सोशल मीडिया में गृह मंत्री के फर्जी पत्र की जांच शुरु, केस दर्ज

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम एक फर्जी पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने की जांच बैठा दी गई है। इस पत्र में भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता रही नुपूर शर्मा के एक रिश्तेदार को जेड सुरक्षा उपलब्ध कराने को कहा गया है। बुधवार को यह पत्र सोशल मीडिया में खूब वायरल हुआ।
केंद्रीय मंत्री शाह की तरफ से मुख्यमंत्री धामी को लिखे गए इस कथित पत्र में 13 जून की तिथि अंकित है। जिसमें कहा गया है कि संबंधित व्यक्ति आरएसएस और हिन्दु राष्ट्रीय विचारधारा के साथ ही नुपूर शर्मा का भी रिश्तेदार है। नुपूर शर्मा के साथ ही उनके रिश्तेदार को भी धमकियां मिल रही है लिहाजा तत्काल संबंधित व्यक्ति को जेड सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
इस पत्र के वायरल होते ही पीआईबी ने इसे ट्विटर पर टैग करते हुए फर्जी बताया। उधर, मुख्यमंत्री धामी ने फर्जी पत्र की गंभीरता को देखते हुए दोषी व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कारवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री की अपर मुख्य सचिव राधा रतूङी ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम को इस तरह का कोई पत्र नहीं भेजा है, यह पूरी तरह फर्जी है।
उन्होंने बताया कि एसटीएफ में सोशल मीडिया इंटरवेशंन सेल गठित है। जिसका मकसद सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक एंव गलत सूचना प्रसारित होने पर तत्काल प्रभाव से विश्लेषण कर वैधानिक एवं उचित कारवाई करना है। इस सेल को यह पत्र हुआ है, जिसके आधार से संबंधित व्यक्ति की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि शरारत करने वालों ने इस पत्र का रुपांतरण इस तरह से किया है जिससे समाज में कानून व्यवस्था बाधित हो। बताया कि एसटीएफ को मुकदमा दर्ज कर कारवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। विदित है नुपूर शर्मा का एक रिश्तेदार दून में रहते हैं जो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं।

गृहमंत्री का फर्जी पत्र वायरल करने में केस
गृहमंत्री अमित शाह का उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित पत्र वायरल करने के मामले में एसटीएफ ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एसटीएफ उत्तराखंड का सोशल मीडिया इंटरवेंशन सेल कार्यरत है।
जिसका उदेश्य सोशल मीडिया पर भ्रामक या गलत सूचना प्रसारित होने पर तत्काल विश्लेषण कर वैधानिक कार्रवाई करना है। ऐसी पोस्टों को हटना भी है जिससे कानून व्यवस्था की समस्या बनें। इस सेल को गृहमंत्री का संशय पैदा करने वाला फर्जी पत्र मिला। इसे वायरल करने को लेकर केस किया गया है।

चारधाम आने वाले तीर्थ यात्रियों को मिलेगा बीमा कवर

बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिर परिसर में दुर्घटना होने पर तीर्थ यात्रियों को एक लाख रुपये का बीमा कवर मिलेगा। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के प्रयासों से यह संभव हो पाया है। बदरीनाथ-केदार मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डा हरीश गौड़ ने बताया कि आध्यात्मिक संस्था मानव उत्थान सेवा समिति की ओर से बीमा की प्रीमियम राशि युनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को दी गयी है। उन्होंने बताया कि मानव उत्थान सेवा समिति के संस्थापक पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज हैं। बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज एवं मानव उत्थान सेवा समिति का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि पहली बार चारधाम आने वाले तीर्थयात्रियों को बीमा कवर दिया जा रहा है।
मीडिया प्रभारी डॉ हरीश गौड ने बताया कि मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी जोशीमठ, उखीमठ, बड़कोट और भटवाड़ी को पत्र लिखकर सूचित किया है। उन्होंने लिखा है कि मंदिर परिसर में किसी दुर्घटना पर तीर्थ यात्रियों को यह बीमा कवर दिया जायेगा है। उन्होंने बताया कि बीमा राशि का भुगतान बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति के माध्यम से युनाईटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा दिया जाएगा।

