सिंचाई विभाग कॉलोनी में चला सफाई अभियान

सिंचाई कर्मचारियों ने अधिशासी अभियंता को सौंपा था ज्ञापन
डेंगू और चिकनगुनिया से पीड़ित हैं सात परिवारों के सदस्य

ऋषिकेश।
नगर पालिका ऋषिकेश ने रेलवे रोड स्थित सिंचाई विभाग की कॉलोनी में शनिवार को सफाई अभियान चलाया। कर्मचारियों ने झाड़ियां काटी। कूड़े के ढेर को उठाया। जहां पानी जमा था वहां दवा का छिड़काव भी किया। कॉलोनी में सात कर्मचारियों के परिवार के सदस्य डेंगू और चिकनगुनिया से पीड़ित हैं। उन्होंने शुक्रवार को अधिशासी अभियंता से सफाई कराने को लेकर गुहार लगाई थी।
109
शनिवार सुबह आठ बजे पालिका के दर्जनभर कर्मचारियों ने कॉलोनी में सफाई की। सफाई निरीक्षक सचिन रावत और अरविन्द डिमरी ने बताया कि सिंचाई विभाग की कॉलोनी में झाड़ियां काटने के साथ ही सफाई अभियान चलाया गया। दोपहर बाद दवा का छिड़काव किया गया। उन्होंने समय-समय पर सफाई अभियान चलाने के साथ-साथ फॉगिंग कराई जाएगी।

डेंगू के दो और मरीज मिले
सरकारी अस्पताल में शनिवार को डेंगू और टाइफाइड के दो-दो नए मरीज मिले हैं। डेंगू की आशंका पर 21 मरीजों की ब्लड जांच की गई थी। 39 मरीजों की मलेरिया जांच की गई, जिसमें एक मलेरिया से पीड़ित मिला। मलेरिया का मामला लंबे समय बाद सामने आया है। शनिवार की ओपीडी में 509 मरीजों ने पंजीकरण कराया।

आंदोलन की तैयारियों में जुटे बिजली कर्मचारी

उत्तरांचल बिजली कर्मचारी संघ संविदा प्रकोष्ठ की बैठक
24 और 25 अक्तूबर को दो दिवसीय आंदोलन का ऐलान

डोईवाला।
उत्तरांचल बिजली कर्मचारी संघ संविदा प्रकोष्ठ ने आंदोलन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को प्रकोष्ठ की बैठक में आंदोलन को सफल बनाने पर चर्चा की गई। कर्मचारी 24 और 25 अक्तूबर दो दिवसीय आंदोलन करेंगे।
भानियावाला सब स्टेशन पर संजय पाल की अध्यक्षता और शमशाद अली के संचालन में बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि दो दिवसीय आंदोलन को सफल बनाने के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
112
इसके लिए लगातार बैठकें आयोजित का फैसला लिया गया। आंदोलन को सफल बनाने के लिए देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश और विकासनगर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचेंगे। बैठक में जगतराम भट्ट, विक्रम तोपवाल, दिनेश कुमार, अनिल जुयाल, अमित असवाल, मुकेश कुमार, अर्जुन बिष्ट, कुलदीप राणा, संजीव बेलवाल, सुशील कुमार, गुरजीत सिंह, हरीश चौहान, प्रशांत गौड़, भूपेन्द्र गुसाईं, कृष्ण सिंह रावत, राकेश कुमार, संदीप नेगी, श्याम सिंह कोली, प्रभात नेगी, सुशील नेगी, इनाम अली, बीर सिंह, विनोद शर्मा, त्रिलोक आदि मौजूद थे।

तीर्थनगरी के कई इलाकों में पानी का संकट गहराया

आबादी बढ़ने और पुरानी पाइप लाइन होने से आ रही दिक्कत
40 एमएलडी पानी मांग के सापेक्ष मिल रहा 30 एमएलडी पानी

ऋषिकेश।
सर्दी के मौसम ने दस्तक दे दी है। कई मोहल्लों में लोग पानी की आपूर्ति गड़बड़ाने से परेशान हैं। आबादी बढ़ने और चालीस साल पुरानी पाइप लाइनें होने से दिक्कत आ रही है। शहर को 40 एमएलडी के सापेक्ष 30 एमएलडी पानी ही मिल पा रहा है।
शहर के कई इलाकों में पानी न आने की शिकायत आ रही है। आधा दर्जन से अधिक मोहल्लों में पानी सप्लाई की समयसारिणी गड़बड़ा रही है। ऋषिकेश के पुराने मोहल्लों में ज्यादा दिक्कत है। यहां 40 साल पुरानी पाइप लाइन हैं, जबकि आबादी दोगुनी हो गई है। पानी के कनेक्शन लगातार बढ़ रहे हैं। शिकायत पर जल संस्थान वॉल खोलकर चोक लाइन खोलता है, लेकिन पानी में प्रेशर न होने से सप्लाई सुचारू नहीं हो पानी।
111
शहर के सदानंद मार्ग, मायाकुण्ड, चंद्रेश्वरनगर, चंद्रभागा, पुष्कर मंदिर मार्ग, हीरालाल मार्ग, बनखंडी, शांतिनगर इलाके में सबसे अधिक परेशानी है। यहां मजबूरी में टैंकर लगाने पड़ते हैं। बीते कई सालों से जल संस्थान शहर में नई पाइप लाइन डालने की बात कह रहा है, लेकिन प्रस्ताव शासन में लटका है।

शहर के पुराने मोहल्लों में नई पाइप लाइन बिछाने के साथ ही नलकूप लगाए जा रहे हैं। गर्मियों से पहले ऐसे मोहल्लों में पानी का संकट दूर हो जाएगा। जबकि शहर में पुरानी लाइन बदलने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। लो प्रेशर की समस्या से निपटने को वॉल भी बदले जा रहे हैं।
विक्रम सिंह रावत, जलकल अभियंता ऋषिकेश