दिल्ली की लापता महिला परमार्थ घाट में मिलीं

दिल्ली से लापता एक महिला लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र के परमार्थ निकेतन घाट पर मिली। पुलिस ने दिल्ली पुलिस से संपर्क कर महिला को सुपुर्द किया।
लक्षमणझूला थाना निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि थाना मानसरोवर पार्क जिला शाहदरा, दिल्ली निवासी आकृति दुबे पत्नी अविनाश दुबे की परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। दिल्ली पुलिस महिला की तलाश में यहां पर पहुंची। लक्ष्मणझूला पुलिस की मदद से महिला को परमार्थ निकेतन घाट से सुबह सकुशल बरामद किया। इस दौरान दिल्ली पुलिस के एएसआई दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल जसवीर सिंह, महिला के परिजन सुधीर पांडे और प्रीति पांडे, उप निरीक्षक मनोज रावत, कांस्टेबल मानवेन्द्र सुमन, कांस्टेबल पीएसी सुशील सिंह रावत, महिला कांस्टेबल कविता सैनी मौजूद रहे।

कनाडा के उच्चायुक्त से विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में भारत में कनाडा के उच्चायुक्त कैमरोन मैके ने भेंट की। उन्होंने मुख्यमंत्री से पर्यटन, कृषि, जल, विद्युत एवं सौर उर्जा के साथ शैक्षिक आदान प्रदान के क्षेत्र में सहयोग की सम्भावनाओं पर चर्चा की। अवगत कराया कि भारत के साथ कनाडा के अच्छे वाणिज्यिक सम्बन्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में उद्योगों के लिये देवभूमि के अनुरूप सुरक्षित व शान्त माहोल है। श्रमिकों एवं उद्यमियों के सम्बन्ध भी बेहतर है। कानून व्यवस्था की कोई समस्या नही है। ईज ऑफ डूइंग विजनेस की प्रभावी व्यवस्था बनी है। राज्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में कृषि, बागवानी, रोड एयर एवं रेल कनेक्टिविटी, टूरिज्म आदि के क्षेत्र में बेहतर ढ़ंग से कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कनाडा की दिल्ली स्थित ट्रेड प्रमोशन टीम के साथ समन्वय कर व्यापार एवं निवेश से सम्बन्धित सम्भावनाओं को धरातल पर लाने के प्रयास किये जायेंगे।
मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आठ वर्ष के कार्यकाल में देश में परिस्थितियां बदली है। निवेशकों की सुरक्षा का बेहतर वातावरण बना है। सभी के लिये समान कार्य संस्कृति के अवसर उपलब्ध हुए है।
इस अवसर पर कनाडा एम्बेसी के कन्सोलेट जनरल उतर भारत पैट्रिक हावर्ड तथा सचिव शैलेश बगोली आदि उपस्थित रहे।

मासूम का फिसला पैर, गंगा के तेज बहाव में बही, लापता

मुनिकीरेती के शीशमझाड़ी क्षेत्र में एक आश्रम के घाट के पास पांच साल की मासूम बच्ची गंगा के तेज बहाव में बह गई। सूचना पर एसडीआरएफ की टीम मौके पहुंची और बच्ची की तलाश को गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया।
कैलाश गेट चौकी प्रभारी योगेश पांडेय ने बताया कि रविवार सुबह दिल्ली का एक परिवार वेदांत आश्रम घाट पर स्नान कर रहा था। इस दौरान परिवार की पांच वर्षीय बच्ची आशी पुत्री अमरनाथ निवासी अशोक नगर, दिल्ली का अचानक पैर फिसला और वह पानी के तेज बहाव में बह गई। जब तक उसे बचाने का प्रयास करते देखते ही देखते वह गंगा की तेज लहरों में ओझल हो गई। घटना के बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस दी। सूचना पाकर एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लेकिन मासूम बच्ची का कहीं पता नहीं चल पाया। एसडीआरएफ उपनिरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि सोमवार को फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।

यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी हेतु एक्सपर्ट कमेटी के गठन के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देर सांय मुख्यमंत्री आवास में चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने यात्रा के दौरान यात्रियों के स्वास्थ्य को लेकर चिन्ता व्यक्त करते हुए इस सम्बन्ध में प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने इसके लिये एक्सपर्ट कमेटी गठित किये जाने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान हो रही मृत्यु के वास्तविक कारणों की भी सही स्थिति जनता के समक्ष रखी जाए। ताकि चार धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु आवश्यक एहतियात बरतें। उन्होंने इसके लिये बुजुर्ग एवं अस्वस्थ लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण की कारगर व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बुजुर्ग लोग अपना स्वास्थ्य परीक्षण के बाद ही यात्रा पर आए, इसकी व्यवस्था पर ध्यान दिया जाए। इस सम्बन्ध में चारधाम यात्रा से सम्बन्धित व्यवस्थाओं के प्रति नकारात्मक संदेश से बचाव के साथ ही यात्रा के सम्बन्ध में की गई सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के लिये पर्यटन, स्वास्थ्य, परिवहन एवं एस.डी. आर. एफ. के अधिकारी समन्वय से कार्य करते हुए। नियमित रूप से मीडिया को भी वस्तुस्थिति से अवगत कराये जाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराये।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव राधिका झा, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, महानिदेशक सूचना एवं परिवहन आयुक्त रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव सी. रविशंकर, महानिदेशक स्वास्थ्य के साथ ही सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हर वर्ग को साथ लेकर चल रही मोदी सरकार-पीएमओ मंत्री जितेन्द्र सिंह

भाजपा श्यामपुर मंडल ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आठ वर्ष के सफलतम कार्यकाल पर लाभार्थी सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया गया।
शनिवार को रायवाला स्थित एक वेडिंग सेंटर में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान, प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन, परमाणु ऊर्जा तथा अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, विशिष्ट अतिथि कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष विनय रोहिला, जिलाध्यक्ष भाजपा शमशेर सिंह पुंडीर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आठ वर्ष के कार्यकाल में देश का मान-सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। देश एक सशक्त भारत के रूप में आगे बढ़ा है। आठ सालों में देश के विभिन्न क्षेत्रों की कार्यशैली में बदलाव आया है। उन्होंने कहा आज प्रत्येक योजनाएं जमीनी स्तर पर लागू हो रही हैं एवं प्रत्येक वर्ग को ध्यान में रखकर योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाएं पहुंचे इसके लिए बीते आठ वर्षों से कई कार्य किए जा रहे हैं।
अग्रवाल ने कहा कि जनधन योजना के अंतर्गत आज प्रत्येक व्यक्ति के बैंक में खाते हैं। उज्वला योजना के अंतर्गत आज शत् प्रतिशत लोगों के पास रसोई गैस है। उन्होंने कहा कोविड काल के बाद दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान भारत में चलाया गया। भारत ने इस दौरान पड़ोसी देशों को भी वैक्सीन देने का काम किया है।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ये आठ साल देश के लिए स्वर्णिम रहे हैं। देश प्रगति के नए कीर्तिमान रच रहा है। आज सबका साथ, सबका विकास के ध्येय वाक्य के सरकार जनता के साथ समन्वय बनाकर चल रही है।
मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इन आठ वर्षों में हर वर्ग सशक्त हुआ है। आज विश्वगुरु बनने की दिशा में अग्रसर हैं, पूरे विश्व में भारत की जय जयकार हो रही है, इसका श्रेय पीएम मोदी को ही जाता है। प्रधानमंत्री ने महिलाओं के हाथ मजबूत किये हैं। बताया कि प्रधानमंत्री ने 11.5 करोड़ से अधिक शौचालयों से महिलाओं का जीवन आसान किया। 9.5 करोड़ से अधिक घरों को नल से जल दिया। मुद्रा योजना के तहत 68 प्रतिशत महिलाएं लाभार्थी हुईं। कहा कि महिलाओं को उज्जवला योजना के अंतर्गत 9.17 करोड़ गैस कनेक्शन दिए। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 2.4 करोड़ से अधिक गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को वित्तीय सहायता प्रदान की।
बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 3.11 करोड़ निशुल्क प्रसव पूर्व मेडिकल जांच हुए। बताया कि पेड मैटरनिटी लीव 12 सप्ताह से बढ़ाकर 26 सप्ताह की गई। बताया कि 2.73 करोड़ से अधिक सुकन्या समृद्धि खाते खोले गए। कहा कि मुस्लिम महिलाओं को सौगात देते हुए तीन तलाक की कुप्रथा को समाप्त कराने का काम किया।
बताया कि सशस्त्र बलों महिलाओं को स्थाई कमीशन की सुविधा प्रदान की। बताया कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं, निशुल्क सिलाई मशीन योजना, वस्त्र उद्योग के लिए समर्थ योजना, 23 करोड़ से अधिक महिलाओं को जनधन खाते से जोड़ना, दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सत्यापित महिला स्वसहायता समूह सदस्याओं के लिये 5000 रुपये की ओवरड्राफ्ट सुविधा आदि योजनाओं की सौगातें महिलाओं को प्रदान की हैं।
इस मौके पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार, जिला मंत्री अरुण मित्तल, ब्लाक प्रमुख डोईवाला भगवान सिंह पोखरियाल, मंडल अध्यक्ष श्यामपुर गणेश रावत, मंडल अध्यक्ष वीरभद्र अरविंद चौधरी, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, प्रदेश कार्यालय प्रभारी ओबीसी मोर्चा सतपाल सैनी, रविन्द्र राणा, प्रदीप धस्माना, रमन रांगड़, सागर गिरी, राम रतन रतूड़ी, चंद्र मोहन पोखरियाल, मानवेन्द्र कण्डारी, मंडल अध्यक्ष महिला मोर्चा समा पंवार, अनिता राणा, पार्षद सुंदरी कंडवाल, शिवानी भट्ट, लक्ष्मी गुरुंग, बीना बंगवाल सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता आदि मौजूद रहे।

