रात को कार का एसीएम चोरी, सीसीटीवी में कैद चोर

थाना रायवाला क्षेत्रांतर्गत खैरीखुर्द श्यामपुर में एक घर के बाहर खड़ी कार का एसीएम अज्ञात लोगों ने चोरी कर लिया है। कार मालिक ने इसकी मौखिक सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बीती रात्रि की आस ही के सीसीटीवी में फुटेज खंगाली है।
दरअसल, खैरीखुर्द श्यामपुर में जेडी चौधरी का घर हैै, यहां घर के बाहर उनकी कार यूके14-7826 पार्क थी। आज सुबह वह घर के बाहर खड़ी कार को देखने पहुंचे तो देखा कि कार का एसीएम गायब है। उन्होंने आसपास देखा। मगर, कुछ समझ न सके। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची और आसपास क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज जांची। फुटेज में कुछ संदिग्ध नजर आ रहे है। बता दें कि उक्त एसीएम की अनुमानित कीमत करीब 55,000 रूपए है। कार मालिक जेडी चौधरी ने फिलहाल पुलिस को अभी लिखित सूचना नहीं दी है।

दो शातिर चोरों को कोतवाली पुलिस ने किया गिरफ्तार, एक भागने में कामयाब

कोतवाली पुलिस ने गुमानीवाला में मोबाइल की दुकान से चोरी के मामले में दो आरोपियों को अरेस्ट किया है, जबकि एक भागने में कामयाब रहा। वहीं, पुलिस ने अरेस्ट किए गए आरोपियों से शत प्रतिशत चोरी किए मोबाइल फोन बरामद किए है। जिनमें 16 नए बड़े व छोटे मोबाइल फोन शामिल हैं।

बता दें कि बीते 12 फरवरी को महेश उनियाल पुत्र दिनेश उनियाल निवासी गुमानीवाला श्यामपुर ऋषिकेश ने लिखित सूचना दी थी कि उनकी मोबाईल सेन्टर के नाम से मोबाईल शाॅप है, जिसमें मोबाईल फोन चोरी किए गए हैं। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर मामले में जुट गई थी।

कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि मुखबिरों से सूचना मिली कि मोबाइल शाॅप में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो सदस्य वीरभद्र रेलवे स्टेशन पर मौजूद हैं तथा थोड़ी ही देर में मोबाईल बेचने के लिये कंही जाने वाले हैं। सूचना पाकर पुलिस रवाना हुई और दो आरोपियों को पकड़ लिया। कोतवाल के अनुसार चोरी के सभी 16 मोबाईल फोन बरामद कर लिए गए हैं।

कोतवाल रितेश शाह ने आरोपियों की पहचान प्रदीप मांझी पुत्र बिन्दू मांझी निवासी ग्राम राता भाटी जिला गुमला झारखण्ड हाल स्लीपट फैक्ट्री वीरभद्र रेलवे स्टेशन ऋषिकेश और ललित कुमार पुत्र नरेश निवासी गली नं0 01 गुज्जर प्लाट ऋषिकेश देहरादून के रूप में कराई है, जबकि नेपाल निवासी डैनी फरार है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने नशे की लत होने के चलते चोरी करना बताया।

गुमानीवाला में मोबाइल की दुकान में 12 फोन लेकर चोर रफू चक्कर

नगर में तमाम सीसीटीवी और पुलिस की गश्त के बावजूद आपराधिक प्रवृति के लोगों में पुलिस का खौफ देखने को नहीं मिल रहा। यही कारण है कि गुमानीवाला में पिछले एक हफ्तें में तीन से अधिक चोरी की घटनाएं घट चुकी है। बीते रोज भी एक मोबाइल की शाॅप को चोरों ने निशाना बनाया और 12 मोबाइल फोन लेकर रफू चक्कर हो गए।

दरअसल, गली नंबर तीन, अमितग्राम निवासी महेश उनियाल पुत्र दिनेश उनियाल की इसी क्षेत्र में मोबाइल की दुकान है। बीती रात्रि करीब दो बजे पुलिस की गश्त के दौरान दुकान के शटर के टूटे ताले पर पड़ी तो उन्होंने महेश उनियाल को फोन किया। सूचना पाकर पुलिस की मौजूदगी में ही महेश उनियाल ने अपनी दुकान का शटर खोला तो भीतर कांच का दरवाजा टूटा मिला। साथ ही 12 फोन भी कम मिले। दुकान मालिक के अनुसार सभी गायब फोन कीपैड के है।

वहीं, क्षेत्रीय पार्षद विपिन पंत ने बताया कि गुमानीवाला में इन दिनों चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। बताया कि दो दिन पूर्व डीजे संचालक के स्पीकर और लैपटाॅप चोरी कर लिए गए थे। वहीं, क्षेत्र के ही एक ओम मेडिकल स्टोर में भी चोरी का असफल प्रयास किया गया। कहा कि क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोग सहमे हुए हैं। वह जल्द मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी से मुलाकात करेंगे।

