शत्रुघ्न घाट में छात्राओं ने दी नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां

स्वच्छ भारत एवं नमामि गंगे मिशन के अंतर्गत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने शत्रुघ्न घाट में गंगा स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें पालिका क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों और संस्थाओं की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियों से लोगों को जागरूक किया।

मुनिकीरेती स्थित शत्रुघ्न घाट में नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की ओर से आयोजित गंगा स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम में खुशी संस्था और विद्या निकेतन कैलाश गेट की छात्राओं ने देशभक्ति एवं स्वच्छता गीत वंदे मातरम और नुक्कड़ नाटक जगह-जगह कूड़ा न फेंकने की प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोहा। पालिका के अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने मौके पर उपस्थित सभी लोगों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। साथ ही उन्होंने गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग डिब्बों में डालने के लिए कहा। सभी ने सामूहिक रूप से गंगा आरती में सहभाग कर क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना की। इसके बाद गंगा स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम में शानदार प्रस्तुतियां देने पर पालिका की ओर से छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं नकद धनराशि पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष मनोज द्धिवेदी, सभासद बबीता रमोला, रामकृष्ण पोखरियाल, अजय रमोला, रामावल्लभ भट्ट, सफाई निरीक्षक भूपेंद्र पंवार, स्वास्थ्य लिपिक दीपक कुमार, सफाई नायक मायाराम, राजू आदि उपस्थित थे।

19 निरीक्षकों के हुए तबादले, 10 पहाड़ चढ़े तो 09 उतरे मैदान

पुलिस विभाग से बड़ी खबर है, 19 निरीक्षकों के तबादले किए गए है, जिनमें 10 को पहाड़ चढ़ाया गया है तो 09 को मैदान उतारा गया है। आज डीआइजी गढ़वाल रेंज नीरू गर्ग ने तबादलों की सूची जारी की है।

शहर कोतवाल शिशुपाल नेगी का ट्रांसफर टिहरी गढ़वाल, डोईवाला कोतवाली में तैनात निरीक्षक सूर्यभूषण नेगी को टिहरी गढ़वाल, डालनवाला कोतवाली के निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव को पौड़ी गढ़वाल, एसएसपी आफिस में तैनात निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी को चमोली, नेहरू कॉलोनी में तैनात राकेश गुसांई को चमोली, विकासनगर में तैनात निरीक्षक राजीव रौथाण को उत्तरकाशी, एसएसपी कार्यालय में तैनात निरीक्षक भावना कैंथोला व नदीम अतहर को टिहरी गढ़वाल व हरिद्वार जिले में कनखल थाने में तैनात निरीक्षक कमल कुमार लुंठी को उत्तरकाशी और रानीपुर कोतवाली प्रभारी योगेश सिंह देव का ट्रांसफर पौड़ी गढ़वाल किया गया है।

वहीं, उत्तरकाशी में तैनात निरीक्षक दिग्पाल सिंह कोहली, टिहरी गढ़वाल में तैनात रविंदर कुमार, चमोली थाने में तैनात गिरीश चंद्र शर्मा व महेश कुमार लखेड़ा, रुद्रप्रयाग थाने में तैनात निरीक्षक होशियार सिंह पंखोली, पौड़ी गढ़वाल में तैनात संर्पूणानंद गैरोला को जिला देहरादून और टिहरी गढ़वाल में तैनात निरीक्षक रामकिशोर सकलानी व मनीष उपाध्याय, पौड़ी गढ़वाल में तैनात प्रमोद कुमार उनियाल को हरिद्वार जिले में भेजा गया है।

शासन का आदेश, पांचवी कक्षा से आगे की क्लासों के छात्रों को देनी होगी पूरी फीस

पांचवी से ऊपर की सभी कक्षाओं के छात्रों से पूरी फीस लेने का आदेश आज उत्तराखंड सरकार ने जारी कर दिया है। आदेश में प्राइवेट स्कूलों को फीस किस्तों में लेने पर सह्दयता से विचार करने को कहा गया है।

शिक्षा सचिव आर. मीनाक्षीसुंदरम ने आज फीस का जीओ जारी किया। स्कूल पूरी फीस उसी तारीख से ले सकेंगे, जिस दिन वो विधिवत रूप से खुले हैं। पहली से पांचवी कक्षा के छात्रों से फिलहाल केवल ट्यूशन फीस ही ली जाएगी। मालूम हो कि इससे पहले केवल 10 और 12 वीं कक्षा के छात्रों से ही पूरी फीस ली जा रही थी।