दीपक बाली ने भाजपा की सदस्यता लीं, आप को लगातार दूसरा झटका

आम आदमी पार्टी को भाजपा के द्वारा लगातार झटके मिल रहे है। पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी के सीएम उम्मीदवार रहे कर्नल अजय कोठियाल के बाद प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाली भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। गौर करने वाली बात है कि विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद अजय कोठियाल को किनारे लगाकर आप ने दीपक बाली के नेतृत्व में नए सिरे से प्रदेश पदाधिकारियों की टीम बनाई थी।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक सहित प्रदेश पदाधिकारियों की उपस्थिति में बाली ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की है। दीपक बाली को बीजेपी में शामिल कराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाली आप में थे लेकिन वह हमेशा से राष्ट्रवादी रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि आप का दो चेहरा है, जो वो दिखावा करती है, असल में है नहीं। करीब डेढ़ माह पहले उत्तराखंड में आप की कमान संभालने वाले दीपक बाली ने भी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना त्यागपत्र आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को भेज दिया है। काशीपुर के बड़े कारोबारी बाली करीब दो साल पहले आप में शामिल हुए थे।
बीते विधानसभा चुनाव में उन्हें पार्टी ने उत्तराखंड में चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। इसके अलावा वह काशीपुर सीट से पार्टी के उम्मीदवार भी रहे, लेकिन हार का सामना करना पड़ा था। 29 अप्रैल को उन्हें उत्तराखंड यूनिट का अध्यक्ष बनाया गया था।

लोगों के सुझाव पर बजट में हर वर्ग का रखा गया है ध्यान-प्रेमचन्द अग्रवाल

उत्तराखंड के बजट में साल भर में 12 फीसदी का इजाफा हुआ है। पिछले वित्तीय वर्ष में राज्य का कुल बजट 57400 करोड़ था। जिसे इस बार बढ़ाकर 65571.49 करोड़ कर दिया गया है। एक साल के अंतराल पर बजट में आठ हजार करोड़ से अधिक का इजाफा हुआ है जो करीब 12 प्रतिशत बैठता है। वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि बजट को तैयार करते समय समाज के हर वर्ग की जरूरत को ध्यान में रखा गया है। कहा कि उत्तराखंड के विकास को ध्यान में रखकर बजट बनाया गया है। कृषि, रोजगार, पलायन, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि मुद्दों पर विशेषतौर से फोकस किया गया।
वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सामूहिक प्रयासों से राज्य की अर्थव्यवस्था कोरोना के प्रभावों से उभर गई है। उन्होंने कहा कि कोरोना की वजह से समाज के हर वर्ग को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा था। लेकिन पिछले दो सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उठाए गए सुधारात्मक कदमों से अर्थव्यवस्था के हर वर्ग में सुधार हुआ है।
वित्त मंत्री प्रेमंचद अग्रवाल ने बताया कि सरकार ने राज्य का बजट तैयार करने से पहले समाज के हर वर्ग से राय मशविरा करने के साथ ही सुझाव लिए थे। गढ़वाल और कुमाऊं में बजट पर हर वर्ग की राय जानने के लिए अलग-अलग बैठकें बुलाई गई जिसमें 200 से अधिक सुझाव मिले थे। उन्होंने कहा कि इन सभी सुझावों को बजट में समाहित करने के प्रयास किए गए। इसके आधार पर ही राज्य का बजट तैयार किया गया है।
वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने विधानसभा के सदन में 65571.49 करोड़ का बजट पेश किया। बजट में कई नई योजनाओं के साथ ही पहले से चल रही विकास योजनाओं के लिए भी वित्तीय प्रावधान किए गए हैं। वित्त मंत्री ने बजट भाषण में कहा कि सरकार का यह बजट सर्व समावेशी है। इसमें किसानों, युवाओं, महिलाओं, गरीबों, वंचितों समेत समाज के सभी तबकों का ख्याल रखा गया है।
मंगलवार को सदन के पहले दिन अपराह्न चार बजकर पांच मिनट पर वित्त मंत्री प्रेमचंद ने अपना और धामी टू सरकार का पहला पूर्ण बजट पेश किया। इस दौरान सीएम पुष्कर धामी भी सदन में मौजूद रहे। वित्त मंत्री ने बजट भाषण की शुरूआत कोरोना के योद्दाओं को आभार जताने के साथ शुरूआत की।
धामी सरकार के बजट में 2460.96 करोड़ का राजस्व सरप्लस, जबकि राजकोषीय घाटा 8503.70 करोड़ अनुमानित है। राजस्व मद में 49013.31 करोड़ जबकि पूंजी मद में 16558.18 करोड़ का प्रावधान किया गया है। सरकार ने इससे पहले मार्च माह में चार महीनों के लिए 21 हजार करोड़ का लेखानुदान पेश किया था। पहले चार महीनों के लिए लाए गए आय व्यय को भी इस पूर्णकालिक बजट में समाहित किया गया है। बजट पेश करने के दौरान सत्ता पक्ष के विधायक बार-बार मेजें थपथपा रहे थे।

