जेपी नड्डा के दौरे की तैयारियां पूरी, भाजपा चुनावी मूड में उतरी

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जेपी नड्डा का उत्तराखंड दौरा तय हो गया है। वे आगामी 20 व 21 अगस्त को उत्तराखंड में रहेंगे। पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभग करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि जेपी नड्डा 20 अगस्त को सुबह 10 बजे जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। भानियावाला, छिद्दरवाला, नेपाली फार्म, रायवाला में भव्य स्वागत होगा। जेपी नड्डा भूपतवाला स्थित एक होटल में रुकेंगे। इसी होटल में पार्टी के सारे कार्यक्रम होंगे।
बैठक के पहले दिन प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, मोर्चों के अध्यक्ष और महामंत्रियों के साथ वार्ता करेंगे। उस दिन शाम चार बजे सांसद, विधायक और मंत्रियों के साथ मीटिंग करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष और उनके महामंत्रियों के साथ अलग से मीटिंग होगी। 21 अगस्त को रायवाला में जेपी नड्डा पूर्व सैनिकों के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। वह जिलाध्यक्ष, नगर निगम, डीसीबी अध्यक्षों के साथ मीटिंग करेंगे। वह शाम को हरिद्वार में साधु-संतों से मुलाकात करेंगे।

भाजपा का कुमाऊं पर फोकस
मुख्यमंत्री और केंद्रीय राज्यमंत्री कुमाऊं मंडल से बनाने के बाद भी भाजपा के दिग्गजों का कुमाऊं की सियासत पर फोकस बना हुआ है। रामनगर में चिंतन बैठक के बाद अब 70 विधानसभाओं के पूर्णकालिकों की कार्यशाला तक के कार्यक्रम भी कुमाऊं में कराने की तैयारी है। इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का हल्द्वानी में एक बड़ा आयोजन कराकर पार्टी अपने पक्ष में चुनावी वातावरण बनाने की तैयारी में है।

आर्शीवाद यात्रा ने भाजपा कार्यकार्तओं में भरा जोश

केंद्रीय रक्षा व पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट के नेतृत्व में आशीर्वाद यात्रा के ऋषिकेश आगमन पर नटराज चौक पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल सहित हजारों की संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से अजय भट्ट का जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने केंद्रीय रक्षा व पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल को पगड़ी पहनाकर अभिनंदन किया। वहीं विधानसभा अध्यक्ष ने अजय भट्ट को केंद्र में राज्यमंत्री के रूप में पर्यटन व रक्षा विभाग का दायित्व मिलने पर अपनी शुभकामनाएं दी। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र से मिली इस नई जिम्मेवारी का अजय भट्ट भली-भांति निर्वहन करेंगे एवं प्रदेश के विकास में अपना अहम योगदान देंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री के ऋषिकेश आगमन पर कार्यकर्ताओं में जोश एवं उत्साह है।
आशीर्वाद यात्रा नटराज चौक से प्रारंभ होकर देहरादून तिराहे, कोयल घाटी तिराहे से होकर नेपाली फार्म तक पहुंची जहां पर हजारों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं द्वारा आशीर्वाद यात्रा का स्वागत किया गया। इस अवसर पर आशीर्वाद यात्रा पर पुष्प की बरसा के साथ जोरदार नारेबाजी हुई। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट फूल मालाओं से लादा गया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष अरविंद चौधरी, जिला महामंत्री सुदेश कंडवाल, शिव कुमार गौतम, रीना शर्मा, अनीता तिवारी, उषा जोशी, प्रदीप कोहली, संदीप खुराना, जितेंद्र अग्रवाल, जयंत किशोर शर्मा, सुंदरी कडंवाल, सुरेंद्र मोघा, पुनीता भंडारी,आरती दुबे, विजेंद्र मोगा, रमेश चंद शर्मा, नितिन सक्सेना एवं नेपाली फार्म तिराहे पर ब्लॉक अध्यक्ष भगवान सिंह पोखरियाल, मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, प्रधान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष सोबन सिंह केंतुरा, चमन पोखरियाल, भगवान सिंह महर, अनीता राणा, समा पवार, प्रदीप धस्माना, लक्ष्मी गुरुंग, अमर खत्री, विजय जुगरान, भूपेंद्र रावत, कमला नेगी, राम रतन रतूड़ी, पद्मा नैथानी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