ये कक्षाएं दो नवंबर 2020 से खोल दी गईं थी। आठ फरवरी से सरकार ने छठी से ग्यारहवी कक्षाओं को भी खोल दिया है। दूसरी तरफ, पीपीएसए के अध्यक्ष प्रेम कश्यप ने सरकार के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट पूर्व में ही इस बाबत निर्देश दे चुका है। जो अभिभावक एक साथ फीस देने में सक्षम नहीं होंगे, वो रियायत के लिए आवेदन कर सकते हैं। स्कूल की प्रधानाचार्य उन्हें किस्त में फीस अदा करने की सुविधा दे सकते हैं।

ट्वीट कर सीएम तीरथ ने बताया खुद को कोरोना संक्रमित


मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने अपने कोरोना पाॅजीटिव आने की जानकारी ट्वीटर हैंडल के जरिए दी है। कहा कि चिकित्सकों की निगरानी में उन्होंने खुद को आइसोलेट कर दिया है।

ट्वीट के जरिए उन्होंने कहा कि मेरी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं ठीक हूं और मुझे कोई परेशानी नहीं है। डॉक्टर्स की निगरानी में मैंने स्वयं को आइसोलेट कर लिया है। आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे निकट संपर्क में आयें हैं, कृपया सावधानी बरतें और अपनी जांच करवाएं।

संतों की शरण में पहुंचे भाजपाई पार्षद, भगवा रंग का समर्थन किया

भगवाकरण के मामले में ऋषिकेश नगर निगम के पार्षद आज मायाकुंड स्थित कृष्ण कुञ्ज आश्रम पहुंचे। अखिल भारतीय संत समिति के अध्यक्ष स्वामी गोपालाचार्य महाराज और महासचिव स्वामी अखंडानंद महाराज के समक्ष उन्होंने अपनी बात रखी। सभी पार्षदों ने लिखित में भगवाकरण का समर्थन किया। साथ ही सभी पार्षदों ने हस्ताक्षर कर अपनी तरफ से स्वीकृति भी दी। वहीँ संतों ने बताया ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष दिनेश सती ने इस मामले में मध्यस्ता की और गतिरोध समाप्त करने में अहम भूमिका निभाई।

कहा कि मेयर अनिता ममगाईं द्वारा लाया गए प्रस्ताव का हम सभी पूर्व समर्थन करते हैं, यदि उपरोक्त प्रस्ताव वापस ले लिए गया है तो हम भाजपा के पार्षद पूर्ण समर्थन के साथ सदन में प्रस्तुत करते हुए पास कराएंगे। मुलाकात करने वालों में पार्षद विकास तेवतिया, जयेश राणा, सोनू प्रभाकर, रीना शर्मा, शारदा सिंह, शिव कुमार गौतम, राजू दिवाकर, राम अवतारी पंवार, मीनाक्षी,रविंद्र बिड़ला और तनु तेवतिया मौजदू रहे।

संत समिति के अलावा इस मौके पर नमामि गंगे के प्रदेश संयोजक कपिल गुप्ता, मंडल अध्यक्ष दिनेश सती भी मौजूद रहे।

नगर निगम ऋषिकेश की बोर्ड बैठक में 48 करोड़ का बजट 17 पार्षदों की मौजूदगी में पास

ऋषिकेश नगर निगम की आज बैठक बोर्ड संपन्न हुई। इसमें 23 पार्षद अनुपस्थित रहे, जबकि निर्वाचित 17 पार्षद ही मौजूद रहे। इसमें पूर्व में मेयर अनिता ममगाईं की ओर से लाया गया ओरेंज सिटी का प्रस्ताव आज निरस्त कर दिया गया। इसके पीछे मेयर अनिता ममगाईं ने जनमत संग्रह कराने की बात कहीं। वहीं, 48 करोड़ 44 लाख 26 हजार 414 रूपए का प्रस्ताव पास कर दिया गया। पार्षद देवेंद्र प्रजापति ने सवाल उठाया कि सदन में पार्षदों की संख्या कम होने के चलते क्या बजट पास किया जा सकता है, इस पर मुख्य नगर आयुक्त ने तर्क दिया कि नगर निगम अधिनियम की धारा 90 (3) के तहत यदि पूर्व में पार्षदों को सूचना दी गई हो और जनहित के कार्यों के लिए किसी भी गणापूर्ति की आवश्यकता नहीं होती। अतः मौजूदा पार्षदों की मौजूदगी में ही बजट पेश कर पास किया जा सकता है। इसके बाद सदन की आगे की कार्रवाई चली।

