सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गंभीरता से सुनी सफाई कर्मचारियों की समस्याएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में सफाई कर्मचारी संगठन संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों की विभिन्न समस्याएं रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की सभी समस्याओं को गम्भीरता से लिया जायेगा। समस्याओं के उचित समाधान के लिए हर सम्भव प्रयास किये जायेंगे।

सफाई कर्मचारी संगठन संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष राज्य बनने के समय के सफाई कर्मचारियों के नियमित पदों को पुनर्जीवित करने एवं सफाई कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि करने की मांग की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य स्थापना के समय सफाई कर्मचारियों के जितने पद राज्य में थे, उनको पुनर्जीवित करने के लिए पत्रावली का पूर्ण परीक्षण किया जायेगा और उचित समाधान निकाला जायेगा। मोहल्ला स्वच्छता समिति के सफाई कार्मिकों को 10 हजार रूपये का प्रतिमाह मानदेय पर विचार किया जाएगा। इनको अभी 08 हजार रूपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है।

इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत, सचिव शैलेश बगौली, निदेशक शहरी विकास विनोद कुमार सुमन, सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष अमीलाल, उपाध्यक्ष अजय राजौर, बलवीर सिंह, राम अवतार राजौर, महेन्द्र सिंह राही, भगवत मकवाना, हरीश बाल्मीकि आदि उपस्थित थे।

भोले महाराज के जनमदिन पर 461 परिवहन कर्मियों को मिली राशन किट


हंस फाउंडेशन के सहयोग से चालकों और परिचालकों को परिवहन महासंघ ने खाद्य सामग्री बांटी। मौके पर 461 लोगों को राशन दिया गया। हंस कल्चरल सेंटर के संस्थापक भोले महाराज के जन्मदिन पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यात्रा बस अड्डे पर उत्तराखंड परिवहन महासंघ ने हंस कल्चरल सेंटर के संस्थापक भोले महाराज के जन्मदिन पर 461 चालक, परिचालक व वाहन सफाई कर्मियों को खाद्य सामग्री के पैकेट वितरित किए। महासंघ के अध्यक्ष सुधीर राय ने बताया कि कोरोना महामारी के चलते परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को आर्थिक नुकसान हुआ है। हंस कल्चरल सेंटर संस्था से मदद की गुहार लगाई थी। इस पर सेंटर द्वारा चालकों-परिचालकों और क्लीनरों को खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाई गई। बुधवार को टैक्सी एवं जीप चालकों को और गुरुवार को ऑटो और विक्रम चालकों को खाद्य सामग्री वितरित की जाएगी।

मौके पर यातायात पर्यटन विकास सहकारी संघ के उपाध्यक्ष नवीन रमोला, टीजीएमओसी के पूर्व अध्यक्ष बलवीर सिंह रौतेला, यतेंद्र बिजल्वाण, भूपाल सिंह नेगी, विनोद भट्ट, मदन कोठारी, मेघ सिंह चैहान, योगेश उनियाल, दाताराम, जसपाल रौतेला, दयाल सिंह भंडारी, विक्रम भंडारी, हुकम पोखरियाल, राकेश सेमवाल, करण पंवार, मुकेश नेगी, बृजेश उनियाल, मान सिंह पंवार, दिवेश डोभाल, जितेंद्र, सुरेंद्र चैधरी, मनोज आर्य, आशुतोष तिवारी आदि उपस्थित रहे।

उत्तराखंड सचिवालय में हुई कैबिनेट की बैठक में 11 प्रस्तावों पर मुहर लगी


कैबिनेट ने शिक्षण संस्थानों को 1 अगस्त से सुबह 6 से दोपहर 12 बजे तक के स्कूलों को खोले जाने का फैसला लिया है।

इसके साथ ही 23 से 27 अगस्त तक विधानसभा सत्र होगा।

कैबिनेट ने कौसानी को क्षेत्र घोषित कर दिया है। इसके साथ ही कौसानी को नगर पंचायत बनाने के रूप में मंजूरी दे दी है।

