दिवंगत स्वामी रामकृपालुदास का ब्रह्ममुहूर्त में हुआ साकेतवास

श्रीभरत मिलाप आश्रम, मायाकुण्ड, ऋषिकेश के प्रणेता सन्तप्रवर यथानाम तथागुण से परिपूर्ण मधुरभाषी वयोवृद्ध भगवद्भक्तिभूषण स्वामी रामकृपालु दास महाराज का 81 वर्ष की अवस्था में साकेतवास हो गया।

बीते रोज वह उच्चरक्तचाप से प्रभावित थे, उन्हें एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था। जहा आज सुबह ब्रह्ममुहूर्त में उनका साकेतवास हो गया। तदुपरान्त वैष्णवसन्त समाज के महनीय सन्त-महापुरुषों और महाराजश्री के शिष्यों के परस्पर निर्णय से भगवन्नाम संकीर्तन के साथ उन्हें रामानन्द घाट, मायाकुण्ड, भगवतीगङ्गा जी के तट पर, महाराज जी के परमस्नेही श्रद्धेय गोपाल बाबा जी के द्वारा वैष्णसम्प्रदाय के विधान के अनुसार महाराजश्री का दाह-संस्कार किया गया। विरक्त वैष्णव मंडल ऋषिकेश एवं समस्त संत समाज गुरु मां आनंदमूर्ति मां की देखरेख में महाराज सिंह का दाह संस्कार संपन्न हुआ महाराज की अंतिम यात्रा में देश-विदेश एवं भारत से सभी भक्तों ने अपनी संवेदना प्रकट की महाराज के अचानक जाने से पूरे संत समाज विरक्त समाज प्रभु प्रेमी भक्तों में दुख की लहर छा गई।

इस अवसर पर महामण्डलेश्वर परमश्रद्धेय वन्दनीय अभिरामदास महाराज, ब्रह्मपुरी से पधारे महामण्डलेश्वर दयाराम महाराज, सुरेशदास महाराज, के ज्येष्ठ गुरुभाई , महामंडलेश्वर ईश्वर दास महाराज, महामंडलेश्वर दया राम दास महाराज, रामानुजाचार्य गोपालाचार्य, महंत लोकेश दास, सीताराम दास, पुजारी वृंदावन दास स्वामी शंकर तिलक महाराज, परमानंद महाराज, श्यामाचरणदास महाभाग, पंडित रवि शास्त्री, हरियाणा से पधारी गुरुमाँ देवी शिष्या साध्वी माँ जी, संत सीतारामदास, लखनऊ से पधारे आचार्य अरविन्द, डा० बीके वर्मा, रोहित मिश्र, ब्रह्मचारी पं० दीपक देव, रमाकांत भारद्वाज, अभिषेक शर्मा, राम चैबे, जितेंद्र अग्रवाल, संदीप गुप्ता, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, मेयर अनिता, आदि देश के अनेक प्रान्तो से पधारे महाराज के प्रेमी और शिष्यगणों ने उन्हें अपनी भावभीनी विदाई दी।

दो सांडों की लड़ाई की चपेट में आया मासूम, मौत

ऋषिकेश के नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत शिवाजी नगर में दो सांडों की लड़ाई में एक मासूम की जान ले ली है। मामला आज शाम करीब साढ़े पांच बजे का है।

दरअसल, गली नंबर 34 शिवाजी नगर में आॅटो चालक बृजेश किराए के मकान में रहते हैं, शाम को वह ड्यूटी पर गए थे। पत्नी घर में दो बच्चों के साथ थी। मगर, घर का सबसे बड़ा बेटा नौ वर्षीय ऋषभ बाहर खेल रहा था। इसी बीच दो सांडों की आपस में भयंकर लड़ाई होने लगी। मासूम जान बचाने को एक ठेली के बगल में खड़ा हो गया। तभी साड़ों की टक्कर से भारी भरकम ठेली पलटकर बच्चे के ऊपर जा गिरी। बच्चे का सिर फट गया। मौके पर लोगों ने बच्चों को एम्स पहुंचाया। जहां बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिवार सहित क्षेत्र का माहौल गममीन बना हुआ है।

