छिद्दरवाला में टोल प्लाजा बनाने को लेकर उठे विरोध के सुर, अब तक यह जनप्रतिनिधि उठा चुके हैं आवाज


छिद्दरवाला में बनने जा रहे टोल प्लाजा का विरोध अब तेज हो गया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इसके विरोध में आवाज उठाई है यहां टोल प्लाजा को सही नहीं बताया है।

आज कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला छिद्दरवाला पहुंचे। यहां प्रदेश महासचिव ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों से वार्ता की। एनएच के अधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि यह केंद्र सरकार के नियमों के तहत कार्य किया जा रहा है। प्रदेश महासचिव ने कहा कि एक तरफ ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के लोग लच्छीवाला में बने टोल प्लाजा से परेशान हैं। अब वही केंद्र सरकार एक और टैक्स ऋषिकेश विधानसभा वासियों के ऊपर लगाने जा रही है। कहा कि लच्छीवाला टोल प्लाजा बनने के बाद श्यामपुर, रायवाला, छिद्दरवाला, हरिपुरकलां में रहने वाले तमाम लोगों को रोजमर्रा के काम से जाने पर भी टोल प्लाजा में पैसे देने पड़ेंगे। कहा यह अत्यधिक दुर्भाग्यपूर्ण है एक तरफ कोरोना की महामारी से लोगों की कमर टूटी हुई है दूसरी तरफ इस तरह के जजिया कर लगाना शायद इस सरकार की आदत बन गई है।

उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि छिद्दरवाला टोल प्लाजा को अभिलंब स्थगित न करने पर कांग्रेस पार्टी इसके लिए आंदोलन करने पर बाध्य होगी। इस दौरान साहब नगर प्रधान ध्यान सिंह असवाल सहित सभी पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बर्दाश्त नहीं किया जा जाएगा छिद्दरवाला में टोल प्लाजाः जयेंद्र रमोला

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा के अन्तर्गत नेपाली फार्म के नजदीक हाइवे प्राधिकरण द्वारा टोल प्लाजा बनाने की तैयारी चल रही है। जो कि सही नहीं है जिसका कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी। कहा कि सरकार लगातार जन विरोधी निर्णय लेकर आम जन को हर रूप से तोड़ने का काम कर रही है। पहले ही सरकार द्वारा बिजली, पैट्रोल, डीजल, रसोई तेल, सिलेंडर सहित कई रोजमर्रा की चीजों के दामों में वृद्धि कर दी है और जहां पूर्व में डोइवाला में टोल प्लाजा लगाकर वसूली की जा रही है। वहीं दूसरी ओर कुछ किलोमीटर में ही फिर से टोल प्लाजा लगवाने की तैयारी सरकार ने कर ली है जो बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। अगर सरकार इसको रोकने काम नहीं करेगी तो हमें मजबूरन सड़कों पर बैठकर व उग्र आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा जिसकी सारी जिम्मेदारी सरकार की होगी। कहा कि जल्द ही इसमें रणनीति तय कर आंदोलन शुरू किया जायेगा।

जिपंस संजीव चौहान ने केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र

देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर बन रहे टोल प्लाजा का प्रस्ताव निवेश करने को लेकर जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान द्वारा केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक को एक पत्र लिखा गया। पत्र में केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया गया है कि हरिद्वार देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर नेपाली फार्म के पास बन रहे टोल प्लाजा से स्थानीय लोगों को आर्थिक परेशानियों से जूझना पड़ेगा। साथ ही अवगत कराया कि उक्त स्थान पर टोल प्लाजा बनने से कई ग्राम सभाओं का संपर्क टोल टैक्स देकर साधना पड़ेगा। आबादी भरे क्षेत्र में टोल प्लाजा बनने से स्कूली छात्र – छात्राओं, बीमार व्यक्ति एवं नौकरी के लिए लालतप्पड इंडस्ट्रियल एरिया में जाने वाले लोगों को टोल टैक्स देकर रोजी-रोटी का साधन जुटाना पड़ेगा।

जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान ने पत्र के माध्यम से केंद्रीय मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक से निवेदन किया है और उम्मीद जताई है कि टोल प्लाजा उक्त स्थान पर नहीं बनाया जाएगा।

सीएम ने चंपावत जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था जान व्यक्त की प्रसन्नता

