भाजपा के लिए देश सर्वोपरि, अन्य दल मोदी का विरोध करते हुए देश के खिलाफ उतर आएः नड्डा

अन्य दलों को देश की कोई चिंता नहीं है, यह लोग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अन्य शक्तियों के साथ मिलकर मोदी के खिलाफ काम कर रहे है। भाजपा के लिए देश ही सर्वोपरि है। दूसरे दल मोदी के विरोध में इतने अंधे हो गए हैं, कि वह अब देश का भी विरोध करने लगे हैं। हमें मोदी और भाजपा को सशक्त बनाना है। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कही।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का बीजापुर अतिथि गृह में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने स्वागत किया। नड्डा ने आज सुबह हरिद्वार से देहरादून के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान नेपाली फार्म से लेकर देहरादून तक कोविड के नियमों का पालन करते हुए जगह-जगह मानव श्रृंखला बनाकर उनका स्वागत किया गया जाएगा। करीब बारह बजे वे देहरादून पहुंचे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के उत्तराखंड आगमन से पार्टी कार्यकर्ताओं में जबदस्त उत्साह है। उनका यह दौरा हर दृष्टि से ऐतिहासिक है। उनके कुशल मार्गदर्शन में पार्टी कार्यकर्ता मिशन 2022 को फतह करने के लिए नई ऊर्जा के साथ जुटेंगे। राज्यसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने देशव्यापी प्रवास कार्यक्रम की उत्तराखंड से शुरुआत कर देवभूमि के प्रति अपने स्नेह को प्रदर्शित किया है। उनके इस दौरे से प्रदेश में भाजपा कार्यककर्ताओं में नई ऊर्जा व उत्साह का संचार होगा।
वहीं, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के पास विशाल संगठनात्मक और प्रशासनिक अनुभव है। आने वाले समय में पार्टी उनके नेतृत्व में और अधिक मजबूत होकर उभरेगी।

आज से अस्तित्व में आया ऋषिकेश व्यापार महासंघ

आज से ऋषिकेश व्यापार महासंघ का विधिवत शुभारंभ हो गया। महासंघ के दायरे में निगम के सभी 40 वार्ड आएंगे। महासंघ के जब तक चुनाव नहीं होते, तब तक वरिष्ठ व्यापारी राजीव मोहन अग्रवाल इसके संयोजक व नवल कपूर सह संयोजक रहेंगे।

मौके पर संयोजक राजीव मोहन अग्रवाल ने कहा कि हमारा मकसद व्यापारियों के अधिकारों की लड़ाई को लड़ना है परंतु पूर्व में चलते आ रहे व्यापार मण्डलों में परिवार वाद के साथ ही व्यक्ति वाद चला आ रहा है जो सही नहीं है। कहा कि हमने कई बार प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के सदस्य से वार्ता की कोशिश की, मगर कुछ कुर्सी पकड़ व्यापारी नेताओं ने अपनी हठधर्मिता के कारण एका के प्रयासों को सिरे से नकारने का काम किया। इसी को देखते हुए व्यापारियों की मॉंग पर महानगर के प्रथम व्यापार महासंघ का गठन किया गया है।

सह संयोजक नवल कपूर ने बताया कि महासंघ चालीस वार्डों के व्यापारियों को जोड़ने का कार्य करेगा और व्यापार महासंघ में व्यापारी सहायता कोष भी बनाया जायेगा। जिसमें व्यापारी पर मुसीबत करने पर उनकी सहायता हो सके।

व्यापार सभा के अध्यक्ष मनोज कालडा व पूर्व अध्यक्ष सूरज गुल्हाटी ने कहा कि महासंघ के बैनर तले व्यापारियों की लड़ाई लड़ने का कार्य करेगें। जल्द ही बाजार में सदस्यता अभियान के लिये हम सभी व्यापारी एक जुट होकर बाजार भ्रमण करेंगे।

