गंगा स्वच्छता को जन अदालत की मांग ने पकड़ा जोर

ऋषिकेश।
नगर पालिका ऋषिकेश के सभागार में गंगा स्वच्छता पखवाड़े को लेकर बैठक आयोजित की गई। जिसमें नमामि गंगे योजना के तहत किये जाने वाले कार्यों की जानकारी दी गई। सीडीओ देहरादून हरबीर सिंह ने बताया कि गंगा स्वच्छता पखवाड़ा देशभर में मनाया जा रहा है। ऋषिकेश में 23 मार्च को त्रिवेणीघाट पर गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। इस दौरान सफाई अभियान भी चलाया जाएगा। कहा कि गंगा स्वच्छता पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य धार्मिक आस्था की प्रतीक गंगा को स्वच्छ और निर्मल करना है। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, तट विकास, घाटों की सफाई के प्रति जागरूक कर अभियान को सफल बनाना है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के महामंत्री जयदत्त शर्मा ने नमामि गंगे योजना का दफ्तर राजधानी में होने पर नाराजगी जताई। कहा कि योजना का ऑफिस गंगातट पर होना चाहिए। उन्होंने गंगा स्वच्छता को ऋषिकेश में ही जन अदालत लगाने का सुझाव दिया। उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल ने गंगा में गिर रहे सीवर पर चिंता जताई। कहा कि शिकायत के बावजूद नगर पालिका के सीवर का गंदा पानी गंगा में मिल रहा है। इस लिये अधिकारियों को धरातल पर कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर व्यापारी नेता श्रवण जैन, कपिल गुप्ता, पंकज गुप्ता, संजय व्यास, तहसीलदार रेखा आर्य, पालिका के सहायक अभियंता आनंद मिश्रवाण सहित अन्य उपस्थित थे।

व्यापारियों ने किया विरोध
नगर के व्यापारियों ने बैठक में अधिकारियों के लेट आने पर नाराजगी जताई। बैठक का समय सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया था, लेकिन सीडीओ 12 बजे तक भी बैठक में नहीं पहुंचे। जिस पर व्यापारियों ने लौटना शुरू कर दिया। इस बीच मौके पर मौजूद अधिकारियों ने किसी तरह व्यापारियों को समझाकर रोका। करीब साढ़े बारह बजे सीडीओ बैठक में पहुंचे।

पूर्व मिस इंडिया एशिया पैसेफिक ने उड़ान स्कूल में मनाया फूलदेई त्योहार

ऋषिकेश।
बुधवार को मायाकुंड स्थित उड़ान स्कूल में पहुंची अनुकृति गुसाईं ने स्कूली बच्चों के साथ उत्तराखंड का लोकपर्व फूलदेई का त्योहार मनाया। इस मौके पर उन्होंने बच्चों को पाठ्य सामग्री भी वितरित की। अनुकृति ने कहा कि उड़ान स्कूल निशुल्क शिक्षा देने वाली संस्था है। मेरा सपना है कि इस संस्था की पूरे प्रदेश में शाखाएं खोली जाएं। उन्होंने स्कूल प्रबंधन की ओर से गढ़वाली और कुमाऊंनी भाषा बच्चों को सिखाए जाने की भी प्रशंसा की।
स्कूल निदेशक डॉ. राजे नेगी ने स्कूली बच्चों को फूलदेई का महत्व समझाया। कहा कि फूलदेई चैत्र मास में मनाए जाने वाला पर्व है। इस त्योहार में वसंत ऋतु में खिलने वाले फूलों से घरों की देहली को पूजा जाता है। इसके पीछे धारणा है कि घर परिवार में सुख, समृद्धि और खुशहाली आती है।
कार्यक्रम में लोक गायक धूम सिंह रावत ने फूलदेई पर लोक गीत घुघुती घुरान लगी मेरे मैते की..गाकर सुनाया। मौके रमेश लिंगवाल, उत्तम असवाल, राजा ढींगरा, रवि कुकरेती, पूजा नेगी, दिव्या सक्सेना, निधि शर्मा, प्रिया क्षेत्री, हिमित कक्कड़ आदि उपस्थित रहे।

