कांग्रेस प्रदेश की संस्तुति पर सुधीर राय बने कांग्रेस कार्यकारी नगर अध्यक्ष


सुधीर राय ऋषिकेश महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए हैं। उनका मनोनयन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने किया है। उनके मनोनयन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हर्ष जताया है।

गुरुवार को देहरादून में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने ऋषिकेश के सुधीर राय को मनोनयन पत्र सौंपा। उन्होंने सुधीर राय को ऋषिकेश महानगर कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया। कहा कि पार्टी के प्रति निष्ठा और समाजसेवा के कार्यों को देखते हुए मनोनयन किया गया है। उन्होंने सुधीर राय से पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने को कहा। मौके पर मौजूद जयराम आश्रम के अध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी, कांग्रेस प्रदेश महासचिव विजय सारस्वत, पूर्व पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा आदि मौजूद रहे।

युवाओं को वीर जवानों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना होगाः पुष्कर सिंह धामी


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चीड़बाग देहरादून स्थित शौर्य स्थल में पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की रक्षा के लिए हमारे इन शहीद जवानों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। युवाओं को हमारे इन जवानों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सैन्यधाम को उत्तराखंड का पांचवे धाम की संज्ञा दी है। उत्तराखंड के शहीद सैनिकों की स्मृतियों को संजोने के लिए देहरादून में भव्य सैन्यधाम बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सितम्बर में पूरे प्रदेश में सैनिक सम्मान यात्रा निकाली जाएगी।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, पूर्व राज्यसभा सांसद तरुण विजय भी मौजूद थे।

सचिवालय के विभिन्न अनुभागों का सीएम धामी ने किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न पत्रावलियों का अवलोकन भी किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि शासन स्तर पर प्राप्त होने वाली पत्रावलियों का त्वरित निस्तारण किया जाय। उन्होंने कहा कि शासन से जनता के बहुत उम्मीदें होती हैं। यह सुनिश्चित किया जाय कि जन समस्याओं का समाधान शीघ्रता से हो।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कार्यों में तेजी के साथ ही समयबद्धता एवं कार्यों के प्रति पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाय। यह सुनिश्चित किया जाय कि अपने कार्यों के लिए लोगों को अनावश्यक सचिवालय के चक्कर न लगाने पड़े। शासन स्तर पर प्राप्त होने वाली पत्रावलियों के ट्रेकिंग सिस्टम को और मजबूत बनाया जाय। आगन्तुकों के साथ शालीनता पूर्वक व्यवहार रखा जाय।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव एल फैनई, सचिव अमित नेगी, शैलेश बगोली, सौजन्या, अपर सचिव सोनिका भी मौजूद थे।

जब टोल प्लाजा निरस्त की हो चुकी घोषणा, तो प्रदर्शन क्यों


नेपाली फार्म पर प्रस्तावित टोल प्लाजा को निरस्त करने पर स्पीकर प्रेम चंद अग्रवाल का खैरीखुर्द ग्राम पंचायत में स्वागत हुआ। स्पीकर ने कहा कि नेपाली फार्म टोल प्लाजा को निरस्त करने की घोषणा की जा चुकी है जो लोग अभी भी धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, वह केवल ओछी राजनीति कर रहे हैं।

खैरीखुर्द पंचायत भवन के प्रांगण में आयोजित सम्मान समारोह के अवसर पर स्पीकर ने कहा कि टोल प्लाजा को निरस्त करने के लिए उन्होंने तिथिवार एनएचएआई के अधिकारियों, लोक निर्माण विभाग के सचिव एवं तत्कालीन मुख्यमंत्री से बिंदुवार चर्चा वार्ता की। जिसके बाद टोल प्लाजा को निरस्त किया गया।

स्पीकर ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा में अभूतपूर्व विकास हो रहा है जो लोग धरना प्रदर्शन कर रहे हैं वह ऋषिकेश में हुए विकास को पचा नहीं पा रहे हैं और जनता को बरगलाने का कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम में प्रधान विजय राम पेटवाल, उप प्रधान रोहित नेगी, प्रेमलाल राणाकोटी, दिलमणि डबराल, राजेंद्र रयाल, प्यारेलाल इष्टवाल, संदीप कलूड़ा, मुकेश बगियाल, कविता पेटवाल, मधुर रमोला, ममता जेढूडी, देवरत्ती देवी, पूजा देवी, आशीष बिष्ट, रमा चैहान, आदि उपस्थित रहे।