कांग्रेस कार्यकार्तओं ने किया विरोध, लगाये नारे
भारतीय जनता पार्टी की जन आशीर्वाद रैली के ऋषिकेश आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव राजपाल खरोला के नेतृत्व में भारी विरोध किया।
खरोला ने कहा कि भाजपा जन आशीर्वाद रैली नाटक है। पूर्व में प्रदेश की जनता ने प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा को आशीर्वाद देकर सत्तासीन किया, मगर लेकिन आज भ्रष्टाचार चरम पर है। महंगाई अपने उच्च स्तर पर है। बेरोजगारी कितनी ऊंचाई पर पहुंच गई है कि शायद अब रोजगार मिलने की आस ही लोगों ने छोड़ दी है। खरोला ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से पूर्ण बहुमत से उत्तराखंड में सरकार बनाने के बावजूद 4 साल में 3 मुख्यमंत्री बदलकर कुम्भ घोटाला, छात्रवृत्ति घोटाला, फ्लाईओवर घोटाला, राशन घोटाला, बस खरीद घोटाला आदि पर पर्दा डालने का काम किया। वही उत्तराखंड भाजपा के कई प्रदेश पदाधिकारियो से लेकर कई विधायकों पर इन चार सालो में दुष्कर्म के आरोप लग चुके है, सरकार की उदासीनता के कारण राज्य के बेरोजगार दर-दर की ठोखरे खाने को मजबूर हो गए। खरोला ने कहा कि राज्य में ना विकास का कोई एजेंडा है ना महिला सुरक्षा और न ही रोजगार देने का, भाजपा का एक ही एजेंडा रह गया है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकारी नगर अध्यक्ष सुधीर राय, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरोज देवराड़ी, पार्षद (मनीष शर्मा, राकेश सिंह, देवेंद्र प्रजापति, राधा रमोला, शकुंतला शर्मा, पुष्पा मिश्रा, भगवान सिंह पवार, जगत सिंह नेगी) पुष्कर बंगवाल, वीरेंद्र सजवाण, विक्रम भंडारी, परमेश्वर राजभर, दीनदयाल राजभर, राजेंद्र तिवारी, विवेक तिवारी, राजेंद्र गैरोला, एकांत गोयल, जितेंद्र पाल प्रजापति, सोनू पांडे, राहुल पांडे, जयपाल सिंह, रेनू नेगी, सरोजिनी थपलियाल, राजेश गोयल, दीपक धमादां, अभिषेक शर्मा, अभिनव मलिक,सन्नी प्रजापति, अजय धीमान, लोकपाल कैंतुरा, राजू गुप्ता, जितेंद्र यादव, अजय यादव, अजय दास, सौरभ वर्मा, राकेश वर्मा, अमित सागर आदि मौजूद रहे ।

धामी सरकार की बड़ी पहल-207 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांचे अब निःशुल्क

उत्तराखण्ड में स्वास्थ्य सेवाओं के विकास एवं विस्तार के लिये एक नयी योजना अस्तित्व में आ गयी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की उपस्थिति में निःशुल्क पैथोलॉजी जांच योजना का शुभारम्भ करते हुए इसे राज्य की जनता को समर्पित किया। देहरादून के जिला चिकित्सालय (कोरोनेशन) अस्पताल) में आयोजित शुभारम्भ कार्यक्रम की अध्यक्षता राजपुर विधायक खजान दास द्वारा की गयी।

निशुल्क जांच योजना से आमजन को मिलेगा लाभः मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निःशुल्क जांच योजना का लाभ समाज के अन्तिम छोर पर खड़े लोगों तक पहुंचेगा। अभी तक धन के अभाव में जो लोग अपनी जांच नहीं करा पाते थे, अब उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी। राज्य सरकार का प्रयास है कि जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे।