डॉ कल्पना सैनी निर्विरोध राज्यसभा सदस्य निर्वाचित

उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य का निर्विरोध चुनाव जीतने के बाद डॉ कल्पना सैनी को वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने बधाई दी।
शुक्रवार को डॉ कल्पना सैनी ने विधानसभा भवन में विधानसभा के सचिव मुकेश सिंघल से राज्यसभा सदस्य का सर्टिफिकेट प्राप्त किया। इसके उपरांत अग्रवाल ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पुष्प गुच्छ भेंट कर कल्पना सैनी को बधाई व शुभकामनाएं दी साथ ही मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया।
इस अवसर पर देहरादून के मेयर सुनील उनियाल गामा सहित कई नेता व उनके परिवार के सदस्य मौजूद थे।

उप चुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीते धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत उप चुनाव में ऐतिहासिक जीत पर उत्तराखण्ड की जनता विशेष रूप से चम्पावत की जनता का आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “मैं उत्तराखंड की महान जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। ये उसी जनता की जीत है जिसने मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता को अपने सर माथे पर बिठाया है। ये आपके भरोसे की जीत है। ये जीत मुझे उत्तराखंड की जनता की सेवा में प्राणपण से जुटे रहने का आदेश दे रही है। इस मौके पर मैं अपने यशस्वी प्रधानमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं जिनके सतत मार्गदर्शन ने मुझे इस लायक बनाया कि आज मैं उत्तराखंड की जनता के स्नेह और आशीर्वाद का पात्र हूं। प्रधानमंत्री मोदी की सेवा, साधना और तपस्या हम सभी के लिए आदर्श का एक मानक बन चुकी है। ये एक ऐसा मानक है जिसकी ओर बढ़ते हुए हम खुद को निखारते जाते हैं, जन सेवा की राह में स्वयं को मांजते जाते हैं।
चंपावत विधानसभा का ये उपचुनाव केवल जीत हार की लड़ाई नहीं थी। इस उपचुनाव की ओट में उत्तराखंड को सजाने, संवारने और प्रगति का स्वर्णिम अध्याय रचने के स्वप्न भी छिपे हुए थे। ये 55025 वोटों की ऐतिहासिक जीत इन्हीं सपनो को पूरा करने के संकल्प की प्रतिध्वनि है। हमने प्रधानमंत्री मोदी के आशीर्वाद से उत्तराखंड की जनता के जीवन को सुखमय बनाने का यज्ञ शुरू किया है। ये जीत इस यज्ञ की पूर्णता की दिशा में एक अभूतपूर्व कदम साबित होगी।
मैं अपने चंपावत के लोगों को भी यकीन दिलाता हूं कि उनकी हर पुकार, हर आग्रह, हर आदेश पर मैं स्वयं सेवा में हाज़िर रहूंगा। मैं इस प्रदेश का मुख्यमंत्री हूं। मेरे जीवन का मकसद ही इस प्रदेश की सेवा है। पर एक जनप्रतिनिधि होने के नाते चंपावत के प्रति मेरे कुछ विशिष्ट उत्तरदायित्व भी हैं। मैं पूरे मनोयोग और समर्पण से उन उत्तरदायित्वों की सिद्धि की कोशिश करूंगा। चंपावत की जनता ने विरोधियों के जिस छ्द्म जाल को अपनी दूरदर्शी आंखों से भेदकर मुझे ये जीत दिलाई है, उनके प्रति मेरे हृदय में सदैव के लिए विशेष आभार है। एक बार फिर से उत्तराखंड की इस महान जनता को मेरा सादर प्रणाम और अभिवादन।“

मोदी सरकार हर वर्ग के लिए बना रही योजनाये-धामी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को शिमला में गरीब कल्याण सम्मेलन में प्रतिभाग किया। उन्होंने अनेक राज्यों के लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद भी किया, जो सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने किसान सम्मान निधि के तहत 10 करोड़ से अधिक किसानों को 21 हजार करोड़ से अधिक की 11वीं किस्त का डिजीटल हस्तांतरण किया। देश के 1500 से अधिक स्थानों से वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम में लोग जुड़े थे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत उत्तराखण्ड के 8 लाख 89 हजार 695 किसानों को 177.94 करोड़ की धनराशि हस्तांतरित की गई।
