अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम के साथ हुई नोकझोंक, हफ्तेभर का मिला समय

रेलवे फाटक श्यामपुर में अतिक्रमण हटाने रेलवे की टीम पहुंची। यहां टीम को स्थानीय नागरिकों सहित जनप्रतिनिधियों के विरोध का सामना करना पड़ा। इसी बीच नोंकझोंक भी देखने को मिली। इसके बाद एक सप्ताह का समय अतिक्रमित लोगों को रेलवे की ओर से दिया गया।

श्यामपुर रेलवे फाटक पर रेलवे की टीम दलबल के साथ पहुंची। उन्होंने अतिक्रमण हटाना शुरू किया ही था कि विरोध शुरू हो गया। क्षेत्रवासी अतिक्रमणकारियों को समय देने की मांग करने लगे। लेकिन रेलवे के अधिकारी अतिक्रमण हटाने को लेकर अड़े रहे। इस बीच कांग्रेस एआईसीसी सदस्य जयेन्द्र रमोला के नेतृत्व में ग्रामप्रधान विजयपाल जेठुरी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। उनकी रेल अधिकारियों के साथ नोकझोंक भी हुई। जयेन्द्र रमोला ने कहा कि ये लोग वर्षों से यहां पर रह रहे हैं। भले ही जमीन रेलवे की हो, लेकिन कोरोना संकमण के चलते इन्हें समय दिया जाये। जिस पर रेल अधिकारियों ने एक सप्ताह का समय दे दिया। ग्राम प्रधान विजयपाल जेठुरी ने कहा कि श्यामपुर फाटक के पास पिछले कई सालों से रेलवे की जमीन में अतिक्रमण हो रखा है। जिसे हटाने के लिए रेल विभाग की टीम जेसीबी के साथ पहुंची थी।

ग्राम पंचायत की जमीन में इन लोगों की व्यवस्था करने में अभी समय लगेगा। इसलिये इन्हें समय दिया जाये। मौके पर बीडीसी प्रतिनिधि दिनेश पंवार, श्यामपुर व्यापार संघ अध्यक्ष जसपाल चैहान, जिला महासचिव राजेन्द्र गैरोला सहित बढ़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

मुख्यमंत्री से मिले सेन्ट्रल कमांड के जीओसी इंचार्ज

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह से सेन्ट्रल कमांड के जीओसी इंचार्ज लेफ्टिनेंट जनरल वाई डिमरी एवीएसएम वीएसएम ने शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने मुख्यमंत्री से राज्य के सीमान्त क्षेत्रों में संचार सुविधाओं की उपलब्धता एवं सडकों के विकास से सम्बन्धित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री से हुई भेंट के दौरान सेंट्रल कमांड के जीओसी ने मुख्यमंत्री से सीमान्त क्षेत्रों में लोकल इन्टेलीजेंस की मजबूती पर भी ध्यान दिये जाने, जोशीमठ-ओली तक सडक चैडीकरण, बडकोट-पुरोला-मोरी से तथा मीनस-अराल-त्यूणी से हिमाचल को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण एवं सुधारीकरण की भी जरूरत बतायी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमान्त क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। इन क्षेत्रों को सडक से जोडने तथा संचार सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लिपुलेख, गुंजी, नीति मलारी के अग्रिम क्षेत्रों तक संचार सुविधाओं के विकास के सम्बन्ध में उनके द्वारा हाल ही में केन्द्रीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार मंत्री रविशंकर प्रसाद से भेंट कर राज्य के सीमान्त क्षेत्रों में वी सेट की स्थापना आदि के सम्बन्ध में विचार विमर्श किया गया। केन्द्रीय मंत्री द्वारा इन क्षेत्रों में संचार सुविधाओं के विकास हेतु शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़कों के सुदृढ़ीकरण आदि के लिये भी उनके द्वारा केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी वार्ता हुई है। उन्होंने कहा कि जोशीमठ-औली क्षेत्र में सड़कों के निर्माण, चैडीकरण आदि के लिये भी डीपीआर तैयार करने के निर्देश केन्द्रीय सडक परिवहन मंत्री ने दिये हैं। उनके द्वारा सीमान्त क्षेत्रों में सड़कों के विकास का भी आश्वासन दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड से हिमाचल को जोड़ने वाली सड़कों के निर्माण एवं सुधारीकरण के प्रस्ताव को भी केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री के समक्ष रखा जायेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी से बचाव में सेना द्वारा राज्य को पूरा सहयोग दिया गया है। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की पहल पर राज्य में डी.आर.डी.ओ. द्वारा ऋषिकेश व हल्द्वानी में 500-500 बेड के अस्पताल प्राथमिकता के आधार पर स्थापित किये गये हैं। मुख्यमंत्री ने सेन्ट्रल कमांड के लेफ्टिनेंट जनरल का आपदा के समय सेना द्वारा राहत कार्यों में सहयोग के लिये भी आभार जताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार शत्रुघ्न सिंह, जी.ओ.सी. उत्तराखण्ड सब एरिया, मेजर जनरल खत्री, ब्रिगेडियर सी.वी.के. बनर्जी, डिप्टी मिलिट्री सेक्रेटरी सेन्ट्रल कमांड भी उपस्थित थे।

दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले बुजुर्गों तक पहुंचे योजनाओं के लाभः सीएम तीरथ


मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सीनियर सिटीजन नेशनल हेल्पलाईन एल्डरलाईन 14567 का उत्तराखण्ड में शुभारंभ किया। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और उत्तराखण्ड सरकार के द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए हेल्पलाइन 14567 शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के अनुरूप यह हेल्पलाईन बुजुर्गों की समस्याओं के निदान में सहायक होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्गों की सहायता के लिये सभी को आगे आना चाहिए। इसके लिये जनजागरूकता बहुत जरूरी है। उत्तराखण्ड के दूरस्थ व पर्वतीय क्षेत्रों में बङी संख्या में वरिष्ठ जन एकाकी जीवन जी रहे हैं। हमें उन सभी तक पहुंचना है और उनकी समस्याओं का समाधान करना है। ग्राम स्तर तक जागरूकता लानी जरूरी है। वरिष्ठ जनों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी ग्राम स्तर तक दी जाए। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि हेल्पलाईन 14567 बुजुर्गों की समस्याओं को दूर करने के उपयुक्त मंच होगा और उनको भावनात्मक सपोर्ट भी प्रदान करेगा।

कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि इस हेल्पलाईन से वरिष्ठ जनों की समस्याओं का समाधान घर बैठे होगा। यह कॉल सेंटर ही नहीं बल्कि सच्चे मायनों में कनेक्ट सेंटर बनेगा। कहा कि कॉल सेंटर पर काम करने वाले कर्मचारी व्यवहार कुशल हों। विभागीय अधिकारी भी लगातार इसकी मानिटरिंग करें।

अपर सचिव समाज कल्याण रामविलास यादव ने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार व समाज कल्याण विभाग उत्तराखण्ड द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को सहायता देने एवं आवश्यक सेवाएं प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन (एल्डर लाइन-14567) स्थापित की गई है। सुबह 8 बजे से सांय 8 बजे तक इस पर सम्पर्क किया जा सकता है।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव एल. फैनई सहित समाज कल्याण विभाग व कॉल सेंटर का संचालन करने वाली संस्था आर्टिवा ग्रुप के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

कांग्रेस नेता रमोला ने उठाई छिद्दरवाला में प्रसव केंद्र खोले जाने की मांग


अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र के नेतृत्व में मुख्य चिकित्सा अधिकारी देहरादून को छिद्दरवाला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को जल्द से जल्द बनाये जाने व प्रसव केंद्र को सुचारू रूप से चलाए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

जयेन्द्र रमोला ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छिद्दरवाला जिसके अंतर्गत ग्राम सभा छिद्दरवाला, साहब नगर, चक जोग्गीवाला, जोगीवाला माफी, खैरी कूर्द, खैंरी कलां, गढी मयचक, श्यामपुर, भट्टोंवाला, गुमानीवाला, खदरी खड़कमाफ, रायवाला, गौहरी माफी, प्रतीत नगर, खाँड गाँव आते है, जिसमें ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के साथ ही अन्य आवागमन वाले लोगों को भी सुविधा मिलती थी। मगर, प्राथमिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य केंद्र का कुछ हिस्सा राष्ट्रीय राजमार्ग चैड़ी करण में समाहित हो गया है जिस कारण स्वास्थ्य केंद्र जीर्ण शीर्ण स्थिति मे संचालित हो रहा है। जिसके कारण समस्त ग्राम सभा के लोगो को बहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन प्रेषित करने वाले जिला महासचिव गोकुल रमोला, कांग्रेस सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव गजेंद्र विक्रम शाही, मनोज पंवार, रविन्द्र राणा, कुंवर सिंह गुसांई, दीपक नेगी, यश अरोड़ा रहे।