पंतनगर में ग्रीनफील्ड एअरपोर्ट को लेकर भी चर्चा हुई, जिस पर कैबिनेट ने 6 महीने के अंदर DPR बनाने के निर्देश दिए हैं।साथ ही एयर इंडिया को कंसल्टेंट नियुक्त करने की भी मंजूरी दी है।

आर्थिक संकट से गुजर रहे छात्रों को यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन द्वारा आयोजित परीक्षा में जिसमें प्रिमलरी टेस्ट का प्रावधान है। उसमें बच्चों को 50 हजार सहायता किया जाएगा। यानी राज्य सरकार अब 100 बच्चों को तैयारियों के लिए पैसा देगी।

सरकार द्वारा पर्यटन क्षेत्रों के तमाम लोगों को पैकेज के माध्यम से मदद करने की घोषणा को सरकार ने अनुमोदित किया।

सांस्कृतिक दलों को ₹2000 प्रति माह के हिसाब से 5 महीने तक सहायता दी जाएगी।

देहरादून एसीपी वेतन विसंगति सम्बन्धी प्रकरणों में फैसला लिया गया है। पूर्व चीफ सेक्रेटरी इंदु कुमार पांडेय के नेतृत्व में कमेटी बनी। इस रिपोर्ट के आधार पर सब कमेटी की रिपोर्ट बनेगी। अधिकतम तीन माह में मिलेगी रिपोर्ट।

ऊर्जा महकमे में जारी आंदोलन के बाबत बनी कमेटी।
अमिता जोशी,अरुन्द्र चैहान,वित्त अनुभाग के अफसर शामिल होंगे।

मेडिकल कॉलेज हरिद्वार, पिथौरागढ़, रुद्रपुर के प्राचार्य वित्तीय प्रशासनिक अधिकार के तहत खुद का वेतन, ऑफिस का खर्चा, पीए की सैलरी के लिए पैसा व्यक्तिगत हस्ताक्षर से ले सकते हैं।

वन भूमि की लीज से संबंधी नीति की लिपिकीय त्रुटि को ठीक करने की संस्तुति।

मुनिकीरेती में प्लास्टिक बिक्री पर रोक लगाने को चालान करें विभागः अपर आयुक्त

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र में पूरी तरह से सिंगल यूज प्लास्टिक की बिक्री पर बैन लगाया जाए। राजस्व, पुलिस और पालिका प्रशासन तीनों अपने स्तर से चालान आदि की कार्यवाही कर इसकी बिक्री पर अंकुश लगाएं। आज पालिका सभागार में आयोजित बैठक में अपर आयुक्त ने आला अधिकारियों को प्लास्टिक बिक्री की रोकथाम हेतु कड़े निर्देश दिए।

बैठक में पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने अपर आयुक्त हरक सिंह रावत का बुके देकर स्वागत किया। इस दौरान अपर आयुक्त ने प्लास्टिक बिक्री की रोकथाम हेतु सभी अधिकारियों को चालान बुक साथ में रखने के निर्देश दिए। कहा कि कूड़ा वाहनों में कूड़े के लिए तीन अलग जगहें बनाई जाएं। इसमें तीनों का प्रयोग अलग-अलग कूड़े के लिए किया जाए। उन्होंने पालिका के सभी कूड़ा वाहनों में जीपीएस एक्टिवेट करने के निर्देश दिए। इसके अलावा एक कूड़ा वाहन और एक ड्राईवर को रिजर्व रखने के लिए कहा ताकि इमरजंसी आदि में उनका प्रयोग किया जा सके। ईओ बीपी भट्ट ने बताया कि अजैविक कूड़े को बेचकर पालिका को अब तक 15 लाख रूपए की आय प्राप्त हो चुकी है। प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों का चालन कर वसूली की जा रही है, इसमें 55 हजार रूपए की वसूली की जा चुकी है। बताया कि निकाय की ओर से खुले में कूड़ा फेंकने वालों के विरूद्ध भी लगातार कार्यवाही की जा रही है। इससे अब तक निकाय को 56 हजार की आय प्राप्त हो चुकी है। साथ ही निकाय की ओर से होर्डिंग शुल्क हेतु निविदा कर दी गई है।

