नितिन गडकरी से मिलकर कई प्रस्तावों को मंजूर करवा गये सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नीतिन गडकरी से भेंट की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री के साथ राज्य से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं पर चर्चा की। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री सङक परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय जनरल वी के सिंह, सङक परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय मे अवर सचिव अमित घोष, उत्तराखण्ड शासन में प्रमुख सचिव आर के सुधांशु सहित केंद्रीय मंत्रालय और राज्य सरकार के अधिकारी उपस्थित थे।
केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी ने उत्तराखण्ड की लाईफ लाईन कही जाने वाली ऑल वेदर रोड सड़क परियोजना के कार्यों में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिये। उल्लेखनीय है कि 889 किमी. लम्बी एवं लगभग 12 हजार करोड की लागत से निर्मित की जा रही चार धाम सडक परियोजना में मंत्रालय द्वारा 53 कार्यों में से वर्तमान तक 41 कार्य स्वीकृत किये गये हैं। वर्तमान तक 19 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। 22 कार्यों में कार्य गतिमान है।
केन्द्रीय मंत्री ने मंत्रालय एवं राज्य सरकार के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये गये कि ऑल वेदर सडक परियोजना का कार्य में किसी प्रकार की देरी उचित नहीं होगी तथा आम जनमानस के आवागमन हेतु उक्त मार्ग को शीघ्र पूर्ण किया जाये।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर केंद्रीय मंत्री ने देहरादून शहर को अत्यधिक यातायात एवं भीड़ से मुक्त कराने के लिए देहरादून रिंग रोड़ के निर्माण की फिजिबिल्टी सर्वे किये जाने की स्वीकृति दी। साथ ही हाईवे के साथ लगे लगभग 1100 एकड़ भूमि पर लाजिस्टिक पार्क/फल एवं शब्जी पार्क और आढ़त बाजार के लिए केंद्रीय मंत्री द्वारा मुख्यमंत्री को प्रस्ताव दिया कि राज्य सरकार द्वारा उक्त प्रयोजन हेतु भूमि उपलब्ध कराने पर निर्माण पर आने वाले समस्त धनराशि केन्द्र सरकार द्वारा वहन की जायेगी। इस कार्य से देहरादून शहर में जाम/अव्यवस्थित आवागमन से राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री के अनुरोध पर कुमाऊँ और गढ़वाल के मध्य दूरी एवं समय कम करने के लिए नजीबाबाद-अफजलगढ़ बाई पास (लम्बाई 42.50 किमी०) की स्वीकृति प्रदान की गयी। बाई पास बनने से कुमाऊँ गढवाल के बीच की दूरी 20 किमी0 कम हो जायेगी तथा आवागमन में 45 मिनट की बचत होगी।
मझौला से खटीमा चार लेन सडक मार्ग की भी स्वीकृति प्रदान की गयी। उक्त मार्ग के निर्माण से उत्तर प्रदेश के जनपद पीलीभीत एवं बरेली हेतु भारी वाहनों एवं आम जनमानस का आवागमन सुलभ एवं आरामदायक होगा। इसके अतिरिक्त सितारगंज से टनकरपुर मोटर मार्ग को भी चार लेन में परिवर्तित करने की स्वीकृति प्राप्त हुई। मार्ग निर्माण से जनपद चम्पावत एवं पिथौरागढ आवागमन करने में काफी समय की बचत के साथ साथ मार्ग सुविधाजनक होगा।
पिथौरागढ से अस्कोट मोटर मार्ग (लगभग 47 किमी) भी ऑल वेदर परियोजना की तरह स्वीकृत किये जाने पर सहमति बनी। यह मार्ग बी०आर०ओ० द्वारा निर्मित किया जायेगा।
राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण में अधिग्रहित भूमि से ऊपर व नीचे यदि मार्ग निर्माण से भवनों एवं अन्य संरचनाओं में क्षति होती है तो उक्त क्षति की प्रतिपूर्ति भी भारत सरकार द्वारा किये जाने के लिये मुख्यमंत्री के अनुरोध पर केंद्रीय मंत्री द्वारा सहमति दी गई। इससे समस्त हिमालयी राज्यों को लाभ प्राप्त होगा।
बैठक में अप्रैल 2023 में देहरादून में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के सेमिनार का आयोजन किये जाने पर भी सहमति प्रदान की गयी। उक्त सेमिनार में पर्वतीय क्षेत्रों के लिये उच्च गुणवत्तायुक्त टनल मार्गों का निर्माण किये जाने पर विषय विशेषज्ञों द्वारा विचार विमर्श होगा। इस सेमिनार में देश एवं विदेश के लगभग एक हजार लोग प्रतिभाग करेंगे।