आजादी का अमृत महोत्सव के एक भाग के रूप में गरीब कल्याण सम्मेलन के माध्यम से भारत सरकार के नौ मंत्रालयों की सोलह योजनाओं के माध्यम से गरीबों को सरकार द्वारा हर संभव मदद दी जा रही है। इसके तहत जिन महत्वपूर्ण योजनाओं के तहत लाभार्थी लाभान्वित हो रहे हैं, उनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री स्वानिधि योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना आदि शामिल हैं। यह सम्मेलन देश भर में अब तक के सबसे बड़े एकल आयोजनों में से एक है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम में पंतनगर से वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नई कार्य संस्कृति, कार्य व्यवहार लागू हुआ है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का मान-सम्मान दुनियां में बढ़ा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी देश ही नहीं विश्व के स्वीकार्य एवं लोकप्रिय नेता बन गए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 8 वर्ष का सफल कार्यकाल पूर्ण होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री अन्न योजना के माध्यम से हर व्यक्ति का चूल्हा जलता रहा। सस्ता गल्ला से सम्बन्धित राशन की समस्या को दूर करने के लिए वन नेशन वन राशन कार्ड योजना को बहुत ही सरलता से लागू किया गया है, जिससे जनता को राशन लेने में बहुत आसानी होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सुशासन की दिशा में सरकार और कठोर निर्णय लेने वाली है। जनता की समस्याओं का सरलता से निराकरण हो, इसके लिए अधिकारियों को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक कार्यालय में उपस्थित रहकर जनसुनवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
उत्तराखण्ड में गरीब कल्याण सम्मेलन का मुख्य आयोजन मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में किया गया। कैबिनेट मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल ने बतौर मुख्य अतिथि राज्य स्तरीय सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं के तहत 31 लाभार्थियों को सम्मानित भी किया। लाभार्थियों ने इन योजनाओं से हुए लाभ के बारे में अपने विचार साझा किये। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह प्रयास किये जाए कि सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों को मिले। सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार किया जाए, जिससे आमजन योजना का पूरा लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक बंशीधर भगत, सविता कपूर, उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, खजानदास, सहदेव सिंह पुण्डीर, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, मेयर ऋषिकेश अनिता ममगाईं, मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, आनन्द बर्द्धन, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली, सचिन कुर्वे, एच.सी. सेमवाल, विनोद कुमार सुमन, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आर. राजेश कुमार, जिलास्तरीय अधिकारी एवं लाभार्थी मौजूद रहे।