मौके पर सीओ नरेंद्रनगर रविंद्र चमोली, तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल, कर निरीक्षक अनुराधा गोयल, लिपिक त्रिलोक सिंह रावत, दीपक कुमार, रंजन कुमार, सफाई नायक देवेंद्र, मायाराम, महिपाल, राजू, सौरभ पांडे आदि उपस्थित थे।

आयुक्त ने दी ईओ को शाबासी
बैठक में अपर आयुक्त हरक सिंह रावत ने पालिका के ईओ बीपी भट्ट की पीठ भी थपथपाकर उन्हें शाबासी दे दी। उन्होंने पालिका के विकास हेतु ईओ के किए कार्यों की जमकर सराहना भी की।

मल्टीस्टोरी पार्किंग का प्रस्ताव भेजें
बैठक में अपर आयुक्त हरक सिंह रावत ने ईओ बीपी भट्ट को पालिका क्षेत्र में मल्टीस्टोरी पार्किंग के निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार कर भेजने के लिए निर्देशित किया। कहा कि यहां पार्किंग के निर्माण से सीजन के दौरान जाम जैसी समस्याओं से निजात मिलेगी।

आवारा गौवंशों के लिए बनाएं टीन शेड
बैठक में अपर आयुक्त हरक सिंह रावत ने ईओ बीपी भट्ट को सड़क में घूमने वाले आवारा गौवंशों की रोकथाम हेतु जगह ढूंढकर टीनशेड बनाने एवं उनकी सुरक्षा हेतु एक पर्यावरण मित्र को यहां तैनात करने के निर्देश दिए।

शहीद स्मारक पर कारगिल शहीदों को सीएम ने दी श्रद्धांजलि


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क, देहरादून में शौर्य दिवस के अवसर पर शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि दी। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय सैनिकों ने कारगिल युद्ध में विपरीत परिस्थितियों में वीरता का परिचय देते हुए घुसपैठियों को सीमा पार खदेड़ा। कारगिल युद्ध में देश की सीमाओं की रक्षा के लिए वीर सैनिकों के बलिदान को राष्ट्र हमेशा याद रखेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल युद्ध में बड़ी संख्या में उत्तराखण्ड के सपूतों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहूति दी। राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों के कल्याण के लिए वचनबद्ध है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर घोषणा की कि उत्तराखंड से द्वितीय विश्व युद्ध की वीरांगना एवं वेटरन को अब प्रतिमाह पेंशन 8 हजार रुपए से बढ़ाकर 10 हजार रुपए दी जाएगी। इसका फायदा लगभग 800 परिवारों को मिलेगा। एनडीए, सीडीएस एवं उसके समकक्ष लिखित परीक्षा पास करने पर परिवार की आर्थिक स्थिति के आधार पर अभ्यर्थी को साक्षात्कार की तैयारी के लिये 50 हजार रुपए की वित्तीय सहायता दी जाएगी। जल्द ही सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए पढ़ाई हेतु हल्द्वानी में छात्रावास बनाया जाएगा। वीर नारियों एवं वीरता पुरस्कार प्राप्तकर्ता सैनिकों के सम्मान में गढ़वाल एवं कुमाऊं मण्डल में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। 01 सितंबर से प्रदेश में सैन्य सम्मान यात्रा शुरू की जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके बाद कारगिल शहीद नागा रेजीमेंट के नायक स्व. देवेन्द्र सिंह रावत के कौलागढ़ स्थित आवास जाकर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किये। इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, विधायक हरवंश कपूर, खजानदास, मेयर सुनील उनियाल गामा ने भी शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