शिवभक्तों का किया स्वागत, फल, जूस और बेलपत्र वितरित किये

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने पवित्र सावन मास के चतुर्थ सोमवार को शिव भक्तों को फल, जूस और बेलपत्र वितरित किये।
सोमवार को चंद्रभागा के समीप आयोजित कार्यक्रम में शिव भक्तों को फल, जूस और बेलपत्र वितरित कर मंत्री डॉ अग्रवाल ने बोल बम के जयकारे भी लगाए। उन्होंने कहा कि सावन मास में भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व है, ऐसे में भगवान शिव के दर्शन करने वालों की सेवा करने से भी विशेष फल की प्राप्ति होती है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि भगवान शिव को बेलपत्र बहुत प्रिय है। डा. अग्रवाल ने कहा कि भगवान शिव को जल की धारा अधिक प्रिय है। कहा कि ऐसी मान्यता है कि इस दिन जलाभिषेक से शिवभक्तों के सारे कष्ट दूर होते है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि सावन मास सबसे पवित्र महीना है, यह भगवान शिव को समर्पित है। उन्होंने शिव भक्तों का स्वागत करते हुए आभार जताया और यात्रा की मंगल कामना की। वहीं, शिव भक्तों ने सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल का अभिवादन स्वीकारते हुए सरकार की व्यवस्था की प्रशंसा की।
इस मौके पर आयोजक यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष अमरजीत धीमान, अजय धीमान, संदीप तोमर, शुभम ओमकार, सुमित सेठी, दिव्यांशु नारंग, योगेश ध्यानी, अंशुम चावला, कपिल शर्मा, शिवम कुकरेजा, शंकर नौटियाल, रवनीत सिंह आदि उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने वीरभद्र मंडल को 500 तिरंगे सौपें

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान के क्रम में भाजपा वीरभद्र मंडल की ओर से कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने चार पूर्व सैनिक पार्षद वीरेंद्र रमोला, जगदीश भंडारी, शेर सिंह नेगी और विनोद सेमवाल को सम्मानित किया। साथ ही 500 तिरंगा झंडा वीरभद्र मण्डल को सौपा।
सोमवार दुर्गा मंदिर आईडीपीएल में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की जनता से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने की अपील की है। इस अभियान में प्रदेश के गैर सरकारी संगठनों व संस्थाओं को भी साथ लिया जा रहा है। उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ वीर भूमि भी है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि भारत की आजादी के लिए जिन वीर सेनानियों ने अपना सर्वस्व अर्पित किया, उनका सदैव स्मरण रहे। हमारी नई पीढ़ी को ऐसे बलिदानियों के बारे में अधिक से अधिक जानकारी हो। आजादी के अमृत महोत्सव में देश के इन वीर बलिदानियों का देश स्मरण कर रहा है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि यह देशभक्ति की भावना का कार्यक्रम है। यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं है। यह एक जन आंदोलन है जिसमें सभी की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देश की आजादी के लिए शहीद हुए क्रान्तिकारियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं स्वच्छता अभियान भी चलाया जायेगा। अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ें इसके लिये व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाए।
इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष अरविंद चौधरी, महामंत्री सुंदरी कंडवाल, पार्षद वीरेंद्र रमोला, पुनीता भंडारी, निर्मला उनियाल, प्रताप राणा, राम कैलाश, जगदम्बा सेमवाल, माया घले, गीता मित्तल, आरती दुबे, सुनील यादव, राहुल कुकरेती, अजीत वशिष्ट, रविन्द्र कश्यप, चमन कौशल, सोहनलाल पोखरियाल, जगदीश भंडारी, कुँवर सिंह बिष्ट, बच्चन सिंह आदि भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रात्रि गश्त को लेकर कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने दिये निर्देश

