व्यापारियों ने थाली बजाकर सरकार की गाइडलाइन के खिलाफ जताया विरोध

व्यापारियों की लगातार की जा रही अनदेखी के विरोध में नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ऋषिकेश के आह्वान पर व्यापारी एकजुट हुए और थाली बजाकर सांकेतिक रूप से अपना विरोध प्रदर्शित किया।

नगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कहा कि व्यापारियों के प्रति सरकार ऐसे आंख मूंदकर बैठी है व्यापारी इनके गुलाम हो इन्हें जिस प्रकार चाहे अनदेखा करती रहे अथवा जिस प्रकार चाहे गुमराह करती रहे व्यापारी सरकार की हां में हां मिलाता रहेगा, किंतु अब व्यापारी की सहनशक्ति जवाब दे गई है और वह सहन करने की स्थिति में नहीं है। कहा कि यदि शीघ्र ही बाजार नहीं खुला तो व्यापारियों को बाजार स्वयं ही खोलना पड़ेगा। जिसकी पूर्णतया जिम्मेवारी प्रशासन की होगी। उन्होने कहा कि सरकार अपनी कमाई में किसी भी प्रकार से कोई छूट देने को तैयार नहीं है सरकार का राजस्व आ रहा है सरकारी दफ्तर खुलने से कोरोना वायरस नही फैल रहा है। उन्होंने सरकार पर व्यापारियों की समस्याओं को न समझने का आरोप लगाया।

नगर महामंत्री प्रतीक कालिया ने कहा कि इस लॉकडाउन से व्यापारियों को भूखे मरने की स्थिति आ गई है किन्तु सरकार चेत नहीं रही। कहा कि अगर लॉकडाउन जल्दी नहीं खुलता तो व्यापारियों के आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर होंगे। उन्होंने सरकार से तुरंत बाजार अनलॉक की अपील की।

मौके पर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने भी अपना समर्थन दिया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, जिला संयुक्त महामंत्री पवन शर्मा, राजकुमार तलवार, ललित मनचंदा, प्रदीप गुप्ता, सरदार परमजीत सिंह, अरविंद जैन, मधु जोशी, पदम शर्मा, जगमीत सिंह, चंद्रिका त्रिपाठी, पूर्व राज्यमंत्री केके सिंघल, राजेश अग्रवाल, सरदार इंद्रजीत सिंह, अंशुल अरोड़ा, राहुल पाल, केवल कृष्ण लांबा, हर्षित गुप्ता, अनिल पवार, धीरज चतरथ, दिनेश अरोड़ा, आशु अरोड़ा, विनीत गुलाटी, मनस्वी तलवार, त्रिलोकीनाथ कक्कड़, बॉबी कक्कड़, सनी चड्ढा जगदीश रस्तोगी, आशु चड्ढा आदि उपस्थित थे।

वहीं, सुपर मार्केट के व्यापारियों ने भी व्यापारी दमन नीति के कारण प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। मौके पर गुलशन कक्कड़, अनुज कुमार, सुशांत गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, आशीष रस्तोगी, राजीव गर्ग, अंकुर जैन, हरिओम तलरेजा, पुरषोत्तम अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

हमारा हिंदुस्तान उत्तराखंड हज पुस्तक यात्रियों के लिए लाभदायक सिद्ध होगीः तीरथ सिंह रावत

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह ने ’हमारा हिन्दुस्तान, उत्तराखंड हज 2021’ पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्तक उत्तराखण्ड राज्य हज समिति द्वारा उत्तराखण्ड राज्य से हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों की सुविधा हेतु प्रकाशित की गई है।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि हज यात्रियों के लिए प्रकाशित की गई। इस पुस्तक में केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का समावेश किया गया है। यह पुस्तक हज यात्रियों के मार्गदर्शन के साथ-साथ आमजन के लिए भी लाभदायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के सभी वर्गों एवं उनके सामाजिक व सांस्कृतिक विकास की धारणा को बल मिले। उत्तराखण्ड राज्य हज समिति द्वारा हाजियों की सुविधा हेतु किये जाने वाले कार्य सराहनीय है।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, अध्यक्ष राज्य हज समिति शमीम आलम, अब्दुल सत्तार अंसारी, सरफराज जाफरी, हाफिज असलम कादरी, योगेश अग्रवाल, कुलदीप कुमार, मोहम्मद मीसम, रईस अहमद आदि उपस्थित थे।

