उत्तराखंडः मुख्यमंत्री ने सुनी आम जन सहित विभिन्न संगठनों की समस्याएं


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने तीन दिवसीय उधम सिंह नगर भ्रमण के दौरान खटीमा स्थित फाइबर अतिथि गृह में जन समस्या निवारण कार्यक्रम में आम जनता से सीधे संवाद किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सामाजिक, धार्मिक, बार एसोसिएशन, उद्योग बन्धु, पार्टी कार्यकर्ता, किसान, पूर्व सैनिक, व्यापारिक बन्धु व विभिन्न संगठनों से भी संवाद कर उनकी समस्या सुनी।

मुख्यमंत्री ने सभी का अभिवादन करते हुए कहा कि आप सभी के प्यार व आशीर्वाद से जो जिम्मेदारी सौंपी है उसे हम सबको मिलकर निभाना होगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार उत्तराखंड को एक अच्छा मॉडल बनाना चाहती है, जहाँ सभी प्रकार का वातावरण अनुकूल हो जिसमे उद्योग, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार आदि से परिपूर्ण हो। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार नो पेंडेंसी पर कार्य करेगी। जिसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जो कार्य जिस स्तर का हो उसका उसी स्तर पर तत्काल निस्तारण करना सुनिश्चित करें, आवेदन पत्र किसी भी दशा में लम्बित नहीं रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी अधिकारी के स्तर पर कोई लापरवाही प्रकाश में आई तो सम्बन्धित की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा उत्तराखंड में उद्योगों को स्थापित करने हेतु जो पैकेज दिए थे उनके कारण ही आज उत्तराखंड में व्यापक स्तर उद्योग स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा कि उद्योगों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आम जनता के द्वारा भव्य स्वागत करने पर सभी का अभिवादन करते हुए कहा कि जिस प्रकार से मेरा स्वागत किया गया है उसके लिए अभिवादन करने के लिए मेरे पास कोई शब्द नहीं है जिसके लिए मैं सबका आभार व्यक्त करता हूँ। उन्होंने कहा कि 2027 तक उत्तराखंड को शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि, परिवहन, उद्योग आदि समस्त क्षेत्रों में पूरे देश में प्रथम स्थान पर लाना है, जिसके लिए आप सबका सहयोग अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर यह सपना साकार करना होगा। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक सामान्य परिवार के व्यक्ति को मुख्य सेवक बनाया है उस दायित्व को सबके सहयोग से पूर्ण करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो घोषणाएं व शिलान्यास की गई है उनको प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाएगा। मैं आपका बेटा, भाई हूॅ, उत्तराखंड का चहुमुखी विकास करने के लिए प्रयास करूँगा।

कार्यक्रम भाजपा के जिला अध्यक्ष शिव अरोड़ा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। मौके पर जिले के प्रभारी मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, सीएमडी फाइबर लि0 डॉ आरसी रस्तोगी, विधायक प्रेम सिंह राणा, राजेश शुक्ला, मण्डलायुक्त सुशील कुमार, आईजी अजय रौतेला, जिलाधिकारी रंजना राजगुरु, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु खुराना आदि उपस्थित थे।

सीएम ने किच्छा में बस अड्डे के निर्माण का शिलान्यास किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अतिथि गृह ऐनेक्सी पन्तनगर परिसर में पौधारोपण कर चेस फॉर इण्डिया कार्यक्रम में प्रतिभाग किया व साईकिल चला कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। उन्होने खिलाड़ियो को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाऐं दी। तदोपरान्त पं. गोविन्द वल्लभ पंत की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धाजंलि दी।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पन्तनगर से स्वागत रथ पर सवार होकर नगला में स्वागत व अभिनन्दन कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने कनकपुर में शहीद अमर देव बहादुर समृति द्वार का लोकार्पण किया व राजकीय इण्टर कॉलेज, कनकपुर का नाम शहीद के नाम पर रखने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने शहीद के पिता शेर बहादुर, माता लक्ष्मी देवी को हर सम्भव मदद करने का आश्वासन दिया। उन्होने अपने स्वागत रथ से आगे बढ़ते हुए नारायणपुर तिराहा पर स्थित स्वतंत्रता संग्राम सैनानी स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करते हुए उन्हे नमन किया। इसी क्रम में लालपुर होते हुए किच्छा पहुंचकर आदित्य चैक पर सौन्दर्यीकरण का लोकार्पण व बण्डिया (खुर्पिया फार्म) किच्छा में बस अड्डे के निर्माण का शिलान्यास किया।