सीएम के 205 करोड़ के प्रोत्साहन पैकेज से 3 लाख 73 हजार 568 लोग होंगे लाभान्वित


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वैश्विक महामारी कोविड-19 से निपटने हेतु प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र और इसमें कार्यरत कार्मिकों के लिए 205 करोङ रूपये से अधिक के प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा की है। इससे प्रदेश के 3 लाख 73 हजार 568 लोग लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित जनता दर्शन हॉल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कोरोना योद्धा सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के लगभग 50 कोरोना योद्धाओं को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि एक वर्ष से अधिक अवधि से लगातार कोविड- 19 जैसी भयानक वैश्विक महामारी से लड़ाई में हमारे स्वास्थ्य क्षेत्र के अधिकारियों, चिकित्सकों, पैरा मेडिकल स्टाफ, चतुर्थ श्रेणी तथा अन्य समस्त कर्मियों द्वारा दिन-रात समर्पण एवं सेवाभाव के साथ दिन-रात मेहनत कर अत्यन्त ही सराहनीय कार्य किया जा रहा है। इनके द्वारा समर्पण भाव से किये गये कर्तव्य निर्वहन को वित्तीय रूप से कंपनसेट (भरपाई) करना संभव नहीं है। फिर भी, राज्य सरकार द्वारा ऐसे कार्मिकों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रोत्साहन सहायता ध् राशि प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा घोषित पैकेज के अन्तर्गत आगामी 5 माह हेतु आशा फसिलिटेटर एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को 2-2 हजार रूपए प्रतिमाह दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के ग्रुप सी एवं डी के कार्मिकों को 3-3 हजार रूपये तथा चिकित्सकों को 10-10 हजार रूपये की धनराशि प्रोत्साहन स्वरूप दी जायेगी। इससे लगभग 61000 कार्मिक लाभान्वित होंगे। साथ ही 1120 आशा फैसिलिटेटर एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को एक-एक टैबलेट भी प्रदान किया जायेगा। इन कार्मिकों को कोविड-19 के दुष्प्रभाव से बचाने तथा इनमें रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उददेश्य से इन्हें आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक किट भी वितरित की जायेगी। उपरोक्त योजनाओं से लगभग 3,73,568 व्यक्ति लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का भी निर्णय लिया गया है। इसके अन्तर्गत जनपद हरिद्वार एवं पिथौरागढ़ में राजकीय मेडिकल कालेज की स्थापना की जायेगी, जिसके लिए चालू वित्तीय वर्ष में 70-70 करोड़ रूपए की धनराशि अवमुक्त की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनमानस तक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराने हेतु कृत-संकल्प है। इसी कारण चिकित्सा क्षेत्र में उपरोक्त सम्पूर्ण योजनाओं पर लगभग 205 करोड़ रूपए की धनराशि व्यय करने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने कोरोना के बचाव के लिये राष्ट्रीय स्तर पर की गई पहल के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी जी के कुशल नेतृत्व, सीमित संसाधन में देश में ही कोरोना वैक्सीन तैयार की गई तथा अनेक देशों को भी उपलब्ध करायी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश में सभी को मुक्त वैक्सीन की सुविधा तो प्रदान की ही देश के 80 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मुफ्त राशन भी उपलब्ध कराया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लोगों को और बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिये उत्तराखण्ड अटल आयुष्मान योजना को संवेदनशीलता के साथ और अधिक व्यावहारिक बनाया जायेगा। उन्होंने डॉक्टरों को धरती पर दूसरे भगवान की संज्ञा देते हुए कहा कि चिकित्सकों पर जनता की बेहतर सेवा करने की जिम्मेदारी है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि कोरोना योद्धाओं ने विपरीत परिस्थितियों में रात दिन काम किया। एक माह में सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में कोरोना योद्धाओं के सम्मान समारोह किये जाएंगे। 30 दिसम्बर 2021 तक प्रदेश में सौ प्रतिशत वैक्सीनेशन कर दिया जाएगा। पूरे देश मे वैक्सीनेशन में पांचवे नम्बर पर हैं। नवम्बर तक हम पहले स्थान पर आ जाएंगे। 42 लाख से अधिक लोगों के अटल आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। अभी तक 2 लाख 93 हजार से अधिक लोग इससे लाभान्वित हो चुके हैं। हम हर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य मेले लगाएंगे। स्वास्थ्य विभाग में 7 हजार लोगों को रोजगार दिया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हमारे चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों का जितना सम्मान किया जाए, कम है। चिकित्सक वास्तव मे देवतुल्य है। इनके कारण ही आज कोविड नियंत्रित अवस्था में है।