दिसम्बर तक शत प्रतिशत कोविड वैक्सीनेशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं की मजबूती पर राज्य सरकार का विशेष ध्यान है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से सुधार हुआ है। राज्य में 72 प्रतिशत लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है, जबकि 23 प्रतिशत लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है। दिसम्बर तक राज्य में शत प्रतिशत कोविड टीकाकरण किया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले सात सालों में केन्द्र सरकार से उत्तराखण्ड को हर क्षेत्र में मदद मिली है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास का प्रधानमंत्री का एजेण्डा रहा है। इस माह केन्द्र से राज्य को काविड की 17 लाख वैक्सीन मिली। अगले माह से और अधिक वैक्सीन केन्द्र से मिलेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य में निःशुल्क जांच योजना की अच्छी शुरूआत हुई। इस योजना का लाभ सभी को मिलेगा। इस योजना के प्रसार के लिए हर जिले में बड़े आयोजन किये जायेंगे। अटल उत्तराखण्ड आयुष्मान योजना के तहत सभी परिवारों को 5 लाख रूपये तक का निःशुल्क उपचार दिया जा रहा है। इसस योजना के तहत अभी तक 3 लाख 17 हजार से अधिक लोगों का मुफ्त ईलाज हो चुका है।

मरीजों को जांच संबंधित सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध रहेंगी
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सहयोग से राज्य के प्रमुख जिला, उप जिला चिकित्सालयों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर चरणबद्ध तरीके से निःशुल्क जांच योजना आज से लागू हो गयी है। इस योजना के लागू होने से मरीजों को उपचार के दौरान डायग्नोस्टिक एवं जांच संबंधित सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध होगी। यह योजना पूरे वर्ष भर कार्यशील रहेगी, ताकि आईपीडी, ओपीडी एवं इमरजेन्सी में आने वाले मरीजों को पैथोलॉजी जांच के लिए किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।

पहले चरण में 6 जिलों की 38 और दूसरे चरण में शेष जिलों की 32 चिकित्सा इकाइयों पर चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही योजना
योजना के प्रथम चरण में निःशुल्क जांच की सुविधा राज्य के 6 जनपदों क्रमशः अल्मोड़ा, टिहरी, देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार एवं ऊधमसिंहनगर में स्थित 38 जिला उप जिला चिकित्सालय तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही है। द्वितीय चरण में राज्य के शेष जनपदों के 32 चिकित्सा इकाईयों पर यह सुविधा चरणबद्ध तरीके से लागू होगीं।

योजना में 207 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांचें शामिल
योजना का क्रियान्वयन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा लोक निजी सहभागिता के अनुसार होगा। निःशुल्क जांच योजना के अन्तर्गत 207 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांच को सम्मिलित किया गया है, जिसके लागू होने से सरकारी अस्पतालों में पैथोलॉजी सुविधाओं का सुदृढीकरण होगा।

स्टैंडर्ड डायग्नोस्टिक प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा सुनिश्चित
सेवा प्रदाता के साथ किए गए अनुबंध के अनुसार लैब, प्रयोगशाला हब मॉडल के अनुसार कार्य करेगी, जिसे कलेक्शन सेंटर एंड टेस्टिंग सेंटर या स्पोक कलेक्शन सेंटर मॉडल अनुरूप क्रियान्वित किया जायेगा। लैब द्वारा की जाने वाली समस्त जांचों एवं वहां पर कार्य करने वाले तकनीशियन, पैथोलॉजिस्ट एवं अन्य मानव संसाधन के संबंध में एनएबीएल गाईडलाईन,, एसओपी का अनुपालन करना आवश्यक किया गया है।
पैथोलॉजी सैम्पल जांच रिपोर्ट के संबंध में आन्तरिक एवं बाह्य गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सेवा प्रदाता द्वारा स्टैंडर्ड डायग्नोस्टिक प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया जायेगा। इसके अतिरिक्त यह लैब समुदाय हेतु प्राइमरी डायग्नोस्टिक टेस्ट की उपलब्धता भी सुनिश्चित करेगी।
वित्तीय वर्ष 2021-22 के अन्तर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा इस योजना को संचालित करने के लिए रू० 5 करोड़ का बजट प्राविधान किया गया है। मिशन द्वारा अनुबंधित फर्म के स्तर से लगभग 500 मानव संसाधन का रोजगार सृजन होगा, जिन्हें सेवा प्रदाता की ओर से नियुक्त किया जा रहा है। इस योजना के लागू होने से उपचार के दौरान मरीजों के अतिरिक्त जेब खर्च में कटौती होगी और जन सामान्य को स्वास्थ्य उपचार लेने में सहायता होगी।
योजना के शुभारम्भ अवसर पर सचिव अमित नेगी, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. तृप्ति बहुगुणा, निदेशक एनएचएम डॉ० सरोज नैथानी, जिला चिकित्सालय की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शिखा जंगपांगी, चन्दन हैल्थ केयर के डायरेक्टर अमित श्रीवास्तव, एनएचएम तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण एवं जिला चिकित्सा के समस्त चिकित्सक एवं अन्य स्टॉफ उपस्थित हुए।

