पीड़ित पक्ष की दलील सुनने के बाद न्यायालय से आरोपी महिला को किया दोषमुक्त

अनैतिक देह व्यापार के मामले में आरोपी ऋषिकेश निवासी महिला को अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय शिवाकांत द्विवेदी की अदालत ने दोष मुक्त किया है।

दरअसल, चार अप्रैल 2018 को एंटी ह्यूमन ट्रेफिकिंग यूनिट विकास नगर के प्रभारी जवाहर लाल ने एक महिला सपना राय पत्नी विभाष राय निवासी बोगला हासकाली नौदिया पश्चिम बंगाल हाल निवासी ऋषिकेश को आईडीपीएल चैराहे से गिरफ्तार किया था। मामले में दो अन्य युवतियों को पीड़ित बताकर महिला सपना पर जबरन देह व्यापार के कामों में उन्हें धकेलने का आरोप लगाया था। यहीं नहीं काम दिलाने के बहाने और रूपयों कमाने का लालच देकर गलत काम कराने का आरोप भी लगाया गया था। पुलिस की ओर से महिला पर अनैतिक देह व्यापार अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद से मामला न्यायालय में विराचाधीन था। दोनों पक्षों की ओर से दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने अपना फैसला सुनाया है।

अधिवक्ता अमित कुकरेती ने बताया कि न्यायालय के समक्ष पुलिस की ओर से दिखाई गई दोनों पीड़ित युवतियों की गवाही की गई। इसमें उन्होंने आरोपी महिला सपना के द्वारा किसी भी प्रकार गलत काम न कराने की बात कही। साथ ही पीड़ित युवतियों द्वारा पुलिस की ओर से बनाई गई कहानी का भी समर्थन नहीं किया गया। अधिवक्ता ने बताया कि न्यायालय ने आरोपी महिला के खिलाफ तमाम दलीलें सुनने के पश्चात यह पाया कि उस पर देह व्यापार का कथन सत्य प्रतीत नहीं होता है। इसके अलावा पुलिस की ओर से आरोपों को साबित करने के लिए कोई साक्ष्य भी नहीं है। न्यायाधीश शिवाकांत द्विवेदी ने आरोपी महिला को दोषमुक्त करते हुए वर्तमान मामले से स्वतंत्र किया है।

हाथी खाई कराने से ग्रामीणों को मिलेगा लाभ, फसल नुकसान होने से बचेगी

खड़कमाफ श्यामपुर के विस्थापित क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक बरकरार है, बीते दिनों जंगली हाथी ने कई किसानों की फसल को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग कार्यालय में जाकर विस्थापित क्षेत्र में हाथी खाई खुदाने के लिए आग्रह किया। इस पर वन विभाग ने अब अमल किया है।

वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र सिंह ने मौके का निरीक्षण किया और जँगली हाथी से फसल एवं मानवीय सुरक्षा के दृष्टिगत ग्रामीणों के आग्रह पर हाथी खाई खुदान कार्य करवाया। रेंजर के निर्देश पर वन दरोगा स्वयंबर दत्त कंडवाल के पर्यवेक्षण में आबादी क्षेत्र की सीमा पर सवा दो सौ मीटर लंबी हाथी खाई खुदान का कार्य पूरा कर लिया गया है।

आपकों यहां बता दें कि खड़क माफ के खदरी और विस्थापित क्षेत्र में शिवरात्रि के आसपास जँगली हाथी ने उत्पात मचाते हुए किसानों के खेतों में गेहूँ की फसल रौंद डाला था। जिला गंगा सुरक्षा समिति के नामित सदस्य विनोद जुगलान ने बताया कि फौरी तौर पर हाथी खाई खुदान कराया गया है साथ ही सुरक्षा के स्थाई उपाय के रूप में प्रभावित क्षेत्र के समीप गंगा के तटीय क्षेत्र में अप्रैल माह के बाद तार जाल में पत्थरों से सुरक्षा दीवार खड़ी करने का प्रभागीय वनाधिकारी राजीव धीमान द्वारा आश्वासन दिया गया है। ग्रामीणों ने एक सप्ताह के भीतर ही हाथी खाई खुदान पर वन विभाग का आभार जताया है।