एक नजर में बजट
आय-
वित्तीय वर्ष 2022-23 में कुल प्राप्तियां 63774.55 करोड़ अनुमानित
करेत्तर राजस्व से राज्य को 5520.79 करोड़ प्राप्त हुए
राज्य का स्वयं का कर राजस्व 15370.56 करोड़

व्यय-
वित्तीय वर्ष 2022-23 में राजस्व लेखे का व्यय 49013.31 करोड़
वित्तीय वर्ष 2022-23 में पूंजी लेखे का व्यय 16558.18 करोड़
राज्य कर्मियों के वेतन भत्तों पर 17350.21 करोड़ व्यय का प्रावधान
पेंशन मद में 6703.10 करोड़ का व्यय अनुमानित
ब्याज भुगतान के लिए बजट में 6017.85 करोड़ का प्रावधान

मुख्यमंत्री राज्य कृषि किसान योजना के तहत कीवी को बढ़ावा देने के लिये 18 करोड़ स्वीकृत

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सर्वे स्टेडियम, हाथीबड़कला में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 8 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित गरीब कल्याण सम्मेलन को सम्बोधित किया। इस कार्यक्रम में आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में ग्राम्य विकास, उद्यान, कृषि विभाग से सम्बन्धित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के 30 स्टॉल लगाये जाने के साथ ही बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं स्थानीय जनता उपस्थित रही।
मुख्यमंत्री ने उद्यान विभाग में संचालित एप्पल मिशन योजना के अंतर्गत रु 6 करोड़ धनराशि को बढ़ाकर 12 करोड़ किए जाने एवं राज्य में कीवी के बढ़ावा देने हेतु मुख्यमंत्री राज्य कृषि विकास योजना के लिये रु 18 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को आदर्श, श्रेष्ठ एवं आत्मनिर्भर बनाने का हमारा लक्ष्य है। इसके लिए राज्य के विकास का आगामी 10 सालों का रोड मैप तैयार किया जा रहा है। राज्य के बजट को तैयार करने में आम जनता की भी राय ली गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बीते 8 सालों के कार्यकाल में हमारी सरकार सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ आगे बढ़ी है। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हो रहे विभिन्न कार्यक्रमों से देश के भविष्य एवं विकास का लक्ष्य स्पष्ट नजर आता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के विभिन्न क्षेत्रों की कार्यशैली में बदलाव आया है। आज प्रत्येक योजनाएं जमीनी स्तर पर लागू हो रही हैं एवं प्रत्येक वर्ग के ध्यान में रखकर योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। समाज का प्रत्येक वर्ग सरकारी योजनाओं एवं विकास से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों पर अमल कर समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकार पहुंचे इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार कार्य किया जा रहा है। बिना किसी भेदभाव, तुष्टिकरण व सौदेबाजी के सबको विकास का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जवला योजना से गरीबों को मुफ्त में रसोई गैस सिलेंडर देने का कार्य किया है। अबतक देश में 09 करोड़ लोगों को इस योजना से लाभान्वित किया गया है। उन्होंने कहा देश ही नहीं अपितु विश्व की सबसे बड़ी आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक को 5 लाख तक का मुफ्त में इलाज करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी मरीज को अटल आयुष्मान उत्तराखण्ड योजना का लाभ न देने पर संबंधित अस्पतालों पर कार्रवाई की जाएगी। राज्य में अब तक 5.50 लाख लोगों को इस योजना का लाभ दिया जा चुका है। प्रदेश में लोगों का शत् प्रतिशत वैक्सीनेशन किया जा चुका है। बच्चों को वैक्सीन लगाये जाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में कोई परिवार भूखा न रहे इसके लिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 80 करोड लोगों को मुफ्त में राशन देने का कार्य किया गया। कोरोना महामारी जैसे संकट में भी देश का विकास नहीं रुका एवं विकास की योजनाएं निरंतर चलती रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रत्येक घर में नल एवं नल में जल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा 2024 तक प्रत्येक घर में नल पहुंचे इसके लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, जैसी तमाम योजनाओं ने भारत का मान सम्मान बढ़ाया है। उन्होने कहा कि हमारी सरकार सरलीकरण, समाधान और निस्तारण के मूलमंत्र पर काम कर रही है साथ ही सचिवालय में सोमवार को छव् डम्म्ज्प्छळ क्।ल् की व्यवस्था की गई है। ताकि अधिकारी जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुने एवं उस पर कार्य करें। जनपदों में अधिकारियों को 10 से 12 बजे तक जनता की समस्यायें सुनने के निर्देश दिये गये है ताकि जनपदों की समस्या लेकर लोगों को देहरादून न आना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने जो संकल्प लिए हैं उन्हें पूरा किया जा रहा है। भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार की शिकायत हेतु हेल्पलाइन नम्बर 1064 जारी किया है। मुख्यमंत्री ने जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने की अपील करते हुए कहा की भ्रष्टाचार की शिकायत करने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने श्री केदारनाथ की भूमि पर कहा कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा। उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार से भी राज्य को हर क्षेत्र में पूरा सहयोग मिल रहा है। राज्य में इस वर्ष चारधाम यात्रा शुरू होने से अब तक 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा की है।
केबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री को चंपावत में ऐतिहासिक जीत पर शुभकामना दी। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री ने देश के किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य लगा है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य के अंतर्गत किसानों का विकास हो रहा है। राज्य के विकास हेतु विकास का रोड़मैप तैयार जिसका परिणाम जल्द दिखाई देंगे ।
इस दौरान केबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, सांसद नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल के साथ ही शासन एवं जिला प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

