ऋषिकेश।
ऋषिकेश ग्राम पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था न होने से खफा भाजपाईयों ने डीएम देहरादून से व्यवस्था बनाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि ग्राम पंचायत ऋषिकेश क्षेत्र में आजतक शासन प्रशासन ने सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की है। अव्यवस्थाओं से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन आज तक यह तय नहीं कर पाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को कौन करवाएगा। जबकि ग्रामीण पिछले कई सालों से प्रशासन से व्यवस्था बनाए रखने की मांग करते आ रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान को दो साल पूरे होने जा रहे हैं। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन की उदासीनता के कारण सफाई अभियान धरातल पर नहीं उतर पा रहा है। क्षेत्र में घातक बीमारियों का प्रकोप बना हुआ है। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई, फागिंग व कीटनाशक दवा का छिड़काव नहीं हो पा रहा है। मांग की है कि प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवस्था बनाए रखने की पहल करे। इस संबंध में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कुश्म चौहान के माध्यम से डीएम को ज्ञापन दिया। ज्ञापन देने वालों में भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष गोविंद अग्रवाल, ज्योति सजवाण, इंद्रकुमार गोदवानी, जय दत्त शर्मा, राकेश पारछा, कुसुम अग्रवाल, कपिल गुप्ता, अमृता नारायण, सुदेश अग्रवाल, छोटी देवी, पारो नारायण, अजय कुमार, थम्मन सैनी, सुभाष बाल्मीकि आदि शामिल रहे।
Category: देहरादुन्
किशोरी ने केरोसिन डालकर की खुदकुशी, मौत
ऋषिकेश।
कोतवाली क्षेत्र के श्यामपुर इलाके में एक किशोरी ने खुद पर मिट्टी तेल छिड़ककर आग लगा ली। आनन-फानन में परिजनों ने उसे राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत नाजुक देखते हुए किशोरी को जौलीग्रांट रेफर किया। 
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को भल्ला फार्म श्यामपुर में किराए के मकान में रहे एक परिवार की किशोरी ने स्वयं को आग लगा दी। घटना के दौरान किशोरी की मां व भाई घर पर ही मौजूद थे। घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं लग पा रहा है। श्यामपुर चौकी प्रभारी आशीष गुसाईं ने बताया कि आरती (17) पुत्री जितेंद्र निवासी भल्लाफार्म, श्यामपुर ने शुक्रवार की सुबह खुद पर कैरोशिन डालकर आग लगा दी। घटना के दौरान किशोरी का भाई व उसकी मां दूसरे कमरे में थे। चीखपुकार सुनकर परिजनों ने उसे 108 एंबुलेंस के द्वारा राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत नाजुक देख उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि किशोरी 90 प्रतिशत झुलस गई है। बहरहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। देर शाम पुलिस ने किशोरी की मौत की पुष्टि की।
ऋषिकेश पालिकाध्यक्ष और सभासदों के बीच मारपीट
ऋषिकेश नगर पालिका के कर विभाग में तालाबंदी से उपजा विवाद
एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर, नाराज कर्मचारियों ने नहीं किया काम
ऋषिकेश।