सचिव डॉ पंकज कुमार पाण्डेय ने बताया कि कोविड काल में प्रदेश में हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर में कई गुना सुधार किया गया है। मार्च 2020 में जिला कोविड केयर सेंटर एक भी नहीं था, जुलाई 2021 में 320 हो गये। आक्सीजन सपोर्ट बैड मार्च 2020 में 673 से बढ़कर 6572 हो गये हैं। इस अवधि में आईसीयू बैड 216 से बढकर 1655, वेंटिलेटर 116 से बढकर 1014 हो गये। आक्सीजन जनरेशन प्लांट पहले केवल एक था, अब 24 हो गये हैं। मेडिकल अफसर की संख्या 1861 से बढ़कर 2351 हो गई है। आरटीपीसीआर टेस्टिंग लैब केवल 01 थी जो कि अब 37 हो गई हैं। अब हमारे पास 64 ट्रू नेट मशीन हैं। वैक्सीनेशन में हम राष्ट्रीय औसत से आगे हैं। 50 प्रतिशत को पहली डोज लगाई जा चुकी हैं।
कोविड की सम्भावित तीसरी लहर की जानकारी देते हुए डॉ पंकज कुमार पाण्डेय ने बताया कि राज्य में 1945 पैडियाट्रिक आक्सीजन बैड और 739 एनआईसीयू, पीआईसीयू बैड बच्चों में कोविड मामलों के लिये चिन्हित किये गये हैं। बच्चों के लिए माइक्रो न्यूट्रिएंट की व्यवस्था की गई है। 10 अगस्त 2021 तक सभी सीएचसी, पीएचसी, सब सेंटर में जरूरी दवाईया उपलब्ध करा दी जाएंगी। स्वास्थ्यकर्मियों को ट्रेनिंग भी दी जा रही हैं। पीएचसी व सीएचसी स्तर तक कोविड टेस्टिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम में सम्मानित होने वालों में महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, उत्तराखण्ड डॉ. तृप्ति बहुगुणा, चिकित्सा शिक्षा विभाग, उत्तराखण्ड के डॉ आशुतोष सयाना, राज्य कोविड-19 कंट्रोल रूम के डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, डॉ. अखिलेश त्रिपाठी, पारितोष राणा, मनोज वर्मा ,दंत शल्यक डॉ. मुकेश राय, अपर निजी सचिवध्वैयक्तिक सहायक प्रदीप सेमवाल, वैयक्तिक सहायक बलवीर सिंह नेगी, डी.ई.ओ श्री जयदीप, फार्मासिस्ट अरविन्द रौतेला, जी.एस. रावत, सुरेश जोशी, नर्सिंग अधिकारी प्रियंका नेगी, निर्मला चन्द्र, ए.एन.एम पूनम, सरला थपलियाल, दीपा जोशी, कनिष्ठ सहायक राजन ठाकुर, डाटा मैनेजर अंकित अग्रवाल, लैब टैक्नीशियन उमेश सैनी, अमित नैथानी, गिरीश गैरोला, राहुल कुमार, हिमांशु बिष्ट, उपचारिका भावना पंत, अर्चना सक्सेना, हरिप्रसाद जोशी, आशा पूर्णी देवी, आशा फैसीलेटर पुष्पा जोशी, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुन्दर नेगी, स्वच्छक आशीष, रामरोताश, विशाल, कक्ष सेवक अनुप कुमार, संदीप बरागी, नवीन, वाहन चालक जी.बी. जोशी, भगवान सिंह असवाल, राजेन्द्र रावत, वीरेन्द्र रावत, महेश राणा, सुभाष गौतम शामिल हैं।
सचिव स्वास्थ्य अमित नेगी ने कोरोना से बचाव में सहयोग के लिये सभी विधायकों, नगर निगम के मेयरों, जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस प्रशासन, मेडिकल कॉलेजों, मेडिकल संस्थानों, मीडिया प्रतिनिधियों सहित सभी कार्मिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से हम राज्य में कोरोना की संभावित तीसरी लहर की रोकथाम के लिये 31 जुलाई तक तैयारी पूरी करने में सफल होंगे।
इस अवसर पर विधायक राजेश शुक्ला, सौरभ बहुगुणा, डीजी हेल्थ डॉ तृप्ति बहुगुणा कुलपति उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय प्रौ. हेमचंद पांडे, दून मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ आशुतोष सयाना आदि उपस्थित थे।

