में ललित शौर्य द्वारा लिखित कोरोना वॉरियर्स, बाल कहानियों पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुस्तक में कोरोना से बचाव के लिए जागरूकता से संबंधित जानकारी का समावेश किया गया है। चित्रों के माध्यम से बच्चों को रोचक जानकारी देने का प्रयास किया गया है। पुस्तक में दी गई जानकारियां पाठकों एवं कोरोना के प्रति जागरूकता के लिए सहायक सिद्ध होगी।

इस अवसर पर पुस्तक के लेखक ललित शौर्य, नवीन चंद्र शर्मा, पवन पांडे, सुनील कुमार गोयल, अर्चना गोयल मौजूद थे।

वीकेंड पर घूमने आए दो लोग गंगा की तेज धारा में बहे

नोएडा की एक एंड्राइड कंपनी का नौ सदस्यीय दल वीकेंड पर ऋषिकेश घूमने आया था। वह रामझूला के समीप दर्शन महाविद्यालय घाट पहुंचे। इस बीच एक व्यक्ति गंगा में हाथ धोने गया और अचानक पैर फिसलने से बहने लगे। तभी एक साथी उसे बचाने के लिए आगे बढ़े तो वह भी गंगा के तेज बहाव की चपेट में आ गये। किनारे पर खड़े साथियों को दोनों कुछ दूर तक बहते दिखे। इसके बाद दोनों ही गंगा की लहरों में ओझल हो गए। हादसे से पूरे ग्रुप के लोग सकते में है।

थानाध्यक्ष मुनिकीरेती कमल मोहन भंडारी ने बताया कि नोएडा की एक मोबाइल कंपनी से नौ लोगों का ग्रुप वीकेंड पर यहां घूमने आया था। वह रामझूला पुल के पास दर्शन महाविद्यालय का घाट पहुंचे। उनमें से दो लोग सुबह करीब नौ बजे गंगा में डूब गए। आपदा प्रबंधन दल को मौके पर बुलाकर रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है। एसडीआरएफ की टीम भी गंगा में उनकी तलाश में जुटी रही। बताया कि डूबने वालों में एक कंपनी के सेंटर हेड राहुल सिंह पुत्र स्व. प्रेमपाल सिंह निवासी 190 तहरी वाली गली कलाम, पुलिस लाइन मार्ग, बुलंदशहर, यूपी और दूसरे मैनेजर भानू मूर्ति पुत्र एबीएम नारायण, निवासी प्लैट 8 थर्ड फ्लोर, मयूर विहार फेस वन ईस्ट पूर्व दिल्ली के रूप में हुई है।

अंधतत्व निवारण को नगरभर में निकली साइकिल रैली, नेत्रदान का हुआ आह्वान

एम्स ऋषिकेश के तत्वावधान में आयोजित नेत्रदान पखवाड़े के तहत आज नगरभर में साइकिल जनजागरूकता रैली निकाली गई। इसके माध्यम से लोगों से ब्लाइंडनेस को कम करने के लिए नेत्रदान का संकल्प लेने का आह्वान किया गया। एम्स निदेशक ने इस रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर उन्होंने समाज से अंधतत्व निवारण हेतु इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रमों को नितांत आवश्यक बताया, साथ ही रैली में प्रतिभाग करने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया। रैली में 150 से अधिक लोग शामिल हुए। जनजागरूकता रैली एम्स से बैराज मार्ग, कोयल घाटी, हरिद्वार रोड तिलक रोड, अंबेडकर चौक होते हुए आगे बढ़ी व देहरादून रोड स्थित जीजी आईसी, हीरालाल मार्ग, परशुराम चौक होते हुए एम्स परिसर में सम्पन्न हुई।

ऋषिकेश आई बैंक की ओर से आयोजित रैली में एम्स फैकल्टी सदस्यों, वरिष्ठ चिकित्सकों, पीजी डॉक्टरों, सिक्योरिटी गार्ड्स, संस्थान के आई बैंक स्टाफ के सदस्यों के साथ ही रेड राइडर्स ग्रुप, ब्लू राइडर्स, ऋषिकेश साइकिल ग्रुप, लायंस क्लब के सदस्यों, विभिन्न स्कूल कॉलेजों के छात्रों व स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने बढ़चढ़कर प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर संस्थान के डीन प्रोफेसर मनोज गुप्ता, आईबीसीसी प्रमुख व वरिष्ठ सर्जन प्रोफेसर बीना रवि, डीएचए प्रो. यूबी मिश्रा, संस्थान के नेत्ररोग विभागाध्यक्ष प्रोफेसर संजीव कुमार मित्तल, आई बैंक की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. नीति गुप्ता, वरिष्ठ चिकित्सक डाक्टर रोहित गुप्ता, डा.पीके पांडा, डा.अनुभा अग्रवाल, डा.अनुपम, डा. रामानुज सामंता, जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल, विधि अधिकारी प्रदीप पांडे, विक्रम सिंह के अलावा नगर के गणमान्य व्यक्तियों में जयेंद्र रमोला, राकेश मियां, गोपाल नारंग, शैलेंद्र बिष्ट, ज्योति प्रकाश शर्मा, नीरज शर्मा, जितेंद्र बिष्ट, सरदार बूटा सिंह, यशपाल सिंह चौहान आदि मौजूद थे।

