कैबिनेट मंत्री अग्रवाल तिरंगा रैली के जरिये राष्ट्रीय ध्वज फहराने का संदेश दिया

उत्तराखंड जन विकास मंच की ओर से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने किया। तिरंगा यात्रा में लोगों के साथ मंत्री डॉ अग्रवाल ने भारत माता की जय सहित देश समर्पित नारे भी लगाए, जबकि देश के लिए अपना सर्वाेच्च बलिदान देने वाले महान पुरुषों को नमन भी किया गया। इस दौरान यात्रा मार्ग में विभिन्न जगहों पर पुष्प वर्षा हुई।
रविवार को परशुराम चौक से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई त्रिवेणीघाट पहुंची। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने तिरंगा रैली के साथ लोगों को अपने घर पर देश की आन बान शान का प्रतीक तिरंगा लगाने के लिए जागरूक किया। कहा कि किसी भी देश या राष्ट्र की आजादी का 75 साल पूरा होना अपने आप में गौरव की बात है। केंद्र व प्रदेश सरकार ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अभियान चलाया है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि यह पहल नागरिकों और राष्ट्रीय ध्वज के बीच व्यक्तिगत जुड़ाव पैदा करने के लिए है। यह आजादी का एक उत्सव है। स्वतंत्रता सेनानियों की बलिदान की वजह से आज हम खुले आसमान में सांस ले पा रहे हैं। कहा कि तिरंगा चंद गज का कपड़ा नहीं है। तिरंगे की ताकत 130 करोड़ भारतीयों को एकजुट करने की है।आने वाले पीढ़ियों को इससे संदेश दिया जा रहा है कि हम सब भारत को एकजुट रखेंगे, भारत को आगे बढ़ाएंगे।
इस अवसर पर सभी क्षेत्रवासियों से इस महान अभियान में प्रतिभाग कर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की गयी।
इस अवसर पर अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राहुल मनमीत, पवन शर्मा, राजीव कालड़ा, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, अमित चौधरी, दिनेश गुसाईं, हैप्पी गावड़ी, देवेंद्र बेलवाल, केके लाम्बा, ऋषि पोखरियाल, प्रदीप गुप्ता, पार्षद शिव कुमार गौतम, राजू नरसिम्हा, कपिल गुप्ता, रवि शर्मा, शम्भू पासवान, जितेंद्र अग्रवाल, सुभाष शर्मा, राकेश थपलियाल, कुँवर सिंह, अजय कल्याण, भूपेंद्र राणा, जतिन जाटव, राजेन्द्र पाल, नीटू शर्मा, गिरीश नौटियाल, मनीष बिजल्वाण, मनीष मौर्य, गणेश बिजल्वाण, राजू बर्थवाल सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने शहीद की पुण्यतिथि पर स्मारक बनाने की घोषणा की

वीर अमर शहीद हमीर पोखरियाल की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर डॉ अग्रवाल ने शहीद हमीर पोखरियाल के उत्तरकाशी स्थित पैतृक गांव पोखरियाल में स्मारक बनाने की घोषणा की।
रविवार को गुमानीवाला भट्टोवाला में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि जिस घर, परिवार से सैनिक निकलते हैं, वह घर और परिवार पूजनीय होता है। उस परिवार पर ईश्वर की विशेष कृपा होती है। कहा कि हमीर ने देश सेवा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, ऐसे सच्चे देशभक्त समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनते है। कहा कि हमीर आज हमारे दिलों और दिमाग में आज भी जिंदा हैं।
इस मौके पर शहीद की माता राजकुमारी, पिता जयेंद्र पोखरियाल, पत्नी पूजा, बेटी अन्वी, बेटा शौर्यवीर, चाचा शैलेन्द्र, आलेंद्र, समाजसेवी मानवेन्द्र कण्डारी, प्रधान दीपिका व्यास, नत्थीलाल सेमवाल, रवि शर्मा, शहीद प्रदीप रावत के पिता कुँवर सिंह रावत, पार्षद वीरेंद्र रमोला, संजीव कुडियाल, आशीष रांगड़, प्रभाकर पैन्यूली सहित कई लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