पार्षद विपिन पंत ने सदन के समक्ष कहा कि जो भी पार्षद आज बोर्ड की बैठक में मौजूद है, उसी के प्रस्ताव पर ही चर्चा की जाए। अन्य पार्षद जो अनुपस्थित हैं, उनके प्रस्ताव पर चर्चा कर सदन का समय खराब न किया जाए। इस पर सहमति बनी और मौके पर मौजूद 17 पार्षद अजीत सिंह गोल्डी, राकेश मियां, देवेंद्र प्रजापति, भगवान सिंह, रूपा देवी, अनिता रैना, ज्योति पासवान, लक्ष्मी रावत, मनीष शर्मा, मनीष बनवाल, राजेंद्र बिष्ट, विजय बडोनी, विजेंद्र मोघा, विपिन पंत, जगत सिंह नेगी, शौकत अली के प्रस्तावों पर चर्चा कर उसे सर्वसहमति से पास कर दिया गया।

यह प्रस्ताव को मेयर ने किया निरस्त
प्रस्ताव संख्या 24 में पार्षद अजीत सिंह, विकास तेवतिया, मनीष बनवाल और लव कांबोज ने निर्माण अनुभाग में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारी संदीप रतूड़ी को ड्राफ्टमैन के पद से रिक्त चल रहे जेई के पद पर पदोन्नत करने को कहा। इस पर मेयर अनिता ममगाईं ने कर्मचारी को फटकार लगाते हुए कहा कि क्या उन्हें पदोन्नत होने के लिए प्रस्ताव की जरूरत है। उन्होंने कहा कि काबिलियत के दम पर प्रमोशन मिलेगा, न की प्रस्ताव लाकर। ऐसी गलती दोबारा न हो। इसका ध्यान रहे।

भगवा रंग के वस्त्र पहनकर सदन पहुंचे पार्षद
पिछली बैठक में ओरेंज सिटी को लेकर काफी हंगामे के बाद आज की बैठक में अधिकांश पार्षद भगवा रंग के वस्त्र पहनकर आए। निर्दलीय पार्षद अजीत गोल्डी भी भगवा रंग की पगड़ी पहनकर सदन पहुंचे।

जब कांग्रेसी पार्षद को मेयर ने पहनाई भगवा पगडी
सदन में जैसे ही मेयर अनिता ममगाईं ने प्रवेश किया। उन्होंने सिर पर भगवा रंग की पगड़ी पहनी हुई थी। जिसे मेयर ने कांग्रेसी पार्षद देवेंद्र प्रजापति को पहना दिया। इसके बाद पार्षद ने जय श्री राम के उद्घोष लगाए।

धारा 90 (1) के तहत विशेष प्रस्ताव को मिली चुनौती
पार्षद शिव कुमार गौतम, विकास तेवतिया का पक्ष जानने पर उन्होंने बताया कि उन्होंने बोर्ड बैठक का बहिष्कार किया था। नगर निगम अधिनियम की धारा धारा 90 (1) के तहत विशेष प्रस्ताव तब तक पास नहीं किया जा सकता है, जबतक कि उस सदन के आधे से अधिक सदस्य सदन में मौके पर मौजूद न हो। उन्होंने बताया कि एजेंडा का पहला ही प्रस्ताव ध्यान से देखें, तो उसमें साफ लिखा है, जो बजट का प्रस्ताव है वह विशेष प्रस्ताव के तहत है। लिहाजा, यह वार्षिक बजट को आधे से अधिक संख्या सदन में मौजूद न होने पर पास कर दिया गया। यह नगर निगम अधिनियम की धारा 90 (1) का उल्लंघन है, यह बजट किसी भी सूरत पर पास नहीं किया जा सकता है।

कुम्भ मेले से जुड़े अधिकारियों की बैठक में मुख्यमंत्री ने दिये कार्यों को समय से पूरा कराने के निर्देश