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने श्यामपुर पुलिस चौकी का बीती देर रात औचक निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक व्यवस्था के लिए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही रात्रि गस्त व कानून व्यवस्था की जानकारी लेकर दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि श्यामपुर फाटक पर सदैव जाम की स्थिति बनी रहती है, ट्रेन के संचालन न होने पर भी यहां अधिकांश जाम ही रहता है। डॉ अग्रवाल ने चौकी इंचार्ज आदित्य सैनी को पुलिस के दो सिपाहियों को ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए मौके पर तैनात रहने के निर्देश दिए। इसके बाद डॉ अग्रवाल ने क्षेत्र में रात्रि गश्त को लेकर जानकारी जुटाई। उन्होंने कहा कि रात्रि काल में बेवजह घूमने वाले संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जाए। जरूरत पड़ने पर ऐसे लोगों की तलाशी लेकर उनसे पूछताछ भी की जाए। उन्होंने कहा कि वाहन चोरी की शिकायतें ज्यादातर देखने को आ रही हैं, इसके लिए डॉक्टर अग्रवाल ने कानून व्यवस्था दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए। कहा कि क्षेत्र में निवासरत प्रत्येक नागरिक का ब्यौरा रखा जाए साथ ही किरायेदारों का सत्यापन भी किया जाए।
कैबिनेट मंत्री ने चौकी इंचार्ज को निर्देशित करते हुए कहा कि नशे की जद में आ रहे युवाओं की काउंसलिंग करवा कर उन्हें इसके दुष्परिणाम बताएं जाएं। कहा कि स्कूलों के आसपास दुकानों का सत्यापन किया जाए। यह ध्यान रखें कि कोई भी नशे से संबंधित सामाग्री स्कूल के आसपास ना बिके।

अगस्त क्रांति पर कांग्रेस निकाल रही पदयात्रा

अगस्त क्रांति यानि नौ अगस्त को कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में पद यात्रा के माध्यम महंगाई, भ्रष्टाचार और लोकतंत्र पर चोट करने की सत्ता की कोशिशों का विरोध करेगी।
ये कहना है कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा का। माहरा सोमवार को ऋषिकेश में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बगैर किसी लाग लपेट के कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा के झूठ और फरेब को राज्य के गांव-गांव तक पहुंचाएगी। बताएगी कैसे लोगों के साथ छल किया जा रहा है। कैसे उनकी खून पसीने की कमाई धन्नासेठों पर टैक्स माफ के नाम पर लुटाई जा रही है। उन्होंने कहा अगस्त क्रांति यानि नौ अगस्त को कांग्रेस पार्टी प्रदेश भर में पद यात्रा के माध्यम महंगाई, भ्रष्टाचार और लोकतंत्र पर चोट करने की सत्ता की कोशिशों का विरोध करेगी। राज्य के प्रत्येक जिले में कार्यकर्ता 75 किमी. की यात्रा करेंगे। यात्रा के दौरान लोगों को भाजपा के राष्ट्रवाद की हकीकत बताई जाएगी।
बताया जाएगा कि घर-घर तिरंगा लहराने वाली भाजपा का पितृ संगठन आरएसएस के मुख्यालय में तिरंगे से परहेज किया जाता है। यहां तिरंगा फहराने का प्रयास करने वाले तीन युवकों ने 13 साल मुकदमा झेला। भाजपा को इस पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को भाजपा से अतिरिक्त सतर्क रहने की जरूरत है। हमारे रोजगार के सबसे बड़े जरिया सेना में संभावनाएं समाप्त की जा रही है। अग्निपथ योजना को लेकर हाइप क्रेट किया जा रहा है। मगर, इसकी हकीकत युवाओं को बरबात करने वाली साबित होगी।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उनका फोकस पार्टी के कैडर को रेस्टोर करना है। इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यकीन है कि लोग जल्द भाजपा की हकीकत समझेंगे। समझेंगे की दूध पर टैक्स लगाने वाली पार्टी कभी आम जन की हितैषी नहीं हो सकती।
इस मौके पर कांग्रेस एआईसीसी के सदस्य जयेंद्र रमोला, प्रदेश महामंत्री विजय सारस्वत, जिलाध्यक्ष अश्वनी बहुगुणा, प्रदेश महामंत्री राजपाल खरोला, दर्शनलाल, महानगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय, शैलेंद्र बिष्ट, राकेश मिया, मनीष शर्मा, मधु जोशी, रवि जैन, सरोज देवराड़ी आदि मौजूद रहे।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर विशिष्ट प्रदर्शन के लिए युवा फाइन आर्ट शिक्षक राजेश चन्द्र सम्मानित