पीसीएस एसोसिएशन का दल सीएम से मिला, सेवा संबंधी समस्या भी रखी


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पीसीएस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भेंट की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बधाई देने के साथ ही अपने संवर्ग की सेवा सम्बन्धी विभिन्न समस्याओं से भी अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने पीसीएस केडर के अधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन बेहतर ढ़ंग से किये जाने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिकारीगण जन समस्याओं के समाधान के लिये सजगता से कार्य करें ताकि शासन प्रशासन के प्रति आम जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीसीएस अधिकारियों की सेवा सम्बन्धी विभिन्न समस्याओं के सम्बन्ध में विचार किया जाएगा। इस अवसर पर एसोशियेशन के महासचिव डा.ललित नारायण मिश्र आदि पदाधिकारी उपस्थित थे।

डा. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की जयंती पर सीएम ने दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर राजपुर रोड स्थित मुखर्जी पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, शिक्षाविद, चिंतक और जनसंघ के संस्थापक थे। डॉ. मुखर्जी देश के प्रथम उद्योग मंत्री रहे। उन्होंने कहा कि डॉ॰ मुखर्जी जम्मू कश्मीर को भारत का पूर्ण और अभिन्न अंग बनाना चाहते थे। धारा-370 को समाप्त करने की उन्होंने वकालत की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 एवं 35 ए समाप्त कर उनके सपने को साकार किया।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, मेयर सुनील उनियाल गामा आदि उपस्थित थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इससे पूर्व बीजापुर सेफ हाऊस में भी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।

डीजीपी के नेतृत्व में आईपीएस एसोसिएशन ने की सीएम पुष्कर धामी से मुलाकात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में ड्रग्स की रोकथाम के लिये कारगर प्रयासों की जरूरत बतायी है। उन्होंने पुलिस ट्रेनिंग पर ध्यान देने के साथ ही पुलिस कांस्टेबलों एवं वाहन चालकों के रिक्त पदों पर भर्ती का प्रस्ताव भी शासन को भेजने को कहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार के नेतृत्व में आईपीएस एशोसियेशन के अधिकारियों ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने करोना की इस महामारी के दौर में पुलिस के जवानों एवं अधिकारियों द्वारा किये गये प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों से प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था बनाये रखने पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि ड्रग्स हमारी युवापीढ़ी को खराब कर रहा है। इस पर प्रभावी नियन्त्रण के लिये इसकी जड़ तक जाने की जरूरत है। ताकि इसकी कारगर ढंग से रोकथाम हो सके।

पुलिस महानिदेशक ने पुलिस कर्मियों के ग्रेड वेतन एवं नियमावली के परीक्षण के लिये कैबिनेट उप समिति के गठन के लिये मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत, स्वामी यतीश्वरानन्द के साथ ही पुलिस के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

आईडीएल में आक्सीजन प्लांट का जल्द होने जा रहा लोकार्पण

आईडीपीएल ऋषिकेश के डीजीएम गंगा प्रसाद अगरहरी ने आईडीपीएल में ऑक्सीजन प्लांट को पुनर्जीवित कराये जाने को लेकर किए गए प्रयासों के लिए विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल का आभार व्यक्त किया साथ ही आईडीपीएल में जीवन रक्षक दवाइयों के उत्पादन को लेकर भी चर्चा वार्ता की।

स्पीकर ने कहा कि कोरोना संक्रमण के दौरान उत्तराखंड सहित संपूर्ण देशभर में ऑक्सीजन की किल्लत हुई, ऐसे में केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार के सहयोग से आईडीपीएल के ऑक्सीजन प्लांट को पुनर्जीवित करने के लिए कवायद शुरू हुई और अब प्लांट की टेस्टिंग में सफलता के बाद जल्द ही इस ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण किया जाएगा।

कहा कि आईडीपीएल ऋषिकेश का औषधी निर्माण में महत्वपूर्ण स्थान रहा है इसलिए यहां पर कुछ आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयों का निर्माण भी प्रारंभ करने के लिए तैयारियां चल रही है जिससे स्थानीय लोगों को भी लाभ होगा।

इस अवसर पर आईडीपीएल के डीजीएम ने विधानसभा अध्यक्ष को आईडीपीएल के अंदर संचालित होने वाली अन्य गतिविधियों एवं जीवन रक्षक दवाइयों के उत्पादन से संबंधित आवश्यक जानकारी से अवगत कराया। साथ ही ऑक्सीजन प्लांट पुनर्जीवित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कार्मिक विभाग के इंचार्ज एसएस नेगी भी उपस्थित थे।