इसके बाद सीएम का स्वागत रथ सितारगंज-नानकमत्ता के लिए आगे बढ़ा। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता व आम जन में भारी उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह मुख्यमंत्री का ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं, गुलाल आदि से भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सबका अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने नानकमत्ता डेरा साहिब पहुंचे, जहां डेरा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह द्वारा उनका मुकुट पहनाकर स्वागत किया इसके पश्चात गुरूद्वारा साहिब में उन्होने माथा टेक कर प्रदेश के अमन चैन व खुशहाली की कामना की। जहां गुरूद्वारा प्रमुख ने मुख्यमंत्री को सरोपा व समृति चिन्ह भेंट किया।

इस अवसर पर जनपद प्रभारी मंत्री यतिश्वरानन्द, अध्यक्ष वन विकास निगम सुरेश परिहार, विधायक राजकुमार ठुकराल, राजेश शुक्ला, सौरभ बहुगुणा, डा. प्रेम सिंह राणा, जिलाध्यक्ष शिव अरोड़ा, सचिव मुख्यमंत्री शैलैश बगोली, मण्डलायुक्त सुशील कुमार, आईजी अजय रौतेला, जिलाधिकारी रंजना राजगुरू, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु खुराना, अपर जिलाधिकारी उत्तम सिंह चैहान, जगदीश चन्द्र काण्डपाल, उत्तराखण्ड ओलम्पिक खेल के सचिव डॉ. डीके सिंह आदि मौजूद थे।

उत्तराखंडः कृषि मंत्री के प्रयासों से नरेंद्रनगर में खुलेगा सेंट्रल स्कूल

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के प्रयासों से नरेंद्रनगर और आसपास ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छा़त्राओं को केंद्रीय विद्यालय की बेहतरीन शिक्षा सुविधा मुहैया होगी। शनिवार को इस संबंध में उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान शिष्टाचार से भेंट की व ज्ञापन सौंपा। जिस पर केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक एवं निर्णायक कार्यवाही हेतु आश्वासित किया।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से भेट कर केन्द्रीय मंत्रिमंडल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के लिए बधाई दी ।इस दौरान दोनों ने उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव और राज्य में राजनीति के हालातों पर चर्चा की।

इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने नरेंद्रनगर में सेंट्रल स्कूल के निर्माण की स्वीकृति हेतु ज्ञापन केंद्रीय मंत्री को सौंपा। ज्ञापन सौंपते हुए कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पूर्व में केंद्रीय सरकार की ओर से नरेंद्रनगर और कोटद्वार में सेंट्रल स्कूल खोलने की सैद्धान्तिक रूप से सहमति बनी थी। बताया कि नरेंद्रनगर तहसील मुख्यालय पर सेंट्रल स्कूल की स्थापना के लिए उनके पास पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। इससे यहां पर नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के अधिसंख्य छात्र-छात्राएं शिक्षा हेतु लाभान्वित हो सकेंगे। उन्होंने व्यापक जनहित हेतु नरेंद्रनगर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना हेतु स्वीकृति प्रदान करने की मांग की। जिसके बाद केंद्रीय मंत्री ने कैबिनेट मंत्री को केंद्रीय विद्यालय के निर्माण हेतु उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।

