हरिद्वार में अपर मेला अधिकारी पर संतों ने किया हमला

हरिद्वार से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां अपर मेला अधिकारी पर संतों ने हमला कर दिया। साथ ही पुलिसकर्मी को भी जख्मी कर दिया। घटना कनखल में बैरागी कैंप की है।

अखाड़े की जगहों पर विद्युत व्यवस्था ना होने से संत नाराज बताए जा रहे थे। अपर मेला अधिकारी हरवीर सिंह संतो से वार्ता के लिए बैरागी कैंप पहुंचे। उसी दौरान कुछ संतो ने उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव कराने आए उनके गनर को भी बुरी तरह पीटा गया। अपर मेलाधिकारी और उनका गनर घायल हुए हैं। अपर जिलाधिकारी से मारपीट की सूचना पर मेला अधिष्ठान में हड़कंप मच गया। मेला पुलिस व अधिष्ठान के अधिकारी बैरागी कैंप पहुंच गए हैं और हरवीर सिंह से जानकारी ले रहे हैं। घटना को लेकर अधिकारियों में नाराजगी बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि घटना श्री पंच निर्मोही अनी अखाड़ा में हुई है। मारपीट में अपर मेला अधिकारी का गनर बेहोश हो गया। जिसे अस्पताल ले गए हैं। अखाड़े में अधिकारियों के पहुंचने का क्रम जारी है। कुंभ मेला आइजी संजय गुंज्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सेंथिल अवूदई कृष्णराज एस, एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय, उप मेलाधिकारी मनीष कुमार सिंह, प्रत्यूष सिंह, सीओ सिटी अभय सिंह आदि अखाड़े पहुंचे। वहीं, अखाड़े के संत की अधिकारियों को वार्ता चल रही है। अधिकारियों ने संतों के अलावा बाकी व्यक्तियों को अंदर नहीं जाने दिया। परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल और पैरामिलिट्री फोर्स भी तैनात है।

चेक बाउंस में आरोपी पर दोष सिद्ध, एक साल का कारावास

एक बाउंस के एक आरोपी को न्यायिक मजिस्ट्रेट ऋषिकेश राजेंद्र कुमार की अदालत ने एक साल के कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही पांच लाख 55 हजार रूपये के अर्थदंड से दंडित भी किया है।

वादी के अधिवक्ता लाल सिंह मटेला ने बताया कि 14बीघा निवासी सुनील कुलाश्री पुत्र गीताराम की लाल तप्पड़ माजरी ग्रांट निवासी राजीव महरालू पुत्र काडूराम से पुरानी दोस्ती थी। इसी का फायदा उठाते हुए राजीव महरालू ने सुनील से वर्ष 2015 में 10 लाख रूपये उधार मांगे तथा 2016 तक लौटाने की बात कहीं। वादी सुनील ने ढाई लाख, डेढ़ लाख और फिर छह लाख रूपये (कुल दस लाख रूपये) तीन किस्तों में दिए। मगर, आरोपी राजीव महरालू ने वर्ष 2016 तक उसे वापस नहीं किए। जब वादी की ओर से बार-बार आरोपी को रूपये देने के लिए कहा गया तो आरोपी ने 29 मार्च 2017 को 10 लाख रूपये का चेक दिया। जिसे वादी ने 30 मार्च 2017 को बैंक में लगाया। यह चेक 19 अप्रैल को बाउंस हो गया।

इसके बाद वादी के अधिवक्ता लाल सिंह मटेला ने न्यायालय में चेक बाउंस का मुकदमा दायर किया। वाद ट्रायल के दौरान आरोपी की ओर से वादी को चार लाख 50 हजार रूपये लौटाए गए। शेष पांच लाख 50 हजार रूपये न लौटाने पर न्यायालय ने आरोपी को दोषी करार दिया है।

न्यायधीश राजेंद्र कुमार ने आरोपी राजीव महरालू को एक साल के साधारण कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही पांच लाख 50 हजार रूपये के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड न चुका पाने पर आरोपी को एक माह का अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी पड़ेगी।

नाबालिग से बलात्कार करने वाले आरोपी को पुलिस ने किया अरेस्ट


तपोवन निवासी एक महिला ने मुनिकीरेती थाने में लिखित तहरीर दी। बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी का 18 वर्षीय युवक ने शारीरिक शोषण किया है, उनकी बेटी की आपत्तिजनक वीडियो और फोटो भी अपने मोबाइल से बना लिए हैं।

तहरीर के आधार पर मुनिकीरेती पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 सहित अन्य में मुकदमा दर्ज कर अरेस्ट किया है। थाना प्रभारी आरके सकलानी ने आरोपी की पहचान शिवा पुत्र राकेश निवासी खारास्रोत मुनिकीरेती जनपद टिहरी गढ़वाल के रूप में कराई है। बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। बताया कि वहीं, मामले की विवेचना महिला उप निरीक्षक रीना नेगी एवं चैकी प्रभारी तपोवन उपनिरीक्षक सुनील पंत को सौंपी गई है।