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शनिवार को कुम्भ मेले के विभिन्न निर्माण कार्यों के लोकार्पण के पश्चात मेला नियंत्रण भवन में मेले से जुड़े उच्चाधिकारियों के साथ ही विभागीय नोडल अधिकारियों की बैठक ली।

मुख्यमंत्री ने कुम्भ मेले के कार्यों में तेजी लाये जाने के लिये पूर्व में दिये गये निर्देशों के क्रम में की गई व्यवस्थाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिये कि आगामी कुम्भ मेले के शाही स्नान पर्वों को सकुशल सम्पन्न कराने में सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझें। उन्होंने इसके लिए आपसी समन्वय एवं समयबद्धता के साथ व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये। उन्होंने निर्देश दिये कि जो कार्य अंतिम चरण में हैं उन्हें शीघ्र पूर्ण कराया जाये। मुख्यमंत्री ने शहर के आंतरिक मार्गों के निर्माण में भी और तेजी लाने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने डामकोठी के निर्माण कार्य में भी और तेजी लाये जाने के साथ ही कुम्भ क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों द्वारा जिस तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ महाशिवरात्रि के शाही स्नान को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जैसी व्यवस्थाएं की थी, ऐसे ही प्रयास आगामी स्नान पर्वो में भी होने चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास कुम्भ में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अतिथि देवों भवः हमारी परम्परा रही है। इसी परम्परा का हमें निर्वहन करना हैं।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने मेला नियंत्रण भवन स्थित कमांड एंड कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। इससे भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंध आदि में भी मदद मिल सकेगी।

मेला नियंत्रण भवन में ही मुख्यमंत्री से किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने अखाड़े के अन्य संतों के साथ भेंट की, तथा अपनी विभिन्न समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

बैठक में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री डॉ0 रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार स्वामी यतीश्वरानंद, ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर, रानीपुर विधायक आदेश चैहान, सचिव मुख्यमंत्री शैलेश बगोली, गढ़वाल मंडलायुक्त रविनाथ रमन, डीआईजी नीरू गर्ग, मेलाधिकारी दीपक रावत, जिलाधिकारी सी रविशंकर, आईजी कुम्भ संजय गुंज्याल, एसएसपी हरिद्वार सैंथिल अबुदई कृष्ण राज एस, एसएसपी कुम्भ जन्मेजय खंडूडी, अपर मेलाधिकारी डॉ0 ललित नारायण मिश्र, उप मेलाधिकारी अंशुल सिंह, दयानंद सरस्वती सहित बिजली, लोक निर्माण, सिंचाई, पेयजल, जल संस्थान से सम्बंधित अधिकारीगण मौजूद थे।

हरिद्वार में मुख्यमंत्री ने किया लगभग 120 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण

हरिद्वार महाकुंभ 2021 के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने करीब 120 करोड़ की लागत की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि महाकुंभ की भव्यता और दिव्यता के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा की कुंभ पूरे विश्व की धरोहर है और यह 12 साल में एक बार आता है। ऐसे में कुंभ को लेकर लोगों में उत्साह तो जरूर था लेकिन कोविड-19 को लेकर असमंजस की स्थितियां बनी हुई थी। इससे यहां का व्यापारी वर्ग से लेकर आम जन में चिंताएं थी। इसी चिंता को देखते हुए हमारी सरकार ने कुंभ में आने जाने की अनावश्यक रोक टोक को खत्म कर किया है। लेकिन भारत सरकार द्वारा जारी कोविड-19 की गाइडलाइन को हर हाल में पूरा करना होगा।

उन्होंने कहा कि कुंभ पर हमारा पूरा फोकस है। इसे भव्य और दिव्य बनाने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। यहां किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं आएगी। अखाड़ा परिषदों से लेकर श्रद्धालुओं को कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुपालन के बारे में बताया गया है। कुम्भ मेले में आवागमन को बेहतर करने के लिए यहां यात्री वाहनों की संख्या में 4 गुना तक का इजाफा किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बने विकास प्राधिकरण के अस्तित्व को हमारी सरकार ने खत्म कर दिया है। हमारी सरकार ने कोविड-19 के दौरान काम करने वालों पर लगे मुकदमों को वापस ले लिया है।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहाड़ में रेल का सपना पूरा कर दिया है। पहले लोग सड़क की मांग करते थे आज ट्रेन की बात हो रही है। उनके नेतृत्व में ही यह बदलाव संभव हो पाया है आने वाले दिनों में यहां रोजगार की भी कोई कमी नहीं होगी। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश का नेतृत्व कर रहे हैं लेकिन पूरे विश्व में उनकी नेतृत्व क्षमता का लोहा माना जाता है पूरे विश्व में उनके नेतृत्व की तारीफ की जाती है।