ऋषिकेश पालिका उस वक्त अखाड़े में तब्दील हो गया, जब कर विभाग में तालाबंदी से उपजे विवाद ने पालिकाध्यक्ष और सभासदों के बीच मारपीट का रूप ले लिया। करीब आधे घंटे तक दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूसे चले। पुरानी समितियों को बहाल करने से नाराज सभासद दोबारा चुनाव की मांग कर रहे थे।
हुआ यूं कि, सोमवार को नगर पालिका की पुरानी समितियां बहाल करने के खिलाफ सभासद विकास तेवतिया, सावित्री देवी और कविता शाह ने कर विभाग दफ्तर में ताले जड़ दिए और वहां धरना शुरू कर दिया। इस बीच दोपहर 12 बजे के आसपास पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा अपने साथियों के साथ दफ्तर पहुंच गए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों से ताला खोलने को कहा, लेकिन, वहां धरने पर बैठे सभासदों ने इसका विरोध किया। इससे दोनों पक्षों में तनातनी बढ़ी तो कुछ सफाई कर्मचारी हथौड़ा लेकर आ पहुंचे और ताला तोड़ने लगे। इसके बाद तो पालिका दफ्तर अखाड़ा बन गया। पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा और सभासद विकास तेवतिया के बीच हाथापाई हो गई। यही नहीं, कुछ कर्मचारियों ने हाथापाई करने वाले सभासद की जमकर पिटाई कर डाली। इस दौरान महिला सभासद कविता शाह बीच-बचाव के लिए आईं तो उनके साथ भी अभद्रता की गई।
पालिकाध्यक्ष के समर्थन में कर्मचारी हड़ताल पर
पालिकाध्यक्ष के साथ मारपीट की घटना के विरोध में कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। दोपहर 12.30 बजे के आसपास कर्मचारियों ने पालिका दफ्तर पर ताले ठोक दिए। वहीं, सफाई कर्मचारियों ने भी इस हड़ताल को अपना समर्थन दे दिया है। पिछले 13 सालों से सफाई कर्मचारी कभी अपनी मांगों को लेकर आवाज नहीं उठा पाए, लेकिन मामला राजनीतिक होने के चलते कुछ सफाई कर्मचारी इस मामले को नया मोड़ देते नजर आए। हालांकि, ज्यादातर कर्मचारियों ने इस मामले से दूरी बनाए रखना ही उचित समझा।
पालिका दफ्तर में मर्यादाएं तार-तार
सोमवार को पालिका दफ्तर में सारी मर्यादाएं तार-तार हो गईं। यह मामला पुरानी समितियों को भंग करते हुए दोबारा चुनाव कराने की मांग को लेकर था। लेकिन, हाथापाई के दौरान महिला सभासद कविता शाह से कुछ कर्मचारियों ने अपमानजनक शब्द कह डाले। यहां तक कि, सभासद को धक्का दिया गया और गाली-गलौच भी की गई। लेकिन, वहां मौजूद पुलिस मूकदर्शक बनी रही। यह मामला पूरे दिनभर शहर में चर्चा का विषय बना रहा।
एक-दूसरे के खिलाफ दी तहरीर
नगर पालिका का विवाद दोपहर बाद कोतवाली जा पहुंचा। कर अधीक्षक निशात अंसारी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुछ सभासदों ने पालिकाध्यक्ष के साथ मारपीट की और सरकारी काम में रुकावट डाली। वहीं, दूसरे पक्ष से सभासद विकास तेवतिया, कविता शाह और सावित्री देवी ने भी पुलिस को तहरीर दे दी। उनका आरोप था कि वह अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक धरने पर बैठे थे, लेकिन पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा अपने कुछ साथी और कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट कर दी।
…तो भाजपा नेताओं ने बनाई दूरी