आम आदमी पार्टी ने धन सिंह रावत पर लगाया चहेतों को सरकारी नौकरी में नियुक्ति देने का आरोप, पुतला फूंका

आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत पर अपने पीआरओ सहित चहेतों को सरकारी नौकरी में नियुक्ति देने का आरोप लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में अवैध नियुक्तियां का आरोप लगाकर उनका पुतला भी दहन किया।

नेपाली फार्म तिराहे पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंककर उच्च शिक्षा मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला फूंका। संगठन मंत्री दिनेश असवाल ने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी भ्रष्टाचार में डूबी है। आरोप लगाया कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में नियुक्तियों में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। पीआरओ सहित चहेतों को नौकरी देकर प्रदेश के युवाओं के साथ छल किया गया है। जिलाध्यक्ष अमित बिश्नोई ने कहा कि उच्च शिक्षा मंत्री ने साल 2017 और 2019 के बीच सभी नियम कानूनों के खिलाफ जाकर अपने और बीजेपी के चहेतों को विश्वविद्यालय में पोस्टिंग से नवाजा है।

कहा कि भाजपा ने उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी को प्राइवेट कंपनी बना दिया गया है। यहां मनमर्जी से अवैध तरीके से नियुक्तियां दी जा रही हैं। पार्टी के बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजे सिंह नेगी ने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में सहायक क्षेत्रीय निदेशक के आठ पदों पर नियुक्ति में बड़ा घोटाला हुआ है, इसकी जांच होनी बेहद जरूरी है।

प्रदर्शनकारियों में दिनेश कुलियाल, डॉ. हरवेंद्र त्यागी, विजय पंवार, चंद्रमोहन भट्ट, संजय पोखरियाल, लालमणि रतूड़ी, जगदीश कोहली, सुनील सेमवाल, जय प्रकाश भट्ट, राहुल मालकोटी, धनपाल रावत, देवराज नेगी, उमंग देवरानी, ज्ञान रावत, नरेन कठैत, अरविंद जोशी, प्रवीन असवाल, विक्रांत भारद्वाज, हिमांशु नेगी, मनोज भट्ट, मंजू शर्मा, समीर, सचिन रावत, मुकुल उपाध्याय, सुनील कुमार आदि शामिल रहे।

किशोर उपाध्याय ने किया ऐलान, चारधाम यात्रा शुरू न होने पर बदरीनाथ के दर्शन को तोड़ देंगे सारे प्रतिबंध


यदि राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा शुरू नहीं की तो एकादशी के दिन सारे प्रतिबंध तोड़कर भगवान बदरीनाथ के दर्शन को जाऊंगा। यह बात आज प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कही। उन्होंने सरकार से तुरंत चार धाम यात्रा शुरू करने की मांग की है।

प्रेसवार्ता में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि जब स्कूल, पर्यटक स्थल खुल गये हैं। यात्रियों से भरी बसें चल रही है, तो चारधाम यात्रा से सरकार क्यों परहेज़ कर रही है। चारधाम यात्रा से पहाड़ के लाखों लोगों का रोजगार भी जुड़ा है। आशंका व्यक्त की कि तीर्थ पुरोहितों के आन्दोलन के मध्यनज़र सरकार की छवि देश-विदेश में और ख़राब न हो, इसलिए भी यात्रा शुरू नहीं की जा रही है। उपाध्याय ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें चारधाम यात्रा शुरू न होने से लोगों पर पड़ रहे आर्थिक प्रभावों के सम्बन्ध में सुझाव दिये हैं। लोगों के ऋण, टैक्स के साथ बिजली-पानी के बिल माफ करने की मांग की है। कहा कि सरकार ने अगर चारधाम यात्रा शुरू न की तो वे सारे प्रतिबंधों को तोड़कर आने वाली एकादशी को भगवान बदरी विशाल के दर्शनों को जाएंगे। प्रेस वार्ता में एआईसीसी सदस्य जयेन्द्र रमोला, पूर्व प्रदेश महासचिव डा केएस राणा, पूर्व मंडी अध्यक्ष जय सिंह रावत, प्रदेश सचिव विजयपाल रावत, मनोज गुसांई, दिनेश भट्ट, भगवती सेमवाल, दिनेश सकलानी, देव पोखरियाल, अजय रमोला, विनोद सकलानी आदि मौजूद रहे।