प्रेस वार्ता में पूर्व व्यापार सभा अध्यक्ष राजेन्द्र सेठी, प्रॉपर्टी डेवलपर्स एसोसिएशन अध्यक्ष अजय गर्ग, प्रचून ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अध्यक्ष विनोद शर्मा, मोटर पार्टस एसोसिएशन अध्यक्ष चन्द्रशेखर जैन, स्वर्ण कार संघ अध्यक्ष यशपाल पंवार, गढवाल ट्रक एसोसिएशन सचिव जयेन्द्र रमोला, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष मदन नागराज, महामंत्री अंशुल अरोड़ा, क्षेत्र रोड व्यापार संगठन अध्यक्ष राजेश भट्ट, स्वर्णकार संघ उपाध्यक्ष हितेन्द्र पंवार, बर्तन एसोसिएशन अध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल, प्रचून व्यापर संघ अध्यक्ष गिरिराज गुप्ता, स्वर्णकार संघ से विवेक वर्मा, प्रॉपर्टी डेवलपर्स एसोसिएशन प्रवक्ता दीपक जाटव आदि मौजूद थे।

प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन ने बनाई दूरी
ऋषिकेश व्यापार महासंघ को बनाने को लेकर जिस वक्त रणनीति तय की जा रही थी। उस वक्त प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन भी इसमें जुड़ते दिखाई दिए। संगठन के नगर अध्यक्ष पंकज गुप्ता भी इसकी बैठक में सम्मिलित होकर अपने विचार रखते थे। मगर, आज प्रेसवार्ता में प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने दूरी बनाई। मामले को लेकर पंकज गुप्ता से वार्ता की गई तो उन्होंने सारा दोष प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल पर जड़ा। कहा कि प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की हठधर्मिता के चलते संगठन एक नहीं हो सका। कहा कि वह किसी भी संगठन के विरोध में नहीं है, व्यापारियों के हित के लिए वह सदैव तत्पर रहे हैं और आगे भी रहेंगे।

अब अपराधियों की खैर नहीं, जिस भी जगह से गुजरेंगे तो कैमरे में होंगे कैद

देहरादून। जनपद देहरादून को सीसीटीवी कैमरों का ग्रिड बनाने के लिए पुलिस ने ऑपरेशन थर्ड आई की शुरूआत की है। 15 दिन के इस ऑपरेशन में सभी थाना पुलिस को अपने-अपने क्षेत्र में अपराध के लिहाज से संवेदनशील इलाकों में कैमरे लगवाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का दावा है कि इससे अपराधियों के मन में खौफ पैदा हो गया और किसी भी घटना होने के बाद अपराधी जल्दी पकड़े जाएंगे। एसपी क्राइम लोकजीत सिंह इसके नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी सीओ सदर अनुज कुमार और सीओ मसूरी नरेंद्र पंत हैं।

15 दिन के इस अभियान में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा से ज्यादा बेहतर गुणवत्ता वाले कैमरे लगाए जाने हैं। इनमें नाइट विजन होना बेहद आवश्यक है। डीआईजी अरूण मोहन जोशी ने बताया कि 15 दिन बाद एक मॉक ड्रिल के माध्यम से थाना प्रभारियों, चैकी प्रभारियों और चीता पुलिस के कामों की समीक्षा की जाएगी।

करोड़ों रुपए की बकाया देनदारी वालेे छह विदेशी शराब के ठेके हुए सील

देहरादून। देहरादून में विदेशी शराब के छह ठेके सील किए गए हैं। आबकारी विभाग ने यह ठेके राजपुर रोड, बिंदाल चैक, कारगी चैक, रायपुर, सर्वे चैक और जाखन में सील किए हैं। कारण यह है कि इस फाइनेंशियल ईयर की शुरुआत से ही इन ठेकों की ओर से राजस्व समय पर चुकाया नहीं गया। कई महीने का करोड़ों का राजस्व बकाया होने पर आबकारी विभाग द्वारा सीलिंग की कार्रवाई की गई। देहरादून के बाद अब विभाग राजस्व जमा न करने वाले कई और भी शराब के ठेकों पर कार्रवाई कर सकता है। अब तक जिन ठेकों पर कार्रवाई की गई है, उन सभी शराब ठेकों के संचालक फाइनेंसियल ईयर शुरू होने के समय से ही राजस्व नहीं चुका रहे थे। फिलहाल छह शराब के ठेके सील किए गए हैं और आगे देखना है कितना ठेकों पर कार्रवाई होती है।

प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल, ऋषिकेश महासंघ के साथ जाने को तैयार नहीं