होली में सप्लाई को आ रही 12 लाख की अवैध शराब पुलिस ने की जब्त

देहरादून के थाना सेलाकुई पुलिस ने होली पर्व के लिए अवैध रूप से सप्लाई होने जा रही 12 लाख रूपये की अवैध शराब को जब्त किया है। पुलिस ने एक आरोपी तस्कर को भी अरेस्ट किया है। पुलिस के अनुसार करीब 212 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की गई है।

थानाध्यक्ष सेलाकुई ऋतुराज सिंह ने बताया कि त्यौहारी सीजन के तहत अवैध शराब की तस्करी व बिक्री के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज भी चेकिंग अभियान चलाया गया। मुखबिर से सूचना के आधार पर एक वाहन पिकअप की चेकिंग की गई, तो उसमें अंग्रेजी शराब की अवैध 212 पेटी बरामद हुई। गाड़ी चालक से वाहन के कागजात मांगे जाने पर वैध कागजात प्राप्त नहीं हुए। पुलिस ने अवैध शराब सहित वाहन को जब्त किया है।

थानाध्यक्ष ने आरोपी की पहचान गोविन्द पुत्र जयपाल निवासी निरंजनपुर नई शब्जी मण्डी कोतवाली पटेलनगर जनपद देहरादून के रूप में कराई है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक विकेंद्र कुमार, कांस्टेबल चन्द्रपाल, कांस्टेबल योगेश सैनी शामिल रहे।

तीन आरोपियों पर न्यायालय के बाद हुआ मुकदमा दर्ज

कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर एक पिता, उसका बेटा और एक अन्य व्यक्ति पर गाली गलौज व जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज किया है।

दरअसल, गढ़ी श्यामपुर निवासी यशवंत सिह भंडारी ने कोर्ट में अधिवक्ता शुभम राठी के जरिए प्रार्थना पत्र दाखिल किया। बताया कि उनके घर के आसपास जल निकासी की व्यवस्था नहीं थी। लोकनिर्माण विभाग ने नाली निर्माण कार्य शुरू किया तो 18 जनवरी को लोनिवि के मजदूर नाली निर्माण कार्य में जुटे थे। इस दौरान पड़ोस के तीन लोग वहां आ धमके और कार्य को रूकवा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ भी अभद्रता की गई। इसके बाद 22 फरवरी को वे फिर से निर्माण कार्य को रूकवाने पहुंच गए और गाली गलौज शुरू कर दी। यहीं नहीं उन्होंने जान से मारने की धमकी देने तक दे डाली।

अधिवक्ता शुभम राठी ने न्यायालय को बताया कि मामले में पुलिस ने पीडित पक्ष की शिकायत का संज्ञान नहीं लिया। इसके बाद अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने मामले में कोतवाली पुलिस को केस दर्ज करने के निर्देश दिए है। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर विक्रम भंडारी पुत्र स्व. मदन भंडारी, मंदीप भंडारी पुत्र विक्रम भंडारी और दिगपाल राणा तीनों निवासी गढ़ी रोड श्यामपुर ऋषिकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

अंतरराज्जीय चोर गिरोह का एक साथी गिरफ्तार, जेवरात भी बरामद

रायवाला पुलिस ने बंद मकानों को निशाना बनाकर उसमें चोरी की घटना को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्जीय चोर गिरोह के एक मेंबर को अरेस्ट किया है। पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त वाहन तथा चोरी किए हुए लाखों रूपए के गहने भी बरामद किए है। दरअसल, एक मार्च को मोहन शर्मा निवासी खैरी खुर्द थाना रायवाला लिखित तहरीर दी थी। बताया था कि वह पूरे परिवार के साथ 14 फरवरी को मकान बंद कर दिल्ली गए थे। वापस जब लौटे तो घर का ताला टूटा था और घर में रखें जेवरात, नकदी व अन्य आवश्यक सामान गायब थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया था।

थानाध्यक्ष रायवाला अमरजीत सिंह रावत ने चार टीमें गठित की। इसके अलावा पूर्व में चोरी के मामले में चिन्हित अपराधियों से भी पूछताछ की। सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ली गई। गठित टीमों की ओर से जानकारी मिली कि फरमान पुत्र याकूब निवासी ग्राम व थाना नकुड जिला सहारनपुर एवं उसके अन्य तीन साथियों के द्वारा रायवाला एवं ज्वालापुर क्षेत्र में बंद मकानों में चोरी की गई है। थानाध्यक्ष ने ज्वालापुर थाने से भी मामले में जानकारी जुटाई तो घटना सत्य प्रतीत मिली। थानाध्यक्ष अमरजीत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी फरमान कस्बा चोली थाना भगवानपुर जिला हरिद्वार से चोरी में प्रयुक्त वाहन के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार चल रहे है।