जनपद चम्पावत के एक दिवसीय भ्रमण पर पंहुचे मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत द्वारा सर्वप्रथम जिला चिकित्सालय चम्पावत के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा के साथ पीपीई किट पहनकर कोविड वार्ड एवं आईसीयू वार्ड में जाकर भर्ती कोरोना मरीजों से वार्ता की और उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय में मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं एवं भोजन आदि व्यवस्थाओं पर प्रशन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस महामारी के दौर में सभी चिकित्सक, मेडिकल स्टाफ समेत प्रशासन रात-दिन कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी वह इसी प्रकार कार्य करते हुए जिले को कोरोना मुक्त करें।

मुख्यमंत्री ने विकास भवन सभागार में संचालित कोविड कन्ट्रोल रूम में दूरभाष के माध्यम से होम आइसोलेशन में रह रहे व्यक्तियों से वार्ता कर उनका हाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उसके बाद मुख्यमंत्री ने आपदा कन्ट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और वहा किये जा रहे कार्यो की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने जिला सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में कोविड संक्रमण की रोकथाम, उपचार एवं उससे बचाव आदि हेतु किए जा रहे कार्यों के साथ ही आगामी मानसून काल के मद्देनजर पूर्व तैयारी तथा जनपद में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु अधिक से अधिक सैम्पलिंग बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि गांव गांव में जाकर लोगो को इस महामारी के प्रति सचेत कर जन जागरूकता फैलाये। इस हेतु सभी ग्राम सभाओं में मेडिकल टीम जाकर जांच कराएं। लक्षण वाले प्रत्येक व्यक्ति को तत्काल दवा उपलब्ध कराई जाय। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर निगरानी टीम को और अधिक एक्टिव रखते हुए संक्रमण को खत्म करने हेतु कार्य किया जाय। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम जनगणना के समय घर घर जाकर प्रत्येक परिवार का डाटा एकत्र करते हैं।उसी तर्ज पर घर घर जाकर प्रत्येक परिवार की टेस्टिंग करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था मुहैया कराने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के साथ ही आगामी वर्षा के दौरान होने वाले जल जनित रोग, डेंगू की रोकथाम हेतु व्यापक स्तर पर सभी नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में नगर निकाय व पंचायती विभाग सेनेटाइजेसन का कार्य लगातार जारी रखें, साथ ही जनता को इसके प्रति प्रचार प्रसार कर जागरूक भी करें। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक गांव में कोरोना से संबंधित आवश्यक दवा की किट का भी वितरण शीघ्रता से उपलब्ध कराया जाय। उन्होंने कहा कि सभी विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी गांव में जाकर लगातार दवा की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी लेते रहें।उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु कड़ाई से कर्फ्यू का अनुपालन कराने पर पुलिस कार्यवाही करें।

बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा आगामी मानसून काल के मद्देनजर की गई पूर्व तैयारियां की भी जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी विभाग किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने हेतु पूर्व तैयारी करते हुए अलर्ट रहें तथा किसी भी प्रकार की आपदा की घटना होने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किए जाय। मानसून की दस्तक होने से पहले ही नाले व कलमठ आदि की सफाई कर ले ताकि वर्ष के दौरान सड़को में पानी इकट्ठा ना हो और लोगो को असुविधा ना हो। सभी तहसील व थाना स्तर पर आवश्यक उपकरण राहत पैकेट आदि की भी व्यवस्था के साथ ही राहत कैम्प चिह्नित कर उनमें आवश्यक व्यवस्था पूर्व से रखी जाए। उन्होंने कहा कि सभी सड़क निर्माण विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए बन्द सड़कों को तत्काल खोले जाने हेतु आपसी सहयोग से कार्य करें। विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने पेयजल, लोक निर्माण विभाग, ऊर्जा विभाग तथा विभिन्न कार्यदाई संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह निर्माण कार्यों को समयबद्धता से पूर्ण करें। उन्होंने एनएच द्वारा निर्मित चल्थी रोड की तत्काल जांच करा कर रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने दायित्वों का सही निर्वहन करें। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अधिकारी एवं जन प्रतिनिधि एक दूसरे के पूरक हैं वह मिलकर कार्य कर जिले को विकास के क्षेत्र में आगे ले जाएं। वह एक टीम भावना के साथ कार्य करें।

बैठक में सांसद अजय टम्टा एवं विधायक लोहाघाट पूरन फर्त्याल व अन्य जनप्रतिनिधियो द्वारा भी जिले के विकास के संबंध में अपनी बात रखी। बैठक के दौरान जिला प्रभारी मंत्री अरविंद पांडे ने कहा कि इस महामारी के कारण बहुत जनहानि हुई हैं जिसे और नही होने देना हैं। परन्तु इस कोरोना के समय मे भी अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा अपनी जान जोखिम में डाल कर बहुत अच्छा और सरहानीय कार्य किया जा रहा हैं।