ऋषिकेश विधायक की बुद्धि शुद्धि को कांग्रेस ने किया यज्ञ

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छिद्दरवाला में बुद्धि शुद्धि यज्ञ का आयोजन किया। एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्रीय विधायक व विस अध्यक्ष ने छिद्दरवाला में महाविद्यालय खुलवाने और छिद्दरवाला चैक में काली माता मन्दिर के लिए लाखों रुपये देने की झूठी घोषणा की थी। घोषणा के कई वर्ष बीतने के बावजूद आज तक यह कार्य नहीं हुए हैं। यह वादे सिर्फ सफेद झूठ साबित हुए हैं। कहा कि इन झूठे वादों और घोषणाओं की एक लिस्ट तैयार करके विभिन्न क्षेत्रों में जाकर क्षेत्रीय विधायक की बुद्धि शुद्धि के लिए यज्ञ किया जा रहा है, ताकि उनको सदबुद्धि आये और वह अपने द्वारा बोले गये झूठ पर जनता के बीच जाकर माफी मांगे।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक बीते 15 सालों से विधायक है। उनके वादे और घोषणाओं जैसे त्रिवेणी घाट में नदी की जलधारा को गंगा तट तक लाना, संजय झील को पर्यटन स्थल बनवाना, राजकीय महाविद्यालय ऋषिकेश को श्रीदेवसुमन विवि का मुख्य कैंपस बनवाने की घोषणा, टिहरी विस्थापित क्षेत्र को राजस्व ग्राम बनवाने की घोषणा, हरिपुर अंडर पास बनवाने की झूठी घोषणा, बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में बाढ़ की रोकथाम के कार्यों की झूठी घोषणा सहित तमाम घोषणाएं झूठी साबित हुई हैं।

इस अवसर पर मन्दिर समिति के पुजारी किशोर सेमवाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बरफ सिंह पोखरियाल, जिला महामंत्री गोकुल रमोला, पूर्व प्रधान सतीश रावत, केके थापा, पूर्व बीडीसी सदस्य पूरन चन्द रमोला, पंकज रावत, पूर्व कर्नल वाईबी भंडारी, बलवंत रमोला, हरभजन सिंह चैहान, रविन्द्र राणा, कमल रावत, यश अरोड़ा, अर्जुन थापा, चंद्रकांत कलूडा, विजय थापा, प्रीतम चैहान, विक्रम भंडारी, मनोज बिष्ट, प्रवीन बिष्ट, अर्जुन पूरी, मोहित ठाकुर, राकेश गौड़, जीवन रावत, गजेन्द्र चैहान आदि मौजूद थे।

उत्तराखंड की जनता भी विकास की राजनीति की पक्षधर, आप पार्टी ही विकल्पः दिनेश मोहनिया


आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया बाबा काली कमली धर्मशाला के सत्संग हाल में आयोजित कार्यक्रम मिशन विजय शंखनाद को संबोधित किया। कहा कि अब काम की राजनीति करने का समय आ गया है। लिहाजा पार्टी के दिल्ली में विकास कार्यों को देखते हुए उत्तराखंड की जनता भी विकास की राजनीति की पक्षधर है और आप पार्टी ही वो विकल्प है जो सिर्फ और सिर्फ विकास की राजनीति को तवज्जो देती है।

उन्होंने कहा कि अब हर विधायक को अपना रिपोर्ट कार्ड जनता को दिखाना होगा कि उसने 5 साल में जनता के लिए क्या किया। प्रदेशवासी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं।

कहा कि सरकार ने जन सुविधाएं जुटाने को कोई ठोस रणनीति नहीं बनाई। पार्टी हर बूथ को मजबूत करेगी। इसके लिए पार्टी युद्ध स्तर पर सभी बूथों पर कार्यकर्ता का चयन कर रही है। सभी बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं को डिजिटल ट्रेनिंग दी जाएगी। मीडिया प्रभारी संजय सिलस्वाल के संचालन में चले सम्मेलन में प्रदेश उपाध्यक्ष ओपी मिश्रा, लोकसभा प्रभारी सुनील लोहिया, अमित बिश्नोई, दिनेश असवाल, दिनेश कुलियाल ज्ञान रावत, विजेंद्र पासवान, मनोज कोठियाल, लालमणी रतूड़ी, राखी ध्यानी, शहनाज, मुकेश रानी, रजनी कश्यप, अनीता, गंगा आदि मौजूद रहे।