कांग्रेस भाजपा की जनविरोधी नीतियों को लेकर लोगों को करेगी जागरूक

कांग्रेस नौ अगस्त को भारत जोड़ो तिरंगा पदयात्रा निकालेगी। यात्रा के जरिए भाजपा की जनविरोधी नीतियों को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
रविवार को जयश्री फार्म वेडिंग प्वाइंट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा कार्यक्रम के तहत बैठक की। ज़िलाध्यक्ष अश्वनी बहुगुणा ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पूरे देश में 9 अगस्त यानी अगस्त क्रांति दिवस पर भारत जोड़ो तिरंगा पदयात्रा निकाली जाएगी। जिसमें महंगाई, भ्रष्टाचार, जीएसटी सहित देश को जाति व धर्म को बांटने का काम करने वाली भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
एआईसीसी सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि यह यात्रा 9 अगस्त ऋषिकेश विधानसभा के गांधी स्तम्भ से शुरू होते हुए मुख्य मार्ग होते हुए एम्स चौक हरिद्वार मार्ग में संपन्न होगी। उसके पश्चात विधानसभा के अन्य वार्डों व ग्रामसभाओं में भी यात्रा निकाली जाएगी। महानगर अध्यक्ष विनय सारस्वत ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा 9 अगस्त से 15 अगस्त तक प्रत्येक जिले में आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर 75 किलोमीटर की पद यात्रा की जाएगी और ऋषिकेश विधानसभा में 11 किलोमीटर पदयात्रा होगी। इस मौके पर राजपाल खरोला, सुधीर राय, जिला उपाध्यक्ष चंदन सिंह पंवार, पार्षद नेता प्रतिपक्ष मनीष शर्मा, पार्षद राकेश सिंह, प्रदेश सचिव विजय पाल सिंह रावत, प्रदेश सचिव मनोज गुसाईं, प्रदेश सचिव लल्लन राजभर, ललित मोहन मिश्रा, रवि कुमार जैन, पार्षद देवेन्द्र प्रजापति, जगत सिंह नेगी, भगवान सिंह पंवार, राधा रमोला, यूकां अध्यक्ष जितेंद्र पाल पाठी, मदन शर्मा, सरोज देवराडी, धर्मेन्द्र गुलियाल, मनीष जाटव, परमेश्वर राजभर, उमा ओबरॉय , मधु जोशी, नवीन प्रसाद भट्ट, इमरान सैफी, राजेश सिंह, सतीश शर्मा, अमित पाल, ममता रमोला, हरी राम वर्मा, चंद्र कांता जोशी, राज कुमार बतालिया, राम मूर्ति, सिंह राज पोशवाल, विकास केवट, किशोर गौर, राहुल रावत, प्यारे लाल जुगरान, अभिनव सिंह, विशवास गोयल आदि मौजूद रहे।

लोकभाषा और लोक संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर डॉ. राजे नेगी का सम्मान

ऋषिकेश के डॉ. राजे सिंह नेगी को देवभूमि लोक सम्मान 2022 से नवाजा गया है। उन्हें यह सम्मान लोकभाषा व लोक संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया है।
समाजसेवी डॉ. राजे सिंह नेगी ने बताया कि बीते रोज देहरादून में हिमाद्रि फिल्म्स द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिसमें उन्हें लोकभाषा एवं लोक संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए देवभूमि लोक सम्मान-2022 से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें काबीना मंत्री सुबोध उनियाल, गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी सहित अन्य अतिथियों द्वारा भेंट किया गया। कहा कि वे बच्चों को लोकभाषा सिखाने के लिए मोबाइल एप उड़ान लोकभाषा का प्रयोग कर रहे हैं। जिसको लेकर हिमाद्री फिल्मस ने उनके कार्यों की सराहना की है।

पूर्व सैनिकों को सम्मानित कर कैबिनेट मंत्री ने कार्यकर्ताओं को समर्पित किए तिरंगे