57 वर्षीय जवान का सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

साहबनगर निवासी आईटीबीपी के सिपाही पद पर तैनात चिंतामणि डंगवाल का निधन बीते रोज हार्ट अटैक से हो गया। आज जवान का अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ किया गया।

ऋषिकेश निवासी चिंतामणि डंगवाल 57 वर्ष के थे। वे इन दिनों गौचर में तैनात थे। रविवार दोपहर को हृदय गति रुकने से जवान चिंतामणि डंगवाल का देहांत हो गया। इसके बाद सोमवार को पूर्णानंद घाट पर उनका अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ किया गया। चिंतामणि डंगवाल का एक पुत्र एवं दो पुत्रियां हैं। उनके पुत्र पंकज डंगवाल ने चिता को मुखाग्नि दी। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर एचएन डंगवाल, विशालमणि डंगवाल, महेश डंगवाल, अनिल बिजल्वाण, कमलेश जोशी, देवेंद्र डंगवाल, धनीराम सकलानी, प्रधान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष सोबन कैंतूरा, प्रधान चंद्रमोहन पोखरियाल आदि उपस्थित रहे।

नरेंद्र नगर की मंडी से स्थानीय कृषकों की आर्थिक स्थिति होगी मजबूतः सुबोध


नरेंद्रनगर की मंडी स्थानीय कृषकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगी। प्रधानमंत्री के किसानों की आय को दोगुना करने का संकल्प इस मंडी से अवश्य पूर्ण होगा। सोमवार को नरेंद्रनगर में प्रदेश की नंबर वन नवनिर्मित सहकारी मंडी के उद्घाटन के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने यह बातें कही। उन्होंने बताया कि इस मंडी के माध्यम से किसानों का शोषण करने वाले बिचैलियों को रोकने में भी सहायता मिलेगी।

सोमवार दोपहर को वैदिक मंत्रोच्चार के बाद रिबन काटकर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने नरेंद्रनगर में नवनिर्मित सहकारी मंडी का शुभारंभ किया। इसे जनता को समर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को इसका भरपूर लाभ उठाना चाहिए। आढ़तियों को इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए कि लोगों का मंडी के प्रति विश्वास बढ़े। डीजीएम अनिल सैनी ने बताया कि 1.03 हेक्टेअर में नरेंद्रनगर में मंडी परिसर फैला हुआ है। बताया कि यह मंडी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसमें 10 कोल्ड स्टोरेज रूम की सुविधा उपलब्ध हैं। जिनकी सहायता से किसान उचित दाम पर अपनी फल-सब्जी विक्रय कर सकता है।

मौके पर ब्लाक प्रमुख राजेंद्र भंडारी, नगर पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्रनगर राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, गजा पालिकाध्यक्ष मीना खाती, मंडी सचिव नंदिनी उनियाल, डीजीएम एनपी सिंह, महिला जिला मोर्चा अध्यक्ष रेखा राणा, पूर्व राज्य मंत्री रोशन लाल सेमवाल आदि उपस्थित थे।