सड़क, नाली के निर्माण कार्य को गलत ठहरा बीस बीघा में नागरिकों ने जताया विरोध

बीस बीघा गली नं० 4 में निर्माणाधीन सड़क व नाली मानकों के अनुरूप न बनने पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र रमोला समेत स्थानीय लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है।

मंगलवार को बीस बीघा के स्थानीय लोगों ने सड़क व नाली के गलत निर्माण की सूचना एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला को दी। मौके पर पहुंच उन्होंने इसकी शिकायत लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता से की। जिसके तत्काल बाद लोनिवि के सुपरवाइजर व ठेकेदार ने मौके का निरीक्षण किया और इस समस्या के निवारण का आश्वासन दिया।

मौके पर स्थानीय निवासी सज्जन कुमार शर्मा, नितिन शर्मा, प्रेम सिंह चैहान, लोकेश कुमार, पूरण सिंह, कृपाल सिंह, अलका गुप्ता, वीर सिंह पयाल, सरदार सिंह पयाल, प्रदीप जुगलान, नंदा देवी आदि लोग उपस्थित थे।

तीर्थनगरी में सरकार के विरूद्ध व्यापारी थाली बजाकर जताएंगे विरोध

व्यापारियों की सुध न लेने और नई गाइडलाइन के विरोध में बुधवार को नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के नेतृत्व में तीर्थनगरी का व्यापारी थाली बजाकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराएगा।
प्रतिनिधिमंडल के नगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र और महामंत्री प्रतीक कालिया ने बताया कि प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल का प्रदेश नेतृत्व तथा उनकी इकाइयां अपने अपने स्तर से प्रदेश सरकार को यह बताने का प्रयास करती रही है। व्यापारियों की कमर पूरी तरह से टूट गई है। कहा कि व्यापारियो के सामने आर्थिक समस्या पैदा हो गई है।

प्रदेश सरकार से यह भी मांग की गई थी कि सिलसिलेवार रूप से ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों को खोलने की अनुमति दी जाए। भले ही समय अवधि 3 से 4 घंटे ही हो किंतु प्रदेश सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। कहा कि पड़ोसी राज्यों यूपी, हरियाणा आदि में आशिक ढील देनी आरंभ कर दी गई है, जबकि उत्तराखंड में अनलॉक की ओर सरकार का ध्यान नहीं है। यहां की स्थिति अब पहले से बेहतर है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को जगाने हेतु 2 जून को नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल अपने व्यापारियों के साथ त्रिवेणी घाट चैक पर सामाजिक दूरी का पालन करते हुए संकेतिक थाली बजाने का काम करेगी। जिससे कि प्रदेश सरकार को यह आभास हो कि व्यापारी अब चुप बैठने वाला नहीं है तथा अब यदि शीघ्र ही बाजार नहीं खोला गया, तो व्यापारी आंदोलन को बाध्य होगा। जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।

विश्व तम्बाकू निषेध दिवसः प्रत्येक वर्ग की भूमिका से तंबाकू सेवन पर लग सकता है प्रतिबंध


प्रतिवर्ष तंबाकू का सेवन करने वाले दस में से एक व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है, इस पर रोक लगाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी भूमिका निभानी होगी। तंबाकू का सेवन न केवल मुंह के कैंसर का कारण है अपितु यह फेफड़ों में भी कैंसर पैदा करता है।

विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर अपने संदेश में एम्स निदेशक प्रोफेसर रविकान्त ने कहा कि तम्बाकू हृदय की कोरोनरी वाहिकाओं को प्रभावित करता है। इसकी वजह से हृदय में रक्त की आपूर्ति की कमी हो जाती है। इसे इस्कीमिक या कोरोनरी हृदय रोग कहते हैं। मुंह के कैन्सर का प्रमुख कारण तम्बाकू ही है। सर्जिकल ऑन्कोलॉजी के विभागाध्यक्ष डॉ. एसपी अग्रवाल ने बताया कि तम्बाकू का सेवन करने वाले लोगों में अन्य लोगों की तुलना में कैन्सर का खतरा 6 से 8 गुना ज्यादा होता है। यदि तम्बाकू सेवन करने वाला व्यक्ति शराब का भी आदी हो तो फिर यह खतरा 10 गुना बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि स्कूल-कालेज के अध्यापकों, समाजसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रत्येक वर्ग को इस मामले में जागरूकता लाने की आवश्यकता है।