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान के क्रम में भाजपा ऋषिकेश मंडल की ओर से कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। इस मौके पर कैबीनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने दो पूर्व सैनिक रमेश प्रसाद डिमरी और जसराम कश्यप को सम्मानित किया। साथ ही 500 तिरंगा झंडा ऋषिकेश मण्डल को सौपे।
रेलवे रोड स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की जनता से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने की अपील की है। इस अभियान में प्रदेश के गैर सरकारी संगठनों व संस्थाओं को भी साथ लिया जा रहा है। उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ वीर भूमि भी है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि भारत की आजादी के लिए जिन वीर सेनानियों ने अपना सर्वस्व अर्पित किया, उनका सदैव स्मरण रहे। हमारी नई पीढ़ी को ऐसे बलिदानियों के बारे में अधिक से अधिक जानकारी हो। आजादी के अमृत महोत्सव में देश के इन वीर बलिदानियों का देश स्मरण कर रहा है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि यह देशभक्ति की भावना का कार्यक्रम है। यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं है। यह एक जन आंदोलन है जिसमें सभी की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देश की आजादी के लिए शहीद हुए क्रान्तिकारियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं स्वच्छता अभियान भी चलाया जायेगा। अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ें इसके लिये व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाए।
इस मौके पर डॉ अग्रवाल ने रमेश प्रसाद डिमरी और जसराम कश्यप को तिरंगा देकर सम्मानित किया। साथ ही ऋषिकेश मण्डल को 500 तिरंगा भी दिए।
इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष दिनेश सती, महामंत्री सुमित पंवार, जयंत शर्मा, पार्षद शिव कुमार गौतम, विकास तेवतिया, राजेश दिवाकर, प्रदीप कोहली, संजीव पाल, महिला मोर्चा मण्डल अध्यक्ष उषा जोशी, हरीश तिवाड़ी, राकेश चंद, कविता शाह, अजय गुप्ता, दीपक बिष्ट, सचिन अग्रवाल, शम्भू पासवान, मोनिका गर्ग, माधवी गुप्ता, रुपेश गुप्ता, सिमरन गाबा, जगावर सिंह, संजीव सिलस्वाल आदि भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने पात्र लाभार्थियों को शीघ्र आवास आवंटन करने के दिए निर्देश

आवास एवं शहरी विकास मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने उत्तराखंड आवास एवं विकास परिषद की 12वीं बोर्ड बैठक विधानसभा में ली। इस मौके पर मंत्री डा. अग्रवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही जिन परियोजनाओं में कार्य आरंभ हो चुका है, उनमें लाभार्थियों को आवास आवंटन की प्रक्रिया निर्धारित करते हुए पात्र लाभार्थियों को आवंटन करने के भी निर्देश दिए।
विधानसभा स्थित मीटिंग हॉल में आयोजित बैठक में आवास एवं शहरी विकास मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने विभागीय अधिकारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने व निरंतर पर्यवेक्षण के लिए निर्देशित किया।
डा. अग्रवाल ने कहा कि परिषद स्तर पर भवन उपविधि के अंतर्गत सभी प्रकार के टाउनशिप योजनाओं के लिए आवास आयुक्त को अधिकृत किया जाए। साथ ही उपविधि के अनुसार टाउनशिप योजनाओं में कार्य करने के निर्देश दिए तथा निजी सहभागिता को प्रोत्साहित करने के भी निर्देश दिए।
डा. अग्रवाल ने परिषद की राजस्व वृद्धि करने के भी निर्देश दिए तथा रिक्त संपत्तियों के आवंटन एवं नीलामी के लिए प्रस्ताव तैयार करने के लिए भी निर्देशित किया। डा. अग्रवाल ने कहा कि पूर्व में उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद द्वारा आवंटित संपत्तियों में धनराशि जमा करने के लिए तीन माह का समय प्रदान किया जाए।
डा. अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आवंटियों, जिनके द्वारा पूर्व में आंशिक भुगतान किया गया है, मगर रोक के कारण उनकी रजिस्ट्री नहीं हो सकी है। उन्हें छह माह का समय बिना किसी दंड ब्याज के बकाया जमा करने के निर्देश दिए। साथ ही यदि कोई एकमुश्त धनराशि तीन माह के भीतर जमा करता है, तो उसको दो प्रतिशत की छूट देने के लिए भी निर्देशित किया।
डा. अग्रवाल ने परिषद के कार्यों को ऑनलाइन करने के लिए आईटी एक्सपर्ट की सेवा आउटसोर्स से लेने के लिए निर्देशित किया। साथ ही परिषद को 50 पदों का ढांचा तैयार करने को भी कहा है।
इस मौके पर अपर मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, आयुक्त आवास सुरेंद्र नाथ पांडेय, अपर आयुक्त पीसी दुमका, उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के संयुक्त आवास आयुक्त राजीव कुमार सहित विभागीय अधिकारी उत्तम सिंह चौहान, एसएम श्रीवास्तव, आनंद सिंह, अमिता जोशी आदि उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और पदमश्री प्रीतम भरतवाण ने पहला देशभक्ति गढ़वाली गीत का किया लोकार्पण