बैठक में जिलाधिकारी विनीत तोमर ने जिले में कोविड संक्रमण की रोकथाम एवं वेक्सीनेसन हेतु किए जा रहे कार्यों के अतिरिक्त वर्तमान में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के अतिरिक्त आगामी मानसून काल के दौरान किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने हेतु की गई पूर्व तैयारी के साथ ही जिले में संचालित विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने यह भी बताया कि कोविड की तीसरी लहर की तैयारियां पहले ही सुनिश्चित कर ली गयी हैं।

बैठक के दौरान आयुक्त कुमाऊ अरविंद सिंह ह्यांकी द्वारा भी कोविड संक्रमण के नियंत्रण हेतु किए जा रहे कार्यों के अतिरिक्त अन्य बिंदुओं कोमुख्यमंत्री के सम्मुख रखा गया। उन्होंने कहा कि कुमाऊं के पहाड़ी जिलों में ऑक्सीजन सिलेंडर की समस्या को देखते हुए चंपावत, पिथौरागढ़ एवं बागेश्वर जिलों को 100-100 अतिरिक्त ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराए गए हैं।आगामी मानसून काल के मद्देनजर और अतिरिक्त ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था की जा रही है।

बैठक में माननीय सांसद अल्मोड़ा अजय टम्टा, दर्जा प्राप्त मंत्री हयात सिंह मेहरा, विधायक लोहाघाट पूरन फर्त्याल, भाजपा जिला अध्यक्ष दीप चन्द्र पाठक, आयुक्त कुमाऊँ मंडल अरविंद सिंह ह्यांकी, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं अजय रौतेला, जिलाधिकारी चम्पावत विनीत तोमर, पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत आदि उपस्थित रहे।

गोपेश्वर में 45.90 लाख की लागत से शुरू हुआ आक्सीजन जनरेशन प्लांट


मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने जिला अस्पताल गोपेश्वर में 45.90 लाख लागत से स्थापित 200 एलपीएम ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। ऑक्सीजन प्लांट लगने से जिला अस्पताल के सभी बेड तक निर्वाध रूप से ऑक्सीजन की सप्लाई शुरू हो गई है। इस कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि मा0 राज्य मंत्री डा0 धन सिंह रावत, ब्रदीनाथ विधायक महेन्द्र प्रसाद भट्ट, थराली विधायक मुन्नी देवी शाह, भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट एवं अन्य जनप्रतिनिधि ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चैहान, सीडीओ हंसादत्त पांडे, सीएमओ डा0 एमएस खाती, सीएमएस डा0 जेएस चुफाल, अधिशासी अभियंता आरडब्लूडी अला दिया एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने अपने वर्चुअल संबोधन के दौरान स्थानीय विधायकों, जनप्रतिनिधयों, अधिकारियों एवं समस्त जनपद वासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कोविड के दृष्टिगत स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी संशाधन जुटाए जा रहे है और जहॉ पर जो भी आवश्यकता है उसको पूरा करने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में प्लांट शुरू होने से यहां पर भर्ती होने वाले मरीजों को इसका लाभ मिलेगा।

राज्यमंत्री डॉ0 धन सिंह रावत ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सीमांत जनपद चमोली के जिला अस्पताल में 200 एलपीएम क्षमता का प्लांट एक वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि अब मरीजों को यहां से रेफर करके हायर सेंटर भेजने की जरूरत नही पडेगी। बताया कि कर्णप्रयाग में भी ऑक्सीजन प्लांट स्वीकृत हो गया है और जल्द यहॉ पर भी ऑक्सीजन प्लांट लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोविड से निपटने के लिए वैक्सीन की कोई कमी नही है और वैक्सीनेशन का कार्य भी सुचारू ढंग से चल रहा है। राज्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने जिले के दर्जनों स्वास्थ्य केन्द्रों का स्वयं निरीक्षण किया है और कही पर भी कोई कमी नही रखी गई है। जहॉ पर जो भी आवश्यकता है उसको पूरा किया जा रहा है। इस महामारी में सरकार जनता के साथ है। जनपद के प्रभारी मंत्री ने कहा कि उन्होंने जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण भी किया है। बताया कि रैणी गांव में आपदा से क्षतिग्रस्त पुल के पुर्ननिर्माण हेतु 6 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है और इसके टेडंर भी हो गए है। साथ ही भंग्यूल गांव को जोड़ने के लिए 4 किलोमीटर सड़क भी स्वीकृत की गई है।