सीएम का आग्रह-केदारपुरी में फेज-टू के प्रोजेक्ट का शिलान्यास करे पीएम

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। उन्होंने केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाये जाने तथा वासुकी ताल क्षेत्र के साथ ही आस-पास के क्षेत्रों को भी नये लोकेशन के रूप में विकसित करने के निर्देश दिये।
प्रधानमंत्री ने स्थानीय जन भावनाओं के अनुरूप ईशानेश्वर मंदिर के पुनर्निर्माण, आस्था चौक पर “ऊँ“ कार की प्रतिमा स्थापित करने, शंकराचार्य समाधि एवं शिव उद्यान के डिजाइन में जन भावनाओं के अनुरूप संशोधन करने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारपुरी में फेज-टू के 113.92 करोड़ के प्रोजेक्ट का शिलान्यास करने हेतु प्रधानमंत्री से समय देने का आग्रह किया। इस सम्बन्ध में प्रधानमंत्री द्वारा शीघ्र समय निर्धारण हेतु आश्वासन दिया गया।

प्रधानमंत्री के विजन एवं मार्गदर्शन में हो रहा है केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण- मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केदारनाथ में 2013 में आयी आपदा के बाद प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में केदारपुरी, एक नयी सुरक्षित एवं सुविधा युक्त धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी के रूप में निर्मित हो रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को अवगत कराया कि स्थानीय स्थापत्य कला, नवीन तकनीकी के इस्तेमाल, ठोस अपशिष्ट निस्तारण व्यवस्था के साथ केदारनाथ धाम सुनियोजित आधुनिक संसाधनों से युक्त इको फ्रेंडली टाउन के रूप में विकसित हो रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को यह भी अवगत कराया कि बद्रीनाथ को स्मार्ट स्प्रिचुअल हिल टाउन के रूप में विकसित करने के लिये प्रथम चरण के 245 करोड़ की योजना के कार्यों को शुरू करने के लिये 22 राजकीय भवनों को अन्यत्र स्थानांतरित करने का निर्णय राज्य की कैबिनेट द्वारा लिया जा चुका है। इससे कार्यों में अब तेजी आ सकेगी।
मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. सन्धु ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से प्रधानमंत्री को अवगत कराया कि केदारनाथ पुनर्निर्माण के प्रथम चरण के कार्य पूर्ण हो चुके हैं जिसमें टेम्पल प्लाजा, एराइवल प्लाजा, मन्दाकिनी एवं सरस्वती नदी पर सुरक्षा दीवार निर्माण, 05 घाटों का निर्माण, मन्दाकिनी रिवर फ्रंट के कार्य 5 गेस्ट हाउसों का निर्माण, 3 ध्यान गुफाओं का निर्माण पूर्ण हो चुका है। आदि शंकराचार्य की गुफा का निर्माण कार्य गतिमान है जबकि, द्वितीय चरण में 113.92 करोड़ के 13 कार्यों पर भी कार्यवाही गतिमान है।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, अपर प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर, विशेष सचिव डॉ पराग मधुकर धकाते, अपर सचिव युगल किशोर पंत उपस्थित थे।  