मौके पर वनबीट अधिकारी राजेश बहुगुणा, वनआरक्षी सुभाष बहुगुणा, विस्थापित क्षेत्र के पूर्व प्रधान हरि सिंह भण्डारी, कृषक विजय पाल सिंह, दर्शन लाल, बसन्त लाल, विजेंद्र सिंह, सुरेश कुमार, शोभती देवी, राम प्यारी, प्रमिला, कमला देवी, ऊषा देवी आदि मौजूद रहे।

शहरी विकास विभाग ने की महाकुंभ 2021 की अधिसूचना जारी

महाकुंभ 2021 के लिए शहरी विकास विभाग ने मेला क्षेत्र को अधिसूचित कर दिया है। सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक की अवधि को कुंभ मेला अवधि घोषित किया गया है। साथ ही रूड़की से नीलकंठ तक के क्षेत्र को कुंभ मेला एरिया घोषित किया है। अधिसूचना सचिव शहरी विकास शैलेश बगौली की ओर से जारी की गई है।

कुंभ क्षेत्र की सीमा
उत्तर – नीरगढ़, तपोवन, विट्ठल आश्रम मार्ग, नरेंद्र नगर मुनिकी रेती मार्ग तक।
पश्चिम – नरेंद्र नगर- ऋषिकेश बाईपास, देहरादून- ऋषिकेश मार्ग वन चैकी तक, हरिद्वार बाईपास, हरिद्वार हाईवे, हिल बाईपास, मंशादेवी मंदिर, बीएचईएल आवासीय कॉलोनी, हरिद्वार- दिल्ली मार्ग पर 13 किमी तक।
दक्षिण – बहादराबाद गांव, हरिद्वार बाईपास मार्ग पर सीतापुर गांव की सीमा तक, हरिद्वार- ऋषिकेश बाईपास पर रेलवे पुल तक, जियापोता गांव से गंगा पार करते हुए नजीबाबाद मार्ग पर सिद्ध सोत तक।
पूरब – चंडी देवी मंदिर, चीला मार्ग, चीला नहर होते हुए वीरभद्र बैराज, लक्ष्मणझूला- दुगड्डा मार्ग पर पीपलकोटी तक, पैदल मार्ग से होते हुए नीलकंठ मंदिर तक।

केंद्र सरकार कुंभ मेले में कोविड प्रोटोकॉल सख्ती से लागू करने के निर्देश दे चुकी है। अब विधिवत कुंभ मेला अधिसूचित होने के बाद आगामी स्नान पर राज्य सरकार को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। तब तक चूंकि सरकार ने विधिवत नोटिफिकेशन जारी नहीं किया था, इस कारण पूर्व में आयोजित स्नान पर उक्त मानक लागू नहीं हो पाए थे। अब 12 और 14 अप्रैल को क्रमश साोमवती अमावस्या और बैशाखी के दो प्रमुख शाही स्नान पड़ रहे हैं।

विश्व टीबी दिवस पर राजकीय महाविद्यालय में दो दिवसीय कांफ्रेंस का शुभारंभ

उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, (UCOST) देहरादून द्वारा प्रायोजित, पंडित ललित मोहन शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ऋषिकेश (श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय परिसर) के मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी विभाग व DNA लैब, देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में विश्व टीबी दिवस के उपलक्ष्य पर प्रदेश स्तरीय दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस एवं कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। इस कार्यशाला का विषय Cellular, Molecular and Biomedical skills : Needs in post pandemic era रहा।

कार्यशाला में मुख्य अतिथि प्रोफेसर एन.पी. माहेश्वरी, भूतपूर्व उच्च शिक्षा निदेशक, व विशिष्ट अतिथि ऋषिकेश भरत मंदिर के महंत वत्सल प्रपन्न शर्मा, वरुण प्रपन्न शर्मा एवं प्रो पंकज पंत, प्राचार्य राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ऋषिकेश डॉ नरोत्तम शर्मा, साइंटिस्ट डीएनए लैब व कार्यशाला के आयोजन सचिव प्रो गुलशन कुमार ढींगरा ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