आगामी मानसून सीजन के दृष्टिगत सभी तैयारियां जल्द पूर्ण कर ली जायः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आपदा प्रबंधन विभाग की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये कि आगामी मानसून सीजन के दृष्टिगत सभी तैयारियां जल्द पूर्ण कर ली जाय। उन्होंने कहा कि चमोली के तपोवन रैणी क्षेत्री में आयी आपदा में लापता लोगों के डेथ सर्टिफिकेट की कारवाई में तेजी लाई जाय। जिससे प्रभावित परिवारों को राहत राशि का भुगतान जल्द किया जा सके। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन की दृष्टि से उत्तराखण्ड में शोध संस्थान खोला जायेगा। राज्य में विभिन्न स्थानों पर कार्यशालाएं आयोजित कर लोगों में जागरूकता लाई जाय। न्याय पंचायत स्तर तक टीमें गठित कर आपदा प्रबंधन से संबधित सभी महत्वपूर्ण उपकरणों की किट उपलब्ध करायी जाय। सभी जिलाधिकारी ग्राम स्तर तक सम्पर्क सूत्र बनाये रखें। ग्राम स्तर तक के जनप्रतिनिधियों एवं कार्मिकों की लिस्ट पूरी अपडेट रखी जाय।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि सुरकण्डा में बने डॉप्लर रडार को जल्द चालू किया जाय एवं लैंसडाउन में लगने वाले डॉप्लर रडार की स्थापना की प्रक्रिया में तेजी लाई जाय। मुक्तेश्वर में बना डॉप्लर रडार चालू हो चुका है। आपदा प्रबंधन की दृष्टि से दूर-दराज के क्षेत्रों में और क्या प्रयास किये जा सकते हैं, इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। भूकम्परोधी मकान बनाने के लिए राजमिस्त्रियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन के दृष्टिगत एयर एम्बुलेंस के लिए केन्द्र सरकार को जल्द प्रस्ताव भेजा जायेगा।

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि जल्द ही देहरादून में ‘आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास’ विषय पर राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया जायेगा। जिसमें अनेक विषय विशेषज्ञ रहेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में आपदा प्रबंधन से संबधित एक चैप्टर शुरू किया जा रहा है। आपदा प्रबंधन विषय पर 06 माह के सर्टिफिकेट कोर्स भी शुरू किये जा रहे हैं। महिला मंगल दल, युवक मंगल दलों एवं ग्राम प्रहरियों के भी आपदा प्रबंधन से संबधित गढवाल एवं कुमायूं मण्डल में सम्मेलन किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि लेखपालों को मोटर बाईक एम्बुलेंस देने की योजना पर भी कार्ययोजना बनाई जा रही है।

बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन एसए मुरूगेशन, सचिव वित्त सौजन्या, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी आपदा प्रबंधन श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल, आनन्द श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।

होली मिलन समारोह में पहुंचे राज्यसभा सांसद, खेली होली

व्यापार सभा घाट की ओर से होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। लोनिवि गेस्ट हाउस में आयोजित समारोह में व्यापारियों ने राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, मेयर अनिता ममगाईं सहित राज्यमंत्री कृष्ण कुमार सिंघल के साथ फूलों व रंगों की होली खेली।

दोपहर बाद हुए समारोह में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि होली पर्व का महत्व बताते हुए कहा कि यह ऐसा त्योहार है, जहां सभी गिले सिकवे मिटाकर आपसी भाईचारे का संदेश देखने को मिलता है। उन्होंने घाट मार्ग के व्यापारियों के होली मिलन समारोह की प्रशंसा की। कहा कि घाट रोड के व्यापारियों ने भाईचारे का संदेश दिया। इस दौरान मेयर अनिता ममगाईं ने सभी को होली पर्व की शुभकामनाएं दी। साथ ही गीले रंगों से बचने तथा सूखे हर्बल रंगों को उपयोग में लाने की अपील की।

इस मौके पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल के साथ व्यापारियों ने होली खेली। मौके पर राधा-कृष्ण की वेशभूषा पहने कलाकारों ने भी माहौल का रंग सराबोर कर दिया। मौके पर फूलों की भी होली खेली गई। इस दौरान लजीज व्यंजनों की व्यवस्था घाट मार्ग के व्यापारियों की ओर से की गई।