गुनियाल गांव में पंपिंग पेयजल योजना और चन्द्रोटी में मिनी ट्यूबवेल लगाने की घोषणा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सामुदायिक भवन, गुनियाल गांव में आयोजित रक्षाबंधन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामना देते हुए उन्होंने कहा कि रक्षा बंधन भाई-बहन के पवित्र बंधन का त्यौहार है। रक्षा बंधन महिलाओं के सम्मान का भी पर्व है। उन्होंने कहा कि महिलायें हर क्षेत्र में आगे आयें इसके लिये प्रयासरत हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र वासियों की मांग पर गुनियालगांव में पंपिंग पेयजल योजना तथा चन्द्रेली में मिनी ट्यूबवेल लगाये जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का अभियान शुरू किया। प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता का परिणाम है कि इस अभियान से व्यापक जनजागरूकता आई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में बेसहारा हुए बच्चों के लिये मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना में प्रति माह 3-3 हजार रूपये की सहायता राशि दी जा रही है। इसके साथ ही इन्हें निःशुल्क राशन, निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था भी की जा रही है। जिलों के डीएम इन बच्चों की सम्पत्ति का संरक्षण भी करेंगे। अनाथ बच्चों के लिए नौकरियों में पांच प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था करने वाला उत्तराखण्ड पहला राज्य है। सरकार इन बच्चों के कौशल विकास पर भी ध्यान देगी।
उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं के हित में कोरोना के कारण पिछले एक वर्ष के दौरान प्रतियोगिता परीक्षा के लिये अधिकतम आयु पूरी करने वालों को आयु में एक वर्ष की छूट प्रदान की जाने की व्यवस्था की है। लोक सेवा आयोग, संघ लोक सेवा आयोग, एन.डी.ए. सी.डी.एस. आदि प्रतियोगिता की प्रारम्भिक परीक्षा पास करने वाले युवाओं को मेन परीक्षा की तैयारी के लिये 50 हजार की धनराशि प्रदान किये जाने का निर्णय किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में सभी को निःशुल्क कोविड वैक्सीन का अभियान चल रहा है। राज्य को पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध हो रही है। राज्य में सभी लोगों का आगामी चार माह में वैक्सीनेशन कर दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में कोरोना से बचाव के लिये सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित की गई हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने क्षेत्र के विकास में सहयोग के लिये मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने क्षेत्रीय जनता का भी आभार जताया। इस अवसर पर संध्या थापा, दीपक पुण्डीर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्राम प्रधान एवं महिलायें उपस्थित रहे।

अफगानिस्तान में उत्तराखंड के लोग भी फंसे, सरकार हुई सक्रिय

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि अफगानिस्तान में उत्तराखण्ड के जो लोग फंसे हुए हैं, उन्हें वापिस सकुशल लाने के लिए राज्य सरकार हर सम्भव प्रयास कर रही है। ये लोग जल्द ही सकुशल अपने घर वापस आ जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने आज ही इस संबंध में भारत सरकार के विदेश मंत्रालय में भी बात कर आवश्यक कार्यवाही करने का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम केन्द्र सरकार के लगातार सम्पर्क में हैं। केन्द्र सरकार द्वारा अफगानिस्तान से प्रत्येक भारतीय की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा रही है।

होटल व्यवसायी ने छोटे भाई पर जालसाजी और ठगी का दर्ज कराया मुकदमा

क्षेत्रपाल डंग पुत्र स्वर्गीय टेकचंद डेग निवासी 12 कर्जन रोड डालनवाला थाना डालनवाला ने अपने छोटे भाई मोहनलाल डेग के खिलाफ जालसाज़ी व ठगी के गम्भीर आरोप लगाते हुए ऋषिकेश कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
शिकायत में कहा गया है कि होटल इंद्रलोक ऋषिकेश से संबंधित व्यापार का हिसाब किताब नहीं देने एवं उनके पिता स्वर्गीय टेकचंद के हिंदुस्तान युनिलीवर लिमिटेड मुंबई के 71 शेयर प्रार्थी के नाम पर हस्तांतरित करवा कर ऋषिकेश स्थित हनुमंत एंड कंपनी 14 लाजपत राय मार्ग ऋषिकेश की मार्फत से फर्जी डि-मैट अकाउंट खोलकर कंपोजिट्स सिक्योरिटी लिमिटेड 307 कंचनजंगा बिल्डिंग अट्ठारह बाराखंबा रोड नई दिल्ली के द्वारा उक्त शेयर को पहले डी-मेट करवा कर प्रार्थी के नाम का दुरुपयोग करते हुए वह शेयर को बेचने तथा उसका पैसा भारतीय स्टेट बैंक की रेलवे रोड इंद्रलोक होटल ऋषिकेश की शाखा के खाते में जमा करवा कर मेरे चैक का दुरुपयोग करते हुए कुल 5,17,356.93 रुपये हड़पे गये है।
प्राप्त तहरीर के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश के द्वारा कोतवाली हाजा पर ’मुकदमा अपराध संख्या-410/21, धारा-420 467 468 471 120 बी आईपीसी बनाम मोहनलाल डग’ पंजीकृत किया गया। अभियोग उपरोक्त संबंधित विवेचना एवं अग्रिम आवश्यक कार्रवाई जारी है।