केन्द्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट में केन्द्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने जौलीग्रांट स्थित गेस्ट हाउस में केन्द्रीय मंत्री से राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों व समसामयिक विषयों पर चर्चा भी की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इससे पहले केंद्रीय संसदीय मंत्री प्रहलाद जोशी का शॉल ओढाकर अभिनंदन भी किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल भी मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2464 ईडब्ल्यूएस आवासीय भवनों का शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को आन्नेकी हेत्तमपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अन्तर्गत किफायती आवास योजना घटक के तहत उत्तराखण्ड आवास एवं विकास परिषद द्वारा निजी सहभागिता से 17,332.07 लाख रूपये की लागत से बनने वाले कुल 2464 ईडब्ल्यूएस आवासीय भवनों (विधान सभा क्षेत्र-रानीपुर के लिये 1152, खानपुर के लिये 768 एवं मंगलौर के लिये 544) का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रोशनाबाद-बिहारीगढ़ मार्ग के मध्य क्षतिग्रस्त हेत्तमपुर पुल का पुननिर्माण करने तथा इसकी निगरानी के लिये समिति गठित करने की घोषणा की। उन्होंने इस मौके पर एकल आवासीय मानचित्रों की स्वीकृति की प्रक्रिया का सरलीकरण किए जाने हेतु बनी ऐप का भी शुभारम्भ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत आन्नेकी हेत्तमपुर, शिकारपुर एवं मंगलौर में तीन परियोजनाओं में 2464 ईडब्ल्यूएस आवासीय भवनों का शिलान्यास किया जाना, देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं राज्य सरकार की सफल नीति का परिणाम है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुय कहा कि प्रधानमंत्री के कर कमलों द्वारा माह दिसम्बर, 2021 में 2424 ई0डब्ल्यू0एस0 आवासीय भवनों के शिलान्यास के साथ उत्तराखण्ड में इस आवासीय योजना का शुभारम्भ हुआ, जिन पर निर्माण कार्य गतिमान है। उन्होंने कहा हमारे देश व प्रदेश की माताएं व बहनें जिनके पास रहने को छत नहीं थी, उनके दुख-दर्द को देखकर प्रधानमंत्री जी द्वारा प्रारम्भ की गई इस योजना से प्रत्येक निर्धन एवं निराश्रित परिवार को छत उपलब्ध कराकर आसूं पोछने जैसा परोपकारी कार्य किया गया है। उन्होंने कहा हमने निर्धन माताएं एवं बहनों का ध्यान रखते हुए आवास आवंटन में महिला सदस्य को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा सरकार द्वारा दुर्बल आय वर्ग के व्यक्तियों को आवास दिये जाने हेतु निरन्तर प्रयास किये जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा भारत सरकार से स्वीकृत उपरान्त 25 परियोजनाओं के अन्तर्गत कुल 22,440 आवास बनाये जाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि मार्च, 2024 तक समस्त आवासों का कार्य पूर्ण कर लाभार्थियों को कब्जा हस्तांतरित किया जायेगा। उन्होंने कहा हमारी सरकार का लक्ष्य है कि हम पारदर्शी, समयबद्ध एवं भष्ट्राचार मुक्त प्रक्रिया के तहत एकल आवासीय मानचित्रों की स्वीकृति की प्रक्रिया, जो पहले काफी जटिल थी, उसका भी सरलीकरण किया गया है।
मुख्यमंत्री ने डिजिटल इण्डिया मिशन का जिक्र करते हुये कहा कि इसको ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार द्वारा चौबीस घण्टे बिल्डिंग परमिट आवेदन सेवा, आवेदनों का समय पर निस्तारण, मानचित्र हेतु कार्यालय जाने की निर्भरता की समाप्ति, निःशुल्क पूर्व स्वीकृत मानचित्र की उपलब्धता, डिजिटल हस्ताक्षरित मानचित्र आवेदक को मेल द्वारा प्राप्ति की सुविधा एवं ऑनलाइन के माध्यम से अपनी आवासीय फाइल की सूचना आदि की व्यवस्था से आवेदक को लाभान्वित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज हमारा देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले सैनिकों को गोली का जवाब देने के लिए परमिशन लेनी पड़ती थी लेकिन आज दुश्मनों को गोली का जवाब गोलों से दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कोरोना काल