गुलदार के हमले में मासूम बच्ची घायल

रायवाला।
रायवाला के खांड गांव नंबर तीन में गुलदार ने हमला कर चार साल की बच्ची को घायल कर दिया। परिजनों ने एम्बुलेंस से बच्ची को राजकीय अस्पताल ऋषिकेश पहुंचायाए जहां गंभीर हालत देखते हुए बच्ची को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम को गंगवीर सिंह अपनी चार साल की पौती श्रेया पुत्री तारा सिंह के साथ खेत से घर की ओर लौट रहे थे। इस बीच झाड़ियों के पीछे से गुलदार ने उनपर हमला कर दिया। इस हमले में श्रेया बुरी तरह घायल हो गई। गंगवीर सिंह ने शोर मचाया तो गुलदार से भाग गया। इस बीच परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। घायल बच्ची को पहले बाइक से रायवाला बाजार लाया गया। यहां से एंबुलेंस से जरिये ऋषिकेश अस्पताल में पहुंचाया गया। बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण उसे ऋषिकेश में प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर भेज दिया गया है। रेंजर महेंद्र गिरी गोस्वामी ने बताया कि परिवार पार्क से सटे क्षेत्र में रहता है। गुलदार के हमले में बच्चे के सिर पर चोटें आई हैं। क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी।

गेट मीटिंग दूसरे दिन भी जारी

ऋषिकेश।
उत्तराखंड वाणिज्यकर मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन शाखा ऋषिकेश ने वाणिज्य कर भवन में शुक्रवार को भी गेट मीटिंग जारी रखी। इस दौरान कर्मचारियों ने एक घंटे तक कार्य बहिष्कार किया।110
शुक्रवार को पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड वाणिज्य कर मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन शाखा ऋषिकेश ने वाणिज्य कर भवन के मुख्य गेट पर गेट मीटिंग का आयोजन किया। एक घंटे तक चले धरना प्रदर्शन में कर्मचारियों ने मांगे पूरी नही होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। पदोन्नति में समय सीमा की बाध्यता समाप्त करने, शासन द्वारा वेतन विंसगति को दूर करने आदि की मांग को लेकर कर्मचारी आंदोलन कर रहे है।
धरना प्रदर्शन करने वालों में बलवंत सिंह राणा, राजेश अधिकारी, सुशील मनवाल, हरीश राणा, संजय सिंह, उमादत्त जुगरान, सोनूराम, भूपेन्द्र सिंह भंडारी, राहुल बिष्ट, लोकेश कुमार, जुगेश कुमार, दीपक रावत, मिनी झिंक्वाण, विनीता राणा, पुष्पा जोशी आदि शामिल रहे।

पुलिस फोर्स मिलने पर ही कार्रवाई करेगी पालिका की टीम

बुधवार को पुलिस न मिलने से पालिका को हुई थी परेशानी
ऋषिकेश।
ऋषिकेश नगर पालिका ने अवैध होर्डिंग के खिलाफ अभियान रोक दिया है। अब पुलिस फोर्स मिलने पर ही पालिका कार्रवाई करेगी।
नगर पालिका ने शहर में अवैध होर्डिंग हटाने की कार्रवाई के लिए पुलिस के सहयोग मांगा था। प्रशासन के माध्यम से पुलिस फोर्स उपलब्ध कराने की मांग की थी। लेकिन सोमवार को पुलिस फोर्स नहीं मिलने के कारण पालिका की टीम कार्रवाई नहीं कर सकी। इसके बाद बुधवार को पुलिस फोर्स उपलब्ध कराने का आश्वासन मिला। बुधवार को पालिका की टीम दून मार्ग पर कार्रवाई करने पहुंचीए लेकिन इस बार भी पुलिस नहीं पहुंची। पालिका कर्मचारियों ने खुद ही यातायात व्यवस्था संभालते हुए कार्रवाई की और छह अवैध होर्डिंग गिराए। इस दौरान पालिका की टीम को विरोध भी झेलना पड़ा। पालिका का तर्क है कि दो बार सहमति बनने के बाद भी पुलिस प्रशासन से सहयोग नहीं मिला।
कर अधीक्षक निशात अंसारी ने बताया कि गुरुवार को अवैध होर्डिंग के खिलाफ अभियान नहीं चला। पुलिस की मौजूदगी में ही अभियान चलाया जाएगा। इस बाबत उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया है।
101
विभागों में आपसी तालमेल में कमी
अवैध होर्डिंग हटाने के लिए पुलिस.प्रशासन का सहयोग नहीं मिलना शहर में चर्चा कर विषय बना हुआ है। पालिका के अधिकारियों का दावा है कि प्रशासन से लिखित में फोर्स उपलब्ध कराने की मांग की थी। फोन से संपर्क कर तिथि तय की गई। लेकिन फिर भी पुलिस फोर्स नहीं मिली। ऐसे में विभागों में आपसी तालमेल की कमी भी नजर आ रही है।

कार्रवाई से हरकत में होर्डिंग कंपनियां
अवैध होर्डिंग पर कार्रवाई से कंपनियां हरकत में आ गई हैं। बुधवार को चले कार्रवाई अभियान के बाद तीन कंपनियों ने 99 हजार रुपये होर्डिंग किराया के रूप में पालिका में जमा कराया है। हालांकि अभी भी कई कंपनियों के होर्डिंग अवैध तरीके से शहर की सूरत बिगाड़ रहे हैं।

तहसील दिवस पर जनता रही नदारद

जनप्रतिनिधियों ने ही उठायें अधिकतर मामले, रखी समस्याऐं
ऋषिकेश।
ऋषिकेश तहसील में जिलाधिकारी देहरादून रविनाथ रमन ने फरियादियों की समस्याऐं सुनी। तहसील दिवस में कुल 85 मामलें पंजीकृत हुए। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में मौजूद विभागों के अधिकारियों को समस्या निस्तारण के मौके पर ही दिशा-निर्देश दिये। तहसील दिवस में अधिकतर मामले जनप्रतिनिधियों ने ही रखें। जनता कम ही नजर आयीं।
मंगलवार को ऋषिकेश तहसील में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें जिलाधिकारी रविनाथ रमन, सीडीओ आलोक कुमार पाण्डेय, एसडीएम कुश्म चौहान ने संयुक्तरुप से जनसमस्याएं सुनी। तहसील दिवस में सड़क, पानी, समाज कल्याण विभाग की पेंशन, सड़क, पालिका की शिकायत, ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण, रानीपोखरी भूमिगत सिंचाई नहर के कार्य को लेकर जनप्रतिनिधियों ने बात रखी। जिलाधिकारी ने तहसील दिवस में उपस्थित अधिकारियों से वार्ताकर मामले में उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिये। जनसमस्याओं पर भी कई जनप्रतिनिधियों ने अपनी बात रखीं। जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेने की बात कही। 110
जिलाधिकारी रविनाथ रमन ने बताया कि तहसील दिवस में पेंशन, जंगली जानवरों के आंतक, सड़क आदि के मामले आये है। बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन की धनराशि खाताधारकों के खाते में डाली जा रही है। सड़क का कार्य बरसात के बाद शुरु होने की उम्मीद जताई। बताया कि अगस्त माह में सड़कों का पैसा रिलीज कर दिया गया। जंगली जानवरों के आंतक से निजात के लिए वन विभाग द्वारा कार्य किया जा रहा है। उन्होंने तहसील दिवस का अधिक से अधिक प्रचार करने और फरियादियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के अधिकारियों को निर्देश दिये।
एसडीएम कुश्म चौहान ने बताया कि तहसील दिवस में कुल 85 समस्याएं पंजीकृत हुई, जिसमें से 50 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। मौके पर सीओ चक्रधर अंथवाल, डीएफओ प्रश्नकुमार पात्रौ सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अव्यवस्था हावी रही
ऋषिकेश। तहसील दिवस में मीटिंग हॉल अधिकारियों से ही भर गया। फरियादियों को जगह नही मिलने व डीएम के देर से पहुंचने के कारण कुछ तो बैरंग ही लौट गये। गर्मी की अधिकता होने के चलते भी पीने के पानी की कोई व्यवस्था नही रही। हॉल में सिर्फ दो ही पंखे होने से पसीने के मारे लोग बेहाल रहे। बाहर टेंट जरुर लगा था लेकिन उसमें भी कई विभागों के अधिकारी ही मौजूद रहे।

साहब पहले तहसील की व्यवस्था तो सुधारिये
ऋषिकेश। तहसील दिवस में जिलाधिकारी को मांगों का पुलिंदा देने वालों की भरमार रही। एडवोकट भूपेन्द्र कुकरेती ने डीएम से ऋषिकेश तहसील में जन सुविधाएं दुरस्त करने की मांग रखी। बताया कि जनरेटर की सुविधा नही होने से फरियादियों के कार्य लटक जाते है। पीने का पानी और सुलभ शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।

पालिका समिति की बैठक निरस्त करने की मांग
ऋषिकेश। भाजपा सभासद कविता शाह ने नगर पालिका की समितियों के क्रियाकलापों पर रोक लगाने की मांग की। बताया कि समिति चुनाव की प्रकिया गतिमान होने पर नाम वापसी के दिन चुनाव स्थगित कर दिये गये। चुनाव आचार संहिता प्रभावित करने व पुरानी समितियों को बहाल करने के निर्णय को निरस्त करने की मांग की।

तहसील दिवस में रखी गयी मांगे …
पंकज गुप्ता द्वारा निराश्रित पशुओं के लिए स्थान उपलब्ध कराने की मांग, रामकुमार संगर द्वारा शिवा इन्कलैव व भरत विहार मेंपानी की सप्लाई, सीवर लाइन बिछाने व दाखिला खारिज की सुविधा देने की मांग, नशबंदी पट्टे धारकों को जमीन नही मिलने का मुद्दा, अमितग्राम में गुज्जर प्लाट से आने वाले पानी की निकासी की मांग, अमित ग्राम में पीने के पानी की सप्लाई दुरस्त करने की मांग, कपिल गुप्ता द्वारा एचडीए के अनापत्ति प्रमाण पत्र के नाम पर उत्पीड़न रोकने की मांग, संजय कुमार द्वारा ऋषिकेश की खाता खतौनी की एनओसी व दाखिला खारिज की कार्रवाई में सर्वे नायब तहसीलदार द्वारा परेशान करने का मामला, राकेश पारछा द्वारा सरकारी अस्पताल की ओपीडी में डॉक्टरों के समय से नही बैठने का मामला, ग्राम सभा छिद्दरवाला में सड़क के डामरीकरण का मामला, रायवाला प्रतीतनगर में राजकीय डिग्री कॉलेज खोलने की मांग।

द्रोणनगरी में निकली भव्य जगन्नाथ रथयात्रा

रथ का रस्सा खींचने को भक्तों में होड़ मच रही, सीएम भी हुए रथयात्रा में शामिल
देहरादून।
द्रोणनगरी में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली गई। भगवान जगन्नाथ के दर्शन और रथ का रस्सा खींचने को भक्तों में होड़ मच रही। रथयात्रा के दौरान द्रोणनगरी जगन्नाथ पुरी सी हो गई। रथ यात्रा में सीएम हरीश रावत, कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल, विधायक गणेश जोशी, प्रेमचंद अग्रवाल भी शामिल हुए। 102
रथयात्रा परेड मैदान से आरंभ हुई। रथयात्रा का मुख्यमंत्री हरीश रावत ने शुभारंभ किया। इस दौरान काबीना मंत्री दिनेश अग्रवाल, विधायक गणेश जोशी और प्रेमचन्द अग्रवाल आदि मौजूद रहे। रथ एस्लेहॉल, गांधी पार्क, घंटाघर, पलटन बाजार, धामावाला, दर्शनी गेट, लक्खीबाग चौकी, गांधी रोड, प्रिंस चौक होते हुए हरिद्वार रोड स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में पहुंचकर विश्राम लिया। जिस भी मार्ग से रथयात्रा गुजरी, श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा से उसका अभिनंदन किया। गुंबद सहित 40 फीट ऊंचे, 12 फीट चौड़े व 20 फीट लंबे रथ पर आरूढ़ हो भगवान जगन्नाथ जब भाई बलभद्र व बहन सुभद्रा के साथ नगर भ्रमण पर निकले तो जय जगन्नाथ के घोष से द्रोणनगरी गूंज उठी। भगवान के दर्शन और रथ का रस्सा खींचने को भक्तों में होड़ मच गई। कुछ घंटों के ऐसा लगा, जैसे हम जगन्नाथ पुरी में हैं।
रास्तेभर श्रद्धालुओं में प्रसाद बांटा जा रहा था। साथ ही वातावरण श्हरे कृष्ण-हरे कृष्ण, कृष्ण-कृष्ण, हरे-हरे, हरे राम-हरे राम, राम-राम, हरे-हरे की मधुर लहरियों से आलोकित हो रहा था। शोभायात्रा में स्वामी भक्ति योग महाराज, रामकुमार अग्रवाल, पुष्पा अग्रवाल, भूपेंद्र चड्ढा, सुशील मग्गो, अजय भटनागर और संजय गर्ग आदि मौजदू रहे।

रसूख के आगे बौना पड़ा पालिका प्रशासन

अवैध होर्डिंग्स पर नही हो पा रही कार्रवाई
ऋषिकेश।
नगर पालिका ऋषिकेश का प्रशासन रसूखदारों के आगे बौना साबित हो रहा है। नोटिस में दी गयी समय अवधि बीत जाने के बाद भी पालिका प्रशासन ने अब तक अवैध होर्डिंग्स पर कोई कार्रवाई नही की है। सूत्रों के अनुसार कुछ होर्डिंग्स कंपनियां अपने राजनैतिक संबधों का लाभ लेते हुए पालिका प्रशासन पर दबाब बनाने में कामयाब हो गयी है।
अपर आयुक्त गढ़वाल हरक सिंह रावत की फटकार के बाद नगर पालिका प्रशासन ने नगर में अवैध होर्डिंग्स की गिनती शुरु करवाई थी। नोटिस देने के बाद कुछ कंपनियों ने पालिका के खजाने में पैसा भी जमा करवाया। लेकिन 35 होर्डिंग्स की किसी भी कंपनी ने जानकारी नही दी। पालिका प्रशासन ने 35 होर्डिंग्स को अवैध करार देते हुए इन्हें हटाने की संस्तुति तो दी, लेकिन लंबे समय बाद भी इस ओर कोई कार्रवाई नही की।
कुछ होर्डिंग्स कंपनियां अपने राजनैतिक संबधों के कारण पालिका प्रशासन पर दबाब बना रही है। सूत्रों के अनुसार सरकार में शामिल एक राजनेता ने पालिका के अधिकारियों को ट्रांसफर तक करा देने बात कही है। पालिका द्वारा अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान को ठंडे बस्ते में डाला जाना, इस बात की तस्दीक भी कर रहा है। 102

त्रिवेणी घाट चौक पर अवैध होर्डिंग्स से खतरा बढ़ा
नगर पालिका क्षेत्र त्रिवेणी घाट चौक पर एक होर्डिंग्स कंपनी ने यूनिपाल लगा रखा है। विद्युत खंबे से सटा यूनिपाल दुर्घटना को निमंत्रण दे रहा है। इसके एक सपोर्ट में लगा एक पाइप टूट कर गिर गया और दूसरा कभी भी गिर सकता है। ऐसे में यूनिपाल का झुकाव सड़क की ओर हो रहा है। सवाल है कि त्रिवेणीघाट चौक पर बिना परमिशन के यूनिपाल लगाने वाली कंपनी पर पालिका प्रशासन कार्रवाई करने से पीछे क्यों हट रहा है।

केंद्र सरकार पर भड़के कांग्रेस कार्यकर्ता

ऋषिकेश।
पेट्रोल डीजल के दाम बढने पर कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार पर गरजे। गुरूवार को कार्यकर्ताओं ने रेलवे रोड़ पर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार पर जनता को लूटने का आरोप लगाया।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रेलवे रोड पर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि केंद्र की सरकार के वायदे हवाई साबित हो रहे हैं।103
प्रदेश महासचिव ने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों का भला करने की बात करती आ रही है। बढती मंहगाई से इसका अंदाजा लगाया जा सकता है कि मोदी सरकार जनता की कितनी हितेषी है। पेट्रोल व डीजल के दाम बढने पर इसका असर सीधे आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। मोदी सरकार में हर एक चीज मंहगी होती जा रही है। जबसे सत्ता में मोदी की सरकार आई है तबसे जनता की गाढी कमाई को दोनों हाथों से लूटा जा रहा है। प्रदर्शन करने वालो में सभासद प्यारेलाल जुगरान, मनीष शर्मा, मधु जोशी, अरविंद भट्ट, देवेंद्र प्रजापति, दीपक धमांदा, मुकेश जाटव, राजेश शाह, अभिषेक, ललित मोहन शर्मा, राकेश वर्मा, अशोक विश्वकर्मा, अमन रतूड़ी, गजेंद्र खरोला आदि शामिल थे।

स्कूल बसों की फिटनेश की होगी जांच

ऋषिकेश।
शहर में बढ़ते वाहन प्रदूषण के खिलाफ संभागीय परिवहन विभाग अभियान चलाने जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर टीमें एक साथ ऐसे वाहनों की जांच कर पहले चेतायेगी। इसके बाद उनसे जुर्माना वसूला जायेगा। जबकि स्कूल बसों की फिटनेश जांची जायेगी। जिन बस मालिकों ने स्कूली बच्चों के बस से उतरने के लिये फुटबोर्ड एवं खिड़कियों पर रेलिंग नहीं लगाई है। उनके खिलाफ भी कार्रवाही की जायेगी। एआरटीओ डा. अनिता चमोला ने बताया कि प्राईवेट वाहनों की भी जांच कर उनके ड्राइविंग लाईसेंस व कागजात चौक किये जायेंगे। प्राईवेट वाहनों की चेकिंग न होने से ऐसे वाहनों का प्रयोग सवारियां ढोने में किया जाता है। जिससे सरकार को राजस्व की हानि होती है। बताया कि दो टीमें इसके लिये बनाई गई है। जो लगातार अभियान चलायेगी। जबकि पहाड़ चढ़ने वाले ओवरलोड वाहनों के खिलाफ भद्रकाली व तपोवन चौक पोस्टों पर विशेष अभियान चलाया जायेगा।

ट्रक चालक ने कॉलेज जा रही छात्रा को छेडा

श्री मंदिर इंटर कालेज के बाहर ट्रक खड़े रहने पर भड़के छात्र, पुलिस-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन

ऋषिकेश।

हरिद्वार मार्ग पर स्कूल जा रही छात्रा पर फब्ती करने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। गुस्साए छात्रों ने आरोपी ट्रक चालक को पकड़कर उसकी धुनाई कर दी। साथ ही स्कूल के बाहर बेतरतीब खड़े ट्रकों के लेकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गुस्साए छात्रों को देख ट्रकों के चालक और क्लीनर वहां से भाग खड़े हुए।
बुधवार सुबह सात बजे हरिद्वार रोड पर श्री भरत मंदिर इंटर कालेज में छात्र-छात्राएं स्कूल जा रहे थे।101

बताया जा रहा है कि स्कूल से कुछ पहले सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के चालक ने एक छात्रा पर फब्ती कस दी। छात्रा ने स्कूल आकर शिक्षकों से इसकी शिकायत की। इसी बीच छात्रों को इसकी भनक लग गई। देखते ही देखते स्कूल के छात्र बाहर दौड़ पड़े। छात्रों को अपनी ओर आता देख आरोपी ट्रक चालक भागने लगा। छात्रों ने उसे दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। हालांकि आरोपी ट्रक चालक वहां से किसी तरह बचकर भाग खड़ा हुआ। इसके बाद गुस्साए छात्रों ने ट्रकों के ऊपर चढ़कर हंगामा काटा। छात्रों का गुस्सा देख वहां मौजूद अन्य ट्रकों के चालक और क्लीनर भाग खड़े हुए। छात्रों ने कालेज के बाहर बेतरतीब तरीके से ट्रक खड़े होने पर रोष जताया। कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है। अक्सर ट्रक चालक छात्राओं पर फब्तियां कसते हैं। कई बार अश्लील इशारे भी करते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में पुलिस गश्त की मांग उठाई। कहा कि स्कूल शुरू होने और छुट्टी के समय पुलिसकर्मी स्कूल के बाहर तैनात रहें।
उधर, प्रधानाचार्य डीबीपीएस रावत का कहना है कि स्कूल के बाहर पुलिस कर्मियों की तैनाती जरूरी है। स्कूल के बाहर ट्रकों को खड़ा न होने दिया जाए। कहा कि जल्द सीओ से मिलकर इस संबंध में वार्ता की जाएगी।

 

 

सीनियर सिटीजन की तबीयत बिगड़ी, मौत

ऋषिकेश।

वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन के कार्यक्रम में एक दुखरूद हादसा हो गया। संगठन के वरिष्ठतम सदस्य, एसबीआई से लेखाकार पद से सेवानिवृत धर्मेश्वर दीक्षित की कार्यक्रम में तबीयत बिगड़ गयी। जिन्हें प्राईवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठतम सदस्य अपनी बात रख रहे थे। धर्मेश्वर दीक्षित ने भी अपनी बात रखीं। अपनी बात रखते समय वह काफी भावुक रहे। उन्होंने बताया कि छह माह पूर्व उनके बेटे व बहु रात के समय अपनी तीन माह की बच्ची को घर में अकेला छोड़कर कहीं चले गये। तब से उनका कोई पता नही चल पा रहा है। छह माह से वह नन्हीं पोती का लालन-पालन कर रहे है। उनके बेटे पर 80-90 लाख रूपये का कर्ज है।
वह चिंता जता रहे थे कि कर्ज कैसे चुकता होगा? उनके बहु बेटे कहां व किस हालत में है और उनकी पोती का लालन पालन कैसे होगा। मंच से अपनी बात रख कर वह जैसे ही अपनी सीट पर आने लगे, उनकी तबीयत बिगड़ने लगीं। साथी उन्हें टैंट के पीछे ले गये। जहां उन्हें खून की उल्टी हुई। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें प्राईवेट अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। संगठन के महासचिव सतेन्द्र कुमार ने बताया कि मनीराम मार्ग निवासी धर्मेश्वर दीक्षित की उम्र 70 वर्ष है।
उनके निधन की सूचना पर कार्यक्रम में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजली अर्पित की गयी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन के सदस्य उनके आवास पर भी पहुंचे।