प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल अपने फैसले पर अडिग है, वह ऋषिकेश महासंघ के साथ नहीं जाएगा। मगर, हां जो भी व्यापारी उनके संगठन से जुड़ना चाहता है, उसका स्वागत है, मगर कोई शर्त मंजूर नहीं की जाएगी। एक तरह से बिना शर्त संगठन से जुड़ने वाले व्यापारियों का स्वागत है।

आज एक होटल में जिलाध्यक्ष नरेश अग्रवाल ने पत्रकारवार्ता की। कहा कि प्रांतीय व्यापार प्रदेश स्तर का संगठन है। यह व्यापारियों के हितों के लिए काम करती है। ऐसे में संगठन से रूठकर अलग संगठन बनाने से व्यापारियों का हित नहीं हो सकता है। इसलिये सभी व्यापारी संगठन एकजुट होकर संगठन को मजबूत कर सकते है। एकीकरण के लिए जो लोग राजी होते हैं, तो उनका स्वागत है। मौके पर प्रदेश संगठन मंत्री हरगोपाल अग्रवाल, प्रदेश मंत्री श्रवण जैन, नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महामंत्री ललित मोहन मिश्रा, नगर उद्योग युवा व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रतीक कालिया, जिला उपाध्यक्ष रवि जैन, दीपक तायल, अनुज आदि मौजूद थे।

आम व्यापारी भी सदस्य के तौर पर डालेगा वोट
जिलाध्यक्ष नरेश अग्रवाल ने बताया कि इस बार संगठनों के अध्यक्ष और महामंत्री के साथ आम व्यापारी को सदस्य के तौर पर वोटर बनाया जाएगा। वे मतदान में अपना वोट देकर अध्यक्ष और महांमत्री को चुन सकते हैं। नगर निगम क्षेत्र तीन हजार लोगों को सदस्यता के लिए फार्म दिए गए हैं। जिनमें 800 व्यापारियों को जोड़ा जा चुका है। बताया कि 10 दिसंबर तक सदस्यता अभियान चलाया जाना है। चुनाव की तारीख अभी तय नहीं की गई है, दो दो समिति का गठन होना बाकी है।

अंबेडकर चैक में संगमरमर की होगी संविधान निर्माता की मूर्ति

नगर निगम प्रशासन ने देश की संविधान रचियता बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा अंबेडकर चैक पर पुनःस्थापित कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं। नगर निगम प्रशासन की माने तो एक पखवाड़े के भीतर अंबेडकर चैक में बाबा साहेब की भव्य संगमरमर की मूर्ति स्थापित करा दी जाएगी।

निगम के सहायक अभियंता आनंद मिश्रवान ने बताया कि कुछ माह पूर्व नगर निगम प्रशासन द्वारा अंबेडकर चैक के जीर्णोद्धार के साथ संविधान के रचयिता बाबा साहेब डा भीमराव अंबेडकर की मूर्ति अंबेडकर चैक में स्थापित की गई थी जिसमें कुछ शरारती तत्वों द्वारा बाबा साहेब की प्रतिमा से संविधान की पुस्तिका चोरी कर ली गई थी बाद में दलित समाज के लोगों द्वारा दूसरी प्रतिमा लगाए जाने की मांग के बाद नगर निगम के स्वर्णजंयती सभागार में महापौर की अध्यक्षता में नगर आयुक्त, पुलिस क्षेत्राधिकारी व शहर कोतवाल की मौजूदगी में आयोजित बैठक में 5 सदस्य समिति का गठन किया गया था जिसमें तय किया गया था कि समिति के सदस्य मूर्ति चयनित करेंगे। इसी कार्रवाई के तहत हरिद्वार में संगमरमर की भव्य मूर्ति चयनित कर ली गई थी जिसे बनाए जाने का कार्य जारी है ।उन्होंने बताया कि कोरानाकाल की वजह से माल उपलब्ध ना होने के कारण मूर्ति बनाने में कुछ विलंब हुआ है ।मूर्ति कारों का कहना है कि एक पखवाड़े के भीतर मूर्ति का निर्माण कराकर ऋषिकेश भिजवा दिया जाएगा जिसे निगम प्रशासन अंबेडकर चैक में स्थापित करा देगा। उन्होंने बाबा साहेब की मूर्ति को लेकर विरोध जताने वालों से धैर्य रखने का अनुरोध भी किया है।

विश्व दिव्यांग दिवस पर राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित हुई तीर्थनगरी की पैरा ओलंपिक खिलाड़ी