सत्ता वापसी के लिए कांग्रेस शुरू करने जा रही है परिवर्तन यात्रा

कांग्रेस प्रदेश में भाजपा की चुनावी रणनीति की काट और जवाबी प्रहार के लिए कमर कस रही है। कुमाऊं मंडल से युवा चेहरे को आगे करने के भाजपा के सियासी दांव का जवाब परिवर्तन यात्रा से दिया जाएगा। यात्रा में सबसे पहले निशाने पर भी मुख्यमंत्री धामी को ही लिया जाएगा। इसी वजह से परिवर्तन यात्रा का पहला चरण कुमाऊं मंडल में तय किया गया है। इसमें ऊधमसिंह नगर जिले पर सबसे ज्यादा ध्यान केंद्रित किया गया है।

कांग्रेस ने दिल्ली में अपनी परिवर्तन यात्रा को अंतिम रूप दे दिया है। यात्रा की शुरुआत मुख्यमंत्री के चुनाव क्षेत्र खटीमा से होगी। प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह समेत पार्टी के दिग्गज नेता संयुक्त रूप से परिवर्तन यात्रा की कमान संभालेंगे। पार्टी पूरी ताकत और एकजुटता के साथ भाजपा सरकार पर हमला बोलने की तैयारी में है।

उत्तराखण्ड कांग्रेस के प्रभारी देवेंद्र यादव ने दिल्ली में आज नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं सह प्रभारी दीपिका पांडेय के साथ ऋषिकेश में हुए मंथन शिविर की समीक्षा बैठक की। बैठक में 3 सितम्बर से होने वाली पहले चरण की “परिवर्तन यात्रा” का शुभारंभ खटीमा से होगा।

मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र खटीमा से सितारगंज तक यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद किच्छा से रुद्रपुर, नैनीताल जिले के लालढांग होते हुए यात्रा हल्द्वानी पहुंचेगी। रामनगर से जसपुर होते काशीपुर में पहले चरण की यात्रा का समापन होगा। यात्रा का दूसरा चरण गढ़वाल मंडल में रखा जाएगा। मैदानी क्षेत्रों के बाद पर्वतीय क्षेत्रों में परिवर्तन यात्राएं चलेंगी।

2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के सामने प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में बैठी भाजपा की बड़ी चुनौती है। इससे निपटने के लिए पार्टी पूरी ताकत झोंकना चाहती है। परिवर्तन यात्रा में भाजपा के खिलाफ माहौल बनाने के लिए पार्टी के प्रदेश के सभी दिग्गज नेता एकजुट नजर आएंगे। इस मामले में पार्टी हाईकमान का रुख खासा सख्त है। ताकत में बिखराव रोकने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के साथ नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह भी मौजूद रहेंगे। प्रीतम सिंह को बीते माह प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। यात्रा में हाईकमान के प्रतिनिधि के तौर पर प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव भी मौजूद रहेंगे।