सादगी पूर्वक रहा स्पीकर का जन्मदिन, निराश्रितों बच्चों को डेढ़ लाख की धनराशि देने की घोषणा

स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल का जन्मदिन निराश्रित बच्चों, कुष्ठ रोगियों को समर्पित रहा। जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने नाभा हाउस छात्रावास के 44 निराश्रित एवं गरीब बच्चों को अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से 1 लाख 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि नाभा हाउस छात्रावास के बच्चों के लिए उनका विशेष लगाव रहा है इन बच्चों में प्रतिभा की कोई भी कमी नहीं है। नाभा हाउस द्वारा सभी बच्चों को अच्छी परवरिश एवं शिक्षा दी जा रही है। वह अपने अध्यक्ष विवेकाधीन कोष की सहायता राशि निर्धन एवं जरूरतमंद लोगों को पूरे प्रदेश में वितरित कर रहे हैं।

कहा कि कोविड संक्रमण की विकट परिस्थितियों में यह सहायता राशि जरूरतमंद लोगों के लिए बहुत मददगार साबित हो रही है। उन्होंने नाभा हाउस की प्रधानाचार्य सुशीला बर्थवाल द्वारा बच्चों के शिक्षा व अन्य सभी व्यवस्थाओं को लेकर दिये जा रहे योगदान की सराहना की है।

इससे पूर्व उन्होंने कुष्ठ रोगियों को फल, राशन, मास्क, सेनिटाइजर वितरित किए। रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। सोमेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर देश व प्रदेश को कोरोना से मुक्ति दिलाने की कामना भी की। कार्यकर्ताओं के साथ पौधारोपण भी किया।

सरकारी सेंटरों में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग को वैक्सीन के लिए आनलाइन रजिस्ट्रेशन की बाध्यता समाप्त

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना की वैक्सीन को लेकर एक बड़ा फैसला किया है। अब 18 से 44 साल के लोग बिना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के भी वैक्सीन लगा सकेंगे। ऐसे लोग अब वैक्सीनेशन सेंटर पर भी रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। हालांकि ये सुविधा फिलहाल सिर्फ सरकारी सेंटर पर ही उपलब्ध होगी। प्राइवेट अस्पतालों के सेंटर्स पर अब भी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा कर वैक्सीन के लिए स्लॉट बुक कराना होगा। बता दें सरकार ने 1 मई से 18-44 साल के लोगों को वैक्सीन लगाने का ऐलान किया था।

सरकार ने पहले वैक्सीनेशन सेंटर पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन जरूरी कर दिया था, लेकिन ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में दो तरह की परेशानी आ रही थी। पहला ये कि गांव के लोग जिनके पास स्मार्टफोन नहीं थे उन्हें स्लॉट बुक करने में दिक्कतें आ रही थीं। इसके अलावा कई राज्यों से ऐसी खबरें भी आ रही थी कि लोग स्लॉट बुक कराने के बाद भी वैक्सीनेशन के लिए सेंटर पर नहीं पहुंच रहे हैं। लिहाजा ऐसे हालात में वैक्सीन की बर्बादी हो रही थी, लेकिन अब बिना रजिस्ट्रेशन के पहुंचने वाले लोगों को बची हुई वैक्सीन लगाई जाएगी।

डेंगू से निपटने को शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में शुरू करवाई जाएगी फोगिंग सेवा, आज से ग्रामीण क्षेत्र में शुरू

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते मच्छरों के कारण होने वाली डेंगू बीमारी की रोकथाम के लिये ग्रामीणों के आग्रह पर फोगिंग कार्य का श्यामपुर जनसहायता कार्यालय से शुभारंभ किया।

एआईसीसी सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि जहां एक ओर कोरोना का प्रकोप है वहीं दूसरी ओर अब मच्छरों की संख्या में भी इजाफा होने लगा है और पूर्व वर्षों की भाँति ऋषिकेश क्षेत्र में मच्छरों से होने वाली बीमारियों से क्षेत्रवासी बजे पीड़ित रहे हैं और सबसे अधिक डेंगू का बड़ा प्रकोप रहा है इसलिये पिछले वर्षों की भाँति इस वर्ष भी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में दो फोगिंग मशीनों से फोंगिग करवायी जायेगी ताकि मच्छरों से होने वाली बीमारियों से बचाव हो सके ।आज खदरी ग्रामसभा के चोपड़ा फार्म व श्यामपुर ग्रामसभा में फोगिंग करवाई जायेगी ।