डेवलपमेंट इन रूरल एम्बॉसमेंट एंड मोटिवेशन सोसाइटी ‘ड्रीम्स‘ ने आज पहले गढ़वाली देशभक्ति गीत की लांचिंग की। गीत का लोकार्पण कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, जागर सम्राट पदमश्री प्रीतम भरतवाण ने किया। इस मौके पर उत्तराखंड फ़िल्म इंडस्ट्रीज से जुड़े कलाकरों के साथ ही गणमान्य लोग व गीत से जुड़े कलाकार मौजूद थे। इस गीत को संस्था के यू-ट्यूब चैनल एसपीसी पर देखा जा सकता है। इस दौरान फ़िल्म निर्माण के साथ ही समाजसेवा में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले ब्यक्तियों को भी समान्नित किया गया।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने ड्रीम्स संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा उत्तराखंड सरकार लोकसंस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को लेकर लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा मुझे उत्तराखंड की लोक संस्कृति बोली-भाषा से बेहद लगाव है। विधानसभा अध्यक्ष के कार्यकाल के दौरान मैने पहली बार विधानसभा में बोली भाषा समिति का गठन किया। एक बार जब मैं कश्मीर गया वहां लोगो को अपनी बोली भाषा में बात करते देखकर बहुत प्रसनता हुई। हमें भी अपनी बोली भाषा के लिए समर्पित होने की आवश्यकता है। उत्तराखंड के कलाकारों को अधिक से अधिक अवसर प्राप्त हो इसलिए हमने फिल्म नीति को सरल बनाया है पिछले 5 सालों में उत्तराखंड राज्य में बॉलीवुड, हॉलीवुड, दक्षिण भारतीय फिल्मों के साथ ही अन्य भाषाओं की फिल्मों की शूटिंग हुई है, जो अभी भी लगातार जारी है। इन फिल्मों के माध्यम से बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों को रोजगार मिला है।
कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा नई फिल्म नीति में निवेशकों से लेकर कलाकारों तक के प्रोत्साहन के लिए कई प्रावधान किए गए हैं। उत्तराखंड में फिल्मों, वेब सीरीज़, टीवी सीरियलों की शूटिंग के लिहाज़ से बेहतरीन लोकेशनें होने के कारण राज्य फिल्म मेकरों की पहली पसंद बनता जा रहा है। यही कारण है कि हर साल उत्तराखंड में बनने वाली फिल्मों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले 6 सालों के आंकड़े देखें तो दस गुना का इज़ाफा साफ नज़र आ रहा है। कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा हम कोशिश कर रहे हैं कि फिल्म मेकर्स को परमिशन आदि के लिए भटकना न पड़े। फिल्म सिटी का निर्माण भी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर इसके लिए ज़मीन खोजी जा रही है। फिल्म सिटी बनने के बाद यहां बूम आने की संभावना है। फिल्म मेकर्स को एक ही जगह सारी सुविधाएं मिलेंगी।
कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा लगाने का आह्वान किया है। मेरी आप सभी से अपील है कि हम सब अपने घरों में तिरंगा जरूर लगाएं।
पदमश्री प्रीतम भरतवाण ने कहा कि संस्कृति को प्रचारित और प्रसारित किये जाने के लिए किया जा रहा प्रयास सराहनीय है। इससे कई अन्य नये गायकों और कलाकारों को मंच और प्रोत्साहन मिलेगा। आज उत्तराखंड की संस्कृति और सभ्यता का संरक्षण और संवर्द्धन किये जाने की जरूरत है।
ड्रीम संस्था के सचिव दीप प्रकाश नौटियाल ने बताया कि उत्तराखंड की संस्कृति के प्रचार प्रसार के लिए एक गढ़वाली देशभक्ति गीत का ऑडियो वीडियो लांच किया गया है। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत वन्दे मातरम राष्ट्रगीत को गाने व हमेशा याद रखने को प्रेरित करने के सन्दर्भ में है।
यह गीत उभरते गायक कार्तिक नौटियाल एवं सुप्रसिद्ध गायिका मीना राणा ने गाया है। कोरस एवं सहगयिकाओं के रूप में हिमानी एवं शिवानी ने गाया है। इसके लिए संस्था ने अपना एक यूट्यूब चैनल भी बनाया है जो ड्रीम्स प्रोडक्शन्स एसपीएस नाम से है। उन्होंने कहा कि यूू-टयूब चौनल का उद्देश्य उत्तराखंड की संस्कृति व बोली भाषा का प्रचार प्रसार करना, युवा कलाकारों के लिए मंच प्रदान करना, अपनी बोली-भाषा को महत्व देना और सम-सामायिक विषयों को महत्व देना है। इस मौके उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और संबर्धन में जुटे कलाकारों को सम्मानित भी किया गया।
इस मौके पर गायिका मीना राणा, निर्माता दीपक नौटियाल, मंच संचालन गंभीर सिंह जयाड़ा, संगीतकार संजय कुमोला, वरिष्ठ पत्रकार चन्द्रवीर गायत्री, निर्देशक प्रदीप भंडारी, निर्देशक कांता प्रसाद, अभिनेता दीपक रावत, लेखक सुरेश स्नोही, नृत्य निर्देशक अजय भारती, नृत्य निर्देशक विजय भारती, वरिष्ठ गायक मणिभारती, उफतारा महामंत्री डा अमर देव गोदियाल, नीलम नौटियाल सहित अन्य गणमान्य लोग व कलाकार उपस्थित रहे।