प्रो गुलशन कुमार ढींगरा ने बताया कि हैंड्स ऑन ट्रेनिंग एवं नवीनतम तकनीकी द्वारा, बायोमेडिकल, पैरामेडिकल क्षेत्र के प्रतिभागियो को प्रशिक्षण दिया जायेगा। डीएनए लैब के वैज्ञानिक डॉक्टर नरोत्तम शर्मा ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य है कि कोविड 19 के परिपेक्ष्य में समाज व पैरामेडिकल युवा हमारी नवीन तकनीकों से अधिक से अधिक लाभान्वित हो सकें।

महंत वत्सल प्रपन्न शर्मा ने कहा कि हमारा ट्रस्ट ऋषिकेश के छात्र छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए हमेशा से कार्यरत है व आगे भी कार्य करता रहेगा हमारे पूर्वजों द्वारा ऋषिकेश महाविद्यालय व ऋषिकेश अस्पताल हेतु जो भूमि दी गई उसका सदुपयोग हो रहा है, उन्होंने महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो पंत का आभार व्यक्त किया गया।

इसके बाद प्रोफेसर माहेश्वरी ने कहा कि कोविड-19 के कारण हमारी जीवनशैली व कार्य करने के तरीके पर विश्व भर में हैरान करने वाले चुनोतियो का प्रभाव पड़ रहा है व बॉयोमेडिकल सेक्टर पर इन चुनोतियो का भार था जो उन्होंने बखूबी वहन किया।

उद्धघाटन सत्र के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर पंकज पंत ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया हुआ व कहा कि पंडित ललित मोहन जी ने जो भूमि महाविद्यालय को प्रदान की, उससे लाखों छात्र-छात्राएं आज यहां से शिक्षार्थ पाकर सेवाएं देश विदेशों में दे रहे हैं।

कार्यशाला के प्रथम तकनीकी सेशन में प्रतिभागियों को बायोसेफ्टी लैब एवं डीएनए आइसोलेशन एवं आरटी पीसीआर आदि उपकरणों को रूबरू व जानकारी दी गई व प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला के द्वितीय तकनीकी सेशन में टेक्नो हब लैबोरेट्री देहरादून के सिद्धार्थ माधव ने Detection of Diabeties Retinopathy with Image Processing and Artificial Intelligence विषय पर बताया जोकि छात्रों के लिए बहुत उपयोगी एवं रुचिकर था।

उसके बाद एम्स ऋषिकेश के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के डॉ आशीष कोठारी ने रोल ऑफ sequencing इन मॉलेक्युलर साइंस विषय पर व्याख्यान दिया। उसके बाद एम्स ऋषिकेश के डॉ आशीष कुमार बायोकेमिस्ट्री विभाग ने बायो methodology ऑफ लैबोरेटरी एनिमल विषय पर व्याख्यान दिया।

अंत मे मिस अंकिता सिंह, व मिस्टर तेजपाल जूनियर साइंटिस्ट ने RT PCR, Master mixture Preparation for DNA Isolation processing के बारे में बताया।

कार्यशाला का संचालन सफिया हसन ने किया। इस मौके पर प्रो सुषमा गुप्ता, डॉ अनिल कुमार, डॉ पूजा कुकरेती, डॉ इंदु तिवारी, शालिनी कोटियाल, देवेंद्र भट्ट, अर्जुन पालीवाल, विवेक राजभर, आदि मौजूद थे।

सड़क निर्माण में कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएः सीएम

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये कि सडकों के निर्माण एवं पुनर्निर्माण से सबंधित कार्य निर्धारित समयावधि के अन्दर पूर्ण किये जाएं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाये जाने पर सबंधित के खिलाफ सख्त कारवाई की जायेगी।

अगले वित्तीय वर्ष के कार्यों की भी जल्द तैयारी कर ली जाय। 30 अप्रैल तक सभी टेंडर आमंत्रित कर लिए जाय। कार्यों की प्रगति की समय-समय पर विभागीय समीक्षा की जाय। 10 करोड़ से अधिक के कार्यों का निरीक्षण एवं गुणवत्ता की जांच मुख्य अभियंता स्तर के अधिकारियों द्वारा किया जाय।