तीर्थनगरी में स्कूटी चोरी की घटना को अंजाम देते थे तीन शातिर, अरेस्ट

ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने स्कूटी चोर गिरोह के तीन सदस्यों को अरेस्ट किया हैं उनके कब्जे से चोरी की हुई स्कूटी को भी बरामद किया है।

दरअसल, अनिल जयसवाल पुत्र विशंभर लाल निवासी गली नंबर 5 शांति नगर ऋषिकेश ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि उनके निवास के पास से स्कूटी चोरी हो गई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया।

कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। साथ ही 20 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की गई। मुखबिर की सूचना पर मनसा देवी फाटक के समीप तीन युवकों को अरेस्ट किया गया है। उनसे चोरी की स्कूटी की बरामद हुई है। कोतवाल ने आरोपियों की पहचान अक्षय पाल पुत्र राकेश पाल निवासी सुभाष नगर बनखंडी ऋषिकेश, हिमांशु जाटव पुत्र जयप्रकाश जाटव निवासी 128 गली नंबर 5 शांति नगर बनखंडी ऋषिकेश और गौतम सिंह उर्फ टिंकू उर्फ देसी पुत्र विजय सिंह निवासी गली नंबर 5 शांति नगर ऋषिकेश के रूप में कराई है।

18 लाख रूपये की जमीन धोखाधड़ी मामले में एक गिरफ्तार

कोतवाली क्षेत्र में किसी ओर की जमीन को अपना बताकर दो लोगों से 18 लाख रूपए की धोखाधड़ी कर दी गई। जब दोनों पक्षों को धोखाधड़ी का अहसास हुआ तो कोतवाली में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है।

दरअसल, शिकायतकर्ता प्रवीण कुमार पुत्र स्वर्गीय कैलाश चंद निवासी तुलसी विहार गुमानीवाला ऋषिकेश और पूजा पुत्री टीकम गुसाईं निवासी गली नंबर 12 अमित ग्राम गुमानीवाला श्यामपुर ऋषिकेश दोनों ने तहरीर दी। बताया कि पुरुषोत्तम थपलियाल नामक व्यक्ति ने किसी अन्य की जमीन को अपनी बताकर प्रवीण कुमार से 8 लाख 20 हजार और पूजा देवी से 10 लाख 72,500 रूपए ले लिए है। अब शिकायतकर्ता आरोपी से अपने रूपए वापस मांग रहे हैं तो वह देने से इंकार कर रहा है।

मामले में कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी में मुकदमा कायम किया और आरोपी की गिरफ्तारी हेतु टीम गठित की। आरोपी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चीनी गोदाम रोड तिराहा से गिरफ्तार कर लिया है।

कोतवाल रितेश शाह ने आरोपी की पहचान 50 वर्षीय पुरुषोत्तम थपलियाल पुत्र स्व. गोविंद राम निवासी शिव विहार गली नंबर 1 गुमानीवाला श्यामपुर ऋषिकेश के रूप में कराई।

मुनिकीरेती पुलिस ने अवैध स्मैक के साथ युवक किया अरेस्ट

मुनिकीरेती पुलिस ने 4.5 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक शीशमझाड़ी का निवासी है, जिसे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सुमन पार्क के पीछे से अरेस्ट किया है।

एसएसपी टिहरी के निर्देश पर मुनिकीरेती अवैध नशे के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में ढालवाला सुमन पार्क के पीछे से मुखबिर की सूचना पर ढालवाला चैकी प्रभारी आशीष कुमार ने मारकंडे जयसवाल पुत्र उमेश जयसवाल निवासी ग्राम मोतीपुर भुवाल थाना भटनी जिला देवरिया उत्तर प्रदेश, हाल पता नैथानी का मकान गली नंबर 27 शीशम झाड़ी थाना मुनिकीरेती को अरेस्ट किया है।

चैकी प्रभारी के अनुसार 4.5 ग्राम अवैध स्मैक की अनुमानित कीमत करीब तीस हजार रूपए है। पुलिस टीम में रामपाल तोमर, अजय कुमार आदि उपस्थित रहे।

स्कूटी चोरी के दो आरोपी 24 घंटे के भीतर अरेस्ट

बीती 30 जनवरी को डोईवाला राजीवनगर निवासी विनय पुत्र सुरेश सिंह श्रीभरत मंदिर इंटर काॅलेज परीक्षा देने पहुंचे। परीक्षा के बाद केंद्र से बाहर आए तो स्कूटी गायब मिली। मामले में उन्होंने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी। पुलिस ने तत्काल अज्ञात पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर रानीपोखरी रोड स्थित फ्लाईओवर के पास चेकिंग के दौरान आरोपियों को चोरी की हुई स्कूटी के साथ अरेस्ट कर लिया।

कोतवाल रितेश शाह ने आरोपियों की पहचान नीरज पोखरियाल निवासी मनसा देवी गुमानीवाला ऋषिकेश और तुषार अग्रवाल निवासी गली नंबर 10 अमित ग्राम गुमानीवाला ऋषिकेश के रूप में कराई।