ऑक्सीजन युक्त अस्पतालों की व्यवस्था करने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरतः तीरथ सिंह रावत

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने टिहरी दौरे के दौरान टीएचडीसी इंजीनियरिंग कॉलेज भागीरथीपुरम पहुंचकर जिला प्रशासन द्वारा संचालित 450 बेड युक्त कोविड केयर सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने पीपीई किट पहन कर कोविड सेंटर में भर्ती मरीजों से बातचीत भी की।

मुख्यमंत्री ने कोविड सेंटर से निकलने के बाद अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे स्वास्थ्य विभाग के उन सभी कर्मियों को सैल्यूट करते हैं जो रोजाना 2 से 3 घंटो तक पीपीई किट पहनकर कोविड-19 मरीजों का उपचार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 मिनट में पीपीई किट के पहनने से इतनी परेशानी हो रही है तो रोजाना दो से तीन घंटे तक मरीजों की सेवा और उपचार कर रहे प्रथम पंक्ति के स्वास्थ्य कर्मी कैसे इन परेशानियों को झेलते होंगे, इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड केयर सेंटर को लेकर पहले से ही निर्देश दिए गए हैं कि कोविड मरीजों का बेहतर उपचार के साथ ही बेहतर भोजन और अन्य सुविधाओं का भी विशेष ख्याल रखा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वह कोविड केयर सेंटर के निरीक्षण के लिए पहुंचे तो उस समय भी मरीजों को प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने हेतु काढ़ा इत्यादि दिया जा रहा था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ऑक्सीजन युक्त अस्पतालों की व्यवस्था करने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। प्रदेश में कई नए ऑक्सीजन प्लांट को भी मंजूरी मिली है सरकार का लक्ष्य है कि छोटे अस्पतालों में भी ऑक्सीजन युक्त बेड की सुविधा विकसित की जाए। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने निरीक्षण के बाद अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।

कोविड केयर सेंटर में निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के साथ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, टिहरी विधायक धन सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।

हरिपुरकलां में जरूरतमंदों तक सत्यमेव जयते समिति ने पहुंचाई राशन की किट

सत्यमेव जयते समिति हरिपुर कलां के तत्वावधान में जरुरतमंद लोगों को राशन किट वितरित की जा रही है। अभियान के तहत दीप्त कुटीर आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी योगेश्वरानंद महाराज के सहयोग से दर्जनों परिवारों को राशन वितरित किया गया।

समिति के अध्यक्ष अनिल जोशी व समाजसेवी डॉ राजे सिंह नेगी ने बताया कि कोरोना महामारी के चलते अनेक परिवार आर्थिक रूप से बदहाल हैं। रोजगार बंद होने से अनेक परिवारों की रोजी-रोटी छिन गई है। ऐसे में समिति ने जरूरतमंदों को राशन की किट बांटकर उनकी मदद करने की मुहिम शुरु की है। उनकी टीम जरूरतमंदों को तलाश कर उन्हें राशन किट प्रदान कर रही है। उन्होंने अन्य लोगों से भी आग्रह किया है कि जरूरतमंदों की जरूरतों को पूरा करें। भूखे पेट लोगों को न सोने दें। इस दौरान राजन बडोनी,दिनेश थपलियाल, सुनील जुगरान,सीमा, अनिता सिलस्वाल, शशी कंडवाल, संगीता सिलस्वाल, राहुल चमोली आदि उपस्थित थे।

बौराड़ी जिला प्रशासन को सीएम के निर्देश, आक्सीजन जेनरेशन प्लांट को एक सप्ताह में शुरू करें


मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने जिला चिकित्सालय बौराड़ी का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने चिकित्सालय के आपातकालीन सेवा, आईसीयू, नवजात शिशु वार्ड जनरल ओपीडी, अस्थि रोग वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने आईसीयू में भर्ती मरीजों का हाल-चाल जाना वहीं भर्ती मरीजों से भोजन, दवाएं, स्वास्थ्य परीक्षण को लेकर भी फीडबैक लिया।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय में निर्माणाधीन 500 एलपीएम के ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट को एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश है। ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण कार्य पूरा होने पर यहां से 80 बैड के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति हो सकेगी। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जिला चिकित्सालय केवल रेफर सेंटर न बना रहे इस हेतु उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय में आने वाले हर प्रकार के रोगी का उपचार सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री तीरथ ने ली टिहरी में जिलास्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने टिहरी दौरे के दौरान हाइड्रो इंजीनियरिंग कालेज भागीरथीपुरम में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को कोविड गाइड लाइन का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस को निर्देश दिए कि गांव-गांव जाने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ पुलिस कर्मियों को भी भेजा जाए। सीएमओ को निर्देश दिए कि जिन चिकित्सकों को अटेच किया गया है उनको तत्काल उनके मूल स्थानों पर तैनाती की जाय।