सभासद कविता शाह भाजपा की सक्रिय नेता रही हैं। कविता शाह भाजपा परवादून जिले की उपाध्यक्ष हैं। सोमवार के ऋषिकेश पालिका में मारपीट की घटना के बाद कोई भी भाजपा नेता मौके पर नहीं पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, कविता शाह ने भाजपा नेता सभासद दल के नेता शिवकुमार गौतम को कोतवाली बुलवाया, लेकिन वह भी नहीं आए।
यह था विवाद
नगर पालिका की समितियां एक साल के कार्यकाल के बाद भी दो साल से अधिक समय से यथावत हैं। सभासदों की मांग पर समितियों के चुनाव शुरू होते, इससे पहले ही 10 सितंबर को नाम वापसी के बाद दोपहर के समय पालिकाध्यक्ष ने चुनाव स्थगित करा दिए। साथ ही पुरानी समितियों को फिर बहाल कर दिया गया। इससे कुछ सभासद नाराज चल रहे हैं। सभासदों की यही नाराजगी सोमवार को ऋषिकेश पालिका को अखाड़ा बना बैठी।
सभासदों पर अभद्रता का आरोप
अगर किसी को आपत्ति थी तो मामला बैठकर सुलझाया जाना चाहिए था। लेकिन, कर विभाग दफ्तर में ताले लगा दिए गए। ऐसे में पालिका पहुंचे लोग परेशान हुए तो मैंने ताले खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ सभासदों ने मेरे साथ अभद्रता कर दी। ऐसा नहीं होना चाहिए था।
-दीप शर्मा, पालिकाध्यक्ष
इंसाफ न मिला तो आमरण अनशन
पालिकाध्यक्ष पर ऐसे ही दर्जनों मुकदमें दर्ज नहीं हुए हैं। साजिश के तहत उन्होंने कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर मुझसे और दो सभासदों से मारपीट की। अब मुझे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। अगर इंसाफ न मिला तो मैं आमरण अनशन पर बैठ जाऊंगा।
-विकास तेवतिया, सभासद
साजिश के तहत करवाया हमला
लोकतंत्र में सबको अपनी बात रखने का अधिकार है। हम शांतिपूर्वक धरने पर बैठे ही थे कि सुनियोजित साजिश के तहत हम पर हमला कर दिया गया। कुछ कर्मचारी भी पालिकाध्यक्ष के साथ खड़े थे। मुझसे अभद्रता की गई, लेकिन किसी ने कुछ नहीं बोला।
-कविता शाह, सभासद एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष परवादून
इस मामले में तीन पक्षों से तहरीर मिली है। पालिका सभासद, नगर पालिका के कर अधीक्षक और स्वच्छकारों ने तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
-चक्रधर अंथवाल, सीओ
गुलदार के हमले में मासूम बच्ची घायल
रायवाला।
रायवाला के खांड गांव नंबर तीन में गुलदार ने हमला कर चार साल की बच्ची को घायल कर दिया। परिजनों ने एम्बुलेंस से बच्ची को राजकीय अस्पताल ऋषिकेश पहुंचायाए जहां गंभीर हालत देखते हुए बच्ची को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम को गंगवीर सिंह अपनी चार साल की पौती श्रेया पुत्री तारा सिंह के साथ खेत से घर की ओर लौट रहे थे। इस बीच झाड़ियों के पीछे से गुलदार ने उनपर हमला कर दिया। इस हमले में श्रेया बुरी तरह घायल हो गई। गंगवीर सिंह ने शोर मचाया तो गुलदार से भाग गया। इस बीच परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। घायल बच्ची को पहले बाइक से रायवाला बाजार लाया गया। यहां से एंबुलेंस से जरिये ऋषिकेश अस्पताल में पहुंचाया गया। बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण उसे ऋषिकेश में प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर भेज दिया गया है। रेंजर महेंद्र गिरी गोस्वामी ने बताया कि परिवार पार्क से सटे क्षेत्र में रहता है। गुलदार के हमले में बच्चे के सिर पर चोटें आई हैं। क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी।