देवभूमि लोक सम्मान समारोह में ऋषिकेश के युवा फाइन आर्ट शिक्षक राजेश चन्द्र को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कला व शिक्षा के क्षेत्र में देवभूमि का नाम रोशन करने के लिये हिमाद्रि फिल्म्स द्वारा सम्मानित किया गया।
युवा शिक्षक राजेश को यह सम्मान उनके व उनके विद्यार्थियों के तीन बार सयुंक्त राष्ट्र संघ की कला प्रदर्शनी में उत्तराखंड व पर्यावरण की कला दर्शाने व कई और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों के लिए मिला। हिमाद्रि फिल्म्स द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सूबे के कबीना मंत्री सुबोध उनियाल सहित विशिष्ट अतिथि गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी, पद्मश्री डॉ प्रीतम भरतवाण, पद्मश्री जागर गायिका बसंती बिष्ट, लोक गायिका अनुराधा निराला, मीना राणा एवं कल्पना चौहान, हिमाद्रि फिल्म्स की निर्मात्री नीलिमा मिश्रा एवं प्रकाश मिश्रा द्वारा राजेश चन्द्र को इस विशिष्ट सम्मान से नवाजा गया।
इस अवसर पर काबीना मंत्री उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति को बढ़ाना देने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उत्तराखंड की प्राचीन संस्कृति और परम्पराओं को हमें मिलकर आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने बेहद खूबसूरत आयोजन केे लिए हिमाद्री फिल्मस की खुलकर सराहना भी की। इस अवसर पर विभिन्न क्षेेत्रों की गणमान्य हस्तियों सहित कला एवं संस्कृति जगत से जुड़े लोग बड़ी संख्या मेें मोजूद रहे। युवा कला शिक्षक अपने मामा चन्द्रप्रकाश भारती के साथ मौजूद रहे।

छात्रों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ

जनपद देहरादून को नशा मुक्त करने के लिए जिलेभर में शिक्षण संस्थानों, एनजीओ, ग्राम सभाओं, जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता को साथ लेकर व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष रायवाला द्वारा द्वारा आज प्राथमिक विद्यालय खैरीकला/ठाकुरपुर नेपाली तिराहा रायवाला जनपद देहरादून में छात्र-छात्राओं को नशे के कुप्रभाव, साइबर संबंधी अपराधों एवं ट्रैफिक नियमों के संबंध में जानकारी दी गइ। समस्त छात्र-छात्राओं को लगन व मेहनत के साथ और एक अनुशासित होकर कठिन परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य को हासिल करने हेतु प्रोत्साहित भी किया गया। वहीं, छात्र-छात्राओं द्वारा नशे के खिलाफ देहरादून पुलिस के अभियान को सफल बनाने तथा उत्तराखंड को नशा मुक्त करने हेतु प्रण लिया गया। इसके साथ ही पुलिस के अभियान की सराहना की गई।

गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर युवती डूबी

मुनिकीरेती स्थित योग निकेतन के पास गंगा घाट पर टिहरी की युवती का अचानक पैर फिसल गया। गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर वह डूब गई। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने युवती की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया।
एसडीआरएफ के मुताबिक, सोमवार को चार युवतियां और एक युवक मुनिकीरेती स्थित योग निकेतन के पास गंगा घाट पर पहुंचे। इस दौरान ग्राम पाटा, टिहरी गढ़वाल निवासी आयुषी (18) पुत्री दीपक चमोली का पैर अचानक फिसल गया। गंगा के तेज बहाव की चपेट में आने वह डूबने लगी। इस दौरान उसके साथ आई युवतियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने आयुषी की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया। एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि ये लोग परीक्षा देने के लिए टिहरी से आए थे। युवती की तलाश को मंगलवार को फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जायेगा।

लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन जरुरतमंद छात्रों की मदद को आया आगे

लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन द्वारा श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश के जरुरतमंद छात्रों को जूते वितरित किए गए।
विद्यालय प्रशासन की ओर से लायंस क्लब को बताया गया था कि कुछ जरुरतमंद छात्र हैं जिनके माता-पिता जूते खरीदने में असमर्थ हैं। इस समस्या को देखते हुए आज लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन की ओर से छात्रों को जूते दिए गए और आने वाली सर्दी को देखते हुए आश्वासन दिया गया कि शीघ्र ही उनको गर्म वस्त्र भी वितरित किए जाएंगे।
क्लब अध्यक्ष लायन रजत भोला व संस्थापक लायन ललित मोहन मिश्र ने बताया कि सरकारी विद्यालयों में आमतौर पर कम आय वर्ग के लोगो के बच्चे पढ़ते है। आर्थिक व्यवस्था में कमी के कारण उन्हें कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसी में विद्यालय प्रशासन ने जब बताया कि फिलहाल ऐसे छात्रों की संख्या 50 है तो उन्हें आज क्लब द्वारा जूते वितरित किए गये है।
इस अवसर पर सचिव मोहित गनेरिवाला, कोषाध्यक्ष घनश्याम डंग, जगमीत सिंह, महेश किंगर, विशाल संगर, विनीत चावला, कृष्णा कालरा, जगदीश पनेसर, कार्यक्रम संयोजक अमित सूरी जूनियर आदि शामिल रहे।

कैबिनेट मंत्री ने अपने विभागों को 7 लाख 50 हजार तिरंगा बांटने का दिया लक्ष्य

वित्त, शहरी विकास एवं आवास व संसदीय कार्य मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने आजादी के 75 वर्ष अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में अपने मंत्रालय के विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। इस मौके पर मंत्री डा. अग्रवाल ने 75 वर्ष पर 7,50,000 (सात लाख पचास हजार) तिरंगा झंडा बांटने का लक्ष्य दिया।
विधानसभा स्थित कार्यालय में हुई बैठक में मंत्री डा. अग्रवाल ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के तहत प्रधानमंत्री ने देशभर में अपने राष्ट्र का गौरव तिरंगा झंडा फहराने को कहा है। इसी क्रम में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर पूरे वतन के लोगों में उत्साह है।
डा. अग्रवाल ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव उत्तराखंड में भी धूमधाम के साथ उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। कहा कि जो आजाद भारत में पैदा हुए हैं, इस उत्सव के जरिए हमें आजादी का जश्न मनाने का ऐसा पहली बार मौका मिल रहा है। इस मौके पर डा. अग्रवाल ने शहरी विकास, आवास एवं विकास विभाग, राज्यकर विभाग, स्टाम्प के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने शहरी विकास विभाग के सभी 103 निकायों को पांच लाख तिरंगा झंडा, आवास एवं विकास विभाग को डेढ़ लाख से अधिक तिरंगा और राज्यकर व स्टाम्प से संबंधित अधिकारियों को एक लाख तिरंगा (कुल साढ़े सात लाख) का लक्ष्य दिया। कहा कि सभी विभाग इसे पूरे राज्यभर में नौ अगस्त से बांटेंगे।
डा. अग्रवाल ने बताया कि पूरे राज्यभर में एकसाथ सभी विभागीय अधिकारी आमजन के साथ तिरंगा झंडा अपने-अपने क्षेत्रों में फहराएंगे। साथ ही इसे सोशल मीडिया के जरिए प्रसारित व प्रचारित भी करेंगे।
इस मौके पर अपर मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, सचिव शहरी विकास विभाग विनोद सुमन, आवास आयुक्त सुरेंद्रनाथ पांडेय, एडिशनल कमिश्नर राज्यकर आई एस बृजवाल, अपर निदेशक शहरी विकास अशोक पांडेय, अपर आयुक्त आवास पीसी दुमका सहित अन्य विभागीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।