सामाजिक कार्यो के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति का होना जरुरी-कैबिनेट मंत्री अग्रवाल

रोटरी ऋषिकेश रॉयल क्लब की इंस्टॉलेशन सेरेमनी धूमधाम से मनाई गई। सेरेमनी में नविनयुक्त क्लब अध्यक्ष संकेत गोयल ने पदभार ग्रहण किया।
शुक्रवार को रायवाला में रोटरी ऋषिकेश रॉयल क्लब की इंस्टॉलेशन सेरेमनी और चार्टर प्रजेंटेशन सेरेमनी कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसका शुभारंभ कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि समाज हित में कार्य करने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति और जज्बे की जरूरत होती है, जो रोटरी क्लब के भीतर है। रोटरी क्लब ऋषिकेश में विगत 50 वर्षों से सामाजिक कार्य कर रहा है, जो सराहनीय है। कांवड़ यात्रा में क्लब की ओर से 70 हज़ार शिव भक्तों को भोजन कराना भी क्लब के उद्देश्य को चरितार्थ करता है।
कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचन्द अग्रवाल ने नवनियुक्त अध्यक्ष संकेत गोयल को क्लब का बैच पहनाकर पदभार ग्रहण करवाया। क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अजय मदान ने कहा कि रोटरी क्लब की चार शाखाएं ऋषिकेश में संचालित हो रही है, मगर सभी का उद्देश्य एक समान रूप से जनहित के कार्य ही हैं। क्लब के अध्यक्ष संकेत गोयल ने कहा कि आने वाले समय पर क्लब द्वारा पर्यावरण संरक्षण, निर्धन बच्चों को शिक्षा दिलाने, जरूरतमन्दों को स्वास्थ्य लाभ में मदद करने सहित आगामी कार्यों को गिनाया। इस दौरान कई रक्तदान शिविर आयोजित करने वाले पार्षद राजेन्द्र बिष्ट को ऋषिकेश गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।
मौके पर सचिव विजय रावत, पूर्व अध्यक्ष हितेंद्र पंवार, लवित जैन, संजय सकलानी, राजीव गवाड़ी, राजीव गर्ग, राज कुमार बत्रा, आदित्य सूद, गोपाल सती, यामिनी कौशल, कविता गोयल, गीता बत्रा, गीता सूद, कैलाश सेमवाल, पार्षद राकेश मियां, राजेन्द्र बिष्ट, मनीष शर्मा, भगवान सिंह पंवार, राजीव खुराना, जितेंद्र पंवार, संजय पंवार, ललित मोहन मिश्र, प्रतीक कालिया, संजय व्यास, डॉ. संतोष कुमार, अरुण बडोनी, राकेश अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