ऋषिनगरी में कुमाउनी होली पर झूमीं महिलाएं

होली खेल रहे नंद लाल मथुरा की कुंज गलिन में…

ऋषिकेश।
कुर्मांचल परिषद की ओर से गुरुवार को होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ। हरिद्वार रोड स्थित एकांत कुटी में एक तरफ महिला और दूसरी तरफ पुरुषों ने पंगत बनाकर होली गाई। जैसे-जैसे होली के गीतों का रस बढ़ता गया वैसे ही महिला और पुरुष नृत्य करने लगे। इन दिनों एकादशी के बाद नगर में विभिन्न स्थानों पर कुमाउनी होली शुरू हो गई है।
कैलै बांधी चीर, हो रघुनंदन राजा, अंबा के भवन में विराजे होली, होली खेलें पशुपतिनाथ, नगर नैपाले में आदि भगवान की होली से कार्यक्रम की शुरुआत की गई। उसके बाद झनकारो, झनकारो, झनकारो गौरी प्यारो लगो तेरो झनकारो, छल के बुलाबी रंग डारो रे, होली आई रे, होली खेले रघुबीरा अवध में, होली खेल रहे नंदलाल मथुरा की कुंज गलिन में आदि होली गीतों को गाया गया।
पहले बैठकर, फिर खड़े होकर होल्यारों ने होली गाई। एक दूसरे को गुलाल लगाकर लोगों ने बधाई दी। कार्यक्रम के अंत में लोगों ने फूलों की होली खेली। मौके पर गिरीश चन्द्र सौंठा, नन्दन जोशी, विवेक तिवारी, हरीश तिवाड़ी, प्रभा जोशी, कृष्णा तिवारी, प्रकाश पंत, अशोक अवस्थी, प्रकाश जोशी, चन्द्रशेखर पांडे, कमला लोहानी, महेश पाठक, बालादत्त पांडे, हरीश उप्रेती, जगदीश चन्द्र, दुर्गापाल आदि मौजूद रहे।

महिला विकास मंच की ओर से होली मिलन समारोह

ऋषिकेश।
महिला विकास मंच ऋषिकेश ग्रामीण की संयोजक पुष्पा मित्तल के नेतृत्व में क्षेत्र की महिलाओं ने होली मिलन और महिला दिवस कार्यक्रम आयोजित किया। सुनीता खंडूरी की अध्यक्षता में चले होली मिलन कार्यक्रम में महिलाएं पारम्परिक वेशभूषा में सज धज कर पहुंचीं। उन्होंने गढ़वाली, नेपाली और पंजाबी नृत्य गीत पेश कर खूब मनोरंजन किया। इस दौरान समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। महिलाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर ऋषिकेश जिला पंचायत सदस्य सुनीता उपाध्याय, लक्ष्मी सजवाण, मैती स्वयंसेवी संस्था की अध्यक्ष कुसुम जोशी, हेमलता बहन, सुशीला बिष्ट, राजेश्वरी कंडवाल, स्नेहलता झा, परमा नौटियाल आदि उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन प्रभा थपलियाल ने किया।

ऋषिकेश में कलर्स ग्रुप के होली मिलन समारोह की धूम

ऋषिकेश।
व्यापारसभा भवन में ऋषिकेश कलर्स ग्रुप की ओर से होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। जिसमें रंगों की जगह फूलों से होली खेली गई। होली आई रे कन्हाई, होली आई रे, रंग बरसे, भीगी चुनरवाली, रंग डारो, रंग डारो गीत पर सामूहिक नृत्य कर महिलाओं व युवतियों ने जमकर ठुमके लगाए। इस दौरान होली त्यौहार के पीछे की कथा को भी रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया। होली अंताक्षरी खेल में युवतियों ने सुंदर-सुंदर गीत गाकर सुनाए। कार्यक्रम में जलेबी व गुलाबजामुन सहित अन्य लजीज व्यंजनों के स्टॉल पर खूब भीड़ जुटी रही। कार्यक्रम में कविता शाह, संगीता चौधरी, रोजी आनंद, अंशु अहूजा, सीमा रानी, अंजु गैरोला, सिमरन कौर, अनिता, अनिता पंवार, स्नेहलता शर्मा, विनीता सिंह, रीना शर्मा, अनिता तिवाड़ी, सरोज डिमरी, शशिप्रभा अग्रवाल आदि शामिल रहे।