में कोई परिवार भूखा न सोए इसके लिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 80 करोड लोगों को मुफ्त में राशन देने का कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि विभिन्न भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद संपूर्ण देश में वैक्सीनेशन का कार्य किया गया। उन्होंने कहा आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत हर दिन नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा की मोदी जी के नेतृत्व में हम सभी एक भारत, श्रेष्ठ भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ने कश्मीर को दो विधान, दो निशान और दो संविधान से छुटकारा दिलाने का काम कर इतिहास रचा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के विभिन्न क्षेत्रों की कार्यशैली में बदलाव आया है। आज प्रत्येक योजनाएं जमीनी स्तर पर लागू हो रही हैं एवं प्रत्येक वर्ग के ध्यान में रखकर योजनाओं का संचालन किया जा रहा है तथा अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकार पहुंचे, इसके लिए कई कार्य किए गए हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, मुद्रा योजना, मातृ वन्दना योजना, किसान सम्मान निधि योजना आदि अनेक योजनाओं के तहत प्रदेश के गरीब से गरीब व्यक्ति को लाभान्वित किये जाने का कार्य सरकार द्वारा किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार सरलीकरण, समाधान और निस्तारण के मूलमंत्र पर काम कर रही है। साथ ही सचिवालय में एक दिन ’’नो मीटिंग डे’’ की व्यवस्था की गई है ताकि अधिकारी जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनें एवं उस पर कार्य करें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को प्रत्येक दिन 10 से 12 बजे तक जनता की समस्याओं के निस्तारण करने के भी निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने कहा हमारी सरकार ने जो संकल्प लिए हैं उन्हें पूरा किया जा रहा है।
भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुये पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की लगातार कार्रवाई जारी है। हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार शिकायत हेल्पलाइन नम्बर जारी किया है, उन्होंने जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने की अपील करते हुए कहा कि जिनको भी भ्रष्टाचार की शिकायत करनी होगी, उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल ’निशंक’ ने प्रधानमंत्री का जिक्र करते हुये कहा कि उन्होंने आपको आवास का यह तोहफा भेजा है, जिनकी नजर अन्तिम पायदान पर बैठे व्यक्ति पर है, मैं आपको बधाई देने आया हूं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पूरी दुनियां में भारत का सिर ऊंचा किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड हिमालयी राज्यों में विकास के क्षेत्र में नम्बर-1 पर है तथा हरिद्वार में भी चारों ओर विकास के कार्य चल रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री को चम्पावत से रिकार्ड जीत के लिये बधाई दी।
कैबिनेट मंत्री प्रेमचन्द्र अग्रवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुये कहा कि इस योजना के तहत लाखों लोगों को आवास मिल रहा है तथा पण्डित दीन दयाल उपाध्याय के अन्तिम छोर पर खडे़ व्यक्ति के विकास की परिकल्पना भी साकार हो रही है।
समारोह को रानीपुर विधायक आदेश चौहान, खानपुर विधायक उमेश कुमार, मंगलौर विधायक सरवत करीम अंसारी ने भी सम्बोधित किया।
कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर मा मुख्यमंत्री एवं गणमान्य व्यक्तियों का विशाल माला एवं प्रतीकर चिह्न भेंटकर भव्य स्वागत व अभिनन्दन किया गया।
इस अवसर पर रूड़की विधायक प्रदीप बत्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ जयपाल सिंह चौहान, पूर्व विधायक ज्वालापुर सुरेश राठौर, सांसद प्रतिनिधि ओम प्रकाश जमदग्निक, आयुक्त आवास एस0एन0 पाण्डेय, अपर आवास आयुक्त प्रकाश चन्द्र दुम्का, जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।