इस अवसर पर घाट मार्ग व्यापार यूनियन के अध्यक्ष पवन शर्मा, महामंत्री मोती राम टुटेजा, सत्यवीर पाल, सुरेंद्र मोहन पाहवा, राहुल पाल, शिवम टुटेजा, पंकज शर्मा, प्रदीप गुप्ता, नीरज गुप्ता, गोविंद अग्रवाल, सरदार सिंह, विनीत गुप्ता, राजेश गुप्ता, पैरा ओलंपिक खिलाड़ी नीरजा गोयल, शिवचरण गुप्ता, अजीत गुप्ता, संरक्षक मदनलाल जाटव आदि उपस्थित रहे।

होली में सप्लाई को आ रही 12 लाख की अवैध शराब पुलिस ने की जब्त

देहरादून के थाना सेलाकुई पुलिस ने होली पर्व के लिए अवैध रूप से सप्लाई होने जा रही 12 लाख रूपये की अवैध शराब को जब्त किया है। पुलिस ने एक आरोपी तस्कर को भी अरेस्ट किया है। पुलिस के अनुसार करीब 212 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की गई है।

थानाध्यक्ष सेलाकुई ऋतुराज सिंह ने बताया कि त्यौहारी सीजन के तहत अवैध शराब की तस्करी व बिक्री के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज भी चेकिंग अभियान चलाया गया। मुखबिर से सूचना के आधार पर एक वाहन पिकअप की चेकिंग की गई, तो उसमें अंग्रेजी शराब की अवैध 212 पेटी बरामद हुई। गाड़ी चालक से वाहन के कागजात मांगे जाने पर वैध कागजात प्राप्त नहीं हुए। पुलिस ने अवैध शराब सहित वाहन को जब्त किया है।

थानाध्यक्ष ने आरोपी की पहचान गोविन्द पुत्र जयपाल निवासी निरंजनपुर नई शब्जी मण्डी कोतवाली पटेलनगर जनपद देहरादून के रूप में कराई है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक विकेंद्र कुमार, कांस्टेबल चन्द्रपाल, कांस्टेबल योगेश सैनी शामिल रहे।

मुख्य चुनाव अधिकारी पर दो उम्मीदवारों ने लगाया फर्जी वोटर बनाने का आरोप

नगर उद्योग व्यापार महासंघ के चुनाव को लेकर आज दो उम्मीदवारों (अध्यक्ष पद सूरज गुल्हाटी व महामंत्री राजीव मोहन अग्रवाल) ने प्रेसवार्ता की। उन्होंने मुख्य चुनाव अधिकारी नरेश अग्रवाल पर अन्य विपक्षी चार उम्मीदवारों के एजेंट होने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव अधिकारी अन्य चार उम्मीदवारों के एजेंट के तौर पर काम कर रहे है, उनके लिए फर्जी वोटरों को भी तैयार किया जा रहा है। वहीं, नरेश अग्रवाल ने भी बचाव में सभी आरोपों को गलत बताकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

हरिद्वार मार्ग स्थित एक होटल में प्रेसवार्ता में महामंत्री प्रत्याशी राजीव मोहन अग्रवाल ने कहा कि महासंघ की सदस्यता तक समय के बजाए गुपचुप तरीके से की जा रही हे, साथ ही सदस्यता शुल्क भी नहीं लिया गया। उनकी ओर से जब आपत्ति की गई तो मुख्य चुनाव अधिकारी द्वारा उनके साथ दुव्र्यवहार किया गया। उन्होंने एजेंट होने का आरोप तक लगा डाला। साथ ही विपक्षी उम्मीदवारों की मुंशीगिरी करने का भी आरोप जड़ा। उन्होंने मुख्य चुनाव अधिकारी नरेश अग्रवाल को बदलने की मांग की। साथ ही वोटर लिस्ट जारी न होने तक चुनाव बहिष्कार की बात कहीं है।
जयेंद्र रमोला ने प्रेसवार्ता के दौरान प्रश्न किया कि क्या रात के दस बजे भी सदस्यता फार्म भरे जा सकते है, जबकि तय समय शाम सात बजे तक का ही निर्धारित हो। कहा कि रात के दौरान सदस्यता फार्म 400 थे, जबकि आज सुबह यह बढ़कर 1200 हो गए। रातों रात 800 फार्म की संख्या किस तरह बढ़ गई। उन्होंने सदस्यता शुल्क की रसीद का भी मामला उठाया। कहा कि नरेश अग्रवाल की ओर से यह कहा जाना कि सदस्यता फार्म का शुल्क की रसीद वह स्वयं काटेंगे, उनके आरोपों को सिद्ध करता है।