डाक नही बांट रहे पोस्टमैन को किया सस्पेंड

ऋषिकेश के मुख्य डाकघर में तैनात एक पोस्टमैन को लोगों की डाक नहीं बांटने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया। मामले में पोस्टमैन के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति कर दी गई है।
ऋषिकेश मुख्य डाकघर में तैनात पोस्टमैन पर लोगों की डाक नहीं बांटने का आरोप लगा है। बीते रोज कुछ लोगों की शिकायत मिलने पर डाक विभाग ने आरोप सही पाए जाने पर उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। ऋषिकेश मुख्य डाकघर के पोस्टमास्टर आरडी रतूड़ी ने बताया अनुदीप पुत्र सीताराम, निवासी नेपाली फार्म यहां पर पोस्टमैन के पद पर कार्यरत है। बीते रोज कुछ लोगों ने अनुदीप पर डाक नहीं बांटने का आरोप लगाया। शिकायत की जांच पड़ताल करने पर मामला सही पाया गया। पोस्टमैन डाक पर ग्राहकों की जगह खुद ही साइन कर स्लीप पोस्ट ऑफिस में जमा कर देता था। बताया कि बीते गुरुवार से वह अनुपस्थित चल रहा था। उसके घर के कमरे से 92 डाक भी रिकवर किए गए हैं। मामले में पोस्टमैन को सस्पेंड करने को आदेश कर दिए गए है। इसके बाद उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

विश्वविद्यालय के ऋषिकेश परिसर के लिए 50 लाख की धनराशि स्वीकृत

श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय ने ऋषिकेश परिसर में जरूरी व्यवस्थाओं के लिए 50 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही प्रत्येक विभाग में एक-एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की जल्द तैनाती की जाएगी। दो दिनों से विश्वविद्यालय के कुलपति डा. पीपी ध्यानी और कुलसचिप केआर भटट परिसर में कैंप कर रहे हैं।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के सत्र 2022-23 से क्रियान्वयन हेतु परिसर में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला के सफल आयोजन के बाद कुलपति डॉ. ध्यानी ने परिसर में स्थित प्रत्येक विभाग में एक-एक कार्मिक को श्रम विभाग उत्तराखण्ड शासन की प्रचलित दरों पर नितान्त अस्थायी व्यवस्था के तहत रखने का निर्णय ले लिया है। आने वाले समय में और भी व्यवस्थायें सुनिश्चित की जायेंगी। परिसर के रख-रखाव व सुदढीकरण एवं छात्र-छात्राओं व प्राध्यापकों की विभिन्न समस्याओं को हल करने के लिए प्रथम किश्त के रूप में कुलपति द्वारा रू0 50.00 लाख की वित्तीय स्वीकृति ऋषिकेश परिसर को दी गयी है। यह धनराशि विश्वविद्यालय से अविलम्ब प्राचार्य ऋषिकेश परिसर को अवमुक्त हो जायेगी। ऋषिकेश परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने हेतु सुरक्षाकर्मियों को रखने का निर्णय भी कुलपति द्वारा ले लिया गया है तथा अधियाचन उपनल को प्रेषित कर दिया गया है। बहुत ही जल्दी परिसर में सुरक्षा व्यवस्थाओं हेतु पूर्व सैनिकों की तैनाती हो जायेगी।