विधायकगणों द्वारा जो भी प्रस्ताव दिये गये हैं, उन पर त्वरित कार्यवाही की जाय, ताकि कार्य समय पर शुरू हो सकें। मुख्यमंत्री तीरथ ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए, मार्गों के निर्माण कार्य यात्रा शुरू होने से पूर्व पूर्ण कर लिये जाय। कार्यों में पारदर्शिता के साथ और तेजी लाई जाय। विभागों द्वारा बैठक के उपरान्त मीटिंग मिनट्स प्रस्तुत किये जाय।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने उत्तराखण्ड में चल रहे चारधाम परियोजना, भारतमाला परियोजना, लोक निर्माण विभाग द्वारा किये जा रहे राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित कार्यों, सी.आर.एफ एवं नाबार्ड योजना के तहत किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, बी.आर.ओ, एनएचएआई एवं पीआईयू के द्वारा किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि रिस्पना से आईएसबीटी तक के सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाई जाय। पौड़ी, भवाली एवं जसपुर के बाईपास का कार्य भी जल्द किया जाय। देहरादून एवं हल्द्वानी रिंग रोड से संबधित कार्यों की कार्यवाही में भी तेजी लाई जाय। मसूरी में बनने वाले मल्टी लेवल पार्किंग का कार्य भी जल्द पूर्ण किया जाय। भारतमाला परियोजना के तहत कर्णप्रयाग-सिमली-ग्वालदम मोटर मार्ग एवं जोशीमठ-मलारी मार्ग के डीपीआर की कार्यवाही जल्द की जाय। यात्रा सीजन के दृष्टिगत संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त उपकरणों की व्यवस्था रखी जाय।

बैठक में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग आर. के. सुधांशु, सचिव अमित नेगी एवं सबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित थे।

राज्य में आॅनलाइन होंगी महत्वपूर्ण सेवाएं, मुख्यमंत्री ने बैठक कर समीक्षा के लिए भी कहा

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि आम जन मानस की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण सेवाओं को ऑन लाईन करने की कार्यवाही की जाय। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की बैठकों में सचिव स्तर तक के अधिकारियों द्वारा अनिवार्य रूप से प्रतिभाग किया जाय। कार्यो की प्रगति में तेजी लाने के लिए मुख्य सचिव एवं अपर मुख्य सचिव अपने स्तर से लगातार बैठकें आयोजित कर समीक्षा करें।

मुख्यमंत्री द्वारा अगले वित्तीय वर्ष के लिए योजनाओं की डीपीआर तैयार करने तथा समस्त टेण्डर इत्यादि जारी करने एवं इस कार्य के लिए नियोजन विभाग को संबंधित विभागों की विभिन्न योजनाओं की बुकलैट बनाने जिसमें मुख्य रूप से विभागीय संचालित मुख्य योजना का संक्षिप्त विवरण भी समाहित करने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री द्वारा शासकीय कार्यालयों में अनिवार्य रूप से सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की निर्धारित समय सीमा पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये है। इस हेतु सचिवालय में लैपटॉप-बायोमैट्रिक के माध्यम से भी उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ ही हर पक्ष में कार्मिक विभाग द्वारा उपस्थिति की सूचना मुख्य सचिव तथा मुख्यमंत्री कार्यालय को भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये।

इस सम्बन्ध में मुख्य सचिव द्वारा सम्बन्धित विभागों को निर्देश जारी कर दिये गये हैं।

सीएम के निर्देश पर हुई एक बार समाधान योजना लागू

आम लोगों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के निर्देश पर ’एक बार समाधान योजना, 2021’ लागू की गई है। इस बारे में शासन से अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने आम जन की सहूलियत के लिए भवन उपविधि का सरलीकरण भी जल्द ही करने के निर्देश दिये हैं।

पूर्व में एक बार समाधान योजना के क्रियान्वयन में उत्पन्न व्यवहारिक कठिनाईयों का निराकरण करने के लिए और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देश पर यह ’एक बार समाधान योजना, 2021’ लागू की गई है।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार आम जन को लाभ पहुंचाने के लिये कार्य कर रही है। जन केंद्रीत योजनाओं पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इसी क्रम मे ’एक बार समाधान योजना लागू की गई है।

शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत ने कहा कि ’एक बार समाधान योजना’ से आम लोगों को बङी राहत मिलेगी और उनकी व्यावहारिक दिक्कतें दूर होंगी। इससे पर्यटन आदि क्षेत्रों में लोगों की आजीविका में भी फायदा होगा।
एक बार समाधान योजना में एकल आवासीय एवं व्यवसायिक भवन, आवासीय/व्यावसायिक भू-उपयोग में व्यवसायिक दुकान/ कार्यालय, आवासीय क्षेत्रों में नर्सिंग होम/क्लीनिक/ओ०पी०डी० / पैथोलॉजी लैब / डाइग्नोस्टिक सेंटर/चाईल्ड केयर/नर्सरी स्कूल /क्रेच एवं प्ले ग्रुप स्कूल आदि के संबंध में किये गये अनियमित निर्माण कार्य को शमनीय किया जाना प्रस्तावित है।

रवि जैन ने प्रदीप गुप्ता के लिए छोड़ी व्यापार महासंघ के महामंत्री की दावेदारी

नगर उद्योग व्यापार महासंघ के चुनाव के संदर्भ में त्रिवेणी घाट स्थित एक होटल में नगर उद्योग व्यापार महासंघ के व्यापारियों की एक सभा आयोजित की गई। ​बैठक में एक स्वर से सभी व्यापारियों ने 10 अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए अध्यक्ष पद के लिए व्यापार मंडल के निवर्तमान महामंत्री ललित मोहन मिश्र एवं महामंत्री पद के लिए ऋषिकेश कपड़ा यूनियन के महामंत्री प्रदीप गुप्ता को प्रत्याशी के रूप में अपना समर्थन दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए महामंत्री पद के प्रत्याशी प्रदीप गुप्ता ने अपने संबोधन में सर्वप्रथम वरिष्ठ व्यापारी नेता रवि कुमार जैन का धन्यवाद करते हुए बताया कि वह एवं रवि जैन दोनों महामंत्री पद के लिए प्रत्याशी थे। मगर, संभ्रांत व्यापारियों की मौजूदगी में आपसी सौहार्द को बनाए रखने हेतु यह निर्णय लिया गया कि दोनों में से कोई एक ही महामंत्री पद के लिए चुनाव में अपना भाग्य आजमायेगा और इसमें रवि कुमार जैन ने महामंत्री पद हेतु अपना दावा प्रदीप गुप्ता जी के समर्थन में वापिस लिया है।

सभी व्यापारियों ने इस निर्णय का तालियां बजाकर स्वागत किया एवं स्वस्थ परंपरा का निर्वाह करने के लिए सभी व्यापारियों ने एक स्वर में रवि कुमार जैन को साधुवाद दिया। अध्यक्ष पद हेतु प्रत्याशी के रूप में घोषित हुए निवर्तमान महामंत्री ललित मोहन मिश्र ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनका जीवन सदैव व्यापारी हितों के लिए समर्पित रहा है और पिछले कई वर्षों से लगातार सामाजिक जीवन में सक्रिय रहते हुए महामंत्री के रूप में उन्होंने व्यापारियों के लिए हमेशा संघर्ष किया है।

मिश्रा ने कहा कि, हर स्थिति में व्यापारियों के लिए और व्यापारिक हितों के लिए मैं सदैव उपलब्ध हूं और किसी भी स्थिति में व्यापारियों का उत्पीड़न कभी भी ना हो पाए ऐसी मेरी कोशिश हमेशा रहेगी। ललित मोहन मिश्र ने व्यापारियों से मतदान अवश्य करने की अपील की।

​चुनाव को सुचारू रूप से चलाने के लिए आज एक समिति का गठन किया गया, जिसमें सचेतक मंडल मैं वरिष्ठ व्यापारी नेता हरीश ढींगरा एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता मदन मोहन शर्मा एवं वरिष्ठ व्यापारी गोपाल नारंग को शामिल किया गया।

रवि कुमार जैन को चुनाव संचालन समिति का संयोजक एवं संचालन समिति के सह संयोजक के रूप में नगर के वरिष्ठ नेता व पूर्व पार्षद राहुल शर्मा, वरिष्ठ व्यापारी राजेश अग्रवाल, प्रोपर्टी यूनियन के पूर्व अध्यक्ष सतीश कालरा, संदीप खुराना को बनाया गया। संचालन समिति में पवन शर्मा, महेश किंगर, क्षेत्र बाजार एसोसिएशन के महामंत्री पंकज शर्मा, व्यापार सभा के अध्यक्ष मनोज कालड़ा, राजीव अग्रवाल, मधु जोशी, राजीव कालड़ा, विजेंद्र गौड़, मुखर्जी मार्ग व्यापार मंडल के महामंत्री अनुज जैन, सरदार परमजीत सिंह, सुरेंद्र मोहन पावा, पंकज चावला, सरदार अमनदीप सिंह, देवेश जैन, उमेश गोयल, योगेश कालड़ा चुन्नू, हरदेव पनेसर, अमर गुप्ता, दीपक दरगन आदि मौजूद रहे।