दीपक जाटव ने कहा कि बीते रोज लिखित में मुख्य चुनाव अधिकारी नरेश अग्रवाल को शिकायत की गई। मगर, कोई वाजिब जवाब नहीं मिला। आज तक उनके कार्यालय पर जवाब जानने पहुंचे तो मौके पर कुछ फार्म ऐसे मिले, जिनका आॅनलाइन जीएसटी नंबर जांचने पर गलत पाया गया। उन्होंने चुनाव बहिष्कार की बात कही।

इस मौके पर अध्यक्ष प्रत्याशी सूरज गुल्हाटी, ललित सक्सेना, अजय गर्ग, हितेंद्र पंवार, यशपार पंवार, राजेंद्र सेठी, अंशुल अरोड़ा आदि उपस्थित रहे।

उधर, अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए मुख्य चुनाव अधिकारी नरेश अग्रवाल ने कहा कि सभी आरोप बेबुनियाद है। दरअसल, चार दिन पूर्व ही सदस्यता बढ़ाने की तिथि तय की गई थी। इसमें जो लोग आरोप लगा रहे है, उन्होंने सदस्यता फार्म की सूची पेन ड्राइव में दी है, जबकि जो मौजूदा फार्म में सभी जानकारी स्पष्ट दी गई है। उन्होंने कहा कि जो भी फार्म स्वीकार किए गए है, वह सभी चुनाव समिति के सदस्यों की मौजूदगी में लिए गए हैं, कहा कि इन वोटर लिस्ट की सूची की जांच के बाद अंतिम वोटर लिस्ट जारी की जाएगी। चुनाव तय समय पर किए जाएंगे।

100 से ज्यादा लोगों के होली पर जमा होने पर हो सकती है कार्रवाई

होली पर्व पर इस बार 100 से अधिक लोगों के एक साथ रहने पर पाबंदी रहेगी। शासन स्तर से आज होली को लेकर एसओपी जारी की गई।
राज्य में कोविड के बढ़े मामलो को देखते हुए शासन ने होलिका पर्व आयोजन की गाइड लाइन जारी कर दी है।साथ ही नियमो के अनुपालन न होने पर जिम्मेदार अधिकारियों को कारवाई के लिए निर्देश दिए है।
1. होलिका दहन हेतु कार्यक्रम स्थल की क्षमता के 50 प्रतिशत व्यक्तियों हेतु अनुमति रहेगी तथा होलिका दहन स्थल पर अनावश्यक भीड़ का जमावाड़ा नहीं किया जायेगा। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले समस्त व्यक्ति मास्क एवं सामाजिक दूरी का पालन करेंगे। होलिका दहन कार्यक्रम में 60 साल से ऊपर की महिला व पुरूष, दस साल से कम उम्र के बच्चे तथा गम्भीर बीमारी से ग्रसित व्यक्ति उक्त कार्यक्रम में प्रतिभाग करने से बचे ऐसे लोग सार्वजनिक स्थलों पर होली खेलने से बचें एवं घरों के अन्दर ही होली मनायें।
2. होली मिलन स्थल पर स्थल की क्षमता का 50 प्रतिशत (अधिकतम 100 ) से ज्यादा व्यक्ति प्रतिभाग नहीं करेंगे। 3. समारोह के आयोजकों द्वारा स्थल के प्रवेश पर थर्मल स्कैनिंग, सैनिटाइजर आदि व्यवस्थायें
सुनिश्चित की जायेंगी तथा बुखार, जुखाम आदि से पीड़ित व्यक्तियों तथा बिना मास्क पहने
व्यक्तियों को शालीनता के साथ स्थल पर प्रवेश न करने की सलाह दी जाये।
4. होली मिलन स्थलों पर शालीनता के साथ होली मनाई जायेगी। किसी प्रकार का हुडदंग आदि नहीं किया जायेगा। सार्वजनकि स्थल पर मदिरा पान, तेज म्यूजिक, लाउडस्पीकर आदि का प्रयोग नहीं किया जायेगा। 5. कैन्टेनमैन्ट जोन में होली खेलना पूर्णतया प्रतिबन्धित रहेगा । लोग अपने घरों के अन्दर ही होली
मना सकते हैं।
6. संकरी सडकों एवं संकरी गलियों आदि में होली खेलने से बचें ।
होली में पानी एवं गीले रंगों का प्रयोग करने से बचे व सखे रंग, आर्गनिक (फूलों से बने रंगा) का प्रयोग करते हुए अन्य लोगों को भी प्रेरित करें तथा गले मिलने आदि से बचने की कोशिश करें। 8. होली मिलन समारोह में यथासंभव खाद्य सामग्री आदि का वितरण से परहेज किया जायेगा याद
अति आवश्यक हो तो खाद्य पदार्थ एवं पेयजल वितरण हेतु डिस्पोजेवल गिलास तथा वर्तनों का
प्रयोग किया जायेगा ।