गेट मीटिंग दूसरे दिन भी जारी
ऋषिकेश।
उत्तराखंड वाणिज्यकर मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन शाखा ऋषिकेश ने वाणिज्य कर भवन में शुक्रवार को भी गेट मीटिंग जारी रखी। इस दौरान कर्मचारियों ने एक घंटे तक कार्य बहिष्कार किया।
शुक्रवार को पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड वाणिज्य कर मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन शाखा ऋषिकेश ने वाणिज्य कर भवन के मुख्य गेट पर गेट मीटिंग का आयोजन किया। एक घंटे तक चले धरना प्रदर्शन में कर्मचारियों ने मांगे पूरी नही होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। पदोन्नति में समय सीमा की बाध्यता समाप्त करने, शासन द्वारा वेतन विंसगति को दूर करने आदि की मांग को लेकर कर्मचारी आंदोलन कर रहे है।
धरना प्रदर्शन करने वालों में बलवंत सिंह राणा, राजेश अधिकारी, सुशील मनवाल, हरीश राणा, संजय सिंह, उमादत्त जुगरान, सोनूराम, भूपेन्द्र सिंह भंडारी, राहुल बिष्ट, लोकेश कुमार, जुगेश कुमार, दीपक रावत, मिनी झिंक्वाण, विनीता राणा, पुष्पा जोशी आदि शामिल रहे।
पुलिस फोर्स मिलने पर ही कार्रवाई करेगी पालिका की टीम
बुधवार को पुलिस न मिलने से पालिका को हुई थी परेशानी
ऋषिकेश।
ऋषिकेश नगर पालिका ने अवैध होर्डिंग के खिलाफ अभियान रोक दिया है। अब पुलिस फोर्स मिलने पर ही पालिका कार्रवाई करेगी।
नगर पालिका ने शहर में अवैध होर्डिंग हटाने की कार्रवाई के लिए पुलिस के सहयोग मांगा था। प्रशासन के माध्यम से पुलिस फोर्स उपलब्ध कराने की मांग की थी। लेकिन सोमवार को पुलिस फोर्स नहीं मिलने के कारण पालिका की टीम कार्रवाई नहीं कर सकी। इसके बाद बुधवार को पुलिस फोर्स उपलब्ध कराने का आश्वासन मिला। बुधवार को पालिका की टीम दून मार्ग पर कार्रवाई करने पहुंचीए लेकिन इस बार भी पुलिस नहीं पहुंची। पालिका कर्मचारियों ने खुद ही यातायात व्यवस्था संभालते हुए कार्रवाई की और छह अवैध होर्डिंग गिराए। इस दौरान पालिका की टीम को विरोध भी झेलना पड़ा। पालिका का तर्क है कि दो बार सहमति बनने के बाद भी पुलिस प्रशासन से सहयोग नहीं मिला।
कर अधीक्षक निशात अंसारी ने बताया कि गुरुवार को अवैध होर्डिंग के खिलाफ अभियान नहीं चला। पुलिस की मौजूदगी में ही अभियान चलाया जाएगा। इस बाबत उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया है।

विभागों में आपसी तालमेल में कमी
अवैध होर्डिंग हटाने के लिए पुलिस.प्रशासन का सहयोग नहीं मिलना शहर में चर्चा कर विषय बना हुआ है। पालिका के अधिकारियों का दावा है कि प्रशासन से लिखित में फोर्स उपलब्ध कराने की मांग की थी। फोन से संपर्क कर तिथि तय की गई। लेकिन फिर भी पुलिस फोर्स नहीं मिली। ऐसे में विभागों में आपसी तालमेल की कमी भी नजर आ रही है।
कार्रवाई से हरकत में होर्डिंग कंपनियां
अवैध होर्डिंग पर कार्रवाई से कंपनियां हरकत में आ गई हैं। बुधवार को चले कार्रवाई अभियान के बाद तीन कंपनियों ने 99 हजार रुपये होर्डिंग किराया के रूप में पालिका में जमा कराया है। हालांकि अभी भी कई कंपनियों के होर्डिंग अवैध तरीके से शहर की सूरत बिगाड़ रहे हैं।