परमार्थ गंगातट पर 101 देशों से आए लोगों ने लिया महासंकल्प

ऋषिकेश।
परमार्थ निकेतन में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव की निदेशिका साध्वी भगवती सरस्वती ने कहा कि दुनिया के सभी जलस्रोत मां गंगा से जुड़े हुए हैं। सभी नदियां समुद्र में मिलती हैं जो हमें एक दूसरे से जोड़ती हैं। जिस प्रकार योग हमें आपस में जोड़ता है, उसी प्रकार जल भी हमें जोड़ता है।
इससे पहले प्रातः कालीन कक्षाओं का शुभारम्भ आनन्द मेहरोत्रा ने हार्ट ऑफ कम्पैशन, डॉ. इन्दु शर्मा ने पारम्परिक हठ योग एवं सूर्य नमस्कार, कोलम्बिया दक्षिण अमेरिका से पधारे स्वामी बीए परमाद्वैती ने इनबाउंड योग एवं संदीप देसाई ने टाई-ची का अभ्यास कराया।
गोल्डन ब्रिज योग के संस्थापक गुरुमुख कौर खालसा एवं न्यूयार्क के जीवमुक्ति योग के योगाचार्य जूल्फ फेबर ने विभिन्न प्रकार के आसनों का अभ्यास कराया। वृदांवन से आई कीर्तन मंडली ने पर्यावरण एवं नदी संरक्षण के संबंध में अपनी प्रस्तुतियां दीं। वृदांवन से आए दल के साथ सभी प्रतिभागियों ने मिलकर अपने-अपने देश की नदियों को प्रदूषण मुक्त रखने का महासंकल्प लिया।
रात्रिकालीन कार्यक्रम में परमार्थ निकेतन के ऋषिकुमारों ने योग की विभिन्न विधाओं पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। ऋषिकुमारों ने उपासना एवं ज्योति शर्मा के निदेशन में भजन प्रस्तुत किया।

ऋषिकेश वूमैन क्लब का होली मिलन समारोह

ऋषिकेश।
शनिवार को रेलवे रोड पर ऋषिकेश वूमैन क्लब ने होली मिलन समारोह आयोजित किया। जिसमें क्लब के सदस्यों ने एक दूसरे को गले लगाकर होली की बधाई दी। कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई। रंग डारो-रंग डारो, होली आई रे आई रे, रंग बरसे भीगे चुनर वाली गीत पर क्लब के सदस्यों ने सामूहिक नृत्य कर फूलों से होली खेली। इस दौरान लजीज व्यंजन का लुत्फ भी उठाया गया। इस अवसर पर विधायक प्रेमचन्द्र अग्रवाल, पूनम शर्मा, पूनम शर्मा, माधुरी अग्रवाल, रीना तायल, रीता अरोडा, निधि बडोला, पूनम अग्रवाल, नमृता अग्रवाल, रजनी शर्मा, पूर्णिमा शर्मा, सीमा, रमा शर्मा, भावना व सगीता आदि उपस्थित थे।