9. समारोह स्थल पर आयोजकों द्वारा डस्टविन आदि की समुचित व्यवस्था की जायेगी तथा कूडे आदि को इधर-उधर न बिखराकर डस्टबिन का प्रयोग किया जायेगा । 10. समारोह स्थल पर कोविड के मानकों एवं दिशा -निर्देशों का समुचित अनुपालन करान की
दायित्व आयोजकों का होगा।
11. समय-समय पर भारत सरकार, राज्य सरकार, एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी किये गये दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा जिसमें सोशल डिस्टेंसिंग, सेनेटाइजेशन और मास्क का प्रयोग इत्यादि शामिल है।
12. माह की विभिन्न तिथियों में मनाये जाने वाले अन्य त्यौहारों में भी कोविड संक्रमण से बचाव हेतु सोशल डिस्टेंसिंग, सेनेटाइजेशन और मास्क का प्रयोग किया जायेगा एवं त्यौहार मनाने के स्थल पर थर्मल स्कैनिंग आदि व्यवस्थायें सुनिश्चित की जायेंगी । त्यौहार के स्थल पर 50 प्रतिशत (अधिकतम 100) से ज्यादा व्यक्ति प्रतिभाग नहीं करेंगे। त्यौहार के स्थल पर यथासंभव खाद्य सामग्री आदि का वितरण से परहेज किया जायेगा एवं समय-समय पर भारत सरकार, राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी किये गये दिशा दृ निर्देशों का कडाई से अनुपालन किया जाये

रूद्रपुर डाम कालोनी में धूमधाम से मनाई गई होली, कुर्मांचल समाज ने दी एक-दूसरे को बधाई

होली पर्व को देखते हुए इन दिनों जगह-जगह पर होली के गीत गाए जा रहे है, एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर बधाई संदेश और शुभकामनाएं प्रेषित की जा रही है। वहीं, ग्राम सभा छतरपुर की डाम कॉलोनी में ब्लाॅक अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी रुद्रपुर दिनेश पंत के निवास स्थल पर भी कुर्मांचल समाज की ओर से होली मिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ।

मौके पर पूरा गांव व क्षेत्र की सम्मानित महिलाएं, माताएं और बहने पहुंचे और होली के गीतों से माहौल को सराबोर कर दिया। महिलाओं ने एक-दूसरे को न सिर्फ अबीर गुलाल लगाया। बल्कि बैठी होली भी खेली। मौके पर मेरो रंगीलो देवर घर आरो छो…, जल केसे भरू जमुना गहरी…, हरी होली खेले पशुपतिनाथ…, शिव के मन माही बसे कासी… आदि जैसे होली के गीतों ने समा बांध दिया। मौके पर महिलाओं को झूमने पर मजबूर कर दिया गया। ब्लाॅक अध्यक्ष की ओर से मौके पर पकवान की व्यवस्था भी की गई। जिसका बच्चों सहित महिलाओं ने लुत्फ भी उठाया।