इस मौके पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा मदन कौशिक, राज्यमंत्री स्वामी यतीस्वरानंद, विधायक आदेश चैहान, सुरेश राठोर, आयुक्त गढ़वाल मंडल रविनाथ रमन आदि मौजूद रहे।

मां गंगा की पूजा अर्चना कर सीएम तीरथ ने जग कल्याण की कामना

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शनिवार को हरकी पैड़ी पहुंचकर मां गंगा की पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत आज हरकी पैड़ी पहुंचे। यहां पर उनका विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चन्द्र अग्रवाल, राज्यमंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चैहान, ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह चैहान, जिला महामंत्री विकास तिवारी, मेला अधिष्ठान के अधिकारियों और श्री गंगा सभा के सभापति कृष्ण कुमार शर्मा, अध्यक्ष प्रदीप झा, महामंत्री तन्मय वशिष्ठ, स्वागत मंत्री सिद्धार्थ चक्रपाणी, उज्ज्वल पंडित सहित अन्य लोगों ने स्वागत किया।

इसके बाद श्रीगंगा सभा के आचार्य अमित शास्त्री ने मंत्रोउच्चारण के साथ मुख्यमंत्री श्री रावत से मां गंगा की पूजा-अर्चना ओर आरती कराई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां गंगा से कुम्भ की सफलता और सभी के कल्याण की कामना की। इसके बाद श्रीगंगा सभा कार्यालय में पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को गंगाजलि, प्रसाद भेंट किया।

ग्रामीण क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों में प्रतिभा की कमी नहींः डा. राजे नेगी

अंतरराष्ट्रीय गढवाल महासभा के अध्यक्ष डॉ राजे सिंह नेगी ने फस्र्ट नेशनल स्कूल स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

बता दें कि फिट इंडिया कार्यक्रम अंतर्गत आगरा में विगत 6 मार्च से 8 मार्च तक तीन दिवसीय चैंपियनशिप का आयोजन हुआ था। जिसमें देशभर के विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। चैंपियनशिप में ऋषिकेश के विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से आयोजकों बल्कि चैंपियनशिप देखने आये दर्शकों का भी दिल जीत लिया। नेशनल चैंपियनशिप में अरीना स्पोर्ट्स एकेडमी के छह खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। जिसमें चार खिलाड़ी फुटबॉल के एक एथलेटिक और एक बॉक्सिंग का था। फुटबॉल की टीम गोल्ड मैडल हासिल करने में कामयाब रही।जबकि एथलेटिक और बॉक्सिंग में खिलाडियों ने सिल्वर मैडल हासिल किए। इस अवसर पर खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय गढवाल महासभा के अध्यक्ष डॉ राजे सिंह नेगी ने कहा कि कि खेलों में गहरी रुचि रखनेवालों के लिए अपनी पहचान बनाने के अनेकों अवसर हैं। हाल के वर्षों मे छोटे छोटे गांवों से आए तमाम युवा खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा से सभी को चैंकाया है।

सम्मान पाने वाले खिलाड़ियों में अमर ज्योति सरस्वती निलायम हाई स्कूल बायपास श्यामपूर के प्रियांशु नेगी, शिवम शाह, विनय सिंह, प्रियांशु चैधरी, एनडीएस स्कूल के प्रियांशु पैन्यूली एवं पीजी कॉलेज ऋषिकेश के हिमांशु गोस्वामी शामिल रहे। इस मौके भारतीय जूनियर फुटबाल टीम के कप्तान एवं कोच अभिषेक रांगड़, अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के महामंत्री उत्तम सिंह असवाल, अरविंद जोशी, प्रवीन असवाल, सुनील सेमवाल, महावीर अमोला, मयंक भट्ट, मोनिका पंवार, अंजली वर्मा उपस्थित थे।