तहसील दिवस पर जनता रही नदारद
जनप्रतिनिधियों ने ही उठायें अधिकतर मामले, रखी समस्याऐं
ऋषिकेश।
ऋषिकेश तहसील में जिलाधिकारी देहरादून रविनाथ रमन ने फरियादियों की समस्याऐं सुनी। तहसील दिवस में कुल 85 मामलें पंजीकृत हुए। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में मौजूद विभागों के अधिकारियों को समस्या निस्तारण के मौके पर ही दिशा-निर्देश दिये। तहसील दिवस में अधिकतर मामले जनप्रतिनिधियों ने ही रखें। जनता कम ही नजर आयीं।
मंगलवार को ऋषिकेश तहसील में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें जिलाधिकारी रविनाथ रमन, सीडीओ आलोक कुमार पाण्डेय, एसडीएम कुश्म चौहान ने संयुक्तरुप से जनसमस्याएं सुनी। तहसील दिवस में सड़क, पानी, समाज कल्याण विभाग की पेंशन, सड़क, पालिका की शिकायत, ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण, रानीपोखरी भूमिगत सिंचाई नहर के कार्य को लेकर जनप्रतिनिधियों ने बात रखी। जिलाधिकारी ने तहसील दिवस में उपस्थित अधिकारियों से वार्ताकर मामले में उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिये। जनसमस्याओं पर भी कई जनप्रतिनिधियों ने अपनी बात रखीं। जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेने की बात कही। 
जिलाधिकारी रविनाथ रमन ने बताया कि तहसील दिवस में पेंशन, जंगली जानवरों के आंतक, सड़क आदि के मामले आये है। बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन की धनराशि खाताधारकों के खाते में डाली जा रही है। सड़क का कार्य बरसात के बाद शुरु होने की उम्मीद जताई। बताया कि अगस्त माह में सड़कों का पैसा रिलीज कर दिया गया। जंगली जानवरों के आंतक से निजात के लिए वन विभाग द्वारा कार्य किया जा रहा है। उन्होंने तहसील दिवस का अधिक से अधिक प्रचार करने और फरियादियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के अधिकारियों को निर्देश दिये।
एसडीएम कुश्म चौहान ने बताया कि तहसील दिवस में कुल 85 समस्याएं पंजीकृत हुई, जिसमें से 50 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। मौके पर सीओ चक्रधर अंथवाल, डीएफओ प्रश्नकुमार पात्रौ सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अव्यवस्था हावी रही
ऋषिकेश। तहसील दिवस में मीटिंग हॉल अधिकारियों से ही भर गया। फरियादियों को जगह नही मिलने व डीएम के देर से पहुंचने के कारण कुछ तो बैरंग ही लौट गये। गर्मी की अधिकता होने के चलते भी पीने के पानी की कोई व्यवस्था नही रही। हॉल में सिर्फ दो ही पंखे होने से पसीने के मारे लोग बेहाल रहे। बाहर टेंट जरुर लगा था लेकिन उसमें भी कई विभागों के अधिकारी ही मौजूद रहे।
साहब पहले तहसील की व्यवस्था तो सुधारिये
ऋषिकेश। तहसील दिवस में जिलाधिकारी को मांगों का पुलिंदा देने वालों की भरमार रही। एडवोकट भूपेन्द्र कुकरेती ने डीएम से ऋषिकेश तहसील में जन सुविधाएं दुरस्त करने की मांग रखी। बताया कि जनरेटर की सुविधा नही होने से फरियादियों के कार्य लटक जाते है। पीने का पानी और सुलभ शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।