डीजीपी ने कार्य के प्रति लापरवाही न बरतने के दिए निर्देश

अशोक कुमार, पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड द्वारा पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में समस्त जनपद प्रभारियों, परिक्षेत्र प्रभारियों, सेनानायकों के साथ वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से आयोजित होने वाली आगामी विधानसभा सत्र एवं प्रदेश की कानून व्यवस्था के सम्बन्ध में बैठक ली गयी। इस दौरान विधानसभा सत्र को शान्तिपूर्वक सम्पन्न कराने के लिए जरुरी दिशा-निर्देश दिये गये।
1. दिनांक 23 अगस्त 2021 से शुरु होने वाले विधानसभा-सत्र को देखते हुए, जनपद प्रभारियों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। सत्र के दौरान जुलुस एवं अन्य प्रदर्शनों में शान्ति व्यवस्था बनाये रखने हेतु आवश्यकतानुसार पुलिस बल लगया जाये। सत्र हेतु सभी तैयारियों समय से करना सुनिश्चित करें।
2. आगामी रक्षाबंधन के त्यौहार को देखते हुए यातायात में ड्यूटी समय से लगाने के निर्देश दिये गये।
3. उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग एवं चमोली जनपद प्रभारियों को निर्देशित किया गया की चारधाम में आने वाले यात्रियों को प्रवेश राज्य सरकार एंव केन्द्र सरकार द्वारा जारी गाईड लाईन के अनुसार सुनिश्चित करवाये।
4. जनपद प्रभारियों को निर्देशित किया गया की साईबर हेल्प लाईन के नम्बर को भी सभी थाना/चौकी प्रभारी अपने-अपने थाना/चौकी के बोर्ड पर दर्शायें।
5. सोशल मीडिया एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सैल के साथ-साथ सोशल मीडिया इंटरवेंशन सेल को भी एक्टीवेट करें तथा सोशल मीडिया से प्राप्त इनपुट पर प्रभावी कार्यवाही की जा सके।
6. साईबर क्राईम, महिला सुरक्षा एवं ड्रग्स पर जनपद प्रभारियों को और अधिक कार्यदक्षता बढाने के लिए निर्देशित दिये गये।
7. जनपद स्तर पर एडीटीएफ सक्रिय नही है, इसको प्रभावीरुप से सक्रिय किये जाने की आवश्यकता है। जिसके लिए सभी सर्व सम्बन्धित मॉनेट्रिंग करना सुनिश्चित करेंगे तथा इस तैनात कर्मियों को रोटेट किये जाने की भी आवश्यकता है।
8. विगत में यातायात व्यवस्थाओं में विफल रहने पर यातायात प्रभारी राजपुर रोड़, देहरादून को यातायात ड्यूटी से हटा कर उनके मूल तैनाती पर वापस करने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को निर्देशित किया गया।
उपरोक्त समीक्षा बैठक में पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था वी मुरूगेशन, पुलिस महानिरीक्षक, अभिसूचना एंव सुरक्षा संजय गुन्ज्याल, पुलिस महानिरीक्षक, कार्मिक पुष्पक ज्योति, पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था नीलेश आनन्द भरणे, पुलिस उपमहानिरीक्षक, गढवाल परिक्षेत्र नीरू गर्ग, एसएसपी एसटीएफ अजय सिह, पुलिस अधीक्षक अपराध श्वेता चौबे के अतिरिक्त अन्य अधिकारियों द्वारा ऑनलाईन प्रतिभाग किया गया।

सरकार की योजना हर किसी को मिले बेहतर स्वास्थ्य सुविधा-डॉ. धन सिंह

स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार के लोक कल्याणकारी संकल्प कार्य की विकास यात्रा के इस शृंखला में मुख्य वक्ता के रूप में कैबिनेट मंत्री स्वास्थ्य मंत्री डा. धनसिंह रावत ने कहा कि सरकार बुजुर्गों के द्वारा सरकार ने सभी सीनियर सिटीजन के कुशलक्षेम उनके घर पर डा. पहुंचकर लेंगे।

5 सरकारी मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, रूद्रपुर व श्रीनगर में कार्य आरम्भ व प्रोसेस में है। जहां असिस्टेंट प्रोफेसर के 40 प्रतिशत नियुक्तियां की जा चुकी है। आज सभी विश्वविद्यालयों में 100 प्रतिशत फेकल्टी के साथ विभिन्न विश्वविद्यालय उत्तराखण्ड की प्रतिभाओं को संवारने का कार्य कर रहे हैं। हर जिला, ब्लॉक तहसील अस्पताल में पर्याप्त डाक्टर नर्स व अन्य स्टाफ कार्यरत है। जिला चिकित्सालयों के डाक्टरों को सख्त हिदायत दी गयी है कि समस्त जांच व दवाईयां अस्पताल में ही उपलब्ध करायी जा रही है कोई भी बाहर से दवाई नहीं लिखी जायेगी। सभी वर्गों को अटल आयुष्मान योजना अन्तर्गत लाभ के रूप में 5 लाख तक का निःशुल्क इलाज की सुविधा के साथ 156 किस्म की जांचें जिला अस्पताल में निःशुल्क करायी जायेगी।