शिवपुरी में गंगा में बहे तीन युवक, एसडीआरएफ ने एक शव बरामद किया


मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के शिवपुरी में गंगा में स्नान करते समय दिल्ली के तीन युवक बह गए। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने एक युवक का शव बरामद कर लिया। जबकि गंगा में लापता युवकों की तलाश में देर शाम तक एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन उनका पता नहीं चल पाया।

मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक मंगलवार दोपहर के समय दिल्ली से नौ लोगों एक दल ऋषिकेश घूमने आया था। इसीबीच गंगा में स्नान करने के लिए शुभम 22 व उसका भाई कार्तिक 20 निवासी डी-टू 79/80 सेक्टर-11 रोहणी, नई दिल्लीऔर दिपांशु 20 पुत्र नजफगढ़, गली नंबर 4, नई दिल्ली उतर गए। इस दौरान अचानक वे तीनों गंगा की तेज धारा की चपेट में आकर बहने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल युवकों की तलाश को सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। जिसमें शुभम का शव पुलिस ने बरामद कर लिया। जबकि कार्तिक और दीपांशु का कहीं पता नहीं चल पाया। शिवपुरी चौकी प्रभारी सुनील पंत ने बताया कि मृतक शुभम व गंगा के लापता कार्तिक सगे भाई थे । परिजनों को घटना दे दी गई है। एसडीआरएफ उपनिरीक्षक कविद्र सजवाण ने बताया की लापता युवकों की तलाश को बुधवार को फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जायेगा।

जल पुलिस ने 4 लोगों को डूबने से बचाया

त्रिवेणी घाट पर अलग-अलग समय पर आज जल पुलिस ने 4 लोगों को डूबने से बचाया। इनमें शिवांश गांधी पुत्र अशोक गांधी उम्र 10 वर्ष निवासी महावीर नगर दिल्ली, रौनक चोपड़ा पुत्र अनीश चोपड़ा उम्र 13 वर्ष पता मोहन गार्डन उत्तम नगर दिल्ली, सरिता पत्नी गोविंद उम्र 48 साल पता मोहन गार्डन उत्तम नगर दिल्ली है। ये दिल्ली से 16 सदस्य सदस्यों का दल ऋषिकेश त्रिवेणी घाट पर स्नान करने आया था। करीब 11 बजकर 45 मिनट सुबह पर इनके तीन सदस्य अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गये। जिन्हें जल पुलिस के द्वारा रेस्क्यू किया गया।
वहीं, दीनदयाल पुत्र किशन देव उम्र 32 साल निवासी 491 200 पार्ट 1 मुकुंद नगर मुकुंदपुर दिल्ली को भी त्रिवेणीघाट में बहने से बचाया गया। ये दिल्ली से 6 सदस्यों का दल ऋषिकेश राफ्टिंग कैंपिंग करने आए थे। बचाव दल में जगत सिंह, चौकी प्रभारी त्रिवेणी घाट, नायक रवि बालिया, आरक्षी हरीश गुसाईं, तेज सिंह, विनोद सेमवाल, जयदीप सिंह, पंकज जखमोला, सुभाष तोमर, अर्जुन सिंह, जगमोहन सिंह शामिल रहे।