कैमिकल रंगों को बायकाॅट कर हर्बल रंग तैयार कर रही महिलाएं

अब केमिकल रंगों को होली में बायकाॅट करने का समय आ गया है। इसकी जगह हर्बल रंगों को न सिर्फ अपनाने बल्कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तैयार भी कर रही हैं। यह समूह की महिलाएं क्षेत्र पंचायत सदस्य बीना चैहान के नेतृत्व में श्यामपुर की न्याय पंचायत ग्राम सभा खदरी खड़क माफ के अंतर्गत चोपड़ा फार्म, प्रगति पुरम भागीरथीपुरम, लक्कड़ घाट में तैयार किया जा रहा हैं।

डोइवाला विकासखंड की नवरंग स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष सुनीता राणा व विनीता कृषाली के द्वारा महिलाओं को रंग बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। महिलाओं ने पालक, चुकंदर, गेंदा फूल आदि से रंग बनाना सीखा। कार्यक्रम में नया सवेरा स्वयं सहायता समूह, दुर्गा शक्ति स्वयं सहायता, साईं स्वयं सहायता, लक्ष्मी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण लेने में महिलाओं काफी उत्सुक दिखी। क्षेत्र पंचायत सदस्य बीना चैहान ने कहा आगामी होली में ग्रामीण महिलाएं इन्हीं रंगों से खेलेगी।वही सबको हर्बल रंग से होली खेलने के लिए जागरूक करेगी।
नवरंग समूह की अध्यक्ष सुनीता राणा ने बताया कि इस काम को महिलाएं रोजगार के रूप में अपना सकती है, हर्बल रंग स्वास्थ्य की दृष्टि से सही है। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का कहना है जो हर्बल रंग बनायेंगे उसे अपने ग्रामीण क्षेत्र के मार्केट में बेचेगे जिससे महिलाओं के लिए रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे।

प्रशिक्षण लेने में क्षेत्र पंचायत सदस्य बीना चैहान, ईशा कलूड़ा, ममता राणा, मंजू पटवाल, गीता रावत कमला देवी, रानी रावत, गायत्री रावत, कलावती देवी आदि रही।

‘‘आप’’ ने किया शहीदों को याद, कहा शहीदों को हमेशा याद रखेंगे

बलिदान दिवस (23 मार्च) के अवसर पर आम आदमी पार्टी द्वारा ऋषिकेश में श्रद्धाजंलि सभा आयोजित कर हुतात्मा भगतसिंह, राजगुरु और सुखदेव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनको नमन किया गया।

संगठन मंत्री दिनेश असवाल ने कहा कि हुतात्मा भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव देश के सच्चे सपूत थे, जिन्होंने अपनी देशभक्ति और देशप्रेम को अपने प्राणों से भी अधिक महत्व दिया और मातृभूमि के लिए प्राण न्यौछावर कर गए। 23 मार्च यानि, देश के लिए लड़ते हुए अपने प्राणों को हंसते-हंसते न्यौछावर करने वाले तीन वीर सपूतों का शहीद (हुतात्मा) दिवस है। यह दिवस न केवल देश के प्रति सम्मान और हिंदुस्तानी होने वा गौरव का अनुभव कराता है, बल्कि वीर सपूतों के बलिदान को भीगे मन से श्रृद्धांजलि देता है।

मौके पर महासभा के सह संगठन मंत्री दिनेश कुलियाल, आप कार्यकर्ता डॉ राजे सिंह नेगी, मीडिया प्रभारी गणेश बिजल्वाण, सुनील सेमवाल, प्रवीन असवाल, मयंक भट्ट, अमित कुमार, हर्षित त्यागी, आदर्श मिश्रा, मनोज नेगी आदि उपस्थित थे।