कोर्ट ने मारपीट, लज्जा भंग जैसे गंभीर धाराओं के आरोपियों को किया दोषमुक्त, पढ़ें जजमेंट के अंश…

वर्ष 2014 में सर्वहारा नगर में घर में घुसकर मारपीट, महिलाओं की लज्जाभंग, जान से मारने की धमकी, निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित अन्य धाराओं के आरोपियों को न्यायालय ने दोषमुक्त किया है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनमोहन सिंह की अदालत में चले वाद में वादी पक्ष के गवाहों का विरोधाभास होना, आरोपियों के अधिवक्ता शुभम राठी की मजबूत पैरवी के चलते आरोपियों को संदेह का लाभ मिला।

अधिवक्ता शुभम राठी ने बताया कि, 11 सितंबर 2014 को सर्वहारा नगर ऋषिकेश निवासी महिला सुषमा ने आईडीपीएल चैकी में तहरीर देकर बताया था कि उनके घर करीब 100 लोगों ने घुसकर मारपीट, गालीगलौच, जान से मारने की धमकी, महिलाओं की लज्जाभंग, निजी संपत्ति पर नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों थम्मन सैनी, रामबदन, कुलदीप शर्मा, जयपाल और सुरेश वर्मा पर पांच धाराओं (147,148, 452, 323, 354, 427, 504, 506) में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया था। इसके बाद मामला न्यायालय में विचाराधीन था। वाद विचारण के दौरान एक आरोपी जयपाल की मृत्यु हो गई।

मामले में वादी पक्ष के न्यायालय में पांच गवाह प्रस्तुत हुए। यह सभी एक ही परिवार के आपस में रिश्तेदार थे। न्यायालय के समक्ष सभी गवाहों ने विरोधाभास बयान दिए। साथ ही ऐसे तथ्य गवाहों की ओर से दिए गए, जिनकी सत्यता और विश्वसनीयता पर न्यायालय ने संदेह जताया।

अधिवक्ता शुभम राठी ने बताया कि न्यायालय के समक्ष वादी पक्ष के सभी गवाहों ने जो मारपीट के दौरान चोट लगना बताया था, उनकी पुष्टि चिकित्सीय परीक्षण में सहीं नहीं पाई गई। इसी तरह घटनाक्रम को लेकर पुलिस के आने के समय को सभी गवाहों ने अलग-अलग बताया। यहीं नहीं गवाहों ने घटनाक्रम को लेकर पुलिस को दी तहरीर में करीब 100 लोगों की मौजूदगी होना बताया, जबकि न्यायालय के समक्ष एक ही परिवार के सिर्फ पांच लोग ही गवाह के रूप में प्रस्तुत हुए।

मामले में अधिवक्ता शुभम राठी की मजबूत पैरवी की बदौलत न्यायाधीश मनमोहन सिंह ने वादी पक्ष की ओर से तमाम कमियां व खामियां पाई, जिसके कारण मामला संदिग्ध होना पाया। इन सभी तथ्यों को आधार बनाकर न्यायालय ने आरोपियों थम्मन सैनी, कुलदीप शर्मा, राम बदन और सुरेश वर्मा को आरोपों से दोषमुक्त किया है।

रंगेहाथ आश्रम में अश्लील हरकत करता पकड़ा गया बाबा

लक्ष्मणझूला पुलिस ने रंगेहाथ एक बाबा को लड़की के साथ आश्रम में रंगरेलियां मनाते हुए पकड़ा है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुुलिस ने बाबा और उक्त लड़की को पकड़ा। पुलिस अब बाबा व लड़की के खिलाफ कार्रवाई करने जा रही है।

दरअसल, लक्ष्मणझूला क्षेत्र में एक आश्रम में स्थानीय लोगों ने थाना पुलिस को सूचना दी। बताया कि आश्रम में बाबा हरि हरानंद एक लड़की के साथ अश्लील हरकत कर रहे है। इससे आश्रम की मर्यादा भी भंग हो रही है, सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बाबा सहित लड़की को साथ लेकर आई। थानाध्यक्ष प्रमोद उनियाल ने बताया कि बाबा सहित लड़की को रंगेहाथ पकड़े जाने के बाद अब सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

मोबाइल की छिनाझपटी करने वाले दो युवकों को मुनिकीरेती पुलिस ने किया अरेस्ट


शीशमझाड़ी निवासी बीना बंगवाल पत्नी संजय ने मुनिकीरेती पुलिस को बताया कि उनकी बेटी का मोबाइल 25 जनवरी को स्कूटी सवार दो युवकों ने छिन लिया। मामले पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मामले में गंगा रिसोर्ट रोड कैलाश गेट के पास से समय दो युवकों अश्वनी कुमार पुत्र चंद्रप्रकाश और अमन कुमार गौड़ पुत्र अंगद गौड़ दोनों निवासी चंद्रेश्वर नगर ऋषिकेश देहरादून को अरेस्ट किया गया।

पुलिस ने लूटा गया मोबाइल भी बरामद किया है।