पालिका समिति की बैठक निरस्त करने की मांग
ऋषिकेश। भाजपा सभासद कविता शाह ने नगर पालिका की समितियों के क्रियाकलापों पर रोक लगाने की मांग की। बताया कि समिति चुनाव की प्रकिया गतिमान होने पर नाम वापसी के दिन चुनाव स्थगित कर दिये गये। चुनाव आचार संहिता प्रभावित करने व पुरानी समितियों को बहाल करने के निर्णय को निरस्त करने की मांग की।
तहसील दिवस में रखी गयी मांगे …
पंकज गुप्ता द्वारा निराश्रित पशुओं के लिए स्थान उपलब्ध कराने की मांग, रामकुमार संगर द्वारा शिवा इन्कलैव व भरत विहार मेंपानी की सप्लाई, सीवर लाइन बिछाने व दाखिला खारिज की सुविधा देने की मांग, नशबंदी पट्टे धारकों को जमीन नही मिलने का मुद्दा, अमितग्राम में गुज्जर प्लाट से आने वाले पानी की निकासी की मांग, अमित ग्राम में पीने के पानी की सप्लाई दुरस्त करने की मांग, कपिल गुप्ता द्वारा एचडीए के अनापत्ति प्रमाण पत्र के नाम पर उत्पीड़न रोकने की मांग, संजय कुमार द्वारा ऋषिकेश की खाता खतौनी की एनओसी व दाखिला खारिज की कार्रवाई में सर्वे नायब तहसीलदार द्वारा परेशान करने का मामला, राकेश पारछा द्वारा सरकारी अस्पताल की ओपीडी में डॉक्टरों के समय से नही बैठने का मामला, ग्राम सभा छिद्दरवाला में सड़क के डामरीकरण का मामला, रायवाला प्रतीतनगर में राजकीय डिग्री कॉलेज खोलने की मांग।
द्रोणनगरी में निकली भव्य जगन्नाथ रथयात्रा
रथ का रस्सा खींचने को भक्तों में होड़ मच रही, सीएम भी हुए रथयात्रा में शामिल
देहरादून।
द्रोणनगरी में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली गई। भगवान जगन्नाथ के दर्शन और रथ का रस्सा खींचने को भक्तों में होड़ मच रही। रथयात्रा के दौरान द्रोणनगरी जगन्नाथ पुरी सी हो गई। रथ यात्रा में सीएम हरीश रावत, कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल, विधायक गणेश जोशी, प्रेमचंद अग्रवाल भी शामिल हुए। 
रथयात्रा परेड मैदान से आरंभ हुई। रथयात्रा का मुख्यमंत्री हरीश रावत ने शुभारंभ किया। इस दौरान काबीना मंत्री दिनेश अग्रवाल, विधायक गणेश जोशी और प्रेमचन्द अग्रवाल आदि मौजूद रहे। रथ एस्लेहॉल, गांधी पार्क, घंटाघर, पलटन बाजार, धामावाला, दर्शनी गेट, लक्खीबाग चौकी, गांधी रोड, प्रिंस चौक होते हुए हरिद्वार रोड स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में पहुंचकर विश्राम लिया। जिस भी मार्ग से रथयात्रा गुजरी, श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा से उसका अभिनंदन किया। गुंबद सहित 40 फीट ऊंचे, 12 फीट चौड़े व 20 फीट लंबे रथ पर आरूढ़ हो भगवान जगन्नाथ जब भाई बलभद्र व बहन सुभद्रा के साथ नगर भ्रमण पर निकले तो जय जगन्नाथ के घोष से द्रोणनगरी गूंज उठी। भगवान के दर्शन और रथ का रस्सा खींचने को भक्तों में होड़ मच गई। कुछ घंटों के ऐसा लगा, जैसे हम जगन्नाथ पुरी में हैं।
रास्तेभर श्रद्धालुओं में प्रसाद बांटा जा रहा था। साथ ही वातावरण श्हरे कृष्ण-हरे कृष्ण, कृष्ण-कृष्ण, हरे-हरे, हरे राम-हरे राम, राम-राम, हरे-हरे की मधुर लहरियों से आलोकित हो रहा था। शोभायात्रा में स्वामी भक्ति योग महाराज, रामकुमार अग्रवाल, पुष्पा अग्रवाल, भूपेंद्र चड्ढा, सुशील मग्गो, अजय भटनागर और संजय गर्ग आदि मौजदू रहे।
रसूख के आगे बौना पड़ा पालिका प्रशासन
अवैध होर्डिंग्स पर नही हो पा रही कार्रवाई
ऋषिकेश।
नगर पालिका ऋषिकेश का प्रशासन रसूखदारों के आगे बौना साबित हो रहा है। नोटिस में दी गयी समय अवधि बीत जाने के बाद भी पालिका प्रशासन ने अब तक अवैध होर्डिंग्स पर कोई कार्रवाई नही की है। सूत्रों के अनुसार कुछ होर्डिंग्स कंपनियां अपने राजनैतिक संबधों का लाभ लेते हुए पालिका प्रशासन पर दबाब बनाने में कामयाब हो गयी है।
अपर आयुक्त गढ़वाल हरक सिंह रावत की फटकार के बाद नगर पालिका प्रशासन ने नगर में अवैध होर्डिंग्स की गिनती शुरु करवाई थी। नोटिस देने के बाद कुछ कंपनियों ने पालिका के खजाने में पैसा भी जमा करवाया। लेकिन 35 होर्डिंग्स की किसी भी कंपनी ने जानकारी नही दी। पालिका प्रशासन ने 35 होर्डिंग्स को अवैध करार देते हुए इन्हें हटाने की संस्तुति तो दी, लेकिन लंबे समय बाद भी इस ओर कोई कार्रवाई नही की।
कुछ होर्डिंग्स कंपनियां अपने राजनैतिक संबधों के कारण पालिका प्रशासन पर दबाब बना रही है। सूत्रों के अनुसार सरकार में शामिल एक राजनेता ने पालिका के अधिकारियों को ट्रांसफर तक करा देने बात कही है। पालिका द्वारा अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान को ठंडे बस्ते में डाला जाना, इस बात की तस्दीक भी कर रहा है। 
त्रिवेणी घाट चौक पर अवैध होर्डिंग्स से खतरा बढ़ा
नगर पालिका क्षेत्र त्रिवेणी घाट चौक पर एक होर्डिंग्स कंपनी ने यूनिपाल लगा रखा है। विद्युत खंबे से सटा यूनिपाल दुर्घटना को निमंत्रण दे रहा है। इसके एक सपोर्ट में लगा एक पाइप टूट कर गिर गया और दूसरा कभी भी गिर सकता है। ऐसे में यूनिपाल का झुकाव सड़क की ओर हो रहा है। सवाल है कि त्रिवेणीघाट चौक पर बिना परमिशन के यूनिपाल लगाने वाली कंपनी पर पालिका प्रशासन कार्रवाई करने से पीछे क्यों हट रहा है।
केंद्र सरकार पर भड़के कांग्रेस कार्यकर्ता
ऋषिकेश।
पेट्रोल डीजल के दाम बढने पर कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार पर गरजे। गुरूवार को कार्यकर्ताओं ने रेलवे रोड़ पर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार पर जनता को लूटने का आरोप लगाया।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रेलवे रोड पर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि केंद्र की सरकार के वायदे हवाई साबित हो रहे हैं।
प्रदेश महासचिव ने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों का भला करने की बात करती आ रही है। बढती मंहगाई से इसका अंदाजा लगाया जा सकता है कि मोदी सरकार जनता की कितनी हितेषी है। पेट्रोल व डीजल के दाम बढने पर इसका असर सीधे आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। मोदी सरकार में हर एक चीज मंहगी होती जा रही है। जबसे सत्ता में मोदी की सरकार आई है तबसे जनता की गाढी कमाई को दोनों हाथों से लूटा जा रहा है। प्रदर्शन करने वालो में सभासद प्यारेलाल जुगरान, मनीष शर्मा, मधु जोशी, अरविंद भट्ट, देवेंद्र प्रजापति, दीपक धमांदा, मुकेश जाटव, राजेश शाह, अभिषेक, ललित मोहन शर्मा, राकेश वर्मा, अशोक विश्वकर्मा, अमन रतूड़ी, गजेंद्र खरोला आदि शामिल थे।