जनपद में संचालित कोविड केयर सेंटरों में मानव संसाधन की कमी को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को स्थानीय स्तर से 11 माह की अवधि के लिए नियुक्तियां करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड पर कड़ी कार्यवाही से अब स्थितियां सामान्य हो रही है। कहा यही समय है जब और अधिक सावधानी बरते जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मैदानी क्षेत्रों से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की आर०टी०पी०सी०आर० टेस्ट की नेगेटिव रिपोर्ट का चेकपोस्ट पर अनिवार्य रूप से अवलोकन किया जाए।

इसके अलावा उन्होंने ग्राम निगरानी समितियों को सक्रिय रखने, नगरपालिका गांव पंचायतों सहित गांव-गांव निरंतर सैनिटाइजेशन कराने, लक्षणयुक्त व्यक्तियों को कोविड से सम्बंधित दवाई की किटों का वितरण, मास प्रोफिलेक्सिस के तहत आइवर मेक्टिन का वितरण, कोविड केयर सेंटर्स की स्थिति व ऑक्सीजन की उपलब्धता की समीक्षा की।

आगमी मानसून की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि मानसून आगमन से पूर्व सभी मोटर मार्गो के स्लाइडिंग जोन का चिह्नीकरण कर लिया जाय। उन्होंने कहा कि मोटर मार्गो के अवरुद्ध होने की स्थिति में 30 मिनट में घटना स्थल पर मानव संसाधन सहित मशीनरी पहुच जाए। इसके साथ ही उन्होंने समस्त जेसीबी व उनके ऑपरेटर के संपर्क नंबर कंट्रोल रूम में उपलब्ध रखने को कहा है। जल जीवन मिशन के तहत किये जा रहे कार्यो की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को माह जून तक नलों में पानी की आपूर्ति करने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा उन्होंने मानसून के दौरान स्वास्थ्य सुविधा, खाद्यान्न आपूर्ति, विद्युत आपूर्ति, पेयजल आपूर्ति को सुचारू रखने को लेकर पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए है।

बैठक में कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, प्रभारी मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक टिहरी डॉ. धन सिंह नेगी, विधायक घनसाली शक्ति लाल शाह, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, एसएसपी तृप्ति भट्ट, सीएमओ सुमन आर्य आदि उपस्थित रहे।

भारतीय नौ सेना में चयनित हुए ऋषिकेश के अमन नौटियाल


तीर्थनगरी के गुमानीवाला अमित ग्राम निवासी अमन नौटियाल का भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट के पद पर शामिल होने पर स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने उनके परिजनों से मुलाकात कर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने अमन नौटियाल के परिजनों को सम्मानित भी किया।

बता दें कि अमन नौटियाल विगत दिनों भारतीय नौसेना अकादमी अजमेरा केरल में पासिंग आउट परेड के दौरान सब लेफ्टिनेंट के रूप में भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे। तीर्थनगरी ऋषिकेश से एक और सपूत को मातृभूमि की सेवा करने का अवसर मिला है इससे परिवार सहित क्षेत्र में खुशी की लहर है।

कहा कि अमन की कामयाबी से ऋषिकेश क्षेत्र गौरवान्वित हुआ है। अमन ने अपनी मेहनत व काबलियत के बल पर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है, उन्होंने साबित कर दिया है कि दृढ इच्छाशक्ति और मेहनत के बल पर हर मुकाम को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को अमन से प्रेरणा लेकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने की दिशा में प्रयास करने की अपील की है।
इस अवसर पर अमन नौटियाल के पिता सूरज नौटियाल, ममता नौटियाल, गोदावरी देवी, आयुष नौटियाल, विनोद सेमवाल, मीना कंडवाल, गोपाल बिजलवान, सुमन तडियाल, डॉ विनोद नौटियाल, डॉ रजनी नौटियाल, पार्षद विरेंद्र रमोला, धन सिंह बिष्ट आदि उपस्थित थे।