एमडीडीए 28 लाख 70 हजार रूपए की लागत से भट्टा कॉलोनी में सीसी मोटर मोटर मार्ग का करेगा निर्माण, हुआ शिलान्यास


ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत श्यामपुर ग्राम पंचायत के भट्टा कॉलोनी में स्पीकर प्रेम चंद अग्रवाल ने 28 लाख 70 हजार रुपए की लागत से एमडीडीए द्वारा निर्माणाधीन सीसी मोटर मार्ग का शिलान्यास किया।

स्पीकर ने कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा ऋषिकेश विधानसभा में अनेक विकास कार्य संचालित किए जा रहे हैं। जिससे जनता लाभान्वित हो रही है। कहा कि श्यामपुर बाईपास में 92 लाख लागत से पथ प्रकाश व्यवस्था का कार्य गतिमान है।

इस अवसर जनसमुदाय को मास्क व सैनिटाइजर भी वितरित किया गया। इस अवसर पर एमडीडीए के सचिव हरवीर सिंह, मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, जिला पंचायत सदस्य रीना रांगड, उप प्रधान अमित कालूडा, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रभाकर पैन्यूली, पूर्व प्रधान केदार सिंह कालूडा, राजवीर रावत, राजपाल पंवार, रमेश प्रसाद जुयाल, सोनी कलूड़ा, अंजली देवी, सोमवती रावत, अनीता रावत, मोनिका देवी, सीमा रांगड, एमडीडीए के अधिशासी अभियंता श्याम सुंदर शर्मा, अवर अभियंता पूर्णानंद बहुगुणा, अनुज शर्मा आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन रमन रंगड ने किया।

आम आदमी पार्टी कर्मियों ने भाजपा सरकार के पाप के घड़े को फोड़कर प्रदर्शन


आप कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोलते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। कोयल घाटी तिराहे पर कार्यकर्ताओं ने कुंभ मेले में हुए आरटीसीपीआर फर्जीवाड़े के खिलाफ घड़ा फोड़कर प्रदर्शन किया।

संगठन मंत्री दिनेश असवाल के नेतृत्व में एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफजमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार का पाप का घड़ा भर चुका है। आज प्रदेश की 70 विधानसभाओं में आप कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ अपना विरोध जताया है। आने वाले चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के पाप के घड़े को फोड़कर उसे सत्ता से बेदखल कर करने का काम करेगी।

प्रदर्शनकारियों में जिला मीडिया प्रभारी डॉ राजे सिंह नेगी, पूर्व प्रवक्ता विजय पवार, अमित विश्नोई, धनपाल रावत, गणेश बिजलवान, अंकित नैथानी, राहुल चैरसिया, रजनी कश्यप, नीलम, जगदीश कोहली, चन्द्र मोहन भट्ट, अमन नौटियाल, शुभम रावत, प्रवीण असवाल, मंडल अध्यक्ष विनायक गिरी, नरेंद्र सिंह, महावीर अमोला, ऋषि यादव, बंटी सैनी, रोहित नेगी, गौरव त्यागी, मनोज कश्यप आदि शामिल रहे।

सीएम ने किया ‘स्कूल फॉर लाइफ’ की सोशल इंटर्नशिप ‘सृजन’ का वर्चुअल शुभारम्भ


मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज (यूपीईएस) ‘स्कूल फॉर लाइफ’ की सोशल इंटर्नशिप ‘सृजन’ का वर्चुअल शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्तित्व में आने से ही यूपीईएस समाज के लिए अपने दायित्वों के प्रति संवेदनशील रहा है। छात्रों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ ही सांस्कृतिक और गैर शैक्षणिक गतिविधियों के क्षेत्र में भी अनेक अवसर प्रदान करता रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति एवं मौलिक शिक्षा हमारी सांस्कृतिक विरासत की देन है। सृजन इंटर्नशिप हमारी भावी पीढ़ी को देश व समाज की उन्नति के लिए रचनात्मकता एवं सकारात्मकता में सहयोग देगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह इंटर्नशिप छात्रों के जीवन को बेहतर बनाने में सहायक होगी।

इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से कुलाधिपति यूपीईएस डॉ. जे.एस. चोपड़ा, कुलपति डॉ. सुनील राय, मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी जे. सुन्द्रियाल आदि उपस्थित थे।

‘‘कुम्भः आस्था विरासत और विज्ञान‘‘ काफी टेबलबुक का सीएम ने किया विमोचन

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कुंभ मेले के महत्व पर आधारित कॉफी टेबल बुक ‘‘कुंभः आस्था, विरासत और विज्ञान‘‘ का विमोचन किया। इस कॉफी टेबल बुक में कुंभ से सम्बंधित फोटोग्राफ्स, कुंभ की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, कुंभ का विज्ञान आदि विषयों का समावेश किया गया है।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह ने कहा कि कुम्भ मेला भारत की सांस्कृतिक विरासत और आस्था का प्रतीक है। कुम्भ मेला का महत्व सर्वकालिक है। उन्होंने कहा कि कुम्भ से संबंधित इस प्रकार की रचना के प्रकाशन से कुम्भ के सांस्कृतिक एवं पौराणिकता का भी प्रचार-प्रसार होगा। उन्होंने इसके लिये प्रकाशक मंडल के प्रयासो की भी सराहना की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार शत्रुघ्न सिंह, सलाहकार डॉ. आरबीएस रावत, आईजी कुम्भ मेला संजय गुंज्याल, यूकोस्ट के महानिदेशक डॉ. राजेन्द्र डोभाल, कुम्भ मेला नोडल अधिकारी (मीडिया) मनोज श्रीवास्तव, पुस्तक के संपादक कुँवर राज अस्थाना आदि उपस्थित थे।

चौकी इंचार्ज पर महिला से दुव्र्यहार का मामला, डीजीपी ने किया सस्पेंड


ऋषिकेश में आईएसबीटी चौकी इंचार्ज को अपनी पूर्व मकान मालकिन से दुव्र्यहार करने पर सस्पेंड किया गया है। मामले को लेकर पीड़ित महिला डीजीपी अशोक कुमार से मिली थी।

बीते 21 जून को पीड़ित महिला ने आईएसबीटी चौकी इंचार्ज विनय शर्मा पर गंभीर आरोप लगाते हुए डीजीपी अशोक कुमार के समक्ष अपनी बात रखी। बताया कि दारोगा विनय शर्मा ने शराब के नशे में चूर होकर उनके साथ दुव्र्यहार किया। मामले को गंभीर पाते हुए डीजीपी ने ऋषिकेश कोतवाल को आदेश जारी करते हुए दारोगा विनय शर्मा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया। साथ ही मामले की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश को सौंपी है।

श्री गंगा सभा घाटों की रिपेयरिंग में जुटी, मलबा से अटा आरती स्थल

बीते दिनों 18 जून को त्रिवेणी घाट का सम्पूर्ण परिसर एवं आरती स्थल को काफी नुकसान पहुंचा। यहां तक की बाढ़ के साथ आये मलबे ने आरती स्थल पर लगी रेलिंग बारोड को काफी नुकसान पहुंचाया है इसके चलते गंगा आरती में काफी दिक्कतें आ रही हैं, आरती स्थल को पुनः दुरुस्त करने मलवा हटाने की दिशा में श्री गंगा सभा जोर-शोर से जुट गई है।

महासभा के महामंत्री धीरेंद्र जोशी ने बताया कि नुकसान की मरम्मत के लिए कुशल कारीगरों की सहायता से रिपेयरिंग का कार्य आरंभ किया गया है ताकि कोरोना काल के बाद आरती स्थल में पुनः मां गंगा की सांध्य कालीन आरती आर्मी की जा सके। उन्होंने बताया कि बाढ़ के साथ आए मलबे ने चेंजिंग रूम को भी नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा घाट परिसर पर लगे सीसीटीवी कैमरे, विद्युत व्यवस्था को भी क्षतिग्रस्त किया है। कहा कि संपूर्ण घाट परिसर को दुरुस्त किया जा रहा है।