देश को आगे बढ़ाने में युवाओं की अहम भूमिका होती हैः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। उन्होंने कहा कि मन की बात कार्यक्रम लोगों को नए कार्य करने एवं समाज के लिए अनेक कार्य करने की प्रेरणा देता है। इस कार्यक्रम के माध्यम से देश में अनेक क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वालों से लोगों को भी प्रेरणा मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मन की बात के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वोकल फॉर लोकल को आगे बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए हैंडलूम एवं अन्य स्थानीय उत्पादों की खरीद पर बल दिया। 15 अगस्त 2022 को देश आजादी के 75 वर्ष पूर्ण कर रहा है। आजादी के 75 वर्ष के उपलक्ष्य में 12 मार्च से देश में अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। अमृत महोत्सव सम्पूर्ण देशवासियों का कार्यक्रम है। यह समय देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि देने का है। प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में कारगिल विजय दिवस का भी जिक्र किया। कारगिल विजय हमारे सैनिकों के शौर्य एवं पराक्रम का जीता जागता उदाहरण है। कारगिल युद्ध में उत्तराखंड के अनेक वीर जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपनी शहादत दी। 26 जुलाई 1999 का दिन भारत के इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश को आगे बढ़ाने में युवाओं की अहम भूमिका होती है। प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में इस बात का भी जिक्र किया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से अधिकांश सुझाव युवाओं के प्राप्त हो रहे हैं। युवाओं की सक्रियता एवं सुझावों की वजह से यह कार्यक्रम काफी सफल रहा है। टोक्यो ओलंपिक में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों का हौंसला बढ़ाने के लिए भी मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री की अपील पर मुख्यमंत्री ने सभी को कोरोना की गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।

वरिष्ठ नागरिक दर्पण का स्पीकर अग्रवाल ने किया लोकार्पण

नगर के वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन द्वारा आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में संगठन की द्विवार्षिक पत्रिका ‘वरिष्ठ नागरिक दर्पण’ के 8 वें प्रकाशन का लोकार्पण उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने किया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन के द्वारा समाज हित में किए जा रहे कार्यों को लेकर संगठन को विधायक निधि से 2 लाख रुपए देने की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन जहां वरिष्ठ नागरिकों की चिंता करते हैं वही समाज में अनेक सामाजिक कार्यों में भी अपनी भूमिका का निर्माण कर रहे हैं। कहा कि भारत की संस्कृति में हमेशा वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान रहा है उन्होंने कहा है कि भारतवर्ष में कभी भी वृद्धाश्रम की परंपरा नहीं रही। कहा कि माता-पिता की सेवा करना भारत के नागरिक अपना पुण्य कर्तव्य समझते हैं। परंतु पश्चिमी सभ्यता के बढ़ते प्रभाव में आज वृद्ध आश्रमों की संख्या बढ़ रही है जो चिंताजनक है।

कहा कि वरिष्ठों द्वारा जीवन में किए गए कार्यों के अनुभव का लाभ युवा पीढ़ी को लेना चाहिए ताकि वह एक अच्छे समाज का निर्माण कर सकें। इस अवसर पर कोरोना काल के दौरान अनेक महानुभाव द्वारा सेवा के कार्य किए गए ऐसे कोरोना योद्धाओ का भी सम्मान किया गया। जिसमें डॉ. दीपक कुमार, डॉ जगदीश जोशी, सरोज डिमरी, कंचन बंसल, नीरजा गोयल, नूपुर गोयल आदि शामिल रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष हरीश ढींगरा ने की एवं संचालन महासचिव एसपी अग्रवाल द्वारा किया गया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में सीमा डेंटल कॉलेज के डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ हिमांशु ऐरन, पूर्व निदेशक उच्च शिक्षा एमसी त्रिवेदी, प्रधानाचार्य राजेन्द्र प्रसाद पांडे, डीडी तिवाडी, पीके जैन, सत्येंद्र शर्मा, बाबूराम अग्रवाल, अजय गर्ग, के.एस राणा, नरेश गर्ग, जयेंद्र रमोला, आईडी जोशी, आरपी डंगवाल आदि उपस्थित थे।