कैंप कार्यालय में विस अध्यक्ष ने किया रिटायर हो चुके शिक्षकों को सम्मानित

गुरु पूर्णिमा पर कैंप कार्यालय में स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने विभिन्न विद्यालय व महाविद्यालय के सेवानिवृत प्राचार्यों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि गुरु के बिना जीवन की सार्थकता और ज्ञान प्राप्ति असंभव है।

स्पीकर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु पूर्णिमा का विशेष महत्व है। गुरु के बिना न तो जीवन की सार्थकता है और न ही ज्ञान प्राप्ति संभव है। भारत में गुरु शिष्य परंपरा के अनेक उदाहरण है। इस दिन गुरुओं से आशीर्वाद प्राप्त कर दान देने की भी परंपरा है। इस दौरान पीजी कॉलेज ऋषिकेश के पूर्व प्राचार्य डॉ. एनपी माहेश्वरी, डॉ. जेसी मिश्रा, डॉ. पीएस मकलोगा, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. विजय लक्ष्मी, डॉ. एनसी त्रिवेदी, जीएस बिष्ट, श्रीभरत मंदिर इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य डीबीपीएस रावत, आईडी जोशी, डीडी तिवारी, रघुवंश कुमार, गोविंद बिष्ट, शकुंतला जोशी को शॉल ओढ़ाकर व पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया। मौके पर आरएसएस के प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल भी मौजूद रहे।

मुनिकीरेतीः पेयजल लाइन के धीमे कार्य पर नाराज दिखे पालिकाध्यक्ष

14 बीघा-ढालवाला क्षेत्र में पानी की लाइन बिछाने के लिए हुई क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी और सभासदों ने पेयजल निगम के आला अधिकारियों के संग बैठक की। इसमें उन्होंने पेजयल लाइन के धीमे कार्य पर कड़ी नाराजगी भी व्यक्त की।

गौरतलब है कि विश्व बैंक योजना के तहत चैदह बीघा- ढालवाला क्षेत्र में पेयजल लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। जिस कारण यहां अधिकांश सड़कें खुदी हुई हालत में क्षतिग्रस्त पड़ी हैं। पालिका सभागार में बैठक को संबोधित करते हुए पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने कहा कि आए दिन क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण चैदह बीघा- ढालवाला क्षेत्र में लोगों को आवाजाही करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सालभर बीतने के बावजूद सड़कों की हालत जस की तस बनी है। जिस कारण स्थानीय लोग आक्रोशित हैं। इस दौरान पालिकाध्यक्ष ने पेयजल निगम के सहायक अभियंता जीतमणि बेलवाल को शीघ्र ही क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरस्त करने के निर्देश दिए।

मौके पर सभासद गजेंद्र सजवाण, विरेंद्र चैहान, राजेंद्र थलवाल, कौशल चैहान, अजय रमोला, हिकमत नेगी, सलाहकार पीएमसी पल्लवी जोशी, श्रद्धा बिष्ट, कुंवर सिंह चैहान, जीआरसी सदस्य सुशीला, नितिन त्यागी, डिंपल चैहान आदि उपस्थित थे।

हैलोे में भोला बोल रहा हूं, तुम्हारा बच्चा मेरे पास है…..अपहरणकर्ता के यह शब्द सुन भर आईं मां की आंखें

ऋषिकेश में 12 वर्षीय नाबालिग का टाइल्स लगाने वाले एक राजमिस्त्री ने अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ता राजमिस्त्री पूर्व में पीड़ित परिवार के घर छह माह तक रहकर टाइल लगा चुका है। सूचना से नगरभर में हड़कंप मचा रहा। वहीं, पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना देकर पांच टीमें गठित की। यह घटना दोपहर करीब एक बजकर 30 मिनट पर घटित हुई। वहीं, यूपी के बिजनौर जिला के धामपुर क्षेत्र से पुलिस ने अपहरणकर्ता राजमिस्त्री को रोडवेज बस के भीतर से पकड़ लिया है, वहीं नाबालिग बच्चे को सकुशल बरामद भी किया है। पुलिस टीम आरोपी और नाबालिग को लेकर ऋषिकेश आ रही है। नाबालिग बच्चे के पिता एम्स में सुरक्षाकर्मियों के सुपरवाइजर पद पर कार्यरत है।

कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी ने अपहरणकर्ता की पहचान भोला निवासी चंपारन बिहार हाल निवासी माया मार्केट श्यामपुर ऋषिकेश के रूप में कराई है।

वहीं, उत्तर प्रदेश पुलिस ने बिजनौर जिले के धामपुर से पास रोडवेज बस से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही नाबालिग को सकुशल बरामद भी किया है।

निशुल्क बिजली के बाद अब बिजली चोरी पर सरकार की रहेगी सख्ती

ऊर्जा मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने प्रदेश में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कार्ययोजना को अमल में लाने के लिए निर्देश जारी किए है।

ऊर्जा मंत्री डा हरक सिंह रावत विभाग को 100 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं का बिल माफ करने और 200 यूनिट तक खपत करने वालों से 50 फीसद बिल लेने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दे चुके हैं। इस पर करीब 400 करोड़ से अधिक का बोझ सरकारी खजाने पर पड़ेगा। इसकी भरपाई के लिए बिजली चोरी पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा। ऊर्जा मंत्री के इस संबंध में निर्देश के बाद विभाग इसे लेकर भी जल्द कार्ययोजना को अंतिम रूप देगा।

बता दें कि बीते दिनों ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक हुई। इसमें मुख्य सचिव डा. एसएस संधू भी राज्य में बिजली चोरी रोकने और लाइन लास में कमी लाने के लिए लगातार प्रयास जारी रखने की हिदायत दे चुके हैं। हालांकि ऊर्जा निगम ने बीते चार वर्षों में राजस्व वृद्धि को उपायों पर जोर दिया है। विद्युत चोरी हतोत्साहित करने को ऊर्जागीरी अभियान चलाया जा रहा है। वहीं बिलिंग दक्षता में चार फीसद वृद्धि हुई है। वर्ष 2020-21 में लाइन लास में कमी आई। ट्रांसमिशन लास 2017-18 में 1.39 फीसद था, जो वर्ष 2020-21 में 1.11 फीसद है। लाइन लास कम करने और बिजली चोरी रोकने के लिए अब सख्त कदम उठाने की पैरोकारी की जा रही है।

भाजपा सरकार ने जितने शिलान्यास किए, उन सभी का लोकार्पण करना हैः सीएम

मुख्यमंत्री बनने के बाद पुष्कर सिंह धामी पहली बार अपने गृह जनपद पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं में सीएम को देखकर खासा उत्साह नजर आया। मौके पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड को विकास के नजरिए से देश में नंबर वन बनाएंगे। राज्य में तेजी से बिजली, उद्योग व पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि राजस्व में भी इजाफा होगा। बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में उद्योग को बढ़ावा देने को कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

सीएम ने कहा कि राज्य में 22 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इससे राज्य के हाईवे बनेगे और विकास कार्य होंगे। भाजपा सरकार ने जितने भी शिलान्यास हुए हैं, उन सभी का लोकार्पण करना है। टनकपुर से बागेश्वर तक नैनोगेज के लिए सर्वे किया गया था, उसे ब्राडगेज के लिए सर्वे कराया जाएगा। कहा कि आजादी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कार्य सात साल में किए हैं, वह बाकी वर्षों में किए गए कार्यों पर भारी है। नजूल भूमि पर मालिकाना हक व बाजपुर में 20 गांव के मामले का सामधान किया जाएगा। जसपुर से सुल्तानपुरपट्टी तक सड़क निर्माण के लिए 40 करोड़ रुपये मिले हैं। 2340 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने युवाओं में जोश भरा कि मिशन 2022 फतह करने के लिए कार्यकर्ता अभी से एकजुट हो जाएं। सभी कार्यकर्ता सीएम हैं और सभी कार्यकर्ता को काम मिले। कहा कि जल्द वात्सल्य योजना लांच किया जाएगा। विधायक राजकुमार ठुकराल ने सीएम को तलवार भेंट किया।