थानाध्यक्ष ने फरार आरोपियों की पहचान गुल्लू उर्फ तस्लीम, इमरान और लाला उर्फ इकराम के रूप में कराई है।

आरोपी से बरामद सामान
दो अंगूठी पीली धातु, एक चैन पीली धातु, एक मंगलसूत्र पीली धातु, दो जोड़ी टॉप्स पीली धातु, एक चैन मय पेंडल पीली धातु

आरोपी की गिरफ्तारी में यह टीम रही शामिल
थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह रावत, एसएसआई राम नरेश शर्मा, उप निरीक्षक प्रेम सिंह नेगी, कांस्टेबल सचिन सैनी, कांस्टेबल दिनेश महर, कांस्टेबल विनीत चैधरी, कांस्टेबल नंदकिशोर शामिल रहे।

यूपी के लखीमपुर खीरी से चार युवतियां पहुंची ऋषिकेश, पुलिस ने किया यूपी पुलिस के सुपुर्द

लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश से मुनिकीरेती थाना क्षेत्र पहुंची चार लड़कियों को पुलिस ने एक होटल से बरामद किया है। चारों लड़कियों को पुलिस ने यूपी से पहुंची पुलिस के सुपुर्द किया है।

थाना प्रभारी राम किशोर सकलानी ने बताया कि उत्‍तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के मोहल्ला हिदायतनगर की रहने वाली चार सहेलियां जो आर्य कन्या इंटर काॅलेज में पढ़ती हैं, इनके नाम बेबी जैनब (17 वर्ष) और रुखसार (20 वर्ष), बहादुरनगर निवासी अभिका गुप्ता (16 वर्ष) व निर्मलनगर निवासी कीर्ति (17 वर्ष) हैं। बीती सोमवार को चारों अपने घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी, जिसके बाद वह घर ही नहीं लौटी।

यूपी पुलिस ने चारों लड़कियों को काफी खोजा। मगर, तलाश नहीं हो पाई। पुलिस जांच में सामने आया है कि चारों ने थरवरनगंज मोहल्ले में रेमंड शोरूम के पास चारों ने अपने कपड़े बदले थे। फिर वह एक रोडवेज बस से सीतापुर पहुंची। सीसीटीवी कैमरों में मिले फुटेज से यह प्रतीत हो रहा है कि चारों अकेले ही अपनी मर्जी से घर छोड़ कर गई हैं। एक छात्रा अपने घर से कुछ रुपये भी ले गई है। उनकी साइकिल रेमंड शोरूम के पास पाई मिली है।

चारों किशोरियों की लोकेशन ऋषिकेश बदरीनाथ मार्ग पर मुनीकीरेती थाना क्षेत्र के तपोवन में एक होटल में मिली। जिस पर पुलिस व एसओजी की टीम ने चारों छात्राओं को होटल से बरामद कर लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती आरके सकलानी ने बताया कि बुधवार को चारों किशोरियों को लखीमपुर खीरी से यहां पहुंची एसओजी टीम प्रभारी उप निरीक्षक शिव कुमार के सुपुर्द कर दिया गया है।

राह चलती महिला से मोबाइल लूटा, तीन शातिरों को पुलिस ने दबोचा

गुर्जर धर्मशाला मोतीचूर रायवाला निवासी महिला अमन शर्मा पत्नी रघुनाथ शर्मा ने रायवाला थाने में बताया कि स्कूटी सवार तीन अज्ञात लोगों ने उनका मोबाइल लूट लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए छानबीन शुरू की।

थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि घटनास्थल के आसपास 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाने के बाद एक शख्स को मुखबिर ने पहचान लिया, जिसे उसके हरिद्वार स्थिति घर से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों के नाम लिए, जिन्हें गीतापुर कुटीर हरिपुरकलां से पास से स्कूटी के साथ अरेस्ट किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों ही नशे के आदी हैं और नशे के लिए ही चोरी की घटना को अंजाम देते है।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान अभिषेक कश्यप पुत्र महेंद्र कश्यप निवासी कुंज गली खड़खड़ी हरिद्वार, सनी उर्फ लाला पुत्र सोनू गोस्वामी निवासी जोगिया मंडी मनसा देवी हरिद्वार और विष्णु कश्यप पुत्र विनोद कश्यप निवासी कुंज गली खड़खड़ी हरिद्वार के रूप में कराई है। पुलिस ने महिला का मोबाइल भी आरोपियों से बरामद किया है।