खैंरीकलां के उपप्रधान रोहित नेगी ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में तो नगर निगम द्वारा फोगिंग की व्यवस्था होती रहती हैं परन्तु ग्रामीण क्षेत्रों में हम लोग इस सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं इसलिये हमारे आग्रह पर रमोला जी द्वारा यह व्यवस्था करवाई जा रही है हम सभी इनका आभार प्रकट करते हैं। फोगिंग शुभारम्भ में कुलदीप असवाल, विनोद चैहान, गोकुल रमोला, रमा चैहान, रोहित नेगी आदि मौजूद रहे।

उत्तराखंडः दुकानों के खुलने के समय में परिवर्तन के साथ कोविड कर्फ्यू एक जून तक बढ़ा

उत्तराखंड में कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के लिए राज्य सरकार ने प्रदेश में कोविड कर्फ्यू को आगामी 1 जून तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के निर्देशों के बाद राज्य सरकार ने यह फैसला लिया है। सरकार के शासकीय प्रवक्ता कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि प्रदेश में कोविड कर्फ्यू को 1 जून तक बढ़ाया गया है।

शासकीय प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने बताया कि व्यापारियों की मांग के अनुरूप मुख्यमंत्री के साथ विमर्श के बाद बाजार खुलने के समय को 7 बजे से 10 बजे के बजाए सुबह 8 बजे से 11 बजे तक खोलने का निर्णय लिया गया है। जिसमें पूर्व की भाँति आवश्यक सेवाओं दूध, मीट मछली, फल, सब्जी की दुकानें खोली जा सकेगी। उन्होंने बताया कि राशन और किराने की दुकानों हेतु आम जनता को 28 मई को सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक आवश्यक वस्तुओं के क्रय हेतु आवाजाही में छूट रहेगी।

शासकीय प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने कहा कि पिछले कई दिनों से कोविड का ग्राफ प्रदेश में कम होता हुआ दिख रहा है, लेकिन अपने स्तर से सरकार पूरी तरीके से इसकी रोकथाम में जुटी हुई है। कहा कि प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा ही सरकार के सबसे पहली प्राथमिकता है, लिहाजा भविष्य में कोरोना आंकड़ों में कमी आएगी तो तात्कालिक परिस्थितियों के अनुसार कोविड में ढील दी जा सकेगी।

पिथौरागढ़ः समीक्षा बैठक में बोले सीएम, लक्षण वाले प्रत्येक व्यक्ति को तत्काल दवा उपलब्ध कराएं


पिथौरागढ़ के भ्रमण पर पंहुचे मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने विकास भवन सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में कोविड संक्रमण की रोकथाम, उपचार एवं उससे बचाव आदि हेतु किए जा रहे कार्यों के साथ ही आगामी मानसून काल के मद्देनजर पूर्व तैयारी तथा जनपद में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु अधिक से अधिक सैम्पलिंग बढ़ाई जाए। इस हेतु सभी ग्राम सभाओं में मेडिकल टीम जाकर जांच कराएं। जो भी लक्षण वाले प्रत्येक व्यक्ति को तत्काल दवा उपलब्ध कराई जाय। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर निगरानी टीम को और अधिक एक्टिव रखते हुए संक्रमण को खत्म करने हेतु कार्य किया जाय। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था मुहैया कराने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए। माननीय मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के साथ ही आगामी वर्षा के दौरान जल जनित रोग,डेंगू की रोकथाम हेतु व्यापक स्तर पर सभी नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में नगर निकाय व पंचायती विभाग सेनेटाइजेसन का कार्य लगातार जारी रखें, साथ ही जनता को इसके प्रति जागरूक भी करें।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में जिला चिकित्सालयों में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं, इसके उपरांत सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केद्रों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में कोरोना से संबंधित आवश्यक दवा की किट का भी वितरण शीघ्रता से उपलब्ध कराया जाय। उन्होंने कहा कि सभी विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी गांव में जाकर लगातार दवा की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी लेते रहें। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु कड़ाई से कर्फ्यू का अनुपालन कराने के साथ ही समारोहों में अधिक संख्या में लोगों की उपस्थिति पाए जाने पर पुलिस कार्यवाही करें।