एक नजर में योजना
रू- 17,332.07 लाख रूपये की लागत के कुल 2464 आवासों का शिलान्यास, जिसके अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र रानीपुर (ओजस प्रधानमंत्री आवास योजना) हेतु रू0 7729.92 लाख लागत के 1152 प्रस्तावित आवासों, विधानसभा क्षेत्र खानपुर (लक्ष्मी प्रधानमंत्री आवास योजना) हेतु रू0 5775.38 लाख लागत के 768 प्रस्तावित आवासों, विधानसभा क्षेत्र मंगलौर (मंगलौर प्रधानमंत्री आवास योजना) हेतु रू0 3826.77 लाख लागत के 544 प्रस्तावित आवासों का शिलान्यास किया गया।

केन्द्र सरकार से जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना को निवेश स्वीकृति प्राप्त

सचिव सिंचाई हरि चन्द्र सेमवाल ने बताया कि शुक्रवार को सचिव जल संसाधन भारत सरकार की अध्यक्षता में तथा नीति आयोग व केन्द्रीय जल आयोग के अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित बैठक में पश्चिम बंगाल, मणिपुर, महाराष्ट्र एवं उत्तराखण्ड राज्य की योजनाएं निवेश स्वीकृति हेतु इन्वेस्टमेंट क्लीयेरेन्स की 17वीं बैठक में प्रस्तुत की गई।
बैठक में उत्तराखण्ड राज्य की जमरानी बांध परियोजना लागत रु० 2584.10 करोड के सम्बन्ध में निर्णय लिया गया कि परियोजना को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अन्तर्गत 90ः10 के अन्तर्गत निवेश की स्वीकृति प्रदान कर दी जाए। जमरानी बांध परियोजना पर शीघ्र ही पुनर्वास सहित निर्माण कार्यों को प्रारम्भ किए जायेंगे। परियोजना से 57065 है० अतिरिक्त सिंचाई के साथ-साथ हल्द्वानी शहर को वर्ष 2055 तक 42 एमसीएम पेयजल उपलब्ध कराये जाने का प्राविधान है। परियोजना से 63 मिलियन यूनिट वार्षिक विद्युत उत्पादन भी किया जाएगा। परियोजना को वर्ष 2027 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि परियोजना से प्रभावितों के पुनर्वास के लिए शीघ्र ही पुनर्वास नीति केबिनेट में स्वीकृति हेतु रखी जाएगी तथा पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन अधिनियम 2013 के प्राविधानों के अनुसार प्रभावित ग्रामवासियों का सम्यक रूप से पुनर्वास किया जाएगा।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों ने मांगे अधिकार

अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री व गृह विभाग राधा रतूड़ी की अध्यक्षता में सचिवालय में शुक्रवार को आजादी के अमृत महोत्सव के पावन काल में उत्तराखण्ड राज्य के स्वतन्त्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारीगणों की विभिन्न मांगो के संबंध में विचार विमर्श किये जाने हेतु बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने समीक्षा करते हुए स्वतन्त्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारीगणों के विभिन्न प्रकरणों के संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिये, जिसके क्रम में परिवहन निगम की बसों में ऑनलाइन टिकट बुक किये जाने की व्यवस्था की एक सप्ताह के भीतर पूर्ण किये जाने एवं अन्य प्रकरणों पर प्रस्ताव प्राप्त होने पर यथाशीघ्र कार्यवाही किये जाने का सचिव, परिवहन विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया। उन्होंने शहरी विकास विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि स्वतन्त्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में सड़कों, चौराहों एवं द्वारों का नामकरण एवं शिलापट्ट स्थापित किये जाने संबंधी लंबित प्रकरणों को शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाय। बैठक में विभिन्न जनपदों में स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी के उत्तराधिकारीगणों से संबंधित विभिन्न प्रकरणों के त्वरित एवं नियमानुसार निस्तारण हेतु वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित जिले के अधिकारीगणों को निर्देशित किया गया, जिसके क्रम में जिलाधिकारियों को निर्देश दिये गये कि प्रत्येक तहसील में एक नोडल अधिकारी नामित किया जाय तथा उनके नाम एवं मोबाईल नम्बर की सूचना अविलम्ब शासन को उपलब्ध करायी जाय साथ ही जिलाधिकारियों को यह भी निर्देश दिये गये कि यदि किसी कार्यक्रम/समारोह में स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी अथवा उनकी पत्नी अथवा विधवा पत्नी को आमंत्रित किया जाता है तो उन्हें यथोचित सत्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाय।
बैठक में प्रतिभाग कर रहे स्वतन्त्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों द्वारा राजकीय सेवा में स्वतन्त्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों का क्षैतिज आरक्षण बढ़ाये जाने, सम्मान पेंशन की धनराशि में वृद्धि किये जाने, राज्य के चिकित्सालयों में स्वतन्त्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों हेतु चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा के विस्तार के संबंध में विभिन्न प्रत्यावेदनों के माध्यम से सुझाव प्रस्तुत किये गये, जिसके क्रम में अपर मुख्य सचिव द्वारा आश्वासन दिया गया कि प्राप्त सुझावों पर परीक्षण कराते हुए आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए 29 को नामांकन, 18 जुलाई को वोटिंग

16वें राष्ट्रपति के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान निर्वाचन आयोग ने कर दिया है। आयोग ने कहा कि 29 जून तक नॉमिनेशन किए जा सकेंगे। 18 जुलाई को चुनाव होंगे और 21 जुलाई को रिजल्ट का ऐलान किया जाएगा। आयोग ने कहा कि हर प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि 15 जून को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी, और 18 जुलाई को वोटिंग होगी। 21 जुलाई को काउंटिंग खत्म होने के बाद ही नए राष्ट्रपति के नाम का ऐलान हो जाएगा। 2017 में राष्ट्रपति चुने गए रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को ही खत्म हो रहा है। ​वे देश के 15वें राष्ट्रपति हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि राष्ट्रपति चुनाव में वोट देने के लिए चुनाव आयोग की ओर से दिए गए पेन का ही इस्तेमाल करना होगा। अगर कोई दूसरा पेन इस्तेमाल करता है तो उसका वोट अमान्य घोषित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 776 सांसद और 4033 विधायक, यानी कि कुल 4809 मतदाता वोट देंगे। व्हिप लागू नहीं होगा और मतदान पूरी तरह से गुप्त होगा।
वहीं, बात चुनाव की करें तो एनडीए की स्थिति पिछली बार की तरह ही इस बार भी मजबूत है, लेकिन उसने आंध्र प्रदेश और ओडिशा से समर्थन मांगा है। वहीं, यूपीए की नजर राज्यसभा की 16 सीटों पर है। इन सीटों पर 10 जून को चुनाव होना है।
एनडीए बहुमत के आंकड़े से बेहद करीब है। उसे बीजेडी के नवीन पटनायक और वायएसआरसी के जगनमोहन रेड्‌डी के समर्थन की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवीन पटनायक एवं जगन मोहन रेड्डी से मुलाकात भी कर चुके हैं। हालांकि दोनों ने ही उम्मीदवार का नाम सामने आने के बाद ही समर्थन पर फैसला करने के लिए कहा है। पिछले राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था। रामनाथ कोविंद को 65.35 प्रतिशत वोट मिले थे। इस बार भी एनडीए इसे दोहराने की कोशिश में है।

राज्यसभा चुनाव से फंस रहा पेच
राष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया में राज्यसभा सदस्य भी हिस्सा लेते हैं। ऐसे में 10 जून को राज्यसभा की 57 सीटों में 16 सीटों पर होने वाले चुनाव से पेच फंस रहा है। दरअसल, 57 में से बाक़ी की 41 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए जाएंगे। जिन 16 सीटों पर चुनाव होना है, उनका फैसला महाराष्ट्र, राजस्थान, कर्नाटक और हरियाणा से होगा। यहां गुणा-गणित किसके पक्ष में जाएगी यह कहना मुश्किल है।