होली मिलन में मीना पंत, गीता काण्डपाल, दीपा तिवाड़ी, राधा बोरा, पुष्पा सामन्त, अन्जु खडायत, मनीषा सामन्त, नीमा पाण्डेय, शान्ति पाठक, ऊषा पाठक, नीरु खडायत, अम्बीका देवी, बसन्ती देवी, मोहनी देवी, हीरा देवी, राधिका देवी, मीरा सामन्त, यशोदा चन्दोला, जानकी भण्डारी, प्रभा पाण्डे, भावना चन्दोला, चम्पा पाठक, प्रेमा चन्दोला, ममता चन्दोला, नेहा सामन्त, प्रभा बिष्ट, भगवती पन्त, लता चन्दोला, कमला जोशी, मीनू भण्डारी, गीता भण्डारी आदि उपस्थित रहीं।

पौधारोपण मानव सभ्यता को संरक्षण देने के समानः मेयर अनिता

चिपको आदोंलन की वर्षगांठ पर मेयर अनिता ममगाईं ने गोरा देवी चैक पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मौके पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। मेयर अनिता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण जरूरी है इसिलिये हम सभी को अधिक से अधिक पौधरोपण कर धरती को हरा भरा बनाने में अपना सहयोग करना चाहिए। वृक्षों के बिना धरती पर जीवन संभव नहीं, मानव जीवन में प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में वृक्षारोपण करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि चिपको आन्दोलन की विरासत के रूप में ग्रामीणों को मिले जंगल को ग्रामीणों ने आज भी एक धरोहर के रूप में संरक्षित व पोषित किया हुआ है। भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण के लिए निगम की ओर से कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त एलम दास, वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र सिंह रावत, स्थानीय पार्षद एडवोकेट राकेश सिंह मियां, विजेंद्र मोगा, विजय बडोनी, कमला गुनसोला, कमलेश जैन, जगत नेगी, डीपी रतूड़ी, पंकज शर्मा, प्रशांत कुमार, राजपाल ठाकुर, जसवंत सिंह रावत, अक्षत खेरवाल, मनु कोठारी, जॉनी लामा, प्रिंस गुप्ता, विपिन कुकरेती, राजेश कोठियाल, रेखा सजवान सच्चिदानंद भट्ट,अंजलि रावत,सुनीता नोटियाल, सफाई निरीक्षक सचिन रावत, अभिषेक मल्होत्रा, नरेश खारवाल आदि उपस्थित थे।

निर्माणाधीन विद्युत परियोजनाओें के कार्यों में तेजी लाई जायः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से ऊर्जा विभाग की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये कि निर्माणाधीन विद्युत परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाई जाय। उन्होंने ऊर्जा विभाग के सभी निगमों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं राज्य की विद्युत उत्पादन, पारेषण एवं वितरण व्यवस्था और सुदृढ़ करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली चोरी से संबंधित गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखी जाय। इसमें संलिप्त पाये जाने वालों पर सख्त कारवाई भी की जाय। विद्युत चोरी रोकने के लिए स्मार्ट मीटरों की व्यवस्था की जाय।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि राज्य को बिजली खरीदनी न पड़े, इस दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार पर भी विशेष ध्यान दिया जाय। ऊर्जा विभाग की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण आर्थिकी को बढ़ाने एवं महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाय। विद्युत हानि को कम करने पर विशेष फोकस किया जाय। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में हाइड्रो एवं सोलर प्रोजेक्ट की अपार संभावनाएं हैं, इस ओर आगे बढ़ने की जरूरत है।

बैठक में सचिव ऊर्जा राधिका झा ने कहा कि रोजगार के क्षेत्र में ग्रामीण क्षेत्रों की भागीदारी बढ़ाए जाने के दृष्टिगत सौर ऊर्जा, पिरूल एवं एल0ई0डी0 ग्राम लाईट योजना पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्युत चोरी हतोत्साहित करने हेतु ऊर्जागिरी अभियान चलाया जा रहा है, साथ ही बिलिंग दक्षता में भी वृद्धि की जा रही है। इस अवसर पर उन्होंने राज्य की विभिन्न बहुद्देशीय परियोजनाओं पर प्रस्तुतीकरण दिया।

बैठक में सचिव मुख्यमंत्री शैलेश बगोली, सचिव वित्त सौजन्या, अपर सचिव एवं प्रबन्ध निदेशक यूपीसीएल एवं पिटकुल डॉ. नीरज खेरवाल आदि उपस्थित थे।