बैठक में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा आगामी मानसून काल के मद्देनजर की गई पूर्व तैयारियां की भी जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी विभाग किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने हेतु पूर्व तैयारी करते हुए अलर्ट रहें तथा किसी भी प्रकार की आपदा की घटना होने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किए जाय। इस हेतु सभी तहसील व थाना स्तर पर आवश्यक उपकरण राहत पैकेट आदि की भी व्यवस्था के साथ ही राहत कैम्प चिह्नित कर उनमें आवश्यक व्यवस्था पूर्व से रखी जाए। उन्होंने कहा कि सभी सड़क निर्माण विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए बन्द सड़कों को तत्काल खोले जाने हेतु आपसी सहयोग से कार्य करें। विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने पेयजल, लोक निर्माण विभाग,सिंचाई समेत विभिन्न कार्यदाई संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह निर्माण कार्यों को समयबद्धता से पूर्ण करें। अधिकारी मुख्यालय में न बैठकर फील्ड में जाकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाएं। कार्य धरातल पर दिखने चाहिए।अधिकारी अपने दायित्वों का सही निर्वहन करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी एवं जन प्रतिनिधि एक दूसरे के पूरक हैं वह मिलकर कार्य कर जिले को विकास के क्षेत्र में आगे ले जाएं। वह एक टीम भावना के साथ कार्य करें। बैठक में माननीय पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल एवं सांसद अजय टमटा एवं विधायक पिथौरागढ़ एवं गंगोलीहाट व अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा भी जिले के विकास के संबंध में अपनी बात रखने कद साथ ही समस्या रखी गई।

बैठक में जिलाधिकारी आनन्द स्वरूप ने जिले में कोविड संक्रमण की रोकथाम हेतु किए जा रहे कार्यों के अतिरिक्त वर्तमान में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के अतिरिक्त आगामी मानसून काल के दौरान किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने हेतु की गई पूर्व तैयारी के साथ ही जिले में संचालित विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। बैठक में आयुक्त कुमाऊं अरविंद ह्यांकी द्वारा भी कोविड संक्रमण के नियंत्रण हेतु किए जा रहे कार्यों के अतिरिक्त अन्य बिंदुओं को माननीय मुख्यमंत्री के सम्मुख रखा गया।उन्होंने कहा कि कुमाऊं के पहाड़ी जिलों में ऑक्सीजन सिलेंडर की समस्या को देखते हुए पिथौरागढ़, चंपावत एवं बागेश्वर जिलों को 100-100 अतिरिक्त ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराए गए हैं।आगामी मानसून काल के मद्देनजर और अतिरिक्त ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था की जा रही है।

बैठक में पेयजल, ग्रामीण निर्माण विभाग विशन सिंह चुफाल, सांसद अल्मोड़ा अजय टमटा, अध्यक्ष जिला पंचायत दीपिका बोहरा, विधायक पिथौरागढ़ चंद्रा पंत, गंगोलीहाट मीना गंगोला, अध्यक्ष उत्तराखंड भवन सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड शमशेर सत्याल, अध्यक्ष नगर पालिका राजेन्द्र रावत, आयुक्त कुमाऊँ अरविंद सिंह ह्यांकी, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं अजय रौतेला, जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आनन्द स्वरूप, पुलिस अधीक्षक सुखबीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अनुराधा पाल, अपर जिलाधिकारी आर डी पालीवाल, मुख्य चिकित्साधिकारी एचसी पंत, जिलाध्यक्ष भाजपा वीरेन्द्र वल्दिया आदि उपस्थित रहे।

बागेश्वर महाविद्यालय में 100 बेड के कोविड केयर सेंटर का सीएम ने किया निरीक्षण, भर्ती मरीजों से भी की बात


एक दिवसीय भ्रमण पर जनपद बागेश्वर में पहुंचे मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कोरोना संक्रमण के नियंत्रण एवं उपचार हेतु कोविड चिकित्सालय एवं कोविड केयर सेंटर में की गयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय महाविद्यालय में 100 बेड का बनाया गया कोविड केयर सेंटर निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके पश्चात ट्रामा सेंटर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, तथा भर्ती मरीजों से दूरभाष कर वार्ता कर उनसे स्वास्थ के संबंध में जानकारी ली। जिला चिकित्सालय में बच्चों हेतु बनायें गयें वार्ड का भी निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री तीरथ सिहं रावत ने पीपीई किट पहनकर चिकित्सालय में भर्ती कोविड मरीजों से मिलकर उनके स्वास्थ के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने चिकित्सालय में कार्यरत डॉक्टरों एवं स्टॉस नर्स सहित अन्य कार्मिको से वार्ता कर मरीजों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधा के संबंध मे जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कोविड संक्रमण की रोकथाम के लिए सभी डॉक्टरों एवं अन्य स्टॉफ द्वारा पूर्ण मनोयोग से कार्य किया जा रहा है। उन्होने यह भी निर्देश दिए कि कोरोना संक्रमण के रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए सभी लोंगो को मिलजुल कर कार्य करने की जरूरत है, तथा चिकित्सालय में भर्ती मरीजो की किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित की जाय। इसमें विशेष कर सभी चिकित्सालयों में ऑक्सीजन व दवा आदि की व्यवस्था पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहे। इसके साथ ही साफ-सफाई का विशेष ध्यान देने के निर्देश दियें। मुख्यमंत्री ने कोविड चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को बेहतर स्वास्थ सुविधायें उपलब्ध कराया जाने पर प्रशंसा व्यक्त की।