गर्भवती महिलाओं को प्रसूति के समय आने जाने की व्यवस्था सरकार द्वारा वहन की जा रही है। कन्या का जन्म होने पर उसे महालक्ष्मी योजना को लाभ दिया जा रहा है। लिंगानुपात में उत्तराखण्ड पिछड़े नहीं इसके लिए सख्त कदम सरकार उठा रही है। बड़े कदम के रूप में आशा कार्यकर्तियों को लगभग 5000 प्रतिमाह की सहयोग राशि पर सरकार विचार कर रही है। साथ ही 2000 रूपये प्रतिमाह 5 माह तक सहयोग राशि आशा बहनों को दी जा रही है। साथ ही समिति फोन और टेब सभी को दिये जा रहे हैं। जिनसे वे घर घर जाकर टेलीमेडिसिन के माध्यम से उपचार कर पायेंगी, जिससे मरीज को चिकित्सालय जाने से छुटकारा मिलेगा।

कोरोना काल में डाक्टर व सभी स्वास्थ्यकर्मियों ने जो सेवा सहयोग से संक्रमितों की प्राण रक्षा की उसके लिए डाक्टर्स व स्टाफ की भूरि-भूरि प्रशंसा की गयी व साथ ही आने वाली सम्भावित तीसरी लहर के प्रति सरकार की तैयारियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा की सभी चिकित्सालयों में ऑक्सीजन प्लाट, वैंटीलेटरक, सभी औजार बच्चों के वार्ड के साथ ही उनके तिमारदारों की भी सरकार ने पूर्ण व्यवस्था कर रखी है। साथ ही 38 से 40 लाख बच्चों के लिए दवाई के पैकेट की 100 प्रतिशत व्यवस्था भी सरकार द्वारा की जा चुकी है। वैक्सीन के क्षेत्र में सरकार कीर्तिमान स्थापित करने जा रही है जहां 30 दिसम्बर तक 100 प्रतिशत उत्तराखण्ड की जनता 18$ को टीका लगाने की बात सरकार द्वारा कही गयी थी, जिस तेजी से टीकाकरण किया जा रहा है, लगता है यह लक्ष्य नवम्बर तक प्राप्त कर लिया जायेगा। 2 जिलों में पूर्ण वैक्सीन किया जा चुका है।

प्रत्येक 14 जिलों में आरटीपीसीआर टैस्टिंग लैब स्थापित की जा रही है। वैक्सीन की कोई कमी राज्य में नहीं है। 77 लाख 18 प्लस में से 71 लाख व्यक्तियों को वैक्सीन दी जा चुकी है पर्वतीय अंचलों में डॉक्टर्स व स्टाफ के लिए रहने को भवन, शिक्षा की व्यवस्था व हिल अलाउंस की भी सरकार ने व्यवस्था की है। ताकि वे सहज स्थिति में कार्य कर स्वास्थ्य सेवाएं दे सके। प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय ने कहा कि डॉक्टर्स व स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका इस विपरित परिस्थितियों वाले कोरोनाकाल में महत्वपूर्ण हो गयी है। सरकार अपना कार्य कर रही है और बेहतर कार्य कर रही है। सरकार प्राईवेट पाटर्नर व भाजपा कार्यकर्ता जन सेवा के कार्य में जुटे हुए संक्रमितों को कोरोना राक्षस से इस जंग से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस हाई रिस्क वाले कोरोनाकाल में हमारे कार्यकर्ता अपनी जान की परवाह भी नहीं करते हुए संक्रमितों की सेवा में जुटा रहा उसके लिए अस्पतालों की व्यवस्था ऑक्सीजन, ब्लड, दवाईयां, औजारें, राशनकिट की व्यवस्था कार्यकर्ताओं द्वारा सुनिश्चित की गई और जनता के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया।

संगठन मंत्री अजेय ने कोरोनाकाल में डाक्टर्स के अदम्य साहस, जोखिम उठाकर भी सेव भाव में जुटे रहना यह एक जज्बा जो उनमें रहा उसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने हेल्थ वर्कर के रूप में 24000 कार्यकर्ताओं का भी आह्वान किया कि सम्भावित तीसरी लहर को मात देने के लिए हर संभव कदम उठाकर जनसेवा के लिए तैयार रहे, और जन संवेदना का परिचय दें। उन्होंने कहा अटल आयुष्मान बन रही जन सुरक्षा का आधार अभी तक 3 लाख लोग इस योजना का लाभ ले चुके हैं। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम संयोजक ज्योति प्रसाद गैराला ने किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से अभिमन्यु कुमार, डा. अरविन्द शर्मा अध्यक्ष आईएमए, अजय खन्ना, डीडी चौधरी सहित बड़ी संख्या में डॉक्टर्स उपस्थित रहे।