परमार्थ में 150 योग क्रियाओं का होगा प्रदर्शन

योग महोत्सव की मेजबानी परमार्थ निकेतन कर रहा

ऋषिकेश।
अन्तरराष्ट्रीय योग महोत्सव में परमार्थ निकेतन में 150 योग क्रियाओं के प्रमुख प्रारूपों का प्रदर्शन होगा। परमार्थ में आयोजित पत्रकार वार्ता में स्वामी चिदानंद मुनि और साध्वी भगवती ने बताया कि योग महोत्सव में 100 से अधिक देशों के लगभग 1200 योग साधक भाग लेने के लिए आश्रम पहुंचने शुरू हो गए हैं। योग महोत्सव का शुभारंभ और समापन परमार्थ निकेतन में ही किया जाएगा।
योग महोत्सव में दो मार्च को पीएम नरेन्द्र मोदी वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से योग साधकों को संबोधित करेंगे। छह मार्च को सूफी गायक कैलाश खेर और सात मार्च को शिवमणि की प्रस्तुति योग महोत्सव का आकर्षण होंगे। चिदानंद मुनि और साध्वी भगवती ने बताया कि देश-विदेश से आए आध्यात्मिक महापुरुष और धर्मगुरुओं द्वारा धार्मिक संवाद व प्रश्नोत्तरी का भी विशेष आयोजन किया गया है। इसके अतिरिक्त ध्यान, मुद्रा, संस्कृतवाचन, आयुर्वेद, रेकी और भारतीय दर्शन की कक्षाएं भी संचालित होंगी।

ऋषिनगरी में बसंतोत्सव मेले की धूम

ऋषिकेश।
सोमवार को चार दिवसीय बसंतोत्सव मेले का साइकिल रेस से शुभारंभ हुआ। एसडीएम ऋषिकेश बृजेश कुमार तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगियों को रवाना किया। साइकिल रेस में श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज, एसबीएम पब्लिक स्कूल, पंजाब सिंध क्षेत्र, ओमकारानंद सरस्वति निलायम, आरपीएस, एनडीएस, भरत मंदिर संस्कृत विद्यालय, सरस्वती विद्या मंदिर आदि स्कूलों के छात्रों ने भाग लिया। श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के गौतम यादव ने पहला व सरदार इन्द्रजीत सिंह ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। जबकि पंजाब सिंध क्षेत्र के साहिल अहमद तीसरे स्थान पर रहे।
विजेताओं को मेला समिति ने साइकिल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम संयोजक हर्षवर्धन शर्मा व मेला अध्यक्ष दीप शर्मा ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मेले के पहले दिन कला प्रतियोगिता का शुभारंभ एमएन फारुखी, फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ मंहत अशोक प्रपन्न शर्मा ने किया। दो दिवसीय दंगल प्रतियोगिता का आयोजन नगर पालिका ऋषिकेश के मैदान में किया गया। पहले दिन दिल्ली व गाजियाबाद के पहलवानों का दबदबा रहा। जबकि बसंत आइडियल का रंगारंग आगाज एसबीएम पब्लिक स्कूल के प्रांगण में किया गया।
मौके पर विनय उनियाल, जयेन्द्र रमोला, राजेन्द्र सेठी, गोविन्द सिंह रावत, डीबीपीएस रावत, धीरेन्द्र जोशी, महेश किंगर, ललित मोहन मिश्रा, रवि शस्त्री, चन्द्रशेखर शर्मा आदि मौजूद थे।

बसंत आईडल के लिए 150 ने दिए डांस ऑडिशन

ऋषिकेश।
30 जनवरी को ऋषिकेश में होने वाले बसंतोत्सव में इस बार बसंत आइडल दर्शकों के लिए मनोरंजन का खास केन्द्र रहेगा। बसंत आइडल में ऋषिकेश के विभिन्न डांस ग्रुप की प्रस्तुतियां रहेंगी। वहीं एकल नृत्य में भी युवा बढ चढकर भाग लेंगे। बुधवार को डांस में रूचि रखने वाले ऐसे 150 युवाओं का ऑडिशन लिया गया। जिसमें प्रतिभागियों ने शास्त्रीय संगीत, बॉलीवुड, हॉलीवुड, लॉकिंग-पॉपिंग, हिप-हॉप व फ्री-स्टाइल डांस में अपनी प्रतिभा दिखाई। जानकारी देते हुए ऑडिशन के संयोजक मिन्हल हाशिम ने बताया कि सर्वश्रेष्ठ डांस प्रस्तुति देने वाले युवाओं को ही बसंत आईडल में डांस करने का मौका मिल सकेगा। इस अवसर पर निर्णायक मण्डल में विधि गुप्ता, दिव्या, विनीत जैन, नीरज शर्मा, ईश्वर शुक्ला, अब्दुल, प्रतीक पुण्डीर, संजीव वर्मा, संजीव यादव, यशपाल, राकेश चन्द्र व शिवम आदि उपस्थित थे।