मुनिकीरेती पुलिस की त्वरित कार्यवाही से 30 मिनट में अपहर्ता बरामद, बड़ी वारदात को किया विफल

मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के शीशमझाड़ी में एक महिला की सूझबूझ के चलते 13 वर्षीय किशोरी की इज्जत लूटने से पुलिस ने बचा लिया। पुलिस ने अपहरत किशोरी को जंगल से बरामद किया। वहीं, अपहरणकर्ता व पीड़ित का किरायेदार को समय रहते अरेस्ट कर लिया है। पुलिस ने बड़ी वारदात को होने से पहले काबू पाया है। पुलिस ने सूचना देने वाली महिला रजनी का आभार जताया है।

दरअसल, शीशमझाड़ी निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी 13 वर्षीय बेटी घर से लापता है, काफी तलाश के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस ने मामले को गंभीर पाते हुए अज्ञात पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। इसी दोरान स्थानीय महिला रजनी पत्नी अमित शर्मा निवासी शीशमझाड़ी ने सरकारी नंबर पर फोन पर सूचना दी कि एक छोटी लड़की को एक व्यक्ति जबरन उठाकर वन विभाग कार्यालय के पास जंगल की ओर लेकर गया है। सूचना पाकर मौके पर तुरंत एसआई विपिन कुमार, चैकी प्रभारी कैलाश गेट अमित कुमार, महिला उप निरीक्षक रीना नेगी फोर्स के साथ टोर्च लेकर अंधेरे में पहुंचे।

थानाध्यक्ष राम किशोर सकलानी ने बताया कि जंगल मे 100 मीटर अंदर जब पुलिस सर्च कर रही थी, तभी एक बच्चे की चिल्लाने की आवाज आई। आवाज की ओर जैसे ही पुलिस पहुंची तो झाड़ियों के बीच एक लड़की बदहवास हालत में पड़ी मिली। लड़की ने बताया कि उसने मेरा मुह बन्द कर रखा था आप लोगो को इस ओर आता देख वह मुझे छोड़ कर अभी भागा। इस पर पुलिस द्वारा जंगल को चारों तरफ से घेर लिया और सघन कॉम्बिंग करते हुए उक्त व्यक्ति को पानी की टंकी के पास जंगलात रोड पर भागते हुए पकड़ लिया गया।

थानाध्यक्ष ने आरोपी की पहचान शुभम कुमार पुत्र किशन निवासी प्रतीत नगर रायवाला जिला देहरादून के रूप में कराई है। अपहरत युवती ने बताया कि आरोपी उनके यहां किरायेदार है, जबरन घूमने के बहाने जंगल की ओर ले आया। पुलिस ने आरोपी पर धारा 363,366,376,511 आईपीसी और 7/8 पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पेशे से ड्राइवर है और शादी शुदा है उसकी पत्नी और 2 बच्चे भी उसी मकान में किराए पर रहते है।
पुलिस द्वारा रजनी को सही समय पर सूचना देने के लिए आभार जताया गया।

चोरी की घटना में फरार चल रहे दो शातिर गिरफ्तार

ऋषिकेश पुलिस ने आज त्रिवेणी घाट चैक से फरार चल रहे दो ईनामी बदमाश को अरेस्ट किया है। दोनों की आरोपी पूर्व में मोबाइल शोरूम में चोरी के मामले में फरार चल रहे थे। दोनों के ऊपर 1500-1500 रूपए का ईनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार यह कटवा गैंग के सदस्य है। अरेस्टिंग के समय दोनों ही आरोपी ऋषिकेश में चोरी की नई वारदात को अंजाम देने की कोशिश में थे।

बीते वर्ष आठ मार्च 2020 को विवेक राणा के अधिराज इलेक्ट्रोनिक्स शोरूम हरिद्वार रोड़ के अन्दर से करीब 32 मोबाईल फोन चोरी कर लिये गये हैं। मामले में पुलिस तीन आरोपियों को अरेस्ट पूर्व में ही कर चुकी है, जबकि घटना में सम्मिलित शेष तीन आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिये फरार चल रहे थे। इनमें आज त्रिवेणी घाट चैक से पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया है।

कोतवाल रितेश शाह ने ईनामी फरार आरोपियों की पहचान मौहम्मद निजामुद्दीन उर्फ इनके पुत्र मौहम्मद इस्लाम मिया निवासी दर्जी मौहल्ला, थाना घोड़ासहन, जिला पूर्वी चम्पारन मोतिहारी बिहार और मौहम्मद अमनदुल्ला उर्फ नईम पुत्र मसीन दीवान निवासी दर्जी मौहल्ला, थाना घोड़ासहन, जिला पूर्वी चम्पारन मोहितारी के रूप में कराई है। दोनों ही आरोपियों से पुलिस ने महंगे मोबाईल फोनो के 12 डिब्बे बरामद किए हैं।