निरीक्षण के उपरान्त मुख्यमंत्री द्वारा विकास भवन सभागार में जनपद में कोविड संक्रमण के रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए कियें जा रहें कार्यो की संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की गई। उन्होंने कोविड संक्रमण में लगे अधिकारियों को निर्देश दियें कि संक्रमण के रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए ग्राम स्तर पर गठित निगरानी समिति को और अधिक बेहतर ढंग से कार्य करने की जरूरत है तथा किसी व्यक्ति में किसी प्रकार के लक्षण आने पर उसे तत्काल स्वास्थ परीक्षण हेतु प्रेरित एवं जागरूक किया जाय तथा अधिक से अधिक लोंगो की सैंपलिंग करायी जाय तथा लोंगो के मन से भय की भावना को हटाने के लिए उन्हें स्वास्थ परीक्षण कराने हेतु लगातार प्रेरित किया जाय। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि सभी को संकट की इस घडी में बेहतर से बेहतर स्वास्थ सुविधा उपलब्ध हो इसके लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है, जिसके लिए प्रदेश के सभी चिकित्सालय में आई0सी0यू0 एवं वेंटीलेटर के साथ-साथ ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट भी बढायें गये है। इसके अलावा ब्लॉक स्तर पर संचालित पीएचसी एवं सीएचसी सेंटरों में भी सभी आवश्यक व्यवस्थायें उपलब्ध कराये जाने हेतु कार्य किया जा रहा है। उन्होंने यह भी निर्देश दियें यदि किसी व्यक्ति में किसी प्रकार के लक्षण पाये जाते है तो उसे आवश्यक दवा किट उपलब्ध करायी जाय, इसके साथ ही आईवरमेक्टिन दवा को भी प्राथमिकता के साथ सभी लोगो को उपलब्ध करायी जाय। उन्होंने कहा कि संक्रमण की रोकथाम के लिए सभी लोगो का वैक्सीनेशन किया जाय, इस संबंध में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार भी किया जाय। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण पर सभी के सहयोग से काबू पाया जा सकता हैं, जिसके लिए सभी जनप्रतिनिधियो एवं अधिकारी व कार्मिकों को आपसी समन्वय से मिलजुल कर कार्य करने की आवश्यकता है। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड संक्रमण के साथ-साथ आगामी मानसून के दृष्टिगत सभी संबंधित विभागों को अपनी-अपनी पूर्ण तैयारी करने के निर्देश दियें, तथा सड़क मार्ग से जुडें विभागों, खाद्यान्न, विद्युत, जल संस्थान, पेयजल, सिंचाई आदि विभागों को समय रहते सभी अवश्यक व्यवस्थायें तत्काल करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने आपदा के उपयोग मे लाये जाने वाले उपकरणो को भी दूरस्थ क्षेत्रों में रखने के निर्देश दियें। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद में संचालित विकास कार्यो समीक्षा करते हुए कहा कि जनपद में जो भी विकास योजनायें संचालित हो रही हैं, उसका लाभ आमजनता तक उपलब्ध हो, इस दिशा में कार्य किया जाय। इस दौरान मुख्यमंत्री जी द्वारा जनपद में कोविड संक्रमण के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए बेहतर ढंग से कार्य कियें जाने पर जिलाधिकारी सहित उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि जिस तरह से अभी तक इस संक्रमण के रोकथाम के लिए कार्य किया गया है आगे भी इसी मनोयोग से कार्य करने की आवश्यकता है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि समीक्षा बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने जो भी सुझाव व मांग की गई है उन सभी पर सकारात्मक ढंग से विचार किया जाएगा।

समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी विनीत कुमार ने अवगत कराया कि कोरोना संक्रमण के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए जनपद में सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करायी गयी है। जनपद में बढते संक्रमण के दृष्टिगत कोविड चिकित्सालय में 26 बेड के स्थान पर 44 और ऑक्सीजन बेड तैयार कियें गये है, इसी के साथ कोविड केयर सेंटर में 100 ऑक्सीजन बेडो की व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा बैजनाथ पर्यटन आवास गृह में 20 ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा जनपद में तीन सौ से अधिक जंबो सिंलिडरों, 135 बी-टाईप सिंलिडर तथा 194 ऑक्सीजन कंसेन्ट्रेटर उपलब्ध है। इसके अलावा जनपद में ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट भी स्वीकृत हो गया है, जिस पर कार्य जल्द ही शुरू किया जायेगा। इसके साथ ही दूरस्थ क्षेत्र कपकोट में भी सीएचसी में ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट लगाने की कार्यवाही की जा रही है। कौसानी में 85 बेड का कोविड केयर सेंटर संचालित किया जा रहा हैं तथा कपकोट एवं काण्डा में भी कोविड केयर सेंटर तैयार कियें जा रहें है। उन्होंने कहा कि जनपद मे आने वाले व्यक्ति की निगरानी ग्राम निगरानी समिति के अलावा सीआरटी एवं बीआरटी टीमों द्वारा भी किया जा रहा है, तथा मेडिकल किट भी उपलब्ध कराये जा रहे है। तथा सभी आशा एवं आंगनबाडी कार्यकर्ती को चार-चार ऑक्सीमीटर व थर्मामीटर तथा पीपीई किट के साथ मॉस्क एवं सेनेटाईजर भी उपलब्ध करायें गये हैं। इसके साथ ही जनपद में वैक्सीनेशन का कार्य सफलता पूर्वक किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि आगामी मानसून के दृष्टिगत सभी अधिकारियों के साथ आवश्यक बैठक कर ली गयी है तथा सभी को की जाने वाली तैयारियो एवं व्यवस्थाओ के संबंध में भी दिशा निर्देश दिये गये है।

इस अवसर पर सांसद अल्मोंड़ा अजय टम्टा, पेयजल मंत्री व कोविड प्रभारी बिशन सिंह चुफाल, अध्यक्ष जिला पंचायत बंसती देव, विधायक बागेश्वर चंदन राम दास, कपकोट बलवंत सिंह भौर्याल, जिलाध्यक्ष भाजपा शिव सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष जिला पंचायत नवीन परिहार, शेर सिंह गढिया, ब्लॉक प्रमुख कपकोट गोविन्द सिंह दानू, गरूड हेमा बिष्ट, पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी डीडी पंत, अपर जिलाधिकारी चन्द्र सिंह इमलाल, जिला विकास अधिकारी केएन तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 बीडी जोशी, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, उपजिलाधिकारी बागेश्वर योगेन्द्र सिंह, काण्डा राकेश चन्द्र तिवारी, गरूड जयवर्द्धन शर्मा, कपकेट प्रमोद कुमार, महाप्रबंधक उद्योग जीपी दुर्गापाल, मुख्य कृषि अधिकारी वीपी मौर्या, जिला उद्यान अधिकारी आरके सिंह आदि मौजूद रहे।

कांस्टेबल दीपक सेमवाल को घनसाली मिली पोस्टिंग, मुनिकीरेती में सभी ने किया याद

विगत चार वर्षों से थाना मुनिकीरेती में तैनात कांस्टेबल दीपक सेमवाल की आज थाना घनसाली के लिए रवानगी हो गई। दीपक सेमवाल ने अपने चार वर्ष के कार्यकाल में अनेक उत्कृष्ट कार्य किए। विदाई के दौरान थाना प्रभारी कमल मोहन भंडारी सहित सभी पुलिसकर्मियों ने उनके कार्यों की सराहना की।

वर्ष 2017 से मुनिकीरेती में तैनात कांस्टेबल दीपक सेमवाल ने जनहित में अनेक कार्य किए। कोरोना काल में भी उनके द्वारा पीड़ितों की घर जाकर मदद की गई। मुख्य रूप से 22 सालों से फरार चल रहे एक आरोपी को दीपक ने दिल्ली से गिरफ्तार करवाने में अपनी अहम भूमिका निभाई। जबकि लापता हुए 2 बुजुर्गों को तलाश कर हरियाणा में परिजनों से मिलाने की कोशिश भी दीपक की रंग लाई थी। इसके अलावा आधी रात को एक महिला की सूचना पर कमरे में घुसे आरोपी को भी पकड़ने में दीपक का मुख्य योगदान रहा। इलाहाबाद से भागकर मुनी की रेती पहुंची एक नाबालिक को भी परिजनों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दीपक ने बखूबी निभाई है। इस प्रकार के कई के ऐसे कार्य है जिनमें दीपक ने अपना योगदान दिया है। इन सभी उत्कृष्ट कार्यों से खुश होकर थानाध्यक्ष कमल मोहन भंडारी ने दीपक सेमवाल की पीठ थपथपाई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दीपक का ट्रांसफर घनसाली थाना में हो गया है।