इस मौके पर जिला प्रभारी मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, परिवहन मंत्री यशपाल आर्य, शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय, रुद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल, किच्छा विधायक राजेश शुक्ला, नानकमत्ता विधायक प्रेम सिंह राणा, काशीपुर के विधायक हरभजन सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, राजेंद्र बिष्ट, काशीपुर की मेयर ऊषा चैधरी, आशीष गुप्ता, भारत भूषण चुघ, विपिन जल्होत्रा, पूर्व सांसद बलराज पासी, गुरविंदर सिंह चंडोक आदि मौजूद थे।

केंद्र व राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण को संकल्पित होकर हैं कार्यरतः स्पीकर

स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने चक जोगीवाला माफी में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। मौके पर समस्याओं के निस्तारण को अधिकारियों को निर्देशित भी किया। साथ ही मौके पर सड़क निर्माण को विधायक निधि से 15 लाख रुपये देने की घोषणा की।

चक जोगीवाला में जनता मिलन कार्यक्रम में स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा जनकल्याण को सर्वोपरि मानते हुए अभूतपूर्व कार्यों के माध्यम से विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए गए हैं। आधारभूत विकास के साथ जन कल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ पात्र व्यक्ति को सुनिश्चित किया गया है। केंद्र एवं राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण को संकल्पित होकर कार्यरत है। चक जोगीवाला ग्राम पंचायत में लोक निर्माण विभाग एवं विधायक निधि से आंतरिक सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किए गए हैं। वहीं नमामि गंगे के माध्यम से बाढ़ सुरक्षा कार्य, सिंचाई विभाग के माध्यम से नहर मरम्मत का कार्य किए गए हैं। क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त किया गया है। उन्होंने क्षेत्र के बुजुर्गों एवं महिलाओं को सम्मानित किया और क्षेत्र में आंतरिक सड़क निर्माण के लिए 15 लाख देने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनी व उनके निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

मौके पर ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, प्रधान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष सोबन सिंह कैंतुरा, चक जोगीवाला के प्रधान भगवान सिंह महर, भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष संमा पवार, खैरीकला प्रधान चंद्रमोहन पोखरियाल, रोशन कुडियाल, सुंदर सिंह कडिंयाल, प्रिंस रावत आदि उपस्थित थे।

नाबालिग लड़की से जबरन दुष्कर्म का आरोप, मुकदमा दर्ज, आरोपी अरेस्ट


कोतवाली ऋषिकेश ने एक पिता की शिकायत पर युवक को गिरफ्तार किया है। युवक पर आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता की नाबालिग लड़की के साथ कार के अंदर जबरन रेप किया। पुलिस ने आरोपी पर पोक्सो अधिनियम में मुकदमा भी दर्ज किया है।

दरअसल, ऋषिकेश निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। बताया कि एक लड़का पिछले कुछ माह से उनकी नाबालिग बेटी को परेशान कर रहा है तथा आवागमन के दौरान जबरन परेशान भी कर रहा है। बताया कि बीती 23 अप्रैल को उनकी बेटी दुकान से घर लौट रही थी। तभी उक्त युवक ने एक कार के अंदर बात करने के बहाने बैठा दिया और सुनसान इलाका लक्कड़ घाट की ओर लेकर गया। आरोप है कि यहां युवक ने डरा धमका कर कार में ही उनकी नाबालिग बेटी के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और 18 जुलाई को दोबारा अपने साथ चलने को कहा। शिकायतकर्ता की बेटी ने जब मना किया तो आरोपी युवक ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी।

कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी पर पोक्सो अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत कर गिरफ्तार किया है। उन्होंने आरोपी की पहचान क्राशुं चैहान पुत्र समर पाल सिंह निवासी गली नंबर 8, गुमानीवाला श्यामपुर ऋषिकेश के रूप में कराई है।