विश्व दिव्यांग दिवस पर तीर्थनगरी की पैरा ओलंपिक खिलाड़ी नीरजा गोयल को जिलाधिकारी देहरादून आशीष श्रीवास्तव ने राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किया। पुरस्कार पाकर नीरजा भावुक हो उठी और उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता कुसुम गोयल और बैडमिंटन कोच जितेंद्र बिष्ट को बताया। वहीं, श्री भरत मंदिर इंटर काॅलेज की ओर से भी नीरजा गोयल को सम्मानित किया गया।

आज देहरादून में जिलाधिकारी देहरादून आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि दिव्यांग लोग हमारे समाज का महत्वपूर्ण अंग है, उनके बिना यह समाज अधूरा है। दिव्यांगों को आगे बढ़ाने के लिए कई प्रयास किये जा रहे है। मौके पर तीर्थनगरी की पैरा ओलंपिक खिलाड़ी नीरजा गोयल को सम्मानित किया गया। दौरान उनकी बहन नूपुर गोयल भी मौजूद रही।

नीरजा गोयल का अब तक का खेल इतिहास
1- वर्ष 2017 में जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय पैराओलंपिक में सिटिंग बॉलीबाल में जीता कांस्य पदक
2- वर्ष 2018 में बनारस में आयोजित राष्ट्रीय पैराओलंपिक में पैरा बैडमिंटन में जीता कांस्य पदक
3- वर्ष 2018 में राज्य सरकार की ओर से आयोजित खेल महाकुंभ में पैरा बैडमिंटन में जीता स्वर्ण पदक
4- वर्ष 2018 में राज्य सरकार की ओर से आयोजित खेल महाकुम्भ में व्हीलचेयर रेस में जीता रजत पदक
5- चंडीगढ़ में आयोजित रास्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता में जीता रजत पदक
6- 2019 में रुद्रपुर में राज्य सरकार की ओर से आयोजित खेल महाकुम्भ में पैरा बैडमिंटन व भाला फेंक में रजत पदक
7- वर्ष 2019 में रुद्रपुर में रास्ट्रीय पैरा ओलंपिक में पैरा बैडमिंटन सिंगल व डबल में क्रमशः रजत व कांस्य पदक जीता
8- वर्ष 2019 में थाईलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर का ओलंपिक में पैरा बैडमिंटन खेल में भारत का प्रतिनिधित्व किया
9- वर्ष 2020 माह फरवरी में आयोजित राज्य स्तर प्रतियोगिता में बेडमिंटन में सिंगल व डबल में स्वर्ण पदक

उधर, श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश में प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत ने भी नीरजा गोयल को सम्मानित किया। इस अवसर पर यमुना प्रसाद त्रिपाठी, लखविंदर सिंह, शिव प्रसाद बहुगुणा, जितेंद्र बिष्ट, डॉ सुनील दत्त थपलियाल, रंजन अंथवाल, सुशीला बर्थवाल, शालिनी कपूर, नीलम जोशी, विकास नेगी, नवीन मैंदोला, संजीव कुमार, प्रवीन रावत आदि उपस्थित थे।

ट्रांसफार्मर की स्थिति भयावह, चपेट में आकर हो रही दुर्घटनाः डा. राजे नेगी


ऋषिकेश विधानसभा के ट्रांसफार्मरों की स्थिति पर आम आदमी पार्टी ने सवाल खड़े किए है। आप पार्टी ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर अंसतोष जताया। आप नेता डॉ राजे सिंह नेगी ने कहा कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह खुले में रखे ट्रांसफार्मर हादसों को दावत दे रहे हैं। सड़क के किनारे लगे इन ट्रांसफार्मरों से कई बार हादसे हो भी हो चुके हैं। मौसम के गड़बड़ाने पर हादसों का खतरा और अधिक बढ़ जाता है। इसके बावजूद विद्युत विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।

उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर के चारों ओर लोहे की जाली लगाने के प्रशासन के आदेश को विभाग लगातार नजर अंदाज करता रहा है जिसकी वजह से अनेकों दुघर्टनाएं देखने को मिल रही हैं। लापरवाही का आलम यह है कि कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर खुले में रखे हैं। ट्रांसफार्मरों के आसपास खुले व टूटे बिजली के तार सड़क पर पड़े रहते हैं। जिनसे कभी भी हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि राहगीरों को मजबूरी में वहां से गुजरना पड़ता है। कहा कि जल्द ही इस गंभीर समस्या पर पार्टी के कार्यकर्ता विभाग के उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सोपेंगे।

मेयर अनिता के राजनैतिक कौशल से तीन दशक पुरानी टंचिग ग्राऊंड की समस्या का समाधान

गोविंदनगर में खाली भूखंड पर टंचिग ग्राउंड की समस्या निस्तारण की ओर है। जल्द ही कूड़े के पहाड़ से मुक्ति मिल जायेगी। यह घोषणा मेयर अनिता ममगाईं ने निगम की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर कही।

गोविंद नगर स्थित टचिंग ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि 2021 के लिए पांच मेगा प्रोजेक्टर को धरातल पर उतारूंगी। मेयर अनिता ने कहा कि पिछले तीस वर्षों से शहर की सुंदरता पर दाग लगा रहा कूड़े का यह पहाड़ गोविंद नगर और शांति नगर क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए जी का जंजाल बन चुका था। कूड़े के साम्राज्य के चलते पिछले तीन दशकों से क्षेत्रवासी नरकीय जीवन जीने को विवश थे। जिसको लेकर अनेकों बार आंदोलन भी चलाए गए।लेकिन जनप्रतिनिधियों की उदासीनता और सरकार में कमजोर पकड़ के चलते समस्या जस की तस बनी रही।

कहा कि ट्रेंचिंग ग्राउंड की व्यवस्था सुनिश्चित करवाना उनके चुनावी घोषणापत्र का पहला एजेंडा था। बताया कि ट्रेचिंग ग्राउंड के पूरे वेस्ट को जीरो करेंगे। कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया में जो भी बायप्रोडक्ट निकलेगा जैसे आरडीएफ, खाद, मिट्टी आदि उसका निस्तारण भी टेंडर लेने वाली कंपनी ही करेगी।

वर्ष 2021 के लिए अपने रोड मैप की घोषणा भी की उन्होंने बताया कि संजय झील का निर्माण, गंगा की जलधारा को बारहोमास त्रिवेणी घाट पर लाना, पार्किंग का निर्माण, बैराज जलाशय में वाटर स्पोर्ट्स शुरू कराना एवं ऋषिकेश राजकीय चिकित्सालय की चिकित्सा व्यवस्था में सुधार करना उनके लक्ष्य में शामिल है। इन पांचों योजनाओं का खाका नगर निगम प्रशासन द्वारा तैयार किया जा चुका है। कुछ योजनाओं को धरातल पर लाने के लिए तेजी के साथ कार्य भी शुरू हो गया है।

उन्होंने विश्वास जताया कि तीसरी वर्षगांठ के मौके पर यह पांचों योजनाएं धरातल पर आ जाएंगी। इस अवसर पर नगर आयुक्त नरेंद्र क्वीरियाल, क्षेत्रीय शिव कुमार गौतम, पार्षद अजीत सिंह, पार्षद राजेंद्र बिष्ट, पार्षद विजय बडोनी, पार्षद मनीष बनवाल, पार्षद कमलेश जैन, पार्षद अनीता प्रधान, पार्षद विजेंदर मोघा, पार्षद विजय बडोनी, पंकज शर्मा, अनिकेत गुप्ता, गौरव केन्थुला, प्रिया धक्काल आदि मोजूद रहे।

17 पेटी अंग्रेजी शराब से लोगों का स्वास्थ्य खराब करने की थी योजना, पुलिस ने पकड़ा

ऋषिकेश के ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई होने जा रही 17 पेटी अगं्रेजी शराब को कोतवाली पुलिस ने वाहन के साथ जब्त किया है।

कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि पुलिस उच्चाधिकारियों की ओर से अवैध नशा के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश मिला हुआ है, इसी क्रम में उनके नेतृत्व में गठित टीम ने बीते रोज की शाम को संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग के दौरान आरटीओ ऑफिस ऋषिकेश के पास हुंडई एसेंट गाड़ी नंबर को रोका। तलाशी लेने पर उसमें 17 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। प्रभारी कोतवाली ने आरोपी की पहचान विनोद प्रसाद पुत्र भगवती प्रसाद निवासी दिल्ली फार्म श्यामपुर खदरी के रूप में कराई।