महिलाओं ने बंद कराए शराब के ठेके

डोईवाला।
डोईवाला में शनिवार को महिलाओं ने शराब ठेकों के सामने प्रदर्शन किया। उन्होंने शराब ठेकों को बंद भी करवाया। उन्होंने ऋषिकेश मार्ग से ठेकों को हटाने की मांग उठाई। चेतावनी दी कि यदि ठेके नहीं हटाए गए तो आंदोलन किया जाएगा।
कांग्रेस नेता मधु थापा के नेतृत्व में क्षेत्र की महिलाएं सुबह 10 बजे गोवर्धन मंदिर परिसर में एकत्र हुईं। जूलूस निकालते हुए महिलाएं शराब के ठेकों के सामने पहुंची। महिलाओं ने दोनों शराब के ठेकों पर ताले जड़ दिए। मधु थापा ने कहा कि ठेकों के पास धार्मिक स्थल और शिक्षण संस्थान हैं।
105
ठेकों की वजह से यहां कुछ असामाजिक तत्वों का भी जमावड़ा लगा रहता है। इससे महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ती है। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा गया। इस दौरान सावित्री देवी, राधा देवी, सरस्वती, तुलसी, नमिता, उमा, प्रीती, दीपा, नीलम रावत, दिछत्तर कौर, गीता थापा, कमला देवी, सपना क्षेत्री, कौशल्या, चंद्रकला, सोनम, राहुल, मुन्नी देवी आदि मौजूद रहे।

आंदोलन की तैयारियों में जुटे बिजली कर्मचारी

उत्तरांचल बिजली कर्मचारी संघ संविदा प्रकोष्ठ की बैठक
24 और 25 अक्तूबर को दो दिवसीय आंदोलन का ऐलान

डोईवाला।
उत्तरांचल बिजली कर्मचारी संघ संविदा प्रकोष्ठ ने आंदोलन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को प्रकोष्ठ की बैठक में आंदोलन को सफल बनाने पर चर्चा की गई। कर्मचारी 24 और 25 अक्तूबर दो दिवसीय आंदोलन करेंगे।
भानियावाला सब स्टेशन पर संजय पाल की अध्यक्षता और शमशाद अली के संचालन में बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि दो दिवसीय आंदोलन को सफल बनाने के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
112
इसके लिए लगातार बैठकें आयोजित का फैसला लिया गया। आंदोलन को सफल बनाने के लिए देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश और विकासनगर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचेंगे। बैठक में जगतराम भट्ट, विक्रम तोपवाल, दिनेश कुमार, अनिल जुयाल, अमित असवाल, मुकेश कुमार, अर्जुन बिष्ट, कुलदीप राणा, संजीव बेलवाल, सुशील कुमार, गुरजीत सिंह, हरीश चौहान, प्रशांत गौड़, भूपेन्द्र गुसाईं, कृष्ण सिंह रावत, राकेश कुमार, संदीप नेगी, श्याम सिंह कोली, प्रभात नेगी, सुशील नेगी, इनाम अली, बीर सिंह, विनोद शर्मा, त्रिलोक आदि मौजूद थे।

23 करोड़ की लागत से 13 सड़कें होंगी चकाचक

कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला नेने सीएम से मिलकर दिलाई स्वीकृति

ऋषिकेश।
ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में 43 किलोमीटर लंबी 13 सड़कों का पुनर्निर्माण होगा। इस संबंध में शासनादेश जारी हो गया है। सड़क निर्माण के लिए 23 करोड़ रुपये का बजट जारी होना शेष है। सड़कों के निर्माण का काम लोक निर्माण विभाग करेगा। इसमें आईडीपीएल क्षेत्र की सबसे लंबी 10 किलोमीटर आंतरिक मार्गों की मरम्मत होगी।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने शासनादेश की प्रति भेजकर बताया कि फाइल वित्त विभाग को भेज दी गई है। नवबंर माह से सड़क पुनर्निर्माण शुरू हो जाएगा। इस समस्या को लेकर उन्होंने सीएम को अवगत कराया। शुक्रवार को शासन ने आदेश जारी कर दिए हैं। आरोप लगाया कि क्षेत्रीय विधायक ने बीते पांच साल में कोई भी सड़क नहीं बनाई।

109
इन सड़कों का होगा पुनर्निर्माण
बापूग्राम-बीस बीघा मुख्य मार्ग, खदरी चोपड़ा फार्म, छिद्दरवाला संपर्क मार्ग, मालवीय नगर-गीतानगर मार्ग, आईडीपीएल की आंतरिक सड़कें, श्यामपुर रेलवे फाटक से भट्टोवाला मार्ग, स्टील गार्डर सेतु निर्माण, मंशादेवी मार्ग, प्रतीतनगर मुख्यमार्ग, नई बस्ती मोतीचूर, भरत विहार संपर्क मार्ग, गढ़ी मयचक, खैरीखुर्द मार्ग।

मंडी समिति ने पकड़ा चावल से लदा ट्रक

ऋषिकेश।
गुरूवार को मंडी समिति के सचल दल को सूचना मिली की चंद्रभागा पुल के पास एक ट्रक संदिग्ध हालात में खड़ा है। सूचना पर पहुंचे सचलदल ने ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक में 75 कुंतल चावल रखा गया था। वाहन चालक से जब माल व मंडी से संबंधित दस्तावेज मांगे गए तो उसने ऋषिकेश की एक कंपनी का दस्तावेज दिखाया और कहा कि चावल इस कंपनी में ले जाए जाने हैं। मामला संदिग्ध लगने पर सचल दल ने संबंधित कंपनी से संपर्क किया तो मामला कुछ और ही निकला। कंपनी मालिक ने कहा कि उसने कहीं से भी कोई चावल नहीं मंगाया है। जिस पर सचल दल ट्रक को मंडी में ले आए। जहां उन्होंने मालधारक से मंडी कर 3500, विकास सेस 788, समन शुल्क 21000 कुल 24938 का मंडी शुल्क वसूल लिया।

107

मंडी समिति अध्यक्ष राम विलास रावत ने कहा कि मंडी शुल्क की चोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सचल दल का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। सचल दल में सहायक चंद्रशेखर, किशन पाल, अनूप सक्सेना, देवेंद्र कुमार, संजय कुमार आदि शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सूचना पर सेल्स टैक्स कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने सेल्स टैक्स के दस्तावेज मंगवाए हैं।

फरियादी नही दिखा रहे तहसील दिवस में रुचि

ऋषिकेश।
मंगलवार को तहसील दिवस में नगर पालिका ऋषिकेश के तीन, कोतवाली के तीन, तहसील के तीन, पीडब्ल्यूडी के दो, लेखाधिकारी कार्यालय देहरादून का एक, जल संस्थान के दो, पेयजल निगम का एक मामला फरियादियों ने पंजीकृत कराया। फरियादियों के कम पहुंचने से तहसील दिवस फीका रहा। इससे पहले भी तहसील दिवस में फरियादियों ने कम ही रुचि दिखाई है। तहसील दिवस में समस्या का समाधान समय से नही होने के चलते धीरे-धीरे फरियादी कम होने लगे है। मंगलवार को भी कई फरियादी इसकी चर्चा करते दिखे।

113

एसडीएम वृजेश कुमार तिवारी ने पंजीकृत कुल 17 मामलों को संबधित विभागों में निस्तारण करने के निर्देश दिये। मौके पर तहसीलदार रेखा आर्य, सहायक समाज कल्याण अधिकारी महेश प्रताप, अवर अभियंता जल संस्थान हिमांशु असवाल, गन्ना विभाग से गजेन्द्र सिंह, राजस्व विभाग से दर्शन सिंह व शंभुनाथ गांगुली, वन दरोगा सुरेन्द्र कुमार, जल संस्थान से मनोज कुमार, ग्राम विकास अधिकारी दिग्विजय सिंह, सिंचाई विभाग से सीएम भटट आदि मौजूद थे।

नियमितिकरण की मांग को लेकर हड़ताल पर है लाइनमैन

ऋषिकेश।
नगर पालिका ऋषिकेश में लाइनमैनों की हड़ताल का असर दिखने लगा है। हड़ताल के चलते स्ट्रीट लाईटें न जलने से कई मोहल्लों में अंधेरा छाने लगा है। नियमितिकरण की मांग को पालिका के लाइनमैन हड़ताल पर है।

105

नगर पालिका के लाइनमैन शंभू प्रसाद कोठारी, आशाराम भट्ट व शंभू प्रसाद भट्ट मंगलवार को भी हड़ताल पर रहे। इससे नगर पालिका में हररोज आने वाली शिकायतों का निदान नहीं हो पाया। खराब स्ट्रीट लाइटों के ठीक न होने से लोग परेशान है। मंगलवार को ढाई सौ से अधिक खराब स्ट्रीट लाइटें ठीक नहीं हो पाई। जिन्हें ठीक करने का जिम्मा तीनों लाइनमैन के कंधे पर है। तीनों लाइनमैन का कहना है कि वर्ष 1984 से पालिका में कार्यरत है। लेकिन अभीतक नियमितिकरण नहीं हो पाया है।

तो लोकल रूटों पर चलेंगी टीजीएमओसी की बसें

ऋषिकेश।
टीजीएमओसी ने लोकल रूटों पर बसों के संचालन की शासन से गुहार लगाई है। कंपनी ने लोकल रूटों पर परमिट देने की मांग की है। लोकल रूटों पर सेवाएं चलने से लोगों का राहत मिलेगी।
परिवहन कंपनी टिहरी गढ़वाल मोटर ऑनर्स कॉरपोरेशन ने छिद्दरवाला, श्यामपुर, रायवाला लोकल रूटों पर बसों के संचालन को लेकर नए परमिट की मांग की है। कॉरपोरेशन के सचिव हिम्मत सिंह रावत का कहना है कि सवारियों की डिमांड को देखते हुए शासन से परमिट जारी करने की मांग की गई है। अगर परमिट जारी होता है, तो लोकल रूटों पर बसों का संचालन किया जाएगा। बसों में ऑटो-विक्रम से किराया भी कम होगा। फिलहाल हरिद्वार जाने वाली बसें वाया चीला होकर जाती है। अगर वाया रायवाला का परमिट मिलता है तो इसका फायदा हजारों लोकल यात्रियों को होगा। उन्होंने कहा कि उनके पास प्रर्याप्त बसें है, जो नई रूटों पर भी चल सकती हैं।

ऑटो-विक्रम की हड़ताल से लोग बेहाल

नए परमिट जारी करने के विरोध में ऑटो-विक्रम वालों की हड़ताल

ऋषिकेश।
परिवहन विभाग की ओर से ऋषिकेश सेंटर और डोईवाला सेंटर के तहत ऑटो और विक्रम के नए परमिट जारी किए जा रहे हैं। बुधवार को देहरादून में इस संबंध में बैठक होनी है। बैठक में नए परमिट जारी होने के फैसले पर मुहर लगने का अंदेशा जताते हुए ऋषिकेश और डोईवाला के ऑटो-विक्रम संचालकों ने हड़ताल का ऐलान किया था। पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार ऋषिकेश सेंटर के तहत शहर और देहात के रूटों पर विक्रम नहीं चले। वहीं शहर के अंदर बुकिंग पर चलने वाले ऑटो भी नहीं मिले। ऋषिकेश से रायवाला, डोईवाला, तपोवन और डोईवाला से छिद्दरवाला रूट पर करीब 16 सौ विक्रम और ऑटो संचालित होते हैं। इनमें रोजाना 30 से 35 हजार यात्री रोजाना सफर करते हैं। मंगलवार को सभी रूटों पर विक्रम और ऑटो सेवाएं ठप रहीं। लोगों ने अपने निजी वाहनों या दूसरों से लिफ्ट लेकर सफर किया। कई बच्चे विक्रम नहीं चलने के कारण स्कूल नहीं जा सके, तो कई को दफ्तर या फैक्ट्री पहुंचने में परेशानी उठानी पड़ी। स्कूली-कॉलेज में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स लिफ्ट लेते नजर आए। ऑटो-विक्रम यूनियन ऋषिकेश के अध्यक्ष संजय चौधरी और डोईवाला के अध्यक्ष प्रताप यादव ने कहा कि बुधवार सुबह से संचालन शुरू हो जाएगा, लेकिन शासन नए परमिट जारी करता है तो अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।

108

रोडवेज की बसों ने दी राहत
ऑटो-विक्रम की हड़ताल के चलते परिवहन निगम ने ऋषिकेश से हरिद्वार के बीच आधा दर्जन अतिरिक्त बसें चलाई। इससे श्यामपुर, आईडीपीएल, रायवाला आदि क्षेत्रों को जाने वाले यात्रियों को राहत मिली। हालांकि सुबह और शाम के समय बसों में भारी भीड़ से लोगों को दिक्कत भी झेलनी पड़ी।

109

हड़ताल से मरीजों की फजीहत
इन दिनों ऋषिकेश सरकारी अस्पताल और एम्स में इलाज को मरीज की भीड़ पहुंच रही है। ज्यादातर मरीज और तीमारदार ऑटो-विक्रम से ही अस्पताल पहुंचते हैं। मंगलवार को हड़ताल के कारण मरीज और उनके तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ी। देहरादून या अन्य देहात क्षेत्रों में आने वाले लोग एम्स के लिए नटराज चौक से विक्रम पकड़ते हैं। मंगलवार को विक्रम नहीं मिलने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। कुछ लोगों को मजबूरी में टैक्सी या कैब बुक करनी पड़ी।

राशनकार्ड की यूनिट का भी दर्ज होगा आधार नंबर

अक्तूबर माह के अंत तक सभी को आधार जमा कराना अनिवार्य
राशन विक्रेता और पूर्ति कार्यालय, दोनों में से कहीं भी जमा करा सकते है उपभोक्ता

ऋषिकेश।
राशन कार्ड उपभोक्ता को अब हर यूनिट का आधार नंबर राशन कार्ड से लिंक कराना होगा। इस बाबत भारत सरकार के आदेश के तहत उत्तराखंड शासन ने सभी पूर्ति कार्यालयों को निर्देश दिये है।
मंगलवार को पूर्ति निरीक्षक पुष्पा बिष्ट ने बताया कि राशन कार्ड उपभोक्ता अक्तूबर माह के अंत तक सभी यूनिट का आधार नंबर विभाग के पास जमा कराना सुनिश्चित करे। बताया कि भारत सरकार के आदेश के तहत शासन ने सभी यूनिट के आधार नंबर राशन कार्ड से लिंक कराने के निर्देश दिये है। उन्होंने राशन विक्रेता और पूर्ति कार्यालय, दोनों में से कहीं भी सुविधानुसार उपभोक्ताओं को आधार नंबर जमा कराने को कहा है।

104

गौरतलब है कि अभी कुछ माह पहले राशन कार्ड के नवीनीकरण हुए थे। उस दौरान राशन कार्ड के मुखिया का आधार नंबर अनिवार्य रुप से लिया गया था। लेकिन अब नए सिरे से निर्देश मिलने के बाद विभाग फिर से कसरत कर रहा है।

प्रचार-प्रसार के अभाव में फीका रहा बहुउेशीय शिविर

ऋषिकेश।
सोमवार को नगर पालिका ऋषिकेश के इन्द्रमणी बडोनी सभागार में आयोजित एकदिवसीय बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया था। शासन के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने पेंशनधारकों के आधार कार्ड बनवाने और लिंक कराने के मुख्य उद्देश्य को लेकर शिविर का आयोजन किया। शिविर में पहले तो अधिकारी ही समय से नही पहुंचे, फिर अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी सिर्फ खानापूर्ति ही करते नजर आये। इस दौरान विधायक प्रेमचन्द अग्रवाल भी शिविर में पहुंचे। उन्होंने समय पर अधिकारियों के न पहुंचने और शिविर का समुचित प्रचार-प्रसार नही करने पर नाराजी जताई। इस दौरान उन्होंने मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार भी लगाई।

107

सहायक समाज कल्याण अधिकारी जीत सिंह रावत ने बताया स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में 11 विकलांग लोगों की जांच की और प्रमाण पत्र बनाये। 20 नए पेंशनधारक जिनके आधार कार्ड नही थे, बनाये गये और 14 पेंशन धारकों ने आधार कार्ड जमा कराया। गौरतलब है कि पेंशन धारकों के लिए आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। जिसके चलते समाज कल्याण विभाग शिविर का आयोजन कर रहा है। शिविर के समापन पर 18 विकलांग, 41 वृद्धा व एक विधवा पेंशन के फॉर्म ही